Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 506 -
होम ब्लॉग पेज 506

सतर्कता जागरूकता सप्ताह : निबंध व वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

0

अजमेर। रेलवे मंड़ल कार्यालय में 31 अक्टूबर से 6 नवंबर तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को भ्रष्टाचार मुक्त भारत विकसित भारत विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।

मंड़ल कार्यालय अजमेर के सभा कक्ष में रेल कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता हुई। इसी तरह राजकीय महिला महाविद्यालय में अन्‍तर महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 3 महाविद्यालयों राजकीय महिला महाविद्यालय, सोफिया गर्ल्‍स कॉलेज, सम्राट पृथ्‍वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के छात्र–छात्राओ ने भाग लिया।

रेल अधिकारियों एवं राजकीय महिला महाविद्यालय अजमेर की प्राचार्या मंजुला शर्मा सहित व्‍याख्‍याताओं व छात्राओं की उपस्थिति में प्रतियोगिता सम्‍पन्‍न हुई। इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंड़ल में वरिष्ठ मंड़ल कार्मिक अधिकारी हेमन्‍त सुलानिया, मंडल सुरक्षा आयुक्‍त अमिताभ, राजकीय महिला महाविद्यालय सहप्राचार्या अल्‍का पंवार शामिल रहीं।

प्रतियोगिता में सम्राट पृथ्‍वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय की छात्रा प्रियंका भटट प्रथम, सम्राट पृथ्‍वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय की छात्राएं क्रमश: हर्षिता एवं शाम्‍भवी शर्मा द्वितीय एवं तृतीय स्‍थान पर रहीं। विजेताओं को महाविद्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया गया।

पुष्कर मेला 2022 : आध्यात्मिक यात्रा में झलकी सनातन संस्कृति

अजमेर। अन्तरराष्ट्रीय श्री पुष्कर मेला 2022 के तहत शुक्रवार को कार्तिक एकादशी पर मेला क्षेत्र में आध्यात्मिक पदयात्रा निकाली गई। साथ ही प्रबोधिनी एकादशी होने से पंचतीर्थ स्नान भी शुरू हो गया। मेले में खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का रंग भी खूब जमा।

अन्तरराष्ट्रीय श्री पुष्कर पशु मेले में कार्तिक मास में पड़ने वाले प्रबोधिनी एकादशी का बड़ा महत्व है। शुक्रवार को एकादशी होने के साथ ही पवित्र पुष्कर सरोवर में पंचतीर्थ स्नान शुरू हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान सरोवर के किनारों पर जीवन रक्षक के रूप में एसडीआरएफ के जवान तैनात रहे।

एकादशी के दिन ही पुष्कर मेला क्षेत्र में आध्यात्मिक पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा मेले में विभिन्न स्थानों से निकली। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत, स्थानीय निवासी, मेले में आए श्रद्धालु शामिल हुए। शाम को भजन संध्या एवं महाआरती का आयोजन किया गया।

दूसरी ओर मेला ग्राउण्ड में भी देशी-विदेशी पर्यटकों की खासी चहल-पहल रही। ग्राउण्ड में ग्रामीणों के विभिन्न खलों का आयोजन किया गया, जिसे देखने सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उपस्थित रहे। विकास प्रदर्शनी में भी पर्यटकों ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को नजदीक से देखा और जाना।

मैं भी चिरंजीवी सेल्फी का क्रेज

मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना में सेल्फी पॉइंट लगाए गए हैं। देशी और विदेशी पर्यटकों में इन सेल्फी पॉइंट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चित्र के साथ सेल्फी लेने का क्रेज देखा गया।

तुलसी विवाह मनाने की पद्धति और विशेषताएं

0

इस वर्ष तुलसी विवाह की कार्तिक शुक्ल द्वादशी (5 नवंबर) से कार्तिक पूर्णिमा (8 नवंबर) तक है। इस दिन से शुभ दिवस का अर्थात मुहूर्त के दिनों का आरंभ होता है। ऐसा माना जाता है कि, ‘यह विवाह भारतीय संस्कृति का आदर्श दर्शाने वाला विवाह है। इस पूजन से पूर्व घर के आंगन में गोबर-मिश्रित पानी छींटा जाता है। तुलसी कुंड को श्वेत रंग से रंगना चाहिए। श्वेत रंग के माध्यम से ईश्वर की ओर से शक्ति आकर्षित की जाती है। तुलसी के आस-पास सात्त्विक रंगोली बनाई जाती है तथा उसकी जड़ों पर इमली और आंवला रखा जाता है। यह विवाह शाम को किया जाता है। उसके उपरांत उसकी भावपूर्ण पूजा की जाती है। पूजा करते समय पश्चिम की ओर मुख कर बैठना चाहिए।

इस दिन पृथ्वी पर अधिक मात्रा में श्रीकृष्ण तत्त्व कार्यरत रहता है। तुलसी के पौधे से भी अधिक मात्रा में श्रीकृष्ण तत्त्व कार्यरत होता है। इसलिए इस दिन श्रीकृष्ण का नामजप करने से अधिक लाभ होता है। पूजा होने के उपरांत वातावरण अत्यंत सात्त्विक हो जाता है। उस समय भी श्रीकृष्ण का नामजप करना चाहिए। तुलसी अत्यधिक सात्त्विक होती है अत: उसमें ईश्वर की शक्ति अधिक मात्रा में आकर्षित होती है। तुलसी के पत्ते जल में डालने से जल शुद्ध एवं सात्त्विक होता है और उसमें ईश्वरीय शक्ति कार्यरत होती है। उस जल से जीव की प्रत्येक पेशी में ईश्वरीय शक्ति कार्यरत होती है।

तुलसी विवाह के बाद चातुर्मास में लिए गए सभी व्रतों की समाप्ति करते है। चातुर्मास में वर्जित भोजन ब्राह्मणों को दान दिया जाता है और फिर स्वयं सेवन किया जाता है। एक संकेत है कि हर हिंदू के घर में तुलसी होनी चाहिए। ऐसा कहा गया है कि सभी को सुबह और शाम तुलसी के दर्शन करने चाहिए। इस तुलसी दर्शन का मंत्र इस प्रकार है।

तुलसी श्रीसखी शुभे पापहरिणी पुण्यदे।
नमस्ते नारदनुते नारायणमन: प्रिये। – तुलसीस्तोत्रा, श्लोक 15

अर्थ: हे तुलसी, आप लक्ष्मी की मित्र शुभदा, पापहरिणी और पुण्यदा हैं। नारद जी ने जिनकी प्रशंसा की है, जो नारायण को प्रिय है, ऐसे आपको मैं नमस्कार करता हूं।

तुलसी के आध्यात्मिक विशेषताएं

पापनाशक : तुलसी के दर्शन, स्पर्श, ध्यान, प्रणाम, पूजा, रोपण और सेवन से युगोयुगों के पापों का नाश होता है।
पवित्रता : तुलसी के बगीचे के चारों ओर की पूरी भूमि गंगा के समान पवित्र हो जाती है। इस संदर्भ में स्कंद पुराण (वैष्णव खंड, अध्याय 8, श्लोक 13) में कहा गया है।

तुलसीकाननं चैव गृहे यस्यवतिष्ठते।
तद गृहं तीर्थभूतं हि नायान्ति यमकिंड्करा:।।

अर्थ: जिस घर में तुलसी का बगीचा हो वह तीर्थ के समान पवित्र होता है। उस घर में यमदूत नहीं आते। ‘तुलसी के पौधे में जड़ से लेकर सिरे तक सभी देवता निवास करते हैं’, ऐसा कहा गया है।

भगवान को भोग अर्पित करने के लिए तुलसी के पत्तों का उपयोग क्यों करें? – तुलसी वातावरण से सात्त्विकता को आकर्षित करने और उसे प्रभावी ढंग से जीव तक पहुँचाने में अग्रणी है। तुलसी में ब्रह्मांड के कृष्ण तत्व को खींचने की क्षमता अधिक है। देवता को प्रसाद चढ़ाते समय तुलसी के पत्तों का उपयोग करने से, प्रसाद शीघ्रता से देवता तक पहुंचना, सात्विक बनना संभव है।

सन्दर्भ: सनातन संस्था के ग्रंथ ‘पंचोपचार और षोडशोपचार पूजन का शास्त्र’ और ‘त्योहार, धार्मिक उत्सव और व्रत’

अजमेर पुलिस ने बरामद किए लाखों रुपए कीमत के 56 मोबाइल

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की दरगाह थाना पुलिस ने महाराष्ट्र के चोर गिरोह का खुलासा करते हुए सात मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर लाखों रुपए के 56 मोबाइल बरामद किए गए है।

जिला पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट ने बताया कि आरोपी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यहां पर वारदातें किया करते हैं। दरगाह थाना पुलिस इस साल अब तक चोरों से 410 मोबाइल बरामद कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि एक नवंबर को थाना दरगाह पर मोबाइल चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस संबंध मेकं गठित पुलिस टीम ने शहर के अभय कमांड सेंटर के कैमरो एवं बाजार व प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से संदिग्धों को चिन्हित किया।

मुखबिर एक्टिव कर उनके बारे में सूचनाएं एकत्रित की। प्राप्त आसूचना के आधार पर 7 चोरों को गिरफ्तार कर विभिन्न कंपनियों के 56 मोबाइल बरामद किये गये है। आरोपियों से पुलिस की टीम गहनता से अनुसंधान कर रही है।

भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर दरगाह थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी की वारदात करने वाले महाराष्ट्र के नासिक जिले के थाना आजाद नगर मालेगाव निवासी नवीद अख्तर अंसारी अहमद (30) एवं जियाउर रहमान (22) तथा थाना पंवारवाड़ी निवासी मोहम्मद अनवर (34), शेख रफीक (24), साजिद शेख (35), उमर फारूक (20) एवं शेख लईक (30) को गिरफ्तार किया गया है।

श्रीगंगानगर : दो युवतियों ने युवती का अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में दो युवतियों पर अश्लील वीडियो बनाकर एक युवती को ब्लैकमेल करने और उसके बच्चे का अपहरण करने की कोशिश का आरोप लगा है।

पुरानी आबादी थाना पुलिस ने 32 वर्षीय पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर सुमनरानी और किरण कुमारी निवासी हनुमान चौक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार पुरानी आबादी में गहलोत चौक क्षेत्र की निवासी पीड़िता ने दर्ज करवाएं मुकदमे में बताया है कि उसने कुछ अरसा पहले निजी जरूरत पढ़ने पर सुमन रानी और किरण कुमारी से 50 हजार रुपए उधार लिए थे। बदले में उससे एक हस्ताक्षरयुक्त चेक और स्टांप पेपर लिए गए।

पीड़िता के अनुसार उसने यह सारी राशि बाद में वापस कर दी लेकिन हस्ताक्षरयुक्त चेक तथा स्टांप पेपर वापस नहीं किए गए। उसे कुछ दिन बाद घर आकर चेक और स्टांप पेपर ले जाने के लिए कहा गया।

पीड़िता के अनुसार जब वह कुछ दिन बाद युवतियों के घर चेक और स्टांप पेपर लेने के लिए गई तो उसे चाय पिलाई गई। चाय में कोई नशीली वस्तु मिलाई हुई थी। चाय पीते ही वह बेहोश हो गई। कुछ देर बाद उसे होश आया तो उसके शरीर पर नीले रंग के निशान थे। वह किसी तरह नशे की हालत में अपने घर आ गई। दो दिन बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया गया। उससे रुपयों की मांग की जाने लगी।

धमकाया गया कि अगर रुपए नहीं दिए गए तो उसका अश्लील वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि यह भय दिखाकर उससे अढाई से तीन लाख रुपए ले लिए गए।

दो बार उसके सात वर्षीय बेटे का अपहरण करने का प्रयास भी किया गया। किसी विकास नामक व्यक्ति से डराने-धमकाने और बच्चे को उठा ले जाने के धमकी भरे फोन करवाए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि धारा 384 के तहत मुकदमा दर्ज करें जांच शुरू कर दी गई है।

नील गायों से टकराने से बाइकों पर सवार दो युवकों की मौत

श्रीगंगानगर जिले में जैतसर थाना क्षेत्र में गुडली फांटा के पास नील गायों से दो मोटरसाइकिलों के टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। यह दोनों हादसे कुछ ही समय के अंतराल पर घटित हुए। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों हादसों की जांच कर रहे एएसआई नंदराम ने बताया कि दो नवंबर की शाम को गुडली फांटा के पास मोटरसाइकिल पर जा रहा विनोद (18) निवासी बख्तावरपुरा एक नील गाय से टकरा गया। दो-तीन नीलगाय एक साथ सड़क पर आ गई थीं। बचने के प्रयास में विनोद नियंत्रण खो बैठा और टक्कर हो गई। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस हादसे से कुछ देर पहले गुडली फांटा के पास इसी प्रकार अचानक रोड पर आए नीलगाय से एक मोटरसाइकिल टकरा गया। इस पर सवार हेतराम (35) निवासी चक 4-बीकेएम की भी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिए गए।

सचिन पायलट ने की वीर तेजाजी के नाम पर बोर्ड गठन की मांग

जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर लोक देवता वीर तेजाजी के नाम पर प्रदेश सरकार में बोर्ड का गठन किए जाने की मांग की है।

पायलट ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा है कि प्रदेश में काफी लम्बे समय से वीर तेजाजी महाराज के नाम पर बोर्ड का गठन किए जाने की मांग लम्बित है। प्रदेश सहित देश के अनेकों राज्यों में वीर तेजाजी महाराज को लोक देवता के रूप में पूजा जाता हैं तथा करोड़ों की संख्या में वीर तेजाजी महाराज के अनुयायी है। इस बोर्ड के गठन से किसान वर्ग सहित अनेक वर्गों को सम्बल मिलेगा तथा उनके लिए नवीन योजनाएं बनाई जा सकेगी।

उन्होंने मांग की है कि प्रदेशवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा शीघ्र ही वीर तेजाजी के नाम पर बोर्ड का गठन किया जाए।

पार्टी में कोई चुनौती नहीं, सिर्फ एप्रोच का फर्क है : अशोक गहलोत

जयपुर महापौर उपचुनाव : भाजपा से रश्मि सैनी और कांग्रेस से हेमा सिंघानिया ने भरा पर्चा

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम ग्रेटर के दस नवंबर को होने वाले महापौर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की रश्मि सैनी एवं कांग्रेस से हेमा सिंघानिया ने आज अपने नामांकन पत्र भरे।

वर्तमान में भाजपा की कार्यवाहक महापौर शील धाभाई हैं और उन्हें भी उपचुनाव में पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद थी लेकिन आखिरी में भाजपा ने पार्षद रश्मि सैनी को चुनाव मैदान में उतार दिया।

शील धाभाई को प्रत्याशी नहीं बनाने पर उनकी बेटी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करने का प्रयास किया लेकिन भाजपा मीडिया प्रभारी पंकज जोशी ने उन्हें शांत कराया। इस बीच शील धाभाई भावुक हो गई। जब उनसे भावुक होने के बारे पूछा गया तो उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्होंने चश्मा नहीं पहना, इसलिए आंसू आ गए।

इससे पहले उपचुनाव के लिए भाजपा पार्षद सुखप्रीत बंसल का नाम सामने आया लेकिन आखिरी समय में पार्टी की मौहर रश्मि सैनी के नाम पर लगी। इस पर सुखप्रीत ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वमान्य हैं और उन्हें खुशी है कि उनके नाम की चर्चा तो चली।

इस अवसर सैनी ने मीडिया से कहा कि उनके महापौर बनने पर वह जितना हो सके वह बेहतर करने का प्रयास करेगी और सबको साथ लेकर चलेंगी जबकि कांग्रेस की हेमा सिंघानिया ने कहा कि अगर वह महापौर चुनी जाती है तो वह कड़ी से कड़ी जोड़ने कोशिश करेगी। कांग्रेस के अल्पमत में होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के कई पार्षद उनके संपर्क में हैं और उनका समर्थन करेंगे। भाजपा पार्षदों के बाड़ेबंदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम भी करेंगे।

डेढ़ सौ पार्षदों वाले नगर निगम ग्रेटर में वर्तमान में भाजपा के 85, कांग्रेस के 49 और 12 निर्दलीय पार्षद हैं जबकि चार सीटे खाली हैं। वर्ष 2020 में हुए ग्रेटर नगर निगम के महापौर के चुनाव सौम्या गुर्जर मेयर चुनी गई थी। बाद में आयुक्त से विवाद के मामले में तीन भाजपा एवं एक निर्दलीय पार्षद निलंबित हो चुके हैं।

इस मामले के चलते महापौर को निलंबित कर देने से शील धाभाई को कार्यवाहक महापौर बनाया गया। इसके बाद न्यायालय के आदेश से श्रीमती सौम्या गुर्जर एक बार फिर महापौर का पद संभाल लिया था लेकिन मामले की न्यायिक जांच में दोषी पाए जाने एवं न्यायालय द्वारा सरकार को कार्यवाही के लिए फ्री कर देने के बाद राज्य सरकार ने सौम्या गुर्जर को महापौर पद से बर्खास्त कर शील धाभाई को फिर से कार्यवाहक महापौर बना दिया था।

पार्टी ने सर्वसम्मिति से रश्मि सैनी को महापौर उम्मीदवार बनाया : भजनलाल शर्मा

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने पार्षद रश्मि सैनी को जयपुर ग्रेटर महापौर उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनाकर एक बड़े सामाजिक वर्ग को साधते हुए पार्टी की मजबूती के लिए सकारात्मक निर्णय लिया है।

शर्मा ने आज यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि इससे जयपुर जिले में पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी और पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को महापौर उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं का मनोबल और उत्साह बढ़ाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि जयपुर जिले के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारियों की राय लेकर प्रदेश नेतृत्व ने यह निर्णय लिया है साथ ही सभी पार्षदों की राय को तवज्जो दी गई है।

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर जिले के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, पार्षदों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर सर्वसम्मति से पार्टी ने रश्मि सैनी को महापौर उम्मीदवार बनाया है, इससे जयपुर जिले में एक बड़ा सामाजिक संतुलन का संदेश गया है, जिससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जयपुर ग्रेटर महापौर उपचुनाव प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी और कांग्रेस सरकार का षडयंत्र फिर विफल होगा और प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलेगा।

दस नवंबर को होने वाले इस उपचुनाव में रश्मि सैनी का नामांकन दाखिल करने के दौरान विधायक नरपत राजवी, कालीचरण सराफ, अशोक लाहोटी, पूर्व मंत्री राजपाल शेखावत, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, चुनाव आयोग प्रबंधन विभाग के प्रदेश संयोजक एडवोकेट सुरेन्द्र नरूका, जयपुर जिलाध्यक्ष राघव शर्मा, डिप्टी मेयर पुनीत कर्नावट आदि मौजूद रहे।

पार्टी में कोई चुनौती नहीं, सिर्फ एप्रोच का फर्क है : अशोक गहलोत

बारां। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह और चुनौतियों पर कहा कि पार्टी में कोई चुनौती नहीं है। सबकी एक महत्वाकांक्षा होती है, होनी भी चाहिए लेकिन सिर्फ एप्रोच का फर्क है।

गहलोत ने आज जयपुर रवाना होने से पूर्व बारां में सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महत्वाकांक्षा रखना अच्छी बात है। वह नहीं चाहते कि यहां कोई बात बोले। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ यह चाहतो हैं कि हम सब मिलकर अगला चुनाव राजस्थान में जीते। राजस्थान में पब्लिक इंटरेस्ट शो हो रहा है। उन्हें इस बार राजस्थान में कोई एंटी इनकंबेंसी नजर नहीं आ रही है। हम चाहते हैं की कांग्रेस देश में मजबूत राष्ट्रीय पार्टी के रूप में उभर कर सामने आए।

उन्होंने कहा कि गुजरात के बाद हम राजस्थान जीते तो भाजपा एवं एनडीए के अन्य दलों को गहरा झटका लगेगा। देश में महंगाई और बेरोजगार एक बहुत बड़ा मुद्दा है जिसको लेकर हम जनता के सामने जाएंगे।

गहलोत ने राज्य सरकार की योजनाओं और बीते वर्षों में किए गए कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, आरजीएचएस ओपीएस समेत कई कल्याणकारी योजनाओं का बखान किया। साथ ही भाजपा वो केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

हालांकि मुख्यमंत्री गहलोत ने पायलट के मामले में चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा की मैं अभी कुछ बोलूंगा नहीं। इसके बाद गहलोत सर्किट हाउस के बाहर आमजन वह कार्यकर्ताओं से मिले वही लोगों के ज्ञापन भी लिए। उसके बाद सीधे हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए।

गहलोत ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल दिल्ली में झूठ बोलकर काम चला रहे हैं। पंजाब की हालत खराब है। देश को गुमराह करने में केजरीवाल का कोई मुकाबला नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 लाख किसानों के कर्ज माफ हुए है। लेकिन विपक्ष लगातार भ्रमित एवं गुमराह करता आ रहा है। उन्होंने बारां जिले में माफ हुए कर्ज की भी लिस्ट बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो एतिहासिक फैसले हुए हैं, वह देश के अन्य राज्यों में नहीं हुए। अब तो राजस्थान की योजनाएं पूरे देश में लागू करने वाली योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को विदेशों में जो सम्मान मिल रहा है। वह देश की महानता तथा गांधी जी के कारण मिलता है।

4 दिसंबर को दिल्ली नगर निगम के मतदान, 7 को मतगणना

नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव आयुक्त विजय देव ने दिल्ली नगर निगम चुनावों की घोषणा करते हुए शुक्रवार को कहा की चार दिसंबर को मतदान होगा और सात दिसंबर को चुनाव के परिणाम आएंगे।

विजय देव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि निगम चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी करना उनकी प्राथमिकता है तथा इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सात नवंबर से नामांकन दाखिल किए जाएंगे और नामांकन की आख़री तिथि चौदह नवंबर को है। नामांकन वापस 19 नवम्बर तक होंगे। मतदान चार दिसंबर रविवार को सुबह आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा।

उल्लेखनीय है कि एकीकृत होने के बाद दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों पर चुनाव होगा। इससे पहले दिल्ली नगर निगम तीन भागों में विभाजित था और कुल 272 वार्ड थे। ताजा परिसीमन में वार्ड की संख्या घटाकर 272 से 250 कर दी गई है।

चुनाव आयोग ने पिछले महीने ही 250 वार्डों की लिस्ट जारी कर दी थी। इसके तहत दिल्ली नगर निगम की कुल 250 सीटों में से 42 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गई। वहीं 104 सीटों पर महिला और 104 पर पुरुष उम्मीदवार होंगे।

माता-पिता, दो पुत्रों की हत्या कर आरोपी ने टांके में कूदकर की सुसाइड

जोधपुर। राजस्थान में जोधपुर जिले के लोहावट थाना क्षेत्र के पीलवा गांव में एक व्यक्ति ने माता पिता एवं दो पुत्रों की हत्या कर स्वयं ने भी पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली।

जोधपुर ग्रामीण पुलिस नियंत्रण के कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीलवा गांव में विश्नोईयों की ढाणी निवासी शंकर विश्नोई (38) ने अपने माता-पिता के साथ खेत पर ही रहता था। वह नशे के आदी था। गुरुवार रात उसने नींबू की शिकंजी में नींद की गोलियां मिला दी। जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था तब शंकर ने वारदात को अंजाम दिया। उसने घर से करीब 125 मीटर दूर खेत में सो रहे अपने पिता सोनाराम (55) पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी शंकर विश्नोई घर पर आया और अपनी मां चंपादेवी और उनके पास सो रहे अपने 12 वर्षीय पुत्र पर हमला किया। फिर उन दोनों के शव को पानी की टंकी में डाल दिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी के पास सो रहे अपने सबसे छोटे बेटे की हत्या कर शव को पानी में डाल दिया।

घटना के बाद आरोपी शंकर ने पड़ोस में ही स्थित पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर आज सुबह जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कयाल एवं थानाधिकारी बद्री प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद शाम को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।