Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 583 -
होम ब्लॉग पेज 583

आजमगढ़ : संगीतज्ञ राजेश मिश्रा के बेटे की सरेआम गोली मारकर हत्या

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार को देर शाम मशहूर संगीतज्ञ राजेश मिश्रा के गांव में कुछ दबंगों ने उनके बेटे की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस गोलीबारी में एक अन्य युवक घायल हुआ है।

आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि हरिहरपुर गांव में राजेश मिश्रा के 20 वर्षीय पुत्र आदर्श मिश्रा की घर के पास ही दो स्थानीय युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों युवक फरार हो गए।

गंभीर हालत में आदर्श को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस गोलीकांड मेें एक अन्य युवक घायल हो गया। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर ही चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के अलावा भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

आर्य ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लेकर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं। गिरफ्तारी के बाद इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया जाए तो एक साल में 15 देश हिंदू राष्ट्र घोषित हो जाएंगे : शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती

0

जयपुर। पुरी के श्रीगोवर्धनमठ शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि दुनिया के 50 से ज्यादा देशों में हिंदू रहते हैं। अगर भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया जाए तो एक साल में मॉरिशस सहित 15 देश हिंदू राष्ट्र घोषित हो जाएंगे। मुस्लिम, ईसाई और दूसरे सभी धर्मों के लोगों के पूर्वज भी हिंदू ही थे।

पुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती मंगलवार को जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में सर्व समाज हिंदू महासभा की ओर से आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल, कंप्यूटर और रॉकेट के युग में भी सनातन धर्म सबसे जरूरी है। क्योंकि सिर्फ सनातन ही है, जो सदा के लिए है।

शंकराचार्य ने कहा कि नेता सिर्फ चुनावी वादे करते हैं। चुनाव में कुछ नेता अब ऐसे भी कहेंगे कि आप तो बस मुझे वोट दें और आराम करें। आपके लिए खाना बनाने के लिए भी हमारा आदमी आएगा। यह सिर्फ चुनावी वादे होते हैं। हकीकत में ऐसा संभव नहीं है। इसलिए हमारे आसपास की सभी समस्याओं को हमें मिलकर ही हल करना होगा।

धर्मसभा में कनक बिहारी मंदिर के महंत सियाराम ने कहा कि हिंदू अलग-अलग जातियों में बंट गया है। जो हमारी सबसे बड़ी गलती है। हमें एक होना होगा। अगर अब हम एक नहीं हुए तो पिटेंगे। अगर हम एक हो जाएंगे तो पीटेंगे।

जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती पुरी के श्रीगोवर्धनमठ के 145वें शंकराचार्य हैं। मठ के 144वें शंकराचार्य जगतगुरु स्वामी निरंजनदेव तीर्थ महाराज ने स्वामी निश्चलानंद सरस्वती को अपना उत्तराधिकारी मानकर 9 फरवरी 1992 को गोवर्धनमठ पुरी के 145 वें शंकराचार्य पद पर आसीन किया था।

कहा जाता है कि वो भारत के एक ऐसे संत हैं, जिनसे संयुक्त राष्ट्र संघ ने अगस्त 2000 को न्यूयार्क में आयोजित विश्व शांति शिखर सम्मेलन और विश्व बैंक ने वर्ल्ड फेथ्स डेवलपमेंट डायलॉग- 2000 के वाशिंगटन सम्मेलन के अवसर पर लिखित मार्गदर्शन लिया था।

हीरो, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम तैयार करेंगी ईवी चार्जिंग ढांचा

नई दिल्ली। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग का बुनियादी ढांचा स्‍थापित करने के लिये दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी हीरो मोटोकॉर्प और पेट्रोलियम क्षेत्र की महारत्न कंपनी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने साझेदारी की।

दोनों कंपनियों ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि इस पहल के तहत में दोपहिया दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग का बुनियादी ढांचा स्‍थापित करेंगी। इस प्रकार जन-साधारण के यातायात को इलेक्ट्रिफाइड भविष्‍य की ओर बढ़ने के लिएये प्रोत्‍साहन मिलेगा।

पहले चरण में, चार्जिंग स्‍टेशनों की स्‍थापना चुनिंदा शहरों में होगी और फिर दूसरे महत्‍वपूर्ण बाजारों में विस्‍तार किया जाएगा। इसका लक्ष्‍य देशभर में ईवी चार्जिंग स्‍टेशनों के नेटवर्क की सघनता को बढ़ाना है।

बयान में कहा गया है कि चार्जिंग नेटवर्क के लिए बुनियादी ढांचे के विकास का नेतृत्‍व हीरो मोटोकॉर्प करेगी। हर चार्जिंग स्‍टेशन में डीसी और एसी चार्जर्स समेत कई स्‍मार्ट और तेज चार्जर्स टू व्‍हीलर ईवी के लिए उपलब्‍ध होंगे। चार्जिंग के लिए ये यूजर के पूरे अनुभव को हीरो मोटोकॉर्प मोबाइल-ऐप से नियंत्रित किया जाएगा और यह नगद-रहित लेन-देन पर आधारित होगा।

हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन एवं सीईओ डॉ. पवन मुंजाल ने कहा कि हम देश में ईवी का एक मजबूत परितंत्र निर्मित करने के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। हमारा मानना है कि ईवी को आसानी और तेजी से अपनाया जाना तभी संभव होगा, जब ग्राहकों की सहयोगी बुनियादी ढांचे तक आसान और सुविधाजनक पहुंच होगी, खासकर जैसे सार्वजनिक चार्जिंग और एचपीसीएल के साथ हमारा सहयोग इस जरूरत को लंबे समय तक पूरा करेगा।

एचपीसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पुष्प कुमार जोशी ने कहा कि यह भागीदारी देश में इलेक्ट्रिक चार्जिंग का बुनियादी ढांचा निर्मित करेगी और शुरू से लेकर अंत तक ईवी चार्जिंग समाधान देगी। यह काफी महत्‍वपूर्ण है क्योंकि देश में बिकने वाले 60 प्रतिशत से ज्‍यादा ईवी दो-पहिया हैं और उनके लिए चार्जिंग का एक मजबूत परितंत्र इस समय की जरूरत है, ताकि ई2व्‍हीलर्स के मालिकों को रेंज की चिंता न रहे।

डा मोहम्मद इकबाल भारती पर हमला एवं लूट के तीन आरोपी अरेस्ट

जयपुर/भरतपुर। राजस्थान में जयपुर के डा मोहम्मद इकबाल भारती पर हमला और लूट के मामले में फरार हुए एक महिला और दो आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। जयपुर पुलिस आरोपियों को अपने साथ जयपुर ले गई है। बताया गया कि जयपुर से फरार इन आरोपियों के बारे में जयपुर पुलिस ने भरतपुर की पुलिस को उनके फोटो भेज कर पहले ही सतर्क कर रखा था।

बताया गया है कि आरोपी महिला वोल्वो बस से तथा बाकी दो आरोपी टैक्सी से नेपाल भागने की फिराक में थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर पुलिस की तरफ से प्राप्त सन्देश के बाद सेवर थाना पुलिस की आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 के लुधावई टोल पर नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस को थाने पर लाकर सभी सबारियो की बारीकी से छानबीन की गई।

इस दौरान बस में सबार आरोपी महिला अनु बस में बैठी हुई मिली जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया गया कि अनु के दो साथी जिन्होंने वारदात को अंजाम दिया था वे जयपुर से किराए पर टैक्सी लेकर निकले थे। दोनों का टैक्सी वाले से पैसे के लेन-देन को लेकर झगड़ा हो गया। टैक्सी ड्राइवर रास्ते में थाना तलाश रहा था जिससे वह थाने ले जाकर दोनों की शिकायत कर सके।

टैक्सी ड्राइवर ने सेवर पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया। पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश शुरू की और रात करीब 3 बजे आरोपियों को पकड़ लिया।

महिला का अर्द्धनग्न सड़ा गला सिर विहीन शव बरामद

भरतपुर में सेवर थाना क्षेत्र के झारोली गांव के जंगलों में खेत में बने गड्ढे में एक महिला का अर्द्धनग्न हालत में सड़ा गला सिर बिहीन कंकालनुमा शव पड़ा मिलने के बाद सनसनी फैल गई।

पुलिस ने इस कंकालनुमा शव की शिनाख्त सुलेखा 25 के रूप में की है। थानाधिकारी अरुण कुमार के अनुसार दो बच्चो की मां सुलेखा के 9 सितंबर को अपने घर से लापता होने के बारे में उसके पति ब्रजेश ने थाने पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था लेकिन उसका कोई सुराग नही लगा।

बताया गया कि मंगलवार को सेवर थाना पुलिस को झारोली गांव के ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव के जंगलों में एक खेत में बने गड्ढे में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को गड्ढे से बाहर निकाल कर आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।

महिला के शव का सिर नहीं था और शव अर्द्धनग्न हालत में था। थानाधिकारी के अनुसार जिस गड्ढे में सुलेखा का शव मिला उसकी गहराई करीब 5 फीट है और इस गड्ढे में कुछ समय पूर्व धौर गाव के एक ब्राह्मण परिवार के युवक का शव भी मिल चुका है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया।

जयपुर : भाजपा ने लम्पी स्किन डिजीज को लेकर किया जंगी प्रदर्शन

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में लम्पी स्किन डिजीज से हो रही गायों की मौत, गोवंश की स्वास्थ्य सुरक्षा, वैक्सीनेशन, दवाई एवं इलाज एवं किसान कर्जमाफी की मांग जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के नेतृत्व आज यहां जंगी प्रदर्शन किया गया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय से लेकर विधानसभा की ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशाल संख्या में कूच किया, जहां बाइस गोदाम सर्किल से पहले पुलिस ने उन्हें रोक दिया, इस दौरान पुलिस से तीखी झड़प में काफी कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई।

प्रदर्शकारियों को संबोधित करते हुए डा पूनियां ने कहा कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार गायों के प्रति संवेदनहीन है, लम्पी के उपचार के लिए इन्होंने ना तो कोई एक्शन प्लान बनाया है, ना कोई टास्क फोर्स का गठन किया है।

उन्होंने कहा कि इलाज, वैक्सीनेशन और दवाइयों की राज्य सरकार के स्तर पर कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे गायें तड़प-तड़प कर मर रही हैं। डॉ. पूनियां ने कहा कि, लम्पी संक्रमण से गायों को बचाने का मुददा हम विपक्ष के नाते सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर तरीके से उठा रहे हैं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में भाजपा के हम सभी विधायक मुखरता के साथ लम्पी का मुददा उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मांग है कि लम्पी बीमारी से जिन पशुपालकों के गौवंश की मौत हुई है, प्रत्येक पशुपालक को 50 हजार रूपए का मुआवजा दिया जाए, जनहित के इन मुद्दों को लेकर जयपुर में आंदोलन का आगाज हुआ है, आगामी दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन होंगे।

प्रदर्शन में राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश मंत्री अशोक सैनी, श्रवण सिंह बगड़ी, विजेन्द्र पूनियां, महेन्द्र जाटव, महेन्द्र यादव, विधायक एवं पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी सहित अन्य पदाधिकारी, सांसद, विधायक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अलवर में पटवारी भूपेन्द्रसिंह 8000 रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों अरेस्ट

अलवर। राजस्थान के अलवर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज मुण्डावर तहसील के बल्लुवास के पटवारी भूपेन्द्रसिंह को परिवादी से आठ हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि केसीसी के नो-ड्यूज को आनलाईन इन्द्राज कर राजस्व रिकार्ड में भूमि को बैंक से रहन मुक्त करने की एवज में भूपेन्द्र सिंह पटवारी पटवार हल्का बल्‍लूवास आठ हजार रूपए की रिश्वत राशि मांगकर परेशान किया जा रहा है।

शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद ब्यूरो टीम ने आज ट्रेप कार्यवाही करते हुए भूपेन्द्र सिंह अहीर निवासी गांव जोड़िया, तहसील एवं थाना कोटकासिम, जिला अलवर हाल पटवारी पटवार हल्का बल्‍लूवास आठ हजार रूपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपी के निवास, अन्य ठिकानों की तलाशी एवं पूछताछ जारी है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने की नए नियमों की घोषणा

0

दुबई। वैश्विक क्रिकेट की नियामक संस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को खेल के नियमों में बदलाव करने की घोषणा की।

आईसीसी ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा कि सौरव गांगुली के नेतृत्व वाली पुरुष क्रिकेट समिति ने महिला क्रिकेट समिति की सहमति के साथ एमसीसी की क्रिकेट नियमों की 2017 संहिता (तीसरा संस्करण) में बदलावों की सिफारिश की थी, जिसे मुख्य कार्यकारी समिति (सीईसी) ने मंजूरी दी।

नए नियम एक अक्टूबर 2022 से लागू होंगे और 16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में भी प्रयोग में लिए जाएंगे। नए नियमों के अनुसार जब कोई बल्लेबाज कैच आउट होगा तो नया बल्लेबाज ही स्ट्राइक लेगा, भले ही पिछले दोनों बल्लेबाज विपक्षी टीम के खिलाड़ी के कैच लेने से पहले रन लेते समय एक दूसरे को पार कर गए हों। यह नियम मार्च 2022 में दुनिया के सामने आ गया था और एक अक्टूबर से आधिकारिक रूप से अमल में लिया जाएगा।

आईसीसी ने जून 2020 में लार पर लगाए गए प्रतिबंध को भी स्थायी कर दिया है। कोरोना महामारी के कारण क्रिकेट को बायो-बबल के भीतर कर दिया गया था और गेंद को चमकाने के लिए लार के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया था। आईसीसी ने दो साल की अवधि के बाद फैसला किया है कि लार के उपयोग पर प्रतिबंध को स्थायी बना दिया जाएगा, जब​​​​कि बायो-बबल अब अनिवार्य नहीं हैं।

आईसीसी ने क्रीज से बाहर निकले नॉन-स्ट्राइकर बल्लेबाज को रनआउट करने को ‘अनुचित खेल’ से हटाकर ‘रनआउट’ श्रेणी में स्थानांतरित कर दिया है। आउट करने की इस पद्धति को अब मांकडिंग की जगह नियमित रनआउट माना जाएगा।

आईसीसी ने नए बल्लेबाज को क्रीज पर आने के लिए मिलने वाले समय को भी कम किया है। पहले एकदिवसीय और टेस्ट मैच में एक बल्लेबाज के पास विकेट गिरने पर क्रीज पर आने और स्ट्राइक लेने के लिए तीन मिनट का समय होता था। नए नियमों के अनुसार दोनों प्रारूपों में बल्लेबाज को विकेट गिरने के दो मिनट के भीतर स्ट्राइक लेनी होगी। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह समय पूर्व की तरह 90 सेकंड ही रहेगा।

समिति की सिफारिशों के आधार पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में धीमी ओवर गति के लिए पेश की गयी इन-मैच पेनल्टी को एकदिवसीय मैचों मेंं भी लागू करने का फैसला किया गया है।

जनवरी 2022 में लागू किए गए नियम के अनुसार एक फील्डिंग टीम पारी के अंत के लिए निर्धारित या पुनर्निर्धारित समय तक अंतिम ओवर की पहली गेंद फेंकने की स्थिति में होनी चाहिए। यदि वे ऐसी स्थिति में नहीं है तो शेष पारी के लिए 30 गज के दायरे के बाहर एक कम फील्डर को अनुमति दी जाएगी। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग 2023 के पूरा होने के बाद अब यह नियम एकदिवसीय क्रिकेट में भी अपनाया जाएगा।

नये नियमों के तहत जब गेंदबाज गेंदबाजी करने के लिए दौड़ रहा हो तो मैदान पर कोई भी अनुचित या जानबूझकर किए गए बदलाव फील्डिंग टीम पर पांच रन का दंड लगवा सकते हैं और बॉल को डेड भी घोषित किया जा सकता है। साथ ही, यदि कोई बल्लेबाज गेंद खेलने के लिए पिच की सीमा से बाहर निकलता है, तो उसे नो-बॉल माना जाएगा।

गांगुली ने सिफारिशों के बारे में कहा कि आईसीसी क्रिकेट समिति की मेरी पहली बैठक की अध्यक्षता करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। मैं समिति के सदस्यों के योगदान से प्रसन्न था जिसके परिणामस्वरूप महत्वपूर्ण सिफारिशें की गईं। मैं सभी सदस्यों को उनके बहुमूल्य सहयोग और सुझावों के लिए धन्यवाद देता हूं।

अरविंद केजरीवाल जनता के बीच जाने लायक नहीं बचेंगे : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कट्टर बेईमान करार देते उन पर आज आरोप लगाया कि उनके भ्रष्टाचार के एक के बाद एक, प्रमाण सहित खुलासे हो रहे हैं, उससे केजरीवाल जनता के बीच जाने लायक नहीं बचेंगे।

भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा ने दिल्ली में केजरीवाल के भ्रष्टाचार को उजागर करना शुरू कर दिया है और उन्हें जनता के सवालों से बचने का मौका नहीं देंगे।

उन्होंने कहा कि एक स्टिंग ऑपरेशन से स्पष्ट हो चुका है कि अरविंद केजरीवाल किस तरह से वसूली करते हैं। काला धन किस तरह अर्जित करते हैं और किस तरह जनता को लूटा जाता है। इंडो स्प्रिट कंपनी के केस को सब जानते हैं। उन्होंने एल7 ज़ोन 9 के ठेकेदार करमजीत सिंह लांबा के साथ केजरीवाल की कई तस्वीरों को साझा करते हुए कहा कि ये दोनों दो जिस्म एक जान हैं। आबकारी नीति में बढ़े कमीशन से काला धन केजरीवाल की तिजोरी में जा रहा है।

भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जब कोई बयान देते हैं तो उसमें कोई तथ्य और प्रमाण नहीं होते। लेकिन भारतीय जनता पार्टी जब कोई बात रखती है तो प्रमाण के साथ रखती है। इसलिए केजरीवाल एक भी प्रश्न का जवाब नहीं देते। उन्होंने पूछा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ये बताएं कि करीबियों को भ्रष्टाचार की रेवड़ियां क्यों बांट रहे थे? जिसको आप सर्टिफिकेट देते हैं कि कट्टर ईमानदार है, वो व्यक्ति जेल के सलाखों के पीछे है, क्यों?

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट करणजीत सिंह लांबा को सारे नियमों की अनदेखी करके शराब का ठेका दे दिया। कोई पारदर्शिता नहीं। इनका केवल एक ही मकसद है बेईमानी। इसीलिए केजरीवाल की अब कलई खुल गई है और वह खुद को स्वप्रमाणन की प्रिंटिंग प्रेस बताते थे लेकिन अब वह कट्टर बेईमान साबित हुए हैं। उनके एक साथी सत्येन्द्र जैन 105 दिनों से जेल में हैं। एक दिन केजरीवाल को माफी मांगनी होगी।

दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि अभी जो खुलासा है उससे स्पष्ट हो चुका है कि वो शराब नीति क्यों बनाई गई? क्योंकि जो कमीशन बढ़ाया गया था उसका आधा हिस्सा केजरीवाल को मिला है। इसी से वह चुनाव लड़ रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल चुनाव में जाते हैं चार्टर प्लेन से और नीचे उतकर बैठ जाते हैं ऑटो में और जनता को दिखाते हैं कि वह ऑटो में सफर करते हैं। ये सिर्फ दिखाना, नौटंकी है। उन्होंने कहा कि आप ने ठाना है, ईमानदारी बहाना है, जनता को दिखाना है, लेकिन दिल्ली का खज़ाना ही असली निशाना है।

जींद में मासूम पुत्रियों को अश्लील फिल्म दिखा रेप की कोशिश

जींद। हरियाणा के जगाधरी में एक व्यक्ति ने अपनी मासूम पुत्रियों को मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्म दिखा कर दुष्कर्म करने की कोशिश की और पत्नी ने जब विरोध किया तो आरोपी के मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है।

इस कुकृत्य का जब आरोपी की पत्नी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। सदर थाना सफीदों पुलिस ने मासूम बालिकाओं की मां की शिकायत पर उनके पिता के खिलाफ मारपीट करने, दुष्कर्म की कोशिश करने, अश्लील हरकत करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर जगाधरी थाना को भेज दी है।

सदर थाना सफीदों इलाका गांव की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी लगभग 11 साल पहले जगाधरी निवासी दिनेश के साथ हुई थी जिससे उसे तीन लड़कियां हुई। इसमें बड़ी 10 वर्ष, उससे छोटी छह वर्ष तथा सबसे छोटी बेटी पांच वर्ष की है।

महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति दिनेश 10 वर्षीय तथा 6 वर्षीय बेटियों को मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्म दिखाता और कई बार दुष्कर्म की कोशिश भी कर चुका है। वह जब भी विरोध करती है तो उसके साथ मारपीट करता है। लोकलाज के भय से उसने उसके पति की हरकतों के बारे में किसी को नहीं बताया।

उसने कहा कि गत 12 सितंबर को आरोपी ने पुत्रियों के साथ दुष्कर्म की कोशिश की तो उसने विरोध जताया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह अपनी बेटियों को लेकर अपने मायके सफीदों के गांव में आ गई और पति की करतूतों के बारे में मायका पक्ष को अवगत करवाया।

सदर थाना सफीदों पुलिस ने महिला की शिकायत पर दिनेश के खिलाफ मारपीट करने, दुष्कर्म की कोशिश करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर जगाधरी थाना को भेज दी है।

सदर थाना सफीदों की जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि महिला ने पति पर उनकी बेटियों के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। घटनास्थल जगाधरी थाना होने के कारण जीरो एफआईआर कर वहां भेज दी गई है।

चोरी की सफाई मशीन के बाद अब जौहर यूनिवर्सिटी में हजारों किताबें बरामद

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में वरिष्ठ सपा नेता आजम खान की पहल पर स्थापित जौहर विश्वविद्यालय में नगर निगम से चोरी हुई सफाई मशीन बरामद होने के अगले दिन मंगलवार को हजारों किताबें बरामद हुई हैं। ये किताबें ओरिएंटल कॉलेज से कुछ साल पहले चोरी हुई थीं।

रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक डा संसार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद हुई किताबों की गिनती चल रही है। पूर्ववर्ती सपा सरकार के कद्दावर पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की पहल पर स्थापित जौहर विश्वविद्यालय में चोरी के सामान की धरपकड़ के अभियान में पुलिस को दूसरे दिन बड़ी कामयाबी मिली है। विश्वविद्यालय परिसर में जमींदोज की गयी ऑटोमैटिक स्विपिंग मशीन मिलने के बाद अब हजारों गायब किताबें पुस्तकालय से बरामद होना चौंकाने वाला है।

पुलिस ने दो दिन पहले गिरफ्तार किए गए अनवार और सालिम की निशानदेही पर ये किताबें बरामद की हैं। अनवार और सालिम, आजम खान के करीबी बताए जाते हैं। ये दोनों आजम के विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम के करीबी दोस्त भी हैं। अनवार और सालिम की निशानदेही पर ही पुलिस ने कल ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीन बरामद की थी। मशीन कैंपस में गड्ढा खोदकर दबाई गई थी। यह मशीन नगर पालिका परिषद की बताई जा रही है।

पुलिस की पड़ताल के क्रम में ओरिएंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी थी कि इन दोनों से अगर उनके कॉलेज से चोरी हुई किताबों के बारे में पूछा जाए तो किताबें मिल सकती हैं। पुलिस ने जब अनवार और सालिम से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय के म्यूजियम की लिफ्ट के नीचे किताबें दबी हैं।

पुलिस ने इनकी निशानदेही पर लिफ्ट के नीचे से दबी हुई हजारों की संख्या में किताबों को बरामद कर लिया। ओरिएंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने पुलिस को बताया था कि वर्ष 2016 में 10633 किताबें कॉलेज से गायब हैं। इनमें से करीब ढाई हजार किताबें पहले जौहर यूनिवर्सिटी से बरामद हो चुकी हैं।