Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 576 -
होम ब्लॉग पेज 576

अजमेर में भाजपा ने किया मोदी पारिवारिक उत्सव का आयोजन

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन मौके पर चलाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत आज अजमेर में भारतीय जनता पार्टी ने मोदी पारिवारिक उत्सव का सफल आयोजन किया।

अजमेर में जयपुर रोड भूणाबाय स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर आज सायं आयोजित मोदी पारिवारिक उत्सव में विभिन्न प्रांतों की एक देश अनेक प्रांत पर आधारित आत्मनिर्भर भारत को सरकार करती स्टॉलें लगाई गई। अनेकता में एकता आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रदर्शनी, खेलकूद एवं खान पान की स्टॉलों के जरिए आत्मनिर्भर भारत को साकार करने की पहल की गई।

पूर्व सांसद ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि मोदी पारिवारिक उत्सव में जितनी भी स्टॉलें लगी है वे अपने परिश्रम, स्वावलंबी, स्वदेशी चीजों का प्रयोग कर तैयार की गई है जो एक स्वावलंबी भारत की ओर इंगित करता है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इन छोटी छोटी चीजों के जरिए भारत का निर्माण हो सकता है। यहां पर स्वदेशी तरीके से आयोजित किए गए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के कृत्रित्व की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम में देहात भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भगवती प्रसाद सारस्वत, पूर्व मंत्री किशन सोनगरा, शहर अध्यक्ष प्रियशील हाडा, संपत सांखला, बृजलता हाडा, नीरज जैन सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नाता विवाह रचाने के बाद दुल्हन पति के घर से गहने लेकर भागी

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में साढ़े चार लाख रुपए लेकर नाता विवाह करने वाली युवती द्वारा पति के घर से गहने चुराकर भाग गई है।

जिले के बदनोर थाना क्षेत्र में आरोपी युवती सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। धोखाधड़ी का शिकार युवक पहले से शादीशुदा है, लेकिन उसके कोई संतान नहीं है। इसी का फायदा उठाकर आरोपितों ने उसे जाल में फांसकर यह नाता विवाह करवाकर धोखाधड़ी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि सौपुरा, बदनौर निवासी शंकरनाथ योगी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय आसीन्द समक्ष इस्तगासा पेश किया था। इसी के तहत कोर्ट के आदेश से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के लिए 10 करोड़ रूपए का प्रावधान

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के लिए 100 करोड़ का प्रावधान, आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के स्टाइपेंड व इंटर्न अलाउंस में वृद्धि करने एवं राज्य के निर्यातकों के लिए विभिन्न छूटों को मंजूरी सहित अन्य कई महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गहलोत ने लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के लिए 100 करोड़ रूपए के अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी है। इससे योजना के सुगम संचालन में सहायता मिलेगी तथा लाभार्थियों का दायरा बढ़ेगा। उल्लेखनीय है कि बजट 2022-23 में गहलोत ने प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने तथा छोटे व्यवसायिओं एवं निवेशकर्ताओं को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए लाई गई ‘मुख्यमंत्री लघु प्रोत्साहन योजना’ के लिए 150 करोड़ रूपए के वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी थी। योजना के लिए पूर्व में ही लगभग 58 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। उक्त घोषणा की अनुपालना में गहलोत ने 100 करोड़ रूपए के अतिरिक्त बजट प्रावधान को मंजूरी दी है। योजना की लोकप्रियता को देखते हुए इसके लिए प्रावधित बजट में वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री ने डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर के विभिन्न श्रेणियों के छात्रों के स्टाइपेण्ड एवं इंटर्न अलाउन्स में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी और साथ ही उन्होंने संघटक यूनानी कॉलेज टोंक के बीयूएमएस यूजी छात्रों को इंटर्न अलाउन्स दिए जाने की सहमति दी है। गहलोत की इस मंजूरी से आयुर्वेद के पीजी (एमडी/एमएस) व यूजी (बीएएमएस) छात्रों को एलोपैथी के पीजी व यूजी छात्रों के समान ही स्टाइपेण्ड व इंटर्न अलाउंस मिलेगा।

प्रस्ताव के अनुसार आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर के पीजी (एमडी/एमएसद्ध छात्रों को प्रथम वर्ष में 19 हजार रूपए प्रतिमाह के स्थान पर अब 55 हजार 200 रूपए प्रतिमाह, द्वितीय वर्ष में 20 हजार रूपए के स्थान पर 58 हजार 650 रूपए प्रतिमाह तथा तृतीय वर्ष में 21 हजार रूपए प्रतिमाह के स्थान पर 60 हजार 950 रूपए प्रतिमाह का स्टाइपेण्ड व महंगाई भत्ता दिया जाएगा।

इस पर लगभग 5 करोड़ 38 लाख रूपए का वित्तीय भार आएगा, जिसे राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। साथ ही आयुर्वेद विश्वविद्यालय के यूजी (बीएएमएस) छात्रों को इंटर्न अलाउन्स के रूप में 7 हजार रूपए के स्थान पर 14 हजार रूपए प्रतिमाह तथा संघटक यूनानी कॉलेज, टोंक के यूजी बीयूएमएस छात्रों को इंटर्न अलाउन्स के रूप में 14 हजार रूपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस पर क्रमशः 1.76 करोड़ रूपए व 1.42 करोड़ रूपए के वित्तीय भार को विश्वविद्यालय द्वारा वहन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने हाल में जोधपुर यात्रा के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा के प्रशिक्षणार्थियों को आयुर्वेद महाविद्यालय, उदयपुर के समान ही स्टाइपेण्ड व इंटर्न अलाउन्स देने की घोषणा की थी।

इसी तरह मुख्यमंत्री ने राज्य के निर्यातकों को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न प्रकार की छूट देने के निर्णय को स्वीकृति दी है। इस स्वीकृति से अनुमोदित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेलों, प्रदर्शनियों एवं व्यवसाय सेवा प्रबंधन (बीएसएम) में भाग लेने पर चुकाए ग्राउण्ड रेंट एवं सहभागिता शुल्क का पुनर्भरण योजना के अंतर्गत प्राप्त होने वाले पुनर्भरण की राशि 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी गई है।

योजना के अंतर्गत छूट बढ़ाने के साथ-साथ योजना की अवधि भी बढ़ाकर 31 मार्च, 2025 तक कर दी गई है। प्रदेश के निर्यातकों द्वारा के विदेश में नियुक्त प्रतिनिधि मण्डल द्वारा अपने उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न आयोजनों में दिए गए सहभागिता शुल्क के पुनर्भरण के लिए राजस्थान निर्यात संवर्द्धन परिषद को 10 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा नए नियमों में राजस्थान निर्यात संवर्द्धन परिषद के अंतर्गत पंजीकृत राजस्थान निवासी निर्यातक जिनके पास एमएसएमई एवं आईईसी कोड हो, इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही ‘मिशन निर्यातक बनो’ के अंतर्गत पंजीकृत निर्यातक जिनहोंने मिशन के लांच के बाद निर्यात शुरू किया हो तथा आरईपीसी के अंतर्गत पंजीकृत हो, भी नए नियमों के अनुसार छूट के पात्र होंगे।

संशोधित नियमों से जहां एक तरफ प्रदेश के निर्यातकों को अपने उत्पादों का देश एवं विदेश में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार आयोजनों में प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार में सुगमता होगी। वहीं सहभागिता शुल्क व ग्राउण्ड रेंट में छूट बढ़ने से वित्तीय राहत भी मिलेगी।

राजस्थान सरकार प्रदेश में सहरिया क्षेत्र के विकास के लिए अहम निर्णय ले रही है और इसी के तहत गहलोत ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए सहरिया क्षेत्र के 135 मां-बाड़ी/डे-केयर केन्द्रों के संचालन एवं स्वास्थ्यकर्मी योजनान्तर्गत 200 स्वास्थ्यकर्मियों पर होने वाले समस्त व्यय राज्य निधि से किए जाने की सहमति प्रदान की है।

प्रस्ताव के अनुसार सहरिया क्षेत्र में संचालित 135 मां-बाड़ी/डे-केयर केन्द्रों को 5.63 लाख रूपये प्रति केंद्र अनुसार कुल 7.60 करोड़ रूपए तथा 200 स्वास्थ्यकर्मियों का भुगतान राज्य निधि से किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से मां-बाड़ी केन्द्रों का सुचारू संचालन तथा स्वास्थ्यकर्मी योजना के माध्यम से निहित स्वास्थ्यकर्मियों का भुगतान हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, केंद्र सरकार ने योजना हेतु राशि स्वीकृत करने में असमर्थता व्यक्त की। इसके दृष्टिगत गहलोत ने उक्त योजनाओं का संचालन राज्य निधि से करने के लिए स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कुशलगढ़ के श्री मठ मंगलेश्वर महादेव मन्दिर व श्रीरामजी मन्दिर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भी पांच करोड़ रूपए के अतिरिक्त बजट प्रावधान को मंजूरी दी है। गहलोत की इस मंजूरी से कुशलगढ़ के श्री मठ मंगलेश्वर महादेव व श्रीरामजी मन्दिर में कुल पांच करोड़ रूपए के विभिन्न निर्माण कार्य हो सकेंगे। इससे भक्तों को दर्शन में सुगमता होगी तथा मन्दिर का विकास भी हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने उदयपुर यात्रा के दौरान इन दोनों मंदिरों में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए देवस्थान विभाग द्वारा बजट दिए जाने की घोषणा की थी।

गहलोत द्वारा बालिका शिक्षा प्रोत्साहन में भी अहम निर्णय लिए जा रहे हैं और उन्होंने अब कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना में शामिल सभी स्कूटी योजनाओं में वितरित की जाने वाली स्कूटी के पंजीयन शुल्क, एक बारीय कर, सरजार्च एवं ग्रीन टैक्स में पूर्णतया छूट प्रदान की है। गहलोत ने इस संबंध में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की प्रस्तावित अधिसूचना को मंजूरी प्रदान की है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में केंद्रीय मोटर यान नियम 1989 के नियम 81 के अनुसार दुपहिया वाहन के प्रथम रजिस्ट्रेशन के लिए फीस के रूप में 300 रूपए की राशि ली जाती है। वहीं, प्रति वाहन लगभग 5000 कर देय लगता है। ऐसे में छात्राओं को लगभग 5300 रूपए की छूट प्रदान की जाएगी।

राज्य सरकार द्वारा मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उददेश्य से कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना 1 अप्रैल 2020 से प्रभावी है। गौरतलब है कि देवनारायण छात्रा स्कूटी वितरण योजना में भी पहले से ही कर देय में छूट का प्रावधान है। कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना में कई विभागों की स्कूटी योजनाएं शामिल हैं।

इनमें, सभी वर्गों की छात्राओं हेतु (उच्च शिक्षा विभाग), एससी की छात्राओं हेतु (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग), एसटी की छात्राओं हेतु (जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग), सामान्य वर्ग का आर्थिक पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) की छात्राओं हेतु (माध्यमिक शिक्षा विभाग), अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं हेतु (अल्पसंख्यक मामलात विभाग), विमुक्त, घुमंतु व अर्द्धघुमंतु समुदाय की छात्राओं हेतु (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग) प्रमुख है।

सरकार केवल कुर्सी के ऊपर कौन बैठेगा, इसकी चिंता में व्यस्त

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जनता की चिंता करने के बजाय सरकार केवल कुर्सी के ऊपर कौन बैठेगा? इसकी चिंता में व्यस्त है।

शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे शेखावत ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि मैं राजस्थान के राजनीतिक हालात में टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन इतना अवश्य कहूंगा कि राजस्थान में जिस तरह से कांग्रेस पार्टी के आपसी विग्रह, जो साढ़े तीन-चार साल से चल रहा है, का खामियाजा निश्चित रूप से राज्य की जनता ने भुगता है। पिछले कुछ समय से सरकार का फोकस जनकल्याण और लोककल्याण के कार्यों के बजाय कुर्सियां बचाने, बदलने, कौन कुर्सी पर रहेगा, कौन नहीं रहेगा, इसके ऊपर केंद्रित हो गया है। उसके बाद राजस्थान की जनता त्राहिमाम करने लगी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज जिस तरह से प्रदेशभर में अनेक स्थानों पर अतिवृष्टि के कारण नुकसान हुआ है। उसकी गिरदावरी कराने के बजाय सरकार कुर्सी के ऊपर कौन बैठेगा? इसकी चिंता में व्यस्त है। सरकार को तुरंत किसानों को किस तरह से सहायता मिले, किस तरह से फसल बीमा का लाभ मिले, उस दृष्टि से कार्यवाही करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जगह-जगह अपराधी बेलगाम हो गए हैं और जनता तो शिकायत करे ही करे, सरकार के ही चुने हुए जनप्रतिनिधि भी विधानसभा में सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। शेखावत ने कहा कि यह इस बात का परिचायक है कि वर्तमान सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है। पूरी तरह से असफल हो गई है और आज राजस्थान की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

राज्य में ऊहापोह की स्थिति

शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलना या न बदलना, ये कांग्रेस पार्टी और उसकी लीडरशिप का विषय है, लेकिन इस राजनीतिक अस्थिरता के कारण राज्य में जो ऊहापोह की स्थिति चल रही है, उससे जनता का निश्चित तौर पर नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राजस्थान जिस तरह से हर क्षेत्र में विकास की दौड़ में पिछड़ा है। जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में राजस्थान नीचे के तीन प्रदेशों में एक है। निश्चित रूप से इस असमंजस की स्थिति का नुकसान जनता ने उठाया है।

2024 में माइक्रोस्कोप लगाकर ढूंढनी पड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मुझे लगता है कि अंतर्कलह और कांग्रेस, एक-दूसरे के पूरक बन गए हैं। जी-26, जी-23, न जाने इस तरह के कितने कलह और अंतर्कलहों के चलते कांग्रेस धीरे-धीरे अप्रासंगिक हो गई है। हांसिए पर चली गई है। सिमटती जा रही है। मुझे लगता कि वर्ष 2024 में माइक्रोस्कोप लगाकर कांग्रेस को ढूंढना पड़ेगा।

विदेशी आक्रांताओं के साथ पहली लड़ाई जनजाति समाज ने लड़ी : शेखावत

विदेशी आक्रांताओं के साथ पहली लड़ाई जनजाति समाज ने लड़ी : शेखावत

स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों का योगदान विषयक प्रदर्शनी

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आजादी में जनजाति नायकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विदेशी आक्रांताओं के साथ पहली लड़ाई आदिवासी समुदाय ने ही लड़ी है। आजादी में अनेक लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया है, उनके योगदान और समर्पण को आने वाली पीढ़ी को बताना आवश्यक है। इनके योगदान को स्मरण करना आवश्यक है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, नई दिल्ली और जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों का योगदान विषयक प्रदर्शनी का शनिवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने उद्घाटन किया। शेखावत ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन जन आंदोलन बना, जिसमें जनजाति समाज ने प्रभावी भूमिका निभाई। स्वीधनता संग्राम में जनजाति समाज का बहुत बड़ा योगदान है। संघर्ष जनजाति समाज के डीएनए में है।

शेखावत ने कहा कि जनजाति समाज ने जल, जमीन, जंगल और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। अनेक विदेशी आक्रांता आए। इनके साथ सबसे पहले किसी को लड़ाई लड़नी पड़ी, वह जनजाति समाज था।

जब कभी भी देशी सत्ताएं पराभूत हुई, तब उस आजादी की मशाल की चिंगारी को जीवित रखने का काम जनजाति समाज ने नहीं किया होता तो आज हमारा अस्तित्व समाप्त हो जाता। देश का जनजातीय समुदाय भारत के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए रक्षक के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करता रहा है। इसलिए यह समाज हमारे लिए प्रणम्य है।

शेखावत ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत के रूप में देखना चाहते हैं तो आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर संकल्पित होना होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत इन आयोजनों के माध्यम से आजादी के संघर्ष में जनजाति समाज ने जो संघर्ष और योगदान किया, उन सभी नायकों के योगदान को आजादी के 75 वर्ष में उनकी स्वतंत्रता के प्रति संकल्पना के लिए सभी को जिम्मेदारी लेकर आगामी 25 वर्ष के लिए संकल्पित होना होगा।

कार्यक्रम में जनजाति प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के उपनिदेशक एसपी मीना, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर की कुलसचिव गोमती शर्मा, परिवहन विभाग के संयुक्त परिवहन आयुक्त डॉ. मन्नालाल रावत, डॉ. अर्जुनलाल मीना, अधिकारीगण, विद्यार्थीगण मौजूद रहे।

झुंझुनूं के चिड़ावा में प्रसूता ने 2 बेटे और 1 बेटी को दिया जन्म, सभी स्वस्थ

0

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर के एक निजी अस्पताल में कुलोठ खुर्द की एक महिला ने बिना ऑपरेशन नॉर्मल डिलीवरी के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया है। जन्म के बाद महिला और उसके तीनों बच्चे स्वस्थ्य हैं।

स्त्री एवं प्रसूती रोग विशेषज्ञ डॉ. कुसुमलता और डॉ. एलके शर्मा ने बताया कि कुलोठ खुर्द की महिला प्रेमलता (25) को परिजन अस्पताल लेकर आए थे। जहां उसे ट्रीटमेंट के साथ ऑब्जर्वेशन में रखा गया। इसके बाद नॉर्मल प्रक्रिया से जटिल डिलीवरी केस को हैंडल किया गया। इस दौरान महिला ने एक-एक करके तीन बच्चों को सामान्य तरीके से जन्म दिया। हालांकि मामला काफी जटिल था, क्योंकि दो बच्चों के उल्टा होने के वजह से काफी ध्यानपूर्वक डॉक्टर्स ने निगरानी रखते हुए डिलीवरी करवाई।

जानकारी के अनुसार प्रसूता प्रेमलता की ये दूसरी डिलीवरी थी। इससे पहले उसने एक बेटी को जन्म दिया था। महिला का पति जयपाल एक निजी स्कूल में पढ़ाता है। जयपाल और प्रेमलता की शादी 14 नवंबर 2014 को हुई थी। जिसके बाद 28 अगस्त 2017 को उनके यहां बेटी तन्वी का जन्म हुआ। इसके बाद प्रेमलता ने एक साथ दो बेटे और एक बेटी को जन्म दिया। इस दौरान दादी सुलोचना देवी ने बच्चों और बहू की नजर उतारी।

राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय एनएसएस अवॉर्ड से सम्मानित हुई डॉ सरोज मीना

0

जयपुर। राजस्थान के अलवर में एसआर राजकीय कला महाविद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी डा सरोज मीना को आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय एनएसएस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत प्रत्येक वर्ष संपूर्ण भारत वर्ष में से राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 कार्यक्रम अधिकारियों को यह सम्मान प्रदान किया जाता है। इस वर्ष का राष्ट्रीय सेवा योजना का यह सम्मानित पुरस्कार राजस्थान से डॉ सरोज मीना को दिया गया।

उल्लेखनीय है कि डा मीना को वर्ष 2018-2019 में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत राज्य स्तरीय स्टेट अवार्ड से भी राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। डा मीना वर्ष 2020-21 में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड शिविर का राजस्थान की तरफ से प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

अजमेर के पुष्कर में अवैध गांजे के साथ दो आरोपी अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की पुष्कर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

थाना अधिकारी डॉ. रवीश सांवरिया ने बताया कि पुष्कर के अजमेर रोड स्थित चूंगी नाके के पास से आरोपियों को चार किलो 287 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके पास से गांजा बिक्री की राशि 1980 भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में जवाहरलाल मीणा (45) तथा करण गुजराती (19) निवासी पुष्कर है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।

अवैध हथियार के साथ एक आरोपी दबोचा

अजमेर जिले की रूपनगढ़ थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना अधिकारी अय्युब खान के अनुसार आरोपी के पास से अवैध हथियार मे एक बंदूक, एक देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी मे बृजबिहारी शर्मा (61) निवासी ग्राम सुरसुरा थाना रूपनगढ़ हाल आजाद नगर मदनगंज थाना है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

रिसेप्शनिस्ट हत्या आरोपी का रिजॉर्ट सरकार के आदेश पर ध्वस्त, शव बरामद

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर शुक्रवार आधी रात को रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या के आरोपी पुलकित के रिजॉर्ट को बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने सभी रिज़ार्ट की जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच शनिवार सुबह अन्किता का शव भी नहर से बरामद कर लिया गया है।

धामी के आदेश पर आरोपी पुलकित के ऋषिकेश स्थित रिजॉर्ट को शुक्रवार आधी रात पौड़ी जिला प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। उन्होने इसके अलावा, उत्तराखंड के समस्त रिज़ार्ट की जाँच करने के निर्देश ज़िलाधिकारियों को दिए हैं। साथ ही साथ निर्देश दिए हैं कि जो रिज़ार्ट अवैध बने हैं या अवैधानिक रूप से संचालित हैं, उनके विरुद्ध तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रदेश भर में स्थित होटल/रिज़ार्ट/गेस्ट हाउस आदि में कार्य करने वाले कर्मचारियों से भी उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की जाए। शिकायतों को गम्भीरता से लिया जाए।

धामी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि शनिवार सुबह अंकिता का पार्थिव शव बरामद कर लिया गया। इस हृदय विदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने हेतु पुलिस उपमहानिरीक्षक पी रेणुका देवी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर इस गंभीर मामले की गहराई से त्वरित जांच के भी आदेश दे दिए हैं। आरोपियों के गैर कानूनी रूप से बने रिजॉर्ट पर बुल्डोजर द्वारा करवाई भी कल देर रात की गई है। उन्होने कहा कि हमारा संकल्प है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अंकिता हत्याकांड के आरोपी की फ़ैक्टरी में भीड़ ने आग लगाई, MLA की कार तोड़ी

अलवर जिले में 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते BDO, MLA के बेटे सहित 4 अरेस्ट

अलवर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर और अलवर में विभिन्‍न जगहों पर एक साथ कार्यवाही करते हुए एक विकास अधिकारी (बीडीओ) सहित चार लोगों को पांच लाख रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी कि विशेष अनुसंधान इकाई जयपुर को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा पंस राजगढ़ क्षेत्र में टयूबवेल खुदाई के किए गए कार्यों के बकाया 14 लाख के बिलों के भुगतान करवाने में कमीशन के रूप में मध्यस्थ लोकेश मीणा एवं जयप्रताप सिंह द्वारा पंचायत समिति राजगढ़ में ब्लाक विकास अधिकारी नेतराम के नाम पर परिवादी से नौ लाख रुपए रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है।

जिस पर एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के सुपरवीजन में एसीबी विशेष अनुसंधान इकाई जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह शेखावत के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उप अधीक्षक पुलिस परमेश्वर लाल एवं एसीबी की विभिन्‍न टीम द्वारा जयपुर-अलवर में एक साथ ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी मध्यस्थ लोकेश मीणा के कहने पर जयपुर में मध्यस्थ के बडे भाई कृष्णकान्त मीणा को परिवादी से पांच लाख रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्रकरण में एसीबी की तीन अलग-अलग टीमों द्वारा आरोपी नेतराम ब्लाक विकास अधिकारी, पंस राजगढ जिला अलवर, मध्यस्थ लोकेश मीणा एवं जयप्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी जयप्रताप सिंह द्वारा परिवादी से रिश्वत के रूप में 20 हजार रुपए वसूल कर लिए गए थे।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। गिरफ्तार लोगों में लोकेश और कृष्ण थानागाजी विधायक कांति मीना के पुत्र हैं जबकि जय प्रताप राजगढ़ प्रधान का पुत्र है।