Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 571 -
होम ब्लॉग पेज 571

सचिन पायलट दिल्ली पहुंचे, अलाकमान से हो सकती है मुलाकात

नई दिल्ली। राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट प्रदेश में सियासी गहमागहमी के बीच मंगलवार को यहां पहुंच गए। पायलट यहां आज पार्टी आलाकमान सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। हवाई अड्डे पर हालांकि उन्होंने इंतजार कर रहे मीडियाकर्मियो से भी कोई बात नहीं की।

गौरतलब है कि राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट गुट में गहमागहमी चल रही है। राजस्थान में सैनिक कल्याण राज्यमंत्री राजेन्द्रसिंह गुढ़ा ने आज पायलट को प्रदेश में कांग्रेस का भविष्य बताते हुए कहा है कि उनके मुख्यमंत्री बनने से राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में फिर कांग्रेस जीतेगी।

गुढ़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मेरी व्यक्तिगत राय है कि सचिन पायलट मुख्यमंत्री बने, लेकिन फैसला आलाकमान को करना है। उन्होंने कहा कि पायलट की प्रदेश की दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच हैं और वह छत्तीस कौम के नेता हैं, युवा हैं और उनके आने पर राजस्थान में सरकार रिपीट कर सकते है।

दिल्ली में यमुना ब्रिज पर जलस्तर बढने से रेल यातायात प्रभावित

अजमेर। उत्तर रेलवे के दिल्ली-दिल्ली शाहदरा रेलखंड पर स्थित यमुना ब्रिज पर पानी का स्तर अधिक होने के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे पर संचालित निम्नलिखित रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तन किया जा रहा है-

1. गाड़ी संख्या 15716, अजमेर-किशनगंज रेलसेवा जो दिनांक 27.09.2022 को प्रस्थान की है वह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग दिल्ली-नई दिल्ली-शकूरबस्ती होकर संचालित होगी।

2. गाड़ी संख्या 15013, जैसलमेर-काठगोदाम रेलसेवा जो दिनांक 27.09.2022 को प्रस्थान की है वह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग दिल्ली-नई दिल्ली-शकूरबस्ती होकर संचालित होगी।

3. गाड़ी संख्या 14724, भिवानी-कानपुर रेलसेवा जो दिनांक 27.09.2022 को प्रस्थान की है वह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग दिल्ली-नई दिल्ली-शकूरबस्ती होकर संचालित होगी।

4. गाड़ी संख्या 19032, योग नगरी ऋषिकेश-अहमदाबाद रेलसेवा जो दिनांक 27.09.2022 को प्रस्थान की है वह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग नई दिल्ली-दिल्ली होकर संचालित होगी।

5. गाड़ी संख्या 19610, योग नगरी ऋषिकेश-उदयपुर रेलसेवा जो दिनांक 27.09.2022 को प्रस्थान की है वह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग नई दिल्ली-दिल्ली होकर संचालित होगी।

राजस्थान सरकार ने जयपुर ग्रेटर की महापौर सौम्या गुर्जर को पद से हटाया

जयपुर। राजस्थान सरकार ने जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर सौम्या गुर्जर को न्यायिक जांच में दोषी पाए जाने के मद्देनजर आज पद से हटा दिया।

स्वायत शासन विभाग के इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार सौम्या गुर्जर को उनके खिलाफ गत दस अगस्त की न्यायिक जांच रिपोर्ट को दृष्टिगत रखते हुए तुरंत प्रभाव से सदस्यता एवं महापौर पद से हटाते हुए आगामी छह वर्ष के लिए पुर्ननिर्वाचन के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया हैं।

उल्लेखनीय है कि चार जून 2021 को गुर्जर पर तत्कालीन निगम आयुक्त निगम आयुक्त यज्ञमित्र सिंह देव उनके साथ मारपीट एवं बदसलूकी के आरोप के मामले में छह जून को गुर्जर को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद गुर्जर के विरुद्ध प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने पर नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 39 के तहत प्रकरण की न्यायिक जांच कराई गई और गत 10 अगस्त को जारी न्यायिक जांच रिपोर्ट में गुर्जर को दोषी पाया गया था।

इस मामले को लेकर सौम्या गुर्जर ने अदालत की शरण ली और मामला सुप्रीमकोर्ट तक पहुंचा और गत फरवरी में न्यायालय ने उनके निलंबन आदेश को स्टे कर देने से उन्होंने फिर जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर का पद संभाल लिया था। हाल में उच्चत्तम न्यायालय ने राज्य सरकार को इस मामले में कार्यवाही करने के लिए स्वतंत्र करते हुए याचिका का निस्तारण किया था।

मोदी ने की फूमियो किशिदा से भेंट, आबे के निधन पर जताया शोक

टोक्यो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा से भेंट कर पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की तथा भारत जापान संबंधों को अभूतपूर्व ऊंचाई देने में उनके योगदान को याद किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक स्वतंत्र, मुक्त एवं समावेशी हिन्द प्रशांत क्षेत्र की परिकल्पना को आकार देने में भी आबे के योगदान को याद किया।

दोनों नेताओं ने एक संक्षिप्त द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के बारे में विचार विमर्श किया। उन्होंने भारत जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझीदारी को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय समूहों एवं संस्थानों में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प को दोहराया।

मोदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि ये दुःख की घड़ी में आज हम मिल रहे हैं। आज जापान आने के बाद, मैं अपने-आप को ज्यादा शोकातुर अनुभव कर रहा हूं। क्योंकि पिछली बार जब मैं आया तो आबे सान से बहुत लम्बी बातें हुई थी। और कभी सोचा ही नहीं था कि जाने के बाद ऐसी खबर सुनने की नौबत आएगी।

मोदी ने किशिदा की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आबे और उनके साथ आपने विदेश मंत्री के रूप में भी भारत और जापान के संबंधों को नयी उंचाई पर भी ले गए और बहुत क्षेत्रों में उसका विस्तार भी किया। और हमारी दोस्ती ने एक वैश्विक प्रभाव पैदा करने में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाई, भारत और जापान की दोस्ती ने। और इस सब के लिए आज भारत की जनता आबे सान को बहुत याद करती है, जापान को बहुत याद करती है। भारत एक प्रकार से हमेशा उनकी कमी महसूस कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि किशिदा के नेतृत्व में भारत-जापान सम्बन्ध और अधिक गहरे होंगे, और अधिक ऊंचाइयों को पार करेंगे। और हम विश्व में समस्याओं के समाधान में एक उचित भूमिका निभाने के लिए समर्थ बनेंगे।

मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत के मित्र आबे के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होने के लिए आज सुबह यहां पहुंचे हैं। आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में सौ से अधिक देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधि शामिल होंगे जिनमें 20 से ज्यादा शासनाध्यक्ष अथवा राष्ट्राध्यक्ष होंगे।

सागर में स्कूल बस हादसे का शिकार, एक की मौत, कई छात्र गंभीर घायल

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में छात्रों से खचाखच भरी एक स्कूल बस आज सुबह हादसे का शिकार हो गई। बस में राहतगढ़ के कई निजी स्कूलों के लगभग 40 से 50 बच्चे बस में मौजूद थे। बस सड़क छोड़कर खेत में जाकर पलट गई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार राहतगढ़ विकासखंड में हुए इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई तथा कई छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलने पर हादसे के स्थल पर पहुंचे कलक्टर दीपक आर्य समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चों को बस से निकाल कर जिला चिकित्सालय भिजवाया।

राहतगढ़ पुलिस सूत्रों ने बताया कि विकासखंड के एक निजी स्कूल की बस राहतगढ़-खुरई रोड पर ग्राम चंद्राकर के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायल बच्चों को बस से निकाल कर राहतगढ़ स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बस में सवार बच्चों को कहना है कि ड्राइवर हाथों से स्टेयरिंग छोड़ मोबाइल चला रहा था, इसी वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बच्‍चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद को पहुंचे और बस से बच्‍चों को निकाला। हादसे में कक्षा 10वीं के छात्र शैलेंद्र कुर्मी की मौत हो गई। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राहतगढ़ लाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।

यह स्कूल बस राहतगढ़ क्षेत्र के बटयावदा, चंद्रपुर, झिला गढ़ाघाट, रमपुरा, पचमा सहित आठ से दस गांवों के बच्चों को राहतगढ़ लाती है। यह बच्चे राहतगढ़ के स्कालर इंटरनेशनल, सेंट थामस, लक्ष्य सहित अन्य स्कूलों में पढ़ते हैं। मंगलवार को भी सुबह यह बस ग्रामीण क्षेत्र से करीब पचास से साठ बच्चे लेकर आ रही थी, तभी यह राहतगढ़ व चंद्रापुर के बीच पलट गई।

सबगुरु राशिफल : 27 सितम्बर मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। अश्विन मास, शुक्ल पक्ष, द्वितीया तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 02.28 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं।प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे।किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

मीन राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

सिरफिरे का खूनी खेल : रूस के स्कूल में गोलीबारी में 15 की मौत, 24 घायल

0

मास्को। रूस के इजेव्स्क शहर के स्कूल में सोमवार को हुई गोलीबारी में सात बच्चों सहित कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई तथा 14 बच्चों सहित 24 अन्य घायल हो गए।

रूसी जांच समिति के अनुसार पश्चिमी रूस के उदमुर्ट गणराज्य की राजधानी इज़ेव्स्क के शहर प्रशासन भवन के पास स्थित नंबर 88 स्कूल में हुए हमले में 14 बच्चे और सात वयस्क घायल हो गए।

रिपोर्ट के मुताबिक शूटर ने आत्महत्या कर ली है और उसका शव भी बरामद कर लिया गया है। समिति ने कहा कि शूटर ने नाजी प्रतीकों एवं एक बालाक्लाव के साथ एक काली टी शर्ट पहन रखी थी।

उसकी पहचान अभीतक नहीं की जा सकी है क्योंकि उसके पास कोई दस्तावेज नहीं था। स्कूल में कुल 982 छात्र और 80 शिक्षक हैं। मृतकों एवं घायलों को छोड़ सभी छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। उदमुर्ट गणराज्य के गवर्नर ने सोमवार से तीन दिनों के शोक की घोषणा की है।

मैंने पायल है छनकाई… को लेकर नेहा कक्कड़ पर भड़कीं फाल्गुनी पाठक

नई दिल्ली। ओ साजना का गीत मैंने पायल है छनकाई… इस समय विवादों में है। इस री-मेक गाने की गुणवत्ता को लेकर जहां सोशल मीडिया में आलोचना हो रही है वहीं गायिका फाल्गुनी पाठक का कहना है कि उनका मन नेहा को अदालत में घसीटने का हो रहा है।

फाल्गुनी का कहना है कि 90 के दशक के इस लोकप्रिय गाने फिर से फिल्माने के लिए नेहा की ओर से उनसे इस संबंध में पूछा तक नहीं गया। फाल्गुनी पाठक का कहना है कि काश मैं कानूनी कारवाई कर पाती, पर मेरे पास इसका अधिकार नही हैं।

‘ओ साजना’ शीर्षक से नेहा कक्कड़ का हाल ही में रिलीज़ हुआ। यह री-मेक इस समय लोगों की चर्चा का विषय बन गया हैं। फिल्मी गीतों के बहुत से शौकीन सोशल मीडिया पर नेहा के इस इस री-मेक गाने की अपने अपने ढंग से खिंचाई कर रही हेैं। नेहा कक्कड़ बुरी तरह ट्रोल हो रही हैं।

यह गाना फाल्गुनी पाठक के 90 के दशक के मसहूर गाने मैने पायल है छनकाई… का रिक्रिएशन (नए कलेवर में फिल्मांकन) हैं। यह गीत अपने समय के सुपर लोकप्रिय गीतों में था।

सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों ने आलोचना में कहा कि री-मेक में मूल गाने के साथ न्याय नहीं किया गया है। वे इसके कारण नेहा कक्कड़ को जबरदस्त ट्रॉल कर रहे हैं। फाल्गुनी पाठक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ओ साजना के निर्माताओं ने उनसे इसके लिए कोई संपर्क नहीं किया।

गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में योगी आदित्यनाथ ने की कलश स्थापना

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शारदीय नवरात्रि प्रारंभ होने पर शिवावतारी एवं नाथपंथ के प्रणेता गुरु गोरक्षनाथ की साधना स्थली गोरक्षपीठ में लोक कल्याण की मंगलकामना के साथ आदिशक्ति की विशेष उपासना परंपरा के अनुसार वैदिक विधि विधान से कलश स्थापना की।

योगी ने मंदिर में स्थित शक्तिपीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कर प्रथम दिन मां शैलपुत्री की विधि विधान से पूजा अर्चना की। दो घंटे तक चला पहले दिन का अनुष्ठान जगतजननी की आराधना, देवी पाठ, आरती और क्षमा प्रार्थना के साथ पूर्ण हुआ।

कलश स्थापना के पूर्व गोरखनाथ मंदिर परिसर में परंपरागत भव्य कलश शोभायात्रा श्रद्धाभाव से निकाली गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ को गोरक्षपीठाधीश्वर ने परंपरागत रूप से अपने हाथों से शिवावतारी गुरु गोरक्षनाथ का त्रिशूल देकर रवाना किया। योगी कमलनाथ के नेतृत्व में साधु संतों की शोभायात्रा मां दुर्गा के जयघोष के बीच पौराणिक मान्यता वाले भीम सरोवर पर पहुंची। जहां कलश भरने और सरोवर की परिक्रमा के बाद शोभायात्रा वापस शक्तिपीठ पहुंची।

मठ के भूतल पर जल भरा कलश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उठाया और शक्तिपीठ के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरुण देवता का आवाहन कर कलश स्थापित किया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने सबसे पहले मां दुर्गा, भगवान शिव और गुरु गोरखनाथ के शस्त्र त्रिशूल को प्रतिष्ठित करके गौरी.गणेश की आराधना की। इसके साथ ही दुर्गा मंदिर शक्तिपीठ के गर्भगृह में श्रीमद् देवीभागवत का पारायण पाठ एवं श्रीदुर्गासप्तशती के पाठ का भी शुभारंभ हो गया। पाठ के बाद आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। आरती में मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ भी सम्मिलित रहे।

मुख्यमंत्री योगी नवरात्रि के दौरान नौ दिन व्रत रहेंगे। योगी के व्रत का यह सिलसिला गोरक्षपीठ में उनके आगमन के साथ से ही ढाई दशक से अधिक समय से जारी है। मुख्यमंत्री बनने से पूर्व योगी आदित्यनाथ पूरी नवरात्र गोरखनाथ मठ के पहले तल पर ही प्रवास कर उपासना में रत रहते थे। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी को देखते हुए वह प्रवास पर मंदिर में आते हैं। इस दौरान चलने वाली शेष पूजा आराधना का क्रम अनवरत जारी रहता है।

संकट के समाधान की पूर्व तैयारी मोदी की विशेषता : अनिता भदेल

बारां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वह शख्सियत हैं जिन्होंने देश की जनता के स्वभाव को बदलने का काम किया है। राज्य की पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल ने आज यहां आयोजित भाजपा के प्रबुद्ध जन सम्मेलन को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए यह विचार रखे।

उन्होंने कहा कि कोविड 19 के दौर में देश ने उनकी एक अपील पर लॉक डाउन का समर्थन किया। कोविड टीकाकरण में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से गांव गांव तक टीके पहुंचे, इतना ही नहीं इस महामारी के दौरान हमारा देश अनेकों देशों का मददगार साबित हुआ। उन्होनें बताया कि भारतीय योग को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने का मोदी ने शानदार काम किया है।

कश्मीर में धारा 370 हटाने का मुद्दा हो या काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण, उन्होंने साबित कर दिखाया है कि वह भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना में तन्मयता के साथ जुटे हुए हैं।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 100 स्टार्ट अप आज यूनिकॉर्न बन गए हैं। उन्होनें एफपीओ के माध्यम से किसानों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है।

सांसद ने अपने उद्बोधन में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस हाईवे, आयुष्मान भारत, सॉइल हेल्थ कार्ड, नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, किसान सम्मान निधि, जन धन योजना आदि का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा है, जिसको किसी लाभकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा हो। उन्होनें कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को केंद्र की भाजपा सरकार धरातल पर ला रही है।