Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 604 -
होम ब्लॉग पेज 604

अनूपपुर अस्पताल के कर्मचारी को जूते मारते हुए डॉक्टर का वीडियो वायरल

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के शहडोल संभाग के अनूपपुर जिला अस्पताल में पदस्थ एक डॉक्टर का अस्पताल के कर्मचारी को जूते मारते हुए संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

कोतवाली पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी डॉक्टर केबी प्रजापति के खिलाफ कल देर शाम सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का अपराध दर्ज कर लिया गया है। फुटेज में डॉ प्रजापति शिकायतकर्ता मिथलेश साहू को जूते मारते हुए दिखाई दे रहा है।

शिकायतकर्ता मिथलेश साहू जिला अस्पताल में आयुष्मान जिला समन्वयक के पद पर पदस्थ हैं। विगत आठ सितम्बर को किसी बात से नाराज डॉ प्रजापति ने मिथलेश साहू को जूते मारे, जिसकी रिकार्डिंग सीसीटीवी में हो गई। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, किन्तु फुटेज में प्रमाण मिलने के आधार पर डॉ प्रजापति के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया।

गृह मंत्री अमित शाह ने तनोट माता मंदिर में किए दर्शन

जैसलमेर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंतर्राष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित तनोट माता मंदिर में आज दर्शन किए। शाह जैसलमेर से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेलीकाप्टर से सुबह साढ़े नौ बजे तनोट माता मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

उन्होंने मन्दिर परिसर में ही पर्यटन विभाग के बार्डर टूरिज्म विकास केंद्र की आधारशिला रख भूमि पूजन किया। इस दौरान मंत्रोच्चारण के साथ वहां शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, बीएसएफ के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह अतिरिक्त महानिदेशक पी वी रामशास्त्री, महानिरीक्षक डेविड लालरिंगसा उपमहानिरीक्षक असीम व्यास एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।

इससे पहले उनके तनोट माता मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर स्थित विजय स्तंभ पर बीएसएफ जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शाह ने विजय स्तम्भ पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने बीएसएफ की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर बीएसएफ के अधिकारियों को फील्ड में आने वाली समस्याओं के बारे में भी चर्चा की। इसके बाद वह तनोट माता मंदिर से जैसलमेर आए और जैसलमेर हवाई अड्डे से जोधपुर के लिए रवाना हुए।

उल्लेखनीय है कि तनोट माता मंदिर के लिए नीति आयोग द्वारा 17.67 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। जिससे सैलानियों के लिए इस इलाके में पर्यटन के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। जिसमे सैलानियों के लिए बीएसएफ की ओर से डोक्यूमैंटरी हथियार प्रदर्शनी, फोटो गैलरी, मोर्टार, युद्ध में प्रयुक्त वाहन, दुश्मन देश की टेकें आदि प्रदर्शनी के लिए लगाई जाएगी।

झुंझुनू में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश झाझड़िया की हत्या

झुंझुनूं। राजस्थान में सेठ मोतीलाल कॉलेज झुंझुनूं के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश झाझड़िया की कुछ युवकों ने हमला कर हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झाझड़िया शुक्रवार रात अपने साथी संजीव के साथ केहरपुरा से भड़ौंदा खुर्द की ओर आ रहा था कि सामने खड़ी एक कैंपर गाड़ी ने अचानक लाइट जलाई और उनकी गाड़ी को टक्कर मारी।

हमले को भांपकर राकेश झाझड़िया ने अपनी गाड़ी को पीछे दौड़ाना चाहा। लेकिन पहले से ही पीछे खड़ी एक और कैंपर ने भी उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी। दोनों तरफ से घिरे राकेश झाझड़िया को हमलावरों ने घेर लिया और गाड़ी से उतारकर सरियों से बुरी तरह मारपीट की। संजीव के साथ भी मारपीट की और मोबाइल छीन लिया।

हमलावर राकेश को अधमरी अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रुपसे घायल राकेश को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल लाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक रोहिताश्व देवंदा तथा बगड़ थानाधिकारी श्रवण कुमार पहुंचे। देर रात तक पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिशें दे रही थी।

उधर एसएफआई जिलाध्यक्ष पंकज गुर्जर, पूर्व सरपंच संजीव तोगड़ा कलां तथा सरपंच प्रतिनिधि अजीत भांबू समेत अन्य छात्रनेता अस्पताल पहुंचे। जिन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव नहीं लेने की बात कही। देंवदा ने बताया कि संदिग्धों की तलाश में पुलिस टीमें रवाना कर दी गई है।

पंकज गुर्जर ने बताया कि छात्रसंघ चुनावों से राकेश को लगातार धमकियां मिल रही थी। छात्रसंघ चुनावों के दौरान भी कॉलेज कैंपस में हिस्ट्रीशीटर खुले आम घूम रहे थे। जिनकी जानकारी पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि शहर में स्थित लाल कोठी में बदमाशों का जमावड़ा रहता है। जिसके कारण छात्रों में भय का माहौल है।

बलिया में सात साल की बच्ची के साथ रेप

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में 7 साल की एक बच्ची के साथ बलात्कार का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है ।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि बलिया के एक गांव में युवक द्वारा बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी बाईक पर घुमाने के बहाने ले जाकर बलात्कार करने की शिकायत मिली है। इस घिनौने कृत्य के बाद युवक ने बच्ची को उसके घर से कुछ दूर डरा धमका कर छोड़ दिया।

नगरा थाना प्रभारी देवेन्द्र दुबे ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार की शाम पीड़िता के पिता की तहरीर पर युवक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि उक्त युवक उसकी बेटी को उस समय मोटर साइकिल पर घुमाने का लालच देकर ले गया जब वह दरवाजे खेल रही थी। पीड़िता का मेडिकल परिक्षण कराया जा रहा है। पुलिस युवक की गिरफ्तारी के लिए उसकी खोजबीन कर रही है। मामले में अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई भी चल रही है।

यूक्रेन ने एक हफ्ते में 1,000 वर्ग किमी फिर से वापस हासिल किया : जेलेंस्की

0

कीव। यूक्रेन ने कहा है कि उसने पिछले एक सप्ताह में रूस से अपने दक्षिण और पूर्व में 1,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र वापस ले लिया है। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि खार्किव क्षेत्र में 30 से अधिक बस्तियों को ‘मुक्त’ कराया गया है।

खार्किव क्षेत्र में रूस के शीर्ष आधिकारिक कब्जे ने स्वीकार किया कि यूक्रेनी सेना ने महत्वपूर्ण जीत हासिल की है। बीबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि विटाली गणचेव ने रूसी टीवी को बताया कि यूक्रेनियन ने रूसी रक्षा रेखा को तोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि खार्किव के रूसी कब्जे वाले हिस्से में सबसे महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों में से एक कुपियांस्क और दो अन्य शहरों से नागरिकों को निकाला जा रहा है।

बीबीसी ने कहा कि इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर थिंक टैंक के विश्लेषण के अनुसार यूक्रेन के सैनिक अब कुपियांस्क से सिर्फ 15 किमी दूर हैं, जो एक आवश्यक रेलवे जंक्शन है, जिसका उपयोग मास्को युद्ध के मैदान में अपने सैनिकों की आपूर्ति के लिए कर रहा है।

माना जाता है कि रूस सड़क और हवाई मार्ग से इस क्षेत्र में विशाल एमआई -26 परिवहन हेलीकाप्टरों का उपयोग कर रहा है, प्रत्येक 80 सैनिकों को ले जाने में सक्षम है।

एक अलग फेसबुक पोस्ट में यूक्रेन की सेना ने कहा कि तीन दिनों में सैनिकों ने 50 किमी की दूरी तय की है। बीबीसी ने कहा कि अगर सत्यापित किया जाता है, तो यह मार्च में राजधानी कीव के आसपास की स्थिति से रूसी सेना के तेजी से पीछे हटने के बाद से अग्रिम पंक्ति की सबसे तेज गति को चिह्नित करेगा।

खार्किव के दक्षिण-पूर्व में आक्रामक यूक्रेन के सैनिकों को डोनेट्स्क के पूर्वी क्षेत्र के करीब लाएगा, जिस पर छह महीने पहले युद्ध शुरू होने के बाद से रूस ने पर्याप्त सैन्य नियंत्रण बनाए रखा है।

श्री गणचेव ने इस बात से इनकार किया कि यूक्रेनी सैनिकों ने वहां यूक्रेनी सैनिकों को दिखाने के लिए एक वीडियो दिखाई देने के बावजूद बालाक्लिया शहर पर कब्जा कर लिया था।

बीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह पुष्टि करने में सक्षम नहीं है कि शहर का नियंत्रण किसके पास है, लेकिन सत्यापित सोशल मीडिया पोस्ट में गुरुवार को शहर के केंद्र में प्रशासनिक भवनों से यूक्रेन के झंडे उड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जहां यूक्रेन का दावा है कि उसने देश के कुछ हिस्सों में अपने सैनिकों को तैनात कर दिया है, वहीं अन्य क्षेत्रों में नए सिरे से रूसी हवाई हमलों की खबरें आई हैं।

एशिया कप 2022 : श्रीलंका ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया

0

दुबई। श्रीलंका ने वानिंदू हसरंगा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद पथुम निसंका (55 नाबाद) के अर्द्धशतक की बदौलत पाकिस्तान को एशिया कप 2022 के सुपर-4 मैच में शुक्रवार को पांच विकेट से मात दी। दसुन शनाका की टीम ने पाकिस्तान को पहले 121 रन पर ऑलआउट किया, और फिर 122 रन के लक्ष्य को 17 ओवर में हासिल कर लिया।

हसरंगा ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाकर चार ओवर में सिर्फ 21 रन दिए और कप्तान बाबर आजम सहित तीन बल्लेबाजों को आउट किया। इसके बाद पाथुम निसंका ने 48 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की बदौलत नाबाद 55 रन बनाकर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इस मुकाबले की जीत हालांकि श्रीलंका के लिए निरर्थक है क्योंकि दोनों टीमें पहले ही एशिया कप के फाइनल में पहुंच चुकी हैं, जो रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए बुलाया और शानदार फॉर्म में चल रहे मोहम्मद रिजवान (14) को जल्दी पवेलियन लौटाया।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे फखर जमान ने अपनी संघर्ष से भरी पारी में 18 गेंदों पर 13 रन बनाए और रनगति बढ़ाने के प्रयास में आउट हो गये। बाबर ने पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक 30 रन बनाए, हालांकि उन्होंने इसके लिए 29 गेंदें खेलीं।

11वें ओवर में बाबर के आउट होने के बाद पाकिस्तान के विकेटों की झड़ी लग गई और उसने अगले नौ ओवरों में सात विकेट गंवाये। इस दौरान पाकिस्तान ने सिर्फ 53 रन जोड़े, जिसमें 26 रन का योगदान मोहम्मद नवाज़ ने दिया। नवाज़ ने 18 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की बदौलत 26 रन बनाकर अपनी टीम को 121 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

हसरंगा के अलावा महीष तीक्षणा ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिये जबकि धनन्जय डी सिल्वा और चमिका को करुणारत्ने को एक-एक विकेट हासिल हुआ। टी20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण कर रहे प्रमोद मदुशन ने रिजवान सहित दो बल्लेबाजों को आउट किया, हालांकि वह 2.1 ओवर में 21 रन देकर थोड़े महंगे साबित हुए।

पाकिस्तान पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 19.1 ओवर में ही ऑलआउट हो गई।पाकिस्तान ने 122 रन के न्यून लक्ष्य की रक्षा करते हुए दूसरी पारी की शानदार शुरुआत की और पहले दो ओवर में दो विकेट लिए। मोहम्मद हसनैन ने कुशल मेंडिस को, जबकि हारिस रऊफ ने दनुष्का गुनतिलक को शून्य रन पर पवेलियन लौटाया।

धनन्जय डी सिल्वा (09) का विकेट गिरने के बाद क्रीज़ पर आये भानुका राजपक्षे ने 19 गेंदों पर दो छक्कों की बदौलत 24 रन बनाकर सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका के साथ 51 रन की साझेदारी की और मैच को श्रीलंका की झोली में डाल दिया।

इसके अलावा कप्तान दसुन शनाका ने 16 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 21 रन की बनाए। हसरंगा ने तीन गेंदों पर 10 रन बनाये और चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान और श्रीलंका दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए रविवार को एक बार फिर आमने-सामने होंगी।

किंग चार्ल्स तृतीय ने नए सम्राट के रूप में ‘आजीवन सेवा’ करने का लिया प्रण

0

लंदन। ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने शुक्रवार को राष्ट्र और राष्ट्रमंडल के नाम अपने पहले संबोधन में आजीवन सेवा करने का संकल्प लिया। चार्ल्स तृतीय महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद राजगद्दी संभाल ली है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को निधन हो गया था।

किंग चार्ल्स तृतीय ने अपने संबोधन में कहा कि महारानी (एलिजाबेथ द्वितीय) अपने पूरे जीवन में एक प्रेरणा रहीं। उन्होंने कहा कि महारानी एलिजाबेथ एक अच्छी तरह से जीवन व्यतित किया। नियति के साथ एक वादा निभाया और उनके निधन पर उन्हें सबसे गहरा शोक है। आजीवन सेवा का वादा आज मैं आप सभी के समक्ष करता हूं। उन्होंने कहा कि उन्होंने (चार्ल्स तृतीय) अपनी मां की मृत्यु पर गहरा दुख महसूस किया और जनता की अपार नुकसान की भावना को साझा किया।

उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल में 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। तिहतर वर्षीय चार्ल्स को लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित एक समारोह में शनिवार को परिग्रहण परिषद में आधिकारिक रूप से राजा घोषित किया जाएगा।

किंग चार्ल्स ने अपने सबसे बड़े बेटे विलियम और बहू केट को प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स की उपाधियां प्रदान कीं। ये वे उपाधियाँ हैं, जो उन्होंने (किंग चार्ल्स तृतीय) और उनकी दिवंगत पत्नी डायना को मिली थी। उन्होंने अपने पुत्र हैरी और बहू मेघन मार्कल के लिए भी प्यार का इजहार किया, क्योंकि वे विदेश में अपना जीवन व्यतित कर रहे हैं।

सबगुरु राशिफल : 10 सितम्बर शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, शुक्ल पक्ष, पूर्णिमा तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2078, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, दोपहर 03.28 बजे बाद प्रतिपदा तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप धार्मिक या शुुुभ प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इज़हार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आपमें कमियाँ निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

वृषभ :- अपनी दीर्घकालीन योजनाओं के साथ आगे बढ़ो, जैसा कि पहलुओं का दृढ़ संकल्प और संरचना का पक्ष है नई चीजों की कोशिश करने से डरो मत, खासकर जब आप अपने पसंदीदा लोगों के साथ हों। कार्यक्षेत्र में कोई आपसे दुर्व्यवहार कर सकता है। इसलिए तैयार रहें और प्रतिक्रिया न करें। आपकी लगन और मेहनत पर लोग गौर करेंगे और आज इसके चलते आपको कुछ वित्तीय लाभ मिल सकता है। आपकी ऊर्जा का स्तर ऊंचा रहेगा क्योंकि आपका प्रिय आपने लिए बहुत सारी खुशी की वजह साबित होगा। अपने उद्देश्यों की ओर शान्ति से बढ़ते रहें और सफलता मिलने से पहले अपने पत्ते न खोलें।

मिथुन :- आज मन चिंतामुक्त रह सकता है। कार्यों में विघ्न आने से कार्यपूर्ति में विलंब हो सकता है। सहकर्मियों का सहयोग प्राप्त करने में असफल रह सकते है। दांपत्य जीवन में तकरार का वातावरण रह सकता है अतः जीवनसाथी से सम्मानजनक तरीके से आचरण रखें। शाम के समय सफलता मिल सकती है। आपके हंसने-हंसाने का अंदाज आपकी सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा। आपको अपने जीवनसाथी से जुड़ी कोई ऐसी बात पता चल सकती है, जिसे आप कभी नहीं जानना चाहते थे। कार्यक्षेत्र में हिम्मत न हारें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। आपके खर्चे बजट को बिगाड़ सकते हैं।

कर्क :- आज आपके व्यापार-धंधे में खूब सफलता मिलेगी। आज के दिन आपको राहत महसूस हो सकती है। सुनी-सुनाई बातों पर आंखें मूंदकर यकीन न करें और उनकी सच्चाई को भली-भांति परख लें। किसी के साथ पैसों की लेन-देन को लेकर सफल रहेंगे। देश-विदेश में व्यवसाय करने वालों को फायदा होगा। सब कुछ दोबारा जांचें और दूसरी राय प्राप्त करें, यह गलत समय और भ्रम की स्थिति के रूप में कुछ भी नया शुरू करने का एक अच्छा समय नहीं है, लेकिन पुराने मुद्दों को खत्म करने के लिए यह अच्छी अवधि है।

सिंह :- नौकरी पेशा के लोगों लिए समय अनुकूल है। आज के दिन आप अत्यधिक संवेदनशील रह सकते हैं। कार्यक्षेत्र की बात की जाए तो आज का दिन कार्यक्षेत्र को लेकर आपके लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगा। आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी। किसी की वाणी तथा बर्ताव की वजह से आपके मन को चोट लग सकती है तथा माता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आज आप बौद्धिक शक्ति से लेखनकार्य और सृजन कार्य अच्छी तरह से पूरे कर सकेंगे। आपका विचार किसी एक बात पर स्थिर नहीं रहेगा तथा उसमें लगातार परिवर्तन होता रहेगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है। यात्रा-प्रवास हो सके तो न करें।

कन्या :- आज स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही सेहत बिगाड़ सकती है। नकारात्मक विचारों को अपने पर प्रभावी न होने दें। आकस्मिक व्यय होने के संकेत हैं। मध्याह्न के बाद परिस्थिति में कुछ सुधार आ सकता है। स्वभाव में उग्रता रह सकती है। आज के दिन आपको मकान, वाहन, वगैरह के दस्तावेजों को अत्यंत संभालकर रखना होगा। परिवार का माहौल बिगड़े नहीं, इसके लिए वाद-विवाद टालें। माता का स्वास्थ्य बिगड़ेगा। धन-प्रतिष्ठा की हानि होगी। स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। व्यापार धंधे के लिए भावी योजना सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

तुला :- आज के दिन आप चिंता के बोझ से मुक्ति पा लेंगे बहुत अधिक रह सकती है। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगा। आज के दिन आप परिजनों की तरफ से विशेष ध्यान देने की कोशिश करेंगे। इस समय आपके आर्थिक आयोजन भी पूरे होंगे आपकी इच्छा शक्ति को प्रोत्साहन मिलेगा, क्योंकि आप बहुत पेचीदा हालात से निकलने में कामयाब रहेंगे। भावुक फैसला लेते वक़्त अपनी तार्किकता न छोड़ें। अनुमान नुकसानदेह साबित हो सकता है, इसलिए हर तरह का निवेश करते वक़्त पूरी सावधानी बरतें। आज आपके प्रिय की मनोदशा ज्वार-भाटे की तरह उतार-चढ़ाव भरी होगी।

वृश्चिक :- कभी कभी वैवाहिक जीवन वाकई काफी खीझ पैदा कर सकता है लगता है कि आपके लिए आज कुछ कुछ वैसा ही दिन है। शारीरिक-मानसिक सुख बने रहेंगे। मित्रों और स्वजनों के साथ आज का दिन खूब आनंद और उल्लास से व्यतीत करेंगे। आज मन खुश और शांत रहेगा। जीवनसाथी के प्रति विशेष आकर्षण अनुभव करेंगे, जिससे मधुरता रहेगी। प्रवास की संभावना और आर्थिक लाभ के योग हैं। आज के दिन किसी से छेड़छाड़ या किसी से झगड़ा, वाद-विवाद करने से बचे, इससे भविष्य में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

धनु :- आपको आज के दिन विशेष रुप से हर प्रकार के कार्य में सफलता प्राप्त होगी लेकिन थोड़ा विलंब भी हो सकता है। धैर्य से काम करें आप अपने तमाम कार्य को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे आर्थिक आयोजनों में अवरोध दूर होगा। किया गया हर कार्य सफलतापूर्वक पूरा होगा। घर परिवार और निजी जिंदगी से जुड़े कुछ खास काम आज आपके हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सफलता के योग है। कफ्यूजन दूर करने के लिए दिमाग में नया तरीका आ सकता है। विद्यार्थी के लिए आज का दिन अति उत्तम रहेगा। आज आपको अचानक कही यात्रा करने के लिए जाना पड़ सकता है। इसलिए आज तैयार रहे।

मकर :- आज साधारण सी बात दांपत्य जीवन में कलह का कारण बन सकती है। सांसारिक विषयों पर अपने व्यवहार को उदासीन बनाए रखें। वाद-विवाद से बचें। सामाजिक दृष्टि से अपमानित हो सकते हैं। चिंता के भार से स्वास्थ्य को हानि पहुंचेगी। वाद-विवाद से किसी के साथ संघर्ष हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में सावधानीपूर्वक कदम उठाएं। भावनाओं के प्रवाह में बहकर आप कोई अविचारी कार्य न कर बैठें, इसका ध्यान रखें। वाणी और व्यवहार में संयम तथा विवेक बनाए रखने की सलाह है। अपने अतिरिक्त खर्चों पर रोक लगाए नहीं तो आपको भविष्य में बहुत सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

कुंभ :- आज वही होगा जो आप चाहेंगे। आर्थिक मामलों में मजबूती मिलेगी। आज आप खुद में बदलाव महसूस करेंगे। नौकरी की दिशा में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। नए अवसर पर खुले मन से विचार करना होगा। खुद को किसी भी गलत और गैर जरूरी चीज से दूर रखें, क्योंकि आप उसकी वजह से मुश्किल में फँस सकते हैं। अगर आप किसी विवाद में उलझ जाएँ तो तल्ख़ टिप्पणी करने से बचिए। आपका जीवन-साथी थोड़ा अजीब व्यवहार कर सकता है। लेकिन सब्र का बांध न टूटने दें। स्त्री वर्ग अपनी वाणी पर काबू रखें।

मीन :- आज उधार मांगने वाले लोगों को नजरअंदाज करें। अपनी बातों पर काबू रखें, क्योंकि इसके चलते बड़े बुजुर्ग आहत महसूस कर सकते हैं। बेकार की बातें करके समय बर्बाद करने से बेहतर है कि आप शांत रहें। आज आप अपने आसपास के लोगों के इरादे आसानी से समझ सकते हैं। कोई करीबी व्यक्ति आज आपको बात-बात में खास जानकारी दे सकते हैं। हर चुनौती को अलग करते हुए लगे रहने का समय है। अपने कामकाजी जीवन में अपने संपर्कों का फायदा उठाने में सफल हो सकते हैं। कफ्यूजन की स्थिति कार्यक्षेत्र में निर्मित हो सकती है।

जयपुर नगर निगम ग्रेटर में दो सर्वेयर 20 हजार रूपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने प्रदेश की राजधानी जयपुर में नगर निगम ग्रेटर में स्पैरो सॉफ्टटेक कंपनी के सर्वेयर महेश कुमार शर्मा एवं रोहिताश मीणा को आज परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक बी एल सोनी ने बताया कि ब्यूरो की विशेष अनुसंधान इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके वाणिज्यिक मकान को आवासीय मकान के रूप में दिखाकर नगरीय विकास कर को कम करने तथा परेशान नहीं करने की एवज में महेश कुमार शर्मा एवं रोहिताश मीणा 40 हजार रुपए की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहे है।

ब्यूरो टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रेप की कार्रवाई करते हुए महेश कुमार शर्मा एवं रोहिताश मीणा को परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। ब्यूरो टीम द्वारा आरोपियों के आवास पर सर्च की कार्यवाही की जा रही है। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा।

केदारनाथ धाम के लिए फिर से शुरू हुई हेली सेवाएं

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के समापन की शुरुआत के साथ ही विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। साथ ही, बढ़ते श्रद्धालुओं और मौसम को दृष्टिगत रखते हुए एक बार फिर श्री केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं।

सूत्रों के अनुसार अन्य धामों के साथ ही 18 किलोमीटर पैदल ट्रैक वाले केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रतिदिन चार से छह हजार के बीच यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इस बीच हेली सेवाओं के पुनः संचालन से धाम की यात्रा सुगम हो गई है।

हेली कंपनियों द्वारा तीर्थयात्रियों को बेहतर व्यवस्थाएं मुहैया कराई जाए, इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। केदारनाथ धाम में अभी तक कुल 96094 श्रद्धालु हेलीकॉप्टर से दर्शन करने पहुंचे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्रीकेदारनाथ धाम जाने के लिए तीर्थयात्रियों को रुदप्रयाग जिले के गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवा की सुविधा दी जाती है। इस साल पहली बार मानसून के दौरान भी श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराई गई। सभी चारधाम यात्रा के इच्छुक व्यक्तियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है।

सूत्रों के अनुसार, बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा करने के लिए तीर्थयात्री और श्रद्धालु पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। जबकि केदारनाथ हेली सेवा हेतु http://heliservices.ukdotgov.in पर ऑनलाईन बुकिंग की जा सकती है।