Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 586 -
होम ब्लॉग पेज 586

नहाती गर्ल्स के MMS बनाने के मामले में जांच के लिए SIT का गठन

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों पर पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को एडीजीपी गुरप्रीत कौर दिओ की निगरानी में तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया जाे एमएमएस मामले में प्राइवेट यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ मामले की गहराई से जांच करेगी।

इस विशेष जांच टीम में एसपी (काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना) रुपिन्दर कौर भट्टी बतौर इंचार्ज और दो सदस्यों डी एसपी खरड़-1 रुपिन्दर कौर और डीएसपी एजीटीएफदीपिका सिंह शामिल हैं। तीनों महिला अधिकारी छात्राओं से संबंधित विवि के मामले की जांच करेंगी। यह एसआईटी (डीआईजी रूपनगर) रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसएसपी (मोहाली) विवेक शील सोनी की निगरानी में काम करेगी और काम की ज़रूरत अनुसार किसी अन्य सदस्य का चयन कर सकती है। यह कार्यवाही मुख्यमंत्री की ओर से मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए जाने के एक दिन बाद सामने आई है।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए राज्य के पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने बताया कि इस मामले की जांच पूरी सक्रियता से चल रही है और पुलिस ने रविवार देर शाम उस विद्यार्थी और हिमाचल प्रदेश के दो अन्य व्यक्तियों समेत कुल तीन गिरफ्तारियां की हैं और दोषियों के पास से कुछ इलेक्ट्रानिक यंत्र भी ज़ब्त किए हैं। उन्होंने पुलिस को हर तरह का सहयोग देने के लिए डीजीपी हिमाचल प्रदेश और हिमाचल पुलिस का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने भरोसा देते हुये कहा कि एसआईटी इस मामले की तह तक जांच करेगी और जो भी दोषी पाया गया उसे बख़्शा नहीं जाएगा।

विद्यार्थियों, माता-पिता और सभी भाईचारे को अमन-शान्ति बनाए रखने की अपील करते हुए गौरव ने उनको सभी सम्बन्धित विद्यार्थियों की गोपनीयता और सम्मान की रक्षा करने का भरोसा दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर गौर न करें तथा जानकारी के लिए सिर्फ़ प्रामाणिक चैनलों पर भरोसा करें।

आबूरोड : सोलर बैटरी विस्फोट से गरीब का आशियाना आग में खाक

0

आबूरोड (सिरोही)। सोलर बैटरी विस्फोट से लगी आग में एक गरीब आदिवासी का आशियाना खाक हो गया। घटना सोमवार 3 बजे की बताई गई है। जायदरा ग्राम पंचायत के निचला टांकिया की निचली फली के नेताराम पुत्र नानाराम के मकान में धमाके की आवाज के साथ सोलर बैटरी में विस्फोट हो गया।

धमाके से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, परिवार के सदस्यों ने बाहर निकल कर जैसे तैसे जान बचाई। इस बीच घर के भीतर रखह नकदी, बिस्तर, खाद्यान्न, रसोई की सामग्री, जेवरात व अन्य घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा।

भाखर क्षेत्र के 24 गांव आजादी के बाद भी विद्युत से वंचित हैं। ऐसे में अंधेरा मिटाने को लगाई गई सोलर बैटरी विस्फोट की घटनाएं क्षेत्र वासियों के लिए दावानल बनकर अब तक 55 परिवारों को बर्बादी के मोड पर ला चुकी है।

इस घटना में परिवार का 3 बोरी का खाद्यान्न, रसोई की सामग्री, करीबन 5000 रुपए, घर में रखा फर्नीचर, महिलाओं के जेवरात जलकर खाक हो गए। परिवार के सामने पुनर्वास की समस्या उत्पन्न हो गई है।

छात्र के साथ अपशब्दों का उपयोग करने वाला झाबुआ एसपी अरविंद तिवारी सस्पेंड

भोपाल। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद तिवारी आज उस समय विवादों में घिर गए, जब सुरक्षा की गुहार लगा रहे एक छात्र को मोबाइलफोन पर उन्होंने न सिर्फ थाने में बंद करने की धमकी दी, बल्कि अपशब्दों का भी उपयोग किया। अधिकारी को तत्काल हटाते हुए निलंबित कर दिया गया है।

छात्र और एसपी के बीच बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहले तो संबंधित एसपी (आईपीएस) को जिले से तत्काल हटाने के निर्देश दिए और कुछ ही घंटों में प्रारंभिक जांच में ऑडियो में एसपी की ही आवाज की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

चौहान के निर्देश के बाद एसपी अरविंद तिवारी को तत्काल झाबुआ जिला पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ कर दिया गया। इसके बाद चौहान के निर्देश पर उन्हें तत्काल निलंबित भी कर दिया गया।

बताया गया है कि झाबुआ के पॉलीटैक्निक कॉलेज के छात्रावास में छात्रों के झगड़े की सूचना के बाद एक छात्र ने एसपी को फोन पर सूचना दी और सुरक्षा की गुहार लगाई। ऑडियो में हुई बातचीत के अनुसार एसपी ने सुरक्षा मुहैया कराने की बजाए अपशब्दों का उपयोग करते हुए छात्र को ही हड़का दिया और कहा कि वह उसे ही थाने में बंद करवा देंगे। इस दौरान एसपी छात्र के प्रति अपशब्दों का उपयोग करते हुए भी सुने जा रहे हैं।

मामला सुबह ही चौहान की जानकारी में आया और उन्होंने तत्काल पुलिस महानिदेशक और अन्य संबंधित अधिकारियों को इस मामले की जांच के आदेश दिए और सबसे पहले एसपी को जिले से हटाने के लिए कहा। प्रारंभिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि एसपी की ही आवाज संबंधित ऑडियो में है। इस जांच रिपोर्ट के बाद एसपी काे निलंबित भी कर दिया गया।

इस बीच चौहान ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि बच्चों के लिए जो अपशब्दों का इस्तेमाल करे, उसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जा सकता, इसलिए वे तत्काल प्रभाव से तत्कालीन एसपी झाबुआ को निलंबित करने के निर्देश देते हैं।

इस बीच झाबुआ से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रों का झगड़ा हुआ था। इसकी शिकायत करने कुछ छात्र थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। इस बीच कुछ छात्रों ने एसपी को सीधे मोबाइल फोन लगाकर इसकी सूचना दी।

पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रावास के अनेक छात्रों का आरोप है कि छात्रावास के कुछ तथाकथित प्रभावशाली छात्र शराब के नशे में कुछ क्षेत्र विशेष के छात्रों के साथ मारपीट करते हैं। इसी मामले की शिकायत को लेकर अनेक छात्र थाने पहुंचे थे, जहां उनकी सुनवाई नहीं हुई।

आचार्य स्वामी धर्मेंद्र का 80 वर्ष की आयु में जयपुर में निधन

0

जयपुर। राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले आचार्य स्वामी धर्मेंद्र का आज सुबह जयपुर में निधन हो गया। वे लगभग 80 वर्ष के थे। आचार्य धमेन्द्र पिछले एक महीने से यहां सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती थे।

आचार्य का जन्म नौ जनवरी 1942 को गुजरात के मालवाड़ा में हुआ था। पिता महात्मा रामचंद्र वीर महाराज के आदर्शों और व्यक्तित्व का इन पर ऐसा प्रभाव पड़ा कि इन्होंने बहुत कम उम्र में वज्रांग नाम से एक समाचार-पत्र निकाला।

आचार्य धर्मेन्द्र के निधन पर देशभर में हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने दुख जताया है। आचार्य ने श्रीराम मंदिर आंदोलन में भी सक्रिय रहकर इस आंदोलन में अपना अहम योगदान दिया था। विश्व हिंदू परिषद से लम्बे समय तक जुड़े रहने के दौरान ये काफी चर्चा में रहे थे। वे राममंदिर मुद्दे पर बड़ी ही बेबाकी से बोलते थे। बाबरी विध्वंस मामले में जब फैसला आने वाला था तब उन्होंने फैसला आने से पहले कहा था कि मैं आरोपी नंबर वन हूं। सजा से डरना क्या ? जो किया सबके सामने चौड़े में किया।

उनके निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने शोक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। राज्यपाल ने शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना भी की।

आचार्य धमेन्द्र के निधन पर भाजपा विधायकों ने विधायक दल की बैठक से पहले दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने आचार्य धमेन्द्र की पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

राजस्थान में प्रेमियों से मिलने महाराष्ट्र से भागी 3 गर्ल्स गुजरात में मिलीं

मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले से लापता तीन लड़कियों गुजरात से बरामद कर लिया गया है। पुलिस न सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस निरीक्षक महेन्द्र सेलार के अनुसार अंग्रेजी माध्यम के एक स्कूल की आठवीं कक्षा की तीनों छात्राएं 14 सितंबर से लापता थीं।

पुलिस जांच के दौरान एक लड़की के मोबाइल नंबर का पता सूरत में मिला, जहां से उस लड़की का पता चला और उसे बचाया गया। जबिक अन्य दो लड़कियां का पता वापी में चला था। पुलिस पूछताछ के दौरान लड़कियों ने बताया कि उनमें से दो लड़कियां राजस्थान में अपने प्रेमियों से मिलने के लिए घर से भागी थीं, जबकि तीसरी लड़की उनके साथ चली गई थी।

MPPSC आवेदकों की अधिकतक आयु में तीन साल की वृद्धि : शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। कोरोना संकटकाल के चलते मध्यप्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाओं में व्यवधान के कारण ओवरएज हो चुके छात्र छात्राओं को राहत देने के उद्देश्य आज राज्य सरकार ने आयोग की परीक्षा में एक वर्ष के लिए आवेदकाें की अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की वृद्धि का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी। इसके कुछ ही देर बाद राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में विधिवत आदेश भी जारी कर दिया गया।

चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि कोविड के चलते पीएससी की परीक्षाएं स्थगित होने से कई पात्र बच्चे ओवरएज हो गए थे। कई बच्चे मुझे मिले और उन्होंने आयुसीमा बढ़ाने का आग्रह किया। उन बच्चों के साथ न्याय हो सके, इसलिए पीएससी की परीक्षा में केवल 1 वर्ष के लिए आवेदक की अधिकतम आयु सीमा 3 साल बढ़ाने का फैसला हम कर रहे हैं।

चौहान ने सिलसिलेवार ट्वीट में लिखा है कि कोविड 19 के चलते पीएससी की परीक्षाएं न होने पर आवेदन के जो पात्र युवा आयु सीमा पार कर गए हैं, उनके साथ न्याय हो सके, इसलिए उनकी मांगों के आधार पर पीएससी की परीक्षा में केवल 1 वर्ष के लिए आवेदक की अधिकतम आयु सीमा 3 साल बढ़ाने का फैसला हम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री की घोषणा के कुछ ही देर बाद सामान्य प्रशासन विभाग की अपर सचिव शैलबाला ए मार्टिन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया। इसमें जिक्र किया गया है कि राज्य शासन की सेवाओं में सीधी भर्ती से भरे जाने वाले पदों पर नियुक्ति के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्षों की छूट प्रदान की जाती है।

इसमें यह भी कहा गया है कि कोविड के कारण विगत तीन वर्षों से भर्ती परीक्षाएं नियमित आयोजित नहीं की जा सकी हैं। इससे प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखकर यह आदेश जारी किया गया है।

भीलवाड़ा में भीख मांगने आई महिला ने ढाई साल के बच्चे को किया अगवा

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र में भीख मांगने के आई एक महिला ने मौका पाकर एक घर से ढाई साल के बच्चे को अगवा कर लिया और कट्टे में डालकर ले गई। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने महिला को पकड़ा और बच्चे को मुक्त करवाया।

पकड़ी गई महिला को रायला पुलिस के हवाले कर दिया, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। महिला एवं उसके परिवार ने आज ही कालियास गांव के बाहर डेरा डाला और भीख मांगने गांव में गई थी, जहां उसने कथित तौर पर बच्चा चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया।

उधर, इस घटना के बाद कालियास ही नहीं, बल्कि आस-पास के गांवों में भी दहशत फैल गई। बच्चे को अगवा करने की घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले गई। जहां पूछताछ में महिला ने खुद को चित्तौडग़ढ़ जिले के मातृकुंडिया गांव निवासी ममता 30 पत्नी सवाई राम नट बताया। पुलिस ने उसे डिटेन कर बच्चा चोरी का मामला दर्ज किया है।

अजमेर में आरएलपी ने लम्पी स्किन के विरोध में किया प्रदर्शन

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में आज राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी)ने लम्पी स्किन बीमारी से ग्रस्त गाय के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया

आरएलपी के जिलाध्यक्ष आशीष सोनी के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का समूह हाथों में बैनर, तख्तियां एवं लम्पी स्किन ग्रसित गाय को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार पर गौवंश की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इसे शर्मनाक बताया तथा कलेक्टर अंशदीप को दोनों सरकारों के खिलाफ ज्ञापन देकर बीमारी से ग्रस्त गायों के उपचार की मांग की।

जिलाध्यक्ष नी ने कहा कि यह शर्म की बात है कि विदेश से चीतों को लाने के लिए सौ करोड़ खर्च किए गए और देश में मर रही गायों के लिए खड्डे भी नहीं खोदे जा रहे। गौ माता के नाम पर राजनीति करने वाली केंद्र सरकार ‘चीता प्लेन में, गाय क्रेन में’ की जिस नीति पर काम कर रही है इसके लिए केंद्र को डूब मरना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ माता की केंद्र सरकार को हाय लगेगी और 2024 मे परिणाम सामने आएंगे।

सोनी ने राज्य की गहलोत सरकार को भी इसी मुद्दे पर जमकर आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण ओलंपिक खेलों में व्यस्त रहकर गौ माता की ओर ध्यान नहीं दे रही। उन्हें भी परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि नसीराबाद रोड डंपिंग यार्ड मे चील कौए मृत गायों को नोच नोचकर खा रहे हैं जो दुखद स्थिति है। सोनी ने कहा कि गौ माता मे 36 कोटि देवी देवता बसते हैं। हिन्दू संस्कृति में इसीलिए गाय को गौ माता का दर्जा दिया गया है।

धौलपुर में पूर्व उप सभापति मुश्ताक कुरैशी पर बदमाशों ने की फायरिंग

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में पूर्व उप सभापति और भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष और पूर्व सभापति मुश्ताक कुरैशी पर बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा फायरिंग कर फरार हो जाने का मामला सामने आया है।

शहर के कोतवाली इलाके में अस्पताल के पीछे नौगजा इलाके में रहने वाले कुरैशी पर कल रात बदमाशों ने यह फायरिंग तब की जब बे अपने घर से बाहर निकल रहे थे। फायरिंग की इस वारदात के समय कुरैशी ने घर में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना से इलाके के लोगाें में दहशत फैल गई।

बताया गया है कि कुरैशी पर यह हमला पुरानी रंजिश को लेकर हुआ क्योंकि क़ुरैशी एवं फायरिंग के लिए नामजद किए गए चीता, रामअवतार और शाहरुख पक्ष के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका है।

थाना प्रभारी अनिल कुमार जसोरिया ने बताया कि भाजपा नेता ने तीन नामजद बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए इलाके में नाकाबंदी करवाई लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास

0

ढाका। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। हुसैन ने सोशल मीडिया का रुख करते हुए कहा कि वह युवाओं को अधिक अवसर देने की आवश्यकता महसूस करते हैं, इसलिए उन्होंने खेल के सबसे लंबे प्रारूप से संन्यास लेने का निर्णय लिया।

हुसैन ने फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि अस्सलाम अलैकुम। मैं आपसे कुछ बात साझा करना चाहता था। मैंने आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को एक पत्र सौंपा है और टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट का लंबा प्रारूप राष्ट्रीय टीम को मजबूत करने में एक बड़ी भूमिका निभाता है। मुझे लगता है कि अगर युवा तेज गेंदबाजों को ज्यादा मौके मिलते हैं तो हमारी टीम और मजबूत होगी। टेस्ट में युवाओं को अधिक अवसर प्रदान करने के लिए मैंने टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने का फैसला किया है।

हुसैन ने 2009 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और 13 साल के लम्बे समय में उन्होंने बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट खेले। उन्होंने पिछले दो वर्षों में कोई टेस्ट मैच नहीं खेला था, जबकि आखिरी बार वह फरवरी 2020 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में नजर आए थे। हुसैन ने टेस्ट करियर में 5 विकेट चटककार 166 रन देकर सर्वश्रेष्ठ कारनामा किया था। टेस्ट क्रिकेट में अपने करियर के दौरान उन्होंने 36 विकेट झटके और महज एक बार पांच विकेट लेने में सफल हुए।

उन्होंने कहा कि मैं बांग्लादेश के लिए 27 टेस्ट खेलने में सक्षम रहा, जो मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। जिन लोगों ने लाल गेंद क्रिकेट के साथ मेरी यात्रा के दौरान मेरी मदद की है, मैं उन सभी का आभारी हूं और मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी मुझे आपका साथ मिलेगा। मैंने भले ही टेस्ट क्रिकेट से सन्यास ले लिया हो, लेकिन मेरा मानना ​​है कि बंगलादेश के लिए एकदिवसीय और टी20 प्रारूप में मुझे अभी भी बहुत योगदान देना है।

हुसैन ने कहा कि वह अन्य सफेद गेंद प्रतियोगिताओं के साथ ढाका प्रीमियर लीग (डीपीएल) और बंगलादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में खेलना जारी रखेंगे।