Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 557 -
होम ब्लॉग पेज 557

मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक दुर्घटना में 5 की मौत, 13 घायल

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक पर बुधवार को विजयादशमी के दिन एक एंबुलेंस और चार कारों के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना सी लिंक के दक्षिणी (वर्ली साइड) छोर पर सुबह लगभग दो बजकर 15 मिनट पर हुई, जो बांद्रा को दक्षिण मुंबई के वर्ली से जोड़ती है।

सूचना प्राप्त होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बांद्रा-वर्ली सड़क को बंद कर दिया गया है और राहत-बचाव कार्य जारी है।पांच वाहनों के आपस में टकराने से यह दुर्घटना हुई, जिसमें मृतकों के अलावा टोल पोस्ट के कर्मचारियों सहित 13 अन्य लोग घायल हो गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक दुर्घटना में हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कामना है कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।

BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली की पत्नी डोना अस्पताल में भर्ती

कोलकाता। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रमुख सौरव गांगुली की पत्नी डोना गांगुली को वायरल बुखार के लक्षणों के साथ शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय मीडिया ने गांगुली के पारिवारिक सूत्रों के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी।

दक्षिण कोलकाता में वुडलैंड्स अस्पताल के सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया कि उन्हें चिकनगुनिया का इलाज दिया गया है और अब वह ठीक हैं।

ओडिसी नर्तकी डोना (46) को बीमारी महसूस होने के बाद मंगलवार रात को भर्ती कराया गया था और स्वास्थ्य संबंधी कई परीक्षणों में पाया गया कि वह चिकनगुनिया के से पीड़ित है। चिकनगुनिया एक संक्रमित मच्छर के काटने से होने वाला वायरल बुखार है। रिपोर्ट में कहा गया है कि गांगुली भी अस्पताल आए थे।

पूर्वोत्तर से लाया जा रहा 11.65 करोड़ का 23.23 किलो सोना जब्त

नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) द्वारा उत्तर-पूर्व में हाल ही में सोने की बरामदगी बांग्लादेश और म्यांमार से लगे उत्तर-पूर्वी सीमाओं के जरिए सोने की तस्करी में तेजी का संकेत देती है।

पहले जहां तस्करी के लिए खुली सीमाओं का उपयोग किया जाता रहा है, वहीं सिर्फ सितंबर 2022 में 121 किलोग्राम सोने की बरामदगी के 11 मामले यह बताते हैं कि छुपाने के सरल तरीकों के जरिए तस्करों द्वारा नॉर्थ ईस्ट कॉरिडोर का अभी भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

विशिष्ट खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए और पटना, दिल्ली तथा मुंबई में तीन समन्वित कार्रवाईयों में डीआरआई ने 33.40 करोड़ रुपए मूल्य का 65.46 किलोग्राम सोना जब्त किया। सोने को घरेलू कूरियर खेप के तौर पर एजल से मुंबई भेजा गया था। इस सोने को कपड़ा बताकर टाट की बोरियों में छुपाया गया था।

उसी मार्ग से तस्करी के एक अन्य मामले में, डीआरआई ने तस्करी के विदेशी मूल के सोने का एक और बड़ा जखीरा जब्त किया, जिसका वजन लगभग 23.23 किलोग्राम और मूल्य (लगभग) 11.65 करोड़ रुपए था, जिसे म्यांमार से तस्करी करके लाया जा रहा था।

अरुणाचल में सेना का चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, एक पायलट शहीद

नई दिल्ली। सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे एक पायलट की मौत हो गई जबकि दूसरे पायलट का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

सेना के प्रवक्ता ने बताया कि यह चीता हेलीकॉप्टर तवांग के अग्रिम क्षेत्र में सुबह नियमित उड़ान भर रहा था कि दस बजे इसमें अचानक कुछ गड़बड़ी आ गई।

उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार दोनों पायलट बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें पास के सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन दुर्भाग्य से गंभीर रूप से घायल एक पायलट ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरे पायलट का उपचार किया जा रहा है।

प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चला है और इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। विस्तृत ब्यौरे की प्रतीक्षा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओली में जवानों के साथ मनाया दशहरा

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को उत्तराखंड के ओली में सशस्त्र सेनाओं तथा भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों के साथ विजयादशमी मनाई और शस्त्र पूजा की।

सिंह ने उत्तराखंड की यात्रा के दूसरे दिन जवानों के साथ विजयादशमी मनाने के बाद कहा कि सशस्त्र सेनाओं और अर्धसैनिक बलों के जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही देश में सुरक्षा तथा आर्थिक प्रगति सुनिश्चित हुई है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि समूचे देश को हमारे जवानों की क्षमताओं और बाहरी खतरों से देश की रक्षा में उनके योगदान को लेकर गर्व तथा विश्वास है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित माहौल के चलते ही देश आर्थिक विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए प्रगति के नए आयाम हासिल कर रहा है।

गलवान घाटी में जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत समूचे विश्व को परिवार की तरह मानने के सिद्धांत में विश्वास रखता है लेकिन यदि कोई बाहरी व्यक्ति हमारे देश पर गलत नजर लगाता है तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की बहादुरी के कारण ही दुनिया भारत के बढ़ते महत्व को पहचान रही है और देश अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर निर्णय लेने वाले प्रमुख देशों में शामिल है अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज सुनी जाती है।

रक्षा मंत्री ने शस्त्र पूजा के महत्व तथा परंपरा का भी उल्लेख किया और कहा कि भारतीय संस्कृति एकजुटता में विश्वास रखती है। रक्षा मंत्री ने जवानों के साथ बातचीत की और विजयादशमी समारोह में शामिल हुए जवानों ने इस मौके पर देशभक्ति के गीत भी गाए। इस मौके पर सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

देश में हुई प्रगति की सराहना वैश्विक स्तर पर : मोहन भागवत


नागपुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि देश ने सभी क्षेत्रों में प्रगति की है और इस प्रवृत्ति को वैश्विक स्तर पर स्वीकारा गया है और सराहना की गई है।

विजयदशमी के अवसर पर आरएसएस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि भारत द्वारा सभी क्षेत्रों में की गई प्रगति की प्रवृत्ति को वैश्विक रूप से मान्यता मिली है और इसकी सराहना की जा रही है। भारतीय समाज का कायाकल्प हो रहा है और इस प्रवृत्ति को खेल, शिक्षा और अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में देखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रगति आसान नहीं है, जबतक पूरा समाज स्वेच्छा से हाथ नहीं मिलाता । यह तभी संभव है जब हम जाति, पंथ, धर्म, संप्रदाय से उपर उठकर पहले राष्ट्र के लिए सोचें। भागवत ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग बढ़ी है लेकिन हमारे लिए समाज के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखना भी बहुत महत्वपूर्ण है। भौतिक लाभ पर बहुत ज्यादा ध्यान देने से समाज का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है जिसके कारण देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।

भागवत ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह बात बिल्कुल गलत है कि अंग्रेजी माध्यम से ही करियर बनाया जा सकता है। करियर का मार्ग अंग्रेजी नहीं है, बल्कि ज्ञान की प्राप्ति और समाज की भलाई में इसका उपयोग है। माता-पिता, शिक्षकों और परिवार द्वारा बेहतर मूल्यों को विकसित किया जा सकता है। ये मूल्य मानवता से संबंधित हैं, न कि स्वयं के भौतिक लाभ से।

उन्होंने कहा कि अनियंत्रित जनसंख्या एक समस्या है जो कि खाद्य सुरक्षा पर संकट उत्पन्न कर सकती है। लेकिन इसके नियंत्रण से समाज असंतुलित नहीं होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हमें अपनी मानसिकता बदलनी होगी। भीतरी और बाहरी शक्तियां धर्म और जाति के आधार पर विभाजन फैलाकर हमें कमजोर करने का लगातार प्रयास कर रही हैं। हमें विभाजनकारी ताकतों की चालों को समझना चाहिए और उन्हें अस्वीकार करना चाहिए।

भागवत ने कहा की बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन और सरकार समाज कल्याण की दिशा में काम कर रही है। लेकिन वे सफल तभी हो सकते हैं जब उन्हें समाज का निष्पक्ष समर्थन प्राप्त हो। पद्मश्री संतोष यादव, दो बार एवरेस्ट पर विजय प्राप्त करने वाली एकमात्र महिला पर्वतारोही, एक पर्यावरणविद् और एक प्रेरक वक्ता, इस समारोह में मुख्य अतिथि थीं।

अजमेर में 11 स्थानों पर निकाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन

आगरा : अस्पताल में आग लगी, डॉक्टर और उसके पुत्र-पुत्री की मौत

आगरा। उत्तर प्रदेश में आगरा के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित एक अस्पताल में बुधवार को तड़के आग लग गई, जिसमें अस्पताल संचालक डॉ. राजन, उनकी बेटी व 14 साल के बेटे ऋषि की मौत हो गई है।

पुलिस के अनुसार इस हादसे में घायल हुए उनकी पत्नी और दूसरे बेटे की हालत गंभीर है। अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजाें को गंभीर हालत में बाहर निकालकर दूसरे अस्पताल में भेजा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहगंज क्षेत्र में जगनेर रोड स्थित आर मधुराज हास्पिटल में अचानक आग लग गई। हास्पिटल में भर्ती तीन मरीज, उनके तीमारदार और स्टाफ अंदर फंस गया। धुंआ पूरे हास्पिटल में भर गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। करीब एक घंटे बाद दमकलकर्मियों ने तीन मरीजों समेत चार लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल से बाहर निकाला। इन्हें निकट के एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया है।

अस्पताल के संचालक डा. राजन और भवन स्वामी गोपीचंद हैं। इसमें भूमिगत तल में जनरल वार्ड, भूतल पर जनरल और प्राइवेट वार्ड है। जबकि दूसरी मंजिल पर गोपीचंद और डा. राजन का परिवार रहता है। सुबह करीब पांच बजे अचानक दूसरी मंजिल पर आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे अस्पताल में धुंआ भर गया।

आग लगने के समय अस्पताल में सात मरीज भर्ती थे और पांच कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही आसपास के लोगों ने पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। अंदर धुंआ भर जाने के कारण लोग मरीजों को बाहर नहीं निकाल सके। इस बीच पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब 40 मिनट बाद दमकलकर्मी वहां पहुंच गए। इसके बाद मरीजों को बाहर निकाला जा सका।

बताया गया है कि आर मधुराज अस्पताल में दूसरी मंजिल पर एक कमरे में रखे फोम के गद्​दों में आग लगी थी। इस फ्लोर पर डा राजन, उनके पिता गोपीचंद, पत्नी मधुराज, बेटी शालू, बेटे लवी और ऋषि के साथ ही रिश्तेदार तेजवीर थे। गोपीचंद और लवी सुबह पांच बजे उठे तो उन्होंने गद्​दों वाले कमरे में आग लगी देखी। उन्होंने गद्​दाें को बाहर निकालने की कोशिश की। तब तक आग का धुंआ अंदर की ओर पहुंच गया।

इसी बीच डा. राजन ने सुरक्षा के लिहाज से अंदर का दरवाजा बंद कर लिया। इससे वह परिवार सहित अंदर फंस गए। धुंआ नीचे हास्पिटल में भी पहुंचा। दमकल को देर से कॉल किया गया। इसलिए एक घंटे बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दूसरी मंजिल पर फंसे डाक्टर के परिवार को बाहर निकाला गया।

डा. राजन, बेटी शालू, बेटा ऋषि और तेजवीर को हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें से डा. राजन और बेटी शालू की हालत गंभीर थी। जहां दोनाें ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सुबह 8.30 बजे 14 साल के बेटे ऋषि ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस एवं दमकलकर्मी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

उत्तराखंड : बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 32 की मौत्, 18 घायल

पौड़ी गढ़वाल/देहरादून। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में मंगलवार देर शाम बारातियों से भरी बस के गहरी खाई में गिरने के बाद देर रात्रि शुरू हुआ राहत अभियान बुधवार शाम पूरा हो गया। इस वीभत्स दुर्घटना में कुल मृतक संख्या 32 पहुंच चुकी है जबकि कुल 18 बाराती घायल हैं।

घायल लोगों को विभिन्न चिकित्सालयों में उपचार के लिए भेजे गए हैं। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) प्रवक्ता विनीत कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम लगभग सात बजे हुए इस हादसे की सूचना लगभग आठ बजे एसडीआरएफ और पुलिस को मिलने के बाद राहत कार्य विधिवत शुरू हो पाए थे। इससे पहले स्थानीय ग्रामीणों ने लगभग तीन सौ फिट गहरी खाई में अंधेरे में मोबाइल फोनों की लाइट में उतर कर बचाव (रेस्क्यू) कार्य शुरू कर दिया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राज्य आपदा नियंत्रण केन्द्र जाकर, और पौड़ी के प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर रेस्क्यू कार्यों का सुपरविजन शुरू कर दिया था। मुख्यमंत्री आज हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू वर्क का निरीक्षण किया। रात भर ग्रामीणों, एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों द्वारा किया गया रेस्क्यू आज शाम खत्म हुआ।

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार के थाना श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लालढांग में स्थित शिव मंदिर के निकट रहने वाले संदीप पुत्र स्व नंद राम की बरात मंगलवार दोपहर एक बजे पौड़ी जिले के कांडा गांव के लिए घर से निकली थी। बराती एक बस में सवार थे, जबकि दूल्हा संदीप कार से गया था। बरात की बस पौड़ी के बीरोंखाल सिमड़ी बैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बस में कुल 50 बाराती सवार थे।

इस दुर्घटना पर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुख जताया है। मुर्मू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड में बस के घाटी में गिरने पर कई लोगों के हताहत होने की दुर्घटना से दुखी हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

सबगुरु राशिफल : 5 अक्टूबर बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

0

सबगुरु न्यूज। अश्विन मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, विजयदशमी पर्व, वार बुधवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, दोपहर 12.00 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज का दिन सब तरह से सुखमय बीतेगा। परिवारजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। शारीरिक स्वस्थता तथा मानसिक प्रफुल्लितता का अनुभव होगा। नौकरी करने वालों को साथी कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। मायके से आपको अच्छे समाचार मिलेंगे। धनलाभ होगा। अधूरे कार्य आज पूरे होंगे।

वृषभ राशि :- आज का दिन आपके लिए शुभ है। परिवारजन, स्नेहीजन तथा मित्रों के साथ स्नेहमिलन समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए उत्साह रहेगा, लेकिन अति उत्साह से हानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। शारीरिक तथा मानसिक स्वस्थता का भी ध्यान रखिएगा। आज धन प्राप्ति का योग बन रहा है।

मिथुन राशि :- व्यापारी वर्ग के लिए आज का दिन शुभफलदायी है। व्यापार में तथा आय में वृद्धि होगी। मित्रों से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारियों की कृपादृष्टि से आपके लिए पदोन्नति भी संभव है। विवाह इच्छुक व्यक्तियों को जीवनसाथी मिलने का योग है। परिवार में पत्नी और पुत्र से अच्छे समाचार मिलेंगे।

कर्क राशि :- इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ है। व्यापारियों के अपर अधिकारी खुश रहेंगे। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति का योग है। परिवार में मैत्रीपूर्ण वातावरण बना रहेगा। नई साज-सजावट से घर की शोभा में अभिवृद्धि करेंगे। माता से भी लाभ मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे। धन और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- आज का दिन आलस्य तथा थकान में बीतेगा। उग्र स्वभाव में मानसिक रूप से व्यग्रता रहेगी। पेट से सम्बंधित दर्द से परेशानी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम अधिक करना पड़ेगा। संकटजनक विचार, वर्तन और आयोजन से दूर रहिएगा। धार्मिक यात्रा या प्रवास की योजना टलेगी। क्रोध पर संयम बरतिएगा।

कन्या राशि :- आपको आज अपने खान-पान पर विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आवेश और क्रोध की मात्रा अधिक रहेगी, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दीजिएगा। साथ में वाणी पर भी संयम बरतिएगा। अनैतिक कृत्यों से दूर रहिएगा। सरकार-विरोधी प्रवृत्तियों के कारण परेशानी खड़ी न हो इसका ध्यान रखिएगा। खर्च की मात्रा बढ़ेगी।

तुला राशि :- आज व्यापारीगण व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपको सफलता और यश-कीर्ति मिलने का भी योग है। आकस्मिक धन लाभ की संभावना है। क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पुराने विवाद का हल निकालने के लिए किसी का अहसान लेना पड़ेगा।

वृश्चिक राशि :- शारीरिक तथा मानसिक रूप से आज आप व्यग्र रहेंगे। चिंताओं के कारण मानसिक भार रह सकता है, जो कि आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ रख सकता है। परिवारजनों के साथ भी मनमुटाव होने का प्रसंग बन सकता है, जिससे घर का वातावरण बिगड़ सकता है। परिश्रम की अपेक्षा सफलता की प्राप्ति कम होने से आर्थिक संकट की चिंता रहेगी। बिना सोचे-समझे निर्णय न लें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक रहेगा।

धनु राशि :- आज आपको अपने क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पेट सम्बंधित बीमारियों की समस्या रहेगी। किसी भी कार्य में सफलता न मिलने से निराशा आने की संभावना है। साहित्य या अन्य किसी सृजनात्मक कला के प्रति रुचि रहेगी। संतानों के प्रति चिंता रहने से मन में व्यग्रता रहेगी। प्रवास को संभव हो तो टालिएगा।

मकर राशि :- आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आज आप में स्फूर्ति का अभाव रहेगा। परिवारजनों के साथ झगड़े-टंटे के अथवा तो निरर्थक चर्चा के प्रसंग बनेंगे। इससे आप का मन व्यथित रह सकता है। अपकीर्ति, अपयश मिलने की संभावना है। निद्रा संपूर्ण न मिलने से आपका स्वास्थ्य बिगड़ेगा।

कुंभ राशि :- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके मन से चिंता का भार हल्का हो जाएगा और आप मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। साथ में शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। पारिवारिक वातावरण आनंदित रहेगा। विशेषकर भाई-बहनों के साथ संबंधों में मधुरता का अनुभव करेंगे। अविवाहित के लिए रिश्ता बनने की संभावना है।

मीन राशि :- नकारात्मक विचारों को अपने मन से हटाइएगा। क्रोध और वाणी पर संयम बरतना होगा। किसी से वाद-विवाद या झगडे-टंटे को संभव हो तो टाल दीजिएगा। खान-पान पर संयम रखिएगा। शारीरिक स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। रुका हुआ धन पाने के लिए किए गए प्रयास रंग लाएंगे। कला से धनार्जन करने की सोच रहे हैं तो निश्चित ही लाभ होगा। किसी पर आसानी से विश्वास न करें।

अजमेर में 11 स्थानों पर निकाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन

0


अजमेर।
राजस्थान के अजमेर में आज विजयदशमी के पावन एवं पवित्र मौके पर 97वें स्थापना दिवस पर शस्त्र पूजन के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपना परंपरागत पथ संचलन निकाला।

शहर में पहली बार यह खास बात रही कि संघ के 11 शहरीय क्षेत्रों में अलग अलग पथ संचलन संचालित हुए। दशहरे के दिन पथ संचलन का यह राष्ट्रीय कार्यक्रम अजमेर में भी आयोजित हुआ।

सबसे पहले सुबह 8.30 बजे केशव नगर का पथ संचलन क्रिश्चियनगंज मार्ग पर हुआ। उसके बाद दीनदयाल नगर फाईसागर रोड सामुदायिक भवन, दयानंद मार्ग ब्रह्म कुमारी आध्यात्मिक केंद्र टाम्बरे से प्रारंभ हुआ, वीर सावरकर नगर का पथ संचलन अंबेडकर संघ देहली गेट से, दाहरसेन नगर, केशव नगर, चाणक्य नगर, विवेकानंद नगर, माधव नगर, मधुकर नगर, सुभाषचंद्र बोस नगर का पथ संचलन संपन्न हुआ।

पृथ्वीराज चौहान नगर का पथ संचलन शाम को आयोजित हुआ, जो रामगंज चंद्रवरदाई नगर पर संपन्न हुआ। संघ की विभिन्न नगरीय शाखाओं के आयोजित इन पथ संचालनों में एकता, अनुशासन और एकरुपता की मिसाल देखते ही बन रही थी। कदमताल तो किसी फौज की तरह नजर आ रहे थे।

शहर के जिन जिन क्षेत्रों से भी संघ का यह पथ संचलन निकला जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया और खुली जीप में वीर सावरकर जैसे संघ निष्ठ के चित्रों पर भी पुष्प वर्षा की गई।

धानमंडी देहली गेट व्यापार संघ ने की पुष्प वर्षा

विजयादशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वीर सावरकर नगर के स्वयं सेवकों के पथ संचलन का धानमंडी देहली गेट व्यापार संघ ने फूलों से स्वागत किया। धानमंडी देहली गेट व्यापार संघ के अध्यक्ष युवा व्यापारी तुलसी लालवानी, संरक्षक हरीश गिदवानी पेनवाला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष खुशीराम सोनी, जयप्रकाश सोनी, उपाध्यक्ष रमेश टिलवानी, प्रकाश छबलानी, महासचिव भगवानदास झामनानी, कोषाध्यक्ष राजेश खंडेलवाल, सहकोषाध्यक्ष आनंद खंडेलवाल, सचिव प्रदीप जेसवानी, महेंद्र भोजवानी, वरिष्ठ सलाहाकार मोहनदास सोनी, राजकुमार खंडेलवाल, परसराम लालवानी, कानूनी सलाहकार सैय्यद नजमुल हसन चिश्ती, मीडिया प्रभारी हरीश राजानी ने सभी धानमंडी देहली गेट व्यापार संघ के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

राजस्थान में 500 स्थानों पर यह कार्यक्रम

उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका है कि जब एक समूह में सुभाष उद्यान से पथ संचलन निकालने के बजाय शहर के 11 अलग अलग नगरों में पथ संचलन निकाले गए। संघ की स्थापना विजयदशमी को हुई थी तीन साल बाद इसके 100 वर्ष पूरे हो जाएंगे। राजस्थान में 500 स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित हुए। प्रसंगवश, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय अधिकारी सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सात से 9 अक्टूबर तीन दिवसीय अजमेर प्रवास पर रहेंगे। वे यहां प्रबुद्ध जन सम्मेलन में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के निर्माण में संघ की भूमिका पर व्याख्यान देंगे।