Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 578 -
होम ब्लॉग पेज 578

PFI के केरल बंद के दौरान 170 अरेस्ट, 368 हिरासत में और 157 केस दर्ज

तिरुवनंतपुरम। केरल पुलिस ने शुक्रवार को राज्य में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की ओर से बुलाए गए सुबह से शाम तक के बंद के दौरान विभिन्न हिंसक घटनाओं के संबंध में 170 लोगों को गिरफ्तार किया जबकि 368 एहतियातन हिरासत में लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर हिंसक घटनाओं में शामिल पीएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ करीब 157 मामले दर्ज किए गए हैं। पथराव की घटनाओं में केएसआरटीसी की 75 से अधिक बसें क्षतिग्रस्त हो गईं और 11 कर्मचारी घायल हो गए।

कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक कर्मचारी उस समय पेट्रोल बम फेंका गया जब वह बाइक पर सवार होकर अपने कार्यालय जा रहा था। उलियिल के निवेद नाक के व्यक्ति को मट्टनूर के तालुक अस्पताल में घायल अवस्था में भर्ती कराया गया।

हड़ताल समर्थकों ने मट्टनूर में केएसआरटीसी की एक बस पर पेट्रोल बम फेंका, इस घटना में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि 15 पीएफआई-एसडीपीआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, मट्टनूर के पास शिवपुरम में एक आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला हुआ। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कन्नापुरम पुलिस ने यहां से दो पेट्रोल बम जब्त किए और कल्यास्सेरी एनएच से एक पीएफआई कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया।

हड़ताल समर्थकों ने दो पुलिसकर्मियों पर हमला किया और उन पर मिट्टी का तेल डालने में कामयाब रहे। इन पुलिसकर्मियों की पहचान बिनॉय और सनीश के रूप में हुई है। उन पर तब हमला किया गया जब उन्होंने आंदोलनकारियों को कन्नूर में पप्पिनिसेरी के पास मनकदावु चालिल में सड़कों को अवरुद्ध करने से रोकने की कोशिश की। कोल्लम जिले के पल्लीमुक्कू में दो बाइक सवार पीएफआई समर्थकों ने दो अन्य पुलिसकर्मियों पर हमला किया।

रोहित शर्मा रंग में लौटे, भारत ने शृंखला 1-1 से बराबर की

नागपुर। भारत ने रोहित शर्मा (46 नाबाद) की विस्फोटक पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को वर्षाबाधित दूसरे टी20 मैच में शुक्रवार को छह विकेट से मात दी। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने आठ ओवर में 91 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे रोहित की टीम ने 7.2 ओवर में हासिल कर लिया।

जब लोकेश राहुल (10), विराट कोहली (10), सूर्यकुमार यादव (शून्य) और हार्दिक पांड्या (09) बड़ा योगदान देने में असफल रहे तब रोहित ने कदम आगे बढ़ाया और 20 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों के साथ 46 रन की कप्तानी पारी खेली।

भारत को आखिरी ओवर में नौ रन चाहिये थे और क्रीज पर नये-नये आये दिनेश कार्तिक ने एक छक्के के बाद एक चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की शृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली है।

रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के 90 रन के जवाब में भारत को विस्फोटक शुरुआत दिलायी और पहले ओवर में 20 रन जोड़े। राहुल के आउट होने से पहले दोनों के बीच 17 गेंदों पर 39 रन की साझेदारी हुई।

भारत चार ओवर में 51 रन बनाकर सहज था लेकिन ऐडम ज़ैम्पा ने पांचवें ओवर में विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को आउट करके मैच को रोमांचक बनाया।

ज़ैम्पा ने अपने दो ओवरों में 16 रन देकर तीन विकेट झटके, लेकिन उनका प्रयास बेकार रहा और भारत ने चार गेंदें रहते हुए यह मैच जीत लिया।

यह साल 2022 में भारत की 20वीं टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत है। भारत ने इसी के साथ एक साल में सर्वाधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय जीतने के पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, जिसने 2021 में 20 मुकाबलों में विजय हासिल की थी।

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया। ऐरन फिंच ने पारी की दूसरी ही गेंद पर विकेटकीपर के सर के ऊपर से चौका मारकर अपने मंसूबे साफ कर दिये।

दूसरे ओवर में कैमरन ग्रीन (पांच) और ग्लेन मैक्सवेल (शून्य) के आउट होने के बावजूद फिंच ने तेजी से रन बनाना जारी रखा। अक्षर पटेल ने अपने आखिरी ओवर में टिम डेविड को भी न्यून स्कोर पर आउट किया और 13 रन के बदले दो विकेट लेकर अपना दो ओवर का स्पेल समाप्त किया।

फिंच एकतरफा ऑस्ट्रेलिया की पारी को आगे बढ़ा रहे थे लेकिन चोट से उभर कर टीम में वापस आये जसप्रीत बुमराह ने उन्हें बोल्ड करके पवेलियन लौटाया। फिंच ने आउट होने से पहले 15 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का जड़कर 31 रन बनाए

इसके बाद मैथ्यू वेड और स्टीव स्मिथ ने पांचवें विकेट के लिए 18 गेंदों पर 44 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया को आठ ओवर में 90 रन के स्कोर तक पहुंचाया। स्मिथ आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गये लेकिन इससे पहले वेड के तीन छक्कों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इस ओवर में 19 रन जोड़ लिए। वेड ने 20 गेंदें खेलकर चार चौकों और तीन छक्कों के साथ ताबड़तोड़ 43 रन बनाए जबकि स्मिथ ने आठ रन बनाने के लिये पांच गेंदें खेलीं।

सबगुरु राशिफल : 24 सितम्बर शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा खास

सबगुरु न्यूज। अश्विन मास, कृष्ण पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 03.12 बजे बाद अमावस्या तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी भी आपको मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आएंगे और सजने संवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करे। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते हैं।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाए रखें। नई योजनायों का आरम्भ करके और नाम कमायेंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च के आसार हैं।

मीन :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है। सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

गांधी नगर : राष्ट्रीय सम्मेलन में जुटे देश भर के महापौर एवं उपमहापौर

0

अजमेर। गुजरात के गांधीनगर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन में देश के कोने-कोने से नगर निकाय के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर शहरी विकास और उससे संबंधित क्षेत्रों में अपने अनुभवों को साझा किया।

महापौर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गुजरात मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, नगरीय विकास मंत्री हरदीप सिंह पूरी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनविश ने भी शिरकत की। सभी अपने अनुभव साझा करते हुए नगरीय विकास को गति देने के लिए किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की।

राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ते शहरीकरण में नगर निगमों की ज़िम्मेदारी एवं नगरीय विकास में सुंदर एवं सुदृढ़ आधारभूत ढांचे पर गम्भीरता पूर्वक काम करने को लेकर मार्गदर्शन किया। सम्मेलन में नगरीय विकास के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की साथ ही विभिन्न विषयों का पॉवर पोईँट प्रेज़ेंटेशन भी हुआ।

इंदौर, सूरत, पणजी, रांची के महापौर ने स्वच्छता, स्मार्ट सिटी, राजस्व आय बढ़ाने एवं कचरा प्रबंधन पर उनके यहां किए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। राजस्थान के अजमेर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर के महापौर एवं उपमहापौर ने भी सम्मेलन में भाग लिया।

अजमेर की महापौर बृजलता हाड़ा एवं उपमहापौर नीरज जैन भी केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना, अमृत एवं हेरिटेज सिटी सहित विभिन्न योजनाओं में अजमेर की भागीदारी एवं इन कार्यों में आ रही समस्याओं, इन प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों एवं शहरी निकाय मंत्रालय को अवगत करवाया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्च्युअल तरीके से किया एवं समापन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल द्वारा किया गया।

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी 25 सितम्बर को धानक्या आएंगे

जयपुर। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 25 सितंबर 2022 को धानक्या रेलवे स्टेशन स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक पर शाम 4 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जयंती समारोह में आ रहे हैं।

समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहन लाल छीपा ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति के द्वारा 25 सितंबर को धानक्या रेलवे स्टेशन स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक पर शाम 4 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्यायजी की 106वीं जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है|

इस जयंती समारोह के मुख्य अतिथि माननीय केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, विशिष्ट अतिथि उद्योगपति एवं समाज सेवी विनय चोरडिया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री, उप-मुख्यमंत्री मणिपुर, अध्यक्ष भाजपा मणिपुर टी चाहोबा सिंह एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ रमेश अग्रवाल क्षेत्र संघचालक राजस्थान करेंगे। समारोह की इस व्याख्यानमाला का विषय पंडित दीनदयाल उपाध्याय :सेवा को समर्पित एक व्यक्तित्व होगा।

समिति के सचिव प्रतापभानु सिंह शेखावत ने बताया कि इस कार्यक्रम में राजस्थान में जैविक कृषि, ग्राम विकास व पर्यावरण के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य कर रहे समाज बंधुओं तथा जिन विद्यार्थियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर शोध उपाधि प्राप्त की हैं उनका सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में समिति द्वारा सम्पादित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक, धानक्या विषयक पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।

सह सचिव नीरज कुमावत ने बताया कि रविवार सुबह 9 बजे से हवन एवं सुन्दर कांड पाठ, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, कौशल विकास एवं स्वावलंबन हेतु प्रशिक्षण की जानकारी तथा गायों में फ़ैल रहे लम्पी रोग के विषय में उपयोगी जानकारियां प्रदान कि जाएगी।

लम्पी बीमारी संक्रमण पर नियंत्रण के लिए अहमदाबाद से मंगवाए 6 लाख टीके

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड गौवंश मे फैली लम्पी बीमारी संक्रमण पर नियंत्रण हेतु छह लाख टीके अहमदाबाद से मंगवा रही है।

अजमेर डेयरी सदर रामचंद्र चौधरी ने आज बताया कि आरसीडीएफ जयपुर से टीके खरीदने की स्वीकृति के बाद हैस्टर कंपनी अहमदाबाद को 94 लाख रुपए के छह लाख टीके खरीदने के आदेश दे दिए हैं और अजमेर डेयरी इसका भुगतान करेगी। उन्होंने बताया कि यह टीके उन्हीं पशुपालकों के पशुधन पर कारगर होंगे जहां संक्रमण नहीं है। जिन गायों में बीमारी नहीं आई है उनके टीकाकरण कर उन्हें संक्रमण से बचाया जा सकता है।

उन्होंने मांग की कि पहले भारत सरकार इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करें और मुआवजा जारी करें तो राज्य सरकार भी इसे राज्य आपदा घोषित कर सकेगी। उन्होंने केंद्रीय पशुपालन मंत्री संजीव बालियान की टिप्पणी पर उक्त टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजस्थान मे लम्पी बीमारी आगमन के समय केंद्र ने राजस्थान को गोट पोक्स टीके नहीं देकर हरियाणा, गुजरात, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश में टीके उपलब्ध कराए और राजस्थान को भेदभाव पूर्ण तरीके से एक माह बाद टीके दिए गए जिससे यहां संक्रमण फैला।

चौधरी ने बताया कि अजमेर डेयरी द्वारा अजमेर, सीकर, झुंझुनूं, पाली, जोधपुर, टोंक मे शुरू होने जा रही मिड डे मील योजना में दूध का पाउडर सप्लाई करने के लिए 450 मेट्रिक टन भिजवाया जाएगा जिसकी कीमत 18-20 करोड़ रुपए होगी। डेयरी मुख्यमंत्री दुग्ध संबल योजना के तहत जुलाई अगस्त माह के सात करोड़ रुपए का भुगतान नहीं मिलने के बावजूद अपने पोथे से भुगतान कर रही है। चौधरी ने बताया कि अजमेर डेयरी पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनना प्रारंभ हो गई है जो आने वाले तीन दिनों मे पूरी हो जाएगी।

मुस्लिम संगठनों ने पीएफआई मामले में धीरज रखने की अपील की

नई दिल्ली। मुस्लिम संगठनों ने विभिन्न जगहों पर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर मिली जुली प्रतिक्रिया देते हुए विशेष रूप से मुस्मिल युवाओं से धीरज रखने की अपील की है।

ऑल इंडिया तंजीम उलेमा ए इस्लाम के चेयरमैन मुफ्ती अशफाक हुसैन क़ादरी, कुल हिंद मरकजी इमाम काउंसिल के अध्यक्ष सय्यद मुहम्मद रजवी और मुस्लिम स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन डॉक्टर शुजात अली क़ादरी ने गुरूवार को एक बयान में कहा कि यदि यह कार्रवाई क़ानून का पालन और आतंकवाद की रोकथाम के लिए की जा रही है तो इस पर सभी को धैर्य से काम लेना चाहिए।

संगठनों ने कहा है कि गिरफ्तार किए गए लोगों पर हत्या, हिंसा और हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप हैं लेकिन इन्हें अदालत में साबित करना होगा। सभी संगठनों ने कहा है कि पिछले कई दिनों से लगातार पीएफ़आई की देश विरोधी गतिविधियों की ख़बरें आ रही हैं। देश के मुसलमानों के लिए यह विचारणीय बिन्दु है कि मूल रूप से सलफ़ी वहाबी विचारधारा के साथ युवाओं को ‘ब्रेनवॉश’ करने के पीएफ़आई के आरोपों पर ग़ौर करते हुए मुसलमानों को देश में स्थिरता और शांति के प्रयासों में मदद करनी चाहिए।

सभी संगठनों का कहना है कि पीएफ़आई और ऐसे सलफ़ी वहाबी संगठन देश की सूफ़ी बहुल जनसंख्या की मूल विचारधारा के विरुद्ध उन्हें बरगलाना चाहते हैं और यह स्थिति इस्लाम, देश और मानवता के हित में नहीं है। संगठनों ने भरोसा जताया कि उन्हें देश की न्यायिक व्यवस्था, क़ानून और संविधान में विश्वास है और किसी के साथ भी नाइंसाफी नही होगी।

गौर तलब बात है कि ऑल इंडिया तंजीम उलेमा ए इस्लाम और एमएसओ ने 2018 में तत्कालीन गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने की सबसे पहले मांग की थी।

NIA की PFI के ठिकानों पर देश भर में ताबड़तोड़ छापेमारी, 100 से अधिक सदस्य अरेस्ट

खालिस्तानी जनमतसंग्रह पर भारत ने कनाडा से क्षोभ जताया

0

नई दिल्ली। भारत ने कनाडा में खालिस्तान समर्थक तत्वों द्वारा जनमत संग्रह कराए जाने पर रोक नहीं लगाए जाने पर आज गहरी आपत्ति एवं क्षोभ व्यक्त किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यहां नियमित ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि यह कनाडा में कुछ कट्टरपंथी एवं चरमपंथी तत्वों द्वारा एक फर्जीवाड़ा मात्र है। यह मामला कनाडा की सरकार के समक्ष उठाया गया है।

कनाडा सरकार ने भी कहा है कि वह इस तथाकथित जनमत संग्रह को मान्यता नहीं देती है और भारत की एकता एवं अखंडता का समर्थन करती है। लेकिन एक मित्र देश में राजनीति प्रेरित इस प्रकार की गतिविधि की इजाजत देना घोर आपत्तिजनक है। भारत इस बारे में कनाडा सरकार के साथ बातचीत करती रहेगी।

तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में जम्मू कश्मीर का मुद्दा उठाये जाने के बारे में पूछने पर प्रवक्ता ने कहा कि यह एक अलग मुद्दा है, कश्मीर पर हमारे रुख से सब भली भांति परिचित हैं। जम्मू कश्मीर हमारा आंतरिक मामला है और हमने इसका विरोध व्यक्त किया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में अन्य देशों द्वारा कश्मीर का उल्लेख करने से कोई फर्क नहीं पड़ता।

ब्रिटेन में हिन्दू समुदाय पर हिंसक हमलों को लेकर पूछे गये सवालों के जवाब में प्रवक्ता ने कहा कि लंदन में भारतीय उच्चायोग ने इन हमलों की निंदा की है और इस मामले को ब्रिटिश सरकार एवं पुलिस के समक्ष उठाया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी ब्रिटिश विदेश मंत्री से इस बारे में बात की है।

सावित्री बाई फुले वाचनालयों में नियुक्त होंगे परामर्शदाता

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के सभी सावित्री बाई फुले वाचनालयों में प्रतियोगी साहित्य, कम्प्यूटर, प्रिंटर, टेबल, कुर्सी, डिस्पले रैक्स ग्लास विण्डो आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।

गहलोत ने साथ ही प्रत्येक सावित्री बाई फुले वाचनालय में एक परामर्शदाता की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस मंजूरी से प्रदेश में 33 वाचनालय परामर्शदाताओं के पदों का सृजन होगा।

मुख्यमंत्री ने वाचनालयों के लिए उक्त सामग्री खरीदने तथा परामर्शदाताओं के पारिश्रमिक के लिए कुल 2.33 करोड़ रूपए के अतिरिक्त बजट प्रावधान को स्वीकृति दी है। उल्लेखनीय है कि बजट 2022-23 में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को अच्छे माहौल में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक जिले में सावित्री बाई फुले वाचनालय स्थापित करने की घोषणा की थी।

चिरंजीवी परिवार की महिला मुखिया को अक्टूबर से होगा स्मार्ट मोबाइल का वितरण

जयपुर। राजस्थान के शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने आज विधानसभा में कहा कि राज्य में एक करोड़ 35 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखिया को स्मार्ट फोन वितरण का कार्य आगामी अक्टूबर से चरणबद्ध रूप से शुरू हो जाएगा।

डॉ. कल्ला प्रश्नकाल में विधायकों के पूरक प्रश्न का सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री की ओर से जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखिया को स्मार्ट फोन देने के उद्देश्य से मंगलवार को ही विधानसभा में 2300 करोड़ रूपए की अनुपूरक मांगों की स्वीकृति हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए पूर्व में 1200 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया था। अब 2300 करोड़ रूपए की स्वीकृति और मिल जाने के बाद कुल 3500 करोड़ रूपए का प्रावधान हो गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत तीन वर्ष में 12 हजार करोड़ रूपए व्यय किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत निविदाएं गत 16 मई को आमंत्रित की गई थीं। इसके बाद 17 अगस्त को तकनीकी निविदा तथा आठ सितम्बर को वित्तीय निविदा जारी की गई। उन्होंने कहा कि इन स्मार्ट फोन में इन्स्टॉल करने के लिए जनसूचना, ई- मित्र, ई- धरती तथा राजसंपर्क ऐप विकसित हो चुके हैं तथा अन्य एप्स भी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष के लिए इन स्मार्ट फोन का सारा व्यय राज्य सरकार वहन करेगी।

इससे पहले कल्ला ने मूल प्रश्न के जवाब में बताया कि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने एवं पात्र परिवार को घर बैठे सरकार की सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की दृष्टि से इस परियोजना के तहत 1.35 करोड चिरंजीवी परिवारों की महिला मुखियाओं को स्मार्ट-फोन मय तीन साल के डाटा के वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना की निविदा जारी की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित राशि 12 हजार करोड रूपए है। यह योजना तीन वर्ष की है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत मोबाईल ऐप्लिकेशन स्मार्ट फोन में इंस्टॉल की जाएगी। यह मोबाईल ऐप्लिकेशन विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए पृथक बजट प्रावधान किया गया है।

NIA की PFI के ठिकानों पर देश भर में ताबड़तोड़ छापेमारी, 100 से अधिक सदस्य अरेस्ट

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेन्सी एनआईए ने गुरूवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) संगठन के देश भर में करीब 100 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और उसके 100 से भी अधिक सदस्यों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया।

देश के सुरक्षा तंत्र से जुड़े उच्च पदस्थ तथा विश्सनीय सूत्रों ने बताया कि आगे की जांच के लिए इन सभी सदस्यों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि एनआईए, प्रवर्तन निदेशालय और राज्य पुलिस की संयुक्त टीमों ने करीब 15 राज्यों के करीब 100 ठिकानों पर छापेमारी की। ये छापे केरल, महाराष्ट्र, पुड्डूचेरि, आन्ध्र प्रदेश, असम,कर्नाटक, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल और मणिपुर आदि राज्यों में मारे गए। सबसे अधिक केरल में 39 तथा तमिलनाडु में 16 , कर्नाटक में 12 और आन्ध्र प्रदेश में सात जगहों पर छापेमारी की गई। राजधानी दिल्ली में भी दो जगहों पर छापे मारे गए।

केरल से सबसे अधिक 22 तथा कर्नाटक और महाराष्ट्र से 20-20 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। तमिलनाडु से 10 और राजधानी दिल्ली से 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पीएफआई तथा उसके सदस्यों पर आतंकवाद के लिए धन जुटाने, प्रशिक्षण शिविर चलाने तथा लोगों को बरगला कर उन्हें अपने साथ जोड़ने के आरोप हैं।