Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 549 -
होम ब्लॉग पेज 549

आगरा : पत्नी और बेटी की हत्या कर युवक फरार

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सोमवार को तड़के दोहरे हत्याकांड को अंजाम देते हुए एक युवक अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार जिले में खंदौली क्षेत्र के गांव पैंतखेड़ा में बीती देर रात एक युवक ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। वह अपनी पत्नी और एक वर्ष की मासूम बेटी की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद घर से फरार हो गया। सुबह जानकारी होने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। हत्याभियुक्त की तलाश की जा रही है।

पैंतखेड़ा निवासी मनमोहन सिंह आगरा में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। घर में उसकी पत्नी ममता और एक वर्ष की बेटी सौम्या एवं तीन वर्ष का बेटा आरव था। परिजनों ने बताया कि रात 9.30 बजे मनमोहन ने पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर में खाना खाया था। रात 11 बजे वह घर के बाहर घूमता देखा गया था।

इसके बाद वह घर में चला गया। रात में ही पत्नी और बेटी की हत्या करके वह फरार हो गया। सुबह सात बजे तक उसके चाचा हरिओम को जब घर से कोई निकलता नहीं दिखा तो वे अंदर गए। कमरे में ममता और सौम्या लहूलुहान पड़े थे। आरव दूसरे कमरे में सो रहा था।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-पीएम मोदी ने मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया।

मुर्मू ने ट्विटर अपने शोक संदेश में लिखा कि मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!

मोदी ने मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया। वे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मुलायम सिंह यादव जी ने उत्तर प्रदेश (यूपी) और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।

उन्होंने कहा कि हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति। मोदी ने ट्वीटर पर मुलायम के साथ मुलाकात की कई तस्वीर भी साझा की।

बिरला ने लिखा कि समाजवाद की मुखर आवाज थे मुलायम सिंह, वे सदैव वंचित वर्ग के कल्याण को समर्पित रहे। बढ़ती आयु-अस्वस्थता के बावजूद मुलायम जी लोक सभा में रहते थे सक्रिय, जेपी और लोहिया की परंपरा को मुलायम ने बढ़ाया आगे, देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने की लंबी सेवा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

शाह, राजनाथ, गड़करी ने जताया शोक

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शाह ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा कि मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति। सिंह ने ट्वीट किया कि मुलायम सिंह यादव जी ज़मीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे, जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताज़ा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

गड़करी ने ट्वीट कर कहा कि मुझे व्यक्तिगत तौर पर मुलायम सिंह जी से बेहद स्नेह मिला है, ई-रिक्शा का निर्णय लेते वक्त मुलायम सिंह जी का पुरजोर समर्थन मिला था। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन का समाचार दुःखद है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन

वेनेजुएला के उत्तरी प्रांत अरागुआ में भूस्खलन में 22 की मौत

0

काराकास। वेनेजुएला के उत्तरी प्रांत अरागुआ में भूस्खलन के बाद कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 52 अन्य लापता बताए गए हैं।

उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने रविवार को टेलीविजन पर जारी एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो इसे आपदा क्षेत्र घोषित करने जा रहे हैं और उन्होंने तीन दिन के शोक की भी घोषणा की है।

बयान के अनुसार भूस्खलन भारी वर्षा के कारण हुआ है। बारिश के कारण राजधानी काराकस से लगभग 60 किमी दूर स्थित लास तेजेरियास शहर के पास कई नदियां उफान पर है।

उप राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने रविवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए बोलिवेरियन राष्ट्रीय सशस्त्र बलों को भेजा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए आश्रय को बनाया जाएगा और क्षतिग्रस्त व्यवसायों को सहायता प्रदान की जाएगी।

आंतरिक संबंध, न्याय और शांति मंत्री रेमिगियो सेबेलोस ने कहा कि सुरक्षा और जोखिम प्रबंधन एजेंसियों के 1,000 से अधिक अधिकारी आपात स्थिति पर काम कर रहे हैं।

नाइजीरिया के अंबरा प्रांत में नाव पलटने से 76 लोगों की मौत

अबुजा। नाइजीरिया के अंबरा प्रांत में नाव के पलटने से कम से कम 76 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने रविवार को जारी एक बयान में नाव पलटने की घटना में 76 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बचाव एजेंसियों ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर त्रासदी में मरने वालों की संख्या की सूचना दी थी और दुख व्यक्त किया था।

बयान के अनुसार क्षेत्र में बाढ़ के बाद शुक्रवार को अंम्बरा प्रांत के ओगबारू इलाके में 85 लोगों को ले जा रही एक यात्री नौका पलट गई। स्थानीय मीडिया ने राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनईएमए) के दक्षिणपूर्व क्षेत्र के समन्वयक थिकमैन तनिमु के हवाले से बताया कि बाढ़ के आलावा घटना के अन्य कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद नाइजीरिया के राष्ट्रीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण और एनईएमए ने अंम्बरा प्रांत में बचाव अभियान शुरू कर दिया है। बुहारी ने कहा कि उन्होंने अन्य बचाव और राहत एजेंसियों को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि संबंधित सरकारी एजेंसियों से स्थानीय परिवहन घाटों पर सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच करने का आग्रह किया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन

लखनऊ/नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। वह पिछले करीब डेढ़ माह से अस्पताल में भर्ती थे। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और वह वेंटिलेटर पर थे।

यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी दी कि मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे। केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री रह चुके यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। वह इस समय मैनपुरी से सांसद थे।

सैंफई में होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार काे दिन में 3 बजे उनके पैतृक गांव इटावा जिले के सैंफई में किया जाएगा।

सपा की ओर से सोमवार को यादव के निधन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए यह जानकारी दी गई। पार्टी की ओर से ट्वीट कर बतायाा गया कि आदरणीय नेताजी का आज दिनांक 10 अक्टूबर 2022 को सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को सैफ़ई ले जाया जा रहा है। कल दिनांक 11 अक्टूबर 2022 को दोपहर तीन बजे सैफई में अंतिम संस्कार होगा।

यूपी में रहेगा तीन दिन राजकीय शोक : योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक प्रकट किया है। योगी ने यादव के निधन पर राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक और पूरे राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किए जाने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री की ओर से सोमवार को जारी शोक संदेश में योगी ने यादव के पुत्र अखिलेश यादव और उनके भाई रामगोपाल यादव से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है।

योगी ने कहा कि ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।

धनखड़ ने मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। धनखड़ ने ट्वीट कर कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह एक प्रख्यात राजनेता थे। उन्होंने अपना जीवन लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि एक विनम्र कृषक पृष्ठभूमि से आने वाले मुलायम सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत के रक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपार योगदान दिया। उनके परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ओम शांति।

वह दिन दूर नहीं है जब हम विमान बनाएंगे : मोदी

महेसाणा। प्रधानमंत्री नरेन्द्रभाई मोदी ने रविवार को कहा कि पहले गुजरात साइकिल बनाने में भी अक्षम था। अब गुजरात में गाड़ियां बनने लगी हैं। अब वह दिन भी दूर नहीं है जब हम विमान बनाएंगे।

मोदी ने रविवार को मेहसाणा से भारत का सर्वप्रथम निरंतर सौर ऊर्जा संचालित मोढेरा ‘सूर्य ग्राम’ राष्ट्र को समर्पित करते हुए कहा कि इस सूर्य ग्राम के समर्पण के साथ ही समग्र उत्तर गुजरात विकास की नई ऊर्जा का केन्द्र बना है। भगवान सूर्य के धाम मोढेरा में शरद पूर्णिमा तथा महर्षि वाल्मीकि की पुण्यतिथि का त्रिवेणी संगम बना है। सूर्य की भांति विकास का प्रकाश देशभर में सर्वत्र फैलाने के लिए कटिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि आस्था तथा प्रौद्योगिकी (टेक्नोलॉजी) का समन्वय होने से अनेक लोगों के सपने साकार हो रहे हैं। साथ ही साथ स्मार्ट गुजरात-भारत का संकल्प साकार हो रहा है। मोढेरा ‘सूर्य ग्राम’ घोषित होने से मोढेरा सहित समग्र उत्तर गुजरात के लिए यह अनूठा अवसर आया है। सूर्य मंदिर के विख्यात मोढेरा गाँव अब ‘सूर्य ग्राम’ के रूप में विख्यात बना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले गुजरात साइकिल बनाने में भी अक्षम था। अब गुजरात में गाड़ियाँ बनने लगी हैं। अब वह दिन भी दूर नहीं है, जब हम विमान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बहुचराजी, मोढेरा, चाणस्मा क्षेत्र में फ़ोरलेन रोड बनाने हैं। इसी प्रकार तारंगा-अंबाजी रेलवे लाइन प्रोजेक्ट से इस क्षेत्र की कायापलट करनी है।

मोदी ने कहा कि विश्व के पर्यावरण इतिहास में मोढेरा का नाम स्वर्णाक्षर से अंकित होगा। मोढेरा सूर्य मंदिर को ध्वस्त करने के लिए आक्रांताओं ने अनेक प्रयास किए थे अनेक अत्याचार हुए थे। आज पौराणिक महत्व के साथ समग्र विश्व के लिए मोढेरा दृष्टांत बना है। विश्व में जब भी सौर ऊर्जा की चर्चा होगी, तब मोढेरा का उल्लेख अवश्य होगा। मोढेरा गांव में सब कुछ सौर ऊर्जा से संचालित हो रहा है, जो हमारे लिए गौरव की बात है। 21वीं शताब्दी के आत्मनिर्भर भारत के लिए यह विशेष भेंट है। आगामी पीढ़ी को सुरक्षा देने के लिए हम दिन-रात निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना से केवल बिजली ही नहीं, अपितु उसके उपभोग के बाद पैसे भी मिलेंगे। इससे बिजली बिल से मुक्ति मिलेगी तथा धन भी मिलेगा। अब तक सरकार बिजली उत्पादन करती और लोग ख़रीदते थे, परंतु अब इसमें बदलाव आया है। अब लोग घरों में सोलर पैनल लगाते हैं, किसान खेत में बिजली उत्पादन करते हैं और सरकार ख़रीदती है। इस स्थिति के कारण लोगों के जीवन में परिवर्तन आया है। अब सरकार सोलर एनर्जी के लिए लोगों की सहायक बनती है। देश में सौर ऊर्जा संचालित पम्पों का उत्पादन भी बढ़ा है।

मोदी ने कहा कि मेहसाणा सहित अनेक क्षेत्रों को बिजली और पानी के लिए तरसना पड़ता था। ऐसे कठिनाई भरे दिन हमने देखे हैं। आज की पीढ़ी को इसकी जानकारी नहीं होगी, परंतु अब समग्र चित्र बदला है। आज की युवा पीढ़ी को इस बदली हुई स्थिति का समुचित उपयोग करने का अवसर भी मिला है। गुजरात में जब-तब साम्प्रदायिक दंगे होते, परंतु आज समग्र स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आया है। एक समय था, जब विकास के विरोध का वातावरण था और आज गुजरात एवं भारत देश विश्व में अपनी विशिष्ट छवि उकेर रहे हैं।

उन्होंने उन्हें प्राप्त जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए कहा कि मेरे पंचामृत विकास कार्यों को जनता का समर्थन सदैव मिलता रहा है। पंचामृत शक्ति के ध्येय का गुजरातियों ने स्वागत किया है। हमने बिजली, पानी, शिक्षा, कृषि व स्वास्थ्य की पंचशक्ति पर ध्यान केन्द्रित किया है। हमने सड़क, रेल कनेक्टिविटी पर भी उतना ही ध्यान दिया है, जिसके फल हमें मिले हैं। हमने ज्योतिग्राम योजनांतर्गत एक हज़ार दिनों में गुजरात में गांव-गांव बिजली उपलब्ध कराई और देश में भी योजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया।

प्रधानमंत्री ने पानी को प्रकृति की प्रसादी बताते हुए कहा कि सुजलाम- सुफलाम कैनाल का निर्माण हुआ और पूर्व में व्यर्थ बह जाने वाला पानी अब खेतों तक पहुंचा है। उत्तर गुजरात के विसनगर, वडनगर, खेरालू जैसे क्षेत्रों में पानी की सुविधा पहुंची और इसके चलते आर्थिक समृद्धि भी बढ़ी है। बिजली-पानी की उपलब्धता के चलते पशुपालन, खेती तथा उद्योग जैसे क्षेत्रों के लिए नई दिशाएं खुली हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वडनगर में मेडिकल कॉलेज, राज्य के सभी ज़िलों में स्वास्थ्य सुविधा, प्रधानमंत्री जनौषधि केन्द्र जैसी अनेक योजनाएं लोगों के लिए उपयोगी हैं। समग्र उत्तर गुजरात क्षेत्र में अनेक पर्यटन स्थल हैं। उनका अभी विकास करना है। इन स्थलों को इस प्रकार विकसित करना है कि वे गुजरात ही नहीं, अपितु समग्र देश के लिए आकर्षण का केन्द्र बनें।

महेसाणा : मोदी ने मोढेश्वरी माता के मंदिर में दर्शन और पूजा की

महेसाणा : मोदी ने मोढेश्वरी माता के मंदिर में दर्शन और पूजा की

महेसाणा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात में महेसाणा के मोढेरा में मोढेश्वरी माता के मंदिर में दर्शन और पूजा की।

मोदी के आगमन पर यहां उनका स्वागत किया गया। उन्होंने गर्भगृह में स्थित मोढेश्वरी माता की मूर्ति को प्रणाम करके देवी से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और सांसद सीआर पाटिल भी उपस्थित थे।

इससे पहले गुजरात में महेसाणा के मोढेरा में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 3 हजार 900 करोड़ रुपए से अधिक की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया और मोढेरा को भारत के पहले 24 गुना 7 (चौबीसों घंटे) सौर ऊर्जा संचालित गांव के रूप में घोषित किया।

सबगुरु राशिफल : 10 अक्टूबर सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

0

सबगुरु न्यूज। कार्तिक मास, कृष्ण पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 01.39 बजे बाद द्वितीया तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं।

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं।प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे।किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मीन राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

गैस सिलेंडर हादसा : पीड़ित परिवारों से मिले जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत

जोधपुर। स्थानीय सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को विदेश दौरे से जोधपुर पहुंचे और कीर्ति नगर स्थित गैस सिलेंडर घटनास्थल का रुख किया। क्षेत्र के लोगों से हादसे के विषय में विस्तार से जानकारी ली। पीड़ित परिवारों के सदस्यों से मिले और दु:ख-दर्द साझा किया।

शेखावत ने कहा कि गैस सिलेंडरों के फटने से हुए भयावह हादसे के बाद मन व्यथित और व्याकुल था। शेखावत ने कहा कि पहली प्राथमिकता घायलों को सर्वोचित उपचार दिलवाना है। मैंने प्रशासन से स्पष्ट कर दिया है कि किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। हर पीड़ित को हरसंभव सहायता दिए जाने में भी देर न हो।

केंद्रीय मंत्री शेखावत कीर्ति नगर में घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां भीड़ जमा हो गई। उन्होंने सिलेंडर फटने से क्षतिग्रस्त मकान को देखा। पीड़ित परिवारों के सदस्य केंद्रीय मंत्री शेखावत से मिलकर भावुक हो गए। महिलाओं के आंसू छलक पड़े। शेखावत ने गले लगाकर ढांढस बंधाया।

शेखावत ने पीड़ित परिवारों को पूर्ण सहयोग दिलाने का भरोसा दिलाया। घटनास्थल से शेखावत सीधे महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिले। कुछ घायलों की स्थिति नाजुक देखकर उन्होंने चिंता जताई। चिकित्सकों ने केंद्रीय मंत्री को घायलों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और फीडबैक दिया। शेखावत ने उचित इलाज के निर्देश दिए और कहा कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।

इस दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मैं 14 घंटे तक विमान में था। हिंदुस्तान पहुंचते ही मुझे घटना की जानकारी मिली। मैंने तुरंत कलेक्टर, कमिश्नर और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से चर्चा की। आज केवल संवेदनाएं व्यक्त करने, घायलों को उच्च इलाज मिले, इसके लिए आया हूं। उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित परिवार गरीब और अत्यंत साधारण पृष्ठभूमि के हैं। उनको एकबार तुरंत जिस तरह की सहायता की आवश्यकता है, वह मिले। पार्टी के अध्यक्ष, मेयर साहिबा मेरे साथ में हैं।

सरकार अपने तौर पर सहायता करे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी परिवार और मैं व्यक्तिगत तौर पर भी पीड़ित परिवारों की सहायता करूंगा। इस दिशा में हम सब चर्चा करके योगदान करेंगे। शेखावत ने कहा कि पीड़ित परिवारों को एक बार संबल मिले। सब लोग साथ खड़े हों, क्योंकि इस घटना से पूरा शहर दुःखी और व्यथित है। पूरे शहर को कष्ट हुआ है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि आज जब मैं जोधपुर पहुंचा तो मुझे एक और दु:खद घटना की जानकारी मिली। सुरपुरा डैम में डूबने के कारण से तीन युवकों की मृत्यु हुई है। मुझे लगता है कि जोधपुर के लिए शायद ग्रह-नक्षत्र कुछ कठोर हो गए हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करूंगा कि जोधपुर, जो शांति और सौहार्द का शहर है, वहां इस तरह की ह्रदय विदारक घटनाएं ना हों। हम सब मिलकर ऐसे समय में पीड़ित परिवारों के साथ रहें।

साथ ही, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दूसरा पक्ष हादसे के कारणों की पड़ताल है, जिसके नतीजों के अनुसार हम जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर एक स्थानीय नीति बनानी होगी। सुविधा संकट में न बदले, इसका ध्यान सभी को रखना होगा। इस दौरान जोधपुर दक्षिण की महापौर वनिता सेठ, जिला अध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, खाद बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष शंभू सिंह खेतासार सहित अनेक भाजपा नेता, पार्षद केंद्रीय मंत्री शेखावत के साथ रहे।

शोकसभाओं में शामिल हुए शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उमेद होटल स्थित स्वर्गीय उमेद सिंह चंपावत के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना जताई और पुष्पांजलि अर्पित की। उमेद सिंह के पुत्र और परिवार के सदस्यों ढांढस बंधाया। शेखावत पूर्व जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी के डीगाड़ी स्थित निवास पहुंचे और उनके पिता स्वर्गीय प्रभुराम के निधन पर शोक जताया व पुष्पांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री शेखावत भजन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। शेखावत मगरा पूंजला में नरपत सिंह सांखला के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके निवास पहुंचे।

2nd ODI : श्रेयस अय्यर, ईशान किशन के आगे दक्षिण अफ्रीका पस्त

रांची। भारत ने श्रेयस अय्यर (113 नाबाद) के शतक और ईशान किशन (93) के अर्द्धशतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को दूसरे एकदिवसीय मैच में रविवार को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की शृंखला 1-1 से बराबर की।

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 279 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे भारत ने 45.5 ओवर में हासिल कर लिया। भारत को इस लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए अय्यर और किशन ने तीसरे विकेट के लिए 161 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की।

किशन ने इस साझेदारी में आक्रामक भूमिका निभाते हुए 84 गेंदों पर चार चौकों और सात छक्कों की बदौलत 93 रन बनाये। किशन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने पहले शतक से चूक गये, लेकिन अय्यर ने इस प्रारूप में अपना दूसरा शतक जड़ते हुए 111 गेंदों पर 15 चौकों के साथ नाबाद 113 रन बनाए और चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डी कॉक का विकेट जल्दी गंवा दिया, जिन्हें मोहम्मद सिराज ने पांच रन पर बोल्ड किया। यानेमन मलान (25) ने धीमी शुरुआत के बाद कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन एकदिवसीय क्रिकेट में पदार्पण कर रहे शाहबाज़ अहमद की गेंद पर पगबाधा होकर पवेलियन लौट गए।

प्रोटियाज के दो विकेट 40 रन पर गिरने के बाद रीज़ा हेंड्रिक्स और एडेन मार्करम ने तीसरे विकेट के लिये 129 रन की साझेदारी की। हेंड्रिक्स ने 76 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्का लगाकर 74 रन बनाये जबकि मार्करम ने 89 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के के साथ 79 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका 30 ओवर में 157 रन बनाकर बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने रनगति पर लगाम कसी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को 42वें से 47वें ओवर तक एक भी चौका नहीं मारने दिया। हेनरिक क्लासेन (30) और वेन पार्नेल (16) के आउट होने के बाद प्रोटियाज को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मिलर पर थी।

मिलर ने शार्दुल ठाकुर के 49वें ओवर में दो चौके जड़े लेकिन सिराज ने 50वें ओवर में केशव महाराज को आउट करते हुए सिर्फ तीन रन दिए। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी आठ ओवरों में केवल 41 रन जोड़कर 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए।

भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई करते हुए सिराज ने 10 ओवर में सिर्फ 38 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके अलावा शार्दुल, शाहबाज़, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट हासिल हुआ।

भारत के लिए लक्ष्य का पीछा करने उतरे सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और शुभमन गिल अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। धवन ने पार्नेल की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 13(20) रन बनाए, जबकि गिल ने 26 गेंदों पर पांच चौके लगाते हुए 28 रन की पारी खेली।

भारत ने 48 रन पर पहले दो विकेट गंवा दिए, लेकिन अय्यर और किशन ने मैच को दक्षिण अफ्रीका से दूर ले जाते हुए तीसरे विकेट के लिए 161 रन की साझेदारी करके टीम को 209 रन के स्कोर तक पहुंचाया। किशन ने पारी की धीमी शुरुआत की लेकिन टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचने के बाद उन्होंने रफ्तार बदली।

झारखंड से आने वाले किशन ने अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए अपने एकदिवसीय करियर का तीसरा अर्द्धशतक जड़ा। अपने पहले अंतरराष्ट्रीय शतक से केवल सात रन की दूर किशन ने ब्योर्न फोर्टिन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन वह डीप मिड-विकेट पर खड़े हेंड्रिक्स को पार नहीं कर सके।

किशन के आउट होने के बाद अय्यर ने एकदिवसीय क्रिकेट में अपना दूसरा शतक पूरा किया। यह (113 नाबाद) खेल के इस प्रारूप में अय्यर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए संजू सैमसन ने 36 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के के साथ नाबाद 30 रन बनाये और अय्यर के साथ 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करके टीम को जीत तक पहुंचाया।

भारत ने तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का आखिरी मैच मंगलवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।

ईशान किशन ने की छक्कों की बरसात

झारखंड के ईशान किशन ने रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए एकदिवसीय मैच में 93 रन की विस्फोटक पारी खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया। किशन ने अपनी 93 रनों की पारी में चार चौके और सात गगनचुंबी छक्के लगाए। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका उच्चतम स्कोर है।

किशन हालांकि एकदिवसीय क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ने से चूक गये और ब्योर्न फोर्टिन की गेंद पर हेंड्रिक्स को कैच दे बैठे। शतक से चूक जाने पर किशन काफी निराश हुए और आउट होने के बाद कुछ क्षणों तक विकेट पर रुके रहे।

महेंद्र सिंह धोनी के बाद किशन अपने घरेलू मैदान जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम रांची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले झारखंड के दूसरे खिलाड़ी हैं। किशन का यह आठवां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच है जबकि रांची में वह पहली बार खेले हैं।

आज से पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किशन का उच्चतम स्कोर 59 रन था जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2021 में कोलंबो में अपने पदार्पण मैच में बनाया था। किशन ने अपना दूसरा अर्धशतक जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में 2022 में बनाया था।

साथ ही, आज से पहले अंतरराष्ट्रीय मैचों में किशन का सबसे बड़ा स्कोर 89 रन था जो उन्होंने लखनऊ में श्रीलंका के विरुद्ध खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बनाया था। किशन झारखंड रणजी टीम के कप्तान रहने के अलावा अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम के भी कप्तान रह चुके हैं।