Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 504 -
होम ब्लॉग पेज 504

बिहार उप चुनाव : मोकामा से राजद की नीलम देवी, गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी जीती

पटना। बिहार में मोकामा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल की नीलम देवी वहीं गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की कुसुम देवी उप चुनाव जीत गई हैं।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मोकामा और गोपालगंज विधानसभा उप चुनाव के अंतिम नतीजे की औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी है लेकिन मोकामा में मतगणना के अंतिम चक्र की समाप्ति के बाद राजद की नीलम देवी भाजपा की सोनम देवी से 16 हजार 420 मत से आगे हैं।

वहीं, गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला कांटे का रहा। मतगणना के किसी चक्र में कभी भाजपा तो कभी राजद के उम्मीदवार आगे हो जाते थे लेकिन अंतिम चक्र मतगणना की समाप्ति के बाद भाजपा की कुसुम देवी ने राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता को 2183 मतों के अंतर से पराजित कर दिया है।

दोनों सीटों पर हुए इस उपचुनाव में राजद और भाजपा ने अपनी-अपनी सीटों को बरकरार रखा है। वर्ष 2020 में हुए चुनाव में गोपालगंज से भाजपा के सुभाष सिंह और मोकामा से राजद के अनंत सिंह निर्वाचित हुए थे लेकिन इस वर्ष सुभाष सिंह की असमय मृत्यु होने और अनंत सिंह के सजायाफ्ता होने के कारण सीट रिक्त हो गई, जिसके कारण इन सीटों पर उपचुनाव कराया गया। कुसुम देवी स्व. सुभाष सिंह की और नीलम देवी बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी हैं।

टी20 विश्व कप: बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा पाकिस्तान

एडिलेड। शाहीन शाह अफरीदी (22/4) की शानदार गेंदबाजी और मोहम्मद हारिस के विस्फोटक 31 रनों की बदौलत पाकिस्तान ने रविवार को टी20 विश्व कप 2022 के सुपर-12 मुकाबले में बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

बांग्लादेश ने ग्रुप-2 के मैच में पाकिस्तान को 128 रन का लक्ष्य दिया, जिसे पाकिस्तान ने 11 गेंदें रहते हुए हासिल कर लिया। दिन के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड के हाथों मिली हार के बाद यह मैच मूल रूप से क्वार्टरफाइनल बन गया था और इसे जीतने वाली टीम का सेमीफाइनल में जाना तय था।

शाहीन ने इस महत्वपूर्ण मैच में अपनी लय हासिल करते हुए केवल 22 रन देकर चार विकेट लिये और बांग्लादेश को 127 रन पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए जब हारिस बल्लेबाजी करने आए तो पाकिस्तान को 52 गेंदों पर 67 रनों की आवश्यकता थी। हारिस ने 18 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों के साथ 31 रन बनाकर अपनी टीम के लिये सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता आसान कर दिया।

पाकिस्तान इस जीत के साथ भारत के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली ग्रुप-2 की दूसरी टीम बन गई है। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और लिटन दास (10) का विकेट जल्दी गंवाने के साथ पारी को सहजता के साथ आगे बढ़ाया। नजमुल हसन शान्तो और सौम्य सरकार ने दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की।

शान्तो ने 48 गेंदों पर सात चौकों के साथ 54 रन बनाए जबकि सौम्य सरकार ने 17 गेंदों पर 20 रन का योगदान दिया। शान्तो-सौम्य इस साझेदारी के साथ बंगलादेश को बड़े स्कोर की ओर लेकर बढ़ रहे थे, लेकिन शादाब ने 11वें ओवर में सौम्य और कप्तान शाकिब अल-हसन को आउट करके मैच का रुख बदल दिया।

यहां से बांग्लादेश के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। अफीफ हुसैन ने हालांकि 20 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए, लेकिन मध्यक्रम के अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और बांग्लादेश 127/8 के स्कोर पर सीमित रह गई।

शाहीन ने चार ओवर में सिर्फ 22 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि शादाब ने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। हारिस रऊफ और इफ्तिखार अहमद ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने 128 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 63 गेंदे खेलकर 57 रनों की साझेदारी बनाई। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों की अच्छी साझेदारी से उसकी मैच में मजबूत स्थिति बन गई। बाबर आज़म ने टूर्नामेंट में पहली बार दहाई का आंकड़ा पार करते हुए 33 गेंदों पर 25 रन बनाए, जबकि मोहम्मद रिज़वान ने 32 गेंदों पर 32 रन का योगदान दिया।

अपना दूसरा टी20 मैच खेल रहे हारिस ने टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज के आउट होने पर पारी को संभाला। उन्होंने मोहम्मद नवाज़ (04) के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की, जबकि शान मसूद (24 नाबाद) के साथ चौथे विकेट के लिए 29 रन जोड़े। शाकिब अल-हसन ने 17वें ओवर में हारिस को पवेलियन भेज दिया, जिसके बाद शान ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर विजयी रन बनाकर पाकिस्तान को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया।

अब ग्रुप-2 से भारत और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, दोनों टीमें सेमीफाइनल में किस टीम से सामना करेंगी यह भारत और ज़िम्बाब्वे के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्धारित करता है।

राहुल गांधी, अन्य के खिलाफ KGF-2 संगीत का उपयोग करने पर प्राथमिकी

बेंगलूरु। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और दो अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ कर्नाटक में पार्टी के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो में केजीएफ-2 के संगीत का अवैध रूप से इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

एमआरटी म्यूजिक के एम नवीन कुमार ने शुक्रवार को राहुल गांधी, जयराम रमेश और सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ कर्नाटक के यशवंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिले पूरे वीडियो में दो गाने ‘फलक तू गरज तू’ और ‘सुल्तान’ का इस्तेमाल किया।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से कांग्रेस पार्टी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फर्जी वीडियो को कानून के अनुसार हटाने की प्रार्थना की। कुमार ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि कांग्रेस के वंशज ने अपनी वीरता दिखाने वाले वीडियो बनाए और उन्हें एक जन नेता के रूप में चित्रित किया।

शिकायतकर्ता ने कहा कि वास्तव में, इन वीडियो ने कांग्रेस के वंशज को व्यापक अपील और स्वीकृति हासिल करने में मदद की है क्योंकि वे कथित रुप से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।

कुमार ने कहा कि जयराम रमेश के सोशल मीडिया हैंडल की प्रभारी सुप्रिया ने अवैध रूप से और गैरकानूनी रूप से फिल्म केजीएफ -2 की ध्वनि रिकॉर्डिंग और ऑडियो वीडियो सामग्री को सिंक्रनाइज़ किया है, जबकि उसके स्वामित्व उसके पास है। उन्होंने कहा कि कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत उपरोक्त काम एक गैरकानूनी कार्रवाई है।

कुमार ने कहा कि आरोपी द्वारा उसके कॉपीराइट किए गए काम का अनधिकृत वितरण और उसका अनधिकृत उपयोग कॉपीराइट के मालिक के रूप में उसके लिए विशेष वैधानिक अधिकारों के प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि संगीत कंपनी के कॉपीराइट का इस तरह का अनधिकृत उपयोग और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों का मिथ्याकरण, न केवल विशेष बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि यह भी इंगित करता है कि आरोपी किसी तरह से उसके व्यवसाय से जुड़े हैं।

उज्बेक महिलाएं लापता : दिल्ली सरकार और पुलिस को NHRC का नोटिस

नई दिल्ली। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक आश्रय गृह से पांच उज्बेक महिलाओं के लापता होने की खबर पर दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किए हैं। आयोग ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

आयोग ने अगस्त में दिल्ली पुलिस द्वारा यौन तस्करी के रैकेट से छुड़ाई गई सात उज़्बेक महिलाओं में से पांच के पिछले सप्ताह द्वारका के एक आश्रय गृह से लापता होने की मीडिया रिपोर्टों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए आश्रय गृह के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट के साथ मामले में विस्तृत रिपोर्ट के लिए मुख्य सचिव को एक नोटिस जारी किया।

बयान में कहा गया है कि जांच की स्थिति, लापता उज़्बेक महिलाओं की बरामदगी और दिल्ली और आसपास के स्थानों में चल रहे सेक्स रैकेट के साजिशकर्ताओं का पता लगाने में प्रगति, गिरफ्तारी की स्थिति के बारे में पुलिस आयुक्त से एक रिपोर्ट भी मांगी गई है।

सबगुरु राशिफल : 6 नवम्बर रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, शुक्ल पक्ष, त्रयोदशी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 04.28 बजे बाद बजे बाद चतुर्दशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज व्यस्त दिनचर्या के बावजूद स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आप अपने शरीर को अच्छा कर सकते हैं परन्तु आपको ठंडा खाने से बचना होगा, आप ज्यादा पानी, ताजे फल और सब्जियां लें। समयानुसार व्यायाम करें, टहलें योग भी आपके लिए लाभदायक रहेगा। कोई अच्छी खबर मिल सकती है। नौकरी में अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। नई जिम्मेदारी भी मिलने के योग हैं। आपके काम की गुणवत्ता देखकर आपके वरिष्ठ आपसे प्रभावित होंगे। आज लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का अंत हो सकता है। शुभचिंतकों का हार्दिक सहयोग रहेगा। गिफ्ट मिलने के योग हैं। सांसारिक सुख प्राप्त होगा।

वृषभ :- आज आपको कार्यक्षेत्र में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। कामकाज में मन नहीं लगेगा। पढ़ाई-लिखाई में दिक्कते आएंगी। लंबी यात्रा करने से बचे। जल्दबाजी में निवेश न करें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। ऐसे कामों में सहभागिता करे जिसमें युवा लोग जुड़े हों। जल्दबाजी में लिया गया फैसला नुकसानदायक साबित हो सकता है। घर में मांगलिक कार्यों का आयोजन हो सकता है। धार्मिक कार्यों में रुचि संभव है। रात्रि का कुछ समय परिवार के साथ बिताएं तो अच्छा रहेगा। आर्थिक तंगी से बचने के लिए अपने तयशुदा बजट से दूर न जाएं।

मिथुन :- आज आपको संभलकर चलना होगा। प्यार के मामले में आज आप गलत समझे जा सकते हैं। कामकाज के मोर्चे पर आपको सबसे स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। अपनी शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रसन्नता बनाए रखने के लिए आज आपको कष्ट का अनुभव होगा। मित्रों, सम्बंधियों से लाभ होगा। उनसे भेंट-उपहार मिलने से आनंद होगा। लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं। डाक्टर की सलाह अवश्य लें। दैनिक व्यापार सुखद रहेगा। आज परिवार में शुभ कार्य हो सकते हैं। आसपास के लोगों और उनकी जरूरतों पर ध्यान दें। परिवार और जमीन-जायदाद के मामलों पर भी ध्यान देना जरूरी है। आज स्त्री पक्ष में लाभदायक स्थिति रहेगी।

कर्क :- आज आपका आकर्षक बर्ताव दूसरों का ध्यान आपकी तरफ खींचेगा। जिदगी की ओर एक उदार रवैया अपनाएं। आज आपको कार्य सफलता और प्रतिस्पर्धियों पर विजय मिलने से आपके मन में प्रसन्नता छाई रहेगी। आपको अपने कर्यालय या घर पर थोड़ा तनाव महसूस हो सकता है। संभावना है कि आपके आस-पास के लोग गुस्से में रहें जिसका असर आपके मूड पर भी पड़ सकता है। अपने हालात की शिकायत करने और उसे लेकर दुःखी होने से कुछ हासिल नहीं होने वाला। कार्यों में निर्धारित सफलता नहीं प्राप्त कर सकेंगे। दफ्तर के काम में व्यवधान पड़ने की काफी सम्भावना है।

सिंह :- आज आपके कारोबार की बाधा दूर होकर कार्यसिद्धि होगी। गुस्से की भावना आपको हानि पहुंचा सकती है। बीमार व्यक्ति नई चिकित्सा या ऑपरेशन न कराएं। आपको किसी भी कार्य में सफलता मिलेगी। आज के दिन परिवार के साथ संबंध अच्छा रहेगा। यह समय आपके लिए अच्छा रहेगा। बदनामी न हो इसका ध्यान रखें। आत्मविश्वास से अन्य लोगों का ध्यान अपनी ओर खीचेंगे। व्यापार में तरक्की होगी। लेन-देन में सावधानी बरतें। कम बोलकर वाद-विवाद या मनमुटाव दूर कर सकेंगे। स्वास्थ्य खराब हो सकता है। भाग्य से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। कोई बड़ा मौका भी मिल सकता है।

कन्या :- अगर लोग परेशानियों के साथ आज आपके पास आएँ तो उन्हें नजरअंदाज करें और उन्हें अपनी मानसिक शांति भंग न करने दें। रोमांस के लिए बढ़ाए गए कदम असर नहीं दिखाएंगे। आज आप नई चुनौतियों का सामना हिम्मत से करेंगे। पुरानी उलझने सुलझाने की राह आसान होगी। राजकीय मामले पक्ष में हल होंगे। नए अवसरों की तलाश में भटकने से बेहतर है कि जो आप कर रहें है उसे पूरी लग्न व ईमानदारी से करें। जीवन की किसी भी सफलता को प्राप्त करने के लिए कठिनाईयों के रास्ते से गुजरना ही पड़ेगा। विचारों में सकारात्मकता व आशाजनक प्रवृत्ति रखें।

तुला :- आज आपका बौद्धिक कार्यों से धनार्जन होगा। भौतिक साधनों के प्रति झुकाव अधिक होने से उनमें वृद्धि हो सकती है। किसी भी वजह से अगर आपकी मेहनत कम हो जाए तो उसका असर जिंदगी की कई चीजों पर आ जाता है। हाल की घटनाओं से आपका मन बेचैन हो सकता है। आपके काम आसानी से पूरे होने लगेंगे। आज आप अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। कारोबारी प्रतिस्पर्धा में यदि आगे निकलना है तो विश्लेषण भली-भांति कर लें। आज आपको मित्र वर्ग का सहयोग मिलेगा।

वृश्चिक :- आज भविष्य के लिए अपनी आर्थिक योजना बनाइए और अपनी योजना और लक्ष्य को तय करने का प्रयास करें। कार्य स्थल पर विवाद समाप्त होने से शांति एवं सुख बढ़ेगा। आज रोमांस आपके दिलो-दिमाग पर छाया रहेगा। सावधान रहें, तनावग्रस्त होने की झुल्लाहट आप बेवजह अपने जीवनसाथी पर निकाल सकते हैं। अचानक मिला कोई सुखद संदेश नींद में आपको मीठे सपने देगा। मन में चिंता और व्याकुलता रह सकती है।जीवनसाथी से बिना पूछे योजना ना बनाएं वरना उनकी ओर से नकारात्मक प्रतिक्रिया मिल सकती है।

धनु :- आज दीर्घावधि निवेश से बचिए। नए संबंध स्थापित करने से पहले गंभीरता से विचार करें। अधिक खर्च होने से हाथ तंग रहेगा। नए कार्यों को प्रारंभ न करें और क्रोध पर संयम रखें। ईश्वर की आराधना तथा नाम-स्मरण से लाभ होगा। ऐसे दोस्तों के साथ बाहर जाएं जो आपके हालात और जरूरतों को समझते हैं। महत्वाकांक्षाएं बढ़ेंगी और आपको कुछ नए मौके मिलने की संभावना है। शत्रु भय रहेगा। साझेदारी में किए गए काम आखिरकार फायदेमंद साबित होंगे। लोगों की दखलअंदाजी वैवाहिक जीवन में परेशानी खड़ी कर सकती है। गुस्सा आना स्वाभाविक है।

मकर :- आज आपका अध्यात्म की ओर आपका रुझान बढ़ेगा। इससे आपको खुशी व संतोष मिलेगा। आज आपको अपने विचारों को स्पष्टता से अभिव्यक्त करने की कोशिश करनी चाहिए। परिवार के सदस्यों का आपके जीवन में विशेष महत्व होगा। आप बेमिसाल विचारों से भरे हैं लेकिन ये विचार अपना महत्व खो देंगे। अगर आप उन्हें सही तरह से व्यक्त ना कर पाएं। आज आपका प्रिय आपके साथ में समय बिताने और तोहफ़े की उम्मीद कर सकता है। आज आप दूसरों को मुश्किल समस्याओं से बाहर निकले का रास्ता भी बताएंगे।

कुंभ :- आज किसी पुराने व्यक्ति से मिलने की सम्भावना है और यह व्यक्ति आपके भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आप किसी ऐसे व्यक्ति से भी मिल पाएंगे जिसके विचार आपसे मिलते हों। कारोबार से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यंत शुभ है किसी बड़ी सफलता प्राप्ति के योग बन रहे हैं। कार्यालय में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। मायके से शुभ समाचार मिलने की संभावना अधिक है। मानसिक रूप से भी आप आनंदित रह पाएंगे। आपका स्वास्थ्य आज अच्छा रहेगा। अपनी नई परियोजनाओं के लिए अपने माता-पिता को विश्वास में लेने का सही समय है।

मीन :- आज का दिन अधिकांश समय धार्मिक गतिविधियाँ में जाएगा। आर्थिक मामलों में प्रगति होगी। करियर के लिहाज से आज का दिन आपके लिए कुछ सकारात्मक परिवर्तन लेकर आ सकता है। जल्दी ही बीमारी से उबरने की संभावना है। नौकरी और व्यवसाय में प्रयास से सफलता प्राप्त करेंगे। दाम्पत्य जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है, पर धैर्य से काम लें तो सम्बंधो में मधुरता बनी रहेगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। अपनी व्यक्तिगत भावनाएं और गोपनीय बातें अपने प्रिय से बांटने का सही समय नहीं है।

ट्विटर पूरी दुनिया में झूठ बोल रहा है : जो बाइडेन

वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्विटर पर निशाना साधते हुए कहा है कि हाल ही में अरबपति उद्यमी एलन मस्क की ओर से अधिग्रहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म दुनिया भर में झूठ फैला रहा है।

व्हाइट हाउस के प्रेस पूल के पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर बाइडेन के हवाले से कहा कि अब हम सभी इस बारे में चिंतित हैं। एलन मस्क बाहर जाते हैं और एक ऐसा संगठन खरीदते हैं जो दुनिया भर में झूठ उगलता है। अमरीका में अब कोई संपादक नहीं है। हम कैसे उम्मीद करते हैं कि बच्चे यह समझने में सक्षम होंगे कि क्या दांव पर है?

मस्क ने आखिरकार पिछले हफ्ते ट्विटर का अधिग्रहण करने के लिए 44 अरब डॉलर का सौदा किया। इत्तेफाक से यह निर्धारित करने के लिए कि अमरीकी कांग्रेस को कौन नियंत्रित करता है गत आठ नवंबर के मध्यावधि में मतदाताओं के मतदान से कुछ समय पहले यह सौदा हुआ था।

मस्क के मुताबिक ट्विटर में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन कंपनी के पास फिलहाल कर्मचारियों को बर्खास्त करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है क्योंकि वह पैसे गंवा रही है।

मस्क के अधिग्रहण के बाद बड़े पैमाने पर छंटनी की पर्याप्त सूचना प्रदान करने में कथित रूप से विफल रहने के लिए पांच वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों ने गुरुवार को सोशल मीडिया कंपनी के खिलाफ एक ‘क्लास एक्शन’ का मुकदमा दायर किया।

अमरीकी अरबपति ने यह भी कहा कि मंच को मॉडरेट करने के लिए ‘व्यापक रूप से विविध दृष्टिकोणों के साथ’ एक विशेष परिषद की स्थापना की जाएगी।

ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने बड़ी छंटनी का किया बचाव

नेपाली अभिनेत्री आंचल शर्मा की भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में होगी एंट्री!

मुंबई। नेपाली सिनेमा का भारतीय सिनेमा के साथ दशकों से गहरा नाता रहा है। भारतीय सिने निर्माताओं को नेपाल के आउटडोर ने शूटिंग शिड्यूल के लिए आकर्षित किया है, खासकर नेपाल की तारिकाओं को भी भारतीय सिनेमा इंडस्ट्री खूब भाई है।

माला सिन्हा और मनीषा कोइराला ने जिस तरह से भारतीय सिनेमा खासकर बॉलीवुड पर राज किया है, उसने समकालीन भारतीय अभिनेत्रियों की भी नींद उड़ा दी थी। इसी कड़ी में एक और नाम जुडऩे जा रहा है। इस बार नेपाली सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आंचल शर्मा भारतीय सिनेमा में अपनी किस्मत आजमाने जा रही है।

आंचल को भारतीय सिनेमा में ब्रेक दे रही हैं शिप्रा मिश्रा। आंचल उनकी एक तेलुगु फिल्म हिटमैन में मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं। एयरफोर्स परिवार से आने वाली शिप्रा सिनेमा में अपना करियर देख रही हैं और एक अलग पृष्ठभूमि से आने के बावजूद फिल्म उद्योग में अपने लिए संभावनाएं तलाश रही हैं।

शिप्रा के लिए हालांकि सिनेमा अब नई फील्ड नहीं है। उनके पास छोटे पर्दे के लिए लेखक के रूप में काम करने का अनुभव है और डिजिटल मीडिया कंपनी में भी कंटेंट हैड की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। शिप्रा के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो एक और तेलुगु फ़िल्म पर काम कर रही हैं। यह साई फाई फ़िल्म है, जिसमे वीएफएक्स का जबरदस्त इस्तेमाल देखने को मिलेगा।

इसके अलावा बंगाल की पृष्ठभूमि पर एक राजनीति बेस्ड फ़िल्म पर भी शिप्रा काम कर रही हैं। शिप्रा ने बताया कि इसके अलावा कुछ और प्रोजेक्ट्स पर भी बात चल रही है। फिलहाल उन्हें हिटमैन से बड़ी उम्मीद है। आंचल को भरोसा है कि हिटमैन के बाद भारतीय सिनेमा में उनकी पारी भी हिट होगी और बरास्ता क्षेत्रीय सिनेमा आंचल हिंदी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगी।

वैसे भी मनीषा कोइराला के बाद नेपाल से कोई बड़ा चेहरा हिंदी सिनेमा को नहीं मिला है। ऐसे में आंचल बॉलीवुड में क्लिक हो सकती हैं। साथ ही मूल नेपाल से भारत में जन्मेे अभिनेता विष्णु अधिकारी को भी हिटमैन से बड़ी उम्मीद होगी, जो आंचल के पेरेलल रोल कर रहे हैं।

फिल्म की कहानी की बात करें तो यह एक स्पाई थ्रिलर है जो अंत तक सस्पेंस को बनाए रखती है। बीते कुछ वक्त से दक्षिण भारतीय फिल्मों को पैन इंडिया सक्सेस मिल रही हे। ऐसे में स्पाई, सस्पेंस और फैंटेसी की जुगलबंदी फिल्म को कामयाबी दिला पाती है या नहीं यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन आंचल और शिप्रा को फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। शिप्रा के मुताबिक जनवरी 2023 से पहले फिल्म को रिलीज कर लिया जाएगा।

कोटा के महावीर नगर विस्तार योजना में तेंदुआ आने से दहशत

कोटा। राजस्थान में कोटा के सघन आबादी क्षेत्र महावीर नगर विस्तार योजना में आज तड़के एक तेंदुए के आ जाने से दहशत फ़ैल गई।

इस तेंदुए ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को जख्मी कर दिया, जिनका इलाज किया जा रहा है। बाद में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज को तेंदुए को बेहोश किया और उसे कोटा में अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में ले जाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे महावीर नगर विस्तार योजना के आबादी क्षैत्र में एक तेंदुआ घूमते हुए देखा गया था। सबसे पहले यह इस इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ही मयंक मीणा के घर में घुस गया और उनके मकान की छत पर चढ़ गया। बाद में वहां से वह से पास ही में रहने वाले रामविलास के घर में घुसकर छत पर पहुंच गया।

करीब सात बजे वह जब वे वापस लौटे और पक्षियों को चुगा डालने के लिए अपने मकान की छत पर गए तो वहां तेंदुआ दिखाई दिया जिसने उन पर हमला कर घायल कर दिया और वहां से भाग निकला। इसके बाद यह एक अन्य व्यक्ति हरी शंकर के मकान की छत पर चढ़ गया। उसके कारण छत पर हुई आवाज सुनने के बाद हरि शंकर यह समझ कर कि बंदर आ गए हैं, छत पर गए तो यह तेंदुआ दिखाई दिया और उसने इन पर भी हमला कर दिया।

वहां से भागकर यह तेंदुआ नजदीकी रहने वाले गिरजा शंकर महावर के घर में घुस गया और रसोई घर में जाकर छुप कर बैठ गया। इस तेंदुए को देखकर गिरजा शंकर और उनकी पत्नी उषा दहशत में आ गए और डर के मार खुद को एक कमरे में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

सूचना मिलने पर कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक संदीप शर्मा सहित कुछ राजनेता मौके पर पहुंचे और उन्होंने महावीर नगर विस्तार क्षेत्र में तेंदुए के बारे में वन विभाग को सूचना दी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ट्रेंकुलाइजर गन लेकर मौके पर पहुंची और जिस घर में तेंदुआ घुसा हुआ था, वहां उसे दोपहर में करीब 12 बजे ट्रेंकुलाइज किया और अपने साथ अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में ले गए।

मोरबी पुल गुजरात सरकार के भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष उदाहरण : गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा है कि मोरबी पुल गुजरात की भारतीय जनता पार्टी सरकार के भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

गहलोत ने आज सोशल मीडिया के माध्यम से एक खबर साझा करते हुए कहा कि मोरबी पुल हादसे की शुरुआती जांच से पता चला है कि दो करोड़ रुपए में से सिर्फ 12 लाख रुपए यानी सिर्फ छह प्रतिशत राशि ही पुल के रख रखाव पर खर्च हुई। यह गुजरात की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष उदाहरण है। ऐसी भ्रष्ट सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूरी पार्टी की मांग है कि जब तक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में इस घटना की न्यायिक जांच नहीं होगी तो इतने बड़े स्तर के सरकारी भ्रष्टाचार की सच्चाई बाहर आना संभव नहीं है। उल्लेखनीय है कि गत 30 अक्टूबर की शाम को गुजरात में मच्छु नदी पर बने कैबल पुल के गिरने से करीब 135 लोगों की मौत हो गई।

पुष्कर मेला 2022 : शाही स्नान की तैयारियां शुरू

0

पुष्कर। अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में होने वाले शाही स्नान की तैयारियाँ ज़ोरों से की जा रही हैं। यह जानकारी देते हुए सैन भक्ति पीठ के संस्थापक पीठाधीश्वर सैनाचार्य स्वामी अंचलानन्दाचार्य ने बताया कि सभी धर्मावलम्बियों, मंदिर, मठों के संतों महन्तों को आमंत्रित कर सभी पुष्करवासियों, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से शोभायात्रा के साथ पवित्र पुष्कर सरोवर में शाही स्नान किया जाएगा।

भक्ति पीठ के प्रवक्ता हरिप्रसाद पाराशर ने बताया कि शाही स्नान के लिए सभी संत-महन्त सैन भक्ति पीठ पर एकत्रित होकर श्रद्धालुओं, भक्तों के साथ बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा संन्यास आश्रम, रामधाम, गायत्री शक्ति पीठ, गुरुद्वारा होते हुए सप्तर्षि घाट पर सरोवर में स्नान करेंगे।

शाही स्नान के लिए सभी मंदिर, आश्रमों, मठों, सामाजिक संगठनों को न्यौता भिजवाना शुरू कर दिया। शाही स्नान के लिए सैन भक्ति पीठ में भक्तगण महाराष्ट्र, पंजाब, मध्यप्रदेश, हरियाणा के अलावा राजस्थान के दूरदराज़ क्षेत्रों से आना शुरू हो गए हैं।

प्रवक्ता पाराशर ने बताया कि संत महात्माओं का यह 17वां शाही स्नान होगा, जो पूजा अर्चना के साथ ब्रहचौहदस को किया जाएगा। शाही स्नान हेतु पुष्कर में आम लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है। सभी संतों द्वारा कुलगुरु शंकराचार्य पद्धति से तीर्थ पुरोहितों पंडित पुरुषोत्तम नन्दकिशोर भूमिया द्वारा करवाई जाएगी।