Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 521 -
होम ब्लॉग पेज 521

कांग्रेस ने गठित की 47 वरिष्ठ नेताओं की संचालन समिति

नई दिल्ली। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने पार्टी की कमान संभालते ही पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित 47 वरिष्ठ नेताओं को शामिल करते हुए संचालन समिति का गठिन किया है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह समिति पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्यसमिति के स्थान पर पार्टी की संचालन के लिए काम करेगी।

संचालन समिति में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में खडगे के प्रतिद्वंद्वी रहे वरिष्ठ नेता शशि थरूर को जगह नहीं दी गई है जबकि समूह 23 में शामिल रहे नेताओं में सिर्फ आनंद शर्मा को ही समिति में शामिल किया गया है।

कार्यसमिति की जगह संचालन समिति कब तक काम करेगी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। नवगठित संचालन समिति में कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य रहे लगभग सभी नेताओं को शामिल किया गया है।

खडगे ने कांग्रेस संचालन समिति में जिन नेताओं को सदस्य बनाया है उनमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी, कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी, अजय माकन, अंबिका सोनी, आनंद शर्मा, अविनाश पांडे, गैखनगम, हरीश रावत जयराम रमेश, जितेंद्र सिंह, कुमारी सैलजा, केसी वेणुगोपाल, लाल थनहावला, मुकुल वासनिक, उम्मन चांडी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पी चिदंबरम, रणदीप सिंह सुरजेवाला, रघुवीर मीणा, तारिक अनवर, डॉ अजय कुमार, अधीर रंजन चौधरी, भक्त चरण दास, देवेंद्र यादव, दिग्विजय सिंह, दिनेश गुंडू राव, हरीश चौधरी, एचके पाटील, जयप्रकाश अग्रवाल, के एच मुनियप्पा, बी मणीक्कम टैगोर, मनीष चतरथ, मीरा कुमार, पीएल पुनिया, पवन कुमार बंसल, प्रमोद तिवारी, रजनी पाटिल, रघु शर्मा, राजीव शुक्ला सलमान खुर्शीद, शक्ति सिंह गोहिल, टी सुब्बारामी रेड्डी तथा तारिक़ हामिद कारा
शामिल हैं।

आंध्र में प्लास्टिक फ्लेक्स, बैनरों पर एक नवंबर से सख्त प्रतिबंध

तिरुपति। आंध्र प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर आगामी एक नवंबर से प्लास्टिक बैनरों और फ्लेक्स पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है।

तिरुपति के कलेक्टर एम वेंकटरमण रेड्डी और तिरुपति नगर निगम आयुक्त (टीएमसी) अनुपमा अंजलि ने बुधवार को फ्लेक्स छापने वाले कारोबारियों के साथ समीक्षा बैठक की और जीओ नंबर 65 के कार्यान्वयन के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए।

रेड्डी ने जिले में 55 फ्लेक्स निर्माताओं के सहयोग की मांग की और प्लास्टिक बैनर निर्माण व्यापार में शामिल कुशल श्रमिकों के लिए वैकल्पिक रोजगार के अवसरों में कपड़ा बैनर, सरकारी सहायता के साथ बैंक वित्तपोषण और प्रशिक्षण के विकल्प दिए। अंजलि ने कहा कि निर्माताओं को भविष्य में बैनर बनाने में केवल बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग करना चाहिए।

बैनर निर्माताओं ने बताया कि प्लास्टिक बैनरों की मशीनों से कपड़े की मशीनों को बदलना में 10 से 15 लाख रुपये की लागत आएगी और इसके अलावा एकत्रित कच्चे माल से भी भारी नुकसान होगा। तिरुपति फ्लेक्सी प्रिंटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार, मानद अध्यक्ष शंकर, उदय सिंह, उपाध्यक्ष राधाकृष्ण, महासचिव बालाजी और जिले के फ्लेक्सी प्रिंटर बैठक में मौजूद रहे।

राजस्थान के 344 अवासीय विद्यालयों में स्थापित होंगी डिजिटल लाइब्रेरी

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के 344 आवासीय विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए 36.56 करोड़ रूपए की वित्तीय सहमति प्रदान की है।

गहलोत के इस निर्णय से जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अल्पसंख्यक मामलात, स्कूल शिक्षा विभाग आदि के अधीन संचालित विभिन्न आवासीय विद्यालयों, बहुद्देशीय हॉस्टल व कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अत्याधुनिक सुविधा से लैस डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित हो सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि वित्त एवं विनियोग विधेयक 2022-23 की चर्चा के दौरान की गई घोषणा की अनुपालना में मुख्यमंत्री ने यह सहमति प्रदान की है। गहलोत ने अल्प आय वर्ग के विद्यार्थियों को डिजिटल लर्निंग का लाभ दिलाने की दृष्टि से विभिन्न विभागों के अधीन आवासीय शिक्षण संस्थानों एवं चयनित विद्यालयों में 9वीं से 12वीं की कक्षाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय प्रावधान की घोषणा की थी।

खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस और मजबूती से काम करेगी : सचिन पायलट

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्र्जुन खड़ंगे के नेतृत्व में पार्टी के और मजबूत होने की उम्मीद जताते हुए कहा है कि पार्टी उदयपुर घोषणा एवं नई ऊर्जा के साथ काम करेगी।

पायलट ने आज नई दिल्ली में खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद मीडिया से यह बात कही। उन्होंने युवाओं को मौका देने के सवाल पर कहा कि पार्टी की उदयपुर घोषणा में स्पष्ट कहा गया था कि 50 प्रतिशत हर स्तर पर ब्लाक, जिला, राज्य और देश स्तर पर कर्मठ कांग्रेस कार्यकर्ता जो 50 वर्ष से कम आयु के हैं उन्हें मौका देने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि खड़गे ने भी चुनाव जीतने के बाद पहली बार में कहा कि उदयपुर घोषणा को पूरी तरह लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब नए अध्यक्ष के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने इस्तीफे दिए और और अब नई टीम का गठन होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे।

पायलट ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का इतना बड़ा चुनाव हुआ जो बिना भेदभाव एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जो संकल्प शक्ति होनी चाहिए, वह कांग्रेस के अंदर हैं। खड़ंगे 50 साल से राजनीति कर रहे हैं, उन्हें व्यापक अनुभव है और वह नौ बार विधायक और दो बार सांसद चुने गए हैं और वह ऐसे तबके से आते हैं जिन्हें कांग्रेस ने हमेशा आगे बढ़ाने काम किया है। खड़गे ने हमेशा कांग्रेस कार्यकर्ता और जाति एवं समाज से ऊपर उठकर काम किया है। अब उनके अध्यक्ष बनने के साथ नई शुरुआत होगी।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी हमारे नेता थे और रहेंगे लेकिन नया अघ्यक्ष बना है। अब हमे सब मिलकर उनके साथ काम करना है और तमाम चुनौतियां का सामना करना है। हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव है फिर कनार्टक एवं राजस्थान में चुनाव हैं, तमाम चुनौतियां का सामना करना है।

पायलट ने कहा कि आज दिल्ली से जो संदेश गया है वह देश में आज तक किसी भी दल ने ऐसा नहीं किया है। भाजपा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में पार्टी अध्यक्ष चुनाव में कोई पता नहीं चलता कब चुनाव, मतदान और मतगणना हुई किसी को पता नहीं जबकि कांग्रेस में खुला, निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न हुआ और लोगों ने खड़ंगे को भारी मतों से जिताया। हम सबने आज उन्हें मुबारकबाद दी है और उम्मीद है कि खड़गे के नेतृत्व में कांग्रस और मजबूती से काम करेगी।

आईसीसी टी20 रैंकिंग के शीर्ष 10 में लौटे विराट कोहली

0

दुबई। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ 82 रन की अद्वितीय पारी खेलकर आईसीसी टी20 रैंकिंग के शीर्ष-10 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से बुधवार को जारी रैंकिंग के अनुसार कोहली 635 रेटिंग पॉइंट के साथ पांच पायदान चढ़कर नौंवे स्थान पर आ गए हैं। कोहली ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 82 रन की करिशमाई पारी में 53 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के लगाकर भारत को यादगार जीत दिलाई थी।

कोहली से बेहतर रैंकिंग वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव हैं, हालांकि वह एक पायदान फिसलकर तीसरी रैंकिंग पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे ने टी20 विश्व कप के उद्घाटन मैच में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 58 गेंदों पर नाबाद 92 रन बनाए, जिससे वह तीन पायदान की छलांग लगाकर दूसरी रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद रिज़वान 849 रेटिंग पॉइंट के साथ अब भी शीर्ष टी20 बल्लेबाज हैं, लेकिन वह 831 रेटिंग पॉइंट वाले कॉनवे की पहुंच से ज्यादा दूर नहीं हैं।

इसी बीच, भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके हरफनमौलाओं की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। पांड्या ने पाकिस्तान के तीन विकेट लेने के बाद 40 रन बनाते हुए कोहली के साथ 113 रन की साझेदारी की जो भारत को जीत दिलाने में निर्णायक साबित हुई। इस प्रदर्शन से उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 189 रेटिंग हासिल कर ली है।

इसी बीच, अफगानिस्तान के अबूझ स्पिनर राशिद खान एक बार फिर टी20 के शीर्ष गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के विरुद्ध विश्व कप के अपने पहले मैच में केवल 17 रन देकर एक विकेट लिया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जॉश हेजलवुड को पछाड़कर टी20 रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

खनन माफिया हाजी इकबाल का बेटा दिल्ली से अरेस्ट, दुबई भागने की फिराक में था

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के वांछित कुख्यात खनन माफिया हाजी इकबाल बाल्ला का फरार बेटा और 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश वाजिद अली को दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. विपिन टाडा ने बताया कि थाना मिर्जापुर पुलिस ने पूर्व बसपा एमएलसी हाजी इकबाल के बड़े बेटे वाजिद अली को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह लगभग सवा सात बजे गिरफ्तार कर लिया। वह दुबई भागने की फिराक में था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आज दोपहर बाद वाजिद अली को रिमांड मजिस्ट्रेट जेएम (प्रथम) मोहम्मद आरिफ अहमद की अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वाजिद अली के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में 21 मुकदमें दर्ज है। जिनमें से एक दर्जन मुकदमें थाना मिर्जापुर में धोखाधडी और जालसाजी की धाराओं में दर्ज है। वाजिद अली के तीन भाई अलीशान, जावेद और अफजाल पहले से ही जेल में बंद है। हाजी इकबाल के भाई और पूर्व बसपा एमएलसी महमूद अली भी इन्हीं आरोपों में जेल में है।

हाजी इकबाल के भांजे शाहबान को भी पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब हाजी इकबाल ही पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी पर सहारनपुर के डीआईजी सुधीर कुमार सिंह ने 50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी को भी प्रयासरत है।

डा टाडा ने बताया कि सहारनपुर पुलिस को इमीग्रेशन टीम से वाजिद अली के विदेश जाने की सटीक सूचना मिली थी। जिस पर थाना मिर्जापुर के एसएचओ हृदय नारायण सिंह, दरोगा दीपक कुमार, कांस्टेबिल रवि कुमार और कांस्टेबिल अखिलेश कुमार की टीम ने वाजिद अली को दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग हाजी इकबाल की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुका है। हाजी इकबाल की जांच ईडी समेत कई एजेसियां कर रही है।

हैप्पी बर्थडे : 48 साल की हुई एक्ट्रेस रवीना टंडन

मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री रवीना टंडन आज 48 वर्ष की हो गई। रवीना टंडन का जन्म 26 अक्टूबर 1974 को मुंबई में हुआ। पिता रवि और मां वीणा टंडन के नाम को मिलाकर उनका नाम रवीना टंडन रखा गया। रवीना को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता जाने-माने फिल्म निर्माता थे।

रवीना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई के जमनाबाई स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई के मशहूर मिट्ठीभाई कॉलेज में दाखिला लिया। इस दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक शांतनु शोरी से हुई। उन्होंने रवीना को फिल्मों में काम करने की सलाह दी। इसके बाद कॉलेज में पढ़ाई छोड़कर रवीना फिल्मों में अभिनेत्री बनने का ख्वाब देखने लगी।

रवीऩा ने अपने सिने करयिर की शुरूआत वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म ‘पत्थर के फूल’ से की। जीपी सिप्पी निर्मित इस फिल्म में नायक की भूमिका सलमान खान ने निभाई थी। यह फिल्म हालांकि टिकट खिड़की पर सफल नहीं हो सकी लेकिन रवीना टंडन के अभिनय को दर्शकों ने काफी सराहा। इसके साथ ही वह नवोदित अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गई।

वर्ष 1994 रवीना के सिने करियर के लिए अहम वर्ष साबित हुआ। इसी वर्ष उनकी ‘मोहरा’, ‘लाडला’, ‘दिलवाले’ और ‘अंदाज अपना -अपना’ जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुई। ‘लाडला’ में दमदार अभिनय के लिये रवीना अपने करियर में पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गई।

वर्ष 1994 में ही प्रदर्शित फिल्म ‘मोहरा’ रवीना टंडन के करियर की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म साबित हुई। मारधाड़ और एक्शन से भरपूर इस फिल्म में रवीना पर फिल्माया यह गीत ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। इसके बाद रवीना फिल्म इंडस्ट्री में ‘मस्त-मस्त गर्ल ’के नाम से मशहूर हो गईं।

वर्ष 1995 में प्रदर्शित फिल्म ‘रक्षक’ रवीना की एक और महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुईयी। अशोक होंडा के निर्देशन में सुनील शेट्टी और करिश्मा कपूर की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में यूं तो रवीना ने अतिथि कलाकार के तौर पर काम किया था लेकिन फिल्म में उन पर फिल्माया गीत ‘शहर की लड़की’ श्रोताओं के बीच काफी क्रेज बन गया था और वह दर्शकों के बीच शहर की लड़की के नाम से मशहूर हो गई।

वर्ष 2001 में प्रदर्शित फिल्म ‘दमन’ रवीना के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में शुमार की जाती है। कल्पना आजमी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने दुर्गा नामक एक ऐसी महिला का किरदार निभाया था जिसे उसका पति बेहद प्रताड़ित करता है। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए रवीना सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित की गई।

वर्ष 2001 में ही रवीना के करियर की एक और अहम फिल्म ‘अक्स’ प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में उनका किरदार ग्रे शेड्स लिए हुए था। वह दर्शकों का दिल जीतने में सफल रही और वह फिल्म फेयर के विशेष पुरस्कार से सम्मानित की गयींं।

वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म ‘सत्ता’भी रवीना के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। राजनीति से प्रेरित मधुर भंडारकर निर्मित इस फिल्म में रवीना अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों के साथ ही समीक्षकों का भी दिल जीतने में सफल रहीं। वर्ष 2003 में रवीना ने फिल्म ‘स्टंपड’ के जरिये फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रख दिया।

फिल्म ने टिकट खिड़की पर औसत व्यापार किया। इस दौरान वह फिल्म वितरक अनिल थडानी की तरफ आकर्षित हो गई और 2004 में रवीना ने अनिल से शादी कर ली। इसके बाद रवीना ने ‘पहचान’ फिल्म का निर्माण किया लेकिन यह फिल्म टिकट खिड़की पर नकार दी गई।

वर्ष 2003 में रवीना ‘बाल फिल्म सोसाइटी’ की अध्यक्ष बन गई। इस दौरान हालांकि उन पर आरोप लगने लगे कि वह अपने काम में ध्यान नहीं दे रही हैं। वर्ष 2005 में रवीना ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। वर्ष 2006 में प्रदर्शित फिल्म ‘सैंडविच’ की असफलता के बाद रवीना ने फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया।

वर्ष 2017 में रवीना की फिल्म मातृ प्रदर्शित हुई जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। रवीना के सिने करियर में उनकी जोड़ी अभिनेता अक्षय कुमार और गोविंदा के साथ काफी पसंद की गई। रवीना ने अपने दो दशक लंबे सिने करियर में 75 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

भीलवाड़ा अस्पताल की एनआईसीयू में एक शिशु की मौत, दूसरा झुलसा

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में महात्मा गांधी अस्पताल की विशिष्ट नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में वार्मर के अधिक तापमान से इक्कीस दिन की बालिका की झुलसने से मौत हो गई जबकि एक अन्य बालक गंभीर रुप से झुलस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच में चित्तौडग़ढ़ जिले के मरमी ग्राम निवासी पप्पू वैष्णव ने 21 दिन की बालिका को कम वेट के कारण एनआईसीयू में भर्ती कराया गया जहां मंगलवार की देर रात करीब तीन बजे इस बच्ची की वार्मर में अधिक तापमान होने के कारण मौत हो गई और एक अन्य बालक गंभीर रूप से झुलस गया।

मृतक बालिका के पिता पप्पू वैष्णव ने आरोप लगाया कि अस्तपाल में रात्रिकालीन स्टाफ की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। अस्पताल के उपनियंत्रक देवकिशन सरगरा ने बताया कि बालिका की जलने से मौत हुई लेकिन यह जांच का विषय है। इसकी जांच कराई जाएगी।

इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने बताया कि प्रारंभिक दृष्टि से स्टाफ की लापरवाही सामने आई है। रात्रि को दो ठेके के कर्मचारी लगे हुए थे उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई है वहीं पूरे मामले की जांच के लिए चार चिकित्सकों की कमेटी का गठन किया गया है जो तीन दिन में रिपोर्ट देंगे। अगर कोई दोषी पाया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

उधर इस मामले के बाद बालिका एवं बालक के परिजन एवं अन्य लोग एकत्र हो गए और प्रदर्शन कर इस मामले के दोषी लोगों को सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। मौके पर पुलिस पहुंच गई और लोगों समझाने का प्रयास कर रही है।

असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भाजपा का कटाक्ष

बेंगलूरू। भारतीय जनता पार्टी के नेता शहजाद पूनावाला ने इस्लाम में महिलाओं की विवादास्पद स्थिति की ओर इशारा करते हुए बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि पहले हिजाब पहनने वाली लड़की को अपनी पार्टी का अध्यक्ष बनाएं और फिर एक ऐसी लड़की के प्रधानमंत्री बनने के लिए उम्मीद करें।

पूनावाला ने ट्वीट के जरिये कहा कि ओवैसी जी को उम्मीद है कि हिजाब पहनने वाली लड़की भारत की प्रधानमंत्री बनेगी। वैसे संविधान किसी को रोकता नहीं है, लेकिन हमें यह बताएं कि हिजाब पहनने वाली लड़की एआईएमआईएम की अध्यक्ष कब बनेगी? आइए हम उससे शुरू करें?

एआईएमआईएम प्रमुख ने मंगलवार को कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि ब्रिटेन में अल्पसंख्यक समुदाय से संबंध रखने वाले ऋषि सुनक के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने पर बहस के जवाब में एक दिन हिजाब पहने भारत का प्रधानमंत्री बनेगा।

ओवैसी ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि इंशाअल्लाह (भगवान की कृपा है) मेरे जीवनकाल में या उसके बाद भारत में एक हिजाब पहने प्रधानमंत्री होगा। कांग्रेसी पी चिदंबरम और शशि थरूर सहित कई विपक्षी नेताओं ने कहा था कि ‘बहुसंख्यक’ सरकार के कारण भारत में अल्पसंख्यक का प्रधानमंत्री असंभव है।

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने मंगलवार को एपीजे अब्दुल कलाम और मनमोहन सिंह के देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के रूप में उदय का हवाला दिया।

हरियाणा के सूरजकुंड में गृह मंत्रियों के चिंतन शिविर को संबोधित करेंगे मोदी

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरूवार को हरियाणा के सूरजकुंड में आयोजित गृह मंत्रियों के चिंतन शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे।

चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों के गृह सचिव एवं पुलिस महानिदेशक और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा केन्द्रीय पुलिस संगठनों के महानिदेशक भी शामिल होंगे।

गृह मंत्रियों का चिंतन शिविर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के भाषण में घोषित पंच प्रण के अनुरूप आंतरिक सुरक्षा से संबंधित मामलों पर नीति निर्माण को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य प्रदान करने का एक प्रयास है। सहकारी संघवाद की भावना के अनुरूप यह शिविर, केन्द्र और राज्य स्तर पर विभिन्न हितधारकों के बीच योजना एवं समन्वय के मामले में अधिक तालमेल सुनिश्चित करेगा।

शिविर में पुलिस बलों के आधुनिकीकरण, साइबर अपराध प्रबंधन, आपराधिक न्याय प्रणाली में सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग, भूमि सीमा प्रबंधन, तटीय सुरक्षा, महिला सुरक्षा, मादक पदार्थों की तस्करी जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।