Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 600 -
होम ब्लॉग पेज 600

सबगुरु राशिफल : 12 सितम्बर सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। अश्विन मास, कृष्ण पक्ष, द्वितीया तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 11.35 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप काफी अच्छे मूड में रहेंगे। तरोताजा होने के लिए अच्छी तरह से आराम करें। आत्मसंयम रहें। पिता से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। भवन सुख में वृद्धि होगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। कोई पुरानी बात याद आने से भी थोड़ी देर के लिए आपका मूड खराब हो सकता है। जीवनसाथी आपको धूम्रपान की लत से छुटकारा पाने के लिए प्रेरित करेगा। आज अकस्मात व्यय से परेशानी होगी। प्रेम सम्बंधो में मधुरता आएगी। सामाजिक मान-सम्मान में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ की स्थिति अच्छी बनी हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा प्रयास सार्थक होगा।

वृषभ :- कामकाज में अच्छा धनलाभ होगा। नया आर्थिक करार अंतिम रूप लेगा और धन आपकी तरफ आएगा। गुस्से पर नियंत्रण रखें। उन लोगों पर नजर रखें जो आपको गलत राह पर ले जा सकते हैं। प्यार-मोहब्बत के लिहाज से दिन थोड़ा मुश्किल रहेगा। पड़ोसियों का दखल शादीशुदा जिन्दगी में दिक्कत पैदा करने की कोशिश कर सकता है। अपने भविष्य की योजना बनाने के लिए अच्छा दिन है। मतभेदों की एक लम्बी श्रृंखला के पनपने के कारण आपको सामंजस्य बिठाने कें मुश्किल आएगी। किसी संत पुरुष के दर्शन सम्भव हैं। अपने स्वभाव को अस्थिर न होने दें।

मिथुन :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुँचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

कर्क :- आज किसी सात्विकता में वृद्धि होगी। फिर भी स्वास्थ्य संभालिएगा। अपने गुस्से पर काबू रखें। कार्यभार आज कुछ अधिक रहेगा। परिजनों से विवाद से बचें। नए दोस्त बनेंगे। असहाय लोगों की मदद करें, उन्नति होगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई में अवरोध आएगा। ऋण लेन-देन का लाभ होगा। रुके हुए धन की प्राप्ति होगी। सुख-ऐश्वर्य बढ़ेगा। शुभ व सामाजिक कार्यों में संग्लन होंगे। शुभ समाचार मिलेगा। निराशावादी रवैये से बचें क्योंकि न सिर्फ यह आपकी संभावनाओं को कम कर देगा, बल्कि शरीर के आंतरिक संतुलन को भी बिगाड़ देगा। किए गए कामों से सफलता मिल सकती है।

सिंह :- आज आप में गजब का आत्मविश्वास रहने के आसार हैं जो आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने में भी सहायक सिद्ध होगा। अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। समझदारी से काम लें और बातचीत कर मसले को सुलझाएं। वैवाहिक जीवन में आप कुछ निजता की जरूरत महसूस करेंगे। स्वजनों से निकटता बढ़ेगी। जीवनसाथी का साथ अधिक ऊर्जावान बना देगा। सहकर्मियों से सहयोग मिलेगा। स्वजनों से शुभ संदेश मिलेंगे। दोस्तों और भाइयों से भी मदद मिल सकती है। किसी खास काम के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है।

कन्या :- आज मनोरंजन में समय बीतेगा। आज का दिन व्यक्तिगत मामलों में उत्साहपूर्ण और मंगलमय है। व्यावसायिक साझीदार सहयोग करेंगे और आप साथ मिलकर टलते आ रहे कामों को पूरा कर सकते हैं। भागीदारी मे लाभ होगा। शुभ काम की संभावना है। अध्ययन या किसी लटके हुए काम की सफलता में आ रही रुकावट दूर होगी। इस समय आपका आकर्षण धर्म की ओर रहेगा। समाज सेवा से आपको मानसिक शांति मिलेगी। भाग-दौड़ की जिन्दगी को आराम देने का यही सही समय है। संपत्ति को लेकर विवाद खड़े हो सकते हैं। संभव हो तो इसे ठण्डे दिमाग से सुलझाने की कोशिश करें। कानूनी दखल फायदेमंद रहेगा।

तुला :- आज आपके विरोधी भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। आज किसी पड़ोसी का व्यवहार आपको आहत कर सकता है। आप उसकी बात को नजरअंदाज करने की कोशिश करें। समय के साथ व्यवहार बदल जाएगा। आज आप समय का सही सदुपयोग करें। तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। आज आप अपने बिजनेस में कुछ नया करने की योजना बना सकते हैं। अपने अतिरिक्त धन को सुरक्षित जगह पर रखिए। शत्रु चिन्ता का दमन, प्रबल से प्रबल विरोधियों के होने पर भी अन्त में सर्वत्र विजय विभूति सफलता की प्राप्ति होगी। किसी मित्र या रिश्तेदार से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से लाभ होगा।

वृश्चिक :- आज आप मांगलिक आयोजनों की तैयारी में लगे रहेंगे।अचानक हुई रोमांटिक मुलाकात आपके लिए उलझन पैदा कर सकती है। अपने चारों ओर होने वाली गतिविधियों का ध्यान रखें, क्योंकि आपके काम का श्रेय कोई दूसरा ले सकता है। आज आपक मानसिक रूप से परेशान रह सकते है। आज आप अपने व्यवसाय में उच्च अधिकारी के साथ कार्य करते समय संभलकर रहें। आपकी मनोकामनाएं दुआओं के जरिए पूरी होंगी। आज का दिन काम को सुधारने में विशेष योगदान दे रहा है। किसी विशेषज्ञ की सलाह आपके लिए आगे चलकर उपयोगी सिद्ध होगी।

धनु :- आज शान्त और तनाव-रहित रहें। मित्रों के साथ आर्थिक विषय पर कार्य करेंगे। संतानों के लिए समय अनुकूल है। पिता से लाभ होगा और मित्रों से भरपूर सहयोग मिलेगा। परिवारजनों के साथ समय आनंदपूर्वक बीतेगा। जरूरत से ज्यादा वक्त व पैसा मनोरंजन पर खर्च न करें। वैवाहिक जीवन में शारीरिक सुख मिलेंगा। अचानक धन लाभ हो सकता है। आपके मन में कुछ बड़े विचार आ सकते है। अपने जीवनसाथी से किसी भी बारे में शिकायत न करें। नौकरी में अफसरों से मतभेद हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र का विस्तार तथा स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं।

मकर :- आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपको सफलता मिलने के अच्छे आसार हैं। परन्तु स्थिरता आने में थोड़ा समय और लगेगा। गप्पबाजी और अफवाहो से दूर रहें। आप आज ऊर्जा से भरपूर होंगे और कुछ असाधारण करेंगे। कम समय में काम को पूर्ण करेंगे। मेहनत अधिक होगी। वैवाहिक चर्चा से प्रसन्न रहेंगे। आज एक समय में एक ही काम करें पूरे फोकस के साथ, जल्द ही सफलता मिलेगी। सफर के लिए दिन ज्यादा अच्छा नहीं है। परिवार के किसी सदस्यों के साथ वैचारिक मतभेद उत्पन्न होंगे। आकस्मिक मुनाफे के जरिए आर्थिक हालात सुदृढ़ होंगे। आज के दिन आपकी योजनाओं में आखिरी पल में बदलाव हो सकते हैं।

कुंभ :- आज प्रतिस्पर्धियों पर आप विजय प्राप्त कर सकेंगे। व्यापार में परेशानी रहेगी अर्थात खर्च रहेगा। बाहरी लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद आपको जीवनसाथी के द्वारा हर संभव तरीके से सामर्थ मिलेगा। व्यापार अच्छा लाभ देगा। नौकरी में अधिकारी खुश रहेंगे। कृषि ठीक-ठीक रहेगी व लाभ मिलेगा। भाई से सहयोग प्राप्त होगा। आज आप आसानी से पैसे इकट्ठा कर सकते हैं। परिवार से मनमुटाव की स्थिति रहेगी। आज आप मानसिक उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। कार्यक्षेत्र दोस्तों की मदद से वित्तीय कठिनाईयाँ हल हो जाएंगी। व्यवसाय में वृद्धि होने के साथ अच्छा मुनाफा होगा।

मीन :- यदि आज आप अपने लिए कुछ खास करना चाहते हैं तो आज का दिन एकदम उचित है। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरुरत है। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य के लेकर कुछ चिंता हो सकती है। आमदनी के नए स्रोत मिलेंगे।निकटता आएगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। परिश्रम से कार्यों में सफलता प्राप्त करेंगे। नौकरी व व्यावसायिक कार्य सफल होंगे। आज जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।

दिल्ली : लो फ्लोर बसों की खरीद में अनियमितताओं की सीबीआई जांच की सिफारिश

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) द्वारा एक हजार लो फ्लोर बसों की खरीद में कथित अनियमितताओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

उपराज्यपाल कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस साल जून में उपराज्यपाल को मिली शिकायत में दावा किया गया था कि डीटीसी द्वारा पूर्व-मध्यस्थता तरीके से बसों की निविदा और खरीद के लिए समिति के अध्यक्ष के रूप में परिवहन मंत्री की नियुक्ति और इसके लिए बोली प्रबंधन सलाहकार के रूप में डीआईएमटीएस की नियुक्ति गलत कामों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए की गई थी।

शिकायत में एक हजार लो फ्लोर बीएस-4 और बीएस -6 बसों की खरीद के लिए जुलाई 2019 की बोली में और लो फ्लोर बीएस -6 बसों की खरीद और वार्षिक रखरखाव अनुबंध के लिए मार्च 2020 की एक और बोली में भी अनियमितता का आरोप लगाया गया था। दिल्ली सरकार के विभागों से टिप्पणियां प्राप्त करने के लिए शिकायत 22 जुलाई को मुख्य सचिव को भेज दी गई थी।

मुख्य सचिव द्वारा 19 अगस्त को परिवहन विभाग, सतर्कता विभाग और डीटीसी की टिप्पणियों वाली रिपोर्ट में निविदा प्रक्रिया में गंभीर विसंगतियां, सीवीसी दिशा निर्देशों और जीएफआर से स्पष्ट विचलन और डीआईएमटीएस का जानबूझकर सह-विकल्प लाया गया। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस प्रकार रिपोर्ट ने शिकायत में किए गए दावों की पुष्टि की।

बसपा सांसद अतुल राय की 58 लाख की 7 सात बेनामी सम्पत्तियां कुर्क

गाजीपुर। माफिया डान मुख्तार अंसारी के करीबी मऊ में घोसी क्षेत्र के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सांसद अतुल राय की करीब 58 लाख रूपए कीमत की सात बेनामी संपत्तियां पुलिस ने रविवार को कुर्क कर ली हैं।

सांसद अतुल राय की 1.48 हेक्टेयर की सात बेनामी संपत्तियों को वाराणसी और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुर्क कर किया गया। कुर्की की कार्यवाही पुलिस आयुक्त कमिशनरेट वाराणसी के आदेश पर की गई है।

गौरतलब है कि अतुल राय इस समय प्रयागराज की नैनी जेल में बंद हैं और उनके ऊपर वाराणसी के भेलूपुर थाने में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आज यह कुर्की की कार्यवाही गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत की गयी है।

अतुल राय के पैतृक गांव गाजीपुर के बीरपुर थाना क्षेत्र भांवरकोल में ये कार्रवाई की गई है। वाराणसी की भेलूपुर और लंका पुलिस, सीओ सिटी गाजीपुर और तहसीलदार मुहम्मदाबाद के नेतृत्व में सभी सात जमीनों को कुर्क कर लिया गया।

कुर्की की कार्यवाही की तहसीलदार मुहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार द्वारा अवैध ढंग से अर्जित की गई बेनामी संपत्तियों की कुर्की की जा रही है, जिसके क्रम में आज अतुल राय की सात बेनामी जमीनों को कुर्क किया गया है जिनकी कुल कीमत 58 लाख 13 हजार 800 रुपए है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्यवाही अतुल राय पर गैंगेस्‍टर एक्‍ट के तहत किया गया है। जिसमें अपराध के द्वारा अर्जित संपत्ति को आज कुर्क किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुहम्‍मदाबाद तहसीलदार को कुर्क की संपत्ति को सुपुर्द किया गया है।

अतुल राय बाहुबली मुख्तार अंसारी के काफी नजदीकी बताए जाते रहे हैं जो बसपा पार्टी से घोसी लोकसभा क्षेत्र 2019 में सांसद चुने गए। हालांकि चुनाव के दौरान ही उन पर एक युवती ने दुराचार का आरोप लगाया। इस मामले में वह अभी तक जेल में बंद हैं।

जैसलमेर में गुजराती पर्यटक युवक ने पेट्रोल छिड़ककर की सुसाइड

जैसलमेर/सूरत। राजस्थान में सीमावर्ती जैसलमेर जिले के विश्वविख्यात सम थाना क्षेत्र में आज एक गुजराती पर्यटक युवक द्वारा अपने उपर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या कर ली।

थाना अधिकारी प्रेम शंकर ने बताया कि गुजरात के सूरत निवासी साहिल भाई 25 वर्ष शनिवार देर रात जोधपुर से आ रही निजी बस के जरिये सम क्षेत्र में आया था। बताया जाता हैं कि उसके हाथ में एक बोतल भी थी जिसमें पेट्रोल भरा हुवा था। युवक कहीं ठहरा हुआ नहीं था तथा रात में इधर उधर भटकता रहा।

रविवार तड़के सम क्षेत्र की बस्ती के बीच एक सुनसान इलाके में कब्रिस्तान में जाकर युवक ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। इस घटना की सूचना पुलिस को करीब सुबह 7.30 बजे मिली।

इसके साथ घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे ओर युवक को गम्भीर हालत में जिला मुख्यालय स्थित जवाहर चिकित्सालय लाया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रैफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर जैसलमेर पुलिस उप अधीक्षक प्रियंका कुमावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएल बुनकर समेत अन्य अधिकारी एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा युवक के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। वहीं पुलिस विभिन्न पहलू से मामले की जांच में जुटी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया हैं एवं मामले की जांच की जा रही है।

अगले 10 दिनों में नई पार्टी की घोषणा करेंगे गुलाम नबी आजाद

श्रीनगर। हाल में कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि वह अगले 10 दिनों में अपनी नई राजनीतिक पार्टी के नाम की घोषणा करेंगे।

आजाद ने अखिल भारतीय प्रदेश कांग्रेस कमेटी से अलग होने के बाद उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में डाक बंगलो में अपनी पहली सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह एक नयी राजनीतिक पार्टी बनाएंगे और अगले दस दिनों के दौरान उसके नाम की घोषणा करेंगे।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 को वापस लाने के लिए लोकसभा में दो तिहाई बहुमत और राज्यसभा में 150 सदस्य होने चाहिए, यह कहां से आएगा। मैं धारा 370 पर लोगों को गुमराह क्यों करुं। उन्होंने दोहराया कि वह जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ते रहेंगे, कोई बाहरी व्यक्ति जमीन नहीं खरीदेगा और न ही बाहरी व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वह उनकी सोच को नहीं मार सकते है इसके लिए उन्हें गुलाम नबी आजाद को मारना होगा। उन्होंने कहा कि मैं किसी को भी धर्म, राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों के नाम पर वोट देने की अनुमति नहीं दूंगा और चाहे मैं जीतू या हार जाऊं।

उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि मैंने लोगों से कहा कि वह मेरा समर्थन करें, मैं उनके जीवन को समृद्ध करने के लिए अपना खून दूंगा। मैं लोगों से नहीं कहूंगा कि वह मुझे मुख्यमंत्री बनाएं और मैं उनके लिए आसमान से तारे ला दूंगा यह संभव नहीं है गुमराह न हो।

आजाद ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों के मुख्यमंत्री के रुप में मेरा एक सपना था कि मैं एक खुशहाल और समृद्ध कश्मीर देखूं और राज्य के विकास के लिए मैंने न केवल दो पारियों बल्कि तीन पारियों में काम की शुरुआत की थी।

कटनी में 3 साल की मासूम बच्ची से रेप, हालत नाजुक, चक्का जाम

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन आरोपी पुलिस हिरासत में भागने में सफल हो गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कैमोर थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय एक मासूम बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

उधर, आरोपी के भागने और मासूम से दुष्कर्म की घटना को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है। लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आरोपी पर कड़ी कार्रवाई और फांसी पर लटकाए जाने की मांग को लेकर लोग अड़े हुए हैं।

इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, वहीं पीडित मासूम बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष चुने गए शरद पवार

0

नई दिल्ली। दिल्ली में चल रही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्य समिति की बैठक में रविवार को महाराष्ट्र के दिग्गज नेता एवं पार्टी के संस्थापक सदस्य शरद पवार को सर्वसम्मति से एक बार फिर अध्यक्ष चुन लिया गया। पवार अगले चार वर्षों तक इस पद पर रहेंगे।

महाराष्ट्र राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश भारत तापसे ने यह जानकारी दी। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में चल रहे राकांपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए पवार ने महंगाई, किसान, महिला, सुरक्षा, चीन जैसे मुद्दों पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा और उस पर निशाना साधा। उन्होंने क्षत्रपति शिवाजी का उल्लेख करते हुए कहा कि हम केंद्र सरकार के आगे नहीं झुकेंगे। उन्होंने लोगों से एकजुट होने और केंद्र सरकार के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया।

पवार ने कहा कि राकांपा किसानों के लिए हमेशा काम करेगी और उनके अधिकारों की रक्षा करेगी। कुछ साम्प्रदायिक तत्वों के कारण देश का माहौल खराब हो रहा है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग निशाना बन रहे हैं, इसलिए हमें सद्भाव का वातावरण का निर्माण करने का संकल्प लेना चाहिए।

पवार वर्ष 1999 से राकांपा के अध्यक्ष पद पर हैं जब उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर पीए संगमा और तारिक अनवर के साथ इस पार्टी का गठन किया था। कोरोना महामारी के कारण राकांपा कार्य समिति की बैठक दो वर्षों के बाद हुई है। पवार ने इस बैठक में शामिल होने पर खुशी व्यक्त की।

पूनियां ने पोकरण से रामदेवरा पैदल यात्रा कर रामदेव मंदिर में किए दर्शन

जैसलमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने आज शक्ति स्थल पोकरण से पैदल यात्रा कर लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश एवं देश की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की।

डा पूनियां ने जैसलमेर जिले में पोकरण स्थित जाज्वला माताजी के दर्शन कर भक्ति स्थल रामदेवरा तक लगभग 11 किलोमीटर पैदल यात्रा पूरी कर बाबा रामदेव मंदिर पहुंचे। मंदिर में दर्शन कर प्रदेश में खुशहाली एवं तरक्की की प्रार्थना की।

पैदल यात्रा में डॉ. पूनियां के साथ प्रताप पुरी जी महाराज, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, विधायक पब्बाराम विश्नोई, पूर्व विधायक शैतान सिंह राठौड़ एवं छोटू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जुगल किशोर व्यास, नगर पालिका चेयरमैन मनीष पुरोहित, प्रधान भगवत सिंह एवं स्थानीय पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि डा पूनियां यह यात्रा इससे पहले करने वाले थे लेकिन केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जोधपुर दौरे के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ब्रह्मलीन

नरसिंहपुर। देश की चार प्रमुख पीठों में शामिल ज्योतिष एवं द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी का आज मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में स्थित गोटेगांव के समीप झोतेश्वर धाम में निधन हो गया। सोमवार शाम झोतेश्वर के राधा स्वामी मंदिर के बाहर भूखंड में भू समाधि दी जाएगी।

स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने झोतेश्वर धाम परिसर में स्थित अपने आश्रम में अपरान्ह अंतिम सांस ली। वे अपने जीवन के 98 वर्ष पूरे कर चुके थे। अंतिम समय में शंकराचार्य के अनुयायी और शिष्य उनके समीप थे। उनके ब्रह्मलीन होने की सूचना के बाद आसपास के क्षेत्रों से भक्तों की भीड़ आश्रम की ओर पहुंचने लगी।

झोतेश्वर धाम सूत्रों के अनुसार स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की पार्थिव देह को पालकी में रखकर आज शाम को ही झोतेश्वर धाम में दर्शनार्थ रखा गया। भक्त और अनुयायी उनके अंतिम दर्शन लाभ ले सकेंगे। अनुयायी कल यानी सोमवार को भी उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के भक्त देश विदेश में फैले हुए हैं। उनका जन्म राज्य के महाकौशल अंचल के ही सिवनी जिले के दिघौरी में 1924 में हुआ था।

स्वामी स्वरूपानंद जी 99 वर्ष के थे। उन्होंने हाल ही में अपना सौवां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने रविवार को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में स्थित गोटेगांव के पास अपने आश्रम झोतेश्वर धाम में आखिरी सांस ली। कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, सुरेश पचौरी आदि उनके शिष्य हैं।

झोतेश्वर में होगा अंतिम संस्कार

ज्योतिष एवं द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का अंतिम संस्कार कल शाम झोतेश्वर के राधा स्वामी मंदिर के बाहर भूखंड में भू समाधि दी जाएगी। परमहंसी गंगा आश्रम के गंगा कुंड के पास अंतिम दर्शन के लिए शंकराचार्य के पाथिव शरीर को रखा गया है।

शंकराचार्य के निज सचिव सुबुद्धानंद ब्रहाचारी ने बताया कि शंकराचार्य के ब्रहाचारी शिष्यों के द्वारा भू समाधि दी जाएगी। वह कुछ समय से अस्वस्थ्य चल रहे थे। भक्तों को अंतिम दर्शन गुरू पूर्णिमा को शंकराचार्य ने दिए थे।

मोदी ने शंकराचार्य स्वरूपानंद के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में कहा कि द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। शोक के इस समय में उनके अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।

साहसिक खेल गर्जना 2022 : युवाओं ने दिखाया फौज जैसा दमखम

0

अजमेर। भारत जैसे-जैसे अपने प्राचीनतम गौरव को पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे इस देश को तोड़ने का सपना अपनी आंखों में पालने वाली राष्ट्रविरोधी समाजकंटक शक्तियां भी अपना सिर उठाती नजर आती हैं।

भगवान राम के काल से लेकर वर्तमान समय तक भारत का अनुभव ऐसा ही रहा है। ऐसे समय में सज्जन व्यक्ति को संगठित करना, अनुशासन के बंधन में बांधना और कष्ट पूर्ण जीवन खेलते-खेलते जीने का अभ्यास परम आवश्यक है। गर्जना जैसे बड़े साहसिक खेलों का आयोजन इस दृष्टि से अति महत्वपूर्ण हो जाता है।

यह विचार रविवार को डॉक्टर हेडगेवार स्मृति प्रन्यास अजमेर तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में तोपदडा खेल मैदान पर आयोजित गर्जना 2022 के अवसर पर विभाग प्रचारक शिवराज ने व्यक्त किए।

गर्जना 2022 के बारे में बताते हुए महानगर संघचालक खाजू लाल चौहान ने कहा कि संघ की शाखाओं पर तो नियमित रूप से कई प्रकार के खेल होते ही हैं लेकिन देश की परिस्थिति और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को कष्ट साध्य जीवन और बाधाओं को पार करने का निकटतम अनुभव देने के लिए इस प्रकार के साहसिक खेल का आयोजन गर्जना 2022 के नाम से किया गया है।

विभाग प्रचार प्रमुख भूपेन्द्र उबाना ने बताया कि इस बड़े खेल के दौरान अजमेर के 1200 से अधिक युवाओं ने विभिन्न प्रकार की बाधाओं को पार किया। इनमें मचान से कूदना, सुरंग पार करना, दलदल, दंगल, रस्साकशी, मटकी फोड़, बर्फ की गुफा, अग्निबाधा, पानी की तेज़ बौछार आदि सम्मिलित थीं।

कार्यक्रम के अन्त मे 300 बड़े पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रांत संघचालक जगदीश राणा, विभाग संघचालक बसंत कुमार विजयवर्गीय सहित अजमेर शहर के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।