Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 522 -
होम ब्लॉग पेज 522

अहमदाबाद में पटाखे की चिंगारी से दुकान में लगी भीषण आग, नियॉन गैस सिलेंडरों में विस्फोट

अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद शहर के कांकरिया इलाके में पटाखे की चिंगारी से बुधवार को एक दुकान में भीषण आग गई जिससे नियॉन गैस के 50 सिलेंडरों में भी विस्फोट हो गया और वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अग्निशमन विभाग के कंट्रोल इंचार्ज यूसुफभाई पठान ने बताया कि कांकरिया लिटल स्टार स्कूल, आम्रकुंज सोसायटी के निकट एक एसी फ्रिज की दुकान में सुबह पटाखे की चिंगारी से अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियों के साथ 30 दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए।

दमकल कर्मियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया तथा नियोन गैस के 50 सिलेंडरों में विस्फोट हो गया जबकि अन्य 50 सिलेंडरों को बचा लिया गया, लेकिन किसी के हताहत होने की अभी तक काई सूचना नहीं है।

पठान ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पटाखे की चिंगारी से लगी आग की 25 तथा अन्य छह सूचनाएं मिली हैं, जबकि दीपावली के दिन से अब तक कुल 118 आग की सूचनाएं कंट्रोल रूम को मिली हैं। सभी घटनाओं में आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

भारतीय नोट पर गांधी के साथ हो लक्ष्मी-गणेश की तस्वीर : केजरीवाल

0

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि भारतीय मुद्रा पर एक तरफ महात्मा गांधी और दूसरी तरफ लक्ष्मी-गणेश जी की तस्वीर लगाई जाए।

केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में आज कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था काफी नाजुक दौर से गुजर रही है। डॉलर के मुकाबले रुपया दिन प्रतिदिन कमजोर होता जा रहा है। इन सब चीजों की मार आम आदमी को भुगतनी पड़ती है। आजादी के 75 साल बाद भी भारत एक विकासशील और गरीब देश माना जाता है।

उन्होंने कहा कि हम सब चाहते हैं कि भारत एक विकसित देश बने। इसके लिए बहुत सारे प्रयास करने की जरूरत है। हमें बड़ी संख्या में स्कूल और अस्पताल खोलने हैं। हमें बहुत बड़े स्तर पर बिजली और सड़कों का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है। लेकिन प्रयास तभी फलीभूत होते हैं, जब हमारे उपर देवी-देवताओं का आशीर्वाद होता है। हम कई बार देखते हैं कि प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उसके नतीजे नहीं आ रहे हैं। उस वक्त लगता है कि अगर देवी-देवताओं का आशीर्वाद हो तो प्रयास फलीभूत होने लगते हैं और उसके नतीजे आने लगते हैं।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर हम लोगों ने गणेश जी और लक्ष्मी जी का पूजन किया। हम सब लोगों ने भगवान से सुख-शांति की प्रार्थना की। हम सब लोगों ने अपने-अपने परिवार और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। हम यह भी देखते हैं कि व्यवसाय करने वाले व्यापारी और उद्योगपति अपने-अपने कमरे में लक्ष्मी जी और गणेश जी की मूर्ति जरूर लगाकर रखते हैं और रोज सुबह काम शुरू करने से पहले उनकी पूजा करते हैं। उन्होंने कहा की वह केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से अपील है कि भारतीय मुद्रा के उपर एक तरफ महात्मा गांधी की तस्वीर है। उसे वैसी ही रहनी चाहिए, लेकिन दूसरी तरफ गणेश जी और लक्ष्मी जी की तस्वीर भारतीय लगाई जाए।

उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया एक मुस्लिम देश है। इंडोनेशिया में 85 प्रतिशत से अधिक आबादी मुस्लिम है और वहां पर दो फीसद से भी कम हिन्दू हैं, लेकिन उन्होंने वहां पर अपने नोट के उपर गणेश जी की तस्वीर छापी हुई है।

यमद्वितीया अर्थात भैय्यादूज के आध्यात्मिक लाभ

0

असामायिक अर्थात अकालमृत्यु न आए, इसलिए यम देवता का पूजन करने के तीन दिनों में से कार्तिक शुक्ल द्वितीया एक है। यह दीपोत्सव पर्व का समापन दिन है। `यमद्वितीया’ एवं `भैय्यादूज’ के नाम से भी यह पर्व प्रसिद्द है । इन तीन दिनों में से यह एक दिन है। इन दिनों में भूलोक में यम तरंगें अधिक मात्रा में आती हैं। इन दिनों यमादि देवताओं के निमित्त किया गया कोई भी कर्म अल्प समय में फलित होता है। इसलिए कार्तिक शुक्ल द्वितीया की तिथि पर यम देव का पूजन करते हैं। चौकी पर रखे चावल के तीन पुंजों पर तीन सुपारियां रखते हैं। चौपाए पर चावल के तीन छोटे छोटे पूंजों पर तीन सुपारियां रखी जाती हैं।

कार्तिक शुक्ल द्वितीया को `यमद्वितीया‘ और `भैय्यादूज‘ कहने के कारण

कार्तिक शुक्ल द्वितीया की तिथि पर वायुमंडल में यम तरंगों के संचार के कारण वातावरण तप्त ऊर्जा से प्रभारित रहता है। ये तरंगें नीचे की दिशा में प्रवाहित होती हैं। इन तरंगों के कारण विविध कष्ट हो सकते हैं, जैसे अपमृत्यु होना, दुर्घटना होना, स्मृतिभ्रंश होने से अचानक पागलपन का दौरा पडना, मिरगी समान दौरे पडना अर्थात फिट्स आना अथवा कार्य में अनेक बाधाएं आना। भूलोक में संचार करने वाली यम तरंगों को प्रतिबंधित करने के लिए यमादि देवताओं का पूजन करते हैं। पृथ्वी यम की बहन का रूप है। इस दिन यम तरंगें पृथ्वी की कक्षा में आती हैं। इसलिए पृथ्वी की कक्षा में यम तरंगों के प्रवेश के संबंध में कहते हैं कि, कार्तिक शुक्ल द्वितीया की तिथि पर यम अपने घर से बहन के घर अर्थात पृथ्वी रूपी भूलोक में प्रवेश करते हैं। इसलिए इस दिन को यम– द्वितीया के नाम से जानते हैं। यम देवता के अपनी बहन के घर जाने के प्रतीक स्वरूप प्रत्येक घर का पुरुष अपने ही घर पर पत्नी द्वारा बनाए गए भोजन का न सेवन कर बहन के घर जाकर भोजन करता है। बहन द्वारा यम देवता का सम्मान करने के प्रतीक स्वरूप यह दिन `भैय्यादूज‘के नाम से भी प्रचलित है।

बहन द्वारा भाई का औक्षण करने की पद्धति

भोजन से पूर्व बहन भाई का औक्षण करती है। इसमें वह प्रथम भाई को कुमकुम तिलक एवं अक्षत लगाती है। तदुपरांत भाई के मुख के चारों ओर अर्धगोलाकार आकृति में तीन बार सुपारी एवं अंगूठी घुमाती है। इसके उपरांत अर्धगोलाकार में तीन बार आरती उतारती है। उपरांत उपहार देकर भाई का सम्मान करती है। शास्त्र की जानकारी हो, तो कोई भी धार्मिक कृति मन:पूर्वक एवं श्रद्धा पूर्वक की जाती है। परिणामत: उससे लाभ भी अधिक प्राप्त होता है।

बहन द्वारा भाव सहित भाई का औक्षण करने से होने वाले लाभ

इस दिन बहनें भाई के रूप में यम देव का औक्षण कर उनका आवाहन करती हैं। उनका यथोचित आदर सहित सम्मान करती हैं और भूलोक में संचार करने वाली यम तरंगों पर तथा पितृलोक की अतृप्त आत्माओं को प्रतिबंधित करने के लिए उनसे प्रार्थना करती हैं। परिजनों को यम तरंगों के कारण होने वाले कष्ट घटते हैं। यम तरंगों से परिजनों की रक्षा होती है। वास्तु का वायुमंडल शुद्ध बनता है। पृथ्वी का वातावरण सीमित समय के लिए यातना रहित अर्थात आनंददायी रहता है। औक्षण के उपरांत भाई बहन के हाथ से बना भोजन ग्रहण करता है। ऐसा बताया गया है कि सगी बहन न हो, तो भाई दूज के दिन चचेरी, ममेरी किसी भी बहन के घर जाकर अथवा किसी परिचित स्त्री को बहन मानकर उसके घर भोजन करना चाहिए।

भाई का बहन को उपहार देना

भोजन के उपरांत भाई यथाशक्ति वस्त्राभूषण, द्रव्य इत्यादि उपहार देकर बहन का सम्मान करता है। यह उपहार सात्त्विक हो, तो अधिक योग्य है। जैसे साधना संबंधी, धर्म संबंधी ग्रंथ, देवता पूजन हेतु उपयुक्त वस्त्र इत्यादि। कुछ स्थानों पर स्त्रियां सायंकाल में चंद्रमा का औक्षण कर उसके उपरांत ही भाई का औक्षण करती हैं। भाई न हो, तो कुछ स्थानों पर बहन चंद्रमा को भाई मानकर उनका औक्षण करती है।

भाई दूज के दिन स्त्रियों द्वारा चंद्रमा का औक्षण करने के परिणाम

स्त्री द्वारा चंद्रमा का आवाहन करने से चंद्र तरंगें कार्यरत होती हैं। ये तरंगें वायुमंडल में प्रवेश करती हैं। इन तरंगों की शीतलता के कारण ऊर्जामयी यम तरंगें शांत होती हैं तथा वातावरण की दाहकता घटती है। इससे यमदेव का क्षोभ भी मिटता है। इसके उपरांत वातावरण प्रसन्न अर्थात सुखद बनता है। वातावरण की इस प्रसन्नता के कारण स्त्रियों के अनाहत चक्र की जागृति होती है। परिणामस्वरूप यमदेवताके उद्देश्य से भाई के पूजन की विधि द्वारा भाव बढने में सहायता मिलती है तथा इष्ट फल प्राप्ति होती है।

भाई दूज मनाने से भाई एवं बहन को प्राप्त लाभ

यमद्वितीया अर्थात भाई दूज के दिन ब्रह्मांड से आनंद की तरंगों का प्रक्षेपण होता है। इन तरंगों का सभी जीवों को अन्य दिनों की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक लाभ होता है। इसलिए सर्वत्र आनंद का वातावरण रहता है।

बहन में जागृत देवी तत्व का लाभ भाई को मिलना

इस दिन स्त्री में देवी तत्त्व जागृत रहता है। इसका लाभ भाई को उसके भावानुसार मिलता है। भाई साधना करता हो, तो उसे आध्यात्मिक स्तर पर लाभ मिलता है। वह साधना न करता हो, तो उसे व्यावहारिक लाभ मिलता है। भाई कामकाज संभालते हुए साधना करता हो, तो उसे दोनों स्तर पर पचास–पचास प्रतिशत लाभ मिलता है।

बहन द्वारा की गई प्रार्थना के कारण भाई-बहन का लेन-देन घट जाना

यमद्वितीया की तिथि पर बहन अपने भाई के कल्याण के लिए प्रार्थना करती है। इसका फल भाई को बहन के भावानुसार प्राप्त होता है। इसलिए बहन का भाई के साथ लेन-देन अंशतः घट जाता है। इसलिए यह दिन एक अर्थ से लेन-देन घटाने के लिए होता है।

भाई दूज के कारण बहन को प्राप्त लाभ

बहन का प्रारब्ध घट जाना। भाई दूज के दिन भाई में शिवतत्त्व जागृत होता है। इससे बहन का प्रारब्ध एक सहस्त्रांश प्रतिशत घट जाता है। भाई दूज के दिन शास्त्र में बताए अनुसार कृति करने के लाभ हमने समझ लिए। इन सूत्रों से हिंदु धर्म में बताए पर्वो व उत्सवों का महत्त्व समझ में आता है।

सबगुरु राशिफल : 26 अक्टूबर बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, दोपहर 02.42 बजे बाद द्वितीया तिथि प्रारम्भ, भाई दूज पर्व।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं।

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं।प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे।किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मीन राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

सूर्यग्रहण समाप्ति के बाद शुद्धीकरण के लिए पुष्कर सरोवर में लगी श्रद्धालुओं की भीड

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के तीर्थराज पुष्कर में आज सूर्यग्रहण के सूतक के चलते जगतपिता ब्रह्माजी का मंदिर पूर्णतः बंद रहा लेकिन अभी सायं सूर्यग्रहण समाप्ति के बाद शुद्धिकरण के लिए पवित्र सरोवर में श्रद्धालुओं की भीड उमड़ पड़ी।

सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में ग्रहण से शुद्धिकरण के लिए स्नान किया और बाद में जगतपिता ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर परिवार में खुशहाली की कामना की।

इस दौरान ब्रह्मा मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की कतार नजर आई। मंदिरों की इस पवित्र नगरी पुष्कर में सूतक के चलते दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा लेकिन सायं ग्रहण पश्चात एकदम से सड़कों पर रौनक लौट आई।

इधर अजमेर में भी यही स्थिति रही। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के बाद आज आए ग्रहण ने श्रद्धालुओं के धार्मिक कार्यों पर रोक लगा दी लेकिन कल गोवर्धन पूजा एवं अन्नकुट के साथ त्योहार का मजा एकबार फिर परवान चढ़ेगा। अगले दिन भाईदूज का त्यौहार भी मनाया जाएगा। बहनें भाई को तिलक लगाकर उनके स्वस्थ दीर्घायु की कामना करेगी।

रायबरेली : 8 साल की बच्ची के साथ यौन दुर्व्यवहार का आरोपी अरेस्ट

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली में आठ साल की एक बच्ची को गांव का एक युवक मंगलवार को बहला फुसला कर एकांत में ले गया और उसके साथ यौन दुर्व्यवहार करने की कोशिश की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार यह वारदात आज शाम करीब साढ़े चार बजे की है, जब एक गांव में पिछड़ी जाति की मासूम बच्ची को आवारा किस्म का एक युवक बहला फुसला कर एकांत में ले गया। उसने बच्ची केे कपड़े उतार दिए और उसके साथ दुष्कर्म कर पाता, इससे पहले बच्ची के परिजन घटनास्थल पर आ गए। इतने में वह मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दबिश डाल कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्ची के बयान और परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है। पुलिस ने फिलहाल छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को मेडिकल जांच रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि होने पर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया को पूरा करेगी।

धनखड़ ने नाथद्वारा में शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम‘ का किया अवलोकन

0

नाथद्वारा। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज सपरिवार राजस्थान की धार्मिक नगरी नाथद्वारा में विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम‘ का अवलोकन किया।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डा सीपी जोशी और संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने धनखड का स्वागत किया। इस दौरान राज्य सरकार के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद थे।

इस अवसर पर धनखड़ ने कहा कि वह राज्यपाल रहते हुए यहां आए और धर्मपत्नी के साथ शिव प्रतिमा के शीश पर जाकर पूरा दृश्य देखा कि जो कुछ मदनजी ने सोचा था, वह अब पूरी तरह हकीकत में सामने आने लगा है।

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने उप राष्ट्रपति और उनकी धर्मपत्नी का स्वागत किया और उन्हें फिर से नाथद्वारा आने का निमंत्रण दिया। डॉ. जोशी ने उन्हें न्यौता दिया कि वह शिव प्रतिमा के लोकार्पण के लिए यहां पधारें।

इससे पहले धनखड़ परिवार सहित भगवान श्रीनाथजी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। मोतीमहल पहुंचने के बाद उन्होंने मंदिर में भोग आरती झांकी के दर्शन किए। मंदिर परम्परानुसार तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने उप राष्ट्रपति को उपरना ओढ़ा कर पान, प्रसाद, बीडा, भेंट समाधान किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी पी जोशी, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी एवं सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि पुष्टीमार्गीय वैष्णव संप्रदाय की सबसे बड़ी पीठ श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा में विश्व की सबसे बड़ी 369 फीट ऊंची शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम‘ का लोकार्पण महोत्सव 29 अक्टूबर से शुरू होगा। नौ दिवसीय कार्यक्रम के बीच इस प्रतिमा का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के कई लोग भाग लेंगे। इस प्रतिमा का लोकार्पण प्रख्यात संत एवं रामकथा वाचक मोरारी बापू करेंगे।

इस प्रतिमा का निर्माण संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने कराया है। भगवान शिव की अल्हड़ रूप में बनाई प्रतिमा बेहद ही सौम्य है। नाथद्वारा की गणेश टेकरी पर बनी यह प्रतिमा 20 किलोमीटर दूर से ही नजर आने लग जाती है।

कश्मीर से कन्याकुमारी रोलर स्केटिंग यात्रा का अजमेर में स्वागत

0

अजमेर। ढाई इंच के पहियों पर एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत अतुल्य भारत रोलर स्केटिंग यात्रा के युवाओं का अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा अजमेर में स्वागत किया गया।

पंचायत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम अग्रवाल ने दल का स्वागत करते हुए कहा कि दल द्वारा पर्यावरण एवं ग्राहक संरक्षण, एनीमिया मुक्त, कुपोषण मुक्त भारत व नारी शिक्षा जैसे विषयों के प्रति लोगों को जागरूक करना आज की महती आवश्यकता है।

यह उल्लेखनीय है कि लगभग 5000 किलोमीटर की यह यात्रा देश के 13 राज्यों, 100 शहर व 10000 गांव व कस्बों से गुजरेगी। 27 सितंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित इस यात्रा में आयोजित 14 युवा भाग ले रहे हैं।

यात्रा के अपने अनुभव सुनाते हुए यात्रा के संयोजक राजेश डोगरा व सोनी चौरसिया ने बताया कि कई स्थानों पर सड़कें खराब होने के कारण यात्रा दल के युवाओं को शारीरिक क्षति भी पहुंची है परंतु उनका उत्साह किसी भी प्रकार से कम नहीं हुआ है। देशभर में हुए स्वागत से हम अभिभूत हैं।

यात्रा को सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त नहीं हुई है। इस यात्रा को भारत विकास परिषद, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, क्रीड़ा भारती व अन्य संगठनों का सहयोग कर रहे हैं। उपस्थित कार्यकर्ताओं की ओर से रोलर स्केटिंग यात्रियों को स्मृति चिन्ह व 5300 रुपए की राशि भी भेंट की गई।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के सुरेश गोयल, रमेश जाजु, जीतमल चौहान, डॉक्टर सुरेश गाबा के अलावा ग्राहक पंचायत के कुलदीप व्यास, जय किशन राघानी, चंद्रभान अग्रवाल, विशंभर दयाल शर्मा, संजय गुप्ता, शिवजी राम, ज्ञानेश्वर आदि उपस्थित थे।

अतुल्य भारत स्केटिंग यात्रा : एक भारत श्रेष्ठ भारत

राष्ट्रीय एकता, ग्राहक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति को फिटनेस संदेश देने, देश भक्ति भावना जागृत करने के उद्देश्य से सोनू चौरसिया प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना जिन्होंने 126 घंटे नृत्य कर विश्व रिकॉर्ड बनाया ने भारत के सबसे बड़े ग्राहक संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की काशी में महिला मुखिया अपने गुरु डोंगरा जी के साथ 20 लोगों की टीम संग 21 अक्टूबर को कश्मीर से स्केटिंग यात्रा पर चलकर जयपुर पहुंचने पर जयपुर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा स्वागत किया गया।

कर्नाटक : शिवमोगा में मृतक हिंदू कार्यकर्ता हर्ष के परिवार को धमकी

शिवमोगा। कर्नाटक के शिवमोगा में कुछ बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की रात को मृतक हिंदू कार्यकर्ता हर्ष के सीगहट्टी स्थित आवास पर जाकर उसके परिवार को कथित रूप से धमकी दी। यह जानकारी उसके परिवार के एक सदस्य ने मंगलवार को दी।

हर्ष की बहन अश्विनी के कहा कि चिल्लाने की आवाज सुनकर मैं अपने घर से बाहर निकली तो देखा कि कुछ बाइक सवार इलाके में घूम रहे थे। उनमें से एक मेरे घर के पास आकर धमकी भरा इशारा किया। जब मैं उनके नजदीक गई तो वे भाग गए।

उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उनका परिवार खौफ में जी रहा है। उन्होंने कहा कि हर्ष की चाकू घोंपकर हत्या किए हुए आठ महीने भी नहीं हुए हैं और वे हमारे घर के सामने आकर हमें धमकी दे रहे हैं। मेरा परिवार डर के साये में जी रहा है, हम नहीं जानते कि ऐसी स्थिति में कैसे जीना है, इसलिए मेरे परिवार को पुलिस सुरक्षा मिलनी चाहिए।

यह घटना अश्विनी और 10 अन्य लोगों द्वारा 24 अक्टूबर को कथित रूप से सैयद परवेज की एक इनोवा कार की हेडलाइट क्षतिग्रस्त करने के बाद की है जिसमें पुलिस ने मामला भी दर्ज किया है।

हालांकि, अश्विनी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पुछा कि क्या एक महिला द्वारा किसी के कार को नुकसान पहुंचाना संभव है? मेरे भाई को लोगों ने धर्म के नाम पर मार डाला। इसके बावजूद मैंने मुस्लिम समुदाय को दोषी नहीं ठहराया बल्कि केवल उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जिन्होंने मेरे भाई की हत्या की थी। पुलिस ने बीती रात की घटना को संज्ञान में लिया है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

कैलाश चौधरी ने मुनाबाव बॉर्डर पर BSF जवानों के साथ मनाई दीपावली

बाड़मेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने भारत-पाकिस्तान सीमा स्थित मुनाबाव में सीमा सुरक्षा बल (बीएफएफ) जवानों के साथ दीपावली मनाई।

चौधरी ने सोमवार को भारत पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर स्थित मुनाबाव पहुंचकर बीएफएफ की 13वीं वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी।

इस दौरान उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाई तथा पटाखे फोड़कर प्रकाश पर्व की खुशी का इजहार किया। जवानों के बीच आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि देश दुनिया में दीपोत्सव पर्व को लेकर उत्सव और उमंग का माहौल है। वहीं सरहद पर हमारे सीमा प्रहरी दिन-रात सुरक्षा में लगे हुए है ताकि हम चैन से दीपोत्सव का आनंद उठा सकें।

इसके बाद चौधरी ने बालोतरा के बाज़ार में व्यापारियों की दुकानों और कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रकाश और खुशियों के पावन महापर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सभी का आशीर्वाद, स्नेह एवं साथ ही मेरी शक्ति है। दीपों का यह उत्सव आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं आरोग्य का एक नया प्रकाश लेकर आए। मां लक्ष्मी का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे।

उन्होंने आज सुबह अपने बालोतरा स्थित निवास स्थान पर आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह के माध्यम से संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन से मुलाकात की तथा मिठाई खिलाकर प्रकाश पर्व की खुशी मनाई।

इस मौके चौधरी ने कहा कि सभी को मिलजुल कर दीपावली त्यौहार मनाना चाहिए। अपने परिवार के अलावा ऐसे लोगों के साथ भी त्यौहार मनाएं जो असहाय एवं अपनों से दूर हैं। त्यौहार की खुशियों में सभी को शामिल करें।