Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 523 -
होम ब्लॉग पेज 523

भागलपुर : प्रेम विवाह करने वाली बहन को भाई ने गोली से उडाया

भागलपुर। बिहार में भागलपुर जिले के सजौर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि चंद्रमा गांव में सोमवार की देर रात साहिल कुमार सिंह उर्फ अमित कुमार सिंह ने अपनी सगी बहन शिवानी कुमारी (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। शिवानी ने करीब एक सप्ताह पहले अपने परिवार से खिलाफ होकर प्रिन्स कुमार से प्रेम विवाह किया था।

सूत्रों ने बताया कि इस प्रेम विवाह से नाराज अमित कुमार सिंह ने शिवानी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सिलसिले में मृतका की मां राधा देवी ने अपने पुत्र अमित सिंह सहित तीन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पढाई के दौरान हुआ संपर्क

जानकारी में आया है कि युवती बांका के रजौन में रहकर बीए कर रही थी। वहीं रहते हुए उसका संपर्क जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कनेरी गांव के रहने वाले प्रिंस नाम के युवक से हो गया। दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और घरवालों को बताए बिना ही दोनों ने शादी कर ली।

घरवालों का कहना है कि 20 सितंबर को वह घर से कॉलेज के लिए निकली और वहीं से लापता हो गई। बाद में पता चला कि उसने प्रिंस से 25 सितंबर को शादी कर ली थी। शादी करने के बाद वह उसी लड़के के साथ रहने लगी।

युवती की मां राधा देवी ने पुलिस को बताया कि बेटी से मिलने की इच्छा थी, इसलिए घर से लोगों को भेजकर बेटी को बुलवाया था। दिवाली की रात शिवानी के घर पर पूजा हो रही थी। उसकी मां सहित अन्य सदस्यों ने पूजा-पाठ पूरा कर लिया था। इसी बीच शिवानी की मांग में सिंदूर देख उसका भाई साहिल आक्रोशित हो गया और उसी को लेकर वह बहन से बहस करने लगा।

साहिल उससे यह कहने लगा कि घरवालों की मर्जी के बिना उसने शादी की है तो उसका दिखावा घर पर न करे। इसपर शिवानी ने कहा कि उसने जब शादी की है तो सिंदूर क्यों नहीं लगाएगी। इसी बात पर बहस होते हुए बात बढ़ गई और साहिल ने आक्रोश में आकर पिस्तौल निकाली और बहन के सिर में गोली मार दी, जिससे वह वहीं पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

ऋषि सुनक पर चिदंबरम की टिप्पणी से कांग्रेस का किनारा

नई दिल्ली। कांग्रेस ने ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने पर भारत को अल्पसंख्यकों के मामले में सबक लेने संबंधी पी चिदंबरम के बयान पर टिप्पणी करने से किनारा कर दिया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश से मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि इस बारे में जो भी सवाल करना है चिदंबरम से ही पूछिए। यह बयान उन्होंने क्यों दिया इस बारे में जवाब वही देंगे।

रमेश ने कहा कि उनसे पूछिए, मैं भारत जोड़ो यात्रा की बात कर रहा हूं। किसी और व्यक्ति ने जो कहा है मैं उस पर टिप्पणी नहीं करूंगा। मैंने देखा भी नहीं है कि उन्होंने क्या कहा है। मैं सिर्फ भारत जोड़ो यात्रा पर बोलूंगा। किसी अन्य के वक्तव्य पर मैं कुछ नहीं बोलूंगा।

चिदम्बरम ने कहा कि पहले कमला हैरिस, अब ऋषि शुनक। अमरीका और ब्रिटेन के लोगों ने अपने देशों के गैर-बहुसंख्यक नागरिकों को गले लगा लिया है और उन्हें सरकार में उच्च पद के लिए चुना है। मुझे लगता है कि भारत और बहुसंख्यकवाद का पालन करने वाली पार्टियों द्वारा सीखने के लिए एक सबक है।

ऋषि सुनक ने कभी राजनीति में आने के बारे में नहीं सोचा था

हैदराबाद में लड़की को अभद्र संदेश भेजने का आरोपी शाहिद नवाब अरेस्ट

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद शहर पुलिस की एसएचई टीमों ने एक लड़की को अभद्र संदेश भेजने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मंगलवार को यहां पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बड़े सपनों वाली एक युवती कर्नाटक से हैदराबाद आई थी और अपने परिवार का समर्थन करने के लिए एक छात्रावास में रहकर अंशकालिक नौकरी कर रही थी तथा बेहतर भविष्य के लिए पढ़ रही थी।

ग्रुप स्टडी के दौरान उसकी दोस्ती शाहिद नवाब (29) नाम के शख्स से हुई। इसके बाद नवाब लगातार लड़की को मैसेज करने लगा और फिर उसके कॉल का जवाब न देने पर अपशब्द संदेश युवती को भेजने लगा। युवती के यह स्पष्ट करने के बाद भी कि उसे उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है, नवाब ने उसके साथ दुर्व्यवहार और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया तथा गर्ल्स हॉस्टल तक पहुंच गया।

इस पर युवती ने एसएचई टीमों को वाट्सएप संदेश भेजा और आरोपी को तुरंत मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद नवाब को सभी प्रासंगिक साक्ष्य पेश करते हुए अदालत में पेश किया गया। नामपल्ली के पांचवें विशेष मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने आरोपी को पांच दिन की कैद की सजा सुनाई है।

एक अन्य मामले में एसएचई टीमों ने 23 वर्षीय युवती के पूर्व पति को परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया। शिकायत के आधार पर आरोपी एम मनदीप (24) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की विज्ञप्ति में कहा गया है कि सभी रिकॉर्ड किए गए सबूतों के साथ, आरोपी को बारहवीं विशेष मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट, नामपल्ली की ओर से पांच दिन के कारावास की सजा सुनाई गई है।

भारत फिर एक दिन विश्व गुरु बनेगा : जगदीप धनखड़

माउंट आबू। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जो विश्व के कल्याण की बात कर रहा है। वह विश्वगुरु था और फिर से एक दिन निश्चित रूप से विश्व गुरु बनेगा।

धनखड़ ने आज आबू रोड़ में ब्रह्माकुमारीज संस्थान के 85वें वार्षिकोत्सव और दीपावली स्नेह मिलन समारोह में शिरकत की और उन्होंने दीप प्रज्जवलन कर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सशक्त, समृद्ध और स्वर्णिम भारत विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिसका हमने सपना देखा था वह जल्द ही साकार होगा। हमारी शैक्षणिक संस्थाओं ने दुनिया का मार्ग प्रशस्त किया है। दुनिया के इतिहास में सच्चाई और शांति का संदेश देने वाला भारत के अलावा और कोई राष्ट्र नहीं है।

धनखड़ ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े संकट कोरोनाकाल में भी भारत ने अपने सांस्कृतिक मूल्यों का ध्यान रखते हुए पूरी दुनिया की सेवा की। अर्थव्यवस्था में भारत ने छलांग लगाकर दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बना। इसमें कोई संदेह नहीं कि हम जल्द ही एक दशक के अंदर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे।

उपराष्ट्रपति ने अपने सांसद कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि 33 साल पहले एक सांसद के रूप में मुझे 50 गैस कनेक्शन मिले थे। वह मेरी ताकत थी। मैंने सोचा था कि कम से कम 50 घरों में हमारी मातृ शक्ति के आंसू पोंछ सकूंगा। आज हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए उज्जवला योजना से 18 करोड़ परिवारों को मुक्त गैस कनेक्शन दिए हैं।

उन्होंने कहा कि आज के नवयुवकों के मन में विचार और बदलाव की आवश्यकता है उसे धन की तो कतई कमी नहीं है। इतिहास का अध्ययन करेंगे तो पता चलेगा तो भारत के लोगों ने कभी गरीबी की बात नहीं की। उन्होंने दुनिया को मूल्यवान बनाने की बात की है। ब्रह्माकुमारीज ने जो विजन बनाया है मैं उसे सलाम करता हूं।

उन्होंने कहा कि यह दिन मुझे सदा याद रहेगा। जीवन की सच्चाई अंदर है। ब्रह्माकुमारीज में आकर भारतीय दर्शन की सोच के दर्शन होते हैं। दुनिया का कोई भी भू-भाग नहीं है जहां पर ब्रह्माकुमारीज की उपस्थिति न हो। यह उपस्थिति कोई भूगोल से जुड़ी नहीं बल्कि आध्यात्म की उपस्थिति है। यहां जो राजयोग की बात कही गई वह अमिट है और आज विश्व की आवश्यकता है। कम शब्दों में यहां जो बताया वह गीता का सार है।

उन्होंने कहा कि मैंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का गहन अध्ययन किया है और मुझे यह जानकर आश्चर्य हुआ कि इस नीति ने हमारी संस्कृति, विचारों और विरासत को पटल पर रखकर इसका निर्माण किया है। देश नई दिशा में जाएगा क्योंकि शिक्षा मूल है। धर्म हमारी धरोहर और पूंजी है। आध्यात्म, धर्म यूनिवर्सल है। जिसका प्रचार-प्रसार करने का कार्य ब्रह्माकुमारीज कर रही है।

ब्रह्माकुमारीज की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका व लंदन के सेवाकेंद्रों की निदेशिका बीके जयंती ने कहा कि भारत की संस्कृति और त्योहार आज विश्वव्यापी हो गए है। राजयोग दुनिया के लिए भारत की सौगात है। इस मौके मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि श्रममंत्री सुखराम विश्नोई भी मौजूद थे।

भदोही : आतिशबाजी को लेकर बवाल, एक की मौत, 5 घायल

भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही स्थित शहर कोतवाली इलाके के नई बाजार पुलिस चौकी अन्तर्गत गुलौरा मुहल्ले में दीपावली पर बीती देर रात आतिशबाजी को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए हैं।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि मौके पर पुलिस पीएससी बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस से नाराज लोगों ने नई बाजार विवेकानन्द चौराहे पर चक्का जाम कर दिया था। समझाने-बुझाने के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ है। अब हालात नियंत्रण में बताये गये है।

इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने बताया कि दीपावली पर आतिशबाजी को लेकर भदोही में दो पक्षों के बीच जमकर वाद विवाद हुआ। आतिशबाजी को लेकर हुए इस बवाल में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं कई लोग जख्मी हुए हैं। बवाल में हुई मौत के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।

कई थानों के पुलिस बल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं फाॅरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मामला भदोही शहर कोतवाली इलाके के नई बाजार का है। जहां दीपावली की रात आतिशबाजी को लेकर इलाके के एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ है।

शहीदों की याद में दीपक जलाए, जगमगाया स्कूल मैदान

0

बाघसूरी/भवानीखेडा। नसीराबाद के समीपवर्ती बाघसूरी और धोलादांता गांव के स्कूल खेल मैदान पर दीपोत्सव पर्व के पावन अवसर पर युवाओं की टीम ने देश की आन-बान शान के लिए शहीद हुए फौजियों को नमन करते हुए उनकी याद में दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाया।

महेंद्र रायका ने बताया कि युवा टीम ने करीब 500 दीपकों आर्मी शब्द लिखकर बाघसूरी स्कूल खेल मैदान के चारों ओर दीपदान किया। इस मौके पर विमल, अर्जून,जीवराज, धारासिंह, राकेश, मनीष, जितेंद्र, रितिक, सीताराम, युवराज आदि मौजूद थे।

इसी तरह धोलादांता के समीप सरकारी स्कूल का विशाल खेल मैदान दीपकों की रोशनी से नहाया नजर आया। धालादांता सरपंच मानसिंह ने बताया कि इस मैदान में आरके डिफेंस एकेडमी के प्रशिक्षुओं ने फौजियों के सम्मान में हजारों की संख्या में दीपक जलाए।

राजस्थान में कांग्रेस में गुटबाजी चरम सीमा पर : वासुदेव देवनानी

अजमेर। राजस्थान के पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा है कि वर्तमान में कांग्रेस गुटबाजी चरम सीमा पर है।

अजमेर उत्तर विधायक देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्यमंत्री पद की चाहत रखने वाले सचिन पायलट पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि कुर्सी के लिए दोनों एक दूसरे को चुनौती दे रहे हैं और प्रदेश में कांग्रेस की नैया डूब रही है।

उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में अब एक साल का ही समय रह गया है और चुनाव से चार माह पहले आदर्श आचारसंहिता लग जाती है। इसके बावजूद कांग्रेस को अपना अस्तित्व बचाने में संघर्ष करना पड़ रहा है।

देवनानी ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी असली अग्नि परीक्षा अब है। वे केवल दिखावटी अध्यक्ष साबित होंगे क्योंकि उनका रिमोट सोनिया गांधी के हाथ में होगा। ऐसे में खड़गे से ज्यादा अपेक्षा करना बेमानी है।

प्रदेश में राजनीतिक नियुक्ति के सवाल पर भी देवनानी ने कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि प्रदेश का युवा ठगा महसूस कर रहा है क्योंकि उन्हें न बेरोजगारी भत्ता मिला और न ही नौकरी दी गई। दुर्भाग्य है कि राजस्थान के बेरोजगारों को गुजरात की सड़कों पर संघर्ष करना पड़ रहा है।

ऋषि सुनक ने कभी राजनीति में आने के बारे में नहीं सोचा था

लंदन। ब्रिटेन में 57वें प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे ताकतवर पद संभालने वाले ऋषि सुनक ने कभी राजनीति में आने का सपना नहीं देखा था।

अपने करीबी मित्र साजिद जाविद के 2020 में इस्तीफे के बाद 42 वर्षीय सुनक चांसलर ऑफ एक्सचेकर के पद पर पहुंच गये थे। ऋषि को जल्द काम शुरू कर देर से निपटाने के लिये जाना जाता है। उन्होने भारत के छठे सबसे बड़े अरबपति की बेटी अक्षता मूर्ति से विवाह किया जो उनका पूरा ध्यान रखती है और उन्हें ऋषि के आधी रात तक आफिस के काम निपटाने में भी कोई एतराज नहीं है।

समाचार पत्र सन की रिपोर्ट के मुताबिक अत्यधिक अनुशासित नये प्रधान मंत्री के हर दिन की शुरुआत सुबह की कसरत से होती है। ऋषि की हिंदू धर्म के प्रति गहरी आस्था है। मांस मदिरा से उन्हें परहेज है। पहली बार सांसद बनने पर उन्होंने भगवद गीता पर शपथ ली थी और यह संयोग ही है कि हिन्दुओं के सबसे बड़े त्योहार दिवाली के ठीक एक दिन पहले वह प्रधानमंत्री बने।

ऋषि सोमवार को उपवास करते हैं। पहले बैंकिंग और बाद में राजनीति के करियर में उन्होने अनुशासित तरीके से अपने नैतिक कर्तव्यों काे अंजाम दिया है। ऋषि के माता पिता 1960 के दशक में ब्रिटेन के साउथेम्प्टन में आकर बस गए थे। ऋषि के दादा-दादी भारत में पंजाब प्रांत से थे लेकिन उनके पिता यशवीर केन्या में पैदा हुए थे जबकि मां उषा का जन्म तंजानिया में हुआ।

रिपोर्ट में बताया गया है कि ऋषि अपनी मां के दवाखाने में पढ़ लिख कर बड़े हुये। उन्होंने कहा कि मैं ब्रिटेन को एक ऐसा देश बनाना चाहता हूं जहां कड़ी मेहनत का इनाम दिया जाए। जहां परिवार मजबूत हों और आकांक्षा कुछ ऐसी हो कि उसे मनाया जा सके।

ऋषि ने कभी भी अपनी पब्लिक स्कूल की पृष्ठभूमि को छिपाने का प्रयास नहीं किया। राज्य के एक स्कूल के गवर्नर के रूप में सेवा देने वाले ऋषि ने उन अदभुत अवसरों की तारीफ की है जो उन्हें प्रदान किए गए हैं और सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया है। उन्होने कहा कि मेरे माता-पिता ने बहुत त्याग किया ताकि मैं अच्छे स्कूलों में जा सकूं। ऋषि के छोटे भाई संजय एक मनोवैज्ञानिक हैं जबकि छोटी बहन राखी शिक्षा के लिए संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक कोष के लिए काम करती हैं।

वर्ष 1997 में जब टोनी ब्लेयर प्रधान मंत्री बने, तो ऋषि ने स्कूल पत्रिका के लिए ब्लेयर की यूरोपीय सुपरस्टेट की सदस्यता की योजना के बारे में शिकायत करते हुए एक लेख लिखा। मात्र 18 साल की उम्र में ऋषि ने ऑक्सफोर्ड में दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्र का अध्ययन करने के लिए एक स्थान चुना जहां रहते हुए उन्होंने बड़े पैमाने पर राजनीति की।

वह यूनिवर्सिटी कंजर्वेटिव एसोसिएशन में शामिल नहीं हुए और न ही बोरिस जॉनसन या थेरेसा मे जैसे अन्य प्रधानमंत्रियों के विपरीत वे प्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड यूनियन में शामिल हुए। इसके बजाय, वह यूनिवर्सिटी इन्वेस्टमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष बने, जहां छात्रों ने बैंकरों को उनसे बात करने के लिए आमंत्रित किया कि इसे शहर में कैसे बनाया जाए। सुनक स्नातक करने के बाद शीर्ष निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स में शामिल हो गए।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ऋषि ने 2004 में कैलिफोर्निया के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स की पढ़ाई करने के लिए गोल्डमैन को छोड़ दिया। वहां उनकी मुलाकात एक फैशन-प्रेमी छात्र और भारतीय उद्योगपति नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता से हुई। इस जोड़े ने 2009 में अपने गृह शहर बेंगलूरु में शादी की। विवाह समारोह में एक हजार मेहमानों ने भाग लिया।

वर्ष 2014 में देश की सबसे सुरक्षित सीटों में से एक रिचमंड, नॉर्थ यॉर्क की विलियम हेग की पुरानी सीट पर ऋषि को उम्मीदवार के रूप में चुना गया था। उन्हें स्थानीय लोगों पर जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

ऋषि ने एक बार मजाक में कहा था कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने निर्वाचन क्षेत्र की पूरी अप्रवासी आबादी को बनाया है। मई 2015 में उन्होंने 50 प्रतिशत से अधिक मतों के साथ सीट जीती। निर्वाचित होने पर उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में 1.5 मिलियन पौंड से आलीशान घर खरीदा। उन्हें ‘डेल्स का महाराजा’ कहा जाता है, क्योंकि वे और उनकी पत्नी हर साल ग्रामीणों के लिए विशाल ग्रीष्मकालीन उद्यान पार्टी देते हैं।

दंपती अपना अधिकांश समय वेस्ट लंदन के केंसिंग्टन में अपने सात मिलियन पौंड के म्यूज़ हाउस में बिताते हैं, और एक बेटी हार्पर बेकहम के समान स्कूल में पढ़ती है। ऋषि को तड़क-भड़क वाले ड्रेसर के रूप में भी जाना जाता है। थिंक-टैंक में उनके साथ काम करने वाले एक पूर्व सहयोगी को याद है कि ऋषि अपने अधिक नासमझ सहयोगियों के बीच कितने चतुर थे।

कोयंबटूर कार विस्फोट : हमलावर मृतक के पांच साथी अरेस्ट

चेन्नई। कोयंबटूर कार विस्फोट की जांच कर रही विशेष टीम ने इस विस्फोट में मारे गए संदिग्ध कट्टरपंथी इस्लामिक स्टेट के सदस्य जमीशा मुनीब के पांच साथियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने योजनाबद्ध अभियान चलाते हुए विभिन्न सुरागों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सोमवार देर रात और आज सुबह इन पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान मुहम्मद थलका (25), मुहम्मद अजहरुद्दीन (23), मुहम्मद रियाज (27), फिरोज इस्माइल (27) और मुहम्मद नवाज इस्माइल (27) के रूप में की गई है जो उक्कदम इलाके के पास जीएम नगर के निवासी हैं।

सूत्रों के अनुसार मुहम्मद थलका ने मुबीन के लिए विस्फोट होने वाले कार का प्रबंध किया था जिसमें रविवार सुबह चार बजे कोट्टई ईश्वरन मंदिर के सामने विस्फोट हुआ था, जब दो एलपीजी सिलेंडरों में से एक 35 किलो का वाणिज्यिक सिलेंडर फट गया और घटनास्थल पर ही मुबीन की मौत हो गई। वह विस्फोट में बुरी तरह झुलस गया था जिससे उसके शव की पहचान मुश्किल थी।

इसी संदर्भ में पुलिस ने नवाब खान के घर पर छापेमारी की, जो 1998 में कोयंबटूर बम धमाकों का मुख्य आरोपी अल उम्मा का भाई है। खबरों के अनुसार मुबीन के साथ संबंध होने की सूचना के आधार पर नवाब खान के घर पर छापेमारी की गई।

मुबीन की पहचान होने तुरंत बाद, पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की और पोटेशियम नाइट्रेट, एल्यूमीनियम पाउडर, सल्फर, लकड़ी का कोयला सहित विस्फोटक सामग्रियों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया, जिसका उपयोग देशी बम बनाने के लिए किया जाता था।

डीजीपी सी सिलेंद्र बाबू ने कहा कि मुबीन के घर से जब्त सामग्री और उसकी कार में हुए विस्फोट के बाद घटनास्थल पर बिखरे हुए कीलों और पत्थरों को देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे भविष्य में हमले की योजना बना रहे थे। उन्होंने कहा कि मुबीन की कोयंबटूर के किसी भी मामले में संलिप्तता नहीं थी जैसा कि उसके कुछ दोस्तों की थी। उसके संपर्कों, सोशल मीडिया गतिविधियों आदि की जांच चल रही है।

पुलिस सूत्रों का दावा है कि वर्ष 2019 में एनआईए ने मुबीन से भी पूछताछ की थी। कोयंबटूर से मिली खबरों के अनुसार, मुबीन मोहम्मद अजहरुद्दीन का सहयोगी था, जो आईएस के एक मामले में केरल की एक जेल में बंद है। अजहरुद्दीन वर्ष 2019 में श्रीलंका के ईस्टर चर्च में हुए बम विस्फोट का कथित मास्टरमाइंड जहरान हाशिम का फेसबुक दोस्त है, जिसमें 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

वॉट्सऐप की सेवाएं बाधित, थम गए मैसेज

नई दिल्ली। संदेशों के आदन-प्रदान का लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप ‘व्हाट्सऐप’ की सेवाएं भारत में मंगलवार दोपहर को कई जगह करीब डेढ़ घंटा बाधित रहीं। विभिन्न शहरों के उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि वे इस ऐप का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। दुनिया में कई अन्य जगहों से भी इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं।

इस तरह की शिकायतें करीब 12:45 बजे से आनी शुरू हुई। कई लोगों ने व्हाट्सऐप के मुद्दे को सोसल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर उठाया। भारत के एक व्यक्ति ने ट्विटर पर लिखा कि व्हाट्सऐप काम नहीं कर रहा है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि पिछले 30 मिनट से व्हाट्सऐप काम नहीं कर रहा है।

भारत में व्हाट्सऐप का व्यापक रूप से चैट और संदेश भेजने और दस्तावेज़ साझा करने के लिए उपयोग किया जाता है। दिल्ली में 14.15 बजे के बाद व्हाट्सऐप की सेवाएं धीरे-धीरे बहाल होने लगी थी।

डाउनडिटेक्टर ऊकला ने दिखाया कि भारत में दिल्ली, कानपुर, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलूरु में व्हाट्सऐप को लेकर दिक्कत थी। फ्रांस और कई अन्य देशों में भी व्हाट्सऐप की सेवाएं प्रभावित हुई थीं।