Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 503 -
होम ब्लॉग पेज 503

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट बनीं मां, कपूर खानदान में आई बेबी गर्ल

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने आज बेबी गर्ल को जन्म दिया है। कपूर खानदान में नन्हे मेहमान का आगमन हो चुका है। आलिया भट्ट और रणबीर कपूर पेरेंट्स बन गए हैं। आलिया भट्ट ने बेटी को जन्म दिया है।

सोशल मीडिया पर आलिया ने बेबी के आने की ऑफिशियल आनाउंसमेंट की है। आलिया ने पोस्ट किया कि हमारी जिंदगी की बेस्ट न्यूज आ गई है। हमारा बेबी इस दुनिया में आ गया है और वो कमाल की लड़की है। इस खुशी को जाहिर करना मुश्किल है। हम एक ब्लेस्ड पेरेंट्स बन गए हैं। प्यार, प्यार, प्यार आलिया और रणबीर।

आलिया भट्ट और रणबीर कपूर बॉलीवुड के सबसे अडोरेबल कपल्स में से एक हैं। उनके घर में लक्ष्मी के आने से फैन्स भी काफी खुश हैं। सोशल मीडिया पर आम लोगों से लेकर सेलिब्रिटीज तक ने नए-नए माता-पिता बने कपल को बधाई देना शुरू कर दिया है।

बहन और उसके प्रेमी की हत्या कर खून से सना चाकू लेकर पहुंचा थाने

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में एक भाई ने अपनी बहन और उसके प्रेमी की हत्या करके खून से सना चाकू लेकर थाने में आत्मसर्पण करने पहुंच गया।

पुलिस ने रविवार को बताया कि ग्राम राजेपुर सराय मेदा की निवासी शिवानी (16 वर्ष) का उसी गांव के 25 वर्षीय रामकरन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शिवानी बीती देर रात घर से अचानक गायब हो गई। इसके बाद उसके भाई नीतू एवं अन्य परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

तड़के करीब 3 बजे नीतू ने बाहिन शिवानी और उसके प्रेमी रामकरन को पकड़ लिया। दोनों की लाठी-डंडों से पिटाई की गई और बाद में दोनों को पकड़ कर श्रृंगीरामपुर खन्ता नाला ले गए जहां दोनों की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी।

इसके बाद हत्यारोपी भाई नीतू खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ स्थित जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में नामजद चार आरोपियों के अलावा जो भी लोग इसमें शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस ने हत्यारोपी नीतू को गिरफ्तार कर, फरार अन्य परिजनों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।

विहिप के एजेंडे में सिर्फ राममंदिर : विजय शंकर तिवारी

0

कानपुर। विश्व हिन्दू परिषद के अखिल भारतीय प्रचार प्रसार प्रमुख विजय शंकर तिवारी ने रविवार को कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर काे देश को समर्पित करने से पहले विहिप कोई दूसरा काम हाथ में नहीं लेगी।

विहिप के रविवार से शुरू हुए राष्ट्रव्यापी हित चिंतक अभियान के सिलसिले में आए तिवारी ने कहा कि अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर बन कर तैयार नहीं हो जाता तब तक दूसरा काम हाथ में नहीं लेंगे। यह हिन्दू समाज के एजेंडे में है और हम हिन्दू समाज के हर एजेंडे का समर्थन करेंगे।

उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज के धर्म क्षेत्र में विहिप हर संभव योगदान देगी। मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि और वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद मामले में संगठन की भूमिका को नकारते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्र रूप से जो लोग मथुरा और काशी मामले में काम कर रहे हैं उन्हें पूरी तरह से हमारा समर्थन है मगर संगठन की इन मामलो में कोई भूमिका नहीं है।

संगठन में पूरा तंत्र लगता है जिसका ध्यान अभी सिर्फ अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर है। रामजन्मभूमि के लिए विहिप ने एक संगठन के तौर पर पूरा काम किया। संगठन के नाते सोच है कि जब तक अयोध्या में राम मंदिर जब तक देश को समर्पित नहीं कर देते तब तक दूसरे काम में हाथ नहीं डालेंगे।

उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद को कार्य करते हुए 58 वर्ष हो गए, जिसमें कई आंदोलन, अभियान तथा सृजनात्मक कार्य हमने हाथ में लिए। 1984 में श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण आंदोलन आरम्भ किया, आज अयोध्या में भव्य मन्दिर का निर्माण हो रहा है, ऐसे ही रामसेतु , धारा 370 तथा 35ए आदि विषयों पर भी हमने हिन्दू समाज की भागीदारी एवं सहयोग से सफलता अर्जित की।

विहिप नेता ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व तक लव जिहाद मानने के लिए लोग तैयार नहीं थे आज सरकारों ने धर्मांतरण पर कानून बना दिए, गौ सुरक्षा तथा गौ संवर्धन के लिए अनेकों कार्य प्रारंभ किए गए पंचगव्य से औषधियां बनाई जो काफी प्रचलित हुई, वेदों पर वैज्ञानिक तथा शास्त्रीय अध्ययन के लिए संस्थान स्थापित किए गए।

उन्होंने कहा कि 2024 में विश्व हिन्दू परिषद् की स्थापना के साठ वर्ष पूर्ण हो जाएंगे, इस हीरक जयन्ती के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के इस देश व्यापी हितचिंतक अभियान को सर्वस्पर्शी बनाने के लिये छह नवंबर से 20 नवंबर तक हम समाज के हर जाति मत पंथ संप्रदाय से संपर्क कर उन्हें हिन्दू समाज व राष्ट्र हित के कार्यों से जोड़ेंगे।

अभियान में विशेष वर्ग के लोगों को जोड़ने हेतु विशेष संपर्क भी किया जाएगा। इसके अन्तर्गत शिक्षाविदों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, चार्डर्ड अकाउंटेंटों, वकील, पूर्व जजों, गायकों, अभिनेताओं, खिलाड़ियों इत्यादि प्रतिभाओं को सभी तरह के सेलेब्रिटी को भी जोड़ेंगे।

तिवारी ने कहा कि हितचिंतक अभियान की टोलियों का लक्ष्य भारत के डेढ़ लाख गांवों तक जाकर एक करोड़ हितचिंतक बनाने का है। इसके अंतर्गत लोगों को विहिप के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाएगी। घर वापसी के अभियान में और तेजी आए। अभियान का उद्देश्य विहिप के विभिन्न आयामों के कार्यों का जन सेवार्थ विस्तार करना है।

सेवा कार्यों से अधिकाधिक वंचित समाज को जोड़ना, नई पीढ़ी में सनातन संस्कारों का संचार करना, गौवंशों की रक्षा तथा गौपालन, सामाजिक समरसता, नारी सशक्तीकरण, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण व मठ-मंदिरों की सुव्यवस्था के साथ ही हिंदू समाज को संगठित करते हुए उसकी सुरक्षा के संकल्प का भाव जगाना भी अभियान का उद्देश्य है।

हेमू कालानी जन्म शताब्दी वर्ष पर राज्य स्तरीय रथ यात्रा कार्यक्रम 17 दिसम्बर से

0

अजमेर। राजस्थान में वीर सपूत हेमू कालाणी जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर राज्य स्तरीय रथ यात्रा का कार्यक्रम 17 दिसंबर से राजधानी जयपुर से शुरू होगा।

अजमेर में आयोजित बैठक में जन्म शताब्दी आयोजन समिति व सिंधु सभा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल वाधवानी एवं प्रदेश महामंत्री ईश्वर लाल मोरवानी की मौजूदगी में उक्त आशय का निर्णय लिया गया।

सभा के राष्ट्रीय महामंत्री महेंद्र कुमार तीर्थाणी ने बताया कि देशभर में इसी तरह के रथ यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसका 31 मार्च 2023 को समापन मध्यप्रदेश के भोपाल में राष्ट्रीय स्तर पर होगा।

राजस्थान राज्य स्तरीय रथ यात्रा कार्यक्रम जयपुर से प्रारंभ होने के बाद विभिन्न जिलों में होते हुए पुनः जयपुर में ही 18 जनवरी 2023 को समापन होगा। उन्होंने बताया कि रथयात्रा अखिल भारतीय सिंधी संत समाज के आशीर्वाद से चलाया जाएगा।

अजमेर सिंधी समाज के अध्यक्ष कंवलप्रकाश किशनानी ने बताया कि अजमेर में भी रथयात्रा का व्यापक स्वागत होगा और पुष्कर रोड स्थित महाराजा दाहरसेन स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि रथयात्रा का मकसद देश प्रदेश के युवाओं में शहीद हेमू कालाणी के जीवन से जुड़े प्रेरणा प्रसंगों की जानकारी देना है। समाज के महामंडलेश्वर हंसाराम उदासीन सहित सभी संतों का इसमें आशीर्वाद है और भारतीय सिंधु सभा इसके लिए जोर शोर से तैयारी कर रही है।

आदमपुर में पहली बार खिला ‘कमल’, भव्य बिश्नोई 16,086 मतों से जीते

आदमपुर। हरियाणा में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का ‘कमल’ खिला। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश को 16,086 मतों से परास्त कर जीत हासिल की।

इस सीट पर कुल 22 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे थे कांग्रेस व भाजपा को छोड़ अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।

चुनाव अधिकारी ने भव्य विश्नोई को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल की धर्मपत्नी एवं भव्य की दादी जश्मा देवी, पिता कुलदीप बिश्नोई, माता रेणुका विश्नोई, राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।

भाजपा प्रत्याशी के जीत की ओर बढ़ने के साथ ही आदमपुर में इनके पारिवारिक प्रतिष्ठान पर आतिशबाजी पटाखे फोड़ने व मिठाइयां बांटनी आरंभ हो गई थी इस दौरान भव्य बिश्नोई के समर्थक ढोल की थाप पर खूब थिरके।

वहीं, चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही कांग्रेसी प्रत्याशी जयप्रकाश की मतगणना केंद्र के करीब खड़ी गाड़ी पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया जिसकी शिकायत पुलिस को प्रत्याशी जयप्रकाश द्वारा दी गई है।

गौरतलब है कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,71,754 मत थे जिनमें से 1,31,401 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। कुल मतदान 76.51 फीसदी रहा। भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को 67,376 मत मिले जबकि प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश को 51,662 मत मिले। इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी कुरड़ाराम नंबरदार को 5241 जबकि आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सतेंदर को 3413 मत मिले। नोटा के निशान पर 237 मत हैं जो कि अन्य 11 प्रत्याशियों को मिले मत से ज्यादा है।

भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को कुल मतों में से 51.3 फ़ीसदी जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश को 39.3 प्रतिशत मत मिले। मतगणना 13 राउंड में हुई।

आदमपुर में टूट नहीं पाया भजन लाल परिवार का सियासी तिलस्म

आदमपुर में टूट नहीं पाया भजन लाल परिवार का सियासी तिलस्म

सिरसा। हरियाणा में आदमपुर विधानसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल परिवार के आधी सदी के सियासी तिलस्म को 15वीं बार हुआ चुनाव भी नहीं तोड़ पाया। इस सीट पर भजनलाल के पौत्र भव्य बिश्नाई ने जीत दर्ज की है।

भव्य बिश्नोई ने इस उप चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचने की परिवार की परम्परा को कायम रखा है। भजनलाल परिवार की तीसरी पीढ़ी विधानसभा में प्रवेश कर रही है। उन्होंने आदमपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश को 15,714 मतों के अंतर से हराया हैं।

भजन लाल परिवार हालांकि अपने सियासी सफर में कई दलों कांग्रेस, हरियाणा जनहित कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी में गया मगर क्षेत्र की जनता ने दिल नहीं बदला और भजन लाल परिवार को ही हर बार विधानसभा भेजा है।

हरियाणा के अस्तित्व में आने के बाद से आदमपुर विस सीट पर भजन लाल परिवार का ही कब्जा रहा है। वर्ष 1968 से अब तक 15 बार चुनाव हुए जिनमें दो बार 2008 तथा 2012 में उप-चुनाव हुए। इस सीट पर भजन लाल नौ बार, कुलदीप बिश्नोई तीन बार जबकि जसमा देवी तथा रेणुका बिश्नोई एक एक बार विधायक चुनी गई।

कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम उनके इस्तीफा देने से यह सीट रिक्त होने के कारण इस सीट पर तीसरी बार उप चुनाव हुआ और इस परिवार के युवा भव्य बिश्नोई को जीत का सेहरा बांधा।

खास बात यह भी है कि आदमपुर विधानसभा सीट पर चौधरी भजनलाल, उनकी पत्नी जसमा देवी, बेटा कुलदीप और पुत्रवधु रेणुका बिश्नोई विधायक रह चुके हैं। भजनलाल, कुलदीप और रेणुका तीनों उपचुनावों में जीतकर विधायक बन चुके हैं।

कुलदीप बिश्नोई का जन्म 22 सितम्बर 1968 को हुआ। उन्होंने साल 1987 में सियासत में कदम रखा। अपने पिता चौधरी भजनलाल से राजनीति का ककहरा सीखा। 1998 में आदमुपर उपचुनाव के जरिए सक्रिय सियासत में एंट्री की और पहली बार विधायक बने। साल 2004 का भिवानी का लोकसभा चुनाव ऐतिहासिक था।

हरियाणा की सियासत में लालों की परम्परा के वाहक रहे देवीलाल, भजनलाल एवं बंसीलाल के घरानों की पौध इस चुनाव में आमने-सामने थी। इस चुनाव में चौधरी देवीलाल के पौते अजय सिंह चौटाला और चौधरी बंसीलाल के बेटे सुरेंद्र सिंह मैदान में थे। 36 बरस के कुलदीप ने करीब 2 लाख 90 हजार वोट लेते हुए सुरेंद्र सिंह को करीब 58 हजार वोटों के अंतर से पराजित किया और पहली बार सांसद बने।

वर्ष 1987 में लोकदल की लहर के बीच चौधरी भजनलाल की पत्नी जसमा देवी आदमपुर से विधायक चुनी गई थीं। आदमपुर उपचुनाव के जरिए कुलदीप बिश्नोई पहली बार साल 1968 में जबकि पत्नि रेणूका बिश्नोई 2011 में हरियाणा विधानसभा की सदस्य बनीं। इसी तरह 2008 के उपचुनाव में चौधरी भजनलाल ने जीत दर्ज की थी।

अधिकारिक तौर पर तो आदमपुर उप चुनाव भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई व कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश के बीच लड़ा गया मगर चुनावी मैदान व सभाओं में मुकाबला कुलदीप बिश्नाई व कांग्रेस के बीच बना हुआ था। सभाओं में प्रत्याशी भव्य बिश्नोई से कहीं ज्यादा कुलदीप बिश्नोई के नाम का राग अलाप सुनने को मिल रहा था।

सियासत के जानकारों की मानें तो भाजना ने अपना चुनाव चिन्ह कमल अवश्य भव्य बिश्नोई को थमा दिया मगर चुनावी दंगल में मुखर होकर जंग कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई व भव्य बिश्नोई ने ही लड़ी ओर अपने परिवार के सियासी तिलस्म को बचाने में कमयाब रहे।

आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के परिणाम में एक साथ कई रिकॉर्ड बने हैं। पहला यह कि चौधरी भजनलाल परिवार ने इस सीट पर लगातार 15वीं बार जीत दर्ज की है। दूसरा आदमपुर सीट पर भजनलाल के बाद उनकी पत्नी जसमां देवी, बेटा कुलदीप बिश्रोई और पुत्रवधू रेणूका बिश्रोई के बाद अब पौता भव्य विधायक बना है।

तीसरा हरियाणा के इतिहास में एक ही परिवार से कोई चौथा सदस्य उपचुनाव जीतकर पहली बार हरियाणा विधानसभा में पहुंचा। 1993 में चंद्रमोहन कालका से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक चुने गए। 1998 में कुलदीप बिश्रोई आदमपुर से उपचुनाव जीतकर विधायक बने तो 2011 में रेणूका बिश्रोई ने आदमपुर में उपचुनाव जीतकर विधायक बनने में सफलता हासिल की।

हरियाणा में इससे पहले एक परिवार से चौधरी देवीलाल के भाई साहिबराम, ओमप्रकाश चौटाला और अभय चौटाला भी पहली बार उपचुनाव जीतकर विधायक बने हैं। जयप्रकाश जेपी भजनलाल के बाद कुलदीप बिश्नोई और अब भव्य से चुनाव हारे हैं। यह पांचवां रिकार्ड है कि आदमपुर के अब तक के राजनीतिक इतिहास में पहली बार इस सीट पर कमल खिला है।

देवीलाल परिवार के बाद भजनलाल परिवार ने सबसे अधिक उपचुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। खुद देवीलाल 1959 में सिरसा, 1974 में रोड़ी, 1985 में महम से तो ओमप्रकाश चौटाला 1970 में ऐलनाबाद, 1990 में दड़बा, 1993 में नरवाना से उपचुनाव जीते। इसी तरह से अभय सिंह चौटाला वर्ष 2000 में रोड़ी, 2010 और 2021 में ऐलनाबाद से उपचुनाव जीतकर विधायक चुने गए।

इसी तरह से चौधरी भजनलाल 2008 में आदमपुर से उपचुनाव जीते। उनसे पहले 1993 में चंद्रमोहन कालका से, 1998 में कुलदीप आदमपुर से, 2011 में रेणूका आदमपुर से और अब भव्य आदमपुर से उपचुनाव में विजयी हुए हैं। एक अन्य लाल परिवार बंसीलाल घराने से बंसीलाल 1986 में तोशाम से तो उनकी पुत्रवधु किरण चौधरी 2005 में तोशाम से ही उपचुनाव जीत चुकी हैं।

वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में चार उपचुनाव हो चुके हैं। भाजपा के पहले शासनकाल में जनवरी 2019 में जींद में उप चुनाव हुआ। जींद की सीट इनैलो के विधायक हरिचंद मिढ़ा के निधन के बाद रिक्त हुई थी। जींद उपचुनाव में भाजपा ने मिढा़ के बेटे डा. कृष्ण मिढ़ा को टिकट दी और भाजपा ने यह उपचुनाव जीता।

इसके बाद कांग्रेस के विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन के बाद बरौदा सीट पर नवंबर 2020 में उपचुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस के इंदुराज नरवाल को जीत मिली। इसी तरह से जनवरी 2021 में अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद सीट से किसान आदोंलन के समर्थन में त्यागपत्र दिया।

अक्तूबर 2021 में ऐलनाबाद में हुए उपचुनाव में अभय ने फिर जीत दर्ज की। अब कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस को तिलांजली देने के बाद खाली हुई सीट पर उप चुनाव हुआ तो उनके बेटे भव्य बिश्नोई ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लडक़र जीत दर्ज की है।

शिवसेना नेता सुधीर सूरी का अंतिम संस्कार, अंतिम यात्रा में उमड़ा सैलाब

अमृतसर। पंजाब में शिव सेना के दिवंगत नेता सुधीर सूरी का रविवार को यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर प्रशासन और पुलिस के बड़े अधिकारी, भारी पुलिस बल, दिवंगत नेता के परिजन और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

इससे पहले परिवार ने शनिवार को सरकार के सामने कुछ मांगे रखी थीं और इनके माने जाने तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़ गए थे। परिवार ने खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई, परिवार के लिए सुरक्षा और सरकारी नौकरी, हत्या की सीबीआई जांच, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई और दिवंगत सुधीर सूरी को शहीद का दर्जा देन की मांग की थी।

इस पर अमृतसर के पुलिस उपायुक्त हरप्रीत सिंह सूदन और पुलिस आयुक्त अरुण पाल सिंह ने सुधीर सूरी के परिजनों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। परिवार को सुरक्षा कवर और परिवार के एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी का आश्वासन दिया गया है। अन्य मांगों पर विचार के लिए सरकार को भेजने के आश्वासन के बाद ही परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ।

गत चार नवंबर को सूरी पर उस समय जानलेवा हमला हुआ था जब वह मजीठा रोड स्थित गोपाल मंदिर के बाहर अपने साथियों के साथ धरने पर बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां पुलिस और बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की मौजूदगी होने के बावजूद भीड़ में से एक व्यक्ति ने निकल कर सूरी पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।

शिवसेना नेता इस हमले में गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम में सामने आया कि सूरी को चार गोलियां लगीं थीं। इनमें से तीन शरीर से बरामद की गईं जबकि चौथी गोली कंधे से आर पार हो गई थी। पोस्टमार्टम में गोली लगने और अंदरूनी अंगों के क्षतिग्रस्त होना मौत का कारण बताया गया है।

पुलिस ने बाद में हमलावर संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया था जो अब अदालत से सात दिन के पुलिस रिमांड पर है। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने हत्यारोपी संदीप को कानूनी सहायता मुहैया कराने हेतु दस लाख रुपए मुहैया कराने का ऐलान किया है। वहीं हिंदू संगठनों ने इस हत्याकांड के विरोध में शनिवार को पंजाब बंद भी रखा था।

ज़िम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, इंग्लैंड से होगा सामना

मेलबर्न। सूर्यकुमार यादव (61 नाबाद) के विस्फोटक अर्द्धशतक के बाद रविचंद्रन अश्विन (22/3) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को टी20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 मुकाबले में ज़िम्बाब्वे को 71 रन से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भारत ने ग्रुप-2 के आखिरी मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ज़िम्बाब्वे को 187 रन का लक्ष्य दिया, जिसके जवाब में जि़म्बाब्वे 115 रन पर ऑलआउट हो गई।

सूर्यकुमार ने एक बार फिर अपनी 360 डिग्री बल्लेबाजी से विपक्षी टीम को पस्त किया। उन्होंने अपनी अर्द्धशतकीय पारी में 25 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की बदौलत 61 रन बनाए और भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

ज़िम्बाब्वे ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 36 रन पर ही अपनी आधी टीम गंवा दी। रायन बर्ल (35) और सिकंदर रज़ा (34) ने ज़िम्बाब्वे के लिए संघर्ष किया लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हुआ।

भारत ने सुपर-12 के पांच मैचों में आठ पॉइंट हासिल करके अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। सेमीफाइनल में रोहित शर्मा की टीम का सामना इंग्लैंड से होगा। ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम पाकिस्तान को न्यूजीलैंड से मुकाबला करना है।

भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और कप्तान रोहित शर्मा (15) का विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद पावरप्ले में 46 रन जोड़ लिए। राहुल और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। कोहली 25 गेंदों पर 26 रन ही बना सके, लेकिन राहुल ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा अर्द्धशतक जड़ते हुए 35 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 51 रन की पारी खेली। टी20 विश्व कप 2022 में अपना पहला मैच खेल रहे ऋषभ पंत तीन रन बनाकर रायन बर्ल के दर्शनीय कैच की भेंट चढ़ गए।

ज़िम्बाब्वे ने मध्य ओवरों में कोहली, राहुल और पंत का विकेट लेकर मैच में वापसी करनी चाही लेकिन सूर्यकुमार ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विपक्षी टीम को असहाय कर दिया। सूर्यकुमार ने एक और तेज अर्द्धशतक जमाते हुए 25 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की बदौलत नाबाद 61 रन बनाए। वह पाकिस्तान के मोहम्मद रिज़वान (2021) के बाद एक साल में 1000 से ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए।

सूर्यकुमार की बदौलत भारत ने आखिरी पांच ओवरों में 79 रन जोड़े और 20 ओवरों में 186/5 का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ज़िम्बाब्वे की आधी टीम 36 रन पर ही पवेलियन लौट गयी। भुवनेश्वर कुमार ने पहला ओवर मेडेन फेंकते हुए वेस्ले माधेवेरे को आउट किया जबकि अर्शदीप सिंह ने रेजिस चकाब्वा को शून्य रन पर बोल्ड किया। हार्दिक पांड्या ने अपनी ही गेंद पर क्रेग इर्विन (13) का कैच पकड़ा जबकि मोहम्मद शमी ने शॉन विलियम्स और टेनी मुन्योंगा को आउट किया।

रज़ा और बर्ल ने हालांकि शेवरन्स के लिए संघर्ष किया और छठे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। बर्ल ने 22 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाकर 35 रन बनाए जबकि रज़ा ने 24 गेंदों पर तीन चौकों के साथ 34 रन की पारी खेली।

दोनों बल्लेबाजों ने ज़िम्बाब्वे की पारी को संभाल लिया था लेकिन बड़े लक्ष्य का दबाव बहुत ज्यादा था। अश्विन ने पारी के 14वें ओवर में बर्ल को आउट करने के बाद वेलिंगटन मसाकादज़ा और रिचर्ड नगारवा को पवेलियन भेज दिया। विशाल लक्ष्य के दबाव में रज़ा भी हार्दिक पांड्या की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में आउट हो गए। पारी के 18वें ओवर में टेंडाई चटारा का विकेट गिरने के साथ ज़िम्बाब्वे की पारी समाप्त हुई और भारत ने यह मैच 71 रन से जीत लिया।

इस जीत के साथ भारत ग्रुप-2 की अंक तालिका में शीर्ष पर रहा, जबकि दूसरे स्थान पर रहकर पाकिस्तान ने भी सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई किया।

यौन उत्पीड़न के आरोप में श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुनतिलका अरेस्ट

सिडनी। श्रीलंकाई बल्लेबाज दनुष्का गुनतिलका को ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स प्रांत की राजधानी सिडनी में एक 29 वर्षीय महिला के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है।

न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने यहां जारी बयान में कहा कि गुनतिलका और महिला के बीच कई दिनों तक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर बातचीत के बाद दोनों की मुलाकात हुई थी। गुनतिलका पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार दो नवंबर को रोज़ बे उपनगर के एक निवास में महिला का यौन उत्पीड़न किया।

बयान में कहा गया कि विशेषज्ञ पुलिस ने इस मामले में कल रोज बे के एक निवास पर एक अपराध स्थल की पड़ताल की। पूछताछ के बाद गुनतिलका (31) को सिडनी के ससेक्स स्ट्रीट के एक होटल में देर रात एक बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि उन्हें सिडनी सिटी पुलिस स्टेशन ले जाया गया और उन पर सहमति के बिना यौन उत्पीड़न के चार मामले दर्ज किए गए।

इसी बीच, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने खबर सार्वजनिक होने के बाद रविवार सुबह जारी किए गए बयान में कहा कि श्रीलंका क्रिकेट पुष्टि करता है कि आईसीसी द्वारा सूचित किया गया था कि सिडनी में एक महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में खिलाड़ी दनुष्का गुनतिलका को गिरफ्तार कर लिया गया है, और उसे सात नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।

बयान में कहा गया कि एसएलसी अदालत में कार्यवाही की बारीकी से निगरानी करेगा और आईसीसी के परामर्श से मामले की पूरी तरह से जांच शुरू करेगा। दोषी पाए जाने पर खिलाड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गुनतिलका हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पहले दौर के दौरान टी20 विश्व कप से बाहर हो गए थे, हालांकि वह टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में ही बने रहे। उन्होंने नवंबर 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से श्रीलंका के लिए आठ टेस्ट, 47 एकदिवसीय और 46 टी20 मैच खेले हैं।

त्रिपुरा में नशे के आदी नाबालिग ने की मां, बहन और दादा समेत 4 की हत्या

अगरतला। त्रिपुरा पुलिस ने रविवार सुबह हलाहाली मार्केट से नशे के आदि एक नाबालिग को अपनी मां, बहन और दादा सहित चार लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग को धलाई जिले में कमालपुर के दुराई शिब्बारी क्षेत्र में शनिवार रात अपने परिजनों की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी की पहचान 17 वर्षीय सुप्रिय देबनाथ के रूप में हुई है, जिसने प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस के सामने अपराध कबूल किया है। आरोपी को दो साल से नशा करने की लत लगी है और वह टेलीविजन पर विभिन्न आपराधिक धारावाहिक देखा करता है।

पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान आरोपी के दादा बादल देबनाथ (70) मां सुमिता देबनाथ (40) बहन सुर्पणा देबनाथ (10) और पड़ोसी रेखा देब (45) के रूप में की गई है।

आरोपी के पिता हरधन देबनाथ ने इस घटना की जानकारी पुलिस को देर रात दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह लगभग 11 बजे घर लौटा और कमरे और आंगन के अंदर दरवाजे खुले और कई खून के निशान मिले। पड़ोसियों के साथ तलाशी लेने पर मेरे पिता, पत्नी, बेटी और पड़ोसी के शव खून से लथपथ मिले और मेरा बेटा गायब था।

धलाई पुलिस अधीक्षक रमेश यादव ने कहा कि हरधन ने देर रात कमालपुर थाने में फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद हम सभी मौके पर पहुंचे और शवों को बरामद कर अस्पताल भिजवाया। सुप्रिय सुबह हलाहली बाजार में नशे में बेहद खराब हालत में मिला।