Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 598 -
होम ब्लॉग पेज 598

इलेक्ट्रिक बाइक के शोरूम में लगी भीषण आग, 8 पर्यटकों की मौत

हैदराबाद। तेलंगाना में हैदराबाद से लगे सिकंदराबाद में एक बहुमंजिला इमारत के भूतल पर स्थित ई-बाइक शोरूम में सोमवार की रात भीषण आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ई-बाइक शोरुम में रात करीब 11 बजे आग लग गई और ऊपरी मंजिल पर एक लॉज को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान करीब 25 पर्यटक लॉज में ठहरे थे।

मौके पर पहुंचे हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने बताया कि आग में आठ पर्यटकों की मौत हो गयी जबकि जान बचाने के प्रयास में लॉज से नीचे कूदने का प्रयास कर रहे छह अन्य लोग घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि घायलों में एक की हालत गंभीर है जबकि बाकी खतरे से बाहर हैं। घटनास्थल पर पहुंचे दमकलों के जरिए आग पर काबू पाया और लॉज में फंसे लोगों को वहां से बाहर निकाला गया। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली और मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव भी मौके पर पहुंचे। यादव ने कहा कि बचाव अभियान जारी है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, 25 पर्यटक लॉज में हैं और बचाव कार्य जारी है। मंत्री ने कहा कि घायल पांच पर्यटकों को गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सबगुरु राशिफल : 13 सितम्बर मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। अश्विन मास, कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.37 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष : आज व्यापार में लाभ होगा। नौकरी में उन्नति का योग बनेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। आज अधिक से अधिक काम करने की कोशिश करें क्योकि आपको आज के अपने सब कामों में सफलता मिलेगी। आप अपने किसी करीबी से सलाह ले सकते हैं। अगर आप अपनी चीज़ों का ध्यान नहीं रखेंगे, तो उनके खोने या चोरी होने की संभावना है। नजदीकी लोगों से कई मतभेद उभर सकते हैं। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको एक मनोवैज्ञानिक अंतर्दृष्टि प्रदान करता है, जो आपको निर्णय लेने में सहायता प्रदान करेगा। आपका मित्र आज आपको एक मूल्यवान प्रतिक्रिया दे सकता है।

वृषभ : आज व्यावसायिक स्थल पर अनुकूल वातावरण रहेगा। उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होंगे। प्रमोशन के योग हैं। आज आपको सच बोलने से कार्य में सफलता मिलेगी अधिकारी कार्यशैली से प्रसन्न होंगे। वैवाहिक चर्चा में सफलता मिलने से उत्साहित रहेंगे। मुहब्बत का सफर प्यारा, मगर छोटा होगा। आपकी संप्रेषण की क्षमता प्रभावशाली साबित होगी। परिश्रम द्वारा आर्थिक क्षेत्र में सफलता अर्जित करेंगे। भाई बंधुओं की नौकरी व्यवसाय शिक्षा आदि की चिंता का समाधान हो सकता है आपकी कार्यकुशलता और स्वास्थ्य उत्तम बना रहेगा। आपका तेज काम आपको प्रेरित करेगा।

मिथुन : आज आपके व्यावसायिक स्थान पर कार्य भार बढ़ेगा। व्यापार-धंधे में लाभ होने की संभावना है। आपके घरेलू जीवन में अशांति का वातावरण देखने को मिल सकता है। बेहतर प्रयासों से आपको सफलता मिलेगी और आपकी आमदनी में भी वृद्धि की संभावना है। स्वास्थ्य सामान्य रूप से मध्यम रहेगा। अपना कार्य समय पर कर ले। बुजुर्गो के व्यवहार में कमी आ सकती है। जीवन साथी के साथ हाथ से हाथ मिला के चलना होगा। आप शांत होकर विचार करें और अपने काम पर ध्यान दे। किसी दुर्घटना कि वजह से चोट न लगे इसका खास ध्यान रखें। कारोबारी प्रतिस्पर्धा में यदि आगे निकलना है तो विश्लेषण भली-भांति कर लें।

कर्क : आज अचानक से धन लाभ होने के योग है जिस से धन की तंगी दूर होगी। पारिवारिक सदस्य भी सहयोग व समर्थ देंगे। बुरे लोगों से दूर रहने की कोशिश करें। परिवार वालों की मांगों को पूरा करने में पूरा दिन और धन खर्च होगा आपका मजाकिया स्वभाव आपके चारों ओर के वातावरण को खुशनुमा बना देगा। आज वे कपड़े न पहनें जो आपके प्रिय को पसंद न हों। अपनों के साथ विनम्रता से पेश आए। आप अभी काफ़ी दबाव में होने के कारण आपको रिश्ते निभाने में मुश्किल हो सकती है। आपको सहकर्मियों की सहायता करनी पड़ेगी।

सिंह : आज आपके दिमाग में मनोरंजन की बात छाई रहेगी। आगे कदम बढ़ाएं और आपने दोस्तों और परिवार जनों के साथ मिल कर कुछ खास करें। नौकरी-व्यवसाय के जगह भी साथी कर्मचारियों का और उच्च पदाधिकारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण न होने से मानसिक हताशा पैदा हो सकती है। संतान के संबंध में समस्या आएंगी। विरोधियों के साथ वाद-विवाद में उतरना अच्छा नहीं है। आज आप अपने सभी कामों को एक तरफ रख कर सिर्फ मौज-मस्ती करेंगे। आज आप ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुँचा सकते हैं। काम-काज से तनाव बढेगा। कोई नया काम या प्रोजेक्ट मिल सकता है।

कन्या : आज कामकाज की जिज्ञासा बढ़ेगी। सुखवृद्धि एवं पारिवारिक उन्नति होगी। परिवार में क्लेश, मनमुटाव हो सकता है। निद्रा का अभाव रहेगा। मानहानि होने की आशंका है। आर्थिक योजनाओं में धन का निवेश हो सकता है। पड़ोसियों से किसी बात पर मतभेद की संभावना है। भविष्य को लेकर बेकार में चिंता करते रहना आपको बेचैन कर सकता है। मित्रों से मुलाकात होगी। कारोबार में अच्छी खबर मिलेगी। परिश्रम से इच्छित सफलता मिलेगी। शुभचिंतकों का हार्दिक सहयोग रहेगा। महत्वपूर्ण लोगों के साथ बातचीत करते वक़्त अपने शब्दों को गौर से चुनें।

तुला : आज पैसों के संबंध में बड़े फैसले के लिए किसी से सलाह लेनी पड़ सकती है। कारोबार में इजाफा होगा। आमदनी के नए माध्यम नजर आएंगे। किसी पुराने प्रोजेक्ट या काम को शुरु करने के लिए आज का दिन शुभ है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए किसी से सिफारिश करवानी पड़ सकती है। आत्मविश्वास से कार्य सिद्ध होंगे। आर्थिक योजनाएं सफलतापूर्वक सिद्ध होंगी। मानसिक प्रसन्नता रहेगी। वस्त्राभूषण हेतु खर्च होगा। सफलता हासिल करने के लिए समय के साथ अपने विचारों में बदलाव लाएँ। इससे आपका दृष्टिकोण व्यापक होगा, समझ का दायरा बढ़ेगा, व्यक्तित्व में निखार आएगा और दिमाग विकसित होगा।

वृश्चिक : आज कार्यस्थल पर आपको सफलता मिलेगी। आपके ऑफिस में काम का बोझ बढ़ सकता है। व्यवसायिक प्रतिद्वंदी आज शांत रहेंगे। कार्यों में देरी होने की सम्भावना है। आज के दिन आपको थोडी बहुत प्रतिकूलताओं का सामना करना पड़ सकता है। व्यवसाय वर्ग से जुड़े हुए लोगों के लिए आज के दिन विदेश से लाभ प्राप्त हो सकते हैं। आपको इस अवसर का लाभ उठाने के लिए खुद को उसके अनुसार डालना होगा।आज के दिन आपके विरोधी भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। जोखिम लेने से बचे। संयम रखे आपको सफलता जरूर मिलेगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। आज आपकी सृजनात्मक शक्ति श्रेष्ठ रहेगी।

धनु : आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। मित्र भी आपके पक्ष में खड़े रहकर आपकी मदद करते नजर आएंगे। भाग्य आपके साथ है और सफलता आपके कदम चूमेगी। आज रिश्तों को समय दें। दोस्तों और परिजनों से बात करते समय सोच समझकर बोलें, किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। आज किसी अनजान शख्स से सलाह ना लें। धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। अपना व्यवहार सकारात्मक बनाए रखें। आपको आज अच्छे से प्रदर्शन करना होगा जिस वजह से आपको सभी लोगों से अपने काम के लिए सराहना मिलेगी। जल्द ही सफलता के द्वार खुलेंगे।

मकर : आज आपको व्यापार-सम्बंधित कार्यों में लाभ होगा। आज का दिन आपके लिए सुखद समाचार ला सकता है। थोड़े प्रयत्न से आपको ज्यादा लाभ होगा। दिन के कामों को सेहत बाधित कर सकती है। विवाद सुलझाने का सही समय है। ऑफिस में संभलकर रहें वरना मुसीबत आएंगी। मुद्दों पर स्पष्टता से समस्याएं सुलझेगी। धैर्य से कार्य करें सफलता मिलेगी। धन का व्यय बढ़ेगा। अपनी दोस्ती सोच समझ कर करें। बुरे लोगो के संगत से बचे यह आपके लिए हानिकारक है। आज के दिन कार्यक्षेत्र में आप अपना आपा खो सकते हैं। संतान की जरूरतों पर ध्यान देना होगा।

कुंभ : आज आप आनन्द का अनुभव करेंगे। काम पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे। मेहनत भी बहुत रहेगी। कुसंगति से बचें। कार्यक्षेत्र में अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए आप हर संभव कोशिश कर सकते हैं। जितना धैर्य रखेंगे आपके लिए उतना ही बेहतर होगा। कार्यों में भाग्य का साथ प्राप्त होगा। आप पैसा बना सकते हैं, बशर्ते आप अपनी जमा-पूंजी पारम्परिक तौर पर निवेश करें। परिवार के लोगों के साथ हंसी-मजाक से दिन खुशनुमा बीत सकता है। किसी भी नये कार्यो में रूकावट पैदा हो सकती है। अतः आप इस समय नये कार्य को शुरू न करें। क्रोध को अपने उपर हावी न होंने दें अन्यथा बनी बनाई योजनाओं पर पानी फिर सकता है।

मीन : आज अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। छोटी परेशानियां आपको घेरे रहेंगी। इस बात का विशेष ध्यान रखें की आपके फैसले से ऐसी किसी व्यक्ति को दुःख न हो जो आप पर भावनात्मक रूप से निर्भर है। आज आपका विशेष ध्यान दोस्तों पर रहेगा। आपकी सोच-विचार में असामान्य स्पष्टता रहेगी। किसी पुराने दोस्त से या तो आप मिलेंगे या उनमे से कोई आपसे मिलने आज अचानक चला आएगा। बिजनेस में नुकसान होने की आशंका है। आज का दिन सभी गलतफहमी को दूर करने और अपने रिश्ते के जीवन की शक्ति को नवीनीकृत करने के लिए एकदम सही है।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव देव ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा

अगरतला। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव ने राज्यसभा की रिक्त सीट के उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। राज्य में राज्यसभा की इकलौती सीट तीन महीने पहले राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री डा मानिक साहा के इस्तीफे के चलते रिक्त हुई थी। डा साहा ने मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

विधानसभा सचिव के समक्ष पर्चा प्रस्तुत करने के समय देव के साथ मुख्यमंत्री डा साहा, उपमुख्यमंत्री जिशनू देव वर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजिब भट्टाचारजी, कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद थे। राज्यसभा उपचुनाव में इस सीट के लिए मतदान 22 सितंबर को होगा।

नामांकन दाखिल करने के बाद देव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा निर्देशन में त्रिपुरा में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार जनकल्याण के लिए काम कर रही है। पिछले साढ़े चार सालों में त्रिपुरा में विकास का ग्राफ देश के अन्य बड़े और विकसित राज्यों की तुलना में तेजी से बढ़ा है।

उन्होने कहा कि मै दावे के साथ कहता हूं कि त्रिपुरा की जनता सीपीआई एम और कांग्रेस को 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर हार का मुंह दिखलाएगी क्योंकि इन दोनों दलों के उत्पीड़न का शिकार राज्य की जनता हुई है।

उस समय निष्पक्षता और पारदर्शिता का सर्वथा अभाव था। सरकार की योजनाओ का लाभ सिर्फ दोनो दलों के कार्यकर्ताओं को मिलता था और यही कारण था कि पिछले पांच दशकों में यह राज्य गरीबी के दंश से नहीं उबर सका मगर भाजपा सरकार ने सरकारी तंत्र में पारदर्शिता के जरिये सरकार की योजनाओ को जन जन तक पहुंचाया और पूर्वाेत्तर राज्य विकास के पथ पर बढ चला है।

सुप्रीम कोर्ट का सरकार को आदेश, ‘जासूस’ को 10 लाख का मुआवजा

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने भारत के लिए पाकिस्तान में जासूसी के आरोप में वहां की जेल में 14 साल कैद रहने का दावा करने वाले 75 वर्षीय एक व्यक्ति को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने का आदेश केंद्र सरकार को सोमवार को दिया।

मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित और न्यायमूर्ति एस रवींद्र भट की पीठ ने मुआवजे का आदेश पारित करते हुए स्पष्ट किया कि अदालत उनके दावों पर अपना विचार व्यक्त नहीं कर रही, बल्कि इस मामले के समग्र दृष्टिकोण को देखते हुए‌ याचिकाकर्ता को मुआवजे का भुगतान किया जाना चाहिए।

केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल विक्रमजीत बनर्जी ने महमूद अंसारी द्वारा दायर याचिका का जोरदार विरोध करते हुए कहा कि मुआवजे के निर्देश का मतलब उनके द्वारा किए गए दावों को स्वीकार करना होगा।

याचिकाकर्ता की ओर से पेश अधिवक्ता समर विजय सिंह ने दलील देते हुए कहा कि वह (अंसारी) जून 1974 में रेल मेल सेवा में कार्यरत थे। उन्हें राष्ट्र के प्रति अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए विशेष खुफिया ब्यूरो से एक प्रस्ताव मिला और उन्हें एक विशिष्ट कार्य करने के लिए दो बार पाकिस्तान भेजा गया था।

याचिकाकर्ता का दावा है कि दुर्भाग्य से उसे पाकिस्तानी रेंजर ने रोक लिया और 12 दिसंबर 1976 को गिरफ्तार कर लिया था। अंसारी ने दावा किया कि पाकिस्तान में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम 1923 के तहत उन पर मुकदमा चलाया गया और 1978 में उन्हें 14 साल के कारावास की सजा सुनाई गई। इसके बाद जुलाई 1980 में उन्हें डाक विभाग की सेवाओं से बर्खास्त करने के लिए एक आदेश पारित किया गया था।

याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता ने हमेशा विभाग को सभी तथ्यों और परिस्थितियों से अवगत कराया, असाइनमेंट पर जाने से पहले प्रतिवादी को अपना अवकाश आवेदन प्रस्तुत किया और उन सभी को इस बात की जानकारी है कि याचिकाकर्ता छुट्टी क्यों ले रहा है। इसके अलावा उन्होंने विभाग में अपने पते भी बदलाव किया और पाकिस्तान में गिरफ्तारी के बाद उन्होंने उस विभाग को सूचना भेज दी थी, जिसे उस पर विधिवत तामील दी गई थी।

याचिकाकर्ता ने अपने तर्क में कहा कि पाकिस्तान में अपनी कैद की अवधि के दौरान अपने ठिकाने के बारे में संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए कई पत्र लिखे, लेकिन कोई असर नहीं हुआ था।

मथुरा : अब मीना मस्जिद को हटाने के लिए दायर हुआ मुकदमा

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थान की जमीन पर शाही मस्जिद ईदगााह को हटाने की मांग को लेकर अदालत में विचाराधीन मुकदमे के बीच ही एक और मस्जिद को हटाने की मांग करते हुए स्थानीय अदालत में मुकदमा दायर किया गया है।

अखिल भारत हिन्दू महासभा के राट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने सोमवार को मुकदमा दायर कर कटरा केशवदेव मन्दिर की 13.37 एकड़ भूमि के एक भाग में मीना मस्जिद के बने होने का दावा करते हुए इसे हटाने के लिए सिविल जज सीनियर डिवीजन ज्योति सिंह की अदालत में मुकदमा दायर किया है।

वादी पक्ष के अधिवक्ता दीपक शर्मा ने बताया कि इस मुकदमे को पंजीकृत कर लिया गया है। इस सुनवाई के लिए 26 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि मुकदमे को ठाकुर केशवदेव जी महराज विराजमान मन्दिर कटरा केशवदेव के वाद मित्र एवं अर्चक की हैसियत से गोवर्धन निवासी दिनेश शर्मा ने दायर किया है। इस वाद में यूपी सुन्नी सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ के अध्यक्ष एवं इन्तेजामिया कमेटी मीना मस्जिद के सचिव को प्रतिवादी बनाया गया है।

वाद में कहा गया है कि केशवदेव मन्दिर की उक्त भूमि के एक भाग में यह मस्जिद बना ली गई है तथा उसमें कुछ काम चल रहा है। वादी का आरोप है कि उसने प्रतिवादियों से इसे हटाने के लिए भी कहा था किंतु प्रतिवादियों ने इसे नहीं हटाया। इसके उलट वादी को धमकियां दी जाने की बात भी अर्जी में कही गयी है।

वाद में यह भी कहा गया है कि वादी यह वाद इसलिए दायर कर रहा है कि वह हिन्दू संस्कृति में विश्वास करता है तथा उसका परम उद्देश्य है कि वह ठाकुर केशवदेव महराज की सम्पत्ति को महफूज (बचाने या सुरक्षित) करने का प्रयास करे। वाद में यह भी कहा गया है कि वादी को उक्त अवैध निर्माण रूकवाने और हटवाने का पूरा अधिकार है।

भाजपा किसान मोर्चा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 14 से किशनगढ़ में

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का दो दिवसीय सेन्ट्रल वेस्ट जोन प्रशिक्षण शिविर 14 सितंबर से राजस्थान में अजमेर के किशनगढ़ में आयोजित किया जाएगा।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रिणवां ने आज यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि शिविर में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर तथा भाजपा राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां एवं भाजपा महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर, केन्द्रीय कृषि मंत्री कैलाश चौधरी एवं केन्द्रीय स्तर के कृषि विशेषज्ञों, कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न सत्रों को सम्बोधित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि किशनगढ़ में सुशांत सिटी स्थित होटल रामाड़ा में आयोजित इस शिविर में मध्य-पश्चिम क्षेत्र के छह राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, दादर नगर हवेली, दमन दीव के भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी सहित 225 कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में राजस्थान से 64 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।

रिणवां ने बताया कि शिविर में उदघाटन एवं समापन तक दो दिन में 14 विषयों पर चर्चा होगी। इस दौरान किसानों को लेकर कार्यशाला का आयोजन भी होगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान इन छह राज्यों के मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के चर्चा से एक दूसरे के राज्य में किसानों एवं खेती के लिए नवाचारों, किसान हित की योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसान हित में केन्द्र सरकार द्वारा किए गए निर्णयों से किसानों को समृद्धशाली बनाने के लिए नवाचार तथा अनुसंधान को बढ़ावा मिला है, जिसके कारण उत्पादन में वृद्धि हुई तथा गुणवतायुक्त कृषि जिन्स प्राप्त होने लगी है।

उन्होंने राजस्थान में पशुओं में फैल रही लंपी स्किन बीमारी की चर्चा करते हुए कहा कि मोर्चा ने राज्य सरकार से बीमार पशुओं का उचित इलाज करने एवं इस बीमारी की रोकथाम तथा इससे पशुओं के मरने से किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की हैं। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव भी मौजूद थे।

राजस्थान की जनता पायलट को देखना चाहती है मुख्यमंत्री : राजेन्द्र चौधरी

जयपुर। राजस्थान में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में कांग्रेस के नेता अब खुलकर सामने आने लगे हैं और कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि जनता की भावना है कि सचिन पायलट मुख्यमंत्री बने।

चौधरी आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सचिन पायलट को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है और उन्हें लोग कहते हैं कि हमने तो पायलट को देखकर वोट दिया था। उन्होंने कहा कि वह जो जनता चाह रही है वही बात बिना लाग लपेट के वह बता रहे है।

उन्होंने कहा कि उनके गांव के बुजुर्ग लोग मुझे कह रहे है कि सोनिया गांधी को समझाओं, हमें ठगा गया है। उन्होंने कहा कि जनभावना को समझकर उसके अनुसार काम नहीं किया गया तो परिणाम नहीं मिलेगा, जनता जो चाहती है, उसकी कद्र करनी होगी। जनभावना के अनुसार फैसले नहीं करने पर नुकसान ही होता है। उन्होंने कहा कि जनता की बातों पर गौर करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब हमारी सीटें 21 पर आ गई थीं, तब पायलट को राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर भेजा गया और पायलट ने मेहनत की, जब विधानसभा चुनाव हुए तो पायलट ने पार्टी को 21 सीटों से सौ पर पहुंचाया और कांग्रेस की सरकार बनी। छह महीने बाद ही लोकसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस सभी 25 लोकसभा सीट हार गई। छह महीने में ही सरकार ने ऐसा क्या बुरा कर दिया था। इस पर चिंतन करने की जरूरत है। जनता ने छह महीने बाद ही जो परिणाम दे दिया, यह संकेत था कि सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनाने पर ऐसा हुआ है।

चौधरी ने सचिन पायलट के जन्मदिन की चर्चा करते हुए कहा कि उनके जन्म दिन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जन्म दिन पर कभी ऐसी भीड़ नहीं देखी गई। यह जनसैलाब अपने आप में एक पैमाना है कि राजस्थान की जनता किस नेता की तरफ हैं।

पुष्कर सरोवर में स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की अस्थियों का विसर्जन


अजमेर
। राजस्थान में गुर्जर आरक्षण संघर्ष आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की अस्थियों को आज अजमेर के पुष्कर सरोवर के सभी 52 घाटों पर उनके पुत्र विजय बैंसला, परिजन तथा दूरदराज से आए गुर्जर समाज के हजारों लोगों ने धार्मिक रीति से विसर्जित कर दिया।

स्वर्गीय बैंसला की अस्थियों के 52 कलश तैयार किए गए थे और मुख्य विसर्जन सरोवर के गुर्जर घाट से किया गया। विसर्जन के समय शंखों की ध्वनि एवं कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला अमर रहे के नारे गुंजायमान होते रहे। इस अवसर पर स्वर्गीय कर्नल बैंसला की आदमकद मूर्ति का भी अनावरण किया गया जिसे पुष्कर के ही गुर्जर भवन में स्थापित किया गया।

खास बात यह रही कि मूर्ति का अनावरण आंदोलन में शहीद हुए 73 लोगों के परिजनों ने संयुक्त रुप से किया। इससे पहले पुष्कर के मेला मैदान पर अस्थि विसर्जन कार्यक्रम के पूर्व सामाजिक सभा आयोजित की गई जिसमें एमबीसी समाज (गुर्जर, रेबारी, राइका, देवासी, गडरिया, बंजारा, गाडरी, गायरी एवं गाड़िया लुहार) की विशाल श्रद्धांजलि एवं सामाजिक सभा आयोजित की गई जिसमें राजनेताओं के अलावा समाज के प्रमुख लोगों ने कर्नल बैंसला की जीवनी पर प्रकाश डाला और गुर्जर आंदोलन के दौरान समाज के प्रति उनके समर्पण एवं संघर्ष को याद किया।

आंदोलन के दौरान हुए शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभा में कर्नल बैंसला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज के प्रति उनके योगदान को नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने जिस संघर्ष के साथ सामाजिक लड़ाई लड़ी उसने गुर्जर समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है।

बिरला ने गुर्जर समाज को यशस्वी एवं गौरवपूर्ण समाज करार देते हुए कहा कि उन्होंने दूध पिलाकर सामाजिक सेवा का काम किया है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। सभा को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने भी संबोधित करते हुए कर्नल बैंसला के जुझारू व्यक्तित्व को याद किया।

मंच की ओर उछाले जूते चप्पल

सभा में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब खेल मंत्री अशोक चांदना ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का संदेश पढ़ना शुरू किया तब सभा में मौजूद पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। यहां तक की मंच की ओर जूते चप्पल भी उछाल दिए।
एक बार सभा में अफरातफरी मच गई जिसे पुलिस ने बमुश्किल नियंत्रित किया।

दरअसल, मुख्यमंत्री गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत को संदेश पढ़ना था लेकिन सभा में बिगड़े माहौल को देखते हुए वैभव गहलोत ने अशोक चांदना को यह जिम्मेदारी दी जिसे पायलट समर्थकों ने नकार दिया। सभा में प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़, पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी, धीरज गुर्जर, अलका गुर्जर, मंत्री शकुंतला रावत, निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, विधायक वासुदेव देवनानी, पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

विजय बैंसला ने की एमबीसी की वकालात

कर्नल बैंसला के पुत्र विजय बैंसला ने स्पष्ट कहा कि हम उस राजनीतिक दल के साथ खड़े हैं जो हमारे साथ खड़ा रहेगा। राज्य की 200 विधानसभा सीटों में से 75 सीटों पर एमबीसी समाज का वर्चस्व है। ऐसे में हमें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। उन्होंने आरक्षण आंदोलन के संबंध में कहा कि आरक्षण चालू है। इस पर अभी क्या चर्चा करना ये रुकेगा तो चर्चा भी होगी और आंदोलन भी। उन्होंने गुर्जर समाज की राजनीतिक उपेक्षा को अब आगे बर्दाश्त नहीं किए जाने के भी संकेत दिए। आज की महापंचायत एक तरह से अस्थि विसर्जन के साथ साथ शक्ति प्रदर्शन का हिस्सा रही जिसमें 70-80 हजार लोग शामिल हुए।

बिशप प्रेमचंद्र सिंह नागपुर एयरपोर्ट से अरेस्ट, रिमांड पर सौंपा

जबलपुर। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने बिशप प्रेमचंद्र सिंह को आज महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। ईओडब्ल्यू ने बिशप पीसी सिंह को जिला न्यायालय में पेश किया, न्यायालय ने चार दिन की रिमांड ईओडब्ल्यू को प्रदान की है।

ईओडब्ल्यू एसपी देवेन्द्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि बिशप पीसी सिंह के हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी। जैसे ही पता चला कि वह नई दिल्ली-बेंगलूरू से होते हुए नागपुर आ रहे है। इस खबर के बाद ईओडब्ल्यू व अन्य एजेंसियों ने नागपुर एयरपोर्ट पर धेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

बिशप ने पूछताछ में अपने 174 बैंक खाते, 10 एफडी में 2 करोड़ 2 लाख 94 हजार 190 रुपए होने की जानकारी दी है। बिशप 8 से 10 गनमैन के सुरक्षा घेरे के बीच चलता रहा, यहां तक कि उसके नेपियर टाउन स्थित बंगले में भी गनधारी तैनात रहते थे।

ईओडब्ल्यू की पूछताछ में बिशप ने 10 एफडी व 174 बैंक खाता होने की बात कही है, जिसमें पीसी सिंह के 128 बैंक खाते व उसके परिजनों के नाम है, वहीं 46 बैंक खाते शैक्षणिक संस्थाओं के है। बिशप के खिलाफ देशभर में 99 एफआईआर दर्ज है।

बताया गया है कि बिशप मूलत रूप से बिहार का रहने वाला है। 1986 में डायोकेसन कार्यकर्ता के रुप में अपना काम शुरु किया। 1988 में क्राइस्ट चर्च केथेड्रल जबलपुर में डीकन के रुप में नियुक्त हुआ है। इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा 1990 में सेंट आग्स्टीन चर्च बिलासपुर में एक प्रेस्बिटर के रुप में पदस्थ हो गया। 1995 से 1999 तक चेस्ट चर्चा ऑफ क्राइस्ट सीएनआई जबलपुर का प्रेस्बिटर प्रभारी बन गया। 25 अप्रेल 2004 को सीएनआई ने पीसी सिंह को जबलपुर का बिशप बना दिया।

बिशप पीसी सिंह के खिलाफ देशभर के अलग-अलग राज्यों में 99 मामले दर्ज है। इनमें सबसे ज्यादा 42 मामले उत्तरप्रदेश में दर्ज हुए है। इसके अलावा राजस्थान में 24 प्रकरण, महाराष्ट्र में 11, पंजाब में 6, एमपी में 4, छत्तीसगढ़ में 3, दिल्ली में 3 व झारखंड में 3 प्रकरण दर्ज है।

बताया जाता है कि जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम ने बिशप के नेपियर टाउन स्थित आवास पर 8 सितम्बर को सर्च कार्रवाई की थी। कार्रवाई में 1 करोड़ 65 लाख रुपए नगद, 48 बैंक खाते, 18352 यूएस डॉलर, 118 पांउड, 9 लग्जरी गाडिय़ां, 17 संपत्तियों के दस्तावेज व सात करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स न चुकाने का पता चला था।

वाराणसी जिला जज ने ज्ञानवापी प्रकरण में मुस्लिम पक्ष की अर्जी खारिज की

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के जिला न्यायालय ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में श्रृंगार गौरी और अन्य धार्मिक स्थलों पर नियमित पूजा अर्चना करने की मांग से जुड़े मुकदमे को अदालत में सुनवाई के योग्य बताते हुए वाद की पोषणीयता से संबंधित मुस्लिम पक्ष की अर्जी को खारिज कर दिया है।

जिला न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश ने सोमवार को मुस्लिम पक्ष की अर्जी को खारिज कर अपने फैसले में कहा कि उपासना स्थल कानून 1991 और अन्य कानूनी प्रावधान इस मामले में अदालत को सुनवाई करने से बाधित नहीं करते हैं। मुस्लिम पक्ष ने सिविल प्रक्रिया संहिता के नियम 7 आदेश 11 हवाला का देते हुए इस मुकदमे की पोषणीयता को अदालत में चुनौती दी थी। अदालत ने इस मामले में सुनवाई जारी रखने का आदेश देते हुए अगली तारीख 22 सितंबर तय की है।

अदालत ने अपने महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि यह मामला उपासना स्थल कानून 1991 के प्रावधानों से बाधित नहीं है, इसलिए यह वाद सिविल प्रक्रिया संहिता के नियम 07 आदेश 11 के अंतर्गत नहीं आता है। उपासना स्थल कानून 1991 में देश के धार्मिक स्थलों की 15 अगस्त 1947 वाली स्थिति को बरकरार रखने का प्रावधान है। वहीं, सिविल प्रक्रिया संहिता से संबंधित नियम में प्रावधान है कि किसी मौजूदा कानून से प्रतिबंधित होने वाले वाद पर अदालत में सुनवाई नहीं की जा सकती है।

गौरतलब है कि जिला न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश ने उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार इस मुकदमे की पोषणीयता के बारे में सुनवाई की थी। इस पर लगभग दो महीने तक चली सुनवाई 24 अगस्त को पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित कर अगली तारीख 12 सितंबर मुकर्रर की थी।

अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने के बाद हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने संवाददाताओं से कहा कि अदालत ने अंजुमत इंतेजामिया मसाजिद कमेटी द्वारा पोषणीयता से संबंधित अर्जी को खारिज करते हुए मामले की सुनवाई जारी रखने का फैसला सुनाया है। इस बीच मुस्लिम पक्ष के वकील मिराजुद्दीन सिद्दिकी ने कहा कि वह जिला जज के आज सुनाए गये फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे।