Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 603 -
होम ब्लॉग पेज 603

कोलार में बाबर आजम की तारीफ करने वाले 3 युवकों पर केस दर्ज

कोलार। कर्नाटक के कोलार में पुलिस ने समुदाय विशेष के तीन युवकों पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम का समर्थन करने के लिए मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता आर वेंकटेशप्पा के अनुसार एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले गये मुकाबले में पाकिस्तान की जीत के बाद समुदाय विशेष के युवकों ने बाबर आज़म की टीम की तारीफ करते हुए अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर तस्वीरें और संदेश साझा किए थे।

पाकिस्तान ने करीबी मुकाबले में एक गेंद रहते भारत को हराया था। पाकिस्तान को अंतिम दो ओवरों में 26 रन चाहिए थे, लेकिन भुवनेश्वर कुमार द्वारा डाले गए 19वें ओवर में पाकिस्तान ने 19 रन जोड़कर मैच अपनी झोली में डाल लिया था।

उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में लंबे इंतजार के बाद अपना 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा, जिसके बाद पाकिस्तान के कई क्रिकेटरों ने एक स्वर में कोहली की तारीफ की थी।

भीलवाड़ा : मीनाकारी के लिए दी गई 60 ग्राम सोने की चूडिय़ां लेकर कारीगर फरार

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर के एक सर्राफा कारोबारी द्वारा मीनाकारी के लिए दी गई 60 ग्राम सोने की चार चूडिय़ा कारीगर लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि सर्राफा कारोबारी रामकृृष्ण सोनी ने रिपोर्ट दी कि उनकी दुकान पर सोने-चांदी के जेवर बनाने का काम किया जाता है। उनकी दुकान पर कारीगर के रुप में पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गुप्तीपारा, गांव रायपुर निवासी हैदल अली काम करता है।

गत छह सितंबर को परिवादी ने सोने की चार चूडिय़ां उसे मीनाकारी के लिए दी, जिनका वजन 55 से 60 ग्राम के लगभग है। कुछ देर बाद हैदर अली बाथरूम का कहकर दुकान से चला गया जो आधे घंटे तक वापस नहीं आया। उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला।

मीनाकारी वाले के यहां भी वह नहीं गया। काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिला। शंका है कि हैदर अली ने आपराधिक षड्यंत्र के चलते अपनी बीवी-बच्चों को पहले ही गांव छोड़ दिया और वह खूद चार चूडिय़ां लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

सवाई माधोपुर जंक्शन पर दुरंतो ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर जंक्शन पर किन्नरों से परेशान होकर जयपुर हिसार ट्रेन से उतर कर भागे दो यात्रियों की दुरंतो ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने का मामला सामने आया है।

मृतकों की पहचान फूलचंद सेन (45) और महेश उर्फ गोलू सोनगरा (25) के रूप में हुई है। मृतकों में शामिल फूलचंद के साथ खाटूश्यामजी जा रहे उनके भतीजे 17 वर्षिय अनिल सैन ने बताया कि वह अपने चाचा फूलचंद और एक दोस्त महेश उर्फ गोलू के साथ जयपुर हिसार ट्रेन से खाटूश्यामजी जा रहे थे।

खाटू जाने के लिए वह ट्रेन में बैठ गए थे। इस दौरान तीन किन्नर ट्रेन में आए और वसूली करने लगे। एक पैसेंजर के रुपए नहीं देने से मना किया तो किन्नर अभद्रता करने लगे। इसके चलते किन्नरों के साथ मारपीट हुई। अचानक हमले के कारण ट्रेन से उतरकर भागने लगे तो दुरंतों ट्रेन की चपेट में आने से चाचा और दोस्त की मौत हो गई।

महेश अपने की पिता की इकलौती संतान था। वह फल फ्रूट का ठेला लगाता था। फूलचंद हेयर ड्रेसर की दुकान लगाता था। पुलिस के अनुसार आज मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।

राहुल गांधी को भारत का इतिहास पढ़ने की जरुरत : अमित शाह

जोधपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा का जिक्र करते हुए कहा है कि उन्हें भारत के इतिहास को पढ़ने की जरुरत हैं।

शाह ने आज यहां जोधपुर संभाग के बूथ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा भारत यात्रा पर निकले हैं, विदेशी जर्सी, विदेशी टीशर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं। उन्होंने कहा कि मैं उनको एवं कांग्रेसियों को उनका संसद का वाक्य याद दिलाता हूंं जिसमें उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र है ही नहीं, किस किताब में पढ़े हो। यह तो वह राष्ट्र है जहां लाखों-लाखों लोगों ने सर कटवाकर भूमि को लाल करने का काम किया और हजारों बहनों ने अपने आप को सम्मान एवं देश के लिए जौहर कर जिंदा आग में झोक दिया।

उन्होंने कहा कि राहुल भारत जोड़ने निकले हैंं, लगता हैं उन्हें भारत का इतिहास पढ़ने की जरुरत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को यहां याद दिलाने आया हूं कि कि जनता से किए वादों को पांच साल होने जा रहे है, भाजपा हिसाब मांग रही है कि राहुल ने दस दिन में किसानों का कर्जा माफ की बात कही थी, क्या कर्जा माफ हुआ।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी सरकार में सम्पूर्ण देश में ढेर सारा विकास हुआ है और मोदी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश में गुलामी की निशानियों को उखाड़ने का काम किया है। देश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नई शिक्षा नीति लाई गई हैं। उन्होंने फिर मोदी सरकार को लाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2024 में प्रदेश में लोकसभा की सभी सीटें मोदी की झोली में डालनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हाथ उठवाकर विजय संकल्प भी दिलाया।

कोलकाता में व्यापारी के घर पर छापा, करीब 7 करोड़ रुपए बरामद

कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को यहां शहर में एक व्यापारी के घर पर छापेमारी के दौरान सात करोड़ रुपए नकद बरामद किए।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि कथित तौर पर एक मोबाइल गेमिंग ऐप, ट्रांसपोर्टर सहित अन्य कई व्यवसाय चलाने वाले एनएक खान के घर की पहली मंजिल पर बिस्तर के नीचे से प्लास्टिक के पैकेट में लिपटे हुए, पांच सौ और दो हजार रुपए के नोट पाए गए। बैंक कर्मचारियों ने आठ मतगणना मशीनों द्वारा नोटों की गिनती की।

ईडी ने साल्ट लेक में सीजीओ परिसर से अलग-अलग समूहों में छापा मारा और पार्क स्ट्रीट मोमिनपुर और गार्डन रीच सहित कम से कम पांच परिसरों की तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि महिला अधिकारियों सहित ईडी की टीमों को केंद्रीय सशस्त्र बलों द्वारा सुरक्षा प्रदान की गई।

ईडी की एक अन्य टीम ने प्रसन्ना कुमार रॉय के एक फ्लैट पर छापेमारी की। जो अब स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) भर्ती घोटाले में गिरफ्तार है। इसके अलावा, मोमिनपुर में बिंदुबासिनी स्ट्रीट पर एक परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया।

हाल ही में, ईडी ने राज्य में दूसरी सबसे बड़ी नकदी जब्त की है। इससे पहले, ईडी ने जुलाई के अंत में मॉडल-अभिनेत्री अर्पिता मुखर्जी के दो फ्लैटों पर छापे के दौरान कथित तौर पर लगभग 50 करोड़ रुपये बरामद किए थे। अर्पिता मुखर्जी को तृणमूल कांग्रेस नेता और तत्कालीन मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी सहयोगी बताया जाता है। ईडी अधिकारियों ने दावा किया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

राजस्थान के अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को मिलेगी स्कॉलरशिप

जयपुर। राजस्थान के अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप मिलेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा स्कॉलरशिप के लिए तैयार अधिसूचना को मंजूरी प्रदान की है।

इसके तहत पोस्ट मैट्रिक में 13 हजार 500 रूपए तक की छात्रवृत्ति पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्ययनरत अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसमें हॉस्टलर्स को चार हजार से 13 हजार 500 रूपए तक तथा डे स्कॉलर्स को ढाई हजार से सात हजार रूपए तक का प्रावधान है।

पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना को चार वर्गों में बांटा गया है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के प्रोफेशनल डिग्री कोर्सेज के लिए हॉस्टलर्स को 13 हजार 500 रूपए एवं डे स्कॉलर्स को सात हजार रूपए की स्कॉलरशिप दी जाएगी। विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज जिनमें डिग्री एवं डिप्लोमा सर्टिफिकेट मिलता हो, में अध्ययनरत हॉस्टलर्स को नौ हजार 500 रूपए एवं डे स्कॉलर्स को छह हजार 500 रूपए की स्कॉलरशिप मिलेगी।

10वीं कक्षा के बाद किए जाने वाले विभिन्न नॉन डिग्री कोर्सेज के लिए हॉस्टलर्स को चार हजार रूपए एवं डे स्कॉलर्स को ढाई हजार रूपए की वार्षिक छात्रवृत्ति तथा अन्य स्नातक व स्नातकोत्तर कोर्सेज कर रहे हॉस्टलर्स के लिए छह हजार रूपए एवं डे स्कॉलर्स के लिए तीन हजार रूपए की स्कॉलरशिप का प्रावधान किया गया है।

प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप के तहत अधिस्वीकृत पत्रकारों के कक्षा छह से 10वीं में अध्ययनरत बच्चों को स्कॉलरशिप मिलेगी। इसमें एक वर्ष में अधिकतम 10 माह लगभग एक हजार रूपए (100 रूपए प्रतिमाह) की प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट 2022-23 में समाज को जागरूक करने में पत्रकारों की महत्ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए उन्हें सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में पत्रकारों के बच्चों के लिए स्कॉलरशिप देने की घोषणा की थी। इसकी क्रियान्विति में राजस्थान पत्रकार एवं साहित्यकार कल्याण कोष से पत्रकारों के बच्चों को स्कॉलरशिप देने के लिए स्वीकृति प्रदान की है।

होशियारपुर : एसएचओ टांडा के दुर्व्यवहार से तंग एएसआई ने की आत्महत्या

होशियारपुर। पंजाब में होशियारपुर जिले के हरयाना थाने में तैनात सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) ने थाना परिसर में आज अपनी सर्विस रिवाल्वर से आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार एएसआई की पहचान सतीश कुमार (52) के रूप में की गई है। उसने गोली अपने सिर में मारी। आत्महत्या करने से पहले सतीश कुमार ने एक वीडियो मैसेज डाला जिसमें टांडा के एसएचओ ओंकार सिंह को आत्महत्या के लिये जिम्मेदार बताया। एएसआई ने एसएचओ पर कथित तौर पर दुर्व्यवहार तथा प्रताड़ना का आरोप लगाया।

पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) सुरिंदर पाल ने बताया कि एएसआई सतीश कुमार सुबह ड्यूटी पर आया तो एसएचओ ने उसे मिलने को कहा। वह मिलने के बजाय जांच कक्ष में चला गया और आत्महत्या कर ली।

पाल ने कहा कि सुसाइड नोट में उसने एसएचओ को आत्महत्या के लिये जिम्मेदार बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

सूर्या 2 में काम करने को लेकर बेहद खुश है दिशा पाटनी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी तमिल फिल्म सूर्या 42 में काम करने को लेकर बेहद खुश है। सूर्या 42 में तमिल सुपरस्टार सूर्या लीड रोल में नजर आएंगे, वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी इस फिल्म से फीमेल लीड के रूप में तमिल फिल्म में डेब्यू करने जा रही हैं।

इस फिल्म का संगीत देवी श्रीप्रसाद ने दिया है जबकि फिल्म का निर्देशन जाने-माने निर्देशक शिवा कर रहे हैं।दिशा सूर्या 2 में काम करने को लेकर बेहद खुश है।

दिशा पाटनी ने कहा कि मैं इतनी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। इस तरह के एक बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है, जिसमें दर्शकों को सभी बड़े-से-बड़े तत्वों को बड़े पैमाने पर अनुभव करने के लिए मिलेगा है। इसके अलावा, मैं जो किरदार निभा रही हूं, वह भी काफी अनोखा है और मैं दर्शकों के सामने अपने पहले कभी न देखे गए अवतार को लाने के लिए भी एक्साइटेड हूं।

कौशांबी : भक्त ने मंदिर में देवी प्रतिमा पर अपनी जीभ काटकर चढ़ा दी

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक भक्त ने आस्था के वशीभूत होकर मंदिर में देवी की प्रतिमा के समक्ष अपनी जीभ ब्लेड से काटकर अर्पित कर दी।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि देश भर में माैजूद हिंदू आस्था के 51 शक्तिपीठों में शामिल कौशांबी स्थित शीतला देवी धाम कड़ा में सुबह दर्शन के लिए पत्नी के साथ आए संपत राम ने ब्लेड से जीभ काटकर देवी के चरणों में समर्पित कर दी।

इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल अवस्था में संपत राम को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती करा दिया गया है। पुलिस के अनुसार जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव का निवासी संपत राम (38 साल) पुत्र दुर्गा सरोज शनिवार को अपनी पत्नी के साथ कड़ा धाम आया हुआ था।

गंगा स्नान करने के बाद पति पत्नी शीतलादेवी मंदिर पहुंचे। मंदिर में दोनों देवी के दर्शन पूजन कर नीचे उतर रहे थे, तभी संपत राम ने अचानक अपनी जेब से ब्लेड निकाल कर अपने ही हाथ से जीभ काट ली। उसकी पत्नी जब तक कुछ समझ पाती, इससे पहले ही उसने कटी हुई जीभ देवी मां की प्रतिमा पर समर्पित कर दी। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा जोरोें पर है।

रायगढ़ में नाबालिग से रेप के दोषी युवक को 20 साल की सजा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में अदालत ने आरोपी को 20 साल की सजा सुनाई है।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एफटीएससी फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा रायगढ़ के जूट मिल पुलिस चौकी इलाके में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी विकास कुमार वैद्य (22) को 20 वर्ष की कठोर कारावास और 5 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी जूट मिल क्षेत्र की निवासी एक नाबालिग बालिका के परिजन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिक बालिका 7 सितंबर 2021 की सुबह बिना बताए कहीं चली गई है।

बालिका के परिजनों द्वारा जूट मिल में ही रहने वाले विकास वैद्य पर बालिका को बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने का संदेह भी व्यक्त किया गया था। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर प्राथमिक जांच पड़ताल के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बालिका को बरामद कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया गया।

इस मामले में सुनवाई के दौरान अदालत ने कल आरोपी को दोषी पाया और उसको पोस्को एक्ट के तहत 20 साल का कठोर कारावास और 5000 रुपए के अर्थदंड की सजा से दंडित किया है।