Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 540 -
होम ब्लॉग पेज 540

अजमेर : स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 युनिट रक्त का संग्रहण

0

अजमेर। सेठ श्री धनश्याम बोदूराम सैनी चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में शनिवार को राधे-रानी गार्डन में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 युनिट रक्त संग्रहण हुआ।

मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार कच्छावा ने बताया कि सुबह से अपराहन तक चले रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साह से रक्तदान किया। सबसे पहले रक्तदान करने वालों में अमित, भानू टांक, कुलदीप टांक, प्रदीप कच्छावा, योगेश मौर्य, जय भाटी, राहुल चौहान तथा महिलाओं में पूजा भाटी, शिखा शर्मा, भारती टांक, मिथलेश शर्मा शामिल थे।

जवाहर लाल नेहरू अस्पताल की मेडीकल टीम व जयपुर से रामलाल चेरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों ने सहयोग किया। सडक सुरक्षा सोसाइटी व भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। युवा मार्बल उद्यमी चन्द्रकान्त सैनी का जन्मोत्सव भी मनाया गया। इसमें युवावर्ग ने बढ-चढ उत्साह से भाग लिया।

विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में धनश्याम सैनी, चन्द्र कांत सैनी, संगीता सैनी, गौरव सेनी, राजेश भाटी, गोपीकिशन जादम, पार्षद रजनीश चौहान, अरुण शर्मा, चन्दशोखर मौर्य, सतीश सैनी, गणेश टांक, सुलोचना कच्छावा, नेहा अलुदिया, मदन सैन, मनीष मारोठिया आदि भी उपस्थित रहे।

हॉलीवुड अभिनेता रॉबी कोल्ट्रेन का निधन

फलकिर्क। हैरी पॉटर फिल्मों में हैग्रिड का किरदार निभाने वाले मशहूर हॉलीवुड अभिनेता रॉबी कोल्ट्रेन का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनके परिवार में बहन एनी राय, बच्चे स्पेंसर, ऐलिस और मां रोना जेमेल हैं।

रॉबी की एजेंट बेलिंडा राइट ने बताया कि रॉबी कोल्ट्रेन का निधन स्कॉटलैंड में फलकिर्क के एक छोटे शहर लारबर्ट के अस्पताल में हुआ। रॉबी काफी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से प्रशंसक शोक में डूब गए है।

रॉबी का जन्म 30 मार्च, 1950 को स्कॉटलैंड में हुआ था। रॉबी ने पढ़ाई के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। बाद में उन्होंने अभियन के लिए लंदन का रुख किया और टीवी शोज से अपना करियर शुरू किया।

बेलिंडा ने जारी बयान में कहा कि रॉबी एक कमाल के अभिनेता थे। बेस्ट एक्टर के लिए लगातार तीन बार बाफ्टा अवॉर्ड जीतने की वजह से उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज था। उन्हें ‘हैरी पॉटर’ की फिल्मों में हैग्रिड के रूप में आने वाले दशकों में सबसे ज्यादा याद किया जाएगा। यह एक ऐसा रोल था, जिसने दुनिया भर में बच्चों और बड़ों के दिलों में जगह बनाई थी। हैरी पॉटर के लेखक जेके राउलिंग ने ट्विटर पर कोल्ट्रेन को एक अविश्वसनीय प्रतिभा के रूप में वर्णित किया।

सबगुरु राशिफल : 15 अक्टूबर शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष, षष्ठी तिथि वार शनिवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन। आज आपका दिन कैसा रहेगा जानने के लिए पढें राशिफल।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी भी आपको मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आएंगे और सजने संवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करे। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते है।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाए रखें। नई योजनाओं का आरम्भ करके और नाम कमाएंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च की संभावना है।

मीन :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है।सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

अयोध्या में मस्जिद के लिए जमीन देना उचित नहीं है : शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गोवर्धन मठपुरी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या में मस्जिद निर्माण के लिए मुस्लिम पक्षकारों को जमीन देना उचित नहीं है।

शंकराचार्य ने जिले के सुमेरपुर क्षेत्र मे इंगोहटा गांव में चल रही सहस्र चंडी यज्ञ में बोलते हुए कहा कि अयोध्या में मस्जिद के लिये जमीन देने का फैसला न्यायोचित नहीं है। उन्होंने इस बात की आशंका भी जताई कि देश में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार का पतन होने के बाद उत्तर प्रदेश में विभाजनकारी ताकतें सिर उठा सकती हैं। शंकराचार्य ने कहा कि प्रदेश में तीन पाकिस्तान बनाने की तैयारियां अंदर खाने की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने निहत्थे गौ रक्षकों पर गोली चलवाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने योगी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के अवैध बूचड़खाने बंद करवाकर राज्य सरकार ने गौहत्या रोकने का कार्य किया है। बुंदेलखंड में गोवंश की दुर्दशा पर उन्होंने कहा कि सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

शंकराचार्य ने कहा कि इस देश में रहने वाले सभी लोगों के पूर्वज सनातनी हिंदू थे। देश के आजाद होने के बाद आरक्षण आदि के लालच में लोग सिख, ईसाई, मुस्लिम के मध्य बंटकर अल्पसंख्यक हो गए। पर्यावरण असंतुलन के बारे में उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर पृथ्वी को कुपित किया जा रहा है। इससे जल, वायु, अग्नि, चंद्रमा सभी व्यथित हो रहे हैं। इसका दुष्प्रभाव मानव जीवन पर पड़ रहा है।

वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में कथित शिवलिंग बरामद होने के बारे में उन्होंने कहा कि पूरी काशी में शिवलिंग के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कथित शिवलिंग को मस्जिद के वजूखाने का फव्वारा बताने के दावे को गलत बताया। शंकराचार्य ने कहा कि वह किसी भी दल के समर्थक नहीं है। राजनीति ही राजधर्म है। सभी दलों को सत्ता में आने पर राजधर्म का पालन करना चाहिए।

हिमाचल प्रदेश में कबाइली सहित सभी जिलों में 12 नवंबर को होगा मतदान

शिमला। हिमाचल प्रदेश में जनजातीय जिलों सहित 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ 12 नवंबर को मतदान होगा और आठ दिसंबर को मत गणना की जाएगी। चुनाव केंद्रीय चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना की तिथियां तय कर दी हैं।

इसके साथ 17 अक्टूबर से चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। पच्चीस अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी तथा 27 अक्टूबर को जांच और 29 अक्टूबर तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। गत 2017 में नौ नवंबर को एक चरण में मतदान हुआ था, जबकि मतगणना 18 दिसंबर को हुई थी। इस बार चुनाव आयोग ने जल्दी तिथियां घोषित कर दी हैं, और नतीजे भी जल्दी आएंगे। प्रदेश में शुक्रवार से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार आठ जनवरी 2023 को मौजूदा कार्यकाल पूरा कर रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में अब कुल 55,07,261 सामान्य मतदाता हैं, जिनमें 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला और 37 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़कर 56001 हो गई है, जिसमें 1470 की वृद्धि हुई है। प्रदेश के जनसंख्या लिंगानुपात 976 की तुलना में मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। कांगड़ा जिले के 14 सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 104486 मतदाता हैं, जबकि 21-लाहौल और स्पीति विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 24744 मतदाता हैं।

चुनाव शामिल सेवा कर्मियों की संख्या 67 हजार 532 होगी। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी 56,001 होगी। इसके अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। इसके साथ ही 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं। इन्हें आयोग ने सम्मानित किया है। प्रदेश में 1.86 लाख युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। चुनाव आयोग इन्हें एक किट भेंट करेगा।

उन्होंने बताया कि उत्सव अभियान के तहत निर्वाचन विभाग द्वारा किए गए निरंतर और ठोस प्रयासों के कारण 163925 नये मतदाता पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 69781 मतदाता शामिल हैं तथा इस आयु वर्ग के मतदाताओं की नामांकन प्रतिशतता 46 प्रतिशत से बढ़कर अब 75 प्रतिशत हो गई है।

श्री गर्ग के अनुसार मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सोलह अगस्त को चुनाव विभाग द्वारा मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन के समय राज्य में कुल 5388409 मतदाता पंजीकृत थे। फोटो मतदाता सूची के संशोधन के बाद, मृत्यु, स्थानांतरण तथा पंजीकरण के दोहराव आदि के कारण 45073 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में 118852 मतदाताओं की वृद्धि हुई है, जो 2.21 प्रतिशत है। सेवा अहर्ता मतदाता सूची को भी अन्तिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है तथा अब तक राज्य में 67532 सेवा मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

गहलोत ने दीपावली पर राज्य कर्मचारियों को बोनस की मंजूरी देकर दी सौगात

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य कार्मिकों को दीपावली के अवसर पर तदर्थ बोनस के रूप में सौगात दी है। गहलोत के इस निर्णय से प्रदेश के करीब छह लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

यह लाभ राज्य सेवा के अधिकारियों (राजपत्रित) को छोड़कर राज्य कर्मचारियों को, जोे राजस्थान सिविल सेवा (पुनरीक्षित वेतन) नियम, 2017 के पे-मैट्रिक्स लेवल-12 अथवा ग्रेड पे-4800 और इससे नीचे के लेवल का वेतन ले रहे राज्य कर्मचारियों को मिलेगा। यह बोनस पंचायत समिति, जिला परिषद के कर्मचारियों तथा कार्य प्रभारित कर्मचारियों को भी देय होगा।

तदर्थ बोनस की गणना वर्ष 2021-22 के लिए अधिकतम परिलब्धियों सात हजार रूपए तथा 31 दिन के माह के आधार पर की जाएगी। यह बोनस 30 दिन की अवधि के लिए देय होगा। इस प्रकार प्रत्येक कार्मिक को अधिकतम 6774 रूपए तदर्थ बोनस मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि बोनस की 75 प्रतिशत राशि का नकद भुगतान एवं शेष 25 प्रतिशत सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी। राज्य सरकार इस पर 500 करोड़ रूपए का अतिरिक्त वित्तीय भार वहन करेगी।

दिनभर आंदोलन के बाद शाम को पुजारी के शव का पोस्टमार्टम के लिए समझौता

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पुजारी गोविंद शर्मा आत्महत्या प्रकरण में शुक्रवार को दिनभर आंदोलन की गहमागहमी, रास्ता जाम, समझौता वार्ताएं आदि के बाद शाम को हुए समझौते के बाद मृतक पुजारी का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करने का रास्ता साफ हो गया।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक मंदिर के ट्रस्टी अग्रवाल पंचायत धड़ा ने मृतक पुजारी के पोते मनोज शर्मा को पूर्ववत पूजा पाठ करने देने पर सहमति दे दी है ताकि उनका परिवार भटके नहीं। साथ ही ट्रस्ट की ओर से पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी देने की बात कही गई है ताकि मृतक पुजारी के परिवार को आर्थिक संबल मिल सकें। इन दो उक्त बातों के अलावा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, सरकारी मुआवजा पचास लाख तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग यथावत है और ब्राह्मण महासभा संघर्ष समिति इन मांगो के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

इससे पूर्व आज सुबह मृतक पुजारी के समर्थन में राजस्थान ब्राह्मण महासभा एवं सर्वसमाज ने अस्पताल के निकट ही केसरगबाग पुलिस चौकी पर धरना प्रदर्शन किया जिसमें राजस्थान विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा, मसूदा विधायक राकेश पारीक, अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल भी समर्थन देने पहुंची और सभी ने मृतक पुजारी के परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता दिए जाने की बात की।

दिनभर चले विरोध आंदोलन के बीच शाम को कोतवाली थाने में समझौते के तहत अंतिम संस्कार करने पर सहमति बन गई और दोंनो पक्षों के समझौते पर हस्ताक्षर हो गए। अजमेर विधायक अनिता भदेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस संपूर्ण घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है क्योंकि उनके अधीन कार्य कर रही पुलिस समय रहते कार्यवाही करती तो पुजारी को आत्मदाह जैसा बड़ा कदम नहीं उठाना पड़ता।

समझौते के बाद यह बात तेजी से चर्चाओं में है कि मृतक पुजारी ने मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टियों पर जो आरोप लगाए उन्हीं ट्रस्टियों ने समझौता कर पूरे मामले में ठंडे छीटे डालने का प्रयास किया। बावजूद इसके संघर्ष समिति के पंडित सुदामा शर्मा का कहना है कि प्रकरण के आरोपियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष जारी रहेगा।

हनुमानगढ़ : फॉर्च्यूनर की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत

0

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला अंतर्गत श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ रोड नेशनल हाईवे 62 पर गोलूवाला थाना क्षेत्र में आज दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दंपती की दर्दनाक मौत हो गई।

गोलूवाला थाना अधीन कैंचियां पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई कृष्णलाल ने बताया कि दोपहर में कैंचियां-सूरतगढ़ के बीच चक 34 एमओडी मोड़ के पास सूरतगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उड़ा दिया। टक्कर इतनी जोर से हुई कि मोटरसाइकिल और उस पर सवार दंपती सड़क से काफी दूर झाड़ियों में जा गिरे। दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक दंपती की पहचान सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव निरवाना निवासी चंद्रसिंह रायसिख (45) और राजेंद्रकौर (42) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को मौके की कार्रवाई के बाद गोलूवाला के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में शिफ्ट किया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद पति-पत्नी के शव परिवार वालों को सौंप दिए। फॉर्च्यूनर चालक पर तेजी और लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है

ट्रक में बनाए विशेष खांचे में 45 लाख की अवैध शराब बरामद

हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने एक ट्रक जब्त कर उसमें विशेष रूप से बनाए हुए खांचे में लगभग 45 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन मार्ग पर डबली राठान टोल नाका के पास कल शाम को पुलिस ने संदेह के आधार पर इस ट्रक को काबू किया। ट्रक की बॉडी में विशेष रूप से बड़े साइज का ढांचा बनाया हुआ है। यह खांचा दूसरी तरफ से देखने पर दिखाई नहीं देता। खांचे को बनाने के लिए लोहे की एक बड़ी चद्दर को वेल्डिंग से फिट किया हुआ है।

ट्रक के केबिन और बाडी के बीच बने इस ढांचे में पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 480 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक ट्रक के चालक डूंगरा राम को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह अमृतसर (पंजाब) से शराब ट्रक में छिपाकर जोधपुर ले जा रहा था। अंग्रेजी ब्रांड की शराब का मूल्य लगभग 45 लाख रुपए आंका गया है।

भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह भदौरिया के अशोभनीय कृत्य का वीडियो वायरल

भिंड। राजनेताओं के बीच प्रतिद्वंद्विता, मनमुटाव और विवाद सामान्य बात हो सकती है, लेकिन मध्यप्रदेश के भिंड जिले में प्रतिद्वंद्विता के चलते भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता द्वारा जिले के ही एक अन्य नेता का पोस्टर फाड़कर सड़क पर फेंकने और फिर अत्यंत निम्न स्तर का अशोभनीय व्यवहार करने का वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद संबंधित नेता को पार्टी ने छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इस घटना के प्रकाश में आने के बाद विधिवत पत्र जारी कर भिंड जिले के मेहगांव जनपद के उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वायरल वीडियो बुधवार की देर रात का जिले के बरौठा टोल प्लाजा का है। यह घटना टोल प्लाजा के ही कैमरे में कैद हुई।

शैलेंद्र सिंह भदौरिया अपने वाहन में सुरक्षा गार्डों के साथ भिंड से ग्वालियर की तरफ जा रहे थे। टोल प्लाजा पर भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया के पोस्टर लगे हुए थे। नए जिला अध्यक्ष का पोस्टर देख शैलेंद्र सिंह भदौरिया से रहा नहीं गया और उन्होंने अपने वाहन से उतरकर न सिर्फ पोस्टर निकाले, बल्कि उसे फाड़कर सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने सभी सीमाओं को लांघकर वहीं पर पोस्टर के ऊपर पेशाब की। शर्म के चलते आसपास खड़े भदौरिया के सुरक्षा कर्मचारी भी अपना मुंह फेरते हुए वीडियो में दिखायी दे रहे हैं।

दरअसल प्रदेश भाजपा संगठन ने हाल ही में भिंड के जिला अध्यक्ष को बदला है। नाथू सिंह गुर्जर के स्थान पर देवेंद्र सिंह नरवरिया को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के स्वागत में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए थे। ऐसा ही एक पोस्टर भिंड जिले के मालनपुर के पास स्थित बरौठा टोल प्लाजा पर भी लगा हुआ था। तभी वहां से मेहगांव जनपद उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया के गुजरने के दौरान यह वाकया हुआ।

भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने वीडियो देखने के बाद आज कहा कि शैलेन्द्र सिंह भदौरिया ने जो किया, वह उनकी मानसिकता है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ने उनकी इस हरकत को गंभीरता से लेकर पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। वहीं वीडियो में पूरी घटना साफतौर पर दिखाई देने के बावजूद भदौरिया कुतर्कों के जरिए अपने बचाव का प्रयास कर रहा है।

सुप्रीम कोर्ट से केंद्र ने कहा, चुनावी बांड काला धन नहीं

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चुनावी बॉन्ड योजना को राजनीतिक दलों को चंदा देने का पारदर्शी तरीका बताते हुए शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के समक्ष कहा कि इसमें काले धन की कोई संभावना नहीं है।

न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति बीवी नागरथ्ना की पीठ के समक्ष एनजीओ एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और अन्य की याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि चुनावी बॉन्ड राजनीति दलों के चंदे के लिए धन प्राप्त करने की बिल्कुल पारदर्शी पद्धति है।

मेहता ने पीठ के समक्ष कहा कि अब कुछ भी काला नहीं है, बल्कि सब कुछ पारदर्शी है। इस पर पीठ ने सॉलीसीटर जनरल से पूछा कि क्या सिस्टम ने जानकारी दी है कि पैसा कहां से आ रहा है। मेहता ने जवाब दिया, बिल्कुल।

वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने एक याचिकाकर्ता का पक्ष रखते हुए इस मामले को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इसकी सुनवाई एक बड़ी पीठ कर सकती है। इस पर पीठ ने कहा कि जब तक विचारों का टकराव नहीं होता है, तब तक मामले को बड़ी पीठ के समक्ष नहीं भेजा जा सकता है।

एनजीओ की ओर से अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने चुनाव में विदेशी धन के इस्तेमाल पर भी चिंता व्यक्ति और कहा कि याचिका में ऐसे मुद्दे उठाए गए हैं, जो लोकतंत्र को प्रभावित करते हैं। इनमें चुनावी बांड की शुरुआत और राजनीतिक दलों को आरटीआई के तहत लाना शामिल है। याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने राज्यों में आने वाले महीनों में चुनाव होने का हवाला देते हुए मामले की जल्द से जल्द सुनवाई करने की गुहार लगाई।

पीठ ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए छह दिसंबर की तारीख मुकर्रर की है। एनजीओ एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और अन्य ने 2 जनवरी, 2018 को शुरू की गई केंद्र की चुनावी बांड योजना की वैधता को चुनौती दी है। याचिकाओं में राजनीतिक फंडिंग के स्रोत पर सवाल उठाए गए हैं।

शीर्ष अदालत ने 27 मार्च 2021 को एक आदेश द्वारा इस आरोप को खारिज कर दिया था कि योजना पूरी तरह से अपारदर्शी थी। यह आशंका कि विदेशी कॉरपोरेट घराने बांड खरीद सकते हैं और देश में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं, ‘गलत धारणा’ थी।