Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 497 -
होम ब्लॉग पेज 497

T20 विश्व कप 2022 : न्यूज़ीलैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान

0

सिडनी। पाकिस्तान ने फॉर्म में लौटे कप्तान बाबर आज़म (53) और मोहम्मद रिज़वान (57) के अर्द्धशतकों की बदौलत बुधवार को टी20 विश्व कप 2022 के पहले सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड को सात विकेट से मात दी। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 20 ओवर में 153 रन का लक्ष्य दिया, जिसे बाबर की टीम ने पांच गेंद रहते हुए हासिल कर लिया।

कप्तान बाबर और रिज़वान ने पूरे टूर्नामेंट के रनों के सूखे को सेमीफाइनल मैच में समाप्त करते हुए टी20 विश्व कप 2022 में पहली बार 50 रन का आंकड़ा छुआ। बाबर ने 42 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 53 रन बनाए, जबकि रिजवान ने 43 गेंदों पर पांच चौकों के साथ 57 रन का योगदान दिया। बाबर-रिजवान ने पहले विकेट के लिए 105 रन की शतकीय साझेदारी करके टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे प्रतिभावान युवा बल्लेबाज मोहम्मद हारिस ने 26 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर 26 रन बनाये, जबकि शान मसूद (03 नाबाद) ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर विजयी रन बनाकर पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचाया।

मेलबर्न में रविवार को खेले जाने वाले फाइनल में पाकिस्तान का सामना भारत या इंग्लैंड में से किसी एक टीम से होगा। पाकिस्तान इससे पहले यूनुस खान की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2009 जीत चुका है।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2007 के फाइनल में भी आमने-सामने थे, जहां महेंद्र सिंह धोनी के धुरंधरों ने मिस्बाह-उल-हक़ की टीम को हराया था। इसके अलावा भारत ने अपने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत भी पाकिस्तान को हराकर की थी।

उल्लेखनीय है कि फाइनल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा, जहां पाकिस्तान ने इमरान खान की कप्तानी में एकदिवसीय विश्व कप 1992 का फाइनल खेलकर शीर्ष टूर्नामेंट जीता था।

न्यूजीलैंड ने आज टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, लेकिन उसने महज 49 रन पर तीन विकेट गंवा दिये। इसके बाद डेरिल मिचेल (53 नाबाद) और केन विलियम्सन (46) ने 68 रन की साझेदारी करके कीवी टीम को मुसीबत से उबारा।

विलियम्सन ने अपनी 46 रन की पारी में 42 गेंदें खेलकर एक चौका और एक छक्का लगाया। दूसरी ओर, टी20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के नायक रहे मिचेल ने यहां भी 35 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के के साथ 53 रन बनाए।

इसके अलावा डेवन कॉनवे ने 21(20) रन जबकि जेम्स नीशम ने 12 गेंदों पर नाबाज 16 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान ने शुरुआती 10 ओवरों में न्यूजीलैंड को सिर्फ 59 रन बनाने दिये, लेकिन मिचेल-विलियम्सन की साझेदारी की मदद से न्यूजीलैंड ने अंतिम 10 ओवरों में 93 रन जोड़कर पाकिस्तान को सिडनी की धीमी पिच पर चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया।

पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिये, जबकि मोहम्मद नवाज़ को एक विकेट हासिल हुआ। पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए विस्फोटक शुरुआत की और पावरप्ले में 55 रन जोड़ लिए। बाबर को शून्य रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला, जिसका भरपूर फायदा उठाते हुए उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना 30वां अर्द्धशतक जड़ा, जबकि रिज़वान भी टी20 विश्व कप 2022 में पहली बार पचास के आंकड़े तक पहुंचे। ट्रेंट बोल्ट (33/2) ने दोनों को आउट किया।

इससे पहले बाबर और रिजवान ने पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़े। यह टी20 विश्व कप में बाबर-रिज़वान की तीसरी शतकीय साझेदारी है। यह सलामी जोड़ी 2021 में खेले गये शीर्ष टूर्नामेंट में भारत (152) और नामीबिया (113) के खिलाफ भी शतकीय साझेदारियां कर चुकी है।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हारिस ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाते हुए दो चौके और एक छक्का लगाकर 30 रन का योगदान दिया। जब पाकिस्तान को जीत के लिए सात गेंदों पर दो रन की दरकार थी तब हारिस आउट हो गए, हालांकि टिम साउदी ने आखिरी ओवर की पहली गेंद वाइड फेंक दी, जबकि मसूद ने अगली गेंद पर एक रन लेकर पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

पाकिस्तान को फाइनल में भारत या इंग्लैंड में से किसी एक का सामना करना है। भारत-इंग्लैंड गुरुवार को एडिलेड ओवल पर खेले जाने वाले सेमीफाइनल में एक दूसरे से भिड़ेंगी।

शिवसेना नेता संजय राउत को 101 दिन बाद मिली जमानत

मुंबई। मुंबई में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत को जमानत दे दी। सांसद संजय राउत एक सौ दिनों तक जेल में रहे और आर्थर रोड जेल में ही दशहरा और दिवाली मनाई।

विशेष पीएमएलए अदालत के न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने दो नवंबर को बचाव और अभियोजन पक्ष की दलीलें पूरी होने के बाद अपना आदेश सुनाया। न्यायाधीश ने उसी मामले के सह-आरोपी प्रवीण राउत को भी जमानत दी और दोनों को दो-दो लाख रुपए की जमानत देने के लिए निर्देश दिया।

अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आदेश पर एक सप्ताह के लिए रोक लगाने के अनुरोध को भी ठुकरा दिया ताकि ईडी फैसले के खिलाफ अपील दायर कर सके।

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने ईडी की याचिका पर बहस करते हुए प्रस्तुत किया। कहा कि हमें आदेश पढ़ने के लिए समय चाहिए, यह एक अनुचित अनुरोध नहीं है। यह अदालत का आदेश है, उसे यह कहने की शक्ति है कि आदेश को बाद की तारीख में प्रभावी किया जाए। अदालत से शुक्रवार तक का समय मांगा।फिलहाल, अदालत ने उनकी इस याचिका को खारिज कर दिया है।

संजय राउत को इस मामले में 31 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। उनकी एक जमानत याचिका को पहले पीएमएलए अदालत ने इस आधार पर खारिज कर दिया था कि मामले की जांच के लिए एजेंसियों को समय चाहिए।

अपनी हालिया जमानत याचिका में उन्होंने उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इंकार किया। पीएमएल अधिनियम के तहत गिरफ्तारी से पहले, राज्यसभा सांसद ने दो बार एजेंसी के समन को छोड़ दिया था। राउत के देर शाम जेल से रिहा होने की उम्मीद है।

अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत के भाई संदीप राउत ने कहा कि ये खुशी के आंसू हैं। आज से हमारी दिवाली शुरू हो रही है। सत्यमेव जयते! हमें सौ प्रतिशत विश्वास था कि उन्हें रिहा कर दिया जाएगा। उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। यह सब जानबूझकर किया गया।

गंगापुर सिटी में अध्यापिका से रेप एवं लूटपाट का आरोपी अरेस्ट

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर में गंगापुर सिटी के बामनवास थाना क्षेत्र में एक अध्यापिका के साथ दुष्कर्म एवं लुटपाट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी बृजेश मीणा ने बताया कि पीड़ित अध्यापिका ने पांच नवंबर को बामनवास थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह स्कूल से घर जाने के लिए निकली थी। उसी दौरान लालसोट तक जाने के लिए बाइक सवार से लिफ्ट मांगी थी। आरोपी उसे बीहड़ों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और कुंडल, पाजेब, मोबाइल और 4 हजार रुपए लूटकर फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने मुख्य सड़क पर आकर किसी के मोबाइल से अपने पति को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भगवान सिंह उर्फ राकला पर बाटोदा थाने में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और लूटा हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

कैथल : डेढ़ साल का बच्चा डेरे को ‘दान‘ देने का मामला, पुलिस कर रही जांच

कैथल। हरियाणा के कैथल में कथित रूप से मन्नत पूरी होने पर डेढ़ वर्षीय बच्चा एक डेरे को ‘दान‘ कर दिए जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बुधवार को कैथल पुलिस जिला बाल संरक्षण अधिकारी के साथ माता गेट के बाबा राजपुरी डेरा में पहुंची। डेरा संचालकों ने पुलिस को बताया कि बच्चे के मां-बाप ने इसे अपनी मर्जी से मन्नत पूरी होने पर डेरे को सौंपा है।

फिलहाल पुलिस ने जांच के उद्देश्य से डेरे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेेज अपने कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार बाल कल्याण समिति की तरफ से शिकायत आने पर डेरा संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज करने समेत अगली कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस उपाधीक्षक रवींद्र सांगवान ने बताया कि बालक की दादी डेरे के सम्प्रदाय में महंत बनी हुई है। पुलिस बालक के माता-पिता के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर रही है। अब तक की जानकारी समिति को दे दी गई है। अगर समिति इस बारे में कोई शिकायत करेगी तो पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करेगी।

समिति के अध्यक्ष राणा बंसल ने बताया कि उन्हें बाबा डेरा राजपुरी में संत महात्माओं को किसी माता-पिता के एक छोटा बालक गद्दी पर दिए जाने की सूचना मिली है। इस सूचना के आधार पर शहर थाना प्रभारी के साथ जिला बाल संरक्षक अधिकारी शशि बाला डेरे में गई थीं। उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई है। फिलहाल डेरे ने बालक देने से मना कर दिया है लेकिन बालक के माता-पिता से बातचीत की जाएगी औैर उसके बाद अगला कदम निर्धारित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि डेरा कहता है कि गद्दी पर जो बालक आ जाता है, वह डेरे का होता है। बच्चे के लालन-पालन की जिम्मेदारी भी डेरे यानी गद्दी की ही होती है। बच्चे की शिक्षा-दीक्षा की जिम्मेदारी भी डेरा ही निभाता है, लेकिन इस तरह से हम बच्चा किसी के पास नहीं छोड़ सकते हैं। परिवार से सारी जानकारी लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू संगठनों की याचिका पर होगी सुनवाई, मलाली मस्जिद की याचिका खारिज

मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में तीसरी अतिरिक्त दीवानी अदालत ने बुधवार को मलाली मस्जिद की याचिका खारिज कर दी, जिसमें हिंदू संगठनों द्वारा दायर मूल मुकदमे की स्थिरता को चुनौती दी गई थी।

हिंदू संगठनों की ओर से मस्जिद के सर्वेक्षण की मांग की गई है। हिंदू संगठनों की ओर से कहा गया है कि इस साल अप्रैल में मस्जिद का नवीनीकरण करने के दौरान एक हिंदू मंदिर जैसी संरचना मिली थी।

मलाली मस्जिद प्रबंधन समिति ने मूल मुकदमे की स्थिरता को चुनौती देते हुए तर्क दिया था कि इस मामले को वक्फ अधिनियम के अनुसार वक्फ ट्रिब्यूनल द्वारा सुना जाना चाहिए क्योंकि मस्जिद वक्फ बोर्ड की है। अदालत ने अपने फैसले में मस्जिद के वकीलों की इस मामले की सुनवाई वक्फ ट्रिब्यूनल द्वारा की जानी वाली दलील को खारिज कर दी।

अदालत का यह फैसला उत्तर प्रदेश के वाराणसी की एक अदालत की तर्ज पर है, जिसमें ज्ञानवापी मस्जिद द्वारा दायर किए गए मुकदमे को वक्फ अधिनियम द्वारा प्रतिबंधित नहीं किया था, क्योंकि वादी (मस्जिद के अंदर प्रार्थना करने की अनुमति की मांग करने वाली पांच महिलाएं) गैर-मुस्लिम हैं और विवादित संपत्ति को लेकर बनाए गए कथित वक्फ के लिए अजनबी हैं।

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में मलाली मस्जिद के जीर्णोद्धार के दौरान एक हिंदू मंदिर जैसी संरचना मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों ने अदालत द्वारा नियुक्त आयुक्त के माध्यम से एक सर्वेक्षण की मांग की। टीए धनंजय और बीए मनोज कुमार ने थर्ड एडिशनल सिविल कोर्ट में एक याचिका दायर कर मस्जिद के सर्वे की मांग की थी।

धौलपुर : शरद महोत्सव कार्यक्रम के दौरान हुआ जमकर उत्पात

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में नगर परिषद की ओर से मेला ग्राउंड में मंगलवार रात को आयोजित शरद महोत्सव कार्यक्रम के दौरान जमकर उत्पात के बाद अफरातफरी फैल गई।

अफरातफरी के बीच डांस नहीं देख पाने से नाराज लोगों ने अतिथियों के लिए रखी गई कुर्सियों में जमकर तोड़फोड़ की। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद की ओर से सुरक्षा के लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं किए जाने से पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी और हालातो को देखते हुए मौके पर मौजूद कलक्टर अनिल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह को मोर्चा संभाला पड़ा।

बताया गया कि हरियाणवी डांसर के स्टेज पर आते ही लोग नगर परिषद द्वारा लगाई गई बल्लियों पर चढ़ने लगे। मेले में अव्यवस्थाओं को देखते कलक्टर ने लोगों से पांडाल में लगाई गई बल्लियों पर न चढ़ने की अपील की लेकिन कुछ शरारती तत्व नहीं माने तो उत्पात मचाने पर पुलिस अधीक्षक ने उनको राउंड अप कर लिया।

हरियाणवी डांसर के कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेला ग्राउंड पहुंचे थे और भीड़ का आलम यह था कि महज 200 मीटर की पैदल दूरी भी लोग एक घंटे में पूरी कर पाए। कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों के लिए बनाई गई गैलरी में पार्षदों के मिलने वाले लोगों को बैठा दिया गया।

इसी दौरान पत्रकार एक कोने में खड़े होकर कवरेज लेने लगे तो नगर परिषद के एक जनप्रतिनिधि ने पुलिसकर्मियों को पत्रकारों को वहां से हटाने का इशारा किया। इस पर पुलिसकर्मियों ने पत्रकारों को धक्के देकर वहां से हटा दिया।

भरतपुर : रेप पीडिता शिकार युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के कामां थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार एक युवती द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुष्कर्म के आरोपियों की तरफ से जमानत पर छूटने के बाद पीड़िता एवं उसके परिजनों के साथ राजीनामा का दबाब बनाने से अवसाद में आकर युवती ने ये कदम उठाया। पीड़िता को उपचार के लिए कामा अस्पताल से भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल रैफर किया गया है।

बताया गया है कि करीब सात महीने पहले 17 अप्रैल को रेप की शिकार हुई 21 वर्षीया युवती के साथ दुष्कर्म के आरोपी साहिल और शाकिर ने जमानत पर छूटने के बाद करीब 20 लोगों के साथ मिलकर पीड़िता के घर पर गत छह नवंबर को जमकर फायरिंग करते हुए पीड़िता एवं उसके परिजनों के साथ मारपीट की जिसके बाद से ही वह अवसाद में थी।

पता चला है युवती ने दुष्कर्म की घटना के बाद गत 18 अप्रैल को अश्लील फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी डिप्रेशन में आकर 19 अप्रैल को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस दौरान आत्महत्या करते हुए उसे परिजनों ने देख लिया और उसे बचा लिया था।

अजमेर में मालगाड़ी की चपेट में आने से अधेड व्यक्ति की मौत

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के रामगंज थाना सरहद से गुजर रही रेलवे लाइन पर माल गाडी की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक स्थानीय सुंदरनगर खानपुरा रोड निवासी गोपाल लाल कहार (55) अपने घर से आज सुबह सब्जी लेने निकला। सुभाषनगर रेलवे क्रासिंग के नजदीक अत्यधिक घुमाव होने के कारण उसे मालगाडी दिखाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गया। उसने से मौके पर ही दम तोड दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक गोपाल लाल के शव को कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।

धमकी के आरोपों के बीच ब्रिटेन के मंत्री गेविन विलियम्सन का इस्तीफा

लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की सरकार में कैबिनेट मंत्री गेविन विलियम्सन ने अपने सहयोगियों के धमकाने के आरोप में पद से इस्तीफा दे दिया है।

विलियम्सन ने मंगलवार को ट्विटर पर दिए गए त्यागपत्र में कहा कि वे मैसेज प्राप्तकर्ता से माफी मांग चुके हैं और जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने दूसरी घटना में धमकाने के आरोपों को खारिज कर दिया।

उन्होंने लिखा कि मैं इन दावों का खंडन करता हूं लेकिन यह भी मानता हूं कि यह सरकार द्वारा किए जा रहे अच्छे कामों के प्रति ब्रिटिश लोगों का ध्यान जा रहा है। इसलिए मैंने सरकार से हटने का फैसला लिया है जिससे मैं शिकायत की प्रक्रिया का पूरी तरह से पालन कर सकूं और किसी भी गलत काम में लगे आरोपों में खुद को निर्दोष साबित कर सकूं।

सुनक ने कहा कि उन्होंने विलियम्सन का इस्तीफा बड़े दुखी मन से स्वीकार कर लिया है। विलियम्सन पर पिछले माह टोरी के एक सहयोगी सांसद को अपमानजनक संदेश भेजने और रक्षा सचिव के रूप में एक वरिष्ठ सिविल सेवक को धमकाने का आरोप लगा है।

संडे टाइम्स में उनके द्वारा टोरी के सांसद और तत्कालीन मुख्य सचेतक वेंडी मॉर्टन को भेजे गए अपशब्द संदेशों की एक श्रृंखला प्रकाशित हुई थी, तब से सर गेविन दबाव में थे। सोमवार को एक वरिष्ठ नौकरशाह ने गार्जियन समाचारपत्र को कहा कि सर गेविन ने उन्हें धमकी दी थी और उनका गला काटने की बात की थी।

ऐनी मिल्टन, जिन्होंने 2015 से 2017 की अवधि में डिप्टी चीफ व्हिप के रूप में काम किया, ने मंगलवार को चैनल 4 न्यूज को बताया कि सर गेविन का व्यवहार धमकी भरा और डरावना रहा है। विलियम्सन का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है, जब सुनक के कुछ मंत्रियों की गहन जांच चल रही है।

विपक्षी दलों ने गृह सचिव सुएला ब्रेवरमैन के इस्तीफे की मांग की है, जिन्होंने मंत्रिस्तरीय आचरण का उल्लंघन करने के आरोप में ट्रस मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था लेकिन कुछ दिनों बाद प्रधानमंत्री सुनक ने उन्हें फिर से नियुक्त कर लिया था।

ऑनर किलिंग : बागपत में प्रेमी युगल की धारदार हथियार से की हत्या

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के रमाला थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग की घटना से जिले में हड़कंप मच गई है। युवती के भाइयों ने प्रेमी युगल की तेज धारदार हथियारों से हत्या करने का मामला सामने आया है।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवती का शव असारा तथा युवक का शव छपरौली के लूम्ब गांव के जंगल से बरामद किया गया है। दोनों की हत्या करने के बाद युवती के एक भाई ने थाने जाकर खुद सरेंडर भी कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

दरअसल यह पूरा मामला रमाला थाना क्षेत्र के असारा गांव का है। गांव के ही रहने वाले आरिफ (30) का काफी समय से गांव की विवाहिता महजबीन (27) के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग 20 दिन से दोनों फरार चल रहे थे।

दोनों की तलाश परिजन और पुलिस भी कर रही थी। आरिफ गांव-गांव में फेरी पर कॉस्मेटिक का सामान बेचने का काम करता था। आरिफ की तीन लड़कियां हैं जबकि महजबीन को भी तीन बच्चे हैं।

दोनों को कल रात मेरठ में देखे जाने की सूचना मिली। युवती पक्ष के लोग मौके पर गए और दोनों को पकड़कर गांव ले आए। रात में युवती के भाइयों ने दोनों की जमकर पिटाई की और बाद में तेज धारदार हथियारों से हत्या कर दी। हत्यारे भाइयों ने आरिफ का शव छपरौली थाना क्षेत्र के लूम्ब गांव में तथा महजबीन का शव असारा गांव के जंगल में फेंक दिया।

इस घटना की सूचना मिलने पर पर रमाला पुलिस गांव पहुंची और युवती का शव बरामद करने के बाद युवक के शव की भी तलाश में जुट गई। कुछ ही देर बाद थाना छपरौली पुलिस ने आरिफ का शव भी लूंब गांव के जंगल से बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना को अंजाम देने के बाद महिला के एक भाई ने थाना रमाला पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।