Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 553 -
होम ब्लॉग पेज 553

तमिलनाडु : लिट्टे से सहानुभूति रखने वाले संदिग्धों के घर एनआईए का छापा

शिवगंगा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को तमिलनाडु के शिवगंगा और सलेम में प्रतिबंधित संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम (लिट्टे) से सहानुभूति रखने वाले संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार एनआईए के तीन अधिकारियों ने शिवगंगा में दो घंटे तक नाम तमिलर काची (एनटीके) के पदाधिकारी विग्नेश्वरन (27) के घर की तलाशी ली और लिट्टे के साथ उसके संपर्कों के बारे में पूछताछ की। विग्नेश्वरन के घर से एनआईए अधिकारियों ने कथित रूप से लिट्टे संबंधित कुछ दस्तावेज और साहित्य और उसके संस्थापक वेलुपिल्लई प्रभाकरण की तस्वीर बरामद की।

खबरों के अनुसार एनआईए की एक अन्य टीम आज सुबह सलेम शहर के चेट्टीचावड़ी में एक घर पर छापा मारा, जहां दो युवकों द्वारा एक यूट्यूब चैनल पर बंदूक बनाने की जानकारी लेने का पता चला।

आरोपी एम नवीन चक्रवर्ती (25), एक कंप्यूटर इंजीनियर और उसका दोस्त जे संजय प्रकाश (24) लिट्टे से प्रभावित थे। वे वर्ल्ड तमिल जस्टिस कोर्ट (डब्ल्यूटीजेसी) के बैनर तले अपना आंदोलन शुरू करने की योजना बना रहे थे जिसमें पहाड़ों को नष्ट करने वाले अवैध पत्थर खदानों के खिलाफ हमला करना, नशीली दवाओं की तस्करी से लड़ना और महिलाओं को यौन उत्पीड़न से बचाना शामिल है।

सलेम के ओमालूर में मई 2021 में एक वाहन जांच के दौरान दोनों दोस्तों को देसी पिस्तौल, गोला-बारूद और गन पाउडर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

जांच में पता चला कि वे किराए के घर में लेथ वर्कशॉप चला रहे थे और उन्होंने पिस्तौल और गोला-बारूद बनाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन टूलकिट खरीदा था। उन्होंने एक-दूसरे के साथ बातचीत करने के लिए ऑनलाइन वॉकी-टॉकी भी खरीदा था।

एनआईए ने अपराध की गंभीरता और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस केस को अपने हाथ में लिया, इसके अलावा वह जर्मनी में लिट्टे के एक सदस्य के साथ आरोपी के कथित संबंधों की भी जांच कर रही है।

बिजयनगर की नगर पालिका का पार्षद 30000 रूपए रिश्वत लेते अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों ने अहम कार्यवाही करते हुए आज अजमेर में बिजयनगर की नगर पालिका के पार्षद एवं उसके भाई को 30 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगें हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार रिश्वतखोर पार्षद महेश जैन एवं उसका भाई लोकेश जैन सड़क निर्माण ठेकेदार पर रिश्वत का अनरगल दबाव बनाते 75 हजार की मांग कर रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो ने आज ठेकेदार को साथ लेकर कार्यवाही को अन्जाम देते हुए 30 हजार की रिश्वत के साथ पार्षद महेश जैन एवं उसके भाई लोकेश जैन को गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो के उपाधीश्क राकेश वर्मा ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ट्रेप की कार्यवाही को अन्जाम दिया। ब्यरो का दल आरोपी के घर एवं बैंक खातों की तलाशी में जुटा है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने लॉन्च की एक्सयूवी300 टर्बोस्पोर्ट सीरीज

मुंबई। ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुक्रवार को एक्सयूवी 300 टर्बोस्पोर्ट सीरीज को लॉन्च किया। यह पहली एसयूवी है, जिसमें बिल्कुल नया 1.2 एल एमस्टालियन टीजीडीआई इंजन दिया गया है।

एक्यूवी 300 में नयी पेशकश के साथ पहले से मौजूद डीजल और पेट्रोल टर्बो सीरीज और नयी टर्बोस्पोर्ट सीरीज में से अपनी पसंद चुन पाएंगे। एक्सूयवी 300 टीजीडीआई की कीमत 10.35 लाख रुपये से शुरू होगी और इसके टॉप मॉडल की कीमत 12.90 लाख रुपए होगी। एक्सयूवी 300 का नया वेरिएंट पांच सेकंड में 0-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पर पहुंच जाता है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट प्रेसिडेंट आर वेलुसामी ने कहा कि टीजीडीआई पावरट्रेन द्वारा संचालित नई टर्बोस्पोर्ट श्रृंखला को रोमांचक ड्राइविंग अनुभव प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए विकसित किया गया है। इसे एड्रेनालाईन-पैक एसयूवी की तलाश करने वाले ग्राहकों के लिए प्रदर्शन, सुरक्षा, आराम और शैली में बढ़त प्रदान करने के लिए बनाया गया है।

मुझे मेरी पत्नी भी उतना नहीं डांटती, जितना एलजी साहब डांटते हैं : केजरीवाल

0

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी पत्नी भी उन्हें उतना नहीं डांटती, जितना उपराज्यपाल साहब डांटते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में सुझाव दिया कि सक्सेना को ‘थोड़ा शांत’ होना चाहिए और उन्हें अपने सुपर बॉस को भी ‘थोड़ा चिल’ करना चाहिए। उन्होंने हिंदी में लिखे अपने ट्वीट में कहा कि एलजी साहब रोज मुझे जितना डांटते हैं, मेरी पत्नी भी मुझे नहीं डांटती। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में मेरी पत्नी ने मुझे उतने प्रेम पत्र नहीं लिखे, जितने एलजी साहब ने मुझे लिखे हैं। एलजी साहब थोड़ा शांत हो जाइए और अपने सुपर बॉस से भी कहिए, थोड़ा चिल कीजिए।

उल्लेखनीय है कि सक्सेना हाल ही में दिल्ली सरकार की बिजली सब्सिडी योजना की जांच के आदेश दिए थे। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सक्सेना को लिखे एक पत्र में चुनी हुई सरकार के काम में अनुचित हस्तक्षेप का आरोप लगाया था। सिसोदिया ने पत्र पोस्ट करते हुए ट्वीट किया कि मैंने उनसे फिर से अनुरोध किया है कि वे फर्जी आरोपों में हमारी जांच करवाते रहें लेकिन इस मामले में असली घोटालों से मुंह न मोड़ें।

रोमांचक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 9 रन से दी मात

0

लखनऊ। दक्षिण अफ्रीका ने संजू सैमसन (86 नाबाद) और श्रेयस अय्यर (50) के जुझारू अर्द्धशतकों के बावजूद भारत को वर्षाबाधित पहले एकदिवसीय मैच में गुरुवार को 9 रन से मात दी।

दक्षिण अफ्रीका ने यहां इकाना स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 40 ओवर में 250 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में भारतीय टीम आठ विकेट के नुकसान पर 240 रन ही बना सकी।

दक्षिण अफ्रीका को मुश्किल विकेट पर चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने के लिए डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन ने 139 रन की शतकीय साझीदारी की। मिलर ने 63 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की बदौलत नाबाद 75 रन बनाए, जबकि क्लासेन ने 65 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के लगाते हुए 74 रन की नाबाद पारी खेली।

भारत को इस लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए सैमसन और अय्यर ने कड़ा संघर्ष किया। सैमसन ने 63 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 86 रन बनाए, जबकि अय्यर ने 37 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने भी संघर्ष करते हुए 31 गेंदों पर पांच चौकों के साथ 33 रन बनाए लेकिन ऊपरी क्रम की असफलता के कारण भारत के लिए लक्ष्य तक पहुंचना असंभव साबित हुआ।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद धीमी और खराब रही। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (04) और शुभमन गिल (03) जल्दी पवेलियन लौट गये और टीम पहले पांच ओवरों में केवल आठ रन बना सकी।

इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन ने संयम के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 69 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी हुई, लेकिन रनगति बढ़ाने से पहले ही दोनों ही बल्लेबाज 16वें और 17वें ओवर में एक के बाद एक आउट हो गए। रुतुराज ने 42 गेंदों पर 19 रन बनाए जबकि ईशान ने 37 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली।

ऊपरी क्रम के बल्लेबाजों के संघर्ष के कारण भारत ने पहले 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर केवल 76 रन बनाए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे श्रेयस अय्यर ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए तबरेज़ शम्सी के 21वें ओवर में तीन चौके जड़े। अय्यर और सैमसन ने पांचवें विकेट के लिये 67 रन की साझेदारी करके भारत की उम्मीदों को जिन्दा रखा। अय्यर ने 37 गेंदों पर आठ चौकों की बदौलत 50 रन बनाए, लेकिन रनगति बढ़ाने के प्रयास में आउट हो गए।

भारत को जब 13 ओवर में 131 रन की आवश्यकता थी तब शार्दुल और सैमसन ने दक्षिण अफ्रीका पर दबाव डालने के लिए 93 रन की साझेदारी की, हालांकि पांच चौकों के साथ 31 गेंदों पर 33 रन बनाने वाले शार्दुल का विकेट गिरते ही भारत की उम्मीदें धुंधली हो गईं।

जब भारत को आखिरी दो ओवर में 37 रन की आवश्यकता थी तब टीम ने पारी के 39वें ओवर में केवल सात रन जोड़कर आवेश खान का विकेट गंवाया। आखिरी ओवर में संजू सैमसन के तीन चौकों और एक छक्के के बावजूद भारत 40 ओवर में 240 रन तक ही पहुंच सका और प्रोटियाज ने यह मैच नौ रन से जीत लिया।

इससे पहले, खराब मौसम के कारण मैच निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुआ और ओवरों की संख्या घटाकर 40-40 कर दी गई। कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया।

मोहम्मद सिराज ने आवेश खान के साथ गेंदबाजी आक्रमण की शुरूआत की और पिच में व्याप्त नमी का पूरा फायदा उठाते हुए दक्षिण अफ्रीका के ओपनर जानेमन मलान और क्विंटन डी कॉक को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले दस ओवर में केवल 26 रन ही बनाये, हालांकि इस दौरान उनका कोई विकेट नहीं गिरा।

भारत को पहली सफलता शार्दुल ठाकुर ने 13वें ओवर में दिलाई और मलान (22) मिड विकेट पर खड़े श्रेयस अय्यर को कैच देकर पवेलियन लौट गए। शार्दुल (35/2) ने मैच में अपना दूसरा विकेट लेते हुए दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा को आउट किया, जबकि कुलदीप यादव ने अपने पहले ही ओवर में नये बल्लेबाज एडेन मार्करम को शून्य पर वापस भेजा।

रवि बिश्नोई ने अपने एकदिवसीय करियर के पहले विकेट के रूप में डी कॉक (48) को आउट किया। दक्षिण अफ्रीका के चार बल्लेबाज 110 रन पर पवेलियन लौटने के बाद मिलर और क्लासेन ने मोर्चा संभालकर पारी की रफ्तार बढ़ाई। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 17.4 ओवर में 139 रन की नाबाद साझेदारी हुई और दक्षिण अफ्रीका ने 40 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए।

मेहमान टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचने का एक कारण लचर क्षेत्ररक्षण भी रहा जिसके चलते डेथ ओवरों में मिलर को न सिर्फ तीन जीवनदान मिले बल्कि जमकर रन भी लुटाए गए। पारी के 37वें ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर रुतुराज गायकवाड़ ने मिलर का कैच टपकाया जबकि अगले ओवर में आवेश खान की दो लगातार गेदों पर सिराज और बिश्नोई ने आसान से कैच छोड़े।

इक्वाडोर की जेल में हुए झगड़ों में पांच कैदियों की मौत

क्विटो। इक्वाडोर की जेल में हुए झगड़े में कम से कम पांच कैदियों की मौत हो गई तथा 23 अन्य घायल हो गए।

इक्वाडोर की जेल प्रशासन एजेंसी ने गुरुवार को ट्वीट किया कि बुधवार को हुए झगड़ों में घायल हुए लोगों में से 18 कैदी और पांच पुलिस अधिकारी थे। एजेंसी ने दक्षिण-पश्चिम बंदरगाह शहर गुआयाकिल की इस जेल में हुए झगड़े को प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों के बीच संघर्ष बताया।

एजेंसी के अनुसार जेल पर नियंत्रण के लिए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हुई हाथापाई के दौरान आग्नेयास्त्रों का इस्तेमाल किया गया था। लताकुंगा के केंद्रीय शहर में सोमवार को हुई झड़प के बाद इस सप्ताह जेल में यह दूसरी झड़प थी। इसमें एक तस्कर सहित 16 कैदियों की मौत हो गई और 43 लोग घायल हो गए थे।

हम अपनी सरकार वापस लाने के लिए प्रयास कर रहे थे : चंद्रकांत पाटिल

पुणे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने गुरुवार को यहां कहा कि महा विकास अघाड़ी ने गंदी राजनीति का इस्तेमाल कर सरकार बनाई थी और इसके बाद से ही हम महाराष्ट्र में अपनी सरकार वापस लाने की कोशिश कर रहे थे।

पाटिल ने कहा कि पिछले दो या ढाई साल से मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को हमेशा यह आश्वासन दे रहा था कि हमारी सरकार आएगी। मैं पागल नहीं था, मुझे पता था कि हमारी सरकार आएगी, क्योंकि लोगों ने हमारी पार्टी को जनादेश दिया है।

शिवसेना और शिंदे समूह की कल मुंबई में आयोजित दशहरा सभा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, पाटिल ने कहा कि विभिन्न दलों के नेताओं ने भाषण सुना, लेकिन शिंदे ने बहुत भारी भीड़ को आकर्षित किया है और उन्होंने उद्धव ठाकरे को विफल कर दिया है।

पाटिल ने कहा कि प्रदेश में नगर परिषद चुनाव में अब भाजपा का झंडा फहराना है। भाजपा सभी जिलों में जीत का परचम फहराएगी। उन्होंने पुणे के संरक्षक मंत्री बनाए जाने के मुद्दे पर कहा कि हम स्वच्छ पुणे चाहते हैं, सुंदर पुणे, मैं लोगों की समस्याओं को हल करते हुए शहर में हर चीज की समीक्षा करूंगा और हमारे संगठनों को मजबूत बनाऊंगा। हम पुणे को सुरक्षित बनाएंगे। चुनाव आते ही हम कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करेंगे और निर्णय लेंगे।

सबगुरु राशिफल : 7 अक्टूबर शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। अश्विन मास, शुक्ल पक्ष, द्वादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 07.26 बजे बाद त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

होर्डिंग पर लगाया पर भीड़ में पुकारा नहीं नाम, भड़के भाजपाई

सिरोही में आयुक्त के चेम्बर में विरोध जताते भाजपाई पार्षद।

सिरोही। दशहरा कार्यक्रम के कार्ड और नाम नहीं आने को लेकर भड़के पार्षदों के नाम के होर्डिंग लगाकर नगर परिषद प्रशासन ने मामला शांत किया ही था कि दशहरा कार्यक्रम में ही मंच से नाम नहीं पुकारने पर भाजपा पार्षद भड़क गए। इसे अपना अपमान मानते हुए गुरुवार को भाजपा पार्षदों ने आयुक्त के चेम्बर में अपना प्रतिरोध जताया।

दशहरे के कार्यक़म में अतिथियों के स्वागत के लिए पार्षदों को बुलवाया जा रहा था। इस दौरान भाजपा के पार्षदों का नाम नहीं पुकारा गया। इसे इन्होंने अपना अपमान माना। इसे लेकर सुबह आयुक्त के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नगर परिषद के कार्यक्रम में भाजपा पार्षदों का नाम नहीं लेने को उन्हें चुनने वाले लोगों का अपमान बताया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पार्षदों को पीछे बैठाया और समुचित व्यवस्था नहीं की। गोपाल माली ने रावण दहन समिति का गठन नहीं करके पुतलों और आतिशबाजी में घोटाले का आरोप लगाया।

नेता प्रतिपक्ष मगन मीणा का दर्द कुछ यूं छलका कि उन्होंने आयुक्त को कहा कि वो भाजपा पार्षदों के कामों का ध्यान नहीं रखते उनका अपमान करते हैं जिससे ये लोग बार बार उनसे नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफे की मांग करते रहते हैं। उन्होंने रावण दहन में पुतलों का निरीक्षण करने जाने वाले पार्षद जितेंद्र सिंघी और इश्वर सिंह डाबी के गैर जिम्मेदार रवैये पर भी निशाना साधा।

इस दौरान प्रवीण राठौड़ के ये कहने पर कि दशहरा में हुए व्यवहार को लेकर माफी नहीं मांगने और नगर परिषद की कार्यप्रणाली नहीं सुधारने तक विरोध करने मे कहने पर आयुक्त ने कहा कि इसमें नया क्या करोगे, आप तो सुबह आंख खोलते ही भगवान में नाम की जगह नंबर परिषद के विरोध शुरू करते हो।

आयुक्त ने बताया कि इसमें उनका कोई रोल नहीं है। उनका कहना था कि सूची में मणिदेवी और गीता पुरोहित का नाम था। लेकिन, हो सकता है कि एंकर से नाम चूक गए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यक्रम वो नहीं तय कर सकते। बोर्ड से अधिकृत सभापति के निर्देश पर ही वो काम करते हैं। उनके आगे से कार्यक्रम को खुद देखने और किसी कार्यक्रम में इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं होने देने की बात कहने पर विवाद थमा।

इन कामों में लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

भाजपा पार्षद गोविंद माली ने नगर परिषद पर आरोप लगाया कि वो हर साल लाखों रुपए का डीडीटी पाउडर खरीद का खर्च दिखाती है। लेकिन, इसका इस्तेमाल नहीं करती। उन्होंने इसमे भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। अरुण ओझा, मणि देवी, गीता पुरोहित ने शहर की सफाई व्यावस्था बदला होने पर गुस्सा जताया। उनका आरोप था कि सफाई ठेके पर 32 लाख रुपए महीने खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन, सफाई कहीं दिखती नहीं है।

उन्होंने सफाई समिति के अध्यक्ष पर इसमें भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। समिति की सदस्य मणिबेन ने आरोप लगाया कि सफाई समिति की बैठक बुलाए बिना ही सारे निर्णय किए जा रहे हैं। इस दौरान मगन मीना ने चेतावनी ढ़ी कि यदि नगर पालिका ने व्यवस्था दुरुस्त नहीं की तो भाजपा बोर्ड इस बोर्ड के खिलाफ आंदोलन करेगी, उन्होंने कहा कि वैसे ही ‘दाढ़ी वाला’ उन्हें गुंडा कहता है आप भी कह लेना।

किशनगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के किशनगढ़ में आज ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की अकाल मृत्यु हो गई।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक किशनगढ़ के गांधी नगर थाना क्षेत्र में रुपनगढ़ रोड स्थित आरओबी रेलवे ट्रैक पर उक्त महिला ट्रेन का चपेट में आ गई। पुलिस ने मृतक महिला की पहचान उषा देवी के रूप में की है जो कि पूर्व पार्षद जगदीश जीनगर की पत्नी बताई जा रही है।

ट्रेन से चपेट में आने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गांधीनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई।

अजमेर में विभिन्न थानों में चोरी के 150 मोबाइल बरामद

राजस्थान में अजमेर जिला पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी किए गए लाखों की कीमत वाले करीब 150 मोबाइल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

अजमेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने आज पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने जेबकतरों अथवा लावारिस स्थिति में करीब 32 लाख रुपए के महंगे ऐंड्रॉयड फोन विभिन्न जेबकतरों से बरामद किए हैं और अब उनकी मालिकों की खोज कर उन्हें सुपुर्द किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि फोन के सिमकार्ड के आधार पर उनके मालिकों का पता लगाया जाकर बरामद मोबाइलों को उनके मालिकों को सुपुर्द किया जा रहा है। पत्रकारों के सामने दस मोबाइल मालिकों को बुलाकर उन्हें मोबाइल फोन सुपुर्द किए गए। पुलिस इसे अपनी बड़ी सफलता मान रही है।

युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

अजमेर के क्लाक टावर थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़गंज शिव कॉलोनी निवासी रोशन लाल (25) ने अज्ञात कारणों के चलते साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक के शव को जेएलएन की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।