Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 579 -
होम ब्लॉग पेज 579

पुराने प्रारूप में लौटेगा आईपीएल 2023 सीज़न : सौरव गांगुली

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 2023 सीज़न अपने पुराने प्रारूप में खेला जाएगा, एक टीम लीग स्टेज के आधे मुकाबले घरेलू मैदान पर और बाकी मुकाबले विरोधी टीमों के मैदान पर होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने राज्य संघों को लिखे गए पत्र में यह खुलासा किया।

ईएसपीएन ने गुरुवार को गांगुली के संदेश के हवाले से कहा कि पुरुष आईपीएल का अगला सत्र ‘होम और अवे’ प्रारूप में खेला जाएगा। सभी 10 टीमें अपने घरेलू मैच निर्दिष्ट स्थानों पर खेलेंगी। कोरोना महामारी के कारण आईपीएल 2020 संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में दुबई, शारजाह और अबू धाबी सहित तीन मैदानों पर आयोजित किया गया था।

साल 2021 में टूर्नामेंट के आयोजन के लिए दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई और चेन्नई के स्टेडियम चुने गये थे, लेकिन बीच टूर्नामेंट में कुछ खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद आईपीएल 2021 के बचे हुए मुकाबले भी यूएई में खेले गए थे। गांगुली ने राज्य-संघों को लिखे गए पत्र में यह भी कहा है कि महिला आईपीएल (WIPL) अगले साल की शुरुआत में आयोजित किया जाएगा।

गांगुली ने 20 सितंबर को भेजे गए संदेश में कहा कि बीसीसीआई फिलहाल बहुप्रतीक्षित महिला आईपीएल पर काम कर रही है। हम पहले सत्र को अगले साल की शुरुआत में आयोजित करने पर विचार कर रहे हैं।

धोखाधड़ी का मुकदमा डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीदवारी में बन सकता है रोड़ा

न्यूयार्क। अमरीका में 2024 में होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीदवारों की अटकलों पर उनके और परिवार के खिलाफ दायर धोखाधड़ी का मुकदमा विराम लगा सकता है।

विधि विशेषज्ञों के अनुसार ट्रंप परिवार पर कानूनी संकट जटिल होता जा रहा है जो 2024 में होने वाले चुनाव में पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति की वापसी की उम्मीदों पर तुषारापात कर सकता है। गार्डियन में प्रकाशित विधि विशेषज्ञों की राय पर आधारित एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनके तीन व्यस्क बच्चों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दायर किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक योजना का हवाला देकर संग्रहकर्ताओं, उधारदाताओं और बीमाकर्ताओं से झूठ बोला और भ्रामक मूल्यांकनों के जरिये अपनी संपत्तियों के मूल्य को बढ़ा चढ़ा कर बताया।

न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स द्वारा दायर मुकदमे के सिलसिले में एफबीआई ने फ्लोरिडा में ट्रम्प के संवेदनशील सरकारी दस्तावेजों को रखने की जांच की। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार ट्रम्प ने बार-बार संकेत दे रहे हैं कि वह 2024 में फिर से व्हाइट हाउस में प्रवेश का इरादा रखते हैं मगर मुकदमे की कार्रवाई उनके मंसूबों पर पानी फेर सकती है।

तीन साल की जांच के बाद न्यूयार्क के अटार्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने आरोप लगाया कि ट्रम्प ने कर्ज हासिल करने,बीमा लाभ प्राप्त करने और कम करों का भुगतान करने के लिए फर्जी बयान दिए। मुकदमे में डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर, इवांका ट्रम्प और एरिक ट्रम्प को प्रतिवादी के रूप में नामित किया गया है।

भरतपुर : बदमाशों ने हथियारों की नोक पर पेट्रोल पंप से 30000 रुपए लूटे

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के नगर कस्बे में अलवर भरतपुर रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा हथियारों की नोक पर एक पेट्रोल पंप से 30 हजार रुपए लूट लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हथियारों से लैस तीनों बदमाशों ने जय भारत सर्विस स्टेशन के दो सेल्समैन वेद प्रकाश और फतेह सिंह को धमकाया और पेट्रोल पंप के ऑफिस में जम कर तोड़फोड़ करते हुए 2 हवाई फायर किए और फरार हो गए।

पेट्रोल पंप के मालिक नेम चंद ने बताया कि बदमाशों ने पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में आठ सौ रुपए का पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरवाने के बाद बदमाशों ने दोनों सेल्समैन से 30 हजार रुपए लूट लिए। जब सेल्समैन ने उन्हें रोकना चाह तो बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें डरा दिया।

बदमाश हवाई फायर करते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गए। वहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की, अलमारी के कागजातों को निकाल कर बाहर फेंक दिया। ऑफिस के शीशे तोड़ दिए और हवाई फायर करते हुए फरार हो गए।

गौरतलब है कि नगर कस्बे में पेट्रोल पंप लूट की 10 दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले 11 सितंबर को बदमाशों ने अग्रवाल सर्विस स्टेशन पर 52 हजार रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

हैदराबाद : टी20 टिकट बिक्री, जिमखाना मैदान में भगदड़ से 20 लोग घायल

हैदराबाद। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच उप्पल के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को होने वाले तीसरे टी20 मैच की टिकटों की बिक्री के दौरान गुरुवार को जिमखाना मैदान में भगदड़ हुई, जिसमें दो महिलाओं सहित कम से कम 20 प्रशंसक मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यहां बताया कि घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसियेशन (एचसीए) को टिकटों की बिक्री के लिए आठ से 10 काउंटर लगाने थे, लेकिन उन्होंने सिर्फ दो काउंटर खोले। पुलिस ने यह भी कहा कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) के कुप्रबंधन के कारण जिमखाना मैदान में भगदड़ की घटना हुई।

तेलंगाना के खेल मंत्री वी श्रीनिवास गौड़ ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि टी20 के लिए कालाबाजारी में टिकट बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने मैच की व्यवस्था को लेकर एसोसिएशन के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की। साथ ही उन्होंने टिकटों की बिक्री एवं स्टेडियम में दर्शकों के इंतजाम संंबंधी रिपोर्ट तलब की।

इससे पहले एचसीए ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि 22 सितंबर को जिमखाना ग्राउंड में टिकट ऑफलाइन खरीदारी के लिए पूर्वाह्न 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध होंगे। लोग आज सुबह से ही टिकट खरीदने के लिए कतार में लग गए हैं। पेटीएम ऐप के जरिए 15 सितंबर को ऑनलाइन टिकटों की बिक्री मिनटों में ही खत्म हो गई थी।

टाटा मोटर्स ने बाजार में उतारा पंच का कैमो एडिशन, कीमत 6.85 लाख

नई दिल्ली। देश के प्रमुख ऑटोमोटिव कंपनी टाटा मोटर्स ने गुरुवार को टाटा पंच के एक साल पूरे होने पर कैमो एडिशन पेश किया है। यह एडिशन एक आकर्षक कलर थीम और अनगिनत फीचर की पेशकश करता है।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि टाटा पंच कैमो की पेशकश 6.85 लाख रुपए के शुरुआती मूल्‍य पर की जाएगी (एक्‍स–शोरूम नई दिल्‍ली) और यह आज से ही टाटा मोटर्स की सभी अधिकृत डीलरशिप्‍स पर उपलब्‍ध होगी।

टाटा पंच कैमो एडिशन बाहर से बिलकुल नए और आकर्षक फोलियेज हरे रंग में आएगा और इसमें ड्यूअल-टोन रूफ कलर ऑप्‍शंस होंगे (पियानो ब्‍लैक और प्रिस्टिन व्‍हाइट)। इसके साथ ही पंच अब रंगों के नौ विकल्‍पों के तरोताजा मिश्रण में उपलब्‍ध होगी।

कैमो एडिशन के इंटीरियर्स में अनोखा मिलिट्री ग्रीन कलर होगा और सीट पर कवर डालने की व्यवस्था होगी। इस कार में कई फिचर्स हैं जैसे 6 स्‍पीकर वाले एंड्रॉयड ऑटो और एप्‍पल कारप्‍ले के साथ 7 इंच हरमन इंफोटेनमेंट सिस्‍टम, 16-इंच चारकोल डायमण्‍ड-कट अलॉय व्‍हील्‍स और एक रिवर्स पार्किंग कैमरा। कैमो एडिशन से जुड़ी दूसरी दिलचस्‍प चीजें हैं, एलईडी डीआरएल और टेल लैम्‍प्‍स, पुश स्‍टार्ट या स्‍टॉप बटन, क्रूज कंट्रोल और फ्रंट फॉग लैम्‍प्‍स।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्‍हीकल्‍स लिमिटेड के सेल्‍स, मार्केटिंग एवं कस्‍टमर सपोर्ट के उपाध्यक्ष राजन अम्‍बा ने कहा कि कैमो एडिसन संकलन टाटा पंच की बिक्री को और भी बढ़ाएगा और वृद्धि की गति को आगे लेकर जाएगा। पंच को उसके आकर्षक डिजाइन, बहुआयामी और रोचक प्रदर्शन, काफी जगह वाले इंटीरियर्स और पूरी सुरक्षा के कारण तारीफ मिली है।

उन्होंने कहा कि यह हमारे पोर्टफोलियो का एक महत्‍वपूर्ण हिस्‍सा है, जिसका हमारे यात्री वाहनों की कुल बिक्री में 24 प्रतिशत योगदान है। यह लगातार देश में सबसे ज्‍यादा बिकने वाली कारों में से एक रही है और कॉम्‍पैक्‍ट एसयूवी के बेहद प्रतिस्‍पर्द्धी सेगमेंट में बाजार में अभी इसकी हिस्‍सेदारी 15 प्रतिशत है।

ज्ञानवापी मामला : शिवलिंग/फव्वारे की कार्बन डेटिंग कराने की मांग

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ज्ञानवापी प्रकरण पर जिला न्यायालय में गुरुवार को सुनवाई के दौरान हिंदू पक्ष ने ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर मिले शिवलिंग एवं हिंदू प्रतीक चिन्हों सहित अन्य वस्तुओं की कार्बन डेटिंग कराए जाने की मांग की है। कार्बन डेटिंग तकनीकी से किसी वस्तु की प्राचीनता का निर्धारण किया जाता है।

जिला न्यायाधीश डा अजय कृष्ण विश्वेश ने इस मामले में सुनवाई की अगली तिथि 29 सितंबर तय की है। उल्लेखनीय है कि ज्ञानवापी परिसर में सर्वे के दौरान मस्जिद के अंदर बजूखाने में शिवलिंग/फव्वारा मिला था। हिंदू पक्ष इसे शिवलिंग बता रहा है, जबकि मुस्लिम पक्ष के अनुसार यह वजूखाने का फव्वारा है।

आज की सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष की ओर से अदालत से अनुरोध किया गया कि सुनवाई को 8 सप्ताह के लिए टाल दिया जाये। ताकि न्यायालय के पिछले फैसले के खिलाफ अपील दायर की जा सके। न्यायालय ने मुस्लिम पक्ष की इस दलील को खारिज कर दिया तथा सुनवाई की अगली तिथि 29 सितंबर तय कर दी।

गौरतलब है कि जिला न्यायालय ने गत 12 सितंबर को इस मामले की पोषणीयता पर प्रश्न चिन्ह लगाने वाली मुस्लिम पक्ष की अर्जी को खारिज करते हुए मुकदमे की सुनवाई जारी रखने का आदेश दिया था। मुस्लिम पक्ष ने सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 07 नियम 11 के तहत वाद की पोषणीयता का सवाल खड़ा किया था।

न्यायालय ने मुस्लिम पक्ष के दलील को खारिज करते हुए फैसले में कहा था कि यह वाद उपासना स्थल विशेष प्रावधान कानून 1991 से बाधित नहीं होता है। अतैव, इस पर सुनवाई जारी रहेगी। हिंदू पक्ष की ओर से पांच महिलाओं ने ज्ञानवापी परिसर में श्रृंगार गौरी तथा अन्य देवी देवताओं की नियमित पूजा अर्चना करने की मांग करते हुए यह वाद दाखिल किया था।

भरतपुर में मल्लखंभ की महिला खिलाड़ियों के साथ कथित शारीरिक उत्पीड़न

भरतपुर। पंजाब के एक गर्ल्स होस्टल में छात्राओं के शारीरिक उत्पीड़न की शर्मनाक घटना के बाद अब भरतपुर में भी मल्लखंभ की महिला खिलाड़ियों के कथित शारीरिक उत्पीड़न की शर्मनाक घटना सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भरतपुर में मल्लखंभ एकेडमी संभाल रहे मलखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रमेश इन्दोलिया के खिलाफ सात लड़कियों और एक युवक ने शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत दिल्ली मल्लखंभ फेडरेशन में की है।

गौरतलब है कि इन्दोलिया के खिलाफ मई, जून में शिकायतों का दौर शुरू हुआ था जिसके बाद मल्लखंभ की सात महिला खिलाड़ियों और एक युवा खिलाड़ी ने इन्दोलिया के खिलाफ शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत दी है।

बताया गया है कि 18 सितंबर को दिल्ली में मल्लखंभ फेडरेशन की एक बैठक में यह मुद्दा उठने के बाद इन्दोलिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन्दोलिया का कहना है कि उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है जिसमे भारतीय जनता पार्टी के एक नेता का भी हाथ है।

उन्होंने इस नेता के नाम का खुलासा नही किया है। इस शर्मनाक एवं सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद मल्लखंभ फेडरेशन ने सभी शिकायतों को लेकर एक कमेटी का गठन किया है।

राजू श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार, लोगों ने नम आंखों से दी विदायी

नई दिल्ली। सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का गुरूवार को यहां निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। श्रीवास्तव का बुधवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बीमारी के कारण निधन हो गया था।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि श्रीवास्तव के भाई ने उनको मुखाग्नि दी। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को प्रशंसकों के दर्शनार्थ रखा गया था। उनके दूसरे भाई तबीयत खराब होने के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।

हास्य कलाकार के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर उनके परिजनों तथा प्रशंसकों ने नम आंखों से अपने चहेते कलाकार को विदाई दी। निर्माता निर्देशक मधुर भंडारकर और कई हास्य कलाकारों तथा सिने कलाकारों ने श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजू श्रीवास्तव तबीयत खराब होने के बाद गत 10 अगस्त से यहां एम्स में भर्ती थे।

कोई भी कार्यकर्ता लड़ सकता है कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव : राहुल गांधी

कुरुकुट्टी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष एक विचारधारा तथा देश के भरोसे का प्रतिनिधित्व करता है और कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकता है।

गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के 15वें दिन 325 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद आज यहां संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता को कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने का अधिकार है। यह अच्छी बात है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में सबसे अच्छी बात यह है कि कोई भी उनसे सवाल कर सकता है कि अध्यक्ष के लिए कब चुनाव हो रहे हैं, कौन चुनाव लड़ रहा है लेकिन यही सवाल न समाजवादियों से, न बहुजन समाज पार्टी से, न भाजपा या आरएसएस से और न अन्य कई दलों से पूछा जा सकता है। भाजपा से यह सवाल नहीं पूछ सकते हैं, यह सवाल सिर्फ कांग्रेस से ही पूछा जा सकता है क्योंकि देश में कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो इस तरह से खुले माहौल में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष बनना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर होता है, यह पद देश की समग्र भावनाओं को परिभाषित करता है, यह एक विषिष्ट वैचारिक धारा का पद है, यह पद विश्वास की व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेरी सलाह है कि जो कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं वह विश्वास का प्रतिनिधित्व करे, एक व्यवस्था का प्रतिनिधित्व करें और देश के भरोसे का प्रतिनिधित्व करें।

सवाई माधोपुर : 12 लाख रुपए से भरा ATM उखाड़ ले गए बदमाश

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर में चौथ का बरवाड़ा के सारसोप गांव में अज्ञात बदमाशों द्वारा एटीएम को उखाड़ कर ले जाने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवाड़ मार्ग पर कल देर रात 12 लाख 10 हजार रुपए से भरे एसबीआई के एक एटीएम को बदमाशों द्वारा उखा कर ले जाने की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।

इस वारदात में एटीएम में घुसे करीब चार पांच बदमाश पहले एटीएम को कटर से काटते फिर रस्सी से बांध खींचकर ले जाते नजर आ रहे है। एटीएम को काटकर ले जाने की इस सनसनीखेज वारदात की स्थानीय स्तर पर किसी को भी जानकारी नहीं हुई लेकिन बैंक के नोएडा स्थित हेड ऑफिस से इस वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस को इत्तिला की गई। एटीएम में दिन में गार्ड रहता है लेकिन रात में कोई गार्ड नहीं था।

थाना प्रभारी टीनू सोगरवाल ने बताया कि एटीएम को काटकर ले जाने की सूचना पर मौका ए वारदात पर आते समय रास्ते में एक संदिग्ध बोलेरो दिखी थी उसका पीछा भी किया गया पर वह पकड़ में नहीं आई। सवाई माधोपुर से एसएफएल टीम को बुलाया गया है। जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। उस हिसाब से लुटेरे किसी प्रोफेशनल गैंग के सदस्य लग रहे हैं।

बैंक मैनेजर राम रेस मीणा ने बताया कि एटीएम पांच दिन से खराब था। बुधवार दोपहर ही टेक्निकल टीम ने एटीएम को सही किया था उसमें 12 लाख 10 हजार रुपए थे। गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही भरतपुर के मेवात क्षेत्र से इसी तरह से एक एटीएम को उखाड़कर ले जाए जाने की वारदात को हरियाणा के बदमाश अंजाम दे चुके हैं।