Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 599 -
होम ब्लॉग पेज 599

जींद : पति की हत्या करने के जुर्म में पत्नी व प्रेमी को उम्रकैद

जींद। हरियाणा में जींद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश रितु गर्ग की अदालत ने प्रेमी संग मिल पति की हत्या करने के जुर्म में पत्नी तथा उसके प्रेमी को आजीवन कारावास तथा 20-20 हजार रुपए जुर्माना सुनाया है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार गांव नगूरां निवासी राजेश ने तीन अगस्त 2019 को अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका भाई कर्मबीर रात में घर की छत पर चौबारे के बाहर सोया हुआ था। मध्य रात्रि के बाद कर्मबीर की पत्नी पूजा ने शोर मचाया तो परिवार के लोग छत पर पहुंच गए।

कर्मबीर खून से लथपथ चारपाई से नीचे पड़ा हुआ था। सिर तथा छाती पर तेजधार हथियार के निशान थे। परिजनों द्वारा उसे सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राजेश ने आरोप लगाया था कि उसकी भाभी पूजा ने किसी व्यक्ति के साथ मिल कर उसके भाई की हत्या कर दी है। पुलिस ने पूजा एवं एक अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

पुलिस ने जब पूजा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि पूजा के गांव नेहला निवासी विक्रम के साथ प्रेम संबंध था। कर्मबीर तथा पूजा के बीच कहासुनी हुई थी, जिस पर कर्मबीर ने पूजा को थप्पड़ मार दिए थे। पूजा ने विक्रम को बुला लिया।

विक्रम चौबारे में छुप गया फिर रात को योजनाबद्ध तरीके से कर्मबीर की हत्या कर दी। बाद में पुलिस ने विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया था। तभी से मामला अदालत में विचाराधीन था।जिला एवं सत्र न्यायाधीश रितु गर्ग की अदालत ने पूजा तथा विक्रम को आजीवन कारावास तथा 20-20 हजार रुपए जुर्माना सुनाया है।

ज्योतिष एवं द्वारकाशारदा पीठ के नए शंकराचार्य घोषित

नरसिंहपुर। ज्योतिष एवं द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के बृह्मलीन होने के एक दिन बाद आज मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में स्थित झोतेश्वर धाम परिसर में स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का अंतिम संस्कार विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया। वहीं दोनों ही पीठों के नए शंकराचार्य घोषित भी किए गए।

बृह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निज सचिव सुबुद्धानंद बृह्मचारी ने शंकराचार्य की वसीयत के अनुरूप द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य के रूप में स्वामी सदानंद सरस्वती और ज्योतिष पीठ (बद्रिकाधाम) के शंकराचार्य के रूप में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का नाम घोषित किया।

स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती 98 वर्ष के थे और रविवार को दिन में उन्होंने नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव के समीप झोतेश्वर धाम परिसर में अंतिम सांस ली। उनके देवलोक गमन की सूचना के बाद लाखों की संख्या में भक्त और शिष्य झोतेश्वर धाम पहुंचे और शंकराचार्य की पार्थिवदेह के अंतिम दर्शन आज अंतिम संस्कार के पहले तक किए। इसके बाद पूर्ण राजकीय सम्मान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच झोतेश्वर धाम परिसर में ही एक मंदिर के समीप उनकी ‘भूसमाधि’ की विधि पूर्ण की गयी।

इसके पहले आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान झोतेश्वर धाम पहुंचे और उन्होंने स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के अंतिम दर्शन कर उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनेक नेता मौजूद थे। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी सुबह स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की पार्थिव देह के दर्शन किए।

स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का जन्म वर्ष 1924 में नरसिंहपुर जिले से सटे सिवनी जिले के दिघौरी में हुआ था। उनके भक्त देश विदेश में फैले हुए हैं। शंकराचार्य के बृह्मलीन होने की सूचना के बाद से ही उनके भक्त यहां पहुंच रहे हैं।

अलवर : नाबालिग से रेप के दोषी को 20 वर्ष का कारावास

अलवर। राजस्थान में अलवर की पोक्सो अदालत नंबर 3 ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को आज 20 साल की कठोर कारावास और 10 हजार रूपए के जुर्माने से दंडित किया। इसमें गंभीर बात यह है की ट्रायल के दौरान पीड़िता के माता-पिता बयानों से मुकर गए थे। उसके बावजूद साक्ष्य के कारण आरोपी को कठोर सजा सुनाई गई।

विशिष्ट लोक अभियोजक राजकुमार गंगावत ने बताया कि 20 जून 2019 को भिवाड़ी थाने में एक मुकदमा दर्ज हुआ था जिसमें परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन रात डेढ़ बजे बाथरूम के लिए बाहर गई थी लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आई। जब बाहर जाकर देखा तो किरायादार श्याम कुम्हार मूलत निवासी उत्तर प्रदेश हाल भिवाड़ी ने उसके साथ रेप कर रहा था जैसे उसको बचाने गए तो वह वहां से भाग गया।

इस संबंध में पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आज विशिष्ट न्यायाधीश सोहन लाल शर्मा ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी श्याम को 20 साल की कठोर कारावास एवं दस हजार रूपए के अर्थदंड से दंडित किया है।

त्रिपुरा में 70 वर्षीय व्यक्ति नाबालिग से रेप के आरोप में अरेस्ट

अगरतला। त्रिपुरा की एक अवकाशकालीन अदालत ने बेलोनिया के राजनगर के टिल्ला क्षेत्र के निहारनगर अस्पताल में गत एक सितंबर को एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के आरोप में 70 वर्षीय व्यक्ति को रविवार को जेल भेज दिया।

पुलिस ने कहा कि आरोपी व्यक्ति की पहचान अनिल दास के रूप में हुई है, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात उदयपुर के ध्वजनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया था और पूरन राज बाड़ी थाने लाया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता को चॉकलेट का लालच देकर पास के एक रबर एस्टेट में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिवार को इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

नाबालिग पीड़िता ने हालांकि, पिछले छह सितंबर को माता-पिता को घटना के बारे में बताया और आरोपी के खिलाफ पॉस्को अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कहा कि घटना के बाद आरोपी फरार हो कर ध्वजनगर में शरण लिया था।

भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत मामले की जांच करेगी सीबीआई

पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने सोनाली फोगाट की मौत के मामले को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का निर्णय लिया है।

सावंत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस संदर्भ में वे केंद्रीय गृह मंत्री से बात करेंगे। मुख्यमंत्री ने हालांकि दावा दिया कि जांच सही दिशा में चल रही है।

इससे पहले हरियाणा सरकार ने कथित रूप से गोवा सरकार से इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने का आग्रह किया था। हरियाणा के हिसार की रहने वाली सोनाली 23 अगस्त को गोवा के अंजुना अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। शुरूआत में सोनाली की मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया लेकिन पोस्टमॉर्टम से पता चला कि उसके शरीर पर कई चोटें थीं।

देलवाड़ा जैन मंदिर की शिल्पकला मुझे जीवन भर प्रेरित करेगी : मीनाक्षी लेखी

सिरोही। केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि विश्व विख्यात देलवाड़ा जैन मंदिर भारत की सनातन परम्परा और आत्म अनुशासन की शिक्षा प्रतिनिधित्व करता है।ब्रह्मकुमारीज संस्थान में आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लेने आई लेखी ने रविवार को यहां देलवाड़ा जैन मंदिर में दर्शन पूजन किया।

इस अवसर पर लेखी ने विजिट बुक में लिखा कि मैंने किताबों में जो देखा और मंदिर के बारे में पढ़ा वह मुझे दिलवाड़ा जैन मंदिर ले आया। लेकिन जो मैंने देखा है वह मुझे जीवन भर प्रेरित करेगा। यह मंदिर भारत की सनातन परम्परा और आत्म अनुशासन की शिक्षा प्रतिनिधित्व करता है। मैं जैन कुल में पैदा नहीं हुई लेकिन मैं जैन धर्म का पालन करती हूं।

उन्होंने लिखा कि हमारे पूर्वजों की क्षमताओं, कला, शिल्प, संगीत और नृत्य में महानता एक स्मृति और मेरी श्रद्धांजलि है जिन्होंने इस खूबसूरत मंदिर को बनाया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री का देलवाड़ा ट्रूस्ट की ओर से स्वागत किया गया। शिल्पकला को देखकर लेखी बहुत अभिभूत हुई और बहुत बारीकी से शिल्पकला को निहारा

नेपोटिज्म की वजह से करियर काफी प्रभावित हुआ : प्राची देसाई

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री प्राची देसाई का कहना है कि नेपोटिज्म की वजह से उनका करियर काफी प्रभावित हुआ है। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म का मुद्दा खूब चर्चाओं में रहा है। प्राची देसाई ने भी नेपोटिज्म को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्राची देसाई ने कहा है कि नेपोटिज्म की वजह से उनका करियर काफी प्रभावित हुआ है।

प्राची देसाई ने कहा कि मैं रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और अभिषेक कपूर की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे रॉक ऑन का ऑफर दिया। मैं तब बहुत छोटी थी और इंडस्ट्री में ज्यादा दोस्त भी नहीं थे। मुझे नहीं लगता कि उस समय किसी ने मुझे गंभीरता से लिया, क्योंकि उन्होंने सोचा होगा कि मैं सिर्फ एक फिल्म का चमत्कार था।

शुक्र है, अपने डेब्यू के बाद मैंने वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई जैसी फिल्म की और बाद में बोल बच्चन में काम किया। मुझे हमेशा संघर्ष करना होगा, क्योंकि मैं एक स्टार किड्स नहीं हूं और इंडस्ट्री में स्टार किड्स के तरह बाहरी लोग फिट नहीं होते। मुझे लगता है कि मैं ईमानदार से कह सकती हूं कि ये इंडस्ट्री बाहरी लोगों के लिए बेहद मुश्किलों से भरी है।

CM गहलोत ने किया शिलान्यास, कलेक्टर और एसडीएम की अप्रभावी मोनिटरिंग से ये हाल

गत वर्ष सीएमआर से माउंट आबू की किचन गार्डन पार्किंग का वर्च्युअल शिलान्यास करते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। भाजपा आरोप लगाती है कि भानुमति का कुनबा जोड़कर चलाई जा रही गहलोत सरकार कमजोर निर्णय क्षमता वाली सरकार है। शायद इस हकीकत को परखकर अफसर सरकार तो सरकार मुख्यमंत्री की साख को भी ताक में रख दे रहे हैं।

जयपुर : तांत्रिक 3 साल तक करता रहा सास-बहू से रेप, 20 लाख रुपए भी ऐंठे

जयपुर। सास-बहू पर भूत-प्रेत के साये और परिवार सदस्य की मौत का डर दिखाकर तांत्रिक ने दोनों को पूजा में नग्न बिठाया, फिर अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। कथित तांत्रिक इसके बाद ब्लैकमेल कर सास-बहू से तीन साल तक रेप करता रहा।

आरोपी ने दोनों से करीब 20 लाख रुपए कैश और गहने भी हड़प लिए। आखिरकार तंग आकर सास-बहू ने भांकरोटा थाने में तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों का मेडिकल करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि भांकरोटा निवासी ज्वेलर परिवार की सास-बहू ने रेप का मामला दर्ज कराया है।

50 साल की महिला ने रिपोर्ट में बताया कि करीब 4 साल पहले उसकी तबीयत खराब हो गई थी। भांकरोटा स्थित मेडिकल स्टोर पर वह दवाई लेने जाती थी। मेडिकल स्टोर पर उसकी मुलाकात जयेन्द्र से हुई। जयेन्द्र से बातचीत होने लगी। कुछ दिनों बाद ही बातचीत के दौरान आरोपी जयेन्द्र ने उसे कहा कि आपके घर में भूत-प्रेत का साया है। उसका आपको इलाज करवाना पड़ेगा।

घर पर भूत-प्रेत का साया होने की बात सुनकर वह डर गई। समस्या के निस्तारण की पूछने पर आरोपी जयेन्द्र बोला कि मैं तांत्रिक हूं। माताजी का भक्त हूं। मैं सब ठीक कर दूंगा। तांत्रिक पूजा करने के बहाने घर पर आरोपी जयेन्द्र आने-जाने लगा। तांत्रिक पूजा करने के लिए पूजा सामग्री और घी मंगवाकर रखवा लिया।

1 दिसम्बर 2018 को घर पर वह अकेली ही थी। तांत्रिक पूजा करने के लिए आरोपी जयेन्द्र घर आया। पूजा की तैयार कर बोला कि माताजी का आदेश है पूजा नग्न होकर करनी पड़ेगी। महिला के मना करने पर कहा कि अगर इस विधि से पूजा नहीं करोगे तो आपके छोटे बेटे की मौत हो जाएगी। भूत-प्रेत के साये के बाद परिवार के सदस्य की मौत की बात सुनकर वह ओर डर गई।

कथित तांत्रिक के कहे अनुसार पूजा में बैठ गई। पूजा में बैठने के बाद आंखे बंद करने को कहा और जब तक नहीं बोले खोलने से मना किया। माताजी का आदेश होने की कहकर उसके साथ गलत हरकतें करने लगा। विरोध करने पर उसने मोबाइल में उसके बनाए अश्लील फोटो-वीडियो दिखाकर चुप करवा दिया। डर के मारे उसने भी किसी को इस बारे में नहीं बताया।

जिसके बाद लगातार जयेन्द्र घर पर आने-जाने लगा। कच्चे कलावा का भय दिखाकर बार-बार पूजा करने लगा। हर पूजा में खर्च के 10 हजार रुपए भी लेता। मोबाइल में अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल कर उससे रेप भी करता। 21 अप्रेल 2021 को आरोपी जयेन्द्र ने ब्लैकमेल कर उससे रेप किया।

अश्लील फोटो-वीडिया को वायरल करने की धमकी देकर रुपए मांगे। इज्जत बचाने के लिए बेटे की शॉप से 4 लाख और नौकर से कहकर 2 लाख रुपए मंगवाकर उसे दिए। उसके बाद भी कई बार ब्लैकमेल कर 4.20 लाख कैश और सोने-चांदी के गहने ऐंठ लिए।

तांत्रिक पूजा के लिए घर आने-जाने के दौरान आरोपी की नीयत 25 वर्षीय बहू पर भी बिगड़ गई। घर में तांत्रिक पूजा के दौरान बहू को बिठा लिया। पूजा में पीने के लिए बहू को कुछ दिया। उसमें नशीला पदार्थ मिला होने के कारण बहू बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ रेप किया। दुष्कर्म के दौरान उसकी अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। भूत-प्रेत का डर और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे भी ब्लैकमेल करने लगा।

पिछले करीब 3 साल से आरोपी दोनों सास-बहू को ब्लैकमेल कर रहा है। भूत-प्रेत, कच्चे कलावे और परिवार के सदस्य की मौत का डर दोनों में बैठा दिया। अश्लील क्लिपिंग और डर का माहौल पैदा कर दोनों सास-बहू से रेप करता रहा।

दरिंदगी के दौरान सास-बहू से करीब 20 लाख से अधिक का कैश और गहने ऐंठ लिए। आखिर परेशान होकर सास-बहू ने 3 सितंबर को भांकरोटा थाने में शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शनिवार को पीड़िता के बयान लिए और जांच शुरू की।

मेघालय में जेल तोड़ कर भागे चार कैदियों की पीट-पीटकर हत्या

शिलांग। मेघालय के पश्चिमी जयंतिया हिल्स जिले के थादमुथलोंग और शांगपुंग गांव की सीमा से लगे वन क्षेत्र में भीड़ ने जेल तोड़ भागे चार अपराधियों की रविवार को पीट-पीट कर हत्या कर दी। ये चारों मृतक उन छह कैदयों में शामिल थे जो शनिवार दोपहर चार जेल कर्मचारियों और एक सशस्त्र पुलिस कांस्टेबल को काबू में करने के बाद जोवाई जिला जेल और सुधार गृह से भाग गए थे। मॉब लिंचिंग की इस घटना का एक वीडियो वायरल हो गया है।

भागने वालों में दो हत्या के आरोपी आई लव यू तलंग और रमेश डाखर शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले और पश्चिमी जयंतिया हिल्स जिले में पिछले महीने दो टैक्सी ड्राइवरों के अपहरण और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अभी तक मृत लोगों की पहचान नहीं हो पाई है और उनके शवों की पहचान के लिए लालोंग सिविल अस्पताल ले जाया गया है। वेस्ट जयंतिया हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख बिक्रम डी. मारक ने बताया कि हम मृत लोगों के नाम तभी साझा कर सकते हैं जब शवों की पहचान हो जाए।

उन्होंने बताया कि फरार दो अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। एक ग्रामीण ने कहा कि यह घटना रविवार दोपहर को उस समय हुई जब यह खबर फैली कि भागने वालों में से एक रमेश दखर इलाके की एक स्थानीय दुकान से खाना लेने आया हुआ है, जिसके बाद भीड़ उन लोगों की तलाश में निकल गई, जो वहां वन में मौजूद थे।

भीड़ ने आखिरकार चारों को पीट-पीट कर मार डाला, बावजूद इसके कि मुट्ठी भर पुलिसकर्मियों ने भीड़ को पीट-पीटकर मारने से रोकने की कोशिश की। तलंग और दखर के अलावा, चार अन्य, मार्संकी तारियांग (हत्या का दोषी) रिकामेनलंग लामारे, शिदोरकी दखर और लोदेस्टार तांग शनिवार दोपहर जोवाई जेल से फरार हो गए थे।

हत्या के दोषी शाइनिंगस्टार पाला के 22 जून को फरार होने के बाद जोवाई जिला जेल में यह दूसरी जेलब्रेक की घटना है। तीन दिन बाद, उसे उसके रिश्तेदारों की मदद से पुलिस ने पकड़ लिया।

इस बीच पुलिस ने जेल में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जोवाई जिला जेल और सुधार गृह के पांच जेल कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जिसके कारण छह कैदी भाग निकले। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि गिरफ्तार जेल स्टाफ हेड वार्डर राजेश स्वेर, वार्डर पिंडपबोर बामोन और वार्डर चमिलन किनजिंग के अलावा दो अस्थायी वार्डर दामेलहुन सुन और एलेक्सियस इवरम – ने भागने की साजिश रची। मारक ने कहा कि हम शनिवार के जेलब्रेक की तह तक जाने के लिए सभी पांच जेल कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं।