Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 501 -
होम ब्लॉग पेज 501

इंदौर में 3-4 लड़कियों ने मिलकर एक लड़की को पीटा, वीडियो वायरल

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में तीन चार लड़कियों द्वारा एक लड़की की सड़क पर बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस आज स्पष्ट किया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी लड़कियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित एक पब के सामने यह घटना चार नवंबर की मध्य रात्रि हुयी है। इस मामले में पीडित लड़की की शिकायत पर आरोपी लड़कियों टीना, पूनम और मेघा के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पहले भी इन लड़की के बीच विवाद हो चुका है। यह सभी पहले एक साथ रहती थी।

वारयल वीडियो में दिखायी दे रहा है कि तीन चार लड़कियां एक लड़की को सड़क पर पटक देती हैं और फिर उसके साथ मारपीट करती हैं। एक लड़की तो सड़क पर गिरी लड़की के शरीर पर बैठकर उसके साथ मारपीट करती है।

इस शर्मनाक वीडियो में दिख रहा है कि यह नजारा दर्जनों लोग देख रहे हैं, लेकिन कोई उस लड़की को बचाते हुए नहीं दिख रहा है। बताया जा रहा है कि लड़कियों का कपड़ा पहनने को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

पत्रकारों के एडवोकेट जनरल बनेंगे : कैलाश विजयवर्गीय

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों का आज आह्वान किया कि वे समाचार संकलन एवं प्रकाशन में राष्ट्रीय हितों का ध्यान रखें और उनके हितों की रक्षा के लिए वह स्वयं पैरोकार बनेंगे।

विजयवर्गीय ने जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्टस (इंडिया) के यहां आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनयूजेआई के अध्यक्ष रास बिहारी ने की और संचालन उपाध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने किया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी के भोपाल केंद्र की बहनों ने भी शिरकत की।

विजयवर्गीय ने कहा कि आज पत्रकार बेचारा बन गया है। पत्रकारिता के नाम पर अनैतिक आचरण करने वाले कुछ लोगों ने आगे का स्थान हथिया लिया है और केवल कलम एवं खबर से मतलब वाला पत्रकार हाशिये पर अकेला पड़ा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर जायज मांग को पूरा कराने के लिए वह स्वयं उनके ‘एडवोकेट जनरल’ (महाधिवक्ता) बनेंगे। उन्होंने पत्रकारों का आह्वान किया कि इस माहौल में समाचार के चयन, प्रस्तुतीकरण में राष्ट्र एवं समाज के हितों और उस पर पड़ने वाले प्रभाव का ध्यान रखना जरूरी है।

विशिष्ट अतिथि सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया के दौर में हर कोई पत्रकार बनने का दावा करने लगा है। इसलिए समय की मांग है कि पत्रकार की परिभाषा तय होनी चाहिए और इसके बाद सुरक्षा एवं सुविधाओं की मांग को उठाया जाए। उन्होंने कहा कि वह संसद में पत्रकारों की आवाज़ को जोर-शोर से उठाएंगे।

इससे पहले एनयूजेआई के महासचिव प्रसन्न मोहंती ने पत्रकारों के रेलवे टिकट की रियायत बहाल करने तथा राज्यों में पत्रकार अधिमान्यता समितियों का पुनर्गठन करने की मांग की। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि पत्रकारों की अधिमान्यता सरकार करने लगी है और इसमें भेदभाव और दमनात्मक रुख दिख रहा है।

बाद में एनयूजेआई के आम परिषद की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें मुख्य धारा के मीडिया को सोशल मीडिया से विस्थापित करने की कोशिश का विरोध किया गया तथा मुख्य धारा के मीडिया खास कर संवाद समितियों को सशक्त बनाने की मांग की गई है।

युवा मोर्चा भाजपा का हरावल दस्ता : गजेन्द्र सिंह शेखावत

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को संगठन का हरावल दस्ता बताया। उन्होंने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि मोदी सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का आवासीय प्रशिक्षण वर्ग सोमवार से बिरामी में आरम्भ हुआ। चतुर्थ सत्र में मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक के इतिहास को रेखांकित किया।

उन्होंने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को बताया कि किस प्रकार भारतीय जनता पार्टी का उद्भव हुआ और जनसंघ की स्थापना के बाद किस प्रकार भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।

शेखावत ने कार्यकर्ताओं को यह भी दायित्व दिया कि आने वाले वर्ष 2023 और वर्ष 2024 के चुनाव भारतीय राजनीति के सबसे अहम चुनाव होंगे। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सबसे पहले राजस्थान में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुटता से कार्य करना होगा।

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री शेखावत ने भुवाल माता मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष गौरव जैन, देहात अध्यक्ष अरविन्द बर्रा, वीरेन्द्र सिंह निंबोल, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र सिंह, राजकुमार बिवाल, कोषाध्यक्ष स्वरूप भूतड़ा, प्रफुल ओझा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री शेखावत का स्वागत किया।

शिविर के उद्घाटन सत्र भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता चारु प्रज्ञा, जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष देवेंद्र जोशी, भाजपा देहात उत्तर अध्यक्ष मनोहर पालीवाल, जोधपुर दक्षिण की महापौर वनिता सेठ सहित अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।

तहसील के हालात भी सिरोही नगर परिषद जैसे

सिरोही तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली की पोल खोलता नगर परिषद आयुक्त का नवम्बर में लिखा पत्र जिसके तहत मार्च में सात दिवस में नामान्तरण करने को भेजे प्रकरण को 8 महीने तक नही बदला गया है।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। चुनाव पास आते-आते सिरोही में गवर्नेंस के हालात सिर्फ नगर परिषद में ही नहीं प्रशासन में भी बिगड़े हैं।

कंगना रनौत ने ट्विटर को बताया बेस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने ट्विटर को बेस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बताया है। कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर ट्विटार की तारीफ है।

कंगना ने ट्विटर को बेस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बताया है।कंगना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने ट्विटर के बारे में अपने विचार रखे। पोस्ट में कंगना ने ट्विटर की नई पॉलिसी की तारीफ की है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए कंगना ने कहा कि ट्विटर सबसे अच्छा सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म है। यह बौद्धिक और वैचारिक रूप से प्रेरित है, बजाए फैशन या लाइफ स्टाइल के बारे में। हालांकि, मैं इसका प्रोसेस कभी नहीं समझ पाई, जिसके जरिए केवल कुछ लोग वेरीफाई होते हैं। वेरिफिकेशन का क्राइटेरिया आधार कार्ड पर आधारित होना चाहिए, जिनके पास आधार कार्ड है उन्हें आसानी से वैरिफिकेशन मिलना चाहिए।

अपने पोस्ट में कंगना ने लिखा कि ब्लू टिक के लिए कुछ पैसे चार्ज करने का फैसला अच्छा है, इससे प्लैटफॉर्म को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अब दुनिया में कोई भी फ्री लॉन्च नहीं होते हैं। अगर ये सारे प्लेटफॉर्म आपको फ्री में सुविधाएं देंगें तो भला पैसे कैसे आएंगे। ऐसे में ब्लू टिक के लिए पैसे लेने का फैसला बिल्कुल सही है।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला, जारी रहेगा ईडब्ल्यूएस का 10 फ़ीसदी आरक्षण

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट सोमवार को अनारक्षित श्रेणियों (अगड़ी जातियों) के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) को नौकरियों और उच्च शिक्षा में 10 फीसदी आरक्षण का प्रावधान करने वाले 103वें संविधान संशोधन की वैधता को 3-2 के बहुमत के फैसले से बरकरार रखा।

मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ के इस फैसले से साफ हो गया है कि ईडब्ल्यूएस के तहत 10 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था जारी रहेगी।

न्यायमूर्ति ललित और संविधान पीठ के सदस्य न्यायमूर्ति एस रविंद्र भट्ट ने 103वें संविधान संशोधन से असहमति व्यक्त की, जबकि न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी, न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला ने आरक्षण के लिए 103वें संविधान संशोधन को उचित बताते हुए उसे बरकरार रखने के पक्ष में अपना फैसला सुनाया।

न्यायमूर्ति ललित और न्यायमूर्ति भट्ट ने 103वें संशोधन को गैर संवैधानिक करार दिया। न्यायमूर्ति भट्ट ने संविधान संशोधन पर अपनी असहमति व्यक्त की और कहा कि यह संशोधन सामाजिक न्याय के ताने-बाने और बुनियादी ढांचे को कमजोर करता है।

न्यायमूर्ति माहेश्वरी ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण संविधान के बुनियादी ढांचे का उल्लंघन नहीं करता। न्यायमूर्ति त्रिवेदी ने भी सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के 75 सालों के बाद परिवर्तनकारी संवैधानिक की भावना से समान रूप से आरक्षण पर फिर से विचार करने की जरुरत है।

न्यायमूर्ति पादरीवाला ने न्यायमूर्ति माहेश्वरी और न्यायमूर्ति त्रिवेदी के फैसलों से सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि आरक्षण को निहित स्वार्थ नहीं बनने दिया जा सकता। उन्होंने जरूरतमंदों को मदद की वकालत करते हुए कहा कि जो आगे बढ़ गए हैं, उन्हें पिछड़ा वर्ग के लाभ से हटा देना चाहिए। उन्होंने पिछड़े वर्गों को निर्धारित करने के तौर तरीकों को प्रसांगिक बनाने का फैसला सुनाया।

संविधान पीठ ने ईडब्ल्यूएस को आरक्षण प्रदान करने वाले 103वें संविधान संशोधन की वैधता को चुनौती देने वाली स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) ‘जनहित अभियान’ और अन्य द्वारा दायर याचिकाओं बहुमत के फैसले से खारिज कर दिया।

मुख्य न्यायाधीश ललित की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने ईडब्ल्यूएस को 10 फीसदी आरक्षण पर सवाल उठाने वाली याचिकाओं पर सात दिन की लंबी सुनवाई के बाद 27 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

शीर्ष अदालत के समक्ष सुनवाई के दौरान तत्कालीन अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सरकार का पक्ष रखते हुए ईडब्ल्यूएस को आरक्षण दिए जाने के प्रावधान का जोरदार तरीके से समर्थन किया था।

उच्चतम न्यायालय के समक्ष केंद्र सरकार ने दावा किया था कि 10 फीसदी ईडब्ल्यूएस आरक्षण का अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी /एसटी) अन्य पिछड़ी जातियां (ओबीसी) और सामान्य श्रेणियों को पहले से दी जा रही तय 50 फीसदी आरक्षण अलग है।

केंद्र सरकार ने अदालत को बताया था कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण के मद्देनजर उसने सभी उच्च केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों को सीटों की संख्या में 25 फीसदी की वृद्धि करने का निर्देश दिया था।

सरकार ने कहा था कि शिक्षण संस्थाओं में 4,315.15 करोड़ रुपए की लागत से कुल 2.14 लाख अतिरिक्त सीटों की वृद्धि की मंजूरी दी गई थी। इस प्रकार से ईडब्ल्यूएस आरक्षण से एससी/एसटी और ओबीसी को मिल रहे 50 फीसदी आरक्षण में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है।

याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता पी विल्सन ने तर्क देते कहा थाकि इंद्रा साहनी (मंडल आयोग) मामले इस अदालत ने माना था कि आर्थिक मानदंडों के आधार पर आरक्षण से संविधान के अनुच्छेद 15 (4) और 16 (4) को वास्तविक रूप से हटा दिया जाएगा।

विल्सन ने सुनवाई के दौरान तर्क दिया था कि संविधान के अनुच्छेद 15(4) और 16(4) सदियों से चले आ रहे सामाजिक भेदभाव को दूर करने और समानता को बढ़ावा देने वाला सकारात्मक प्रावधान है।

उन्होंने 103वें संविधान संशोधन को छलपूर्वक और पिछले दरवाजे से समाप्त करने का प्रयास करार देते हुए दावा किया था, और कहा कि 103वां संविधान संशोधन अनुच्छेद 15 (4) और 16 (4) द्वारा हासिल की गई वास्तविक समानता को समाप्त और नष्ट कर देता है तथा समाज में एससी, एसटी और ओबीसी को पूर्व संवैधानिक स्थिति में वापस ले जाता है।

बैकुंठ चतुर्दशी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर पर किया स्नान

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के तीर्थराज पुष्कर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के दौरान आज ब्रह्म चौदस (बैकुंठ चतुर्दशी) के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर पर स्नान किया वहीं संतों का भी शाही स्नान हुआ। पुष्कर में मौजूद सैन भक्ति पीठ के संस्थापक सैनाचार्य स्वामी अचलानंदाचार्य महाराज के सान्निध्य में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए संतों, महंतों, महात्माओं, साधुओं ने पुष्कर सरोवर के सप्त ऋषि घाट पर परंपरागत तरीके से 17वां शाही स्नान किया। मठ, मंदिरों से जुड़े साधु महात्माओं के इस शाही स्नान को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्वयं सैनाचार्य ने पुष्कर सरोवर का अभिषेक एवं पूजन पूरे विधि विधान से कर शाही स्नान की परंपरा को निभाया। पुष्कर के सन्यास आश्रम से शाही स्नान के लिए शोभायात्रा के रूप में गाजेबाजे के साथ सभी संत महंत सप्त ऋषि घाट पहुंचे और शाही स्नान किया। इस दौरान बाजार में विभिन्न संगठनों द्वारा संतों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि आठ नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान होना है लेकिन चंद्रग्रहण के चलते सुबह से ही सूतक लग जाएगा जिसका असर शाम तक रहेगा। दिनभर सूतक के चलते ब्रह्मा मंदिर भी बंद रहेगा। इन सबके मद्देनजर कुछ लोग आज ही देव दीवाली भी मनाई गई। जिला कलेक्टर अंशदीप ने अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए आज पुष्कर मेले का जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया।

मोदी के प्रयासों से ही अयोध्या में बन रहा है भगवान श्री राम का मंदिर : वसुंधरा राजे

राजसमंद/जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राम राज्य के पक्षधर बताते हुए कहा है कि गर्व है कि उनके प्रयासों से ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का मंदिर अयोध्या में बन रहा है।

राजे रविवार को नाथद्वारा में प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू से रामकथा सुनने के अवसर पर बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी राम राज्य के पक्षधर हैं। तभी तो वे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास आधारित नीति पर चलते हैं।

उन्होंने कहा कि रामकथा में राम और भरत का त्याग देखिए। राम सिंहासन त्यागकर वन चले गए तो छोटे भाई भरत ने भी सिंहासन त्यागकर चरण पादुकाओं को राजा मानकर शासन चलाया। लेकिन आज के समय में ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। अब तो सिंहासन के लिए संघर्ष हो रहा है।

राजे ने कहा कि ये दो दिन मेरे लिए और भी मंगलप्रद तब हुए जब पूज्य मोरारी बापू के श्रीमुख से रामकथा सुनने का अवसर मिला। क्योंकि राम कथा हमें मानव कल्याण के साथ-साथ त्याग, तपस्या व सत्य की राह पर चलने की सीख देती हैं। अतः इस कथा की सार्थकता तभी है, जब हम इसे अपने व्यवहार में धारण करें।

उन्होंने कहा कि मेरे लिए आज का दिन भी बहुत सुखद और शुभ रहा, क्योंकि मुझे भगवान शिव की उस भव्य प्रतिमा के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिसके लिए हमारी सरकार ने अक्टूबर 2018 में साढ़े 25 बीघा भूमि आवंटित की थी। आज यहां विश्व की सबसे बड़ी 369 फुट ऊंची शिव प्रतिमा विराजमान है।

मध्यप्रदेश : एक दर्जन से अधिक आईएएस अधिकारियों के तबादले

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 14 अधिकारियों के तबादला और नए पदस्थापना के आदेश जारी किए। इसके चलते कुछ विभागाें के प्रमुख प्रभावित हुए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भोपाल संभाग आयुक्त गुलशन बामरा को पर्यावरण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त माल सिंह भयडिया को आयुक्त भोपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव को मंडल अध्यक्ष के साथ ही अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में भेजा गया है।

लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग के प्रमुख सचिव अनिरुद्ध मुखर्जी को पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव के पद से हटाकर भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में प्रमुख सचिव पद पर स्थानांतरित किया गया है।

परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई को जेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव को इसी पद पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में पदस्थ किया गया है।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह को इसी पद पर औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग में स्थानांतरित किया गया है। खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को लोक निर्माण विभाग में भेजा गया है।

पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) के कार्यपालन संचालक श्रीमन शुक्ला को नर्मदापुरम संभाग में आयुक्त बनाया गया है। कुछ और अधिकारियों के प्रभारों में भी परिवर्तन किया गया है।

सबगुरु राशिफल : 7 नवम्बर सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, शुक्ल पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 04.16 बजे बाद पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप काफी अच्छे मूड में रहेंगे। तरोताजा होने के लिए अच्छी तरह से आराम करें। आत्मसंयम रहें। पिता से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। भवन सुख में वृद्धि होगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। कोई पुरानी बात याद आने से भी थोड़ी देर के लिए आपका मूड खराब हो सकता है। जीवनसाथी आपको धूम्रपान की लत से छुटकारा पाने के लिए प्रेरित करेगा। आज अकस्मात व्यय से परेशानी होगी। प्रेम सम्बंधो में मधुरता आएगी। सामाजिक मान-सम्मान में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ की स्थिति अच्छी बनी हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा प्रयास सार्थक होगा।

वृषभ :- कामकाज में अच्छा धनलाभ होगा। नया आर्थिक करार अंतिम रूप लेगा और धन आपकी तरफ आएगा। गुस्से पर नियंत्रण रखें। उन लोगों पर नजर रखें जो आपको गलत राह पर ले जा सकते हैं। प्यार-मोहब्बत के लिहाज से दिन थोड़ा मुश्किल रहेगा। पड़ोसियों का दखल शादीशुदा जिन्दगी में दिक्कत पैदा करने की कोशिश कर सकता है। अपने भविष्य की योजना बनाने के लिए अच्छा दिन है। मतभेदों की एक लम्बी श्रृंखला के पनपने के कारण आपको सामंजस्य बिठाने कें मुश्किल आएगी। किसी संत पुरुष के दर्शन सम्भव हैं। अपने स्वभाव को अस्थिर न होने दें।

मिथुन :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

कर्क :- आज किसी सात्विकता में वृद्धि होगी। फिर भी स्वास्थ्य संभालिएगा। अपने गुस्से पर काबू रखें। कार्यभार आज कुछ अधिक रहेगा। परिजनों से विवाद से बचें। नए दोस्त बनेंगे। असहाय लोगों की मदद करें, उन्नति होगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई में अवरोध आएगा। ऋण लेन-देन का लाभ होगा। रुके हुए धन की प्राप्ति होगी। सुख-ऐश्वर्य बढ़ेगा। शुभ व सामाजिक कार्यों में संग्लन होंगे। शुभ समाचार मिलेगा। निराशावादी रवैये से बचें क्योंकि न सिर्फ यह आपकी संभावनाओं को कम कर देगा, बल्कि शरीर के आंतरिक संतुलन को भी बिगाड़ देगा। किए गए कामों से सफलता मिल सकती है।

सिंह :- आज आप में गजब का आत्मविश्वास रहने के आसार हैं जो आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने में भी सहायक सिद्ध होगा। अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। समझदारी से काम लें और बातचीत कर मसले को सुलझाएं। वैवाहिक जीवन में आप कुछ निजता की जरूरत महसूस करेंगे। स्वजनों से निकटता बढ़ेगी। जीवनसाथी का साथ अधिक ऊर्जावान बना देगा। सहकर्मियों से सहयोग मिलेगा। स्वजनों से शुभ संदेश मिलेंगे। दोस्तों और भाइयों से भी मदद मिल सकती है। किसी खास काम के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है।

कन्या :- आज मनोरंजन में समय बीतेगा। आज का दिन व्यक्तिगत मामलों में उत्साहपूर्ण और मंगलमय है। व्यावसायिक साझीदार सहयोग करेंगे और आप साथ मिलकर टलते आ रहे कामों को पूरा कर सकते हैं। भागीदारी मे लाभ होगा। शुभ काम की संभावना है। अध्ययन या किसी लटके हुए काम की सफलता में आ रही रुकावट दूर होगी। इस समय आपका आकर्षण धर्म की ओर रहेगा। समाज सेवा से आपको मानसिक शांति मिलेगी। भाग-दौड़ की जिन्दगी को आराम देने का यही सही समय है। संपत्ति को लेकर विवाद खड़े हो सकते हैं। संभव हो तो इसे ठण्डे दिमाग से सुलझाने की कोशिश करें। कानूनी दखल फायदेमंद रहेगा।

तुला :- आज आपके विरोधी भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। आज किसी पड़ोसी का व्यवहार आपको आहत कर सकता है। आप उसकी बात को नजरअंदाज करने की कोशिश करें। समय के साथ व्यवहार बदल जाएगा। आज आप समय का सही सदुपयोग करें। तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। आज आप अपने बिजनेस में कुछ नया करने की योजना बना सकते हैं। अपने अतिरिक्त धन को सुरक्षित जगह पर रखिए। शत्रु चिन्ता का दमन, प्रबल से प्रबल विरोधियों के होने पर भी अन्त में सर्वत्र विजय विभूति सफलता की प्राप्ति होगी। किसी मित्र या रिश्तेदार से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से लाभ होगा।

वृश्चिक :- आज आप मांगलिक आयोजनों की तैयारी में लगे रहेंगे। अचानक हुई रोमांटिक मुलाकात आपके लिए उलझन पैदा कर सकती है। अपने चारों ओर होने वाली गतिविधियों का ध्यान रखें, क्योंकि आपके काम का श्रेय कोई दूसरा ले सकता है। आज आपक मानसिक रूप से परेशान रह सकते है। आज आप अपने व्यवसाय में उच्च अधिकारी के साथ कार्य करते समय संभलकर रहें। आपकी मनोकामनाएं दुआओं के जरिए पूरी होंगी। आज का दिन काम को सुधारने में विशेष योगदान दे रहा है। किसी विशेषज्ञ की सलाह आपके लिए आगे चलकर उपयोगी सिद्ध होगी।

धनु :- आज शान्त और तनाव-रहित रहें। मित्रों के साथ आर्थिक विषय पर कार्य करेंगे। संतानों के लिए समय अनुकूल है। पिता से लाभ होगा और मित्रों से भरपूर सहयोग मिलेगा। परिवारजनों के साथ समय आनंदपूर्वक बीतेगा। जरूरत से ज्यादा वक्त व पैसा मनोरंजन पर खर्च न करें। वैवाहिक जीवन में शारीरिक सुख मिलेंगा। अचानक धन लाभ हो सकता है। आपके मन में कुछ बड़े विचार आ सकते है। अपने जीवनसाथी से किसी भी बारे में शिकायत न करें। नौकरी में अफसरों से मतभेद हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र का विस्तार तथा स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं।

मकर :- आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपको सफलता मिलने के अच्छे आसार हैं। परन्तु स्थिरता आने में थोड़ा समय और लगेगा। गप्पबाजी और अफवाहो से दूर रहें। आप आज ऊर्जा से भरपूर होंगे और कुछ असाधारण करेंगे। कम समय में काम को पूर्ण करेंगे। मेहनत अधिक होगी। वैवाहिक चर्चा से प्रसन्न रहेंगे। आज एक समय में एक ही काम करें पूरे फोकस के साथ, जल्द ही सफलता मिलेगी। सफर के लिए दिन ज्यादा अच्छा नहीं है। परिवार के किसी सदस्यों के साथ वैचारिक मतभेद उत्पन्न होंगे। आकस्मिक मुनाफे के जरिए आर्थिक हालात सुदृढ़ होंगे। आज के दिन आपकी योजनाओं में आखिरी पल में बदलाव हो सकते हैं।

कुंभ :- आज प्रतिस्पर्धियों पर आप विजय प्राप्त कर सकेंगे। व्यापार में परेशानी रहेगी अर्थात खर्च रहेगा। बाहरी लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद आपको जीवनसाथी के द्वारा हर संभव तरीके से सामर्थ मिलेगा। व्यापार अच्छा लाभ देगा। नौकरी में अधिकारी खुश रहेंगे। कृषि ठीक-ठीक रहेगी व लाभ मिलेगा। भाई से सहयोग प्राप्त होगा। आज आप आसानी से पैसे इकट्ठा कर सकते हैं। परिवार से मनमुटाव की स्थिति रहेगी। आज आप मानसिक उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। कार्यक्षेत्र दोस्तों की मदद से वित्तीय कठिनाईयाँ हल हो जाएंगी। व्यवसाय में वृद्धि होने के साथ अच्छा मुनाफा होगा।

मीन :- यदि आज आप अपने लिए कुछ खास करना चाहते हैं तो आज का दिन एकदम उचित है। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरुरत है। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य के लेकर कुछ चिंता हो सकती है। आमदनी के नए स्रोत मिलेंगे।निकटता आएगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। परिश्रम से कार्यों में सफलता प्राप्त करेंगे। नौकरी व व्यावसायिक कार्य सफल होंगे। आज जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।