Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 562 -
होम ब्लॉग पेज 562

मनी लॉन्ड्रिंग केस : दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की सत्येंद्र जैन की याचिका

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की याचिका को शनिवार को खारिज कर दिया। इस याचिका में निचली अदालत के उस आदेश को चुनौती दी गई थी जिसमें उनके खिलाफ धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले को किसी अन्य अदालत में दायर किए जाने का आदेश दिया गया था।

दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश योगेश खन्ना ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि मुख्य जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश, राउज एवेन्यू अदालत की ओर से जारी किए गए आदेश में कुछ भी असंवैधानिक नहीं है। अदालत ने सभी तथ्यों की जांच पडताल के बाद ही आदेश पारित किया है।

जैन के वकील ने दिल्ली हाईकोर्ट में मुख्य जिला और सत्र न्यायाधीश विनय कुमार गुप्ता के 23 सितंबर को दिए गए आदेश को चुनौती देने वाली याचिका दायर की थी। सत्र न्यायाधीश ने अपने आदेश में विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल और विकास ढल द्वारा जैन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की रोकथाम कानून के प्रावधानों के तहत दर्ज किए गए मामले को स्थानांतरित किए जाने का आदेश दिया गया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की स्थानांतरण याचिका को मुख्य जिला और सत्र न्यायाधीश ने स्वीकार किया था। अदालत ने यह स्वीकृति ईडी और बचाव पक्ष दोनों द्वारा पेश तथ्यों को सुनने के बाद दिया था। गौरतलब है कि ईडी ने 30 मई को जैन को मनी लाॅन्डिरिंग रोकथाम के लिए बने कानून का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था और तभी से वह तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

कश्मीर : रेप, ब्लैकमेल के आरोप में पत्रकार नदीम अहमद अरेस्ट

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्वयंभू पत्रकार को दुष्कर्म, ब्लैकमेल और वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया है।

अनंतनाग जिले के नदीम अहमद गनी उर्फ ​​नदीम नाडु को शुक्रवार को एक लड़की की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया। लड़की ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने अपने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बहला-फुसलाकर जबरन यौन संबंध बनाए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लीं और उसका इस्तेमाल कई बार यौन संबंध बनाने के लिए उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया। आरोपी उसे ब्लैकमेल करके सोने के गहने भी ले गया।

पुलिस ने कहा कि जब आरोपी ने यह अपराध किया उस समय पीड़िता कश्मीर के एक संस्थान में छात्रा थी।पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले में और तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। आरोपी जिस समाचार पत्र के लिए काम करता है उसने नाडु को निलंबित कर दिया है।

जीएनएस के संपादक ने एक बयान में कहा कि मामले की जांच लंबित होने के कारण संस्थान ने नाडु को निलंबित कर दिया है। संपादक ने बयान में कहाकि हमारा संगठन इस बात का उल्लेख करना चाहता है कि हम या हमारा कोई सहयोगी किसी भी अपराध या किसी भी आपराधिक कृत्य या ऐसे किसी भी व्यवहार का समर्थन नहीं करता है जो विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ अवैध या अनैतिक है।

मुरादाबाद : पुलिसकर्मी को हरियाणा की महिला ने हनी ट्रैप में फंसाया

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस का एक जवान को हरियाणा की महिला ने ‘हनी ट्रैप’ का शिकार बनाकर जवान का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे चार लाख रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित पुलिसकर्मी की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि मुरादाबाद में तैनात पुलिसकर्मी से फेसबुक पर युवती से दोस्ती होने के बाद वह कुछ समय पहले उसकी पत्नी की गैरहाजरी में उसके घर आई। युवती ने सिपाही का एक अश्लील वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर सिपाही से चार लाख रुपये भी ऐंठ लिए।

इसके बाद भी युवती ने सिपाही ने पैसों की मांग की तब पीड़ित सिपाही ने इसकी जानकारी अपनी पत्नी को दी। सिपाही की पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस में की। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज़ कर लिया।

जिले के पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 2011 बैच का उत्तर प्रदेश पुलिस का यहां तैनात संदीप कुमार सपरिवार पुलिस लाइन में रहता है। सिपाही की पत्नी राखी ने तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2016 में उसके पति संदीप के फेसबुक पर रितिका रोहिल्ला नाम की महिला जुड़ी थी। सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों के बीच बातचीत के दौरान घनिष्ठता हो गई थी। मूल रूप से हरियाणा में झज्जर जिले में बिठला की निवासी आरोपी महिला फिलहाल अपने पति के साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर में रह रही है।

इस बीच हील ही में सिपाही संदीप की पत्नी की गैरहाजिरी में फेसबुक फ्रेंड बनी महिला अचानक पुलिस लाइन स्थित उसके आवास पर आ गई। आरोप है कि सिपाही को उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में सिपाही के अश्लील फोटो ले लिए। इसके बाद वह संदीप की 3 तोला सोने के जेवर और 45 हजार रुपए लेकर फरार हो गई।

बाद में सिपाही को ब्लैकमेल करने की गरज से उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी महिला ने अपने पति के साथ मिलकर संदीप से समय समय पर 4 लाख रुपए ऐंठ लिए। महिला की पैसों की मांग बढ़ कर अब 10 लाख रुपए तक पहुंचने पर संदीप ने अपनी पत्नी के सहयोग से पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

सिविल लाइंस थाने में सिपाही संदीप की पत्नी रेखा की तहरीर के आधार पर आरोपी महिला रितिका और उसके पति जयभगवान रोहिल्ला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में खड़गे और थरूर आमने-सामने

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के आखिरी दिन आज दो उम्मीदवार मलिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं और अब चुनाव में ये दोनों उम्मीदवार रह गए है।

कांग्रेस चुनाव विभाग के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन पत्रों की जांच का काम पूरा हो गया है। जांच के दौरान झारखंड के के एन त्रिपाठी का फार्म प्रस्तावकों के हस्ताक्षर नहीं मिलने तथा अन्य कारणों से निरस्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचन विभाग को कुल 20 फॉर्म प्राप्त हुए है जिनमें से हस्ताक्षर के मिलान नहीं होने तथा हस्ताक्षर रिपीट होने जैसे अन्य कुछ कारणों से चार फॉर्म खारिज किए गए हैं।

मिस्त्री ने बताया कि अब दो ही उम्मीदवार खड़गे और थरूर चुनाव मैदान में रह गए हैं। आठ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं और नाम वापस नहीं लेने की स्थिति में 17 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।

श्री मसाणिया भैरव धाम पर लख्खी छठ मेले में उमडे हजारों श्रद्धालू


अजमेर।
श्री मसाणिया भैरव धाम राजगढ पर शनिवार को विशाल छठ मेला बाबा भैरव व मां कालिका के जयकारों के बीच धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज के सान्निध्य में सुबह हजारों श्रद्धालुओं ने चक्की वाले मंदिर से शोभायात्रा निकाली। छठ मेला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजमेर सांसद भारगीरथ चौधरी ने ध्वजारोहण कर मेले का शुभारम्भ किया गया।

श्रद्धालुओं से खचाखच भरे पण्डाल में पहुंचे विख्यात भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने अपनी मधुर वाणी में मोर भंगिया का पिलाए दे एवं प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी जैसे भजनों की प्रस्तुतियां से भक्तों को निहाल किया। श्री मसाणिया भैरव धाम राजगढ़ चैरीटेबल ट्रस्ट की ओर से अतिथियो का स्वागत सत्कार किया गया।

शोभायात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के श्रीमुख से बाबा भैरव व मां काली के घोष से राजगढ़ धाम गूजांयमान हो गया। शोभायात्रा में हाथी,घोड़े, ऊटों के साथ हजारों श्रद्धालु बाबा भैरव के जयघोष के साथ ग्राम राजगढ़ के मुख्य बाजार से होते हुए मां कालिका के मंदिर पहुंचे। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।। मेले में करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भैरव, मां कालिका, धाम पर चल रही अखण्ड ज्योति के दर्शन कर सर्वधर्म मनोकामना पूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा कर विशेष चमत्कारी चिमटी प्राप्त की।

श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए घण्टों तक लाइन में इन्तजार करना पड़ा। छठ मेले पर दो किलोमीटर दूर तक बस, कार, टेम्पो व दोपहिया वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। छठ मेले के अवसर पर ग्राम राजगढ़ में चप्पे-चप्पे पर दुकानें शुक्रवार रात से ही सजना शुरू हो गई थी। मेले में सजी दुकानें से श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चम्पालाल महाराज ने छठ मेले के अवसर पर राजगढ़ धाम पर आए श्रद्धालुओं को भ्रूण हत्या रोकने व बेटियों को पढ़ाने के लिए संकल्प दिलाया। मेले में एमएलडी कन्या महाविद्यालय केकड़ी की छात्राओं ने बाबा भैरव व मां काली के मनभावन भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

श्री मसाणिया भैरव धाम पर छठ मेले का समापन शाम को महाआरती के साथ गुरूदेव चम्पालाल महाराज के द्वारा किया गया। विशेष पूजा अर्चना के साथ बाबा भैरवनाथ व मां कालिका को छप्पन भोग के प्रसाद का भोग लगाया गया। मेले में आए सभी श्रद्धालुओं के लिए श्रीमसाणिया भैरव धाम राजगढ़ चेरिटेबिल ट्रस्ट की ओर से भण्डारा किया गया। श्रद्धालुमनोकामना पूर्ण होने पर चैत्र नवरात्रा के दौरान भैरव बाबा की प्रसादी कर रहे हैं। छठ मेले में विश्व प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथू लाल सोलंकी ने भी प्रस्तुति दी। अजमेर विकास प्राधिकरण ने टेंट व पीने के पानी की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन ने चिकित्सा व्यवस्था व पुलिस जाब्ता तैनात किया।

बोतल फोड़ो, नशा छोड़ो, घर को जोड़ो

चम्पालाल महाराज ने आए हुए हजारों श्रद्धालुओं से कहा कि बोतल फोड़ो, नशा छोड़ो, घर को जोड़ो। धाम पर पिछले कई वर्षों से चल रहे नशामुक्ति महाअभियान में श्रद्धालू बीड़़ी, सिगरेट, गुटका, शराब, चोरी, अपराध आदि किसी प्रकार के नशे को स्वेच्छा से बाबा के चरणों में छोड़कर जाते हैं। महाराज ने कहा कि नशा नाश का कारण है एवं नशा अपराध की जड़ है, नशे से परिवार बिगड़ता है। समाज और परिवार की खुशहाली की पहचान नशा मुक्त हो हर इंसान। भैरव धाम राजगढ़ पर चल रहे नशा मुक्ति अभियान में अब तक लगभग 50 लाख से अधिक श्रद्धालू नशे का त्याग कर अपने परिवार के साथ सुखमय जीवन यापन कर रहे है।

बुलावा आता है दौड़ा चला आता हूं : भागीरथ चौधरी

छठ मेले के मुख्य अतिथि अजमेर जिले के सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि मैं राजगढ़ धाम से लगभग 20 वर्षों से जुड़ा हुआ हूं। जब जब भी राजगढ़ धाम आने का अवसर मिलता है मैं दौड़ा चला आता हूं। महाराज द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व नशा मुक्ति की जो मुहिम चला रखी है वह सराहनीय है, जो काम सरकार नहीं कर पाती उसे राजगढ़ धाम पर महाराज निःस्वार्थ भाव से करते हैं। जो भी श्रद्धालु सच्ची आस्था विश्वास के साथ राजगढ़ धाम आता है बाबा भैरव और मां कालिका उसकी सभी मनोकामना पूर्ण करते हैं।

जग में अनूठा राजगढ़ धाम : लखबीर सिंह लक्खा

छठ मेले में आए भारत के विश्वविख्यात भजनगायक लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि जग में अनूठा है राजगढ़ धाम। इसका मुख्य कारण यह है कि इस धाम पर चम्पालाल महाराज निस्वार्स्थ भाव से लोगों का कल्याण कर रहे हैं। इस धाम पर लगभग 17 वर्ष बाद मुझे आने का मौका मिला है। यहां आने के बाद सुखद महसूस होता है व धाम पर महाराज द्वारा जो लोक कल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं सराहनीय है।

छठ मेले में इन्होंने की शिरकत

छठ मेले में अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, पूर्व संसदीय सचिव कैलाश वर्मा, अजमेर विधायक अनिता भदेल, नगर निगम मेयर बृजलता हाडा, भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाडा, कांग्रेस महासचिव महेन्द्र सिंह रलावता, पूर्व महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, पूर्व महापौर कमल बाकोलिया, पूर्व सभापति सुरेन्द्र सिंह राठौड़, निदेशक स्वामी न्यज कमल किशनानी, पूर्व चेयरमेन सचिन सांखला, मेला मजिस्ट्रेट व नसीराबाद तहसीलदार हिेतेश चौधरी, कमिश्नर सहकार भवन रविन्द्र सिंह राजपुरोहित, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, दिलीप राठी सरपंच श्रीनगर, भंवर सिंह सरपंच झड़वासा, विरेन्द्र सिंह राठौड़ सरपंच देराठू, बिठूर सरपंच प्रशान्त काठात, पूर्व बाघसुरी पूर्व सरपंच देवेद्र गुर्जर, पदम जैन जेठाना सरपंच, पूर्व सरपेच रामदेव सिंह, राजू गुर्जर न्यारा, रामकरण गुर्जर, रामकरण गुर्जर, श्रीचन्द गुर्जर न्यारा, राजेन्द्र रावत, ज्ञान सिंह रावत, मान सिंह रावत सरपंच नान्दला, कुल्दीप मंघवंशी, बलराम गुर्जर आदि ने शिकरत की।

आशा पारेख दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित

0

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि मशहूर फिल्म अभिनेत्री आशा पारेख को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाना नारी की अदम्य शक्ति का सम्मान है और सिनेमा जगत बेहतर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुर्मू ने शुक्रवार को यहां विभिन्न श्रेणियों में 68 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करने के मौके पर यह बात कही। सिने जगत का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान आशा पारेख को दिया गया। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं दी। पारेख को शुभकामना देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं ने कई तरह की सीमाओं तथा बंदिशों के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनायी है। उन्होंने कहा कि पारेख को इस सम्मान से नवाजा जाना अदम्य नारी शक्ति का सम्मान है। उन्हें वर्ष 2020 के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सिनेमा जगत फिल्म बनाने के साथ साथ बेहतर समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि श्रव्य और दृश्य दोनों माध्यम होने के कारण फिल्मों का प्रभाव कला के अन्य माध्यमों से ज्यादा व्यापक होता है। सिनेमा न केवल एक उद्योग है बल्कि हमारी संस्कृति तथा मूल्यों की भी अभिव्यक्ति है। यह राष्ट्र निर्माण के लिए हमारे समाज को जोड़ने का भी माध्यम है।

मुर्मू ने कहा कि फिल्मों का युवाओं तथा बच्चों पर बड़ा प्रभाव होता है। इसलिए समाज की अपेक्षा है कि फिल्म उद्योग देश का भविष्य बनाने के लिए इस माध्यम का प्रभावशाली ढंग से इस्तेमाल करे। उन्होंने कहा कि अभी हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो स्वतंत्रता सेनानियों पर बनी फिल्मों का दर्शकों को इंतजार होगा। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि जिन फिल्मों को पुरस्कार मिला है उनमें प्रकृति और पर्यावरण, संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का उल्लेख किया गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय फिल्मों की दुनिया भर में पहचान है और इनके प्रभाव का फायदा उठाने के लिए हमें अपनी फिल्मों की गुणवत्ता को और अधिक सुधारना होगा। इस प्रतिष्ठित सम्मान से प्रफुल्लित पद्मश्री पारेख ने कहा कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्राप्त करना एक बहुत बड़ा सम्मान है। मेरे 80वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले मुझे यह बड़ी मान्यता मिली है। यह सबसे प्रतिष्ठित सम्मान है जो मुझे भारत सरकार से मिला है।

अपने दौर में लम्बे समय तक बॉलीवुड सिनेमा की धड़कन रहीं मशहूर अभिनेत्री पारेख ने कहा कि मैं जूरी ( पुरस्कार के निर्णायक मंडल) को भी धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे इस सम्मान के योग्य समझा है। मैं पिछले 60 साल से फिल्म जगत में हूं और अब भी अपने तरीके से इस इंडस्ट्री के साथ जुड़ी हुई हूं।

आशा पारेख अपने समय की सबसे अधिक पारिश्रमिक पाने वाली अभिनेत्री रही हैं। उनकी गिनती भारतीय रजत पटल की अब तक की सबसे सफल और प्रभावशाली अभिनेत्रियों में होती है।

निर्माता सुबोध मुखर्जी और लेखक-निर्देशक नासिर हुसैन ने आशा पारेख को शम्मी कपूर के साथ ‘दिल देके देखो’ (1959) में नायिका के रूप में लिया। जिसने उन्हें रातो रात स्टार बना दिया। हुसैन के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा, जिन्होंने उन्हें छह और फिल्मों में नायिका की भूमिका के लिया जिनमें जब प्यार किसी से होता है (1961), फिर वही दिल लाया हूं (1963), तीसरी मंजिल (1966), बहारों के सपने (1967), प्यार का मौसम (1969) और कारवां (1971) शामिल थी।

आशा पारेख को मुख्य रूप से अपनी अधिकांश फिल्मों में एक ग्लैमर गर्ल, उत्कृष्ट नर्तक और टॉमबॉय के रूप में जाना जाता था। फिल्म निर्देशक राज खोसला ने उन्हें ‘दो बदन’ (1966), ‘चिराग’ (1969) और ‘मैं तुलसी तेरे आंगन की’ (1978) में नायिका की भूमिका के लिए लिया था।

वर्ष 2008 में वह रियलिटी शो ‘त्योहार धमाका’ में जज भी रही थीं। वर्ष 2017 में उनकी आत्माकथा (खालिद मोहम्मद द्वारा सह-लिखित) ‘द हिट गर्ल’ शीर्षक से जारी की गई थी।

आशा पारेख ने ‘मां’ फिल्म से बाल कलाकार के रूप में अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने हिंदी के अलावा कुछ और भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया। गुजराती फिल्म अखंड सौभाग्यवती फिल्म में उनकी भूमिका के लिए गुजरात सरकार की ओर से सर्वेश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब दिया गया था।

आशा परेख को जिद्दी, शिकार जैसी फिल्मों की बाक्सआफिस पर कामयाबी के लिए ‘जुबली गर्ल’ का खिताब मिला। ‘कटी पंतग’ फिल्म में के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया था।

नृत्य के प्रति आशा का बचपन से ही जुनून था और ये जुनून आगे भी जारी रहा। उन्होंने ‘चौलादेवी’ जैसे प्रसिद्ध नृत्य की प्रस्तुति देकर प्रशंसा हासिल की। इसके बाद में एक नृत्य अकादमी ‘करा भवन’ भी स्थापित करके, कई कुशल और प्रतिभाशाली नर्तकियों को प्रशिक्षण दिया है।

उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘आकृति’ बनाई। उन्होंने कुछ टेलीविजन धारावाहिकों का निर्माण और निर्देशन किया और 90 के दशक की शुरुआत में बेहद लोकप्रिय कोरा कागज (1998), कुछ पल साथ तुम्हारा (2003), कंगन (2001) जैसे टेलीविजन धारावाहिकों का निर्देशन भी किया।

आशा पारेख का सामाजिक सरोकर भी मजबूत रहा है। उन्होंने सांताक्रूज स्थित बीसीजे जनरल अस्पताल भी खोला है जो ‘आशा पारिख अस्पताल’ के नाम से काफी प्रसिद्ध है। इससे उनका सामाजिक कार्यों के प्रति लगाव, प्रेम और परवाह साफ झलकती है।

मध्यप्रदेश नगरीय निकाय चुनाव में 46 में से 38 पर भाजपा का कब्जा

भोपाल। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के घोषित नतीजों में 46 में से 38 पर भारतीय जनता पार्टी को बहुमत प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इनइ नतीजों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राज्य की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी की नीतियों पर मुहर लगाई है।

चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि निकाय चुनाव में यह विजय मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनहितकारी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि वे और प्रदेश भाजपा के सभी साथी जनता के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने जनता को वचन दिया है कि वे उनके विश्वास को टूटने नहीं देंगे और राज्य के विकास के लिए हरसंभव उपाय करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह जीत मोदी और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण मिली है। शर्मा ने यह भी कहा कि जनजातीय क्षेत्राें में आज फिर जनता ने भाजपा को जिताकर उसकी नीतियों पर मुहर लगाई है।

वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज की विजय के पहले राज्य की जनता ने नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी भाजपा को शानदार विजय दिलायी थी। नगरीय निकाय चुनाव के घोषित दूसरे चरण के नतीजों से साबित हो गया है कि जनता भाजपा के विकास कार्यों को समर्थन दे रही है।

सिंह ने कहा कि अनेक नेता इन चुनावों को अगले वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले ‘सेमीफायनल’ बता रहे थे और जनता ने भाजपा को इसमें विजयी बनाया है। सिंह ने कहा कि 46 नगरीय निकायों में से 38 पर भाजपा का कब्जा है और सिर्फ 8 पर ही कांग्रेस को विजय हासिल हुई है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 18 जिलों के 46 नगरीय निकायों के लिए शुक्रवार को मतगणना सुबह प्रारंभ हुई थी। इनमें 17 नगरपालिका और 29 परिषद शामिल हैं, जहां पर मतदान 27 सितंबर को हुआ था। इन नगरीय निकायों में कुल वार्डों की संख्या 814 हैं।

राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई के तहत नगरपालिका में कुल 32 वार्डों में सभी पर भाजपा विजयी हुई है। इसी तरह सागर जिले की एक अन्य गढ़ाकोटा नगर पालिका में 23 वार्डों में 23 भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। यह क्षेत्र राज्य के लोक निर्माण एवं कुटीर उद्योग मंत्री गोपाल भार्गव का गृहनगर है और वहां उनकी प्रतिष्ठा दांव पर थी।

दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए 46 नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस समर्थित विजयी सभी प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने पुलिस, पैसे व प्रशासन का उपयोग कर सत्ता का दुरुपयोग कर यह चुनाव लड़ा था। उनका कहना है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया, इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी इन चुनावों में विजयी हुए हैं।

माप तोल अधिकारियों को चालान के लिए दी जाए मशीन : कैट

0

नई दिल्ली। कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा की माप तोल कानून की अनेक धाराओं में छोटी मोटी भूलों अथवा गलतियों के लिए भी सिविल धाराओं की बजाय अपराधिक धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करना न्यायोचित नहीं है।

खंडेलवाल ने एक बैठक में कहा कि माप तोल विभाग के अधिकारियों को भी चालान करने के मामलों में इलेक्ट्रॉनिक मशीन दी जाए जैसे ट्रैफिक पुलिस को दी गई हैं।

कैट ने माप तोल कानून में आवश्यक संशोधन करने के केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा की वर्ष 2011 में बने इस कानून में न्याय के प्राकृतिक सिद्धांत की अनदेखी की गई थी जिसे सरकार ने ठीक करने का निर्णय लिया है जिससे देश के व्यापारी वर्ग को बड़ा लाभ होगा।

उपभोक्ता मामलों के सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया की मंत्रालय माप तोल कानून एवं नियमों के कुछ प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर रखे जाने के बारे में सक्रिय रूप से विचार कर रहा है। उन्होंने बताया की इस मामले में गोयल ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं जिसके अनुसार विभाग में शीर्ष स्तर पर शेयरधारकों के साथ चर्चा कर ऐसे प्रावधानों को चिन्हित किया गया है और उनमें संशोधन करने की प्रक्रिया पर काम जारी है।

खंडेलवाल ने कहा की कानून की धारा 25, 28 से 37 तथा 41 से 47 में आपराधिक प्रावधान है। माप तोल क़ानून के अंतर्गत यदि पैक्ड वस्तु पर कोई विवरण लिखा न जाए अथवा कुछ छूट जाए या कोई तकनीकी गलती भी हो जाए तो उनमें भी वित्तीय दंड एवं सजा का प्रावधान है।

उन्होंने कहा की आपराधिक मामले में धोखा देने की नीयत का होना जरूरी है जबकि माप तोल कानून में इस तथ्य को फिलहाल दरकिनार रखा गया है और माप तोल निरीक्षक को उनके विवेक के आधार पर कार्रवाई करने की छूट दी गई है जिसपर अंकुश लगाना बहुत आवश्यक है।

मां अंबा के आशीर्वाद से हमारे सभी संकल्पों की सिद्धि के लिए शक्ति मिलेगी : मोदी

अंबाजी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि मां अंबा के आशीर्वाद से हमें हमारे सभी संकल्पों की सिद्धि के लिए शक्ति मिलेगी।

मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के अंबाजी में 7200 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उन्हें समर्पित किया। उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत बनाए गए 45,000 से अधिक घरों को समर्पित किया और आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने प्रसाद योजना के तहत तरंगा हिल-अंबाजी-आबू रोड न्यू ब्रॉड गेज लाइन और अंबाजी मंदिर में तीर्थ सुविधाओं के विकास की भी आधारशिला रखी।

उन्होंने वेस्टर्न फ्रेट डेडिकेटेड कॉरिडोर के 62 किलोमीटर लंबे न्यू पालनपुर-न्यू महेसाणा सेक्शन और 13 किलोमीटर लंबे न्यू पालनपुर-न्यू चटोदर सेक्शन (पालनपुर बाईपास लाइन) और मीठा-थाराड-दीसा रोड को चौड़ा करने सहित अन्य सड़क परियोजनाओं को भी समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि इस बार ऐसे समय में यहां आया हूं जब विकसित भारत का विराट संकल्प देश ने लिया है। उन्होंने कहा कि मां अंबा के आशीर्वाद से हमें हमारे सभी संकल्पों की सिद्धि के लिए शक्ति मिलेगी

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम नारी सम्मान की बात करते हैं, तो हमारे लिए ये बहुत सहज सी बात लगती है। जब हम गंभीरता से इस पर विचार करते हैं, तो पाते हैं कि हमारे संस्कारों में नारी सम्मान कितना रचा-बसा है। ये हमारे संस्कार ही हैं, कि हम अपने देश भारत को भी मां के रूप में देखते हैं, खुद को मां भारती की संतान मानते हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में गरीब परिवारों की बहनों को अपनी रसोई चलाने में समस्या ना हो, इसलिए सरकार ने मुफ्त राशन की योजना को आगे बढ़ा दिया है।

उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में देश के 80 करोड़ से अधिक साथियों को राहत देने वाली इस स्कीम पर केंद्र सरकार करीब-करीब चार लाख करोड़ रुपए खर्च कर रही है। टॉयलेट्स हों, गैस कनेक्शन हों, हर घर जल हो, जनधन खाते हों, मुद्रा योजना के तहत मिल रहे बिना गारंटी के ऋण हों, केंद्र सरकार की हर बड़ी योजना के केंद्र में देश की नारीशक्ति है।

उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों के निरंतर प्रयासों से बनासकांठा की तस्वीर बदल चुकी है। नर्मदा के नीर, सुजलाम-सुफलाम और ड्रिप इरीगेशन ने स्थिति को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है।

सिरोही : प्रधानमंत्री मोदी बिना सभा को संबोधित किए वापस लौटे

अहमदाबाद से मुंबई पांच घंटे 20 मिनट में पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

मुंबई। आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल तक का 509 किलोमीटर का सफर रिकॉर्ड 05 घंटे 20 मिनट में तय किया।

गुजरात की राजधानी गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली इस गाड़ी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर एक समारोह में हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और कालूपुर स्थित अहमदाबाद स्टेशन तक यात्रा भी की। प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी थे।

मोदी ने स्टेशन पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के तहत लगे हथकरघा एवं हस्तशिल्प स्टाल पर महिला उद्यमी से बात की। इसके बाद रेल मंत्री प्रधानमंत्री को वंदे भारत एक्सप्रेस के ड्राइवर केबिन में लेकर गये और ट्रेन के संचालन संबंधी जानकारी दी। मोदी ने गाड़ी के कोच में सीटिंग की व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। रेल मंत्री ने वंदे भारत एक्सप्रेस में पहली बार इस्तेमाल हो रहे एयर सस्पेंशन को भी दिखाया।

इसके बाद मोदी, वैष्णव एवं अन्य मेहमानों ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह ट्रेन कुछ दूर चल कर रुकी और फिर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं अन्य महत्वपूर्ण अतिथि गाड़ी में सवार होकर अहमदाबाद स्टेशन तक गए।

यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नए भारत की नई पहचान के रूप में ख्याति प्राप्त करने वाली इस ट्रेन में यात्रा का अनुभव हासिल किया। यात्रा के दौरान मोदी बहुत उत्साहित एवं प्रसन्नचित्त नज़र आए। इससे पहले उन्होंने पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 15 फरवरी 19 को किया था। लेकिन उसमें सवार होकर एक स्टेशन से दूसरे स्थान पर वह इससे पहले कभी नहीं गए हैं।

अहमदाबाद से यह ट्रेन दोपहर दो बज कर सात मिनट पर मुंबई के लिए रवाना हुई। वडोदरा और सूरत रुकते हुए यह गाड़ी करीब सात बजकर 27 मिनट पर मुंबई सेंट्रल पहुंच गई। इस तरह से अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल की दूरी 5 घंटे 20 मिनट में तय हुई। गाड़ी में आरक्षण भी खोल दिया गया था। इसलिए काफी संख्या में यात्रियों ने भी इस यात्रा का आनंद उठाया। समय सारणी के अनुसार एक अक्टूबर से सामान्य यात्रियों के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 519 किलोमीटर का यह सफर करीब साढ़े छह घंटे में तय करेगी।

रेल मंत्रालय की आधिकारिक जानकारी के अनुसार रविवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलने वाली यह 20901 डाउन गाड़ी मुंबई सेंट्रल स्टेशन से सुबह छह बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन 8:50 बजे सूरत पहुंचेगी और 8:53 बजे रवाना हो कर 10,20 बजे वडोदरा पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद 10:25 बजे रवाना हो कर 11.35 बजे अहमदाबाद और 11.40 बजे रवाना हो कर 12.30 बजे गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में 20902 अप गाड़ी गांधीनगर कैपिटल से दोपहर में 02.05 बजे रवाना हो कर 02.45 बजे अहमदाबाद, पांच मिनट के ठहराव के बाद 04 बजे वडोदरा और फिर 05 मिनट के ठहराव के बाद शाम 5.40 बजे सूरत पहुंचेगी। सूरत से 5.43 बजे रवाना हो कर रात 8.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

इस प्रकार से यह गाड़ी डाउन दिशा में 6 घंटे 20 मिनट और अप दिशा में 06 घंटे 30 मिनट का समय लेगी। गाड़ी की औसत गति डाउन दिशा में वंदे भारत एक्सप्रेस में 16 कोच रहेंगे। दोनों छोर पर ड्राइवर केबिन वाले सी-1 और सी-14 कोच में 44-44 सीटें, सामान्य चेयरकार में 78-78 सीटें और दो एग्जीक्यूटिव कोचों में 52-52 सीटें हैं। इस तरह से गाड़ी में कुल 1128 यात्री सवार हो सकते हैं।