Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 532 -
होम ब्लॉग पेज 532

अजमेर-मैसूरू-अजमेर ट्रेन मार्ग के बेंगलूरू एवं मैसूरू स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक परिवर्तन

0

अजमेर। रेलवे द्वारा अजमेर-मैसूरू-अजमेर रेलसेवा के बेंगलूरू एवं मैसूरू स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाडी संख्या 16209, अजमेर-मैसूरू रेलसेवा दिनांक 28.10.22 से बेंगलूरू स्टेशन पर आगमन/प्रस्थान समय 23.05/23.30 बजे के स्थान पर परिवर्तित समय 23.15/23.35 बजे, मैसूरू स्टेशन पर आगमन समय 2.05 बजे के स्थान पर परिवर्तित समय 1.55 बजे आगमन करेगी।

इसी प्रकार गाडी संख्या 16210, मैसूरू-अजमेर रेलसेवा दिनांक 27.10.22 से मैसूरू स्टेशन पर प्रस्थान समय 19.00 बजे के स्थान पर परिवर्तित समय 19.10 बजे कर, बेंगलूरू स्टेशन पर आगमन/प्रस्थान समय 22.10/22.20 बजे के स्थान पर परिवर्तित समय 22.30/22.40 बजे कर अजमेर के लिए रवाना होगी।

सबगुरु राशिफल : 21 अक्टूबर शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 05.23 बजे बाद दशमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

भरतपुर : मस्जिद में बच्ची से अश्लील हरकतें करने वाला मौलवी अरेस्ट

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के हलैना थाना क्षेत्र की एक मस्जिद के अंदर नाबालिग से अश्लील हरकतें करने वाले मौलवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

करीब 10 साल से मस्जिद में रह रहे रसीद नामक इस मौलवी पर मस्जिद से करीब तीन सौ मीटर दूर रहने बाली एक नाबालिग बच्ची को मस्जिद में जबरदस्ती ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया गया है।

आरोपी मौलवी को पुलिस के हवाले किए जाने से पहले पीड़ित बच्ची के परिजनों ने उसकी मस्जिद में जमकर पिटाई और जब उसे पुलिस के हवाले करने के लिए मस्जिद से बाहर लाया गया तो राहगीरों ने भी मौलवी की जमकर धुनाई की।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना हलैना पर पोक्सो की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मौलवी को गिरफ्तार किया जा चुका है। थानाधिकारी को प्रकरण में शीघ्र अनुसंधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के रग्बी खिलाड़ी लियाम हैम्पसन का स्पेन में निधन

बार्सिलोना। आस्ट्रेलिया के रग्बी लीग खिलाड़ी लियाम हैम्पसन स्पेन की यात्रा पर लापता होने के बाद एक नाइट क्लब में मृत पाए गए हैं।

हैम्पसन नेशनल रग्बी लीग (एनआरएल) के खिलाड़ियों और अन्य दोस्तों के साथ यूरोप की यात्रा पर थे। स्थानीय मीडिया ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में उनके लापता होने की सूचना मिली थी।

हैम्पसन के परिवार ने सोशल मीडिया पर कहा कि हैम्पसन स्थानीय समयानुसार मंगलवार तड़के सैला अपोलो नाइट क्लब से निकलते समय अपने दोस्तों से अलग हो गए थे। बार्सिलोना पुलिस ने कहा कि नाइट क्लब के कर्मचारियों को बुधवार को उसका शव मिला।

पुलिस का मानना ​​है कि करीब 10 मीटर की ऊंचाई से गिरने के बाद हैम्पसन की आकस्मिक मौत हुई है। रेडक्लिफ डॉल्फ़िन के लिए क्वींसलैंड कप में खेलने वाले 24 वर्षीय हैम्पसन के पिता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लियाम के पास सोने का दिल था। दुख को बयान करने के लिये शब्द नहीं हैं।

कोटा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा

कोटा। राजस्थान में कोटा की पोक्सो कोर्ट क्रम-2 के न्यायधीश धीरज सिंह राजावत ने गुरुवार को नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को 20 साल के कारावास की सजा सजा सुनाई।

न्यायालय में पेश आरोपपत्र के अनुसार कोटा जिले के अयाना थाना क्षेत्र में रहने वाली यह 16 वर्षीय किशोरी मार्च 2020 में होली की छुट्टियों पर अपने गांव आई थेी इसी दौरान 29 मार्च की रात जब वह अपने घर पर थी तो उसकी पड़ोसन महिला ने उसे बातचीत के लिए बुलाया।

जब रात करीब 10 बजे उस महिला के घर पहुंची तो थोड़ी देर महिला अपने देवर से मिलने की बात कहकर घर से निकल गई। उस समय महिला का पति मुनेश (36) और अन्य युवराज वहां मौजूद थे। महिला के जाने के बाद मुनेश ने इस किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और बाद में मुनेश एवं युवराज ने उसे घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के बारे में धमकी दी।

किशोरी ने 9 अप्रैल 2020 को अयाना थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मुनेश को गिरफ्तार किया था। इस मामले में सुनवाई के दौरान पुलिस ने न्यायालय में 21 गवाह पेश किए। सुनवाई के बाद पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश धीरज सिंह राजावत ने आज आरोपी मुनेश को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई तथा उस पर 25 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।

एंड्रायड मोबाइल फोन को लेकर गूगल पर 1337.76 करोड़ का जुर्माना

नई दिल्ली। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने एंड्रायड मोबाइल फोन के बाजार में अव्वल स्थान पर होने का दुरूपयोग करने और गैर प्रतिस्पर्धी गतिविधियों के लिए गूगल पर 1337.76 करोड़ रुपए का न सिर्फ जुर्माना किया है बल्कि कंपनी को निर्धारित समयावधि में इसमें सुधार करने को भी कहा है।

आयोग ने आज जारी अपने आदेश में गूगल से 30 दिनों भीतर विस्तृत वित्तीय रिपोर्ट और इससे जुड़े अन्य दस्तावेज पेश करने का आदेश देते हुये कहा है कि यह जुर्माना अस्थायी (प्रोविजनल) है। स्मार्टफोन को चलाने के लिए एक ऑपरेटिंग सिस्टम की जरूरत होती है जिस पर ऐप चलता है। गूगल ने एंड्रायड को 2005 में अधिग्रहण किया था। आयाेग ने गूगल की गतिविधियों की जांच की जिसमे एंड्रायड मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम की लाइसेंसिंग के साथ ही गूगल प्ले स्टोर, गूगल सर्च, गूगल क्राेम और यूट्यूब आदि की जांच की गई।

आयोग ने गूगल के इस एंड्रायड और एप्पल के ऑपरेटिंग सिस्टम का अध्ययन किया और पाया कि इन दोनों के बिजनेस मॉडल में बहुत अंतर है। गूगल का ऑपरेटिंग सिस्टम राजस्व अर्जित करने में मददगार है। गूगल का सर्च इंजन उसके विज्ञापन को बढ़ावा देता है। इसके साथ एंड्रायड आधारित मोबाइल फाेन बनाने वाली कंपनियों को भी ऐप स्टोर में ऐसे ऐप के लिए कहा जाता है जो गूगल को राजस्व देता है।

इसके साथ गूगल के इस एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्टम में कई तरह की और गतिविधियां पाई गई है जो गैर प्रतिस्पर्धी गतिविधियों को बढ़ावा देती है। इसके कारण कंपनी पर यह जुर्माना लगाया गया है।

जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इंदिरा रसोई में किया भोजन

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को राजधानी जयपुर में एक इंदिरा रसोई घर का निरीक्षण किया और वहीं भोजन किया तथा लोगों से बातचीत की।

गहलोत जलमहल की पाल पर संचालित इंदिरा रसोई घर पहुंचे। यहां उन्होंने भोजन करने आए लोगों से भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, कर्मचारियों के व्यवहार सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में बातचीत करते हुए रसोई का निरीक्षण किया। उपस्थित लोगों ने इंदिरा रसोई की शुरूआत के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

इसके बाद गहलोत ने टोकन लेकर पत्नी सुनीता गहलोत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी, उप मुख्य सचतेक महेंद्र चौधरी व नगर निगम जयपुर हैरिटेज महापौर मुनेश गुर्जर के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने विजिटर्स डायरी का अवलोकन कर प्रतिक्रिया भी लिखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ‘कोई भी भूखा नहीं सोए‘ की भावना के अनुरूप इंदिरा रसोई में आठ रूपए में सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन खिलाया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से माह में कम से कम एक बार इंदिरा रसोई में भोजन करने के लिए अपील भी की। उन्होंने कहा कि इससे यहां नियमित भोजन करने आने वाले लोगों का मान-सम्मान बढ़ेगा। साथ ही भोजन की गुणवत्ता भी बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना काल में आमजन ने बिना भय के सावधानीपूर्वक ‘कोई भी भूखा नहीं सोए‘ के संकल्प को लेकर घर-घर जाकर भोजन पहुंचाया। जनसहभागिता का यह प्रयास पूरे देश में सराहा गया।

माली-सैनी समाज संगठित था और संगठित रहेगा : भगवानाराम माली

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 17 उम्मीदवारों की सूची

नई दिल्ली। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 17 उम्मीदवारों की दूसरी सूची गुरुवार को जारी कर दी है।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के प्रमुख मुकुल वासनिक यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने इन सभी उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है। कांग्रेस ने जिन उम्मीदवारों की सूची जारी की है उनके नाम इस प्रकार है:-

1 ठाकुर सिंह भरमौरी, भरमौर

2 मालेन्द्र राजन, इंदौरा

3 राजेश शर्मा, देहरा

4 जगदीश सफिया, सूला

5 सुरेंद्र सिंह काकू, कांगड़ा

6 बंसीलाल कौशल अन्नी,

7 महेश राज, करसोग

8 नरेश कुमार, नाचन

9 सुरेंद्र पाल ठाकुर, जोगिंदरनगर

10 चंद्रशेखर, धर्मपुर

11 पवन कुमार, सरकाघाट

12 सुदर्शन सिंह बबलू, चिंतपूर्णी

13 चैतन्य शर्मा, गगरेट

14 देवेंद्र कुमार भुट्टो, कटलिहार

15 बंबर ठाकुर, बिलासपुर

16 हरदीप सिंह, बाबा नालागढ़

17 हरीश जनाथा, शिमला अब्बीनव

एमबीएस ज्वेलर्स के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई

0

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एमबीएस ज्वेलर्स तथा मुस्द्दीलाल जेमस एंड ज्वेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और इनके निदेशक सुकेश गुप्ता तथा अनुराग गुप्ता के ठिकानों पर छापे मारकर 149 करोड़ रुपए से अधिक के आभूषण और करीब दो करोड़ रुपए की नगदी जब्त की है।

ईडी ने सरकारी कंपनी एमएमटीसी के साथ धोखाधड़ी के जांच के सिलसिले में इन फर्मों और इनके निदेशकों के खिलाफ 17 अक्टूबर को हैदराबाद और विजयवाड़ा में पांच जगह छापे मारे थे।

ईडी ने गुरुवार को यहां एक बयान में बताया कि सुकेश गुप्ता को 18 अक्टूबर को गिरफ्तार कर उससे अगले दिन हैदराबाद में धन शोधन मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

ईडी ने इस मामले की जांच सीबीआई द्वारा हैदराबाद में दर्ज एक प्राथमिकी के बाद जांच शुरू की है। सीबीआई ने सुकेश और उसकी फर्मों के खिलाफ एमएमटीसी से उधारी पर सोना खरीदने की योजना में कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर धांधली करने के आरोप में मामला दायर किया है। आरोप है कि एमएमटीसी को इससे 504.34 करोड़ रुपएये का नुकसान हुआ।

माली-सैनी समाज संगठित था और संगठित रहेगा : भगवानाराम माली

0


जयपुर।
अखिल भारतीय सैनी-माली महासंघ संस्थान दिल्ली का दीपावली स्नेह मिलन और नव​नियुक्त पदाधिकारी सम्मान समारोह लेक पैलेस होटल में आयोजित किया गया।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान नेता सांचोर के भगवानाराम माली ने इस मौके पर कहा कि यह कहना गलत है कि समाज संगठित नहीं है, समाज सदैव ही मजबूत रहा है। कभी कभी राजनीतिक नफे नुकसान की अवधारणा से इसमें बिखराव नजर आता है।

समाज की अनेकानेक संस्थाएं पूरे मनोयोग से समाजोत्थान के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहीं है। बस जरूरत इस बात की है कि इन सबका एककीकरण हो जाए। सब मिलकर काम करें तो माली सैनी समाज राजनीतिक रूप से भी मजबूत होकर अपने फैसले खुद लेने में सक्षम हो जाएगा।

राजनीतिक दलों, राजनेताओं के पिछल्लगू होने से समाज को कुछ हासिल नहीं होगा। अधिक संख्या में होने के बावजूद भी चुनाव के समय बिखराव नहीं होना चाहिए। समाज को जरूरत इस बात की है कि हम अपने समाज से नेता तैयार करें। उन्हें मजबूत करें। समाज के जिम्मेदार लोग आगे आएं और सबकों साथ चलने की सीख दें। समाज की एकता ही आने वाले समय में राजनीतिक दलों को हमारी ताकत का अहसास कराएगी। उन्होंने युवाओं को रोजगार व राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस मौके पर महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिल्पी सैनी ने कहा कि यह पहला मौका है जब कार्यक्रम में पुरुषों की बराबरी में महिलाओं की संख्या नजर आई है। यह समाज में जागरूकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। हमारा समाज शिक्षा, व्यवसाय के क्षेत्र में मजबूती से अपनी पहचान बना रहा है। समाज की कई बहनें सरकारी पदों पर अपनी क्षमता के बूते पहुंची हैं। राजनीति में भी हमारी समाज की मातृशक्ति का दखल बढा है। यह सब माली सैनी समाज के उज्जवल भविष्य ​की ओर संकेत करता है।

कार्यक्रम में समाज गणमान्यजनों ने भी संबोधित किया। सभी ने इस बात पर एकराय जताई कि विभिन्न संस्थाओं, धडों में बंटे रहने की बजाय एक साथ मिलकर काम करने की रणनीति बनाई जाए। इसके लिए समय समय पर जिलेवार संगठन के पदाधिकारियों के प्रवास सुनिश्चित किए जाएं। इस मौके पर कार्यकारिणी विस्तार कर पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किशोर कुमार टांक व प्रधान मंजु सैनी, गुड्डू सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल सैनी, प्रदेशउपाध्यक्ष जगदीश सैनी, सांवलाराम सांखला, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला विंग शिल्पी सैनी, प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग पूनम सैनी, राष्ट्रीय सचिव कोटपुतली के रामचंद्र सैनी, राष्ट्रीय महासचिव रोशनलाल सैनी तथा कंचन टांक, राष्ट्रीय कानूनी सलाहकार बबीता टांक, राष्ट्रीय सचिव नीमकाथाना की ममता सैनी, शाहपुरा के राधेश्याम सैनी, जयपुर की सानिया सैनी, आमेर के जगदीश बागडी, अजमेर नगर निगम की पार्षद बीना टांक समेत बडी संख्या में समाज के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।