Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 585 -
होम ब्लॉग पेज 585

श्रीगंगानगर में 11 साल के बच्चे से कुकर्म करने के आरोपी बुजुर्ग को 10 वर्ष कैद

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) मामलों की विशेष अदालत ने 11 वर्षीय बालक से कुकर्म करने के मामले में बुजुर्ग को आज 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा एवं 25 हजार का अर्थदंड लगाया।

विशिष्ट लोक अभियोजक नवप्रीतकौर संधू ने बताया कि हिंदूमलकोट थाना में घटना का मुकदमा 24 नवंबर 2017 को 11 वर्षीय पीड़ित बालक के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर नारायण राम उर्फ रामनारायण निवासी चक 5-डब्ल्यू, थाना केसरीसिंहपुर के खिलाफ दर्ज किया गया था।

बीकानेर जिले में श्री डूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी यह बालक अपने परिवार के साथ हिंदुमलकोट क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदार का निधन हो जाने पर रखे गए पाठ भोग के अवसर पर आया था।

इस दौरान 23-24 नवंबर की रात को जब वह घर में सो रहा था, तभी नारायण राम उर्फ राम नारायण(75) ने उसे दबोच लिया। मुंह दबाकर जबरदस्ती उसके साथ अप्राकृतिक कुकर्म किया।

अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से 13 गवाह और 28 दस्तावेज साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। न्यायाधीश ने आज निर्णय देते हुए नारायण राम को पोक्सो एक्ट में दोषी करार देते हुए 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई और 25 हजार का अर्थदंड लगाया।

किरोड़ी लाल मीणा का फिर सरिस्का बचाओं आंदोलन का ऐलान

अलवर। राजस्थान से राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने तेरह साल बाद फिर सरिस्का बचाओ आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।

मीणा ने पत्रकार वार्ता में आज कहा कि सरिस्का अलवर की सबसे बड़ी पहचान है जब वह दौसा से लोकसभा सदस्य थे तब सरिस्का में काफी गड़बड़ झाले थे। अलवर जिले का थानागाजी दौसा संसदीय क्षेत्र में आता है। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त 2009 को सरिस्का बचाओ आंदोलन शुरू किया गया था। फिर 13 साल बाद वही नौबत आ गई है।

उन्होंने कहा कि 20 सितंबर को थानागाजी में सुबह 10 बजे सभा होगी जिसमें उम्मीद जताई कि 15 हजार लोग शामिल होंगे। उसके बाद 11 बजे सरिस्का के लिए अपने समर्थकों के साथ पैदल कूच करेंगे जो सरिस्का गेट से पांडुपोल रास्ते पर पहुंचेगी और उन्होंने बताया कि यह प्रतीकात्मक है जिसमें सरकार का ध्यानाकर्षण किया जाएगा और यह पैदल कूच पूरी गांधीवादी तरीके से होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सेंचुरी क्षेत्र में सरिस्का के अधिकारियों ने और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अवैध कब्जे किए हुए हैं, होटलें बनाई हुई हैं और सरिस्का का स्वरूप पूरी तरीके से बिगाड़ दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ होटल अवैध रूप से बन रही हैं। कुछ निर्माणाधीन है और अफसरों का ही अतिक्रमण करवाया हुआ है। अवैध फार्म हाउस बन गए हैं। उच्चत्तम न्यायालय की रोक के बावजूद भी वन भूमि की रजिस्ट्री की जा रही है और यहां तक कि अवैध खनन भी किया जा रहा है।

मीणा ने कहा कि कुछ माह पहले यह बात सामने आई कि टाइगर की मूछों के बाल निकाल लिए गए। सांभर के सींगो के झूले लगाए गए। यह वाइल्डलाइफ एक्ट का खुला उल्लंघन है।उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2009-10 में वन्यजीवो से पशु हानि पर सरिस्का प्रशासन द्वारा राशि दी जाती थी जो पर्याप्त नहीं है क्योंकि पशु महंगे हो गए हैं और किसानों को इसका नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि गांव जो सरिस्का से गांव विस्थापित होने हैं उनकी 50 लाख रुपए कम से कम मुआवजा राशि की जानी चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि जिस तरह हरियाणा सरकार ने 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को नौकरी देने का विधेयक विधानसभा में पास किया, उसी तरह राजस्थान सरकार को भी राजस्थान के युवाओं को 75 प्रतिशत प्राइवेट सेक्टर में रोजगार देने का बिल पास करना चाहिए।

राजस्थान विधानसभा : 7वें सत्र के पहले दिन ही सदन में विपक्ष का हंगामा

जयपुर। राजस्थान की पन्द्रहवीं विधानसभा का सप्तम सत्र आज हंगामे के साथ फिर शुरू हुआ और एक घंटे से भी कम अवधि तक चले सदन की कार्यवाही विपक्ष के सदस्यों के नारेबाजी एवं हंगामें के कारण बीच में दो बार स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होते ही विपक्ष भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सदस्यों ने गोवंश में फैली लंपी स्किन बीमारी एवं अन्य मुद्दों को लेकर बोलना शुरु कर दिया और वेल में आ गए। इस दौरान रालोपा के तीनों विधायकों ने गौ माता की पुकार, हमे बचा ले हे सरकार लिखी तख्तियां दिखाई।

नारेबाजी और हंगामें के बीच विधानसभा अध्यक्ष डा सीपी जोशी ने विपक्ष के सदस्यों को अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया लेकिन वे वेल में नारेबाजी करते रहे और हंगामें के कारण डा जोशी ने सदन की कार्यवाही 11 बजकर सात मिनट पर पन्द्रह मिनट के लिए स्थगित कर दी। इसके बाद 11 बजकर 22 मिनट पर सदन की कार्यवाही फिर शुरु होने पर विपक्ष के सदस्यों ने फिर हंगामा शुरु कर दिया। अध्यक्ष ने सदस्यों से अपनी जगह पर जाकर अपनी बात कहने का निवेदन किया।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र का सत्रावसान नहीं करके सीधे बैठक बुलाई गई। इन छह महीने के समय में खूब उठापटक हुई, जिसके बारे में सवाल बनते हैं। पहली बार हुआ है कि विधायक सवाल नहीं पूछ पा रहे। जिन विधायकों का सौ सवालों का कोटा पूरा हो गया और अब वह और सवाल नहीं पूछ सकता। यह विधायकों के अधिकारों का हनन किया गया है।

इस दौरान पूर्व मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा खड़े होकर बोलने लगे और और कहा कि भाजपा वाले किस मुंह से यह कह रहे है। इस पर हंगामा और बढ़ गया। कांग्रेस के भी कई सदस्य खड़े हो गए और हंगामा जारी रहा। अध्यक्ष ने कहा कि आसन पैरों पर खड़ा है, इस पर भी कटारिया ने बोलना जारी रखने पर डा जोशी ने सदन की कार्यवाही जारी रखते हुए राज्यपाल ने लौटाए दो विधेयकों के बारे में सदन को अवगत कराया और विधायी कार्य की कार्यवाही शुरु कर दी।

इस दौरान राजस्थान विधानसभा-अधिकारियों तथा सदस्यों की परिलब्धयां और पेंशन (संशोधन) विधेयक 2022 एवं राजस्थान सहकारी सोसाइटी (संशेधन) विधेयक 2022, राजस्थान कृषि मंडी संशोधन विधेयक 2022 सहित चार विधेयक सदन में रखे गए।

हंगामें के बीच सदन की कार्यवाही चलती रही और और बाद में हंगामें के कारण डा जोशी ने सदन की कार्यवाही 11 बजकर 34 मिनट पर दूसरी बार पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी। 11 बजकर 39 मिनट पर सदन की कार्यवाही फिर शुरु होने पर पूर्व सांसद थान सिंह जाटव, पूर्व विधायक आदराम मेघवाल, इन्दिरा मायाराम, पराक्रम सिंह, भरतलाल एवं जयकृष्ण तोसावड़ा के निधन पर सदन में शोकाभिव्यक्ति की गई।

डॉ. जोशी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए इन व्यक्तियों द्वारा राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सेवाओं की सराहना की। बाद में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोकाभिव्यक्ति के बाद सदन की कार्यवाही 11 बजकर 47 मिनट पर मंगलवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे तक स्थगित कर दी।

करौली में वनरक्षक राजेन्द्र सिंह 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

करौली। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने करौली जिले में वनरक्षक राजेन्द्र सिंह को एक मामले में 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की करौली इकाई को परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई कि वन क्षेत्र में मिट्टी खुदाई के मामले नहीं बनाने की एवज में मासिक बंधी के रुप में करौली जिले के कार्यालय क्षेत्रीय वन अधिकारी, रेंज मण्डरायल के वन रक्षक राजेन्द्र सिंह एवं अन्य कार्मिकों द्वारा 22 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।

ब्यूरो टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रेप की कार्यवाही कर वनरक्षक को परिवादी से 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में अन्य कार्मिकों की संलिप्तता के बारे में जांच की जा रही है। आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाश एवं पूछताछ की जा रही है।

रोहित शर्मा और उनकी पत्‍नी ऋतिका सजदेह बनी मैक्स लाइफ के ब्रांड एंबेसडर

नई दिल्ली। निजी जीवन बीमा कंपनी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने क्रिकेटर रोहित शर्मा तथा उनकी पत्‍नी ऋतिका सजदेह को ब्रांड एंबेसडर नियुक्‍त करने की घोषणा की है।

मैक्‍स लाइफ ने क्रिकेटिंग स्‍टार और उनकी पत्‍नी के साथ 2 वर्षीय साझेदारी की घोषणा की है, जो पहली बार एक साथ स्‍क्रीन पर आ रहे हैं। यह साझेदारी मैक्‍स लाइफ ब्रांड द्वारा ‘स्‍वयं’ को महत्‍वपूर्ण मानकर खुद को अपने परिजनों को सुरक्षित बनाने के लिए सही वित्‍तीय मोल निर्धारित करने की भावना को बढ़ावा देगा।

कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि यह जुड़ाव वित्‍तीय रूप से तैयारी और सुरक्षा के महत्‍व को रेखांकित करेगा। मूलमंत्र यही है कि आने वाले समय की अनदेखी चुनौतियों से मानसिक, शारीरिक और वित्‍तीय दृष्टि से तैयारी की जाए। जिस तरह से प्रो‍टेक्टिव गियर खिलाड़‍ियों को खेल के मैदान पर सुरक्षा प्रदान करता है, उसी तरह, लाइफ इंश्‍योरेंस भी जीवन में वित्‍तीय सुरक्षा प्रदान करने वाला महत्‍वपूर्ण पक्ष है।

उसने कहा कि रोहित की क्रिकेट के मैदान पर कामयाबी और उनकी साधारण पृष्‍ठभूमि दुनियाभर में, मिलेनियल्‍स समेत बहुत से अन्‍य लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत है। रोहित की पहचान एदकम शांत, स्थिर और गंभीर लीडर के तौर पर बनी है और यह ग्राहकों के भरोसे पर खरा उतरने की मैक्‍स लाइफ की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।

ऋतिका सजदेह का उनकी कामयाबी में बहुत हाथ है, वह खुद भी अपनी प्रोफेशनल लाइफ में सक्रिय हैं और ये दोनों ही अपने परिवार के वित्‍तीय भविष्‍य को सुरक्षित बनाने में बराबरी की भागीदारी में विश्‍वास रखते हैं। ये आदर्श मैक्‍स लाइफ द्वारा अपने ग्राहकों की जिंदगी को अनश्चितताओं से बचाने की भावना के अनुरूप हैं।

मनी लॉन्ड्रिंग केस : दिल्ली पुलिस ने जैकलीन फर्नांडीज से की पूछताछ

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से सोमवार को फिर पूछताछ की। जैकलीन से पिछले सप्ताह भी इसी मामले में कई घंटों तक पूछताछ की गई थी।

जैकलीन को सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले पर पूछताछ के लिए ईओडब्ल्यू के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया गया था। वहीं पिछले साल पिछले साल उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने भी तलब किया था।

केजरीवाल सरकार दिल्ली में तैयार करवा रही 11 नए अस्पताल : सिसोदिया

0

नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली वालों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और पब्लिक हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए केजरीवाल सरकार राजधानी में 11 नए अस्पताल तैयार करवा रही है।

सिसोदिया ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों को समय रहते पूरा किया जाए और यहां क्वालिटी के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार का उद्देश्य अपने सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है। इस दिशा में दिल्ली में सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे नए अस्पताल मील का पत्थर साबित होंगे और हमारे हेल्थ रिसोर्सेज को बढ़ाने का काम करेंगे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर बनाए जा रहे ज़्यादातर अस्पतालों का निर्माण कार्य इस साल अंत तक पूरा हो जाएगा। वहीं, कुछ अस्पताल 2023 के मिड तक बनकर तैयार हो जाएंगे। निर्माण कार्य समय पर पूरे हो और सभी अस्पताल जल्द ही जनता को समर्पित हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए हर उपमुख्यमंत्री हर 15 दिन में इसके प्रगति की समीक्षा भी कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि इन 11 अस्पतालों में 3237 बेड्स की क्षमता वाले 4 अस्पताल व 6838 आईसीयू बेड्स की क्षमता वाले 7 सेमी-परमानेंट आईसीयू अस्पताल शामिल है। ये कोरोना के साथ-साथ गंभीर मेडिकल कंडीशन वाले केसों से लड़ने में मददगार साबित होंगे। इन नए अस्पतालों से दिल्ली के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को बूस्ट मिलेगा और लाखों दिल्लीवासी विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

सिसोदिया ने मोहल्ला क्लिनिकों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 12 नए मोहल्ला क्लिनिक बनकर तैयार है। इन मोहल्ला क्लीनिकों का निर्माण कार्य पूरा चुका है। इसके अलावा 52 मोहल्ला क्लिनिकों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इनका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन्हें जनता की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर केजरीवाल सरकार द्वारा 500 से ज्यादा मोहल्ला क्लीनिक बनाए गए है जहाँ रोजाना 70 हजार लोग इलाज करवाते हैं। यहां लोगों को 212 प्रकार के टेस्ट व सभी बेसिक दवाइयां (125 प्रकार की दवाइयां) सहित सभी प्रकार की प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती है।

मुजफ्फरपुर में आईसीसीआई बैंक से 14 लाख रूपए की लूट

मुजफ्फरपुर। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सोमवार को आईसीसीआई बैंक से करीब 14 लाख रूपए लूट लिए।

पुलिस उपाधीक्षक (नगर) रामनरेश पासवान ने बताया कि तीन की संख्या में अपराधियों ने गोबरसही चौक स्थित आईसीसीआई बैंक की शाखा में धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर बैंक के कर्मचारियों और ग्राहकों को कब्जे में ले लिया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि अपराधी बैंक से करीब 14 लाख रूपए लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

गैंगस्टर संदीप बिश्नोई उर्फ सेठी की नागौर कोर्ट के बाहर दिन दहाडे हत्या

नागौर/हिसार। हरियाणा में हिसार जिले के मंगाली गांव के रहने वाले गैंगस्टर संदीप बिश्नोई ऊर्फ सेठी की नागौर अदालत में पेशी के दौरान सोमवार को गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। शूटर काली स्कॉर्पियो में आए थे। घटना के बाद कोर्ट के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के नागौर अदालत परिसर में दिनदहाड़े गोलीकांड हो गया। अदालत परिसर के बाहर पुलिस के सामने ही शूटर ने गैंगस्टर संदीप बिश्नोई को गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, उसके दो अन्य साथी बीच बचाव में आए, जिन पर भी हमलावरों ने गोली से फायर किए। सेठी के दो अन्य साथी भी घायल हो गए। सेठी सहित घायलों को उसके साथी पहले निजी और बाद में नागौर के जिला चिकित्सालय में लेकर गए। जेएलएन जिला चिकित्सालय में सेठी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। संदीप नागौर जेल में ही बंद था।  अभी कुछ दिन पहले ही जमानत हुई थी।

नागौर पुलिस गैंगस्टर संदीप को लेकर दोपहर बाद में कोर्ट में पेशी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कार में आए शूटर ने गैंगस्टर संदीप को गोलियों से भून दिया। बताया जा रहा है कि शूटर हरियाणा के थे। बदमाशों ने करीब नौ फायर किए। सभी शूटर ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो में आए थे। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने नागौर के आसपास नाकेबंदी कर दी है। सभी गाड़ियों को चेक किया जा रहा है।  सुपारी किलर  संदीप के शव को अस्पताल में रखवाया गया है।

विमान से उतारे जाने पर भगवंत मान नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें : बाजवा

जालंधर। पंजाब विधानसभा में विपक्षी कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को जर्मनी में जिस हालात में विमान से उतारा गया, उसे देखते हुए उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।

नेता विपक्ष ने कहा कि मान को जिस हालात में जर्मनी में विमान से उतारा गया है, उससे उन्होंने देश का सिर शर्म से नीचा कर दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर अपना पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए भी फैसले लेने की घड़ी है कि अब तक अन्ना हजारे मूवमेंट के जरिए जिन सिद्धांतों पर चलने की वह बात करते रहे हैं, उस पर कायम रहेंगे या सिर्फ यह बातें करने के लिए ही हैं।

बाजवा ने कहा कि इस मामले में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एयरलाइन कंपनी से रिपोर्ट लेनी चाहिए कि मान को किस वजह से फ्लाइट नहीं पकड़ने दी गई। बाजवा ने कहा कि उन्होंने कंपनी से बात की है और कंपनी के अधिकारियों ने कहा है कि इस कंपनी ने यात्रियों के लिए जो नियम तय कर रखे हैं, उस पर मान पूरे नहीं उतर रहे थे, जिस वजह से उन्हें विमान में चढ़ने से रोका गया। कंपनी ने हालांकि कहा है कि वह यह बात उन्हें लिखित में नहीं दे सकते हैं।

मान जर्मनी से लौट आए हैं, लेकिन उनके एक दिन बाद लौटने को लेकर विपक्षी पार्टियों ने उन्हें घेरा है और जवाब मांगा है। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल, पार्टी के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, कांग्रेस के बाजवा, सुखपाल सिंह खैहरा आदि ने उनसे स्थिति को स्पष्ट करने को कहा है कि मान एक दिन देरी से क्यों लौटे।

कांग्रेस नेता खैहरा और सुखबीर बादल ने एक ट्वीट करते हुए कहा कि जर्मनी दौरे पर गए मान को लुसियाना फ्लाइट से उतार दिया गया। बादल ने कहा कि यह मामला बेहद परेशान करने वाला है। बादल ने कहा कि इस तरह की रिपोर्टों ने पूरी दुनिया में पंजाबियों को न केवल परेशान किया है साथ ही उन्हें शर्मसार भी किया है।

उन्होंने कहा कि हैरानी है कि मुख्यमंत्री की इन रिपोर्ट पर आप और सरकार चुप है। उन्होंने केजरीवाल से इस पर स्थिति साफ करने को कहा। उन्होंने केन्द्र सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा, क्योंकि इसमें पंजाबियों और देश के गौरव का सवाल है। उन्होंने कहा कि यदि जर्मन एयर कंपनी ने ऐसा किया है तो सरकार को इसको लेकर जर्मन सरकार से बात करनी चाहिए।

बाजवा ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की छात्राओं के वीडियो क्लिप लीक होने के मामले में कहा है कि यह बेहद ही दुखद घटना है और इसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि उनके बच्चे कहां सुरक्षित रहेंगे।