Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 513 -
होम ब्लॉग पेज 513

हैप्पी बर्थडे : 49 साल की हुई एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय

मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय आज 49 वर्ष की हो गई। मैंगलोर में 1 नवंबर 1973 को जन्मीं ऐश्वर्या राय का बचपन में रूझान वास्तुकार बनने की ओर था, लेकिन बाद में उनका रूझान मॉडलिंग इंडस्ट्री की ओर हो गया।

वर्ष 1994 में ऐश्वर्या राय ने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहां उन्हें मिस इंडिया वर्ल्ड के खिताब से नवाजा गया। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारतीय सुंदरता का परचम पूरी दुनिया में लहराते हुए रीता फारिया के बाद ऐश्वर्या मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली दूसरी भारतीय सुंदरी बनी।

इस प्रतियोगिता में उन्हें मिस फोटोजेनिक के खिताब से भी नवाजा गया। प्रतियोगिता को जीतने के बाद ऐश्वर्या राय ने सामाजिक सरोकार से जुड़े कई क्षेत्रों में काम किया और इस दौरान उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम करने का मौका मिला।

वर्ष 1997 में ऐश्वर्या राय ने अपने सिने कैरियर की शुरूआत तमिल फिल्म इरूअर से की। इसी वर्ष ऐश्वर्या राय ने बालीवुड में भी कदम रखा और बॉबी देओल के साथ फिल्म और प्यार हो गया में काम किया। दुर्भाग्य से यह फिल्म टिकट खिड़की पर विफल साबित हुई। इसके बाद 1998 में ऐश्वर्या राय ने एस शंकर की तमिल फिल्म जीन्स में काम किया। इस फिल्म की व्यावसायिक सफलता के बाद ऐश्वर्या राय फिल्म इंडस्ट्री में कुछ हद तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गई।

वर्ष 1999 में संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम ऐश्वर्या राय के सिने कैरियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। सलमान खान और अजय देवगन जैसे मंझे हुए सितारों की मौजूदगी में भी ऐश्वर्या ने फिल्म में नंदिनी के किरदार को रूपहले पर्दे पर जीवंत कर दिया। इस फिल्म में दमदार अभिनय के लिए ऐश्वर्या फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित की गई।

वर्ष 1999 में ही ऐश्वर्या राय को प्रसिद्ध निर्माता निर्देशक सुभाष घई की फिल्म ताल में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में ऐश्वर्या ने एक ऐसी ग्रामीण लड़की मानसी का किरदार निभाया जो पॉप सिंगर बनने का सपना देखा करती है। इस फिल्म ने खासकर अमरीका में टॉप 20 फिल्मों में अपना नाम दर्ज कराया। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए भी नामांकित की गई।

वर्ष 2000 ऐश्वर्या राय के सिने कैरियर के लिये अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी फिल्म जोश प्रदर्शित हुई, जिसमें उन्होंने शाहरूख खान की बहन की भूमिका निभाई। इसके साथ ही ऐश्वर्या राय की हमारा दिल आपके पास है और मोहब्बते जैसी कामयाब फिल्में भी प्रदर्शित हुई।

वर्ष 2002 में ऐश्वर्या राय को शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के मशहूर उपन्यास देवदास पर बनी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में ऐश्वर्या ने पारो के अपने किरदार से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के लिए वह दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गई। इस फिल्म को कांस फिल्म समारोह में विशेष स्क्रीनिंग के दौरान दिखाया गया।

वर्ष 2003 में ऐश्वर्या राय ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रख दिया और फिल्म दिल का रिश्ता का निर्माण किया, लेकिन यह फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल नहीं रही। वर्ष 2004 में ऐश्वर्या राय को गुरिन्दर चड्ढा की अंग्रेजी फिल्म प्राइड एंड प्रीजुडिस और राज कुमार संतोषी की फिल्म खाकी में महानायक अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का अवसर मिला। फिल्म में ऐश्वर्या राय ने अपने सिने कैरियर में पहली बार नेगेटिव किरदार निभाया जो सिने दर्शकों को काफी पसंद आया।

वर्ष 2004 ऐश्वर्या राय के सिने कैरियर का उपलब्धियों वाला वर्ष साबित हुआ। उस वर्ष उनके ऐश्वर्य को देखते हुए लंदन के सुप्रसिद्ध मैडम तुसाद म्यूजियम में उनका मोम का पुतला लगाया गया। इसी साल अमरीका की सुप्रसिद्ध पत्रिका टाइम मैगजीन ने विश्व की 100 प्रभावशाली हस्तियों में ऐश्वर्या राय का नाम शामिल किया।

वर्ष 2006 में ही ऐश्वर्या राय ने यश चोपड़ा के बैनर तले बनी फिल्म धूम के सीक्वेल धूम 2में काम किया। इस फिल्म में उन्होने ने एक बार फिर से नकारात्मक किरदार निभाया और दर्शको का भरपूर मनोरंजन किया।

वर्ष 2009 में फिल्म क्षेत्र में ऐश्वर्या राय के उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें पदमश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अभिषेक बच्चन के साथ शादी के बाद अपने पारिवारिक दायित्व को देखते हुए ऐश्वर्या राय ने फिल्मों में काम करना काफी कम कर दिया। वर्ष 2010 में ऐश्वर्या राय ने दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म रोबोट में काम किया।

इसी वर्ष प्रदर्शित फिल्म गुजारिश में काम करने के बाद ऐश्वर्या राय फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो गई। ऐश्वर्या राय ने वर्ष 2015 में प्रदर्शित फिल्म जज्बा से इंडस्ट्री में कमबैक किया। इसके बाद ऐश्वर्या राय ने सरबजीत, ऐ दिल है मुश्किल और फन्ने खान और ‘पोन्निईन सेलवन’ जैसी फिल्मों में काम किया है।

खंडवा में 4 साल की मासूम के साथ रेप और हत्या का प्रयास

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में चार साल की एक मासूम से दुष्कर्म और उसकी हत्या के प्रयास की दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है।

आरोप है कि ढाबे पर काम करने वाले जसवाड़ी गांव निवासी युवक ने अपने रिश्तेदार के साथ शराब पीने के बाद गांव के खेत में बनी झोपडी में घुसकर इस बच्ची को गहरी नींद में सोते हुए ही उठाया।

आरोपी बच्ची को उठाकर खेत में ले गए और दुष्कर्म किया। इसके बाद उन्होंने बच्ची का गला दबाया और उसे मृत समझकर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने जब तलाश की तो झाड़ियों में मिली बच्ची की सांसे चल रही थी, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अभी बच्ची की हालत स्थिर बनी हुई है।

पंधाना में अपने माता-पिता के साथ रहने वाली ये बच्ची यहाँ अपनी रिश्तेदारी में एक खेत में रखवाली करने वाले आदिवासी परिवार के यहां दीवाली मनाने आई थी। कल सुबह जब परिजन उठे, तब उन्होंने खाट पर सो रही बच्ची को गायब पाया। उन्होंने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन नहीं मिलने पर थाने में शिकायत की।

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि रामनगर पुलिस चौकी क्षेत्र से बच्ची लापता हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की।

वहीं परिजन ने बताया कि राजकुमार नामक युवक रविवार रात उनके घर पर खटिया मांगने आया था। वो पास के ही खेत में सोया था। सोमवार सुबह खेत में सिर्फ उनकी खटिया मिली, लेकिन राजकुमार गायब था। इस आधार पर राजकुमार पर शक हुआ। वह गांव के ही एक ढ़ाबे पर काम करता है। ढाबे के मालिक से पूछताछ के आधार पर राजुकमार का पता लगाया गया। उसे गिरफ़्तार करने के बाद पुलिस ने जब सख्ती की तो उसने अपराध स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि उसने अपने खरगोन के एक रिश्तेदार के साथ उस रात शराब पी थी और उसके बाद बच्ची को उसके घर से उठा लाए थे। उसके साथ दोनों ने दुष्कर्म किया और अपराध छिपाने की नीयत से उसका गला दबा दिया, इसके बाद बच्ची को मृत समझ कर उसे झाड़ियों में फेंक दिया। उसे शराब के नशे में यह भी भान नहीं था कि उसे किस तरफ फेंका है।

पुलिस ने उस क्षेत्र में सघन तलाशी ली तो झाड़ियों में बच्ची बेहोश मिली। उसकी सांसें चल रही थी तो पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रात में ही इंदौर रेफ़र कर दिया गया। अभी बच्ची की स्थिति स्थिर बताई गई है, लेकिन ख़तरे से बाहर नहीं है।

केन्द्र सरकार एवं 4 राज्यों को मिलकर मानगढ़ को नई ऊंचाई पर पहुंचाना है : मोदी

बासंवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐतिहासिक स्थल मानगढ़ धाम के विकास के लिए चार राज्यों राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र एवं मध्यपद्रेश को केन्द्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की जरुरत बताते हुए कहा है कि मिलकर केन्द्र सरकार के नेतृत्व में इसे और नई ऊंचाई पर ले जाना है।

मोदी आज यहां मानगढ़ धाम की गौरवगाथा कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मानगढ़ भव्य विस्तार की प्रबल इच्छा हम सभी में हैं। मानगढ़ धाम के विकास के लिए केन्द्र सरकार और इन चार राज्यों को मिलकर काम करना होगा और केन्द्र सरकार के नेतृत्व में मानगढ़ धाम के विकास के आयाम स्थापित करने होंगे। उन्होंने इन चार राज्यों की सरकारों से आग्रह किया है कि वे इस दिशा में विस्तृत चर्चा करे और एक रोडमेप तैयार करे, ताकि गोविंद गुरु का स्थल भी पूरे विश्व में अपनी महचान बनाए।

उन्होंने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि मानगढ धाम का विकास इस क्षेत्र को नई पीढी के लिए प्रेरणा का एक जागरुक स्थल बनायेगा, कई दिनों से हमारी चर्चा चल रही है, जितना जल्दी जितना ज्यादा क्षेत्र हम निर्धारित करेंगे तो फिर सब मिलकर केन्द्र सरकार के नेतृत्व में हम और इसका विस्तार कर सकते, इसे चाहे राष्ट्रीय स्मारक कह दो या अन्य नाम, नाम तो कोई दे देंगे लेकिन केन्द्र सरकार और इन चारों राज्यों की जनजाति समाज का इससे सीधा संबंध हैं।

उन्होंने कहा कि इन चार राज्यों एवं केन्द्र सरकार को मिलकर इसे और नई ऊंचाई पर ले जाना हैं और इस दिशा में केन्द्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम सब मानगढ़ धाम की धूणी से प्रेरणा लेकर निकले, यही मेरी प्रार्थना है।

मोदी ने कहा कि दुर्भाग्य से आदिवासियों के संघर्ष और बलिदान को आजादी के बाद लिखे गए इतहास में जो जगह मिलनी चाहिए वह नहीं मिली। आजादी अमृत महोत्सव में आज देश उस कमी को पूरा कर रहा है। उस दशकों पहले की भूल का सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का अतित, इतिहास, वर्तमान और भविष्य आदिवासी समाज के बिना पूरा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के इतिहास का पन्ना आदिवासी वीरता से भरा पड़ा है और 1857 की क्रांति से पहले विदेशी हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज ने स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल फूंका था। इसी तरह भगवान बिरसा मूंडा ने लाखों आदिवासियों में क्रांति की ज्वाला प्रज्जवलित की, हालांकि बहुत कम आयु में वे चले गए, उनकी ऊर्जा उनकी देश भक्ति और उनका हौंसला क्रांतियों का आधार बना। इसी धरती पर आदिवासी महाराणा प्रताप के साथ खड़े होकर उनकी ताकत बने।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सब आदिवासी समाज के योगदान के ऋणी है जिन्होंने भारत के चरित्र को संजोया, आज समय है देश इस योगदान के लिए आदिवासी समाज की सेवा कर उनका धन्यवाद करे। पन्द्रह नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती पर देश जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा।

उन्होंने देश में आदिवासी विस्तार और भूमिका इतनी बड़ी है कि हमें उनके लिए समर्पित भाव से काम करने की जरुरत बताते हुए कहा कि विविधता से भरे आदिवासी समाज के लिए काम किया जा रहा है और उन्हें शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। आदिवासी युवाओं को आधुनिक शिक्षा का अवसर देने के लिए एकलव्य विद्यालय खेाले जा रहे है।

उन्होंने कहा कि सोमवार शाम को ही अहमदाबाद से उदयपुर के लिए ब्राडगेज लाइन पर रेल को हरी झंडे दिखाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी क्षेत्र जुड़ जाएंगे वहीं इससे राजस्थान के पयर्टक को लाभ मिलेगा और राज्य का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात में पड़ रहे क्षेत्र में गोविंद गुरु ने अंतिम क्षण बिताए जहां क्षेत्र की सेवा करने का मौका मिला, पहले जब आते थे तो पूरा विरान क्षेत्र था, आज संतोष हुआ कि चारों तरफ हरियाली नजर आ रही है और क्षेत्र को हराभरा बना दिया गया है। इसके लिए उन्होंने यहां के लोगों का अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब विकास होगा, सड़के बनेगी, गोविद गुरु की शिक्षा का विस्तार भी हुआ है जो महान सेनानी एवं भारतीय परंपराओं एवं आदर्शों के प्रतीक थे। वह लाखों आदिवासियों के सेनायक थे, जिन्होंने अपने परिवार को खो दिया लेकिन हौसला नहीं खोया। गोविंद गुरु ने देश हर आदिवासी एवं कमजोर भारतवासी को अपना परिवार बनाया। उन्होंने शोषण के खिलाफ अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल फूंका, वह समाज सुधारक, आध्यात्मिक गुरु, संत एवं लोकनेता थे। उन्होंने कहा कि गोविंद गुरु के चिंतन आज भी उनकी धूणी के रुप में अखंड रुप से प्रज्जवलित हो रहा है। सम्प सभा के आदर्श आज भी एकजुटता, प्रेम, भाईचारा की प्रेरणा दे रहे हैं।

मोदी ने कहा कि वर्ष 1913 में जो नरसंहार हुआ वह अंग्रेजों की क्रूरता की प्रकाष्ठा थी और मानगढ़ की पहाड़ी पर 1500 आदिवासियों को घेर कर जघन्य हत्या करने का पाप किया गया। मोदी ने शुरु में कहा कि उन्हें खुशी है कि मानगढ़ की पवित्र धरती पर आकर उन्हें सिर झुकाने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री के नाते अशोक गहलोत जी और हम साथ साथ काम करते रहे, गहलोत जी मुख्यमंत्री की जमात में सबसे वरिष्ठ थे अभी भी जो बैठे उनमें गहलोत वरिष्ठ मुख्यमंत्री हैं उनका कार्यक्रम में आना, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हम सब के लिए प्रेरक एवं सुखद है। कार्यक्रम को गहलोत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संबोधित किया।

जयपुर बाग होटल की लिफ्ट गिरी, सवा घंटे फंसे रहे 10 लोग

0

जयपुर। प्रदेश की रीाजधानी जयपुर में गांधी पथ स्थित जयपुर बाग होटल की लिफ्ट शनिवार देर रात 11 बजे गिर गई। हादसे के दौरान लिफ्ट में एक ही परिवार के 10 से अधिक लोग मौजूद थे। सिविल डिफेंस के प्रयास के बाद उन्हें लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया गया। पीड़ित परिवार ने वैशाली नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ितों ने पुलिस कंट्रोल को घटना की जानकारी दी जिस पर पुलिस और सिविल डिफेंस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे से अधिक समय तक लिफ्ट में फंसे होने के कारण लोगों की हालत खराब हो गई। होटल स्टाफ भी इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं कर सका। वह भी अन्य लोगों की तरह मूकदर्शक बनकर वहां सहायता का इंतजार करने लगा।

पुलिस कंट्रोल से सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सवा घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट को ऊपर उठाया। जिसके बाद लिफ्ट में फंसे लोगों की सांस में सांस आई। पीडितों ने करणी विहार थाने में होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कराया है। प्रमोद कुमार अग्रवाल निवासी विद्याधर नगर ने शिकायत में होटल प्रबंध पर लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं कराने का आरोप लगाया है।

एसीपी वैशाली नगर आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि किसी को गम्भीर चोट नहीं लगी हैं लेकिन पीड़ितों की ओर से अंदरूनी चोट की बात कही गई हैं। मेडिकल कराया जाएगा। वहीं होटल प्रबंधन ने बताया कि 15 दिन पहले ही लिफ्ट का मेंटेनेंस कराया था।

कांग्रेस सत्ता में आई तो संस्थाएं होंगी आरएसएस मुक्त : राहुल गांधी

हैदराबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी के केन्द्र की सत्ता में आने के बाद न्यायपालिका, नौकरशाही और मीडिया जैसी संस्थाओं को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के नियंत्रण से मुक्त किया जाएगा।

रंगा रेड्डी जिले के कोथूर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में गांधी ने कहा कि देश में संस्थाओं की स्वायत्ता को भारी नुकसान हुआ है। कांग्रेस की सरकार आने पर इन संस्थानों में एक निश्चित स्वतंत्रता कायम रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सत्ता का बड़े पैमाने पर संकेंद्रण और घोर पूंजीवाद उद्योगों में प्रतिस्पर्धा के माहौल खत्म कर एकाधिकार पैदा कर रहा है। केंद्र और राज्यों में इस तरह के पूंजीवाद के कारण छोटे और मध्यम व्यवसाय प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने पर देश में कारोबारी माहौल की निष्पक्षता वापस लाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा उस भावना को प्रदर्शित करने का शक्तिशाली तरीका है। भारत घृणा और हिंसा पर विश्वास नहीं करता है जो भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस कथित रूप से फैला रहे हैं। मीडिया भाजपा और आरएसएस पर उनके आंतरिक चुनावों के बारे में सवाल नहीं करता है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस के बीच किसी गठबंधन का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव मानते हैं कि वह एक अंतरराष्ट्रीय पार्टी भी चला रहे हैं, तो हमें कोई समस्या नहीं है, उन्हें अमेरिका, चीन और ब्रिटेन के चुनाव लड़ने दें।

गांधी ने कहा कि भारत में लड़ाई, आज दो विचारधाराओं के बीच है। एक राष्ट्र को विभाजित करने की कोशिश कर रहा है और दूसरा राष्ट्र को एकजुट करने के लिए है। कांग्रेस को लगता है कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा को हराने के लिए विपक्ष को एक साथ मिलकर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा भाजपा से अलग विचारधारा पैदा करने का प्रयास है हालांकि यह यात्रा लंबी है। मैं जब 25 साल का था, तब से मेरे मन में एक यात्रा करने का विचार है। उस समय तो राजनीति में प्रवेश भी नहीं हुआ था। यह यात्रा बहुत कुछ सीखने का शानदार अनुभव है।

कोटा : 16 साल की किशोरी से रेप के दोषी को 20 साल का कारावास

कोटा। राजस्थान में कोटा की पॉक्सो न्यायालय के न्यायाधीश हनुमान प्रसाद ने एक नाबालिग को भगाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में आरोपी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

पॉक्सो कोर्ट क्रम-पांच में प्रस्तुत इस्तगासे के अनुसार कोटा जिले के मांगरोल थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी को जितेंद्र उर्फ जीतू (26) 11 दिसंबर 2019 को उस समय भगा कर ले गया था जब वह खेत पर काम कर रही थी। वह उसे अपने साथ मांगरोल ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने 9 दिन बाद 20 दिसंबर 2021 को किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया था।

इस मामले में प्रस्तुत आरोप पत्र पर सुनवाई के बाद पोक्सो कॉर्ट ने आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू को दोषी करार दिया था और सोमवार को उसे 20 साल के कठोर कारावास और 40 हजार रुपए के जुर्माने की सजा से दंडित किया।

अलवर के स्पा सेंटर में छापा, 10 से ज्यादा युवक-युवतियों को पकडा

अलवर। राजस्थान में अलवर शहर के मनु मार्ग स्थित कैपटल गैलेरिया स्पा सेंटर में सोमवार दोपहर को पुलिस ने दबिश देकर करीब एक दर्जन युवक-युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस उपअधीक्षक हरि सिंह ने बताया कि स्पा सेंटर पर मिले युवक-युवतियों में कुछ नाबालिग भी लगते हैं। लेकिन, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। दो दिन पहले पुलिस कंट्रोल रूम के पास एक गेस्ट हाउस पर भी छापा मारा था। जहां से भी युवक-युवती मिले थे। अलवर शहर में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधि होती हैं।

पकड़े जाने के बाद युवक-युवती पुलिस के सामने हाथ जोड़ने लगे। पुलिस ने उनके परिजनों को अवगत कराया। इस तरह के मामलों में पुलिस युवतियों की आईडी लेकर छोड़ देती है। युवकों के नाम सार्वजनिक किए जाते हैं। अभी पुलिस पड़ताल में लगी है। इससे पहले भी पुलिस अलवर शहर में कई बार स्पा व कैफे पर रेड डालती रही है।

कोटा में 17 जिलों की अग्निवीर की भर्ती एक नवम्बर से

0

कोटा। राजस्थान के कोटा में अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती रैली (अग्निवीर) एक से 16 नवम्बर तक महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। रैली की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

निदेशक सेना भर्ती कार्यालय कर्नल जेके जोसफ ने बताया कि प्रवेश द्वार पर सत्यापन के लिए प्रवेश पत्र के साथ उम्मीदवार की मूल आठवीं एवं दसवीं की मार्कशीट, मूल निवास, आधार कार्ड, टीकाकरण प्रमाण-पत्र और ऐफिडेविट की जांच की जाएगी। यदि इनमें से काई भी दस्तावेज उम्मीदवार के पास नहीं पाया जाता है तो रैली मैदान में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

निदेशक सेना भर्ती ने बताया कि अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती रैली में अजमेर, बारां, बून्दी, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, दौसा, झालावाड़, कोटा, करौली, पाली, प्रतापगढ़, राजसंमद, सवाई माधोपुर, टोंक और उदयपुर जिले के अभ्यर्थी भाग लेंगे।

जिला मजिस्ट्रेट ओपी बुनकर ने बताया कि भर्ती के दौरान कानून शांति व्यवस्था एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं जो भर्ती सेना निदेशक एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहकर सभी व्यवस्थाएं बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे।

कोटा में ठगी के आरोप में शातिर बदमाश कुशाल कुमार अरेस्ट

कोटा। राजस्थान के कोटा में कैथूनीपोल थाना पुलिस ने ठगी के एक मामले में शातिर अपराधी कुशाल कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधीक्षक (शहर) केसर सिंह शेखावत ने सेमवार को बताया कि गत 26 सितंबर को इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति बुद्धि प्रकाश मीणा ने कैथूनीपोल थाने में दर्ज रिपोर्ट कराई थी कि उसकी गैर हाजरी में एक व्यक्ति कुशाल कुमार नौकर को चेक देकर 17 हजार रुपए का एलईडी ले गया है जबकि उसका बैंक खाता दो साल पहले ही बंद हो चुका है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर चेक देने वाले कुशाल कुमार के बताए पते पर तलाश किया तो पता चला कि वह वहां पर निवासी नहीं करता।

बाद में पूछताछ करने पर उसके कुन्हाडी क्षेत्र की मोहन लाल सुखाड़िया आवासीय कॉलोनी में रहने की जानकारी मिली जिसके आधार पर पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एलईड़ी भी बरामद कर लिया है।

शेखावत ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश कुशाल कुमार शातिर चोर और ठगी करने का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों उद्योग नगर, आरकेपुरम, महावीर नगर, गुमानपुरा, अनंतपुरा आदि में पहले से ही 17 मुकदमें दर्ज है।

विराट कोहली के कमरे में घुसपैठ पर क्राउन पर्थ होटल ने माफी मांगी

पर्थ। आईसीसी टी20 विश्व कप में यहां भारतीय टीम की मेज़बानी करने वाले होटल ‘क्राउन पर्थ’ ने विराट कोहली के कमरे में घुसपैठ की घटना पर माफी मांगते हुए सोमवार को कहा कि इस कृत्य में शामिल लोगों काे नौकरी से हटा दिया है।

होटल ने बयान जारी कर कहा कि हम अतिथि (कोहली) से माफी मांगते हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे ताकि ऐसी घटना की पुनरावृति न हो।

बयान में यह भी कहा गया कि यह व्यवहार बिल्कुल सहनीय नहीं है और यह हमारे टीम के सदस्यों और ठेकेदारों के लिए निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है। क्राउन ने इस मुद्दे को सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। इसमें शामिल व्यक्तियों को क्राउन से हटा दिया गया है। क्राउन तीसरे पक्ष के ठेकेदार के साथ एक जांच कर रहा था और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा कि इस प्रकार की घटना फिर से न हो।

कोहली इस समय भारतीय टीम के साथ एडिलेड पहुंच चुके हैं, जहां भारत का सामना बाांग्लादेश से बुधवार को होगा। कोहली ने अपने कमरे में कथित घुसपैठ की वीडियो साझा करते हुए कहा था कि यह बहुत ही खौफनाक है।

कोहली ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि मैं समझता हूं कि प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर बेहद खुश और उत्साहित हो जाते हैं। मैंने हमेशा इसकी सराहना की है, लेकिन यह वीडियो बहुत ही खौफनाक है और इसने मुझे डरा दिया है। अगर मुझे अपने होटल के कमरे में भी निजता नहीं मिलेगी, तो मैं कहां इसकी उम्मीद कर सकता हूं। मैं इस तरह के पागलपन और निजता के उल्लंघन का बिल्कुल समर्थन नहीं करता।

भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-12 मुकाबले के लिए यहां क्राउन पर्थ होटल में ठहरी थी। जब यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तब टीम एडिलेड के लिये रवाना हो चुकी थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति कोहली के कमरे में घूम-घूम कर उनके सामान को दिखा रहा है और वीडियो पर ‘होटल में किंग कोहली का कमरा’ लिखा हुआ है।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने कोहली की वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हास्यास्पद और एकदम अस्वीकार्य है। कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी इस घटना पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि यह अब तक का उनका सबसे खराब अनुभव है।

अनुष्का ने कहा कि कुछ ऐसी घटनाओं का अनुभव किया है जहां कुछ प्रशंसकों ने अतीत में भी इस तरह की हरकतें की हैं, लेकिन यह वास्तव में अशोभनीय घटना है। यह एक इंसान की निजता का उल्लंघन है।