Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 535 -
होम ब्लॉग पेज 535

रोडवेज कर्मचारियों का मांगों को लेकर एक घंटे का प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार

0

जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के तहत आज एक घंटे का कार्य बहिष्कार किया।

रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर प्रदेशभर में रोडवेज के 52 आगारों एवं तीन केंद्रीय कार्यशालाओं के कर्मचारियों ने दोपहर एक से दो बजे तक कार्य बहिष्कार किया। कार्य बहिष्कार के दौरान रोडवेज के 52 आगारों के मुख्य बस स्टैंडों से प्रस्थान होने वाली बसों के पहिए थमे रहे।

राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक एम एल यादव ने बताया कि संयुक्त मोर्चे द्वारा रोडवेज बचाओ-रोजगार बचाओ संकल्प के साथ रोडवेज एवं कर्मचारी हित की 21 सूत्री मांगों के लिए आगामी 24 नवंबर को एक दिन की प्रदेशव्यापी हड़ताल तक के नौ चरणों के गत 20 सितंबर से शुरू किए गए आंदोलन के चौथे चरण में रोडवेज कर्मचारियों ने यह प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार किया।

उन्होंने बताया कि जयपुर में सिंधी कैंप बस स्टैंड के पोलोविक्ट्री साइड के निकास द्वार पर सैकड़ों की संख्या में सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मांगों की तख्तियों एवं झंडे-बैनर के साथ एक से दो बजे तक रोडवेज प्रबंधन एवं राज्य सरकार की बेरुखी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया और आमसभा की। इस दौरान सिंधी कैंप बस स्टैंड से विभिन्न स्थानों के लिए प्रस्थान करने वाली एक सौ से ज्यादा बसों का संचालन नहीं हो सका।

यादव ने कहा कि गत अगस्त से सितंबर तक दो महीनों के बकाया वेतन, दो माह की बकाया पेंशन एवं गत आठ माह में सेवानिवृत्त हुए पांच सौ से ज्यादा कर्मचारियों के बकाया सेवानिवृत्ति परिलाभों में से दो माह के परिलाभ का अभी तक भुगतान नहीं होने तथा 24 अक्टूबर की दीपावली से पूर्व बोनस एवं एक्सग्रेशिया के भुगतान के प्रति अनिश्चितता की स्थिति के कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

इस अवसर पर यादव, राजस्थान स्टेट रोडवेज एप्लाइज यूनियन (एटक) के प्रदेश उप महासचिव धर्मेंद्र चौधरी, राजस्थान रोडवेज वर्कर्स यूनियन (सीटू) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सतबीर चौधरी, राजस्थान रोडवेज मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा, आरएसआरटीसी रिटायर्ड एम्पलाइज एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव हरगोविंद शर्मा एवं राजस्थान रोडवेज सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद जैन ने कर्मचारियों की आम सभा को संबोधित करते हुए रोडवेज प्रबंधन एवं राज्य सरकार के उपेक्षापूर्ण व्यवहार की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने मांग की कि कहा कि जन सेवा से जुड़े रोडवेज संस्थान में औद्योगिक शांति के लिए संयुक्त मोर्चे की 21 सूत्री मांगों को समय रहते स्वीकार किया जाना चाहिए।

चेक बाउंस मामले में विधायक बीमा भारती के खिलाफ वारंट

पटना। बिहार में पटना व्यवहार न्यायालय की एक अदालत ने चेक बाउंस मामले में आज विधायक बीमा भारती के खिलाफ उनकी उपस्थिति के लिए जमानतीय वारंट जारी किया।

न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) श्वेता चौधरी की अदालत ने पूर्व में जारी किए गए सम्मन के बावजूद न्यायालय में हाजिर नहीं होने के कारण विधायक बीमा भारती की उपस्थिति के लिए गिरफ्तारी का जमानतीय वारंट जारी किया है और उनकी उपस्थिति के लिए 19 दिसंबर 2022 की अगली तिथि निश्चित की है।

अधिवक्ता लिपिक कुणाल राम ने अदालत में एक शिकायती मुकदमा संख्या 7225 (सी) 2022 दाखिल किया था, जिसमें जांच के बाद प्रथम दृष्टया चेक बाउंस का मामला सत्य पाते हुए अदालत ने विधायक बीमा भारती के खिलाफ सम्मन जारी किया था।

मुकदमे के आरोप के अनुसार नौकरी दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता ने विधायक बीमा भारती को एक लाख रुपये दिए थे लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही रुपए वापस किए गए। रुपए वापस करने के नाम पर दिया गया एक लाख रुपए का चेक भी बाउंस कर गया था।

अयोध्या : दीपोत्सव में इस साल शामिल हो सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में इस साल दीपावली के अवसर पर छठें दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने की संभावना को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

अयोध्या में राम की पैड़ी और सरयू सलिल के घाटों पर दीपोत्सव के कार्यक्रम का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अयोध्या आ रहे हैं। दीपोत्सव में 16 लाख दिए जलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें 15 लाख दिए राम की पैड़ी व सरयू सलिल के घाटों पर ही जलाये जाएंगे। एक लाख दिपक श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मंदिर प्रांगण में जलाए जाएंगे।

इस बीच मंगलवार को दीपोत्सव में प्रधानमंत्री मोदी के भी शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर शुरु हो गई। इसके साथ ही दीपोत्सव की तैयारी के काम में तेजी आ गई। रामकथा पार्क में एक हेलीपैड और कामता प्रसाद सुन्दर लाल साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में दो हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।

अयोध्या के जिलाधिकारी ने हालांकि प्रधानमंत्री की यात्रा की आधिकारिक पुष्टि करने से इंकार कर दिया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी छठें दीपोत्सव पर्व में शामिल होने के साथ श्रीराम जन्मभूमि पर हो रहे भव्य मंदिर निर्माण का अवलोकन करने के लिए आ सकते हैं।

जिलाधिकारी नितीश कुमार से जब प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या आगमन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा कोई कार्यक्रम फिलहाल नहीं मिला है। गौैरतलब है कि प्रधानमंत्री का अगर अयोध्या आगमन होता है तो यह उनकी दूसरी अयोध्या यात्रा होगी। इसके पहले वह अयोध्या में 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर निर्माण कार्य का भूमि पूजन करने के लिए आए थे।

जालंधर में सौतेले पिता ने परिवार के 5 सदस्यों को जिंदा जलाया

जालंधर। पंजाब के जालंधर में एक सौतेले पिता द्वारा दो बच्चों सहित परिवार के पांच सदस्यों को कथित तौर पर जलाकर मार डालने का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सरबजीत सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को देर रात महतपुर थाना क्षेत्र के बिटलान गांव में दिहाड़ी मजदूर कुलदीप सिंह (30) ने पेट्रोल-डीजल मिलाकर परिवार के सदस्यों पर छिड़क दिया और आग लगा दी।

मृतकों की पहचान कुलदीप सिंह की 28 वर्षीय पत्नी परमजीत कौर, परमजीत के पिता सुरजन सिंह (50), उसकी मां जोगिन्दरो (47) और परमजीत के बच्चे अर्शदीप (8) और अनमोल (5) के रूप में हुई है। सास, ससुर और बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि परमजीत कौर की अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुलदीप ने वैवाहिक विवाद के बाद कथित रूप से यह अपराध किया है। लुधियाना के खुर्शेदपुर गांव के रहने वाले कुलदीप ने एक साल पहले परमजीत कौर से शादी की थी। बताया जा रहा है कि यह जोड़े की दूसरी शादी थी। पहली शादी से महिला के दो बच्चे थे।

पुलिस के अनुसार, परमजीत कौर शादी के बाद एक महीने तक उसके साथ ही और कुलदीप की शारीरिक प्रताड़ना को सहन करने में असमर्थ वह अपने माता-पिता के साथ रहने चली गई। आरोपी पत्नी को अपने घर ले जाने पर अड़ा था लेकिन वह शारीरिक प्रताड़ना का हवाला देकर वापस जाने को तैयार नहीं थी। इससे उनके बीच दुश्मनी बढ़ गई और यह हादसा हो गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

प्रयागराज : आरएसएस की बैठक में बेरोजगारी पर जताई गई चिंता

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल की चार दिवसीय बैठक के मंगलवार को तीसरे दिन देश में बेरोजगारी और जनसंख्या असंतुलन पर चिंता जताते हुए युवाओं को रोजगार दिलाने और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर गौहनिया में बैठक में सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की अगुवाई में हो रही बैठक में नेपाल और भूटान जैसे देशों से सवयंसेवक शामिल हुए हैं।

बैठक में समाज को शिक्षा, रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया है। बैठक में चर्चा हुई कि तमाम क्षेत्रों में कक्षाओं का संचालन न होने से विद्यार्थी पढाई में पिछड़ गए हैं। उनकी मदद के लिए भी स्वयंसेवकों के माध्यम से कक्षाएं चलाई जा रही हैं। इस दिशा में भी विशेष प्रयास स्थानीय स्तर पर किए जाएंगे।

बैठक में युवाओं को रोजगार शुरू कराने में संगठन की ओर से सहायता किये जाने पर चर्चा की गयी। इसी क्रम में जिनकी रोजी रोजगार समाप्त हो गई है, उन्हें भी मदद देने के लिए उपक्रम करने और किसी विधा में काैशल से परिपूर्ण युवाओं को उनके रोजगार शुरू कराने में संगठन द्वारा मदद कराने पर वचार विमर्श हुआ।

बैठक में कहा गया कि सामान्य श्रमिकों को प्रशिक्षण दिलाने और उसके बाद समाज के सक्षम लोगों की मदद से उन्हें आर्थिक सहयोग देकर रोजगार की व्यवस्था कराने के प्रकल्पों पर विचार मंथन हुआ।

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि केंद्र और प्रदेश सरकारों की ओर से चलने वाली कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी स्वयंसेवक आम लाेगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा, लड़कियों की शादी, वृद्धों के उपचार और आजीविका संबंधी योजनाओं पर गौर किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार सरकारी कार्यालयों में भी संगठन के सदस्य मदद पहुंचवाएंगे।

आरएसएस का आग्रह है कि आम जन खुद को गोसेवा से जोड़ें। गो उत्पादों का भी प्रयोग बढ़ाया जाए। इससे गोवंश की रक्षा में मदद मिलेगी। जहां सरकार की ओर से गोशालाएं संचालित हैं, उनमें भी स्वयंसेवक स्थानीय लोगों को साथ लेकर सहयाेगी बनेंगे। गाय के गोबर और मूत्र को खाद के रूप में बढ़ावा देने का भी लक्ष्य है जिससे रासायनिक खादों के प्रयोग को हतोत्साहित किया जा जाए।

युवती का देहशोषण, ब्लैकमेल कर 75 लाख का सोना हड़पने के आरोपी को भेजा जेल

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक निजी स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मी को पुलिस द्वारा आज अदालत में पेश करने पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जिले के पदमपुर शहर निवासी सोनू वर्मा नामक निजी स्कूल कर्मी को पुलिस ने एक युवती को अपने जाल में फंसा कर देह शोषण करने और उससे लगभग 75 लाख रुपए मूल्य के डेढ़ किलो स्वर्ण आभूषण हड़प लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि 4 दिन की रिमांड अवधि के दौरान उसकी निशानदेही पर युवती से हड़पे गए कुछ गहने तथा गहने बेचकर खरीदी गई कार, मोटरसाइकिल तथा आईफोन आदि वस्तुएं बरामद की गई हैं। मगर फिर भी काफी मात्रा में स्वर्ण आभूषण अभी भी बरामद नहीं हुए हैं।

सूत्रों ने बताया कि सोनू वर्मा ने ब्लैकमेल कर युवती से हासिल किए सोने और चांदी के आभूषण श्रीगंगानगर शहर में ही कुछ स्वर्णकारों को बेच दिए। इनमें 3-4 स्वर्णकार तो काफी नामी है, मगर पुलिस ने सोनू वर्मा के अलावा अभी तक किसी और की गिरफ्तारी नहीं की।

IRCTC घोटाला : तेजस्वी यादव की जमानत रद्द करने से स्पेशल कोर्ट का इनकार

नई दिल्ली। दिल्ली की एक विशेष अदालत ने आईआरसीटीसी घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल नेता एवं बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की जमानत रद्द करने से इनकार कर दिया।

सांसद/विधायकों के मामले की विशेष अदालत की न्यायाधीश गीतांजलि गोयल ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका पर सुनवाई के बाद तेजस्वी यादव की जमानत रद्द करने से इनकार कर दिया हालांकि, उन्हें (यादव को) सार्वजनिक रूप से बोलते समय सही शब्दों का इस्तेमाल करने की हिदायत दी।

सीबीआई के वकील ने अदालत को बताया कि यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित तौर पर कुछ सीबीआई अधिकारियों को धमकी दी, जो उनके द्वारा मामले को प्रभावित करने का एक प्रयास है। वहीं यादव के वकील ने सीबीआई की याचिका का विरोध करते हुए कहा कि धमकी देने और आलोचना करने में अंतर होता है।

गौरतलब है कि सीबीआई ने 2006 में रांची और पुरी में दो आईआरसीटीसी होटलों के रखरखाव अनुबंधों के आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। तेजस्वी यादव और उनकी मां राबड़ी देवी को 2018 में जमानत दी गई थी।

अलवर में 5 साल की बालक से रेप के दोषी को 20 वर्ष का कारावास

अलवर। राजस्थान में अलवर की पोक्सो अदालत ने आज पांच वर्षीय बालक के साथ दुष्कर्म (अप्राकृतिक कृत्य) के मामले में आरोपी को 20 साल का कठोर कारावास की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक राजकुमार गंगावत ने बताया कि 20 अगस्त 2021 को भिवाड़ी के फूल बाग थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था जिसमें बताया कि उसका परिवार मजदूरी करने गया था। बच्चो को दादा के पास छोड़ गए। उसका बच्चा घर पर ही खेल रहा था।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले भूपेंद्र उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह स्थित एक कमरे में ले गया उसके साथ दुष्कर्म (अप्राकृतिक कृत्य) किया। जिससे बालक लहूलुहान हो गया। बालक ने घर आकर सारा घटनाक्रम घर आकर बताया तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में चालन पेश करने के बाद ट्रायल चला । जिसमें पोक्सो अदालत 3के विद्वान न्यायाधीश सोहन शर्मा ने विभिन्न धाराओं में 20 साल की कठोर कारावास और 25000 के अर्थदंड से दंडित किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र निवासी भूपेंद्र जाट है। जो भिवाड़ी में किराए के मकान में रहता था।

हनुमानगढ़ : किशोरी से अश्लील हरकतें करने के आरोपी को 3 साल जेल

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) मामलों की विशेष अदालत के न्यायाधीश ने घर में घुसकर नाबालिक लड़की से अश्लील हरकतें करने का दोषी करार देते हुए एक युवक को आज तीन वर्ष की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक विनोद डूड्डी ने प्रकरण के तथ्यों की जानकारी देते बताया कि जिले के नोहर थाना क्षेत्र के एक गांव में 29 मार्च 2019 को हुई इस घटना के आरोपी विक्रम (27) निवासी जसाना को अदालत ने दोषी करार दिया है। पीड़ित किशोरी के पिता की रिपोर्ट पर 29 मार्च को ही विक्रम के खिलाफ घर में घुसकर उसकी नाबालिग लड़की से अश्लील हरकतें करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने अनुसंधान में विक्रम को दोषी माना और गिरफ्तार कर लिया। अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 8 गवाह तथा 10 दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। विशिष्ट लोक अभियोजक ने बताया कि इनके आधार पर न्यायाधीश ने आरोपी विक्रम को धारा 354 और पोक्सो एक्ट की धारा के तहत 3 वर्ष की सजा तथा पांच हजार का अर्थ दंड लगाया।

केदारनाथ के पास हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सहित 7 की मौत

केदारनाथ/देहरादून। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में भगवान शिव के पांचवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के दर्शन उपरान्त 6 तीर्थयात्रियों को वापस लाते समय एक हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे पायलट सहित उसमें सवार सभी 7 लोगों की मृत्यु हो गई। मृतक गुजरात और तमिलनाडु के निवासी हैं। सभी शव बरामद किए जाने के बाद भी राहत कार्य जारी हैं।

राज्य के अपर सचिव तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ)नागरिक उड्डयन (युकाड़ा) सी रविशंकर ने देहरादून में संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार को केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहे आर्यन एविएशन हेलीकॉप्टर कंपनी के हेलीकॉप्टर क्रैश दुर्घटना में पायलट सहित सात लोगों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। दुर्घटना मंगलवार को सुबह लगभग 11:40 बजे हुई। मृतकों में पायलट कैप्टन अनिल (मुंबई निवासी) सहित कुल 7 यात्री थे। उन्होंने बताया कि घटना स्थल ग्राम देव दर्शनी, तहसील गरुड़ चट्टी है।

रविशंकर ने बताया कि 11:45 बजे कॉलर सोनू बिष्ट मोबाइल 9536989844 द्वारा आपातकालीन परिचालन केन्द्र, रुद्रप्रयाग को अवगत कराया कि स्थान देव दर्शनी (गरुड़ चट्टी) के समीप एक हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेक्टर अधिकारी, हैली पैड के अनुसार उपरोक्त घटना में पायलेट सहित सात लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमएफ, डीडीआरएफ टीम तथा पुलिस टीम मौके पर रवाना किया गया। उपरोक्त टीमों द्वारा सात लोगों के शव प्राप्त किया गया तथा शवों को केदारनाथ धाम हैलीपैड ले जाया गया है।

दूसरी ओर, रुद्रप्रयाग के आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह ने बताया कि हेलीकाॅप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से अनिल सिंह पायलेट उम्र 57 वर्ष निवासी मुंबई (महाराष्ट), पूर्वा रामानुज उम्र 26 वर्ष निवासी गुजरात, क्रुती बराड उम्र 30 वर्ष निवासी गुजरात, ऊर्वी बराड उम्र 25 वर्ष निवासी गुजरात, सुजाता उम्र 56 वर्ष निवासी तमिलनाडू, प्रेम कुमार उम्र 63 वर्ष निवासी तमिलनाडू और कला उम्र 60 वर्ष निवासी तमिलनाडू की मौके पर ही मौत हो गई।

सीईओ युकाडा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी स्तर पर जांच बिठाई गई है। एसडीआरएफ तथा पुलिस की टीम द्वारा घटनास्थल पर रिस्कयू व रिकवरी ऑपरेशन संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित थे।