Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 533 -
होम ब्लॉग पेज 533

अरविंद केजरीवाल की हवाई यात्रा पर करोड़ों खर्च किए जा रहे : शिअद

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया है कि वह पंजाबियों को बताएं कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की हवाई यात्रा के लिए सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए क्यों खर्च किए जा रहे हैं और दस सीटों वाला विमान किराए पर लेने का फैसला किस लिये किया जब पहले से ही एक हेलीकॉप्टर है।

पार्टी प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बुधवार को यहां एक बयान में कहा कि यह निंदनीय है कि पंजाब सरकार केजरीवाल और आप पार्टी की सुविधा के लिए करोड़ों रुपए बर्बाद करने को तैयार है। पंजाब में आने जाने के लिए फिक्सड विंग विमान की जरूरत नहीं है क्योंकि इसका भौगोलिक क्षेत्र बहुत छोटा है और इसका इस्तेमाल पंजाब के बाहर की यात्रा के लिए किया जाएगा ताकि केजरीवाल के अन्य राज्यों के दौरे को सुविधाजनक बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी पंजाब सरकार ने केजरीवाल की गुजरात की चुनावी यात्राओं की सुविधा के लिए प्रत्येक यात्रा के लिए क्रमशः 44 लाख रूपए और 55 लाख रुपए की लागत से दो बार निजी जेट किराए पर लिए थे। ऐसा लगता है कि आप पार्टी के संयोजक देश भर में घूमना चाहते हैं और मान पंजाबियों की ओर से इस बिल का खर्चा उठाने के लिए आगे आए हैं।

डॉ. चीमा ने मुख्यमंत्री से दस सीटों वाले दस सीटर डसॉल्ट फाल्कन 2000 फिक्सड विंग विमान को एक साल की अवधि के लिए किराए पर लेने के फैसले को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इस फिजुलखर्ची को इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए बर्दाश्त नही किया जा सकता कि किसानों को फसल क्षति के लिए मुआवजा नहीं दिया गया तथा वंचित वर्गों को सामाजिक लाभ नही मिल रहा और नौजवानों को नौकरियों से वंचित किया जा रहा है। आप पार्टी की सरकार पहले से राज्य के हेलीकॉप्टर से यात्रा करने पर करोड़ों रूपए खर्च कर चुकी है। फिक्सड विंग एयरक्राफ्ट की सेवाएं लेने से राज्य का बोझ और बढ़ जाएगा।

अकाली नेता ने सुरक्षा चिंताओं के बहाने राज्य के हेलीकॉप्टर के साथ साथ निजी चार्टड उड़ानों पर होने वाले खर्च को छिपाने के लिए आप पार्टी की सरकार की आलोचना की। इस जानकारी को पहले कभी भी छुपाया नहीं गया और तथ्य यह है कि आप पार्टी की सरकार इसे छिपा रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में आप पार्टी के प्रचार के लिए राज्य के हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करने के लिए भी मुख्यमंत्री की निंदा की।

ब्रिटेन की गृहमंत्री भारतवंशी सुएला ब्रेवरमैन का पद से इस्तीफा

लंदन। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस द्वारा सितंबर महीने में गृहमंत्री बनाई गई भारतवंशी सुएला ब्रेवरमैन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार सुएला ब्रेवरमैन ने अपने इस्तीफा को लेकर लिखा कि यह सभी पता हैं कि हम एक कठिन दौर से गुजर रहे हैं। सरकार जिस दिशा में जा रही है उसे लेकर मैं चिंतित हूं।

उन्होंने लिखा कि हमने न केवल अपने मतदाताओं से किए गए वादों को तोड़ा है, बल्कि ये सरकार अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को लेकर भी प्रतिबद्ध नहीं दिखती। घोषणापत्र में कहा गया था कि हम प्रवासन को कम करेंगे। इसमें विशेष तौर पर जल मार्ग से देश में होने वाले अवैध प्रवासन को रोकना था।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय में काम करना उनके लिए बड़े सम्मान की बात रही है। गोवा मूल के पिता और तमिल मूल की मां की संतान सुश्री सुएला को 43 दिन पहले ही गृहमंत्री नियुक्त किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार पूर्व परिवहन मंत्री ग्रांट शाप्स को ब्रिटेन का नया गृहमंत्री बनाया जा सकता है। इससे पहले प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग को बर्खास्त कर दिया था।

प्रतिस्पर्धा आयोग ने मेक माइट्रिप, गोआईबीबो, ओयो पर लगाया जुर्माना

नई दिल्ली। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने ऑन लाईन यात्रा पोर्टल मेक माइट्रिप, गोआईबीबो (एमएमटी- गो) और ऑन लाईन होटल ब्रांड ओयो के खिलाफ प्रतिस्पर्धा विरोधी व्यवहार करने के आरोप में करीब 400 करोड़ रूपये का जुर्माना लगाया है और कुछ गैर मौद्रिक प्रतिबंध लगाए गए हैं।

आयोग ने एक विस्तृत निर्णय में एमएमटी-गो को बाजार में अपनी वर्चस्व की स्थिति का दोषी करार दिया है। फैसले में एमएमटी-गो को ओयो होटल (ओरा वैल स्टेट लिमिटेड) के साथ ऐसा प्रतिस्पर्धा विरोधी समझौता करने का भी दोषी करार दिया है।
आयोग ने ओयो को भी एमएमटी-गो के साथ ऐसा करार का दोषी पाया है। जिसके तहत एमएमटी-गो ने ओयो के प्रतिस्पर्धियों को 2018 में अपने ऑन लाइन पोर्टल से निकाल दिया था।

आयोग के सामने यह मामला 2019 में आया था। आयोग ने एमएमटी-गो और ओयो पर संबंधित अवधि के राजस्व के पांच प्रतिशत की दर से दंड लगाया है। इसके अनुसार एमएमटी-गो को 223.48 करोड़ रूपए और ओयो को 168.88 करोड़ रूपए का जुर्माना देना होगा।

होटल स्वामियों के संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एन रेटोरेंट ऑफ इंडिया एफएचआरएआई ने मैक माइट्रिप और ओयो के विरूद्ध प्रतिस्पर्धा आयोग के निर्णय को होटल रेस्टोरेंट उद्योग के लिए एक बड़ी जीत बताते हुए कहा है कि इससे ऑन लाइन होटल और यात्रा प्लेटफार्म को अनुशासित करने तथा इस उद्योग को बचाने में मदद मिलेगी।

एफएचएआरआई की शिकायत पर आयोग ने 2019 में ओयो और एमएमटी-गो के बाजार व्यवहार की जांच शुरु की थी। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ वेस्टन इंडिया के अध्यक्ष और एफएचआरएआई के कार्यकारणी सदस्य प्रदीप शेट्टी ने कहा कि एमएमटी-गो और ओयो ने अलग-अलग और मिलकर हर तरह के होटलों का बड़ा नुकसान किया है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि इस निर्णय से निवेशकों और नियामकों की ओयो के प्रति आंख खुलेगी। जो अपने शेयर बाजार में उतरना चाह रही है।

सबगुरु राशिफल : 20 अक्टूबर गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष, दशमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 04.05 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि – क्रोध पर संयम रखिएगा। संभव हो तो वाद-विवाद से दूर रहिएगा। परिवारजनों के साथ किसी बात पर विवाद होने की संभावना है। स्वास्थ्य बिगड़ सकता है, जिसमें विशेषकर आंखों को संभालिएगा। अकस्मात की भी संभावना है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में ध्यान रखिएगा। अपनी मानहानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति मन को शांति प्रदान करेंगे।

वृष राशि – आज का दिन आनंदप्रद रहेगा। अगर लक्ष्मीजी की कृपा हुई तो आर्थिक योजनाएं सफल होगी। व्यावसायिक क्षेत्र में भी कुछ काम कर सकेंगे। बाहर के लोगों के साथ संचार अधिक रहेगा। बौद्धिक कार्य करने में रुचि बढेगी। आज सेवा कार्य के लिए भी शुभ दिन है। शारीरिक स्वस्थता और मानसिक प्रफुल्लितता बनी रहेगी।

मिथुन राशि – आज का आपका दिन शुभ है। आप में परोपकार की भावना रहने से अन्य लोगों को सहायता करने के लिए आप उत्सुक रहेंगे। व्यापार में भी आपका आयोजन व्यवस्थित होगा। व्यापार के कारण बाहर कहीं प्रवास हो सकता है। ऊपरी अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। संतानो की पढा़ई-लिखाई तथा स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी।

कर्क राशि – विभिन्न योजनाओं के विषय में अधिक विचार आप को द्विधा में लाकर खडा़ कर देंगे। फिर भी परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। दूर स्थित व्यक्ति या संस्था के साथ सम्बंधों में दृढता आएगी, जो कि आगे चलकर लाभदायी रहेगा। अधिक खर्च से बचिएगा। निर्धारित कार्य में अपेक्षाकृत कम सफलता प्राप्त होगी।

सिंह राशि – आप का मन अनिर्णायक स्थिति में रहेगा। मन द्विधा में रहेगा। अधिक भावुकता भी मन को अस्वस्थ बनाएगी। माता के प्रति अधिक भावनात्मक रहेगें। बौद्धिक चर्चा का प्रसंग उपस्थित होगा, लेकिन वाद-विवाद को टालिएगा। स्वजनों या स्नेहीजनों के साथ तनाव का प्रसंग उपस्थित होगा। दिया हुआ उधार और अटका हुआ पैसा वापस मिलने के प्रबल योग हैं लेकिन अब किसी को उधार न दें।

कन्या राशि -आज का दिन बहुत अच्छी तरह से बीतेगा। शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे। परिवारजनों के साथ अच्छा वातावरण प्राप्त होने से आपकी प्रसन्नता में वृद्धि होगी। लक्ष्मीदेवी की कृपा आप पर बनी रहेगी। मित्रों और स्नेहीजनों के साथ समय बीतेगा। संतान की पढा़ई-लिखाई तथा स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी। अधिक खर्च से बचिएगा।

तुला राशि – आज भाईयों से लाभ होगा। बौद्घिक तथा लेखनकार्य से जुडी़ हुई प्रवृत्ति में आप सक्रिय रहेंगे। साहित्य में नवीन सृजन करने का योजना भी कर सकेंगे। आप को हर कार्य में सफलता प्राप्त होगी। प्रतिस्पर्धी पर विजय प्राप्त होगी। संबंधो में भावनाओ की प्रधानता रहने से संबंध सुखदायी रहेंगे। भाग्य में वृद्धि होने के प्रसंग उपस्थित होंगे। सामाजिक व आर्थिकरूप से सम्मान प्राप्त होगा।

वृश्चिक राशि -आज का दिन आपके लिए लाभदायी और शुभफल प्राप्त करनेवाला सिद्ध होगा। सांसारिक सुख प्राप्त होगा। विवाहोत्सुकों के लिए विवाह प्रस्ताव का योग है। व्यावसायिक क्षेत्र में भी विशेष लाभ होगा। उच्च पदाधिकारी आपके कार्य से प्रसन्न होंगे। मित्रों के साथ नए प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी। पुरानी गलती का प्रायश्चित करने का प्रयास करेंगे। सामाजिक स्तर पर नई जिम्मेदारी मिल सकती है।

धनु राशि – वैचारिक स्तर पर विशालता और वाणी की मधुरता से अन्य लोगों को प्रभावित कर पाएँगे और साथ-साथ उनके साथ संबंधो में भी संवादिता रख पाएँगे। बैठक या चर्चा-विचारणा में भी आपको सफलता मिलेगी। परिश्रम का अपेक्षित परिणाम न मिलने पर भी उस क्षेत्र में आप आगे तो अवश्य बढ सकेंगे। पाचनतंत्र से संबंधित कष्ट होने की संभावना अधिक है, इसलिए संभव हो तो घर के खाने को प्राथमिकता दें।

मकर राशि -आज का दिन मध्यम फलदायी होगा। बौद्धिक तथा लेखनकार्य से जुडी़ हुई प्रवृत्ति में आप सक्रिय रहेंगे। साहित्य में नवीन सृजन करने का योजना भी कर सकेंगे।परंतु फिर भी मानसिक उद्वेग से आप परेशान रह सकते हैं। स्वास्थ्य की दृष्टि से कुछ थकान या आलस्य का अनुभव हो सकता है। व्यावसायिक रुप से नई विचारधारा अपना सकेंगे। व्यर्थ के खर्च से दूर रहिएगा।

कुंभ राशि – आज आप निषेधात्मक कार्य तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहने को प्राथमिकता दें। आज आप को अधिक ही विचार सताएंगे। परिणाम स्वरुप आपको मानसिक थकान का अनुभव होगा।क्रोध अधिक मात्रा में न हो जाए इसका संयम रखिएगा। ध्यान और आध्यात्मिकता आपके मन को शांति प्रदान करेंगे।

मीन राशि -आज के दिन मनोरंजन और आनंद-प्रमोद में आप डूबे रहेंगे। कलाकार, लेखक आदि को अपनी प्रतिभा प्रकट करने का अवसर मिलेगा। व्यवसाय में भागीदारी के लिए उत्तम समय है। स्वजनों, मित्रों के साथ आनंद ले सकेंगे। दांपत्यजीवन में निकटता और मधुरता आएगी। समाज में ख्याति मिलेगी।

देश में सब पर लागू होने वाली जनसंख्या नीति बननी चाहिए : दत्तात्रेय होसबाले

प्रयागराज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों के जनजातीय समुदाय के लोगों में भी स्वाभिमान जागरण के कारण मैं भी हिन्दू हूं का बोध विकसित हुआ है।

सरकार्यवाह आज प्रयागराज के गौहनिया स्थित जयपुरिया स्कूल के वात्सल्य परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान जागरण के कारण ही पूर्वोत्तर राज्यों के जनजातीय समुदाय के लोग अब संघ से भी जुड़ना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि मेघालय और त्रिपुरा राज्य के जनजाति समुदाय के लोग संघ के सरसंघचालक जी को भी इस बोध के साथ आमंत्रित करने लगे हैं।

प्रयागराज में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चार दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के अंतिम दिन दत्तात्रेय होसबाले ने पत्रकारों को बताया कि संघ अपनी स्थापना के शताब्दी वर्ष में बहुत से आयामों में कार्य को गति प्रदान कर रहा है। कोरोना की विभीषिका के कठिन समय में भी संघ ने अपने कार्यों के आयामों में अभूतपूर्व प्रगति की है।

जनसंख्या असंतुलन पर चिंता जताई

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह ने कहा कि देश में जनसंख्या विस्फोट चिंताजनक है। इसलिए इस विषय पर समग्रता से व एकात्मता से विचार करके सब पर लागू होने वाली जनसंख्या नीति बननी चाहिए। मतांतरण होने से हिन्दुओं की संख्या कम हो रही है। देश के कई हिस्सों में मतांतरण की साजिश चल रही है। कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ भी हो रही है। सरकार्यवाह ने कहा कि जनसंख्या असंतुलन के कारण कई देशों में विभाजन की नौबत आई है। भारत का विभाजन भी जनसंख्या असंतुलन के कारण हो चुका है।

2024 तक सभी मंडल शाखा युक्त होंगे

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बताया कि वर्ष 2024 के अंत तक हिंदुस्तान के सभी मंडलों में शाखा पहुंचाने की योजना बनाई गई है। कुछ प्रांतों में यह कार्य चुनिंदा मंडलों में 99 प्रतिशत तक पूरा कर लिया है। चित्तौड़, ब्रज व केरल प्रांत में मंडल स्तर तक शाखाएं खुल गई है। पहले देश में 54382 संघ की शाखाएं थीं, अब वर्तमान में 61045 शाखाएँ लग रही हैं। साप्ताहिक मिलन में भी 4000 और मासिक संघ मंडली में विगत एक वर्ष में 1800 की बढ़ोतरी हुई है।

देश में तीन हजार निकले शताब्दी विस्तारक

सरकार्यवाह ने बताया कि वर्ष 2025 में संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस निमित्त संघ कार्य के लिए समय देने के लिए देशभर में तीन हजार युवक शताब्दी विस्तारक के नाते निकले हैं। अभी एक हजार शताब्दी विस्तारक और निकलने हैं।

कार्यकारी मंडल की बैठक में सामाजिक विषयों पर भी हुई चर्चा

दत्तात्रेय होसबाले जी ने बताया कि संगम नगरी में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में जनसंख्या असंतुलन, महिला सहभागिता, मतांतरण और आर्थिक स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा संघ कार्यों को विस्तार प्रदान करने की विस्तृत कार्ययोजना के संबंध में विचार मंथन हुआ।

जनसंख्या असंतुलन से संबंधित एक सवाल के उत्तर में कहा कि विगत 40-50 वर्षों से जनसंख्या नियंत्रण पर जोर देने के कारण प्रत्येक परिवार की औसत जनसंख्या 3.4 से कम होकर 1.9 हो गई है। इसके चलते भारत में एक समय ऐसा आएगा, जब युवाओं की जनसंख्या कम हो जाएगी और वृद्ध लोगों की आबादी अधिक होगी, यह चिंताजनक है।

देश को युवा देश बनाए रखने के लिए जनसंख्या को संतुलित रखने पर ज़ोर दिया। वहीं, मतांतरण और बाहरी घुसपैठ जैसे दुष्चक्र के कारण होने वाली जनसंख्या असंतुलन पर चिंता भी व्यक्त की।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल की बैठक जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर यमुनापार में गौहनिया स्थित वात्सल्य विद्यालय परिसर में आयोजित हुई। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने रविवार को भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर बैठक का शुभारम्भ किया था। बुधवार यानि 19 अक्तूबर को बैठक का समापन हुआ।

तीन ओर ट्रेनों में मासिक सीजन टिकट (MST) की सुविधा उपलब्ध

अजमेर। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व में मासिक सीजन टिकट की अनुमति के अलावा अजमेर मंडल से संबंधित 3 और ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मासिक सीजन टिकट (MST) की सुविधा प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें है:-

1. गाड़ी संख्या 09607/09608 अजमेर- पुष्कर- अजमेर स्पेशल
2. गाड़ी संख्या 12195/12196 आगरा फोर्ट अजमेर आगरा फोर्ट इंटरसिटी
3. गाड़ी संख्या 19411/19412 साबरमती- दौलतपुर -साबरमती में आबू रोड- जयपुर- आबूरोड खंड पर यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

हिमाचल विधानसभा चुनाव : कांग्रेस की पहली सूची में 13 नाम सियासी घरानों से

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दल कांग्रेस की पहली सूची में कम से कम 13 नाम नेताओं के संबंधियों के हैं।

प्रदेश में नवंबर में होने जा रहे चुनाव में कांग्रेस ने अपनी पहली सूची जारी की है। इसमें 46 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें से करीब 13 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनका प्रदेश के पुराने नेताओं के बेटे-बेटी या भाई-भतीजे हैं।

इस सूची में हिमाचल प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के पुत्र और शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के मौजूदा विधायक विक्रमादित्य सिंह, जुब्बल-कोठकई निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री राम लाल ठाकुर के पुत्र रोहित ठाकुर का नाम भी शामिल है।

कांग्रेस ने कौल सिंह ठाकुर की पुत्री चंपा ठाकुर को मण्डी से, पूर्व मंत्री पंडित संत राम के पुत्र सुधीर शर्मा को धर्मशाला से, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल के पुत्र आशीष बुटेल को पालमपुर से, पूर्व मंत्री जीएस बाली के पुत्र रघुवीर सिंह बाली को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है। कसौली से पूर्व सांसद केडी सुल्तानपुरी के पुत्र विनोद सुल्तानपुरी को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसके अलावा पूर्व मंत्री सत महाजन के पुत्र अजय महाजन को नूरपुर क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। सुंदरनगर से सोहन लाल ठाकुर पूर्व विधायक शेर सिंह ठाकुर के भाई हैं। कांग्रेस पार्टी ने जो 46 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, उसमें सभी 19 मौजूदा विधायकों को फिर से मैदान में उतारा गया है। वहीं, छह नए चेहरों को भी मौका मिला है। किन्नौर से मौजूदा विधायक जगत सिंह नेगी का टिकट अभी फाइनल नहीं हुआ है।

हिमाचल विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली सूची में 62 में से 19 नए चेहरे

हिमाचल विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली सूची में 62 में से 19 नए चेहरे

शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने टिकटों में भी रिवाज बदलते हुए इस बार करीब एक तिहाई नए चेहरों को जगह दी है। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बुधवार को यहां दी।

उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जारी प्रत्याशियों की पहली सूची में 62 में से 19 प्रत्याशी ऐसे हैं जो पहली बार चुनावी मैदान में उतरेंगे। पार्टी की मजबूती के लिए काम करने वाले आम कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी चुनाव लड़ने का मौका दिया है।

कश्यप के अनुसार प्रत्याशियों की पहली सूची में 62 में से पांच महिलाओं, चार डॉक्टरों समेत एक रिटायर आईएएस अफसर को टिकट दिया गया। महिला प्रत्याशियों की बात करें तो चंबा विधानसभा सीट पर इंदिरा कपूर को पहली बार टिकट दिया गया है। जबकि कैबिनेट मंत्री सरवीण चैाधरी को शाहपुर, विधायक रीना कश्यप को पच्छाद से और इंदौरा सीट से रीता धीमान को हाईकमान ने फिर से भरोसा जताया है। उधर, रोहड़ू सीट पर पूर्व प्रत्याशी शशि बाला को भी टिकट दिया गया।

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी झंडूता से विधायक जेआर कटवाल को एक बार फिर से मौका मिल गया। इसके साथ-साथ भाजपा ने दो पूर्व सैनिकों को भी चुनावी मैदान में उतार दिया है। सुजानपुर विधानसभा सीट से कैप्टन रणजीत सिंह भाजपा प्रत्याशी होंगे। वह पहली बार चुनाव लड़ेंगे जबकि भटियात विधानसभा क्षेत्र से बिक्रम जरयाल पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है।

जिन चार डॉक्टरों को टिकट मिला है, उनमें से दो मेडिकल डॉक्टर और दो आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। भरमौर विधानसभा सीट से डा. जनकराज और सोलन सीट से डा. राजेश कश्यप मेडिकल डॉक्टर हैं, डॉक्टर अनिल धीमान भोरंज भी मेडिकल डॉक्टर है जबकि डॉ. राजीव सैजल और डॉ. राजीव बिंदल आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। इसी तरह लाहौल-स्पीति विधानसभा सीट से डा. रामलाल मारकंडा, भोरंज सीट से डा. अनिल धीमान और चुराह से डा. हंसराज पीएचडी होल्डर हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने तीनो महामंत्रियों को इस बार चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल को फिर से टिकट मिला है, जबकि त्रिलोक जम्वाल पहली बार बिलासपुर सदर से और त्रिलोक कपूर पहली बार पालमपुर से चुनाव लड़ेंगे।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पुराने चेहरों पर दाव लगा रही है। उनके कुनबे में बिखराव है और परिवारवाद बिलकुल हावी है, वहीं भाजपा अपने सशक्त उम्मीदवारों और नेतृत्व के दम पर आगामी चुनाव में रिवाज बदल कर दुबारा हिमाचल में सत्ता पर काबिज हो कर जनता की सेवा करेगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत लोकतंत्र की जीत : सचिन पायलट

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत को लोकतंत्र, देशवासियों एवं कांग्रेस पार्टी की जीत बताया है।

पायलट ने खड़गे के पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देने के बाद नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में भारी मतों जीते हैं। लोकतंत्र में इससे बेहतर उदाहरण नहीं हो सकता, जब आंतरिक लोकतंत्र को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने बड़े व्यापक स्तर पर चुनाव कराया और गत 17 अक्टूबर को इसके लिए मतदान हुआ तथा नब्बे प्रतिशत वोट खड़गे को मिले। यह लोकतंत्र, देशवासियो एवं कांग्रेस पार्टी की जीत है।

उन्होंने कहा कि मैंने चुनाव जीतने पर खड़गे को मुबारकबाद दी है। चुनाव जीतने पर उनके ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी एवं चुनौती आई है। देश के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर खड़गे के नेतृत्व में काम करेंगे। मैं समझता हूं कि चुनाव से कांग्रेस में ताकत आई है। कांग्रेस एकजुट हुई है। सब लोग मिलकर उनके नेतृत्व में काम करेंगे। मुझे पूरा भरोसा है खड़गे साहब के व्यापक अनुभव का फायदीा पार्टी को मिलेगा। आने वाली तमाम चुनौतियों का हम सामना करेंगे और कांग्रेस पार्टी और मजबूत होगी।

पायलट ने कहा कि यह निष्पक्ष चुनाव हुआ है और नौ हजार चुने हुए लोगों ने कांग्रेस अघ्यक्ष को चुना है जो आज तक अन्य किसी और दल ने ऐसा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और खुले माहौल में हुआ है खड़गे भारी बहुमत से चुनाव जीते। उन्होंने कहा कि खड़गे जमीनी नेता एवं दलित समाज से आते हैं। पूरे कर्नाटक में ही नहीं पूरे देश में लोग उनकी राजनीति को जानते हैं।

उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत से विरोधी दल के अंदर घबराहट महसूस की जा रही होगी कि खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस में नई ऊर्जा, नई ताकत एवं एकजुटता के साथ तमाम कांग्रेस के लोग आगे बढ़ेंगे।

हर कार्यकर्ता के भरोसे पर खरा उतरूंगा : मल्लिकार्जुन खड़गे

पुष्कर मेला 2022 का आगाज एक नवंबर को ध्वजारोहण के साथ होगा

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के तीर्थराज पुष्कर में भरने जा रहे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला 2022 का आगाज पुष्कर के मेला मैदान पर ध्वजारोहण के साथ होगा।

इस दौरान विधिवत पूजा अर्चना विधि विधान से की जाएगी। साथ ही प्रसिद्ध नगाड़ावादक नाथू सोलंकी का नगाड़ावादन होगा। ध्वजारोहण राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ द्वारा किए जाने की संभावनाएं बताई जा रही है।

पुष्कर मेला उद्घाटन के साथ ही मांडना प्रतियोगिता, ऊंट श्रंगार, चक दे राजस्थान फुटबॉल मैच का भी आयोजन होगा। सायं आतिशबाजी कराई जाएगी। उद्घाटन एक नवंबर को सुबह 11 बजे होगा जबकि धार्मिक मेला एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक चार से आठ नवंबर के बीच होगा।

पुष्कर मेले के दौरान नेचर वॉक, पारंपरिक खेल लंगड़ी टांग, विदेशी व ग्रामीणों के बीच सतोलिया मैच व गिल्ली डंडा, कबड्डी मैच, काइट फेस्टिवल के अलावा तीन नवंबर को अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा।

चार नवंबर को आध्यात्मिक पदयात्रा, वॉइस ऑफ पुष्कर, भजन संध्या तथा कबीर यात्रा व कबीर कैफे का भी आयोजन होगा। पांच नवंबर को लगान थीम का क्रिकेट मैच, शान ए मूछ, साफा व तिलक प्रतियोगिता के अलावा गुलाबों सपेरा पार्टी की प्रस्तुति होगी।

छह नवंबर को ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता फाइनल मैच, मटका व कुर्सी दौड़, सैंड आर्ट प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। सात नवंबर को फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित होगी और बॉलीवुड नाइट का मेला मैदान रंगमंच पर ही आयोजन होगा। साथ ही आतिशबाजी भी कराई जाएगी।

पुष्कर मेला समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह आठ नवंबर को मेला मैदान पर होगा जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आने की संभावना बताई जा रही है।उल्लेखनीय है कि पुष्कर मेला ग्रामीण छटा और विदेशी पर्यटकों के साथ हर साल पूरे परवान पर रहता है और इसकी सात समुंदर पार तक ख्याति है।