Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 534 -
होम ब्लॉग पेज 534

जयपुर में दिवाली पर गोबर से बने दीपक करेंगे घर आंगन रोशन

0

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रोशनी का पर्व दीपावली पर इस बार घरों में गोबर के बने दीपक से घर आंगन रोशन होंगे।

दीवाली पर इस बार मिट्टी के दीपक के स्थान पर इस बार गाय के गोबर से बने दीपकों से घर-आंगन रोशन करने के लिए जयपुर के हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में गाय के गोबर से दीपक बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है और प्रतिदिन लगभग दो हजार दीपक बनाए जा रहे है।

इस केंद्र के ऑर्गेनिक फार्म में गाय के गौबर से दीपक बनाने के लिए हरे कृष्ण मूवमेंट के भक्तों ने इस दिशा में अभिनव पहल की है। इको फ्रेंडली होने के चलते राज्य के अन्य शहरों और अन्य राज्यों में भी इसकी मांग आ रही है। इसके अलावा यहां बचे हुए गोबर चूर्ण और पत्तियों से ऑर्गेनिक खाद (वर्मी कम्पोस्ट) एवं यज्ञ में उपयोग होने वाली सुगन्धित धूप एवं इको फ्रेंडली गो कास्ट भी बनाई जा रही है।

हिंगोनिया गोशाला के अध्यक्ष रघुपति दास ने बताया कि शास्त्रों के मुताबिक गौमाता के गोबर का उपयोग धार्मिक कार्यो में किया जाता है। इसलिए हमारा लक्ष्य 25 हजार दीये बनाने का है ताकि लोग गाय के गोबर के महत्व को जाने। इसके साथ हवन तथा यज्ञ में उपयोग होने वाली सुगन्धित धूप एवं इको फ्रेंडली गो कास्ट भी बनाई जा रही है।

दीपक बनाने के लिए पहले गाय के सूखे गोबर का उपयोग किया जाता है और करीब एक किलो गोबर में 50 ग्राम मैदा लकड़ी चूर्ण और 50 ग्राम ग़म ग्वार मिलाकर दीपक बनाया जाता है। दो दिनों तक इसे धूप में सुखाया भी जाता है और उपयोग के बाद इन दीपक के अवशेष को खाद के रूप में उपयोग लिया जा सकता है।

शशि थरूर की शिकायत का देंगे जवाब, उन्हें बुलाएंगे भी : मधुसूदन मिस्त्री

नई दिल्ली। कांग्रेस चुनाव विभाग के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है और इस संबंध में जो शिकायत की गई है उसका विंदुवार जवाब दिया जाएगा।

मिस्त्री ने बुधवार को चुनाव परिणाम घोषित करते हुए पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि जो सवाल उठाए गए हैं उनका एक एक करके जवाब दिया जाएगा और थरूर को बुलाकर पूछा जाएगा कि उन्होंने किस वजह से सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि थरूर को बुलाकर पूछा जाएगा कि आखिर उन्होंने ऐसी शिकायत क्यों की है। उनका कहना था कि हालांकि चुनाव के दौरान होने वाली यह सामान्य शिकायत है लेकिन पार्टी इसका जवाब देगी। यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इसे सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए था।

मिस्त्री ने कहा कि किसी भी तरह की कोई शिकायत नहीं आए इसके लिए मतगणना से पहले सारे मतदाता पत्रों को एक साथ मिलाया गया था ताकि पता नहीं चले कि किस राज्य में किस उम्मीदवार को कितने वोट मिले हैं।

उत्तर प्रदेश से शिकायत मिलने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से छह मतपेटियां थीं और चार में सील लगी थी। दो में चिन्ह नहीं था। अगर उनको पूरे 400 वोट भी दे दिए जाएं तब भी नतीजे पर असर नहीं पड़ता है। उनका कहना था कि मतगणना के दौरान भी पूरी सावधानी बरती गई थी कि किसी भी बूथ पर कोई भी अनधिकृत आदमी मतदान कक्ष में नहीं जा सके। जो भी अंदर गया उसका पहचान पत्र देखा गया।

उल्लेखनीय है कि पार्टी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के समर्थकों ने मिस्त्री को पत्र लिखकर मतदान में धांधली का आरोप लगाया है। इस पत्र के सार्वजनिक होने पर हंगामा मच गया और मिस्त्री ने कहा है कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इसे सार्वजनिक नहीं किया जना चाहिए था।

शशि थरूर को आने वाले दिनों में शर्मिंदा किया जाएगा : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में पराजित हुए शशि थरूर को आड़े हाथों लेते हुए आज उन्हें चेताया कि आने वाले दिनों में उन्हें गांधी परिवार की मुखालफत करने के लिए शर्मिंदा किया जाएगा।

भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रभारी अमित मालवीय ने एक ट्वीट में कहा कि शशि थरूर एक हारे हुए व्यक्ति की तरह रो रहे हैं। क्या उन्हें वास्तव में कांग्रेस में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होने की उम्मीद थी? उसे आभारी होना चाहिए कि उसे बाथरूम में बंद नहीं किया गया था… सबसे बुरा अभी आना बाकी है। अगले कुछ महीनों में गांधी परिवार से मुकाबला करने के लिए उनका उपहास किया जाएगा और उन्हें शर्मिंदा किया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के समर्थकों ने अध्यक्षीय चुनाव के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखकर मतदान में धांधली का आरोप लगाया है। इस पत्र के सार्वजनिक होने पर कांग्रेस में हंगामा मच गया है और मिस्त्री ने कहा है कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इसे सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए था।

उन्होंने यह भी कहा है कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है और इस संबंध में जो शिकायत की गई है उनका एक एक करके जवाब दिया जाएगा और थरूर को बुलाकर पूछा जाएगा कि उन्होंने किस वजह से सवाल उठाए हैं।

हर कार्यकर्ता के भरोसे पर खरा उतरूंगा : मल्लिकार्जुन खड़गे

हर कार्यकर्ता के भरोसे पर खरा उतरूंगा : मल्लिकार्जुन खड़गे

नई दिल्ली। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि वह लोकतंत्र की मजबूती के लिए संसद से सड़क तक संघर्ष करेंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर जो भरोसा जताया है उस पर खरे उतरेंगे।

खड़गे ने पार्टी अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अपने अपने आवास पर बुधवार को पत्रकारों से कहा कि देश को एक तानाशाह की सनक की भेंट नहीं चढाया जा सकता है इसलिए सभी को मिलकर इन ताकतों के खिलाफ लड़ना पड़ेगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का भरोसा देते हुए खड़गे ने कहा कि आपने मुझ पर भरोसा जताया है और गरीब परिवार में जन्मे एक सामान्य कार्यकर्ता को कांगेस का अध्यक्ष बनाया है, मैं आपके भरोसे पर खरा उतरूंगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की सत्ता पर बैठे हुक्मरान बातें तो बहुत करते हैं पर काम कुछ नहीं करते। असलियत में उनके चरित्र को चार शब्दों में बताया जा सकता है-खोखला चना बाजे घना। देश में सबसे बड़ी समस्या कमरतोड महंगाई है, भयंकर बेरोजगारी है, अमीर गरीब के बीच की खाई है और सरकार के द्वारा देश में फैलाई जाने वाली नफरत है।

खड़गे ने कहा कि पिछले 75 साल के दौरान कांग्रेस ने संविधान की रक्षा करते हुए लगातार देश के लोकतंत्र को मजबूत किया है लेकिन आज लोकतंत्र खतरे में है और संविधान पर हमला बोला जा रहा है, संस्थानों को तोड़ा जा रहा है ऐसे में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव करवा कर देश के लोकतंत्र को मजबूत करने का उदाहरण पेश किया है।

सियासत में 50 वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हैं खडगे

कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पिछले 50 वर्ष से अधिक समय से राजनीति में सक्रिय हैं और वह दिवंगत जगजीवन राम के बाद इस पर पहुंचने वाले पार्टी के पहले दलित नेता हैं।

कर्नाटक के बीदर जिले के वरावट्टी इलाके में 21 जुलाई 1942 को किसान परिवार में जन्मे मल्लिकार्जुन खड़गे को ‘सालीलाडा सरदारा’ के नाम से जाना जाता है अर्थात ऐसा योद्धा जो हारना नहीं जानता।

खड़गे श्रमिकों के नेता थे और वह 1969 में कांग्रेस में शामिल हुए। कर्नाटक की राजनीति में वह कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में रहे, उन्हें सालीलाडा सरदारा का खिताब उनकी चुनावी सफलताओं के कारण दिया गया था लेकिन वह राज्य के मुख्यमंत्री पद की होड़ में बार-बार पिछड़ते रहे। वह केन्द्र में मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल में रेल और श्रम मंत्री रहे। वह एस निजलिंगप्पा के बाद कांग्रेस के अध्यक्ष बनने वाले पहले कन्निड़गा हैं।

उन्होंने गुलबर्गा के नूतन विद्यालय से अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की है और वहीं के सरकारी कॉलेज से उन्होंने स्नातक की डिग्री ली। उन्होंने गुलबर्गा के सेठ शंकरलाल लाहोटी लॉ कॉलेज से एलएलबी डिग्री लेने के बाद वकालत शुरू की। वर्ष 1969 में वह एमकेएस मिल्स कर्मचारी संघ के कानूनी सलाहकार बने। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के हक की लड़ाई लड़ी। वह यूनाइटेड ट्रेड यूनियन के प्रभावशाली नेता भी रहे हैं।

वर्ष 1969 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली और उनकी लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें गुलबर्गा कांग्रेस समिति का अध्यक्ष बनाया। वर्ष 1972 में वे कर्नाटक के गुरमीतकल विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने। वह इस विधानसभा सीट से नौ बार विधायक रहे। इसी दौरान वह राज्य के विभिन्न मंत्रालयों में मंत्री पद पर भी रहे। वर्ष 2005 में वह कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बने और 2008 तक इस पद पर रहे। वह 2009 में पहली बार सांसद चुने गए।

खड़गे को गांधी परिवार का विश्वासपात्र माना जाता है। वर्ष 2014 में खड़गे को लोकसभा में पार्टी का नेता बनाया गया था। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद 2020 में उन्हें राज्य सभा का सदस्य निर्वािचत किया गया। पिछले वर्ष 2021 में गुलाम नबी आजाद का राज्य सभा में कार्यकाल समाप्त होने के बाद खड़गे को राज्य सभा में विपक्ष का नेता बनाया गया।

खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर कर्नाटक में जश्न का माहौल

लोकसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद उनके गृह राज्य कर्नाटक में जश्न का माहौल है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने आपस में मिठाईयों बांटी ही जबकि कुछ गांवों में उनकी तस्वीर रखकर पूजा अर्चना की। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बुधवार को केपीसीसी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटी और जश्न मनाया।

इस संधर्ब में शिवकुमार ने पत्रकारों को खड़गे के चुनाव पर प्रतिक्रया देते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे को न केवल कर्नाटक राज्य के नेता के रूप में चित्रित किया गया है बल्कि वह एक राष्ट्रीय नेता हैं। उनके अध्यक्ष के रूप में, हमारे राज्य को बड़ी शक्ति मिलेगी। साथ ही देश को एक बड़ा संदेश दिया गया है। खड़गे को चुनाव में उनकी जीत पर बधाई देते हुए प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने इसे कन्नडिगाओं के लिए गर्व की बात बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट कर राष्ट्रीय कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुने गए मल्लिकार्जुन खड़गे को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खड़गे की प्रतिभा और अनुभव के जरिये कांग्रेस पार्टी सफलता के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगी। उन्होंने कहा कि लंबा राजनीतिक अनुभव। अटूट पक्षपात ने उन्हें इस उच्च पद पर पहुंचा दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने ट्वीट किया कि खड़गे पार्टी के लिए अच्छा करेंगे। यही खुशी खड़गे के क्षेत्र कलबुर्गी में भी दिखाई दी जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने भी जश्न मनाते खुशियां बांटी और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। कर्नाटक के कई गांवों में भी खड़गे की तस्वीर रखकर पूजा-अर्चना की गई।

मूसेवाला हत्याकांड का भगौड़ा गैंगस्टर दीपक टीनू अजमेर से अरेस्ट

अजमेर/चंडीगढ़। प्रसिद्ध पंजाबी गायक शुभदीप उर्फ मूसेवाला हत्याकांड का आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू को बुधवार को राजस्थान में अजमेर जिले के केकडी से गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि गैंगस्टर टीनू गत दो अक्तूबर को पंजाब के मानसा सीआईए स्टाफ की हिरासत से फरार हो गया था जिसके चलते सीआईए प्रमुख प्रीथपाल सिंह को बर्खास्त कर गिरफ्तार कर लिया गया था।

बताया जाता है कि उसका टीनू को भगाने में हाथ था। वह गैंगस्टर को उसकी महिला मित्र से मिलवाने ले गया था और वहीं से गैंगस्टर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी से कई राज खुलने की संभावना है जिससे बर्खास्त पुलिसकर्मी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। टीनू ने उसे क्या लालच दिया जिससे प्रीथपाल गैंगस्टर के चक्कर में फंस गया।

गैंगस्टर की महिला मित्र को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया और उसके कई साथियाें को भी काबू कर लिया जिन्हाेंने उसे भगाने में पैसे से लेकर हर तरह की मदद की थी। गैंगस्टर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले पंजाब पुलिस की टीमें राजस्थान उसकी तलाश में गई थीं लेकिन खाली हाथ लौटी। इस बार उसे अजमेर के केकडी से गिरफ्तार किया गया, उसके पास से 5 ग्रेनेड और 2 पिस्तौल बरामद किए हैं।

उल्लेखनीय है कि गत 29 मई को मानसा के जवाहरके गांव में गायक मूसेवाला को गैंगस्टरों ने घेर कर अत्याधुनिक हथियारों से मारा था। उसके बाद दिल्ली पुलिस ने अलग अलग इलाकाें से चार को गिरफ्तार किया और दो को मुठभेड़ में मार गिराया था।

पुष्कर में 26 से होगी 7 दिवसीय संगीतमय श्रीमदभाग्वद कथा

0

पुष्कर। तीर्थराज पुष्कर में स्व केसरदेवी पत्नी केदारदत्त शर्मा की स्मृति में आगामी 26 अक्टूबर बुधवार से 1 नवम्बर तक 7 दिवसीय संगीतमय श्रीमदभाग्वद कथा का आयोजन किया जाएगा।

श्रीमद्वभाग्वद्थ कथा के आयोजन के बारे में बताते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने कहा कि कथा का रसास्वादन कथावाचक पण्डित गौरव व्यास कराएंगे। खण्डेलवाल धर्मशाला होली का चौक में प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम 5 बजे तक भक्तजन कथा का आनंद ले सकेंगे।

कथा का शुभारम्भ 26 अक्टूबर बुधवार को सुबह 10 बजे से मुख्य गउ धाट से कलश यात्रा के साथ होगा तथा श्रीमद्वभाग्वद् महात्म्य एवं द्रोपदी, कुन्ती भीष्म आदि चरित्र का वर्णन होगा। गुरूवार 27 अक्टूबर को कपिलोख्यान एवं घ्रुव चरित्र का बखान होगा।

शुक्रवार 28 अक्टूबर को जडभरत एवं प्रहलाद चरित्र, शनिवार 29 अक्टूबर को बलि वामन प्रसंग एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग होंगे। रविवार 30 अक्टूबर को श्रीकृष्ण बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा, छप्प्न भोग, इसी तरह सोमवार 31 अक्टूबर को श्रीकृष्ण रूकमणी विवाह का आयोजन होगा।

मंगलवार 1 नवम्बर को सात दिवसीय कथा के अन्तिम दिवस सुदामा चरित्र, नवयोगेश्वर संवाद के पश्चात पूर्णाहूति होगी साथ ही कार्यक्रम संयोजक हरि प्रसाद शर्मा के संयोजन में शाम को 6 बजे से महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है।

हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनाव : जयराम ठाकुर सिराज से चुनाव लड़ेंगे

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के विधान सभा के चुनाव के लिए बुधवार को 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सिराज सीट से टिकट दिया है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बीती रात हुई बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगायी गयी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। पहली सूची के 62 उम्मीदवारों में पांच महिलाएं हैं।

सबगुरु राशिफल : 19 अक्टूबर बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष, नवमी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, दोपहर 02.13 बजे बाद दशमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप पार्टी और मौज-मस्ती के अच्छे मूड में रहेंगे। अपने बिजनेस पर ध्यान केंद्रित करें। आज अपने करियर के विषय में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। आपको आर्थिक मामलों में कोई गहरा झटका लग सकता है। रोमांटिक मुलाकात बहुत रोमांचक रहेगी। आप का प्रत्येक कार्य सफल होने के साथ-साथ पूर्ण भी होगा। बैंक से जुड़े लेन-देन में काफी सावधानी बरतने की जरूरत है। सामाजिक मान सम्मान बढ़ेगा। किसी योग्य व्यक्ति से मुलाकत होगी। आप को निर्णय लेने में विलंब होगा। मेहनत और कोशिश करते रहें। थोड़ा-बहुत विचार करके ही कोई फैसला करें।

वृषभ :- परिवार और संतान के विषय में आपको आनंद के साथ-साथ संतोष का भी अनुभव होगा। मित्रों और स्नेहीजनों के साथ हुई भेंट से आपका मन प्रसन्न हो उठेगा। व्यापार में धन की उगाही होगी। दोस्त और घर वाले आपको प्यार और सहयोग देंगे। काम का दबाव कम रहेगा और आप परिवार के साथ समय बिताने का मजा ले पाएंगे। वैवाहिक जीवन में आप कुछ निजता की जरूरत महसूस करेंगे। नए लोगों को रोजी व रोजगार के नए अवसर प्रदान होंगे। प्रतीकात्मक त्याग ही परिवार में आपकी प्रतिष्ठा लौटा सकता है।

मिथुन :- आज बौद्धिक चर्चा और समझौते में सफलता मिलेगी। आज किसी बड़े प्रोजेक्ट की रूपरेखा बनेगी। दुकान, मकान के विवाद आपसी समझौते से हल होंगे। किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकता है। मन में नकारात्मक विचार उत्पन्न हो सकते है। वाहन व मशीनरी आदि के प्रयोग में सावधानी रखें। धन खर्च होगा। आपके लंबे समय से रुके काम पूरे हो जाएंगे। कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति जो अब तक आपके लिए बाधा बन रहा था वो अब आपकी मदद को आगे आएगा। यह दिन आपके पूरे वैवाहिक जीवन के सबसे ज्यादा स्नेहपूर्ण दिनों में से एक हो सकता है।

कर्क :- आज किसी प्रतिस्पर्धा में सफलता प्राप्त होगी। कार्यस्थल पर आपका प्रदर्शन श्रेष्ठ होगा और आप हाथ में लिए कामों को सफलता पूर्वक पूरा करेंगे। आज आपको आर्थिक मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। आपके हंसी-मजाक का लहजा किसी दूसरे को आपकी तरह इस क्षमता को विकसित करने के लिए प्रेरित कर सकता है। लोगों के साथ ठीक तरह से पेश आएं, खास तौर पर उनके साथ जो आपसे प्यार करते हैं। आज मन में प्रसन्नता बनी रहेगी। आज आपके अनैतिक कार्यों में न उलझन पैदा हो सकती है। कामकाज भी बढ़ सकते हैं। बिजनेस और नौकरी में भी सफलता मिल सकती है।

सिंह :- आज मानसिक रूप से भी आप बहुत आनंदित रह पाएंगे। आपका स्वास्थ्य भी आज अच्छा रहेगा। आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। सभी काम मन मुताबिक पूरा हो जायेगा। परिवार में किसी सदस्य से चल रही अनबन आज खत्म हो जायेगी। किसी नए काम को शुरू करने में अपनो का साथ मिलेगा , साथ ही आर्थिक मदद भी मिल सकती है। अपनी नई परियोजनाओं के लिए अपने माता-पिता को विश्वास में लेने का सही समय है। आपकी जिंदगी में कोई ऐसा व्यक्ति आ सकता है जो आपको जीवन के लिए मार्गदर्शन देगा। आपको आज अपने धैर्य और दृढ़ता के साथ बने रहना होगा।

कन्या :- आज मनपसंद दोस्त के साथ सुखद क्षण बीतेगा। अविवाहितों के लिए वैवाहिक योग बनेंगे। आज का दिन आपके लिये ठीक रहने वाला है। रिश्तों के बीच कड़वाहट पैदा ना होने दें। आज आप पूरा प्रयास करें कि सब परिजन एक दूसरे के साथ प्यार से रहें और एक दूसरे पर भरोसा करें। शरीर में स्फूर्ति कम रहने के कारण कार्य करने का उत्साह कम रहेगा। आज कोई व्यक्ति आपके करियर को नई दिशा देने में मददगार साबित होगा। आपको आज पत्नी द्वारा लाभ प्राप्ति की संभावना है। ऑफिस में आपके काम का प्रभाव बना रहेगा। आपको सभी का सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा।

तुला :- आज अगर आप ऐसे अच्छे कामों में थोड़ा समय लगाएँ, तो काफी सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। पार्टनर की वजह से समाज और रिश्तेदारों में उनका भी मान बढ़ेगा। पार्टनर की उपल्बधियों को सेलिब्रेट करने के लिये आज आप घर में पार्टी का आयोजन कर सकते हैं। आपको आज शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रसन्नता का अनुभव होगा। आपको फायदा होगा। दूरस्थ शिक्षा से जुड़े छात्रों को आज कोई बड़ी सफलता मिलेगी। दूसरों के कामों में आपका दखल देना, समस्या बढ़ा सकता है। अपने तेवर, क्रोध और मुख से निकलने वाले शब्दों को कंट्रोल में रखें। आसपास के लोगों से सहयोग मिलेगा।

वृश्चिक :- आज आपको अनचाहे सम्बन्धों को ढोना पड़ सकता है। घर में मरम्मत का काम आपको व्यस्त रखेगा। शारीरिक और मानसिक तौर पर आनंदित रहेंगे। अपने प्रिय को नजरंदाज करना घर पर तनाव का कारण बन सकता है। व्यापारियों के लिए अच्छा दिन है। व्यवसाय के लिए अचानक की गयी कोई यात्रा सकारात्मक परिणाम देगी। कार्यक्षेत्र में अपनी क्षमताओं का भरपूर लाभ उठाएंगे। उत्तेजित होके फैसले करेंगे तो गलती हो जाएगी और गलती हो जाएगी तो मन में घबराहट पैदा हो जाना स्वभाविक है इसलिए थोड़ा धैर्य बनाए रखना होगा ताकि बचाव का माहौल बना रहे।

धनु :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाये रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जायेगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा। आज आप अपने आसपास में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखेंगे।

मकर :- आज आपका यात्रा करने के लिए दिन उचित नहीं है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद न करें। आपकी शांतिपूर्ण मन स्थिति में औरों के सवालों से बाधा पहुचाएंगी। वे सब यह जानने के लिए बहुत उत्सुक हैं, कि आपकी निजी और व्यव्सायिक जिंदगी में क्या चल रहा है। आज का दिन अपने जीवन की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करने और अपनी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर बांटने के लिए बिलकुल उपयुक्त है। बौद्धिक क्षेत्र से लाभ होगा। समय की अनुकूलता लाभ देने में समर्थ होगी। कार्यक्षेत्र में उच्च अभिलाषाओं की पूर्ति होगी। किसी नजदीकी दोस्त से संबंधों में सुधार हो सकता है।

कुंभ :- आज आपको संभलकर चलना होगा। प्यार के मामले में आज आप गलत समझे जा सकते हैं। कामकाज के मोर्चे पर आपको सबसे स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। अपनी शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रसन्नता बनाए रखने के लिए आज आपको कष्ट का अनुभव होगा। मित्रों, सम्बंधियो से लाभ होगा। उनसे भेंट-उपहार मिलने से आनंद होगा। लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं। डाक्टर की सलाह अवश्य लें। दैनिक व्यापार सुखद रहेगा। आज परिवार में शुभ कार्य हो सकते हैं। आसपास के लोगों और उनकी जरूरतों पर ध्यान दें। परिवार और जमीन-जायदाद के मामलों पर भी ध्यान देना जरूरी है। आज स्त्री पक्ष में लाभदायक स्थिति रहेगी।

मीन :- आज का दिन आपका मौज-शौक और मनोरंजन के पीछे खर्च हो सकता है। आपको अपने स्वास्थ्य के संबंध में शिकायत रहेगी। स्वभाव में उग्रता और वाणी में संयम रखें। शारीरिक शिथिलता और मानसिक चिंता से आपका मन व्यग्र रहेगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। कार्यों के प्रति जोश और उत्साह बना रहेगा, जिससे आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। प्रेम सम्बंधों में मधुरता आएगी तथा दाम्पत्य जीवन सुखमय रहेगा। ज्यादा भावुक होना आपको परेशानी में डाल सकता है इसलिए भावनात्मक आवेश में लिए हुए निर्णय से बचें। लोग आपसे अपने मन की बात कहने में ज्यादा उत्सुक रहेंगे।

कश्मीरी पंडितों की हत्याओं को सख्ती से रोके सरकार : आरिफ मोहम्मद खान

बुलंदशहर। केरल के राज्यपाल और उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के मूल निवासी आरिफ मोहम्मद खान ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाकर उनकी हत्या करना, जघन्य अपराध है और सरकार को इसे सख्ती से रोकना चाहिएये।

राज्यपाल खान ने स्याना तहसील के बसी बांगर गांव में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ बाबासाहेब अंबेडकर की मूर्ति के अनावरण समारोह में कहा कि बाबा साहब अंबेडकर सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उन्होंने देश के संविधान में सभी को समानता का अधिकार दिया है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को टारगेट बना कर की जा रही हत्याएं शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि स्थिति यह बनी है कि जिसकी हत्या होती है, उसका परिवार आतंकवादियों की दहशत में आकर अपने घर से पलायन कर जाता है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए और कश्मीर से आतंकवाद को जड़ मूल से नष्ट करने के लिए प्रभावी और सख्त कदम उठाने चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने और धारा 35ए हटाने के बाद से शांति व्यवस्था बहाल हुई है। वहां जनजीवन सामान्य हुआ है। आतंक आतंकवादियों की सक्रियता में कमी आई है। वहां के लोगों में सुरक्षा की भावना बनी है और क्षेत्र का विकास भी हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को रोजगार के साधन भी उपलब्ध हो रहे हैं, लेकिन ‘टारगेट किलिंग’ निंदनीय है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। टारगेट किलिंग के दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही करना समय की आवश्यकता है। राज्यपाल ने देशवासियों से बेटे और बेटी में कोई अंतर न समझते हुए दोनों को समान अधिकार देने और बेटियों को भी उच्च शिक्षित करने की अपील की।

विरासत के प्रति उदासीनता से देश को हुआ है बड़ा नुकसान : मोदी

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत में विरासत के प्रति उदासीनता से देश को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे गौरवशाली इतिहास की ऐसे अनेक गाथाएं हैं, जिनसे देश बहुत कुछ सीख सकता था, जिसमें हमारी समुद्री विरासत भी शामिल है जिसके बारे में बहुत कम चर्चा की गई है।

मोदी ने कहा कि हजारों वर्ष पहले कच्छ में बड़े-बड़े समुद्री जहाजों के निर्माण का पूरा उद्योग चला करता था और भारत में बने जहाज दुनिया भर में बेचे जाते थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि विरासत के प्रति उदासीनता ने देश का बहुत नुकसान किया है। यह स्थिति बदली जानी चाहिए।

मोदी गुजरात के लोथल में 35 सौ करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे राष्ट्रीय समुद्री धरोहर परिसर के स्थल कार्य प्रगति की समीक्षा के बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधन कर रहे थे। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शाम लगभग पांच बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

मोदी ने कहा कि सदियों पहले भारत का कारोबार दुनिया के एक बड़े हिस्से में छाया हुआ था। हमारे रिश्ते दुनिया के हर सभ्यता के साथ रहे, इसके पीछे भारत की समुद्री शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका थी।

गौरतलब है कि लोथल दरअसल हड़प्पा सभ्यता के प्रमुख शहरों में से एक था और वहां पुरातात्विक उत्खनन में सबसे पुराने मानव निर्मित गोदी की खोज हुई है। लोथल में एक समुद्री धरोहर परिसर को विकसित किया जाना दरअसल इस शहर की ऐतिहासिक विरासत और धरोहर के लिए उपयुक्त है।

मोदी ने कहा कि सरकार धोलावीरा और लोथल जैसे प्राचीन ऐतिहासिक स्थलों को भारत के गौरव के इन केन्द्रों को उसी रूप में लौटाया जाएगा, जिसके लिए कभी ये मशहूर थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि दक्षिण में चोल साम्राज्य, चेर राजवंश, पांड्य राजवंश भी हुए, जिन्होंने समुद्री संसाधनों की शक्ति को समझा और उसे एक अभूतपूर्व ऊंचाई दी थी।

मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मराठा शासक ने एक सशक्त सेना का गठन किया और विदेशी आक्रांताओं को चुनौती दी, पर ऐसे भारत के कुछ गौरवपूर्ण अध्यायों को नजरअंदाज ही किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष लाल किले से पंच प्राणों की चर्चा करते हुए मैंने अपनी विरासत पर गर्व की बात की थी। हमारी समुद्री विरासत हमें पूर्वजों द्वारा को सौंपी गयी ऐसी ही धरोहर है। मोदी ने कहा कि लोथल परिसर के पुनर्विकास की परियोजना लोथल के पुराने वैभव को फिर से सबके सामने लाने का प्रयास है, इसके लिए अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का प्रयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास इस परिसर तक ही सीमित ही नहीं है बल्कि गुजरात के तटीय क्षेत्रों में कई अत्याधुनिक अवसंरचना विकास परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। हमारी सरकार इस इलाके को पुनः उसी तरह विकसित करना चाह रही है, जिस तरह यह हजारों साल पहले था।

उन्होंने कहा कि लोथल जो अपने इतिहास से हमें गौरान्वित करता है और अब हमारी नई पीढियों का भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने कहा कि लोथल का विकास इस तरह किया जा रहा है ताकि भारत के लोग इसके इतिहास को आसानी से समझ सकें।

सरकार का कहना है कि लोथल को एक विश्व स्तरीय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में उभरने में मदद करने के लिए भी विकसित किया जा रहा है जो कि अपनी तरह की एक परियोजना है। इस परियोजना के माध्यम से पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देने से इस क्षेत्र में आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस परिसर पर मार्च 2022 में काम शुरू हुआ था। उसके लगभग 3500 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। इसमें कई नवीन और अनूठी विशेषताएं होंगी। इसमें हड़प्पा वास्तुकला और जीवन शैली को फिर से जीवंत करने के लिए लोथल मिनी रिक्रिएशन, चार थीम पार्क-मेमोरियल, समुद्री और नौसेना, जलवायु और साहसिक और मनोरंजन थीम पार्क, दुनिया का सबसे ऊंचा लाइटहाउस संग्रहालय, हड़प्पा काल से लेकर अब तक भारत की समुद्री धरोहर पर प्रकाश डालने वाली चौदह दीर्घाएं; तटीय राज्यों का मंडप का विकास शामिल है जो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विविध समुद्री धरोहर को प्रदर्शित करेगा।

अजमेर : नाबालिग से रेप के दोषी को 10 वर्ष का कठोर कारावास

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की दुष्कर्म मामलों की पोक्सो न्यायालय संख्या दो ने एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को दस साल के कठोर कारावास के साथ आर्थिक दंड से दंडित किया जबकि दुष्कर्मी के सहयोगी को बरी कर दिया गया।

विशिष्ट लोक अभियोजक विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि दुष्कर्म का मामला अरांई थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर 2020 को घटित हुआ जब आरोपी ने 16 साल की नाबालिग बच्ची के साथ जंगल में दुष्कर्म किया और उसके घर से नकदी एवं गहने भी पार कर लिए।

दुष्कर्मी के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर परिजनों ने प्रकरण दर्ज कराया और आज पोक्सो न्यायाधीश ने दुष्कर्मी को दस साल के कठोर कारावास व साठ हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।

शेखावत ने बताया कि मान्य न्यायालय ने दुष्कर्मी के सहयोगी को बरी कर दिया तथा दुष्कर्मी के प्रति टिप्पणी की कि नाबालिग के साथ देश में बढ़ रहे इस तरह के अपराधों पर दया नहीं की जा सकती। ऐसा अपराध समाज के लिए घातक है।