Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 593 -
होम ब्लॉग पेज 593

दिल्ली शराब घोटाले पर भाजपा ने जारी किया दूसरा स्टिंग वीडियो

नई दिल्ली। दिल्ली में कथित शराब घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ ताजा धमाका करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को एक और स्टिंग ऑपरेशन वीडियो जारी किया और दावा किया कि पूरी नीति को घोटाले को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में वीडियो जारी करते हुए कहा कि कथित ‘घोटाला’ में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा बनाए गए आरोपियों में से एक अमित अरोड़ा ने वीडियो में ‘आप’ और उसकी नीति का पर्दाफाश किया है।

उन्होंने कहा कि कितना पैसा किससे लिया? घोटाला कैसे हुआ, इस स्टिंग वीडियो में सब कुछ उजागर हो गया है। यह सब इसमें है। उन्होंने आरोप लगाया कि घोटाले को अंजाम देने के लिए पूरी नई नीति बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि अमित अरोड़ा बता रहे हैं कि सरकार ने कमीशन तय किया था और शराब घोटाले के पैसे का इस्तेमाल गोवा और पंजाब में चुनाव लड़ने के लिए किया गया था। वीडियो में अरोड़ा को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि आप सरकार ने केवल दो खिलाड़ियों को करीब 10,000 करोड़ का कारोबार दिया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छोटे खिलाडिय़ों को बाहर रखने के लिए न्यूनतम पांच करोड़ रुपए की फीस तय की गई थी। यहां तक ​​सोचा गया था कि दिल्ली सरकार यह दावा करे कि छोटे कारोबारियों को भी मौका मिलेगा। त्रिवेदी ने कहा कि स्टिंग में जिस तरह की बातें कहीं गईं हैं उससे साफ है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में केवल भ्रष्टाचार की नीति अपना रहे हैं।

दिन दहला देने वाला अपराध : सूटकेस में बच्चों के शव, दक्षिण कोरिया में महिला अरेस्ट

वेलिंगटन/सोल। न्यूजीलैंड पुलिस ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण कोरिया में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है जिस पर दो बच्चों की हत्या करने का आरोप है। उन बच्चों के शव पिछले महीने सूटकेसों में पाए गए थे। न्यूजीलैंड ने उस महिला का प्रत्यर्पण करने के लिए आवेदन किया है।

यह एक ऐसा मामला था, जिसने देश को झकझोर कर रख दिया था, बच्चों की लाशों का पता अंजान परिवार ने लगाया जिन्होंने ऑकलैंड में एक भंडारण इकाई से उन सूटकेसों को खरीदा था। शव कई वर्षों तक उस सूटकेसों में रखे हुए थे। पुलिस ने कहा कि मृतकों की उम्र पांच से 10 वर्ष के बीच थी।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने दक्षिण कोरिया के अधिकारियों के साथ मिलकर उस महिला की तलाश में पिछले तीन हफ्तों से काम कर रहे थे और उनका मानना था कि वह दक्षिण कोरिया में है। बीबीसी के अनुसार पुलिस ने छोटे बच्चों की पहचान करने के बाद उस महिला पर ध्यान केंद्रित किया था, जिनके नामों का खुलासा नहीं हुआ है।

डिटेक्टिव इंस्पेक्टर तोफिलाऊ फामानुइया वेलुआ ने कहा कि उस महिला को दक्षिण कोरिया की पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया है और न्यूजीलैंड पुलिस उसकी जमानत मंजूर नहीं करने और उसका प्रत्यर्पण करने के लिए आवेदन करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस अभियान में जनता का पूरा समर्थन प्राप्त हुआ।

स्थानीय मीडिया के अनुसार संदिग्ध महिला का मृत बच्चों से जुड़ाव था। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, मृत बच्चों का परिवार कुछ वर्षों से ऑकलैंड में रह रहा था और उनकी मृत्यु से पहले उनके पिता की मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस ने कहा कि शवों का पता लगाने वाले परिवार ने अगस्त की शुरुआत में भंडारण इकाई से उन सूटकेसों को खरीदा था। अधिकारियों ने कहा कि उस परिवार का बच्चों की मौत से कोई संबंध नहीं था लेकिन शव मिलने के बाद उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शादी का झांसा देकर छात्रा का यौन शोषण, प्रेगनेंट होने पर भाग छूटा आरोपी

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के थाना मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र स्थित एक गांव में नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायय मेें पड़ोसी गांव के युवक द्वारा शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करने और गर्भवती होने के बाद उसे छोड़कर फरार होने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता 10वीं कक्षा की छात्रा है। करीब एक साल पहले स्कूल आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात पड़ोसी गांव के एक युवक से हो गई। दोनों की गहरी दोस्ती होने पर युवक ने शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया तो किशोरी ने इनकार किया। तब युवक ने शादी का झांसा दिया फिर कई बार शारीरिक संबंध बनाया।

गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे गर्भपात के लिए बाजार से दवा लाकर खिला दी, लेकिन दवा कारगर साबित नहीं हुई। फिर किशोरी ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने इनकार कर दिया और घर छोड़कर फरार हो गया। तहरीर के मुताबिक इस वजह से पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई। बिना किसी को बताए वह घर से लखनऊ चली गई। वहां से सीतापुर पहुंच गई। बाद में किसी तरह से वह घर वापस लौटी।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक और थाने में प्रार्थनापत्र देकर प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में थानाध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि उन्हें पीड़िता की तहरीर मिली है। इस पर कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया गया है।

जैसलमेर के आसमान में रोशनी की कतार लोगों के लिए बनी कोतूहल

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर सहित अन्य कई हिस्सों में इन दिनों पिछले कुछ दिनों से रात में आसमान में रोशनी की एक कतार देखी जा रही हैं जो लोगाों के लिए कोतूहल का विषय बनी हुई हैं।

गत तीन दिन से रात में आकाश में रेलनुमा रोशनी की चलती हुई कतार देखी गई जो आकाश से गुजर रही थी, इस घटना से वायुसेना एवं अन्य सुरक्षा एजेन्सीयां अलर्ट मोड में आ गई, बाद में जांच पड़ताल में पता लगा कि यह रोशनी की कतार दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति टेस्ला एवं स्पेश-एक्स के मालिक एलाॅन मस्क के स्टारलिंक द्वारा छोड़े गए इंटरनेट सेटेलाईट की हैं जो आसमान से गुजर रहे थे, स्टारलिंक की वेबसाईट पर भी इसकी पुष्टि हुई हैं।

गत आठ, 12, 13 एवं 14 सितंबर की रात को राजस्थान के जैसलमेर सहित अन्य कई भागों में एक अदभुत नजारा देखने को मिला जिसमें आकाश में छोटी छोटी लाईटों की कतारे आकाश से गुजर रही थी। जैसलमेर के सम क्षेत्र में कई सैलानियों ने इस प्रकार के आकाश में चलती हुई रोशनी की चलती हुई कतारे देखने पर पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेन्सीयों को सूचित किया, जिस पर एजेन्सीयां अलर्ट हुई। ग्रामीणों, सैलानियों एवं आमजन ने इसके कई वीडियो बनाए जो कि सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए।

गत तेरह सितंबर की रात को जिले के लाठी, धोलिया क्षेत्र में भी इसी प्रकार का नजारा ग्रामीणों ने अपने मोबाईल में कैद किया। कंपनी ने अपनी वेबसाईट में जाहिर किया था कि स्टारलिंक-59 3.2 साऊथ वेस्ट से नोर्थ ईस्ट में पांच मिनट के लिए उनके समयानुसार शाम 7.36 बजे पर देखा जा सकता हैं। इसी तरह बुधवार को भी यही सेटेलाईट वेस्ट से नोर्थ पर 7.46 बजे पर देखा जा सकना बताया गया।

सम क्षेत्र के एक टेंट रिसोर्ट में कार्यरत वासुदेव ने बताया कि गत आठ सितंबर को भी सम एवं आसपास के क्षेत्रो में आकाश में कई देर तक चलती हुई रोशनी की लाईटे देखी गई थी। अन्य कई ग्रामीण अंचलो में भी इस प्रकार की चलती हुई लाईटे आकाश में देखी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टारलिंक इंटरनेट सैटेलाइट जमीन से 550 से 570 किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़ते हैं। इतनी ऊंचाई पर सूरज की रोशनी धरती के दूसरी तरफ से इन पर पड़ती है, जिसकी वजह से रात में चमकते हुए दिखते हैं। ऐसा लगता है कि कई बल्बों को एक कतार में जोड़कर आसमान में उड़ाया जा रहा हो।

अजमेर शहर भाजपा 24 सितंबर को मोदी पारिवारिक उत्सव का करेगी आयोजन

अजमेर। राजस्थान मे अजमेर शहर भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से आगामी दो अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सेवा पखवाड़े के तहत 24 सितंबर को मोदी पारिवारिक उत्सव का आयोजन करेगी।

अजमेर में कार्यक्रम संयोजक कंवलप्रकाश किशनानी ने बताया कि संगठन के भूणाबाय जयपुर रोड स्थित नवीन कार्यालय पर प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व, कृत्रित्व, जीवनशैली पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में उनकी विकास यात्रा को प्रदर्शित करते हुए देश की जनता के लिए लाभकारी योजनाओं को दर्शाया जाएगा।

साथ ही मोदी पारिवारिक उत्सव में एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संदेशों को जन मानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से देश के विभिन्न प्रांतों के लोकगीत, लोक नृत्य, मनोरंजन खेल व खानपान का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम भारत के खानपान की विभिन्न विविधता में एकता को दर्शाते हुए एकता उत्सव मनाया जाएगा। साथ ही आत्मनिर्भर भारत की सफलता की कहानी लोकल फॉर वोकल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। उत्सव की तैयारियों के लिए संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठ सक्रिय हो गए हैं।

अजमेर में लंपी रोग से पीडित गोवंश की सेवा में जुटे समाजसेवी

0

अजमेर। लंपी स्कीन रोग महामारी से पीड़ित गऊ माता के उपचार में उपयोगी औषधी से निर्मित आयुर्वेदिक लड्डू वितरण में विभिन्न सामाजिक संगठन, समाजसेवी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को हेमराज खारोलिया अपनी पूरी टीम के साथ वार्ड 45 में पहुंचे।

वार्ड पार्षद बीना टांक व उनके पति बालमुकुंद टांक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं से औषधी वाले लड्डू बनवाए गए। ये लड्डू गो पालकों को प्रदान किए गए साथ ही सडकों पर यहां वहां भटक रही लंपी रोग से पीडित गायों को उचित मात्रा में खिलाए गए।

अजमेर शहर में पीडित पशुओं के लिए आयुर्वेदिक लड्डू की जरूरत पडने पर सेवा कार्य में लगी टीम के सदस्य प्रदीप काछवा, बालकिशन कछावा, राजेश चौहान, हिमांशु गहलोत, रवि कच्छावा, जय भाटी, पवन गहलोत, मीहीर टांक, निखिल जाटव, प्रमोद कछावा, भूपेंद्र टांक, कशिश टांक आदि सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं।

घायल गोवंश के लिए उपलब्ध कराई दवाएं

लायंस क्लब अजमेर आस्था ने सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश शर्मा के सहयोग से पंचशीलनगर में अस्थाई रूप से स्थापित आइसोलेशन सेंटर पर लंपी स्कीन रोग महामारी से पीड़ित गऊ माताओं के उपचार में कार्य आने वाली दवाएं आदि चिकित्सा स्टाफ को भेंट की साथ ही गोवंश का पूरी निष्ठा से इलाज कर रहे डॉक्टर्स की टीम के प्रति आभार प्रकट किया। अध्यक्ष लायन घेवर चंद नाहर ने बताया कि लायन अतुल पाटनी के संयोजन में आइसोलेशन सेंटर पहुंचकर दवाएं, बैंडेज सौंपी।

3000 औषधि युक्त लड्डु गायों को खिलाए

मदनगंज किशनगढ में लम्पी रोग से गौवंश की रक्षा के लिए अब युवा आगे आ रहे हैं। आज किशनगढ मे गौवंश को बचाने के लिए भाजपा युवा नेता सुभाष चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 3000 औषधीय लड्डू किशनगढ के विभिन्न क्षेत्रों में लम्पी बीमारी से ग्रसित गोवंश को खिलाए।

सेवा कार्य का प्रारंभ रामनेर रोड स्थित चुंगीवाले बालाजी के मन्दिर में प्रार्थना कर किया गया। नगर परिषद के कांजी हाउस में गायों की सेवा के बाद गौसेवकों की टीम के सदस्य राजेश नुवाल ने पुराना एरिया, मंगलजी ने लुहार कॉलोनी, मुकेश प्रजापत ने कांजी हाउस, इन्द्रा कॉलोनी व तेली मौहल्ला, मोहित धाबाई एवं तरूण शर्मा ने कृष्णापुरी ऊंटडा रोड, चन्द्र प्रकाश ने करणी कॉलोनी, करण ने बजरंग कॉलोनी, रोहित ने क्रेसर वाली गली व देना बैंक, नन्दकिशोर प्रजापति ने राजारेडी, जगपाल सिंह, किशनसिहं ने सिंधी कॉलोनी, सोनू बोखलानी ने रामदेव कॉलोनी, बाबूलाल कुम्हार ने रूपनगढ रोड, रामू चौधरी ने प्रेमनगर, कालू कुम्हार व सूरज साहू ने राजारेडी, मेघराज साहू प्रेमसाहू व रणजीत चौधरी ने रामनेर रोड पर लड्डू वितरण किया।

गौ माता के इस औषधी वितरण कार्यक्रम में पार्षद मनेन्द्र सिंह, हिम्मत सिंह, मानाराम चौधरी, बलराम सामरिया, रामदेव प्रजापत, भैरूलाल मालाकार, भागचन्द कुमावत, शंकर शर्मा, मेघराज मौर्य, प्रदीप चौधरी, गोपाल शर्मा, रामदयाल ओबीसी मोर्चा सुरसुरा मण्डल, मनीष हिंगोनिया, आकाश यादव, अमित अग्रवाल, पुखराज प्रजापत, जुम्मन अली, सानू साहू, अनील साहू, कैलाश साहू का भरपूर सहयोग रहा।

भिनाय में ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न

0

अजमेर। भिनाय कस्बे के खेल मैदान मे ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का समापन माननीय विधायक राकेश पारीक के मुख्यआतिथ्य, पंचायत समिति भिनाय के प्रधान सम्पतराज लोढा की अध्यक्षता, भामाशाह जनसेवक संग्राम सिंह गुर्जर के विशिष्ठ अतिथ्य तथा उपखंड अधिकारी प्रभात त्रिपाठी, विकास अधिकारी सीमा गौड़, विजय धाभाई के सान्निध्य में हुआ।

मुख्य अतिथि विधायक पारीक ने कहा कि जीतने वाले खिलाडियों से मेरी मिलने की इच्छा थी इसलिए में पुनः समापन में उपस्थित हुआ हूं। पारीक ने सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया विशिष्ट अतिथि संग्राम सिंह गुर्जर, मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी बद्रीनारायण मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय धाबाई ने समारोह को संबोधित किया।

मुख्य अतिथि विधायक पारीक ने विजेता टीमों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र तथा शारीरिक शिक्षकों को टी शर्ट प्रदान की। भामाशाह रतन लाल बांगड़ा, गोयल को भी सम्मानित किया। सभी टीमों की भोजन आदि की व्यवस्था के लिए भामाशाहो, पंचायत समिति सदस्यों, सरपंचों का बहुमान किया गया।

कार्यक्रम में कैलाश मिश्रा, राकेश शर्मा, सरपंच बच्छराज जाट, गणपत ग्वाला, आलोक गंगवाल, पंचायत समिति सदस्य राजू रावत, दिनेश कुमार शर्मा, राधे श्याम शर्मा, वहिद देशवाली सहित कांग्रेस कार्यकर्ता, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी सहित ग्रामीण उपस्तिथ रहे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रावती तेजवानी एवं अर्जुन खींची ने किया।

राजस्थान में AIMIM तीसरी पार्टी के रूप में उभरेगी : असदुद्दीन औवेसी

सीकर। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने दावा करते हुए कहा है राजस्थान में एआईएमआईएम तीसरी पार्टी के रूप में उभरेगी। औवेसी बुधवार को सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस एवं भाजपा कबड्डी का खेल खेलती है, अब तीसरी ताकत के रूप में उनकी पार्टी मजबूती से उभर कर इस खेल को खत्म कर देगी। उन्होंने कहा जब तक आपके पास अपनी एक सियासी आवाज नहीं होगी तब तक आप अपने मसलों को हल नहीं करवा सकते।

उन्होंने कहा कि हमें वर्षों से वोट डालने वाला बनाया जा चुका है। अब हमें वोट लेने वाला बनना है। उन्होंने कहा कि जब तक अपने वोट से अपने नुमाइंदे को कामयाब नहीं करोगे तो आपको इंसाफ नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा हैदराबाद तेलंगाना में सात मुस्लिम विधायक हैं जिनका बजट 1728 करोड़ रुपए हैं जबकि राजस्थान में नौ विधायक होने के बाद भी अल्पसंख्यकों का बजट 98.55 करोड़ है। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि राजस्थान में इतना कम बजट क्यों है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के अल्पसंख्यक के नौ विधायक कमजोर एवं बेबस है जिनकी आवाज को सुना नहीं जाता। उन्होंने जाट, राजपूत व गुर्जर समाज की मिसाल देते हुए संगठित होने की बात कही।

औवेसी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अग्निपथ योजना देश हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान चीन मिलकर भारत को ललकार रहे हैं। इस समय पर अग्निपथ योजना नहीं लानी चाहिए। इसे वापस लेने की जरूरत है।

ओवैसी राजस्थान दौरे पर हैं और वह इस दौरान पांच जिलों के अल्पसंख्यक वोटरों की नब्ज टटोल रहे हैं। उन्होंने सीकर के लक्ष्मणगढ़ के खीरवां और झुंझुनूं के नवलगढ़ में भी जनसभा को संबोधित किया।

BCCI संविधान संशोधन : गांगुली और शाह के पद पर बने रहने का रास्ता साफ

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अपने संविधान में संशोधन की अनुमति दे दी। शीर्ष अदालत के इस फैसले से बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली और सचिव जय शाह को अपने-अपने पदों पर अगले तीन साल और बने रहने का रास्ता साफ हो गया।

न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने बीसीसीआई पर सुनवाई करते हुए उसके द्वारा संविधान में प्रस्तावित संशोधनों की गुहार स्वीकार कर ली।

बीसीसीआई का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, न्याय मित्र के रूप वरिष्ठ अधिवक्ता मनिंदर सिंह और अन्य की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश पारित किया।

शीर्ष अदालत ने कहा कि उसका विचार है कि प्रस्तावित संशोधन ‘कूलिंग-ऑफ’ अवधि की भावना और उद्देश्य को कमजोर नहीं करेगा। अगर किसी व्यक्ति ने बीसीसीआई या राज्य संघ स्तर पर दो कार्यकाल पूरे कर लिए हैं।

संविधान संशोधन के बाद पदाधिकारियों का अब अधिकतम 12 वर्ष, राज्य संघ स्तर पर तीन वर्ष के दो कार्यकाल और बीसीसीआई में तीन वर्ष के भी दो कार्यकाल हो सकता हैं।

शीर्ष अदालत द्वारा 2018 में अदालत द्वारा नियुक्त न्यायमूर्ति आर एम लोढ़ा समिति द्वारा सुझाए गए बड़े सुधारों को स्वीकार करने के बाद बीसीसीआई ने बड़े पैमाने पर सुधार किए हैं।

कोर्ट में सुनवाई के दौरान रो पड़े बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता शहर की एक अदालत ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की जेल हिरासत की अवधि बुधवार को बढ़ा दी।

स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) भर्ती घोटाले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए गए चटर्जी ने इससे पूर्व वर्चुअल सुनवाई के दौरान अदालत में आंसू बहाते हुए कहा कि जमानत दो, मुझे जीने दो।

एक अन्य आरोपी और अब जेल में बंद अर्पिता मुखर्जी की भी वर्चुअल पेशी की गई। न्यायाधीश विद्युत कुमार रॉय ने चटर्जी और अन्य आरोपी अर्पिता मुखर्जी दोनों की न्यायिक हिरासत दो सप्ताह और बढ़ा दी। चटर्जी को (ईडी) ने 23 जुलाई को गिरफ्तार किया था। कई दिनों तक ईडी की हिरासत में रहने के बाद, वह वर्तमान में प्रेसीडेंसी जेल में बंद है।