Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 500 -
होम ब्लॉग पेज 500

कोर्ट ने ट्विटर से कांग्रेस, बीजेवाई हैंडल को अगली सुनवाई तक ब्लॉक करने को कहा

बेंगलूरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु की एक वाणिज्यिक अदालत ने सोमवार को ट्विटर को कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल को फिल्म केजीएफ-अध्याय 2 के साउंड रिकॉर्ड के अवैध उपयोग के संबंध में एमआरटी म्यूजिक की ओर से दायर किए गए कॉपीराइट उल्लंघन के मुकदमे में अगली सुनवाई तक ब्लॉक करने का निर्देश दिया।

अदालत ने ट्विटर को अपने प्लेटफॉर्म से तीन लिंक हटाने का भी निर्देश दिया। इस मामले की अगली सुनवाई 21 नवंबर को होगी। एमआरटी म्यूजिक ने कांग्रेस और उसकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ अपने कॉपीराइट किए गए काम के कथित अनधिकृत उपयोग के लिए स्थायी हिदायत देने का आदेश देने की भी मांग की है।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि प्रथम दृष्टया उपलब्ध सामग्री यह स्थापित करती है कि ध्वनि रिकॉर्ड के अवैध रूप से सिंक्रनाइज़ संस्करण न केवल वादी के व्यवसाय के लिए अपूरणीय क्षति का कारण बनेगा बल्कि बड़े पैमाने पर चोरी को प्रोत्साहित करेगा।

अदालत ने कहा कि इस स्तर पर इस अदालत के समक्ष उपलब्ध ये प्रथम दृष्टया अवैध सिंक्रनाइज सामग्री यह स्थापित करती है कि यदि इसे प्रोत्साहित किया जाता है, तो वादी (एमआरटी म्यूजिक), जो सिनेमैटोग्राफी फिल्मों, गीतों, संगीत एल्बमों आदि को प्राप्त करने के व्यवसाय में है, को अपूरणीय नुकसान की स्थिति में डाल दिया जाएगा और इसके अलावा बड़े पैमाने पर पायरेसी को बढ़ावा मिलेगा।

अदालत ने एक पक्षीय निषेधाज्ञा के माध्यम से आदेश सुनाया और इलेक्ट्रॉनिक ऑडिट का निरीक्षण और संचालन करने के लिए एक आयुक्त की नियुक्ति के लिए वादी की प्रार्थना पर सहमति व्यक्त की।

अदालत ने कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब तथा फेसबुक अकाउंट पर उल्लंघन करने वाली सामग्री को अपने पास सुरक्षित रखने पर भी सहमति जताई। अदालत ने यह तर्क दिया कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो निषेधाज्ञा देने का उद्देश्य विफल हो जाएगा।

इसके बाद न्यायालय ने प्रतिवादियों के खातों का दौरा करने, एक इलेक्ट्रॉनिक ऑडिट करने और उसी की एक सूची तैयार करने के लिए उपलब्ध उल्लंघनकारी सामग्री को संरक्षित करने के लिए स्थानीय आयुक्त के रूप में अपने कंप्यूटर अनुभाग के एक प्रशासक को नियुक्त किया। न्यायालय ने कहा कि यह अदालत आश्वस्त है कि यदि स्थानीय निरीक्षण करने के लिए आयुक्त की नियुक्ति नहीं की जाती है तो निषेधाज्ञा देने का उद्देश्य देरी से विफल हो जाएगा।

अदालत ने आदेश दिया कि तदनुसार एसएन वेंकटेशमूर्ति, कंप्यूटर अनुभाग, वाणिज्यिक न्यायालय, बेंगलूरु के जिला प्रणाली प्रशासक को प्रतिवादी 1 से 3 के वेबसाइट पर जाने, इलेक्ट्रॉनिक ऑडिट करने और उपरोक्त सोशल मीडिया में उपलब्ध उल्लंघनकारी सामग्री को संरक्षित करने और सूची तैयार करने के लिए स्थानीय आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। आयुक्त तमाम विवरणों को इस अदालत की प्रणाली और अलग सीडी में स्टोर करेंगे। मामले की अगली सुनवाई 21 नवंबर को तय की गई है।

नीदरलैंड के स्टीफन मायबर्ग ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

एडिलेड। टी-20 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल की रेस से बाहर करने वाली नीदरलैंड टीम के सलामी बल्लेबाज स्टीफ़न मायबर्ग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है।

मायबर्ग ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा कि हैंगिंग अप द बूट्स…। ईश्वर महान है। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि मैं विश्व कप में अपना करियर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत के साथ समाप्त करूंगा। यह याद हमेशा ताजा रहेगी। मैं केएनबीसी क्रिकेट और नीदरलैंड का आभारी हूं। जीसस,दोस्त, परिवार, प्रायोजक और सभी समर्थकों को मैं केवल धन्यवाद कह सकता हूं।

उन्होंने कहा कि मैने अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए सन्यास का मन बनाया है। हालांकि वह क्लब स्तर पर खेलते रहेंगे। गौरतलब है कि पिछले रविवार को टी-20 विश्वकप के अपने अंतिम लीग मैच में नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को जबरदस्त उलटफेर करते हुए 13 रन से हरा दिया था। इस मैच में 38 वर्षीय मायबर्ग ने मात्र 30 गेंदों में 37 रन बना कर अपनी टीम को मजबूत आधार दिया जिसकी बदौलत नीदरलैंड चार विकेट पर 158 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सकी थी।

प्रिटोरिया में जन्मे मायबर्ग ने 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और अपने करियर में 22 वनडे और 45 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होने इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद वनडे से संन्यास ले लिया था। मायबर्ग ने अपने टी-20 करियर में 21.78 के औसत और 114.51 के स्ट्राइक रेट से 915 रन बनाये हैं। वह मैक्स ओडॉव और बेन कूपर के बाद टी-20 इंटरनेशनल में नीदरलैंड के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

सबगुरु राशिफल : 8 नवम्बर मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, शुक्ल पक्ष, पूर्णिमा तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 04.32 बजे बाद प्रतिपदा तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज व्यापार में लाभ होगा। नौकरी में उन्नति का योग बनेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। आज अधिक से अधिक काम करने की कोशिश करें क्योकि आपको आज के अपने सब कामों में सफलता मिलेगी। आप अपने किसी करीबी से सलाह ले सकते हैं। अगर आप अपनी चीज़ों का ध्यान नहीं रखेंगे, तो उनके खोने या चोरी होने की संभावना है। नजदीकी लोगों से कई मतभेद उभर सकते हैं। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको एक मनोवैज्ञानिक अंतर्दृष्टि प्रदान करता है, जो आपको निर्णय लेने में सहायता प्रदान करेगा। आपका मित्र आज आपको एक मूल्यवान प्रतिक्रिया दे सकता है।

वृषभ :- आज व्यावसायिक स्थल पर अनुकूल वातावरण रहेगा। उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होंगे। प्रमोशन के योग हैं। आज आपको सच बोलने से कार्य में सफलता मिलेगी अधिकारी कार्यशैली से प्रसन्न होंगे। वैवाहिक चर्चा में सफलता मिलने से उत्साहित रहेंगे। मुहब्बत का सफर प्यारा, मगर छोटा होगा। आपकी संप्रेषण की क्षमता प्रभावशाली साबित होगी। परिश्रम द्वारा आर्थिक क्षेत्र में सफलता अर्जित करेंगे। भाई बंधुओं की नौकरी व्यवसाय शिक्षा आदि की चिंता का समाधान हो सकता है आपकी कार्यकुशलता और स्वास्थ्य उत्तम बना रहेगा। आपका तेज काम आपको प्रेरित करेगा।

मिथुन :- आज आपके व्यावसायिक स्थान पर कार्य भार बढ़ेगा। व्यापार-धंधे में लाभ होने की संभावना है। आपके घरेलू जीवन में अशांति का वातावरण देखने को मिल सकता है। बेहतर प्रयासों से आपको सफलता मिलेगी और आपकी आमदनी में भी वृद्धि की संभावना है। स्वास्थ्य सामान्य रूप से मध्यम रहेगा। अपना कार्य समय पर कर ले। बुजुर्गो के व्यवहार में कमी आ सकती है। जीवन साथी के साथ हाथ से हाथ मिला के चलना होगा। आप शांत होकर विचार करें और अपने काम पर ध्यान दे। किसी दुर्घटना कि वजह से चोट न लगे इसका खास ध्यान रखें। कारोबारी प्रतिस्पर्धा में यदि आगे निकलना है तो विश्लेषण भली-भांति कर लें।

कर्क :- आज अचानक से धन लाभ होने के योग है जिस से धन की तंगी दूर होगी। पारिवारिक सदस्य भी सहयोग व समर्थ देंगे। बुरे लोगों से दूर रहने की कोशिश करें। परिवार वालों की मांगों को पूरा करने में पूरा दिन और धन खर्च होगा आपका मजाकिया स्वभाव आपके चारों ओर के वातावरण को खुशनुमा बना देगा। आज वे कपड़े न पहनें जो आपके प्रिय को पसंद न हों। अपनों के साथ विनम्रता से पेश आए। आप अभी काफ़ी दबाव में होने के कारण आपको रिश्ते निभाने में मुश्किल हो सकती है। आपको सहकर्मियों की सहायता करनी पड़ेगी।

सिंह :- आज आपके दिमाग में मनोरंजन की बात छाई रहेगी। आगे कदम बढ़ाएं और आपने दोस्तों और परिवार जनों के साथ मिल कर कुछ खास करें। नौकरी-व्यवसाय के जगह भी साथी कर्मचारियों का और उच्च पदाधिकारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण न होने से मानसिक हताशा पैदा हो सकती है। संतान के संबंध में समस्या आएंगी। विरोधियों के साथ वाद-विवाद में उतरना अच्छा नहीं है। आज आप अपने सभी कामों को एक तरफ रख कर सिर्फ मौज-मस्ती करेंगे। आज आप ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुँचा सकते हैं। काम-काज से तनाव बढेगा। कोई नया काम या प्रोजेक्ट मिल सकता है।

कन्या :- आज कामकाज की जिज्ञासा बढ़ेगी। सुखवृद्धि एवं पारिवारिक उन्नति होगी। परिवार में क्लेश, मनमुटाव हो सकता है। निद्रा का अभाव रहेगा। मानहानि होने की आशंका है। आर्थिक योजनाओं में धन का निवेश हो सकता है। पड़ोसियों से किसी बात पर मतभेद की संभावना है। भविष्य को लेकर बेकार में चिंता करते रहना आपको बेचैन कर सकता है। मित्रों से मुलाकात होगी। कारोबार में अच्छी खबर मिलेगी। परिश्रम से इच्छित सफलता मिलेगी। शुभचिंतकों का हार्दिक सहयोग रहेगा। महत्वपूर्ण लोगों के साथ बातचीत करते वक़्त अपने शब्दों को गौर से चुनें।

तुला :- आज पैसों के संबंध में बड़े फैसले के लिए किसी से सलाह लेनी पड़ सकती है। कारोबार में इजाफा होगा। आमदनी के नए माध्यम नजर आएंगे। किसी पुराने प्रोजेक्ट या काम को शुरु करने के लिए आज का दिन शुभ है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए किसी से सिफारिश करवानी पड़ सकती है। आत्मविश्वास से कार्य सिद्ध होंगे। आर्थिक योजनाएं सफलतापूर्वक सिद्ध होंगी। मानसिक प्रसन्नता रहेगी। वस्त्राभूषण हेतु खर्च होगा। सफलता हासिल करने के लिए समय के साथ अपने विचारों में बदलाव लाएँ। इससे आपका दृष्टिकोण व्यापक होगा, समझ का दायरा बढ़ेगा, व्यक्तित्व में निखार आएगा और दिमाग विकसित होगा।

वृश्चिक :- आज कार्यस्थल पर आपको सफलता मिलेगी। आपके ऑफिस में काम का बोझ बढ़ सकता है। व्यवसायिक प्रतिद्वंदी आज शांत रहेंगे। कार्यों में देरी होने की सम्भावना है। आज के दिन आपको थोडी बहुत प्रतिकूलताओं का सामना करना पड़ सकता है। व्यवसाय वर्ग से जुड़े हुए लोगों के लिए आज के दिन विदेश से लाभ प्राप्त हो सकते हैं। आपको इस अवसर का लाभ उठाने के लिए खुद को उसके अनुसार डालना होगा।आज के दिन आपके विरोधी भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। जोखिम लेने से बचे। संयम रखे आपको सफलता जरूर मिलेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। आज आपकी सृजनात्मक शक्ति श्रेष्ठ रहेगी।

धनु :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। मित्र भी आपके पक्ष में खड़े रहकर आपकी मदद करते नजर आएंगे। भाग्य आपके साथ है और सफलता आपके कदम चूमेगी। आज रिश्तों को समय दें। दोस्तों और परिजनों से बात करते समय सोच समझकर बोलें, किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। आज किसी अनजान शख्स से सलाह ना लें। धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। अपना व्यवहार सकारात्मक बनाए रखें। आपको आज अच्छे से प्रदर्शन करना होगा जिस वजह से आपको सभी लोगों से अपने काम के लिए सराहना मिलेगी। जल्द ही सफलता के द्वार खुलेंगे।

मकर :- आज आपको व्यापार-सम्बंधित कार्यों में लाभ होगा। आज का दिन आपके लिए सुखद समाचार ला सकता है। थोड़े प्रयत्न से आपको ज्यादा लाभ होगा। दिन के कामों को सेहत बाधित कर सकती है। विवाद सुलझाने का सही समय है। ऑफिस में संभलकर रहें वरना मुसीबत आएंगी। मुद्दों पर स्पष्टता से समस्याएं सुलझेगी। धैर्य से कार्य करें सफलता मिलेगी। धन का व्यय बढ़ेगा। अपनी दोस्ती सोच समझ कर करें। बुरे लोगो के संगत से बचे यह आपके लिए हानिकारक है। आज के दिन कार्यक्षेत्र में आप अपना आपा खो सकते हैं। संतान की जरूरतों पर ध्यान देना होगा।

कुंभ :- आज आप आनन्द का अनुभव करेंगे। काम पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे। मेहनत भी बहुत रहेगी। कुसंगति से बचें। कार्यक्षेत्र में अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए आप हर संभव कोशिश कर सकते हैं। जितना धैर्य रखेंगे आपके लिए उतना ही बेहतर होगा। कार्यों में भाग्य का साथ प्राप्त होगा। आप पैसा बना सकते हैं, बशर्ते आप अपनी जमा-पूंजी पारम्परिक तौर पर निवेश करें। परिवार के लोगों के साथ हंसी-मजाक से दिन खुशनुमा बीत सकता है। किसी भी नये कार्यो में रूकावट पैदा हो सकती है। अतः आप इस समय नये कार्य को शुरू न करें। क्रोध को अपने उपर हावी न होंने दें अन्यथा बनी बनाई योजनाओं पर पानी फिर सकता है।

मीन :- आज अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। छोटी परेशानियां आपको घेरे रहेंगी। इस बात का विशेष ध्यान रखें की आपके फैसले से ऐसी किसी व्यक्ति को दुःख न हो जो आप पर भावनात्मक रूप से निर्भर है। आज आपका विशेष ध्यान दोस्तों पर रहेगा। आपकी सोच-विचार में असामान्य स्पष्टता रहेगी। किसी पुराने दोस्त से या तो आप मिलेंगे या उनमे से कोई आपसे मिलने आज अचानक चला आएगा। बिजनेस में नुकसान होने की आशंका है। आज का दिन सभी गलतफहमी को दूर करने और अपने रिश्ते के जीवन की शक्ति को नवीनीकृत करने के लिए एकदम सही है।

MLA ने दिखाया 24 घंटे हेल्पलाइन का सपना, आयुक्त ने सिरोही को नींद से जगा दिया

0
सिरोहज नगर परिषद में आयुक्त ने अपना नाम तो लिखवाया लेकिन जनता की सुनवाई के समय को पुतवाया तो फिर नहीं लिखवाया।

सिरोही। सिरोही में दशकों बाद कांग्रेस का बोर्ड बना। अभूतपूर्व बहुमत के साथ। कांग्रेस के नए सभापति महेंद्र मेवाड़ा ने सिरोही विधायक संयम लोढ़ा की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण समारोह में संयम लोढ़ा ने तीन साल पहले सिरोही नगर परिषद में जो दावा किया वो 3 साल होने पर भी लागू नहीं करवा पाए। इसका कारण वही है जिसका आरोप वो विपक्ष में रहते हुए भाजपा पर लगाते रहे। और वो कारण है ‘मोनिटरिंग का अभाव’।

जिस कदर पिछले बोर्ड से बढ़कर अनियमितता और जन उत्पीड़न यहां हो रहा है उसे देखकर स्पष्ट कहा जा सकता है कि वो स्वयं सिरोही नगर परिषद की कार्यप्रणाली की मॉनिटरिंग कर नहीं रहे हैं। और पार्षदों व शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता या तो उन्हें बता नहीं रहे हैं या वो उनकी सुन नहीं रहे हैं।

ये कहा था भाषण में

सभापति 2 दिसम्बर 2019 को जब कार्यभार ग्रहण किया तब विधायक संयम लोढ़ा ने कहा था कि एक टेलीफोन नम्बर रखिये जनता की समस्या के लिए। जिस पर 8-8 घण्टे तीन आदमी रखिये। यहां पर 24 घन्टे टेलीफोन हेल्पलाइन काम कर सके। जिससे सफाई, आवारा पशु और बिजली की समस्या का तुरन्त निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा था कि वो सेंट पॉल के पास बैठने गए तो वहाँ घुप अंधेरा था। उन्होंने ऑथोरिटी को फोन किया तो उन्होंने बताया कि अभी किसी कारण से हुआ हैं। कई गलियों में अंधेरा था।

उन्होंने कहा था कि फिर वो यहाँ आ गए, अहिंसा सर्किल और झूपा घाट यहां भी घुप अंधेरा। तो ये स्थिति है। उन्होंने आगे कहा था कि नगर परिषद के कर्मचारियों से अनुरोध करते हैं कि आपको अपना काम करना है। अभी भी इस तरह की चीजें सामने आईं तो हमे दोष मत देना। विधायक लोढ़ा बोले थे कि स्नेह बहुत है लेकिन काम के मामले में कोई चूक नहीं हो।

वह दिन है और आज का दिन है सिरोही विधायक नगर परिषद के कर्मचारियों के प्रति स्नेह से नहीं उबर पा रहे हैं और सिरोही की जनता सफाई, आवारा पशु, रोड लाइट को लेकर उससे भी ज्यादा नारकीय पीड़ा झेल रही है जो 2 दिसम्बर 2019 से पहले झेल रही थी।

नए आयुक्त ने ये किया जनसुनवाई का हाल

नगर परिषद कार्मिकों के प्रति सिरोही विधायक के स्नेह की स्थिति उनके भाषणों में किए दावों से ही कड़ी दर कड़ी सिरोही नगर परिषद का ढर्रा सुधरने तक लाया जाएगा।  लेकिन, अभी बात 2 दिसम्बर के भाषण के 24 घण्टे हेल्पलाइन की।

विधायक तो दावा कर रहे थे कि नगर परिषद कर्मचारी अपना ढर्रा सुधार लें लेकिन, उनके द्वारा लगाए गए कार्यवाहक आयुक्त क्या कर रहे हैं इसकी गवाही आयुक्त के चेम्बर की दीवार दे रही है। शायद 31 अगस्त को पूर्व कर्यवाहक आयुक्त रिटायर हुए। नए वाले उसके अगले दिन बैठे। जैसे कि पहले ही जिक्र किया कि इनकी ठनक किसी कलेक्टर से कम नहीं है तो वही कुर्सी संभालते ही किया।

कलेक्टर से दो कदम आगे निकल गए। विधायक संयम लोढ़ा के 24 घण्टे टेलीफोनिक हेल्पलाइन के तो दावे की पालना तो दूर उन्ही के द्वारा बैठाए आयुक्त को ड्यूटी टाइम पर मोबाइल उठाने से भी परहेज है। छुट्टी के दिन मोबाइल स्विच ऑफ रहे सो अलग।

जॉइन करते ही अपने चेम्बर की दीवार पर लिखे पूर्व आयुक्त का नाम पुतवाया और फिर से अपना नाम लिखवाया। लेकिन नाम पट्टिका के नीचे पुताई में दब गया ‘जनसुनवाई का 2 से 4 बजे’ तक के समय की सूचना फिर नहीं लिखवाई। तो मतलब ये कि जनता की सुनवाई यहां बन्द है। व्यवहार से भी और प्रशासनिक कदाचार से भी।

कलेक्टर के चेम्बर के बाहर भी कलेक्टर के नाम बदल लेकिन, जनसुनवाई के समय की सूचना आज भी वैसी ही लिखी हुई है। दरवाजे पर कार्मिक लगाकर आम आदमी के सीधे आयुक्त से मिलने पर जॉइनिंग के पहले दिन से ही पाबन्दी है। पहले काम बताओ, फिर साहेब की मर्जी होगी तो मिलेंगे वरना दरवाजे के बाहर से ही जय श्री कृष्णा। नगर परिषद के ऐसे कार्मिकों पर विधायक का स्नेह तीसरे साल भी बरकरार है तो फिर जन सुनवाई हो या न हो इसका फर्क सिरोही शहर के लोगों को पड़े आयुक्त को क्या फर्क?

गलती सिरोही के लोगों की है कि विधायक के सिरोही नगर परिषद में गुड गवर्नेंस देने के वादों पर विश्वास करके व्यवस्था परिवर्तन के लिए कुर्सी पर बैठा व्यक्ति बदल दिया। उन्हें क्या पता था कि नगर परिषद में सभापति का चेहरा बदलने से व्यवस्था नहीं बदलती, व्यवस्था बदलती है ईमानदारी और दृढ़ इच्छा शक्ति से। जो तीन साल में तो सिरोही नगर परिषद से नदारद है। व्यवस्था बदले या नहीं बदले अगले दो साल और गुड गवर्नेंस के वायदे से ठगाए सिरोही के आम मतदाता  इस अकर्मण्य बोर्ड, निष्क्रिय सभापति और किंकर्तव्यविमूढ़ आयुक्तों का कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

मंच पर चढ़े विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी तो बन गए ‘चाणक्य’

शिवगंज में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन करते सीपी जोशी और संयम लोढ़ा।

सबगुरु न्यूज- शिवगंज।राजनीति में शिक्षकों का आना आम है। लेकिन, राजनीति में आने के बाद शिक्षक बने रहने के लिए बौद्धिक परिश्रम करते हुए मौके के अनुसार अपने उदबोधन के विषयों का चयन करने का काम सीपी जोशी जैसे नेता ही कर सकते हैं।

श्री पुष्कर मेला 2022 : आध्यात्मिकता का कराया अनुभव

0

अजमेर। पुष्कर मेले में प्रशासन द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी में तीर्थ यात्रियों को आध्यात्मिकता का अनुभव कराया गया।

पुष्कर मेला अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान रखता है। यह धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को अगली पीढ़ी में स्थानान्तरित करने का माध्यम है। श्री पुष्कर मेला विकास समिति द्वारा विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। इसमें विभागीय योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाता है। इस बार राजकीय के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं गैर सरकारी संगठनों को भी स्टॉल आवंटित की गई।

श्री रामचन्द्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा भी ध्यान स्टॉल लगाई गई। इसमें श्रद्धालुओं को प्राणहुती के माध्यम से सहज मार्ग ध्यान का अभ्यास करवाया जा रहा है। इससे व्यक्तियों को ध्यान के माध्यम से आध्यात्मिकता का अनुभव करवाया जा रहा है। पुष्कर की पुण्य धरा पर इसका अनुभव अनूठा है।

धर्म और आध्यत्मिकता को अपने में समाहित करने वाले पुष्कर महातीर्थ पर आने वले श्रद्धालु यह अनुभव प्राप्त कर अभीभूत हो गए है। विकास प्रदर्शनी के स्टॉल पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मेला क्षेत्र में ही अन्य स्थानों पर भी ध्यान सत्र आयोजित करने की मांग उठी। इस कारण सरोवर के सप्तऋषि धाट तथा राघव रिसोर्ट में भी ध्यान आरम्भ करना पड़ा। इसका लाभ सभी ऋद्धालुओं ने उठाया।

व्यक्तियों ने आध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ मानसिक रूप से शांति प्राप्त की। तनाव मुक्त जीवन जीने के लिए अभ्यास किया। साथ ही वर्तमान जीवन शैली आधारित समस्याओं के निराकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ। हार्टफुलनेस संस्था द्वारा ऑनलाइन ज्ञान सुविधा उपलब्ध कराने से व्यक्ति भविष्य में लगातार लाभान्वित हो सकेंगे।

माउंट आबू में बंदरों के हमले में 12 से अधिक लोग हुए घायल

माउंट आबू। राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल माउंट आबू में बंदरों ने हमला कर राह चलते करीब दर्जन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बंदरों के हमले से जोधपुर के चेना राम, माउंट आबू के रतना देवासी, बड़ौदरा के पर्यटक हितेश गोधारा, सूरत के यतिन पटेल आदि घायल हो गए।

तीन बंदरों के हमले से घायल चेनाराम ने बताया कि वे मजदूरी करने के बाद शाम को बाजार की ओर जा रहे थे कि अधरदेवी चौराहे पर हनुमान मंदिर के समीप अचानक एक साथ तीन बंदरों ने आकर पीछे से हमला कर पिंडलियों, एडिय़ों एवं टांग को जगह-जगह से बुरी तरह चबा डाला। टांगों से भारी मात्रा में खून बह गया। जिससे वे घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े।

घायल चेनाराम को लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां बंदरों की ओर से चबाए गए चेनाराम की टांग, पिडंलियों समेत अन्य स्थानों पर करीब दो दर्जन टांके आए।

इसी तरह से अधरेदवी निवासी रतना देवासी अपनी दुकान पर काम कर ही रहे थे कि बंदरों ने आकर अचानक उन पर भी हमला कर दिया। जिससे आसपास के व्यवसाईयों ने बड़ी मुश्किल से रतनाराम को हमलावरों बंदरों के चंगुल से छुड़ाया लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। घायलावस्था में उन्हें ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया गया।

पूर्व में भी कई लोगों पर बंदरों की ओर से प्राणघातक हमला किया गया है। जिसके तहत रूपाराम थिंगर, सुरेश कुमार, दरगाराम चौहान, मनीषा थिंगर समेत दर्जनों लोगों को भी बंदर गंभीर घायल कर चुके हैं। क्षेत्र में आए दिन बंदरों की धमाचौकड़ी से सैलानियों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते लोग दैनिक कार्यों समेत सामान्य आवागमन के लिए घरों से बाहर निकलने में सहमे हुए हैं।

वनपाल कुमार चौधरी ने बताया कि बंदरों की ओर से किए जा रहे हमले की निरंतर शिकायतें मिल रही हैं। जिसे देखते हुए ऐतिहात के तौर पर अधरदेवी क्षेत्र में अलग-अलग गश्ती दलों को बंदरों पर निगरानी रखने के लिए तैनात किया गया है।

भीलवाड़ा जिले में 46 लड़कियां मिली गायब : प्रियंक कानूनगो

0

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भीलवाड़ा जिले के तीन गांवों का आज दौरा किया जहां 46 लड़कियां गायब मिली और आयोग ने इनका पता लगाने के निर्देश दिए हैं।

भीलवाड़ा जिले में स्टाम्प पर बालिकाओं को बेचने के मामले की जांच के लिए भीलवाड़ा आए आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने आज इन गांवों का दौरा करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने इस मामले की जांच के लिए जिले के तीन गांव ईटून्दा, धौद एवं रजवास एवं चार स्कूलों का दौरा किया। इस दौरान आंगनबाड़ी में काम करने वालों, राशन डीलर की दुकान, एएनएम, सरपंच, ग्रामपंचायत सचिव आदि से बात की।

उन्होंने बताया कि अगर लड़कियां स्कूल आ रही है या गांव में है तो वे सुरक्षित है लेकिन वे गांव में नहीं है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पता चला कि 46 लड़िकयां ऐसी है जो स्कूल में नहीं पढ़ रही है, इनमें 18 लड़कियों के बारे में कोई पता नहीं चला कि वह कहां है जबकि 28 लड़कियों के बारे बताया गया कि वे रिश्तेदार या अन्य गांव गई हुई है। हमने बच्चियों के परिजनों को बुलाकर कोशिश की लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, ऐसे में इन तीन गांवों में 46 लड़कियां गायब मिली।

उन्होंने कहा कि ऐसे में इन लड़कियों की तस्करी एवं बेचे जाने की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि एक जाति विशेष के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है उनके पास जोब कार्ड है लेकिन उन्हें मनरेगा में पिछले डेढ साल से काम नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। इसकेे बाद उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर इन 46 लड़कियों का पता लगाने के निर्देश दिए।

नसीराबाद नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए होगा त्रिकोणीय मुकाबला

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की नसीराबाद नगरपालिका के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। सोमवार को नाम वापस लेने के आखिरी दिन एक निर्दलीय पूनम सांखला के नाम वापस लेने से तसवीर साफ हो गई।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक अब दस नवंबर को होने वाले मतदान में नगरपालिका के चुने हुए बीस पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनावी मैदान में कांग्रेस से ऋतुका सोनी, भाजपा से अनिता मित्तल तथा भाजपा की बागी निर्दलीय सरोज बिस्सा मैदान में है।

नसीराबाद नगरपालिका बहुत छोटी है और यहां केवल बीस वार्ड ही नागरिक क्षेत्र के है। शेष पर छावनी क्षेत्र होने के कारण नसीराबाद केन्टोंमेंट बोर्ड प्रभावी रहता है। छोटी नगरपालिका के बावजूद कांग्रेस-भाजपा के लिए यह प्रतिष्ठा का चुनाव होगा।

कार की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत

अजमेर जिले के किशनगढ़ स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुष्ट जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के हाईवे रोड स्थित बजरंग कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला गौरादेवी सैन सड़क पार कर रही थी तभी स्कॉर्पियो कार ने उसे टक्कर मार दी। मौके पर ही इस बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस ने मृतका के शव को किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया। यह स्कॉर्पियो कार सरकारी बताई जा रही है।

जयपुर महापौर उपचुनाव में स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा की बाड़ेबंदी

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में 10 नवंबर को होने वाले नगर निगम ग्रेटर के महापौर उपचुनाव में पर्याप्त बहुमत होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी को क्रॉस वोटिंग का भय सत्ता रहा हैं और उसे अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी करनी पड़ी है। हालांकि उसके नेता सौ से अधिक पार्षदों के समर्थन से उनका मेयर चुने जाने के दावे कर रहे हैं। भाजपा ने मतदान से पहले उनके पार्षदों में कोई सेंधमारी नहीं कर सके इसके लिए उसने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी चौमू में एक होटल में की है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक रामलाल शर्मा ने बताया कि उनके पार्षद एकजुट हैं और अब तक निर्दलीय सहित 84 पार्षद होटल पहुंच चुके है और उनके नौ पार्षद नहीं पहुंच पाये उनमें तीन पार्षद बीमार चल रहे हैं और वे सीधे मतदान केन्द्र ही पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि शेष छह पार्षद भी शीघ्र ही यहां शिविर में पहुंच जाएंगे।

भाजपा के जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने दावा करते हुए मीडिया से कहा कि इस उपचुनाव में भाजपा की मेयर सौ से अधिक वोट चुनाव जीतेगी। कांग्रेस के भी दावा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह हमारा गणित हैं जो सही और सौ से अधिक पार्षदों के समर्थन से भाजपा की मेयर बनेगी।

उधर, महापौर शील धाभाई ने कहा है कि उन्हें मेयर प्रत्याशी नहीं बनाने को लेकर वह नाराज नहीं हैं और वह जब तक महापौर हैं वह अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वह संगठन के साथ है और भाजपा के पास बहुमत है और हमारी मेयर जीतेगी। नामांकन के दिन उनके भावुक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह तात्कालिक प्रतिक्रिया थी, अब सब ठीक हो गया।

भाजपा 150 पार्षदों वाले नगर निगम ग्रेटर में सर्वाधिक 85 पार्षदों के साथ स्पष्ट बहुमत में हैं लेकिन महापौर के उपचुनाव में सत्तारुढ़ कांग्रेस के बहुमत नहीं होने के बावजूद अपनी पार्षद मेघा सिंघानियां को उपचुनाव के मैदान में उतार देने एवं जीत के दावे होने के बाद भाजपा को क्रॉस वोटिंग का डर लगने लगा और उसने अपने पार्षदों को चौमू में बाड़ेबंदी करना शुरु कर दिया था।

कांग्रेस के पास 49 पार्षद हैं और वह राज्य में कांग्रेस की सरकार के चलते कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए महापौर के उपचुनाव में पार्षदों का समर्थन उसके प्रत्याशी को मिलने की उम्मीद कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन के दिन ही कह चुकी है कि भाजपा के कई पार्षद उनका समर्थन करेंगे। निगम में 12 निर्दलीय पार्षद है जबकि पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर सहित चार पार्षद निलंबित हो चुके है।