Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 591 -
होम ब्लॉग पेज 591

ललितपुर : पूर्व पार्षद की पत्नी का शव फंदे पर लटका मिला

ललितपुर। उत्तर प्रदेश में ललितपुर के थाना सदर कोतवाली अंतर्गत पूर्व पार्षद की पत्नी का शव शुक्रवार को फांसी के फंदे पर लटका मिला।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली सदर अंतर्गत मोहल्ला घुसयाना निवासी पूर्व पार्षद सुरेन्द्र सिंह उर्फ भैया यादव की 40 वर्षीय पत्नी रश्मि यादव का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसकी 15 वर्षीय पुत्री कोचिंग से कार से ड्राइवर के साथ घर पर पहुंची, उसने जब देखा तो ड्राइवर ने सुरेन्द्र यादव को फोन पर सारी जानकारी दी।

सुरेंद्र मौके पर पहुंचे व पत्नी रश्मि को फांसी के फंदे से उतारकर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने घर से आठ रुपए चोरी होने व पत्नी के साथ बड़ी घटना होने की आशंका कुछ लोगों पर जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जब देखा तो रश्मि के शरीर पर गहरे चोट के निशान व चेहरे पर गहरे घाव व तकिए पर खून के निशान व कपड़े भी अस्तव्यस्त मिले। पुलिस इस मामले में सुरेंद्र को संदिग्ध मानते हुए कोतवाली पूछताछ के लिए ले गयी है।

दूसरी ओर मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के मामा गोविन्द सिंह ने बताया कि उसने अपनी भांजी की शादी 19 साल पहले सुरेन्द्र यादव उर्फ भैया से की थी। पिछले कुछ दिनों से सुरेंद्र का प्रेम प्रसंग एक महिला से चल रहा था और वह अपनी पत्नी से आये दिन मारपीट करता था। उसने आरोप लगाया कि उसकी भांजी की मारपीट कर फांसी के फंदे पर लटका दिया गया है।

क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय ने बताया कि महिला की मौत के मामले की जांच कराई जा रही और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है व पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटने से मौत का कारण सामने आया है और विसरा रिजर्व कर दिया गया है।

फतेहाबाद में स्कूली छात्रा से रेप के दोषी को उम्रकैद की सजा

फतेहाबाद। अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाली दसवीं कक्षा की छात्रा को बहला-फुसला कर उससे दुष्कर्म करने के दोषी युवक को फतेहाबाद के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं फास्ट ट्रैक कोर्ट के जज बलवंत सिंह की अदालत ने गुरुवार को उम्रकैद की सजा सुनाई।

अदालत ने पोक्सों एक्ट की धारा 4 (2) के तहत 20 साल की कैद और भारतीय दंड संहिता की धारा 366 के तहत तीन साल की कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 12 हजार का जुर्माना भी लगाया है।

जानकारी के अनुसार जाखल पुलिस थाना ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी बिन्टु सिंह उर्फ जग्गू के खिलाफ 18 अप्रैल 2019 को पोक्सों एक्ट की धारा चार और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस की दिए अपने बयान मे पीडि़ता ने बताया कि 17 अप्रैल 2019 की शाम उसके माता-पिता, वह और उसके भाई-बहन बाहर आंगन में सो रहे थे तभी रात में आरोपी उसके घर आया और उसे बहला फुसला कर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अदालत ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद यह सजा सुनाई।

प्रधानमंत्री मोदी को मिले स्मृति चिन्हों की शनिवार को ई नीलामी

0

नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले 1200 से भी अधिक स्मृति चिन्हों की शनिवार से ई नीलामी शुरू करेगा जो दो अक्टूबर तक चलेगी।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को यहां संस्कृति और संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा संस्कृति एवं विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी की मौजूदगी में कहा कि इससे पहले 2019 तथा 2021 में भी प्रधानमंत्री को मिले उपहारों तथा स्मृति चिन्हों की नीलामी की गई थी।

उन्होंने कहा कि 2019 में भी खुली नीलामी के जरिये इन वस्तुओं को लोगों के लिए रखा गया था। उस समय 1805 उपहारों को नीलामी के पहले दौर में रखा गया था और दूसरे दौर में 2772 उपहार रखे गए थे। वर्ष 2021 में भी सितंबर में ई-नीलामी का आयोजन किया गया, जिसमें हमने नीलामी के लिए 1348 वस्तुएं रखी थीं।

इस वर्ष लगभग 1200 स्मृति-चिह्नों और उपहारों को नीलामी के लिए रखा गया है। स्मृति-चिह्नों को नई दिल्ली के राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में प्रदर्शित किया गया है। इन वस्तुओं को वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है।

नीलामी के लिए रखी जाने वाली वस्तुओं का विवरण देते हुए रेड्डी ने कहा कि नीलामी में रखे गए स्मृति-चिह्नों में शानदार पेंटिंग्स, मूर्तिकला, हस्तशिल्प और लोक कलाकृतियों को शामिल किया गया है। इनमें से कई वस्तुओं को पारंपरिक रूप से उपहार में दिया गया है, जैसे पारंपरिक अंगवस्त्रम, शॉल, पगड़ी-टोपी, रस्मी तलवारें।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा अन्य आकर्षक स्मृति-चिह्नों में अयोध्या के श्रीराम मंदिर तथा वाराणसी के काशी-विश्वनाथ मंदिर की अनुकृतियां शामिल हैं। खेलों से जुड़े अनेक दिलचस्प समृति-चिह्नों को भी इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल 2022, डेफलिम्पिक्स 2022 और थॉमस कप चैम्पियनशिप 2022 में टीम-इंडिया के शानदार प्रदर्शन ने हमें इतिहास में दर्ज कराया और हमने तमाम पदक जीते। टीमों और खेलों में विजेताओं ने जो स्मृति-चिह्न भेंट किये, उन्हें ई-नीलामी में रखा गया है। नीलामी की इस श्रेणी में 25 नए खेल स्मृति-चिह्न हैं।

रेड्डी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी भारत के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने भारत की जीवन-रेखा नमामि गंगे के जरिये गंगा के उद्धार जैसे पवित्र ध्येय के लिए अपने उपहारों की ई-नीलामी का निर्णय किया है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे उदार मन से नीलामी में हिस्सा लें और इस पवित्र ध्येय के लिए योगदान करें।

मेघवाल ने कहा कि पिछली नीलामी में हर राज्य और मूल के लोगों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था और लोगों से आग्रह है कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिले प्रतिष्ठित उपहारों और स्मृति-चिह्नों की नीलामी में इस बार भी हिस्सा लें। लेखी ने विभिन्न स्मृति-चिह्नों के महत्‍व को रेखांकित करते हुए बताया कि कैसे यह ई-नीलामी लोगों को नमामि गंगे में योगदान करने का शानदार अवसर प्रदान करती है।

इस अवसर को और रुचिकर बनाने के लिये आम जनता के लिए गाइडेड टूर की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही श्रवण बाधित लोगों के लिए सांकेतिक भाषा में पर्यटन की व्यवस्था भी की गई है। इसी तरह दृष्टिबाधित लोगों के लिए ब्रेल लिपि में पुस्तिकाओं को भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदर्शनी क्षेत्र जनता के लिए 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक खुला रहेगा। इसमें प्रवेश नि:शुल्क है। नीलामी में जो धनराशि जमा होगी, उसे नमामि गंगे कार्यक्रम के पवित्र ध्येय के लिए लगाया जाएगा। लोगाें को ई नीलामी में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण करना होगा।

गौतम अडाणी बने दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति

नई दिल्ली। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी संपत्ति में बड़े उछाल के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने यह स्थान फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाउल्ट और परिवार को पीछे कर हासिल किया।

फोर्ब्स की रियल टाइम अरबपति सूची ने अडाणी की 16 सिंतबर को कुल संपत्ति 154.4 अरब डॉलर दर्शाई है। अडाणी समूह अवसंरचना, जिंसों, ऊर्जा उत्पादन एवं प्रेषण और रियल एस्टेट क्षेत्र में कारोबार करता है।

फोर्ब्स के आंकड़ों के अनुसार समूह के शेयरों में तेजी के कारण उनकी संपत्ति में वृद्धि के साथ अडाणी दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने है। अब वह केवल टेस्ला के एलन मस्क से पीछे है जो 273.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति है। अडाणी ने बेहद तेजी के साथ नए कारोबार में प्रवेश करते हुए अपने परिचालन का विस्तार किया है।

कर्ज की वजह से हालांकि तेजी से विस्तार ने बाजार के एक हिस्से में कुछ आशंकाएं पैदा कर दी हैं कि इससे कर्ज के जाल में फंस सकता है। वैश्विक बाजार अनुसंधान फर्म क्रेडिटसाइट्स ने हाल ही में एक रिपोर्ट में चेतावनी दी थी कि अत्यधिक महत्वाकांक्षी ऋण-वित्त पोषित विकास योजनाएं अंत में बड़े पैमाने पर कर्ज के जाल में फंस सकती हैं।

रिपोर्ट में बताया गया कि अडाणी समूह तेजी से अपने मौजूदा और नए कारोबार में निवेश कर रहा है। इसमें मुख्य रूप से ऋण के साथ वित्त पोषण हुआ है जिसके परिणामस्वरूप उत्तोलन और शोधन क्षमता अनुपात में वृद्धि हुई है।

क्रेडिटसाइट्स ने अपनी रिपोर्ट अडानी ग्रुप डिपली ओवरलेवेरेज्ड ने कहा कि यह पूरी तरह से समूह के बारे में चिंताओं का कारण बना है। सबसे खराब स्थिति में अत्यधिक महत्वाकांक्षी ऋण-वित्त पोषित विकास योजनाएं अंत में एक बड़े ऋण जाल में बदल जाती हैं।

दुनिया भर में मंदी आने की आशंका में शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 1100 अंक टूटा

मुंबई। विश्व बैंक की दुनिया भर में फिर से मंदी आने की चेतावनी के बाद वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में हुई बिकवाली का असर आज घरेलू बाजार पर भी दिखा जहां शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली से भूचाल आ गया और सेंसेक्स करीब 1100 अंक और निफ्टी लगभग 350 अंक टूट गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1093.22 अंकों की गिरावट लेकर 58840.79 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 346.55 अंक लुढ़ककर 17530.85 अंक पर आ गया। दिग्गज कंपनियों की तुलना में छोटी और मझौली कंपनियों पर अधिक दबाव दिखा जिससे बीएसई का मिडकैप 2.85 प्रतिशत उतरकर 25558.21 अंक पर और स्मॉलकैप 2.38 प्रतिशत गिरकर 29199.39 अंक पर आ गया।

बीएसई में शामिल सभी समूह लाल निशान में रहे जिसमें रियल्टी में सबसे अधिक 3.53 प्रतिशत, आईटी 3.37 प्रतिशत, टेक 3.03 प्रतिशत, बेसिक मटेरियल्स 3.05 प्रतिशत, ऑटो 2.67 प्रतिशत, तेल एवं गैस 2.30 प्रतिशत, धातु 1.99 प्रतिशत और एनर्जी 2.41 प्रतिशत प्रमुखता से शामिल है।

बीएसई में कुल मिलाकर 3610 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें 2532 को नुकसान उठाना पड़ा जबकि मात्र 972 कंपनियां लाभ में रही। 106 कंपनियों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

विश्व बैंक ने कल कहा था कि दुनिया की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं अमरीका, चीन और यूरोपीय क्षेत्र की अर्थव्यवस्था तेजी से नीचे जा रही है और इसके कारण अगले वर्ष वैश्विक स्तर पर फिर से मंदी आने की आशंका है। उधर बढ़ती महंगाई के कारण लोगों के फिर से ऑनलाइन के स्थान पर दुकानों में जाकर खरीदी करने की चलन में तेजी आने से ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनियों पर भी विपरीत असर पड़ने की आशंका जतायी जा रही है। वैश्विक बाजार पर इन कारकों का असर दिखा है जिसके कारण कल अमरीकी बाजार गिरावट लेकर बंद हुए थे और आज भी लाल निशान में ही खुले हैं।

वैश्विक स्तर पर ब्रिटेन के एफटीएसई के 0.09 प्रतिशत की मामूली तेजी के रहने के अलावा सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में रहा। इसमें चीन का शंघाई कंपोजिट 2.30 प्रतिशत, जापान का निक्केई 1.11 प्रतिशत, जर्मनी का डैक्स 1.56 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.89 प्रतिशत की गिरावट में रहा।

घरेलू स्तर पर बीएसई का सेंसेक्स 349 अंकों की गिरावट लेकर 59585.72 अंक पर खुला। शुरूआती कारोबार में ही यह 59720.56 अंक के उच्चतम स्तर तक चढ़ा लेकिन इसके बाद शुरू हुयी बिकवाली का दबाव कारोबार बंद होने तक बना रहा है और यह 58687.17 अंक के निचले स्तर तक उतरा। अंत में यह पिछले दिवस के 59934.01 अंक की तुलना में 1.82 प्रतिशत अर्थात 1093.22 अंक गिरकर 58840.79 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंड्सइंड बैंक 2.63 प्रतिशत की बढ़त को छोड़कर शेष सभी 29 कंपनियां गिरावट में रही। एनएसई का निफ्टी 81 अंकों की गिरावट लेकर 17796.80 अंक पर खुला। लिवाली के बल पर यह 17820.05 अंक के उच्चतम स्तर तक गया लेकिन बिकवाली के कारण यह 17497.25 अंक के निचले स्तर तक उतरा। अंत में यह पिछले दिवस के 17877.40 अंक की तुलना में 1.94 प्रतिशत अर्थात 346.55 अंक गिरकर 17530.85 अंक पर रहा। निफ्टी में शामिल 50 कंपनियों में से मात्र दो कंपनियां की हरे निशान में रही जबकि 48 को नुकसान उठाना पड़ा।

मुकेश अंबानी ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम को 1.5 करोड़ रुपए दिए दान

तिरुमाला। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक मुकेश अंबनी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 1.5 करोड़ रुपए का दान दिया।

टीटीडी तिरुपति मंदिर का प्रबंधन करता है। अंबानी ने तिरुमाला मंदिर में पूजा-अर्चना की और डेढ़ करोड़ रुपए दान में दिए।

उन्होंने टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी एवी धर्मा रेड्डी को डीडी (मांग पत्र) सौंपा। अबानी पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम गोशाला भी गए।

जयपुर नगर निगम ग्रेटर का स्वास्थ्य निरीक्षक 5000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर नगर निगम ग्रेटर का स्वास्थ्य निरीक्षक प्रहलाद टोपिया को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी ने एसीबी की एसआईडब्ल्यू इकाई जयपुर को शिकायत दर्ज कराई कि उसके पूर्व में अनुपस्थित रहने के उपरांत उपस्थिति दिखाकर पूरे माह का वेतन बनाने एवं इस माह की उनुपस्थिति पर नोटिस दिलवाकर इस पर हुई कार्यवाही को सर्विस बुक में इंद्राज नहीं करने की एवज में स्वास्थ्य निरीक्षक, वार्ड संख्या 46 पांच हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे है।

इस पर ब्यूरो ने सत्यापन करने के बाद प्रहलाद टोपिया को परिवादी से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाश एवं पूछताछ की जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

लखनऊ : भारी बारिश में दीवार ढहने से 9 की मौत, 2 घायल

0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते 24 घंटों से हो रही बारिश के दौरान शुक्रवार को सुबह कैंट स्थित दिलकुशा इलाके में एक दीवार के गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख प्रकट कर जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश देते हुए घायलों के समुचित उपचार का प्रबंध करने के निर्देश दिये हैं। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत सहायता कोष से चार चार लाख रुपए देने की घोषणा की गई है।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर लखनऊ के ज़िलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने दुर्घटनास्थल पर पहुंच कर घटनास्थल पर शुरु किए गए राहत कार्यों का जायज़ा लिया। गंगवार ने बताया कि यह दुर्घटना कल रात से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन दीवार के गिरने से हुई।

इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत होने और 2 के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायलों को सिविल हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति को खतरे के बाहर बताया है।

गंगवार ने सिविल हास्पिटल में घायलों का हाल-चाल लेकर डॉक्टरों को घयालों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। ज़िलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।

झांसी: बारिश में गिरा दो मंजिला मकान, एक मरा दो घायल

झांसी के सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में तीन दिनों से रूक रूक कर लगातार हो रही बारिश के कारण सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में गिरे दो मंजिला मकान के मलबे में दबने से एक की मौत हो गई है और दो घायल हो गए हैं।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि सीपरी बाजार थानाक्षेत्र के न्यूरायगंज मोहल्ले में स्थित एक दो मंजिला मकान गुरूवार देर रात ढह गया। इस दुर्घटना में तीन लोग मलबे में दब गये। स्थानीय लाेगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों व राहत एवं बचाव कर्मियों की टीम ने तेजी से काम शुरू किया।

मलबे को जेसीबी की मदद से हटाया गया और बचावकर्मियों ने महिला सहित तीन लोगों को बाहर निकाला। तीनों को ही तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ़ एन एस सेंगर ने आज बताया कि तीनों घायलों में से एक सुरेश (40) जब तक मेडिकल कॉलेज पहुंचा उससे पहले ही उसकी मौत हो गई थी। सुरेश की मां भगवती के हाथ की हड्डी टूटी थी जिसका उपचार कर दिया गया था जबकि सुरेश के पिता राजाराम की हालत पूरी तरह से ठीक है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि देर रात हुए इस हादसे की सूचना के बाद ही प्रशासन राहत एवं बचाव टीम के साथ मौके पर पहुंच गया था और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर घायलों को मेडिकल भेजा गया। जिलाधिकारी ने लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों से सुरक्षा और सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने कहा है कि बारिश के कारण नदिया उफान पर हैं गहरे पानी से दूर रहें। पुराने मकानों में यदि पानी बैठने के कारण कोई शंका नजर आये तो प्रशासन को तत्काल इसकी सूचना दें ताकि समय रहते जगह को खाली कराया जा सके और जानमाल की हानि को रोका जा सके।

उन्होंने ऐसे मौसम में लोगों से बिजली के ढीले, लटकते तारों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने को अपील करते हुए कहा कि यदि आपके घर में ऐसी स्थिति है तो तुरंत ठीक करायें और अगर किसी ऐसी जगह है जहां प्रशासन की मदद की जरूरत है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

सोनभद्र : सौतेली मां से नाराज होकर घर से गए 3 बच्चों के शव बरामद

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के मांची थाना क्षेत्र में सौतेली मां से नाराज होकर घर से लापता हुए तीन भाई बहन के शव गुमशुदगी के तीन दिन बाद गुरुवार को बरामद हो गए। पुलिस के अनुसार दो बहन और एक भाई का शव भैसगहवा पहाड़ी की तलहटी में बरामद हुआ। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया की मांची थाना क्षेत्र के सोमा गांव निवासी अमरेश की पत्नी शहजादी ने बुधवार को इन बच्चों के लापता होनेे की पुलिस को सूचना दी थी। इसमें बताया कि सोमवार को दोपहर में पुत्री कृष्णा (18 वर्ष) नाराज होकर छोटे भाई बहन चंदन (4 वर्ष) व उजाला (ढाई वर्ष) को साथ लेकर घर से चली गई है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर बच्चों की तलाश शुरु कर दी।

गुरुवार की शाम करीब पांच बजे कुछ चरवाहे भैसगहवा पहाड़ी के नीचे से गुजर रहे थे, उस दौरान दुर्गंध आने पर वे पहाड़ी के नीचे गए तो देखा कि तीन बच्चों के शव पड़े हैं। इस पर चरवाहों ने मांची थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को अपने कब्जे में ले कर मामले की जांच शुरु कर दी। गांव वालों से बताया कि मृतक कृष्णा का सौतेली मां शहजादी से अक्सर विवाद होता था। गांव वालों का कहना है कि सौतेली मां से नाराज होकर कृष्णा दोनों बच्चों को लेकर चली गई और भैसगहवा पहाड़ी से नीचे कूदकर दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने प्रमुख मौलवियों को गिरफ्तार किया

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने कश्मीर में प्रभावशाली मौलवियों को गिरफ्तार किया है और संभावना है कि इन लोगों पर जनसुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है जो बिना मुकदमे के दो साल तक हिरासत में रखने की अनुमति देता है।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि कश्मीर में सबसे प्रसिद्ध बरेलवी विद्वान अब्दुल रशीद दाऊदी और प्रमुख सलाफी नेताओं मुश्ताक अहमद वीरी और अब्दुल राशिद डार को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया तथा एक मौलवी को पुलिस स्टेशन बुलाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी के पांच कार्यकर्ताओं सहित फहीम मोहम्मद रमजान और गाजी मोइन उल इस्लाम नदवी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।