Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 528 -
होम ब्लॉग पेज 528

जयपुर आ रही बस गोमती एक्सप्रेस वे पर ट्रक से भिडी, 4 की मौत, 40 घायल

जयपुर/इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सैफई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा लखनऊ गोमती एक्सप्रेस वे पर रविवार को तड़के देवरिया से जयपुर जा रही एक डबल डेकर बस और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बस राजस्थान के जयपुर जा रही थी।

पुलिस के अनुसार सभी घायलों को उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती करा दिया गया है। इनमें 3 घायलों की हालत नाजुक बताई गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज तड़के लगभग 3 बजे हुए इस हादसे में जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने गोमती एक्सप्रेस वे पर टिमरुआ के पास देवरिया से जयपुर जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। इसमें सवार 4 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए उन्होंने बताया कि बस मौरम से भरे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद यूपीडा और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यूपीडा और पुलिस टीम से राहत और बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों की टीम सभी का सघनता से उपचार करने में जुटी हुई है।

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से डीएम अवनीश राय, एसएसपी जयप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश, पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह समेत जिले के आला अफसर मौके पर पहुंच गए।

आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 103 पर गांव टिमरुआ के पास स्लीपर बस ट्रक से टकरा गई। एक्सप्रेस वे कंट्रोल रूम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। भीषण हादसे की जानकारी मिलते ही एक दर्जन एंबुलेंस और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। बस में फंसे लोगों को निकालने का काम किया गया। घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

डीएम अवनीश राय और एसएसपी जयप्रकाश सिंह संयुक्त रूप से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में घायलों का हालचाल लेने के लिए पहुंचे। इसके बाद डीएम एवं एसएसपी घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन करने के लिए पहुंचे। उन्होंने पुलिस को समुचित धाराओं में कार्रवाई करने को कहा।

बस चालक राजस्थान के झुंझुनूं निवासी आमीन अली (35 साल) और जयपुर निवासी सह चालक सुमेर सिंह गुर्जर की भी मृतकों में शामिल हैं। एक अन्य यात्री श्रेया (8 साल) की मौत उपचार के दौरान सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

इटली की नई प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, सरकार ने ली शपथ

रोम। इटली की नवनियुक्त प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी द्वारा गठित नई इतालवी सरकार ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में शपथ ली।

संसद में सभी दलों के नेताओं के साथ अपने छोटे दौर के परामर्श के अंत में राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला की ओर से बुलाए जाने के बाद मेलोनी को औपचारिक रूप से नियुक्त किया गया और शुक्रवार को जनादेश स्वीकार कर लिया गया था।

मेलोनी और उनका मंत्रिमंडल अगर संसद में विश्वास मत हासिल कर लेता है तो वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री होंगी। जुलाई में प्रधानमंत्री के रूप में मारियो ड्रैगी के इस्तीफे के बाद इटली में 25 सितंबर को अचानक आम चुनाव हुआ। ड्रैगी ने लगभग 17 महीनों तक देश का नेतृत्व करने के बाद राष्ट्रीय एकता की सरकार को समाप्त कर दिया।

इटली के दक्षिणपंथी ब्रदर्स की नेता मेलोनी को नई सरकार बनाने के लिए कहा गया था जब उनकी पार्टी ने हाल के चुनावों में 26 प्रतिशत वोट हासिल किए जो सबसे अधिक वोट वाली ताकत थी। उन्हें अपने दो गठबंधन सहयोगियों, पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की केंद्र-दक्षिणपंथी फोर्ज़ा इटालिया पार्टी और माटेओ साल्विनी के नेतृत्व में अप्रवासी तथा यूरोसेप्टिक लीग के साथ अभियान चलाया। दोनों को आठ प्रतिशत से थोड़ा अधिक वोट मिले।

शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सुबह क्विरिनल प्रेसिडेंशियल पैलेस में हुआ। कुल मिलाकर, ब्रदर्स ऑफ इटली ने कैबिनेट में नौ मंत्रियों को नामित किया जबकि लीग और फोर्ज़ा इटालिया ने 5-5 मंत्रियों को नामित किया। आगे पांच कैबिनेट पदों को टेक्नोक्रेट के आंकड़ों से कवर किया जाएगा।

अब आधिकारिक तौर पर शपथ लेने के बाद कैबिनेट को लागू होने के लिए निचले सदन और सीनेट दोनों के विश्वास मत हासिल करने की आवश्यकता होगी। मतदान अगले सप्ताह दो अलग-अलग दिनों में होगा।

नए मंत्रिमंडल में 24 मंत्री होंगे जिनमें कुछ प्रमुख हस्तियां भी शामिल हैं। इनमें जियानकार्लो जियोर्जियेटी शामिल हैं, जो पिछली कैबिनेट में उद्योग मंत्री होने के बाद अब अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्री के रूप में काम करेंगे। इसके अलावा एंटोनियो तजानी विदेश मामलों के अगले मंत्री के रूप में और मेलोनी द्वारा नामित दो उप प्रधानमंत्रियों में से एक के रूप में काम करेंगे।

इसरो के एलवीएम 3-एम2 ने वनवेब के सभी 36 उपग्रहों को किया कक्षा में स्थापित

श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज तड़के इतिहास रचते हुए अपने पहले कॉमर्शियल मिशन के तहत श्रीहरिकोटा सतीश धवन केन्द्र से एलवीएम3-एम2 रॉकेट द्वारा प्रक्षेपित किएये गए ब्रिटेन के वनवेब के सभी 36 उपग्रहों अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित कर दिया है।

इसरो के सूत्रों के अनुसार एलवीएम3 एम2 रॉकेट अपने निर्धारित समय 12:07 बजे ब्रिटेन के वनवेब के 36 उपग्रह को अंतरिक्ष में निर्धारित कक्षा में स्थापित कर दिया। इसी के साथ इसरो ने वाणिज्यिक उपग्रह प्रक्षेपण बाजार में अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज करा दी है।

इस अवसर इसरो के अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ ने इस सफलता के लिए इसरो की पूरी टीम की सराहना की। वनवेब ने भी ट्वीट कर इसरो की इस सफलता के लिए उसकी पूरी टीम धन्यवाद दिया है।

इसरो ने कहा कि जीएसएलवी, एमके 3 रॉकेट की लंबाई 43.5 मीटर है। यह 5796 किलो वजनी पेलोड ले जाने वाला देश का पहला रॉकेट है। यह आठ हजार किलोग्राम के उपग्रह का भार उठाने में सक्षम है। इसरो का यह पहला कॉमर्शियल मिशन है।

सबगुरु राशिफल : 23 अक्टूबर रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष, त्रयोदशी तिथि, धनतेरस पर्व, वार रविवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 06.03 बजे बाद चतुर्दशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छिपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएं बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

भीलवाड़ा : रोडवेज बस में आग लगी, चालक की सूझबूझ से यात्रियों की जान बची

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में कोटा-जयपुर हाइवे पर आज करीब तीन दर्जन लोगों की जान उस समय सांसत में आ गई जब रोडवेज की एक बस में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई।

गनीमत रही कि चालक को समय रहते आग का पता चल गया और उसने बस को रोककर सवारियों को सुरक्षित बाहर निकलवा दिया। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। आग पर दमकल की मदद से काबू पा लिया गया। वहीं सवारियों को एक अन्य बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

हनुमान नगर थाने के एचसी उस्मान ने बताया कि रोडवेज की यह बस बारां डिपो की थी। बस बारां से जयपुर जा रही थी। दोपहर तीन से चार बजे के बीच यह बस भीलवाड़ा जिले के टीकड़-कुचलवाड़ा खुुर्द के बीच पहुंची थी कि अचानक इंजिन से धुआं निकलता चालक को दिखाई पड़ा।

चालक ने सतर्कता बरतते हुए बस को रोक दिया। यात्रियों को जैसे ही बस में आग की भनक लगी, उनमें अफरा-तफरी मच गई। सभी सवारियों को चालक ने बस से सुरक्षित बाहर निकलवा दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस का कहना है कि बस में करीब तीन दर्जन लोग सवार थे। वहीं देखते ही देखते बस में आग लग गई। चालक ने देवली दमकल विभाग व हनुमान नगर पुलिस को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने चालक के हवाले से बताया कि बस के इंजिन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से यह घटना घटी।

राजस्थान सरकार ने संविदाकर्मियों को नियमित करने का किया फैसला

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को अह्म फैसला लेते हुए राज्य में राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स 2022 लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह नियम राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदाकर्मियों पर लागू होंगे। प्रदेश के एक लाख 10 हजार से भी अधिक संविदाकर्मियों को इन नियमों के दायरे में लाकर लाभान्वित किया जाएगा।

गहलोत के मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में लिए गए इस निर्णय से दीपावली के अवसर पर इन संविदाकर्मियों के जीवन में उजियारे की राह प्रशस्त होगी। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय प्रवर्तित एवं राज्य सरकारों की विभिन्न जनकल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की क्रियान्विति में ये संविदाकर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे, लेकिन इनकी सामाजिक सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया। यहां तक कि कई राज्यों में तो इनका मानदेय तक नहीं बढ़ाया गया।

गहलोत द्वारा मानवीय दृष्टिकोण के साथ लिए गए इस फैसले से प्रदेश के करीब 1 लाख 10 हजार से अधिक संविदाकर्मियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। इस निर्णय से शिक्षा विभाग के शिक्षा कर्मी, पैरा टीचर्स, ग्राम पंचायत सहायक, अंग्रेजी माध्यम अध्यापक सहित 41423 संविदाकर्मी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के राजीविका व मनरेगा के 18326, अल्प संख्यक विभाग के 5697 मदरसा पैरा टीचर्स, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग व चिकित्सा शिक्षा विभाग के 44833 संविदाकर्मियों सहित कुल एक लाख 10 हजार 279 संविदाकर्मी इन नियमों से लाभान्वित होंगे।

इस नियम के लागू होने से संविदाकर्मियों की भर्ती पारदर्शी तरीके से हो सकेगी तथा इसमें आरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा साथ ही जो संविदाकर्मी पांच साल तक काम कर लेंगे, भविष्य में उन पदों के नियमित होने पर उन्हीं संविदाकर्मियों में से स्क्रीनिंग कर उन्हें स्थायी किया जा सकेगा।

नियमों में यह भी ध्यान रखा गया है कि किस पद को किस स्थायी पद के समकक्ष माना जाए, इसी आधार पर इन संविदाकर्मियों के लिए मानदेय का निर्धारण किया गया है और स्पेशल पे प्रोटेक्शन का प्रावधान भी रखा गया है। नियमित होने पर इन कर्मियों को ओपीएस का लाभ भी दिया जाएगा।

संविदाकर्मियों को नियमित करने को लेकर समय-समय पर कई कमेटियां बनीं, लेकिन इनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। गहलोत ने वर्ष 2021-22 के बजट में संविदाकर्मियों का विभागवार कैडर बनाने की घोषणा की और वर्ष 2022-23 के बजट में इनके मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि किए जाने की घोषणा की थी।

मुख्यमंत्री गहलोत ने इनकी पीड़ा को समझा और प्रदेश में पहली बार राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स 2022 लागू किए, ताकि समाज का हर वर्ग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आए। इसी सोच के साथ लिए गए इस फैसले से लाभान्वित होने वाले सभी संविदाकर्मियों को गहलोत ने बधाई दी है तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

सुलतानपुर : नहर में नहाते समय पांच लड़कियों की डूब कर मौत

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पेमापुर खजूरी गांव से कूरेभार को जाने वाली नहर में नहाते समय 5 लड़कियाें की डूब कर मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि सुलतापुर के थाना जयसिंहपुर के पेमापुर गांव से गुजरने वाली कूरेभार नहर में 5 किशोरियां नहाते समय गहरे पानी में जाने की वजह से डूब गईं। इनके साथ नहाने गईं अन्य बच्चियों ने भागकर इसकी सूचना गांव वालों को दी। गांव वालों की मदद से पुलिस ने पांचों शव बरामद कर लिए। इनमें से एक लड़की अभी भी लापता है। पुलिस ग्रामीणों की मदद से तलाश में जुटी है।

मृतकों की पहचान पेमापुर खजुरी निवासी आशिया (15) पुत्री पिंटू, आसमीन (15) पुत्री मुन्नू, नन्दिनी (14) पुत्री फिरोज, अंजान (13) पुत्री उस्मान और खुशी (13) पुत्री शमीम के रूप में हुई है। इस घटना की सूचना मिलते ही सुलतानपुर के जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

मध्यप्रदेश में आज गरीब भी धनतेरस मना रहा है : प्रधानमंत्री मोदी

सतना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पहले वे ही धनतेरस मना पाते थे, जिनके पास धन होता था। आज मध्यप्रदेश के 4 लाख 51 हजार परिवार अपने नए घरों में प्रवेश कर धनतेरस मना रहे हैं। बहनें अपने घर की मालकिन बनी हैं। अपने नए घरों से उन्हें सपनों को सच करने की नई ताकत मिली है। यह दिन उनके लिए केवल गृह-प्रवेश का ही नहीं, बल्कि नई खुशियां, नए संकल्प, नए सपने, नई उमंग और नया भाग्य लेकर आया है।

मोदी ने धनतेरस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना में मध्यप्रदेश के 4 लाख 51 हजार हितग्राहियों को वर्चुअली गृह-प्रवेश कराया। उन्होंने रिमोट से गृह-प्रवेशम शिला-पट्टिका का अनावरण किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में मुख्य कार्यक्रम बीटीआई मैदान सतना में हुआ। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, सतना के प्रभारी एवं वन मंत्री कुँवर विजय शाह सहित जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास देश में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव का माध्यम बन रहे हैं। यह केवल घर नहीं, सम्पूर्ण घर हैं। इन घरों में शौचालय, गैस, बिजली कनेक्शन सहित नल जैसी मूलभूत सुविधाएँ हैं। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी इन हितग्राहियों को दिया जा रहा है।

मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। अब तक लगभग 30 लाख आवास मध्यप्रदेश में बनाए जा चुके हैं और इनके निर्माण पर लगभग 22 हजार करोड़ रूपए खर्च हुए हैं। मध्यप्रदेश में 50 हजार से अधिक राजमिस्त्री प्रशिक्षित किए गए हैं। इनमें 9 से 10 हजार बहनें हैं। बहनों को नई कला सिखाने का यह बहुत बड़ा कार्य है। इसके लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी टीम बधाई की पात्र हैं।

मोदी ने कहा कि ये आवास न केवल हितग्राहियों बल्कि पूरे गांव एवं क्षेत्र के लिए नई तरक्की लेकर आ रहे हैं। इनके निर्माण में जो सामग्री उपयोग की जा रही है, वह आसपास के क्षेत्र की फेक्ट्री और दुकानों से ली जा रही है जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में नागरिकों को मूल सुविधाओं के साथ तेजी से जोड़ा जा रहा है। बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्के घरों के साथ ही सड़कें, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, गांव-गांव ऑप्टिकल फाइबर आदि सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। देश में गरीबी हटाने के प्रयास तेजी से किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार इस बात का पूरा ध्यान रख रही है कि टैक्स पेयर्स के पैसे का पूरा सदुपयोग हो। गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज उनके पैसे का सही उपयोग है। सरकार ने मुफ्त टीकाकरण से गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है। हमारी सरकार मुफ्त की रेवड़ी नहीं बांटती।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों का पूरा ध्यान रखती है। दो हजार रूपए से ज्यादा की यूरिया की बोरी खरीदती है और उसे 260 रूपए में किसान को देती है। किसानों की सुविधा के लिए अब खाद की बोरी भारत के नाम से ही आएगी और उस पर उसकी कीमत लिखी होगी। किसान उससे ज्यादा कीमत न चुकाएं।

विभिन्न योजनाओं का पैसा अब सीधे ही हितग्राहियों के खातों में जा रहा है। सरकार ने तकनीकी का उपयोग कर सामान्य व्यक्ति के जीवन को आसान बनाया है। स्वामित्व योजना में गरीबों को पहली बार उनकी भूमि का स्वामित्व दिया जा रहा है। खेती में ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। गाँव में अब राशन दुकानों पर किसानों को कृषि उपकरण आदि विभिन्न सुविधाएं प्राप्त होंगी।

मोदी ने कहा कि कई पीढ़ियों बाद अब गरीब खुद के घर में दीवाली मनाएगा। इस दीवाली दिये का प्रकाश उनके लिएनई रोशनी लेकर आएगा। उन्होंने सभी को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया घर उनकी प्रगति का माध्यम बने।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनता की जिंदगी बदलने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में हर गरीब को पक्का मकान मिल रहा है। वर्ष 2024 तक कोई भी गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा, सबके पक्के मकान होंगे। इस वर्ष मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास के लिए 10 हजार करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया गया है।

प्रदेश में गरीब कल्याण का महायज्ञ चल रहा है। पूरे प्रदेश में आज 4 लाख 51 हजार गरीब परिवार अपने नये घरों में प्रवेश कर रहे हैं। सतना, रीवा, बालाघाट और सागर जिलों में एक-एक लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। पूरा प्रदेश आज आनंद उत्सव और प्रसन्नता में डूबा है।

चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का वर्तमान जितना सम्मान पहले कभी नहीं रहा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि दीवाली के बाद प्रदेश के ऐसे गरीब, जिनके पास रहने के लिए जमीन नहीं है, को मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना में जमीन के पट्टे दिए जाएंगे। प्रदेश में आगामी 31 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पात्र हितग्राही को ढूंढ-ढूंढ कर शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

चौहान ने कहा कि वे इस बार उन बच्चों के साथ दीवाली मनाएंगे, जो कोविड के दौरान अनाथ हो गए हैं। हर जिले में कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने जन-प्रतिनिधियों से कहा कि वे भी अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे बच्चों के साथ दीपावली मनाएं और उन्हें उपहार दें।

चौहान ने कहा कि आगामी 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी-2 योजना लांच की जाएगी। पूरे प्रदेश में 43 लाख लाड़ली लक्ष्मियां हैं। सतना जिले में एक लाख 17 हजार लाड़ली लक्ष्मियां हैं। बेटियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईटी, आईआईएम मैनेजमेंट कोर्सेस में प्रवेश पर उनकी फीस सरकार भरेगी। गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार देगी।

चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति हुई है। अब मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी भाषा में होगी। प्रदेश में किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि 6 हजार रूपये प्रतिवर्ष के साथ मध्यप्रदेश की सरकार 4 हजार रूपये मुख्यमंत्री कल्याण योजना से दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की किसी भी योजना में कोई भी पात्र हितग्राही न छूटे, यह सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना जिले में तेजी से विकास हो रहा है। जल्द ही यहां मेडिकल कॉलेज खुलेगा। बरगी का पानी लाने के लिए दिन-रात काम चल रहा है। चित्रकूट एवं मंदाकिनी के विकास के लिए 250 करोड़ रूपए की योजना बनाई गई है। मंदाकिनी में नर्मदा नदी का पानी लाने के लिए भी योजना बनाई जा रही है। मैहर के लिए 125 करोड़ रूपए का प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ है। सतना बाणसागर समूह नल-जल योजना के प्रथम चरण में 988 गांव एवं द्वितीय चरण में 785 गांव में हर घर नल से जल पहुंचाया जाएगा।

चौहान ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में हर माह रोजगार दिवस के आयोजन में लगभग 2 लाख लोगों को स्व-रोजगार मिलता है। देश में आगामी समय में 10 लाख सरकारी पदों पर नौजवानों की भर्ती होगी, वहीं मध्यप्रदेश में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जाएगी।

चौहान ने कहा कि गोवर्धन पूजा अर्थात प्रकृति की पूजा, पहाड़ और पेड़ों की पूजा। सभी इस अवसर पर प्रकृति की पूजा करें। आगामी देवउठनी एकादशी से प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में सामूहिक विवाह होंगे। मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना पुन: प्रारंभ की गई है। काशी कॉरीडोर की तरह ही उज्जैन में श्री महाकाल लोक विकसित किया गया है। देश में विकास के साथ ही मंदिरों के पुनर्निर्माण का कार्य जारी है, जिससे हमारी संस्कृति, परम्पराएं एवं जीवन मूल्य निरंतर रहें।

चौहान ने सभा में उपस्थित सभी को नशामुक्ति, पानी बचाने, बेटियों को आगे बढ़ाने आदि का संकल्प दिलाया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही राधा कुशवाहा, आशा सिंह, गीता बाई, गणपत कौल आदि को नए आवासों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी। मुख्यमंत्री चौहान को ऐसे 2 हजार हितग्राहियों के आभार-पत्र सौंपे गए, जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास मिलने पर प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री चौहान को धन्यवाद दिया है।

प्रारंभ में बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया गया। स्वागत भाषण सांसद सतना गणेश सिंह ने दिया। मुख्यमंत्री चौहान ने सतना जिले में 380 करोड़ 13 लाख रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री का जिले की लाड़ली लक्ष्मियों ने पुष्प भेंट कर स्वागत किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने आभार माना। प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास उमाकांत उमराव ने मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया।

पीएम मोदी ने की रोज़गार मेला की शुरूआत, 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान

जैकलीन फर्नांडीज की अंतरिम जमानत अवधि 10 नवंबर तक बढ़ी

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने धन शोधन धनशोधन मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की अंतरिम जमानत 10 नवंबर तक बढ़ा दी है।

विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक ने फर्नांडीज की अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाने के बाद मामले की सुनवाई 10 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया।

विशेष अदालत ने गत 26 सितंबर को फर्नांडीज को 50,000 रुपए के निजी मुचलके की शर्त के साथ जमानत मंजूर की थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फर्नांडीज के खिलाफ धन शोधन रोकथाम कानून के प्रावधानों के तहत 200 करोड़ रुपए के धन शोधन का मामला दर्ज किया है।

राजस्थान में 8 स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने का काम शुरू : वैष्णव

जयपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि राजस्थान में रेलवे के विकास के लिए पहले से कई गुना ज्यादा पैसों का आवंटन किया गया हैं और योजना के तहत आठ रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने का काम शुरु कर दिया गया हैं।

वैष्णव ने आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में स्कूटी वितरण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत में वर्ल्ड क्लास रेलवे सुविधा के तहत राजस्थान में योजना के प्रथम चरण में आठ रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास सुविधायुक्त करने के लिए टेंडर होकर काम शुरु हो गया हैं और सात और स्टेशनों का मास्टर प्लान तैयार हो रहा हैं और इनका भी जल्द काम शुरु किया जाएगा।

इनमें कोटा, जयपुर, जयपुर का गांधीनगर, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, अजमेर, आबूरोड़ एवं पाली-मारवाड़, इस तरह एक-एक करके रेलवे स्टेशन जुड़ते जा रहे हैं और हर सप्ताह एड होते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन प्रधानमंत्री मोदी का अभियान हैं जिसमें इन रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए बड़ा निवेश हो रहा है और जयपुर स्टेशन पर 717 करोड़ का निवेश हो रहा है। इसी तरह गांधीनगर स्टेशन पर 211 करोड़ एवं उदयपुर रेलवे स्टेशन पर 354 करोड़ का निवेश हो रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशनों के लिए जो टेंडर हो चुका हैं उसके लिए अब तक 2295 करोड़ की स्वीकृति हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिभर्र भारत की एक मिसाल हैं।

उन्होंने मोदी के 75 हजार 226 नौजवानों को रोजगार के नियुक्ति पत्र देने पर उनका आभार जताते हुए कहा कि इस अवसर पर वह जयपुर आए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेलवे में पिछले आठ साल में काफी विकास के काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि दस साल पहले तक राजस्थान के लिए ज्यादा से ज्यादा 750 करोड़ ही आवंटित होते थे, इस कारण परियोजनाएं अटकी रहती और वर्षों काम नहीं होता था। मोदी के आने के बाद राजस्थान के लिए आवंटन पहले दो गुना किया गया और फिर तीन गुना बढाकर सात हजार 565 रुपए का आवंटन कर दिया गया हैं और 57 हजार करोड़ रुपए नए काम स्वीकृत हो चुके हैं।

वैष्णव ने कहा कि उनके पास अंडरपास, फ्लाई ओवर, ठहराव आदि के कई काम के बारे में निवेदन मिले हैं और उन्होंने पार्टी कार्यालय में बैठकर सुना हैं, जल्द से जल्द इनका समाधान भी किया जाएगा।

उन्होंने टेलीकॉम के विषय में चर्चा करते हुए कहा कि 7100 गांवों के लिए कुल साढ़े पांच हजार टावर स्वीकृत हुए हैं जो 6900 करोड़ मूल्य के है और राजस्थान के लिए मंजूर हुए हैं। उन्होंने खुशी जताते हुए बताया कि राजस्थान में आज से 5जी का शुभारंभ हो गया है और अगली दिवाली तक हर कस्बे तक इसकी पहुंच हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि मोदी ने देश की राजनीति को नई दिशा दी और उसी प्रेरणा के तहत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत एक लाख कन्याओं के खाते खोले हैं। इसके लिए उन्होंने डा पूनियां को विशेष धन्यवाद दिया।

वैष्णव ने एक सवाल के जवाब में वंदे भारत रेल की प्रशंसा करते हुए कहा कि बहुत जल्द इसकी सेवा जयपुर में उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि बिजली के तार व्यवस्थित होते ही आगामी फरवरी-मार्च तक वंदे भारत की सेवा जयपुर में उपलब्ध होगी।

मोदी सरकार के दो करोड़ रोजगार देने के वादे के सवाल पर वैष्णव ने कहा कि जो बाते करने वाले बाते ही कर रहे हैं, हम काम करने वाले लोग काम ही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आठ साल पहले देश में इलेक्ट्रोनिक मैनीफक्चरिंग जीरो थी और कोई रोजगार नहीं था। आज छह लाख करोड़ का व्यापार हैं और आज 25 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है और आने वाले चार साल में एक करोड़ लोगों को रोजगार मिलने लगेगा।

उन्होंने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में पहले देश में कोई निर्माण नहीं होने से रक्षा उपकरण बाहर से खरीदने पड़ते थे लेकिन आज कम से कम आठ सौ आइटम ऐसे है जो भारत में बन रहे हैं। मेक इन इंडिया के कारण दुनिया भर से कंपनियां भारत में शिफ्ट हुई हैं और यह सब केन्द्र सरकार की नीति के कारण हो रहा है।

उन्होंने मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थतियों के बावजूद भारत की जनता पर कोई बोझ नहीं पड़ने दिया। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि रेलवे में आज प्रत्येक यात्री को टिकट में 55 प्रतिशत राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि इसमें पिछले साल 62 हजार करोड़ रुपए की यात्रियों को राहत दी गई थी।