Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 608 -
होम ब्लॉग पेज 608

भारत और चीन के सैनिकों ने गोगरा-हॉट स्प्रिंग से पीछे हटना शुरू किया

नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच पिछले दो वर्ष से भी अधिक समय से पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चले आ रहे सैन्य गतिरोध के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में गुरूवार को दोनों देशों के सैनिकों के गोगरा-हॉट स्प्रिंग (पी पी-15 ) क्षेत्र से पीछे हटने की प्रक्रिया शुरू हो गई।

रक्षा मंत्रालय ने एक संयुक्त वक्तव्य जारी कर कहा कि भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच 16वें दौर की वार्ता में बनी सहमति के आधार पर दोनों देशों के सैनिकों ने गोगरा-हॉट स्प्रिंग (पीपी-15) क्षेत्र से समन्वित तथा चरणबद्ध तरीके से पीछे हटना शुरू कर दिया है। वक्तव्य में कहा गया है कि यह घटनाक्रम सीमा पर शांति तथा मैत्रीपूर्ण माहौल बनाने के लिए अनुकूल है।

दोनों सेनाओं के कोर कमांडरों के बीच 16वें दौर की वार्ता गत 18 जुलाई को भारतीय सीमा में चुशूल मोल्डो क्षेत्र में हुई थी। करीब 12 घंटे तक चली इस बैठक में दोनों पक्षों ने विभिन्न लंबित मुद्दों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की थी।

दोनों पक्षों के बीच बातचीत के कई दौर के बाद गलवान घार्टी और पेगोंग झील से सैनिकों को पीछे हटाने सहमति बन गई थी लेकिन गोगरा हॉट स्प्रिंग क्षेत्र से सैनिकों को पीछे हटाने को लेकर विवाद बना हुआ था।

अप्रैल 2020 में चीन द्वारा पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर यथास्थिति बदलने की कोशिश किये जाने के बाद क्षेत्र में गतिरोध उत्पन्न हो गया था। इसके बाद 15 और 16 जून की दरम्यानी रात गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई जिसमें भारत के एक कर्नल सहित 20 सैनिक शहीद हो गये जबकि चीनी सेना के भी बड़ी संख्या में सैनिक मारे गये।

इसके बाद से गतिरोध को दूर करने के लिए दोनों देशों के बीच सैन्य, राजनयिक और राजनीतिक स्तर पर वार्ताओं के कई दौरे हो चुके हैं।

तिरुमुल्लेवोयल : नीट में असफल एक अन्य छात्रा ने जान दी

0

चेन्नई। तमिलनाडु के उपनगर तिरुमुल्लेवोयल में गुरूवार को एक 19 वर्षीय छात्रा लक्ष्मण स्वेधा ने नीट परीक्षा में असफल होने के कारण अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। नीट परीक्षा का परिणाम कुछ घंटे पहले ही बुधवार देर रात जारी हुआ था।

पुलिस के अनुसार यह लड़की फिलीपींस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थी और चेन्नई से चिकित्सा की पढ़ाई करना चाहती थी इसलिए उसने अच्छे अंक की उम्मीद में नीट की परीक्षा दी थी लेकिन असफलता मिलने पर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

लड़की के परिजन सरकारी किलपॉक मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम करने के लिए अस्पताल में रखा गया है, जिसे बाद में उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी द्रमुक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने केंद्र सरकार से आग्रह कर रहे हैं कि नीट परीक्षा से राज्य को छूट दिलाने वाले विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी प्राप्त करें, जिसे राज्य की विधानसभा में दूसरी बार पारित किया गया है।

कुछ दिन पहले, तिरुवनंतपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर इस मामले को उठाया था और उनसे तमिलनाडु को नीट से छूट दिलाने वाले विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी दिलाने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया था।

हमारे लिए देश का सामान्य नागरिक भगवान के समान है : मोदी

सूरत। गुजरात के सूरत जिले के ओलपाड में जरूरतमंद नागरिकों के लिए गुरूवार को आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से कहा कि हमारे लिए देश का सामान्य नागरिक भगवान के समान है।

मोदी ने वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार के डबल लाभ जनता को मिल रहे हैं। ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं के करोड़ों लाभार्थियों के आशीर्वाद सरकार को दुगनी गति से काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रधानमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद करके उनको मिलने वाले लाभों और उससे आए जीवन स्तर में सुधार के बारे में बातचीत की। साथ ही अन्य जरूरतमंद लोगों को भी योजना का लाभ दिलाने के लिए मदद करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। लाभार्थियों ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

ओलपाड विधायक और कृषि, ऊर्जा और पेट्रोरसायन राज्य मंत्री मुकेशभाई पटेल के नेतृत्व में ओलपाड़ विधान सभा परिवार द्वारा यहां आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में हजारों जरूरतमंद लोगों ने निदान, दवा और उपचार का लाभ उठाया। जिसमें 300 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों, 50 लैब तकनीशियन, 300 पैरामेडिकल स्टाफ की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच, हड्डी, आंख-कान- नाक, हृदय, दंत चिकित्सा, रक्ताल्पता, रक्त और शर्करा जांच, चश्मा और दवा वितरण सहित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई।

इस अवसर पर केंद्र और राज्य सरकारों की 16 योजनाओं का लाभ पौने पांच लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाया गया है। मुकेशभाई पटेल ने यह कैंप नरेंद्रभाई मोदी के 17 सितंबर के जन्मदिन के उपलक्ष में आयोजित किया है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि काई एक ही स्थान पर स्वास्थ्य शिविर लगा हजारों नागरिकों के स्वास्थ्य की देखभाल करना एक ईश्वरीय कार्य है। उन्होंने पहले से शिविर आयोजित करने के लिए मंत्री मुकेश भाई पटेल को बधाई देते हुए कहा कि देश की प्रगति में स्वस्थ नागरिक, स्वस्थ समाज महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसीलिए केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य के इन्फ्रास्ट्रकचर को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया है। जब सरकार और समाज एक साथ मिलकर काम करते हैं तो देश तेजी से प्रगति की ओर बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि सरकार एम्स अस्पतालों का दायरा बढ़ाने के साथ-साथ हर राज्य में ज्यादा से ज्यादा मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लगातार प्रयास कर रही है। गुजरात में पिछले दो दशकों में मेडिकल कॉलेज 11 से बढ़कर 31 हो चुके हैं।

उदयलाल आंजना ने मल्टी स्टेट क्रेडिट सोसायटियों की धोखाधड़ी का मुद्दा उठाया

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने आदर्श, संजीवनी, नवजीवन जैसी मल्टी स्टेट क्रेडिट कॉपरेटिव सोसायटियों का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार राजस्थान के पीड़ित निवेशकों की राशि लौटाने में मदद करनी चाहिए।

आंजना आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सहकारिता मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन द्वारा राजस्थान के छोटी बचत करने वाले लाखों लोगों की गाढ़ी कमाई को हड़पा गया है। इन सब पीड़ित परिवारों के साथ बड़ा धोखा हुआ है, यह बहुत ही व्यथित करने वाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राजस्थान के पीड़ित निवेशकों की राशि लौटाने में मदद करें।

उन्होंने कहा कि विभिन्न केन्द्रीय एजेन्सियां जैसे ईडी, इन्कम टैक्स विभाग आदि आपस में सहयोग एवं समन्वय कर पीड़ित निवेशकों को राहत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईडी एवं इनकम टैक्स विभाग ने मांग आपूर्ति हेतु सम्पत्तियों को जब्त कर रखा है इससे छोटे निवेशकों को भुगतान में बाधा आ रही है, पहले सर्वप्रथम निवेशकों को राहत देनी चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि केंद्र सरकार इन एजेंसियों को निर्देशित करें।

आंजना ने कहा कि राज्य सरकार के सामने जैसे ही यह विषय आया तत्काल ही राजसहकार पोर्टल खोला गया और पीड़ितों की शिकायतें ली जा रही हैं। अबतक एक लाख से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं। निवेशकों के हित में डेजिग्नेटेड कोर्ट घोषित कर सात हजार इस्तगासे अभी तक दर्ज किए जा चुके हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्री अमित शाह को ध्यान दिलाया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर पीड़ित निवेशकों का पैसा लौटाने एवं इन सोसायटियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के लिए भी आग्रह किया हैं।

उन्होंने कहा कि मल्टी स्टेट क्रेडिट सोसायटियों के खिलाफ राज्य को दी शक्तियां सीमित है ऐसे में केंद्र सरकार बड्स एक्ट 2019 एवं मल्टी स्टेट को-आपरेटिव सोसायटीज एक्ट, 2002 में संशोधन करें ताकि राज्य सरकारों के स्तर से भी इन सोसायटियों के खिलाफ ठोस कार्यवाही की जा सके।

सहकारिता मंत्री ने सम्मेलन में नाबार्ड द्वारा रियायती दर पर उपलब्ध करवाई जा रही 40 प्रतिशत ऋण राशि को बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने की मांग की ताकि किसानों को अधिक से अधिक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा सके।

आंजना कहा कि राजस्थान में सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पैक्स का गठन किया जा रहा है अब तक एक हजार 215 पैक्स का गठन कर करीब तीन लाख नये किसानों को जोड़ा गया है। केन्द्र सरकार भी प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पैक्स गठन के लिए सभी राज्यों को प्रेरित करे ताकि औसतन 5 किलोमीटर के दायरे में लोगों को बैंकिंग सहित अन्य सुविधाएं प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कार्यभार संभालने के दो दिन बाद ही तत्काल प्रभाव से किसानों की ऋण माफी का अभूतपूर्व निर्णय लिया और करीब 15 हजार 424 करोड़ रूपए की राशि वहन की।

उन्होंने कहा कि राजस्थान देश का पहला राज्य है, जिसने सहकारी अल्पकालीन फसली ऋण की समस्त प्रक्रिया को जुलाई 2019 से ही बॉयोमेट्रिक आधारित तथा ऑनलाइन कर एक पारदर्शी एवं जवाबदेही तंत्र विकसित किया है। इससे वास्तविक किसान को लाभ मिलना सुनिश्चित हुआ हैं।

आंजना ने कहा कि इस प्रक्रिया को पूरे देश में लागू किया जाए। राज्य में 18 लाख 22 हजार किसानों को पहली बार ऋण दिया गया है, जिसकी राशि 3 हजार 596 करोड़ रूपए है। इस वर्ष 20 हजार करोड रूपए के ब्याज मुक्त फसली ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

आंजना ने कहा कि पिछले माह भारत सरकार ने एग्री इन्फा फण्ड योजना में देश में राइजिंग स्टेट के रूप में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर राजस्थान को सम्मानित किया है। इस योजना से राज्य में कृषि क्षेत्र में 747 करोड रूपए के 781 प्रोजेक्टस को स्वीकृति दी है। पैक्स के व्यवसाय विविधीकरण के लिए लगने वाले प्रोजेक्ट में भारत सरकार 80 प्रतिशत अनुदान पैक्स को उपलब्ध कराएं ताकि पैक्स सुदृढ़ीकरण के कार्य को गति मिल सके।

उन्होंने कहा कि किसानों से एमएसपी पर दलहन एवं तिलहन की खरीद एवं पंजीयन प्रक्रिया को पूर्णतया ऑनलाइन कर बायोमैट्रिक सत्यापन से वास्तविक किसान को लाभ देना सुनिश्चित किया है तथा त्वरित भुगतान करने के लिए वेयर हाउस ई-रिसिप्ट सेवा शुरू की गई है। जिससे किसानों को तीन से चार दिन में खाते में ऑनलाइन भुगतान हो रहा है।

नेफैड के भुगतान आने और उसको किसान को दिये जाने के गैप को पूरा करने के लिये राजस्थान सरकार ने एक हजार करोड़ के रिवोल्विंग फण्ड की व्यवस्था की है ताकि किसान को समय पर भुगतान किया जा सके।

आंजना ने कहा कि राज्य सरकार ने सहकारिता के क्षेत्र में लोकतांत्रिक विकेन्द्रीकरण की भावना को सुदृढ़ करने के लिए क्रमबद्ध एवं समयबद्ध रूप से निर्वाचन तहत पैक्स में निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पैक्स से पूर्व भी निर्वाचन कार्य जारी था जिसमें 8 हजार 588 सोसायटियों में निर्वाचन संपन्न हो चुके है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक सबके लिए सब एक के लिए की भावना के साथ सहकारिता को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे ताकि समावेशी विकास को पूर्णतया साकार किया जा सके।

हार के बाद रैकेट तोड़ने पर निक किर्गियोस पर लगा जुर्माना

0

न्यूयॉर्क। ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस पर यूएस ओपन क्वार्टरफाइनल में कारेन खचानोव से हारने के बाद रैकेट तोड़ने के लिए 14000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।

खचानोव ने बुधवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल में किर्गियोस को 7-5, 4-6, 7-5 6-7(3) 6-4 से मात दी थी। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने हार के बाद झुंझलाकर दो रैकेट आर्थर ऐश स्टेडियम में पटककर तोड़ दिए थे।

यह जुर्माना इस साल टूर्नामेंट में लगाया गया सबसे बड़ा जुर्माना है और न्यूयॉर्क में अपने इन पांच अपराधों के लिए किर्गियोस पर कुल 32,500 डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। किर्गियोस पर लगा यह जुर्माना यूएस ओपन में उनके द्वारा कमाए गए 4,73,200 डॉलर से काटा जाएगा।

फ्लशिंग मीडोज में 16वें राउंड में दुनिया के नंबर एक दानिल मेदवेदेव को हराने वाले किर्गियोस ने क्वार्टरफाइनल की शिकस्त के बाद कहा कि न्यूयॉर्क में उनके सभी प्रयास बेकार हो गए।उन्होंने कहा कि ग्रैंड स्लैम में लोगों को सिर्फ यही याद रहता है कि आप जीते हैं या हारे हैं। मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं अभी इस इवेंट में विफल हो गया हूं।

लव जेहाद का माध्यम बन गए थे गरबा पंडाल, दिखाना होगा पहचान पत्र

भोपाल। मध्यप्रदेश की संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर ने आज कहा कि गरबा पंडाल लव जेहाद का एक बड़ा माध्यम बन गए थे और इसे रोकने के लिए अब गरबा में आने वाले सभी लोगों को अपना पहचान पत्र दिखाना होगा।

सोशल मीडिया पर आज ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे ये कहती हुई सुनाई दे रही हैं कि गरबा में जो भी आएं, वे अपना पहचान पत्र साथ लाएं। ये सलाह भी है और सभी संगठन इस मुद्दे को लेकर जागरुक भी हैं।

उन्होंने कहा कि गरबा आयोजन लव जेहाद का बड़ा माध्यम बन गए थे। ऐसे में ये अनिवार्य हो जाता है कि कोई भी पहचान छिपा कर वहां ना आ पाए। हालांकि ये तत्काल नहीं पता चल पाया कि सुश्री ठाकुर का ये वीडियो कहां का है।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल समेत इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे नगरों में आगामी नवरात्रि में गरबा महोत्सव के विशाल आयोजन होते हैं, जिसमें हजारों की संख्या में युवक-युवतियां शामिल होते हैं।

इको-रिवर टूरिज्म : कोटा में मार्च से पहले चंबल नदी में क्रूज चलाने की तैयारी

0

कोटा। राजस्थान के कोटा में इको-रिवर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए चंबल नदी में क्रूज का जल्दी ही संचालन किया जाएगा एवं संभवत अगले साल मार्च माह से पहले कोटा में चम्बल नदी में क्रूज चलने लगे।

कलक्टर ओपी बुनकर ने एक बैठक में कंसलटेंट संस्था एसआईटीई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विचार-विमर्श करने के बाद कहा कि वह इस मामले में ड़िटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करे ताकि चम्बल नदी में क्रूज का संचालन प्रारम्भ कर वाटर स्पोर्टस व ट्यूरिज्म को बढ़ावा दिय जा सके।

बुनकर ने कहा कि कोटा में चंबल नदी में अगले साल के मार्च महीने से पहले उसका संचालन प्रारंभ कर दिया जाना चाहिए और इसके लिए सभी तैयारियों को जल्दी से जल्दी मूर्त रूप दे दिया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि कोटा (उत्तर) से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और राज्य के नगरीय एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने चंबल नदी में वाटर स्पोर्ट्स और टूरिज्म को बढ़ावा देने की गतिविधियां शुरू करने के निर्देश स्थानीय जिला प्रशासन को दिए थे और उन्होंने यह भी कहा था कि चंबल नदी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसमें क्रूज का संचालन एक बेहतर माध्यम हो सकता है। इसलिए स्थानीय के साथ बाहरी पर्यटकों को लुभाने के लिए चंबल नदी में शीघ्र से शीघ्र क्रूज का संचालन आरम्भ किया जाना चाहिए।

अजमेर : एक मकान में महिला का शव बरामद, हत्या की आशंका

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र के साधु बस्ती अजयनगर इलाके में आज एक मकान में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला कमरे के फर्श पर खून से लतपथ हालत में मिली जिसकी सूचना पड़ोसियों द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपनी निगरानी में लिया। मृतका की पहचान ज्योति पुत्री रमेश के रूप में हुई। क्लाक टावर थाना क्षेत्र के केसरगंज चांदबावड़ी की रहने वाली बताई जा रही है।

मृतका ने जींस एवं टी शर्ट पहनी है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पड़ताल कर रही है। उल्लेखनीय है कि महिला की क्लाक टावर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज है।

गाजीपुर में हाईवे पर टहलते ग्रामीणों को कार ने रौंदा, तीन की मौत

0

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग अनियंत्रित कार की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार वाराणसी-मऊ हाईवे पर गुरुवार भोर में तेज रफ्तार कार ने सडक पर टहलते लोगों को रौंद दिया। हादसे में मिठ्ठापारा गांव निवासी अच्छेलाल यादव, विनोद यादव और दिवाकर की मौत हो गई। वहीं दो लोग मामूली चोटिल होकर बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया।

गौरतलब है कि वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन होने के चलते प्रतिदिन भोर में लोग इस पर टहलते हैं। गुरुवार की भोर हाइवे पर वाराणसी की ओर जा रही तेज गति कार अनियंत्रित होकर टहलते लोगों की ओर पहुंच गई।

तीन लोगों को कार ने रौंद दिया, जिससे दो लोग सड़क पर जा गिरे जबकि एक विनोद कार के बोनट में फंस गए। इसके बाद कार दाहिने तरफ डिवाइडर से टकराकर रुक गई। गंभीर चोट आने से मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

कनाडा में छुरा घोंपकर 10 लोगों की हत्या वाले मुख्य संदिग्ध की मौत

0

ओटावा। कनाडा में रविवार को चाकू मार कर 10 लोगों की हत्या किए जाने के मामले में मुख्य संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हमले की घटना के दोनों संदिग्ध अब मर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 120 से अधिक गवाहों के बयान लिए जा चुके हैं। पुलिस ने मीडिया से कहा कि हो सकता है कि हमले का मकसद कभी पता ही नहीं चले।

पुलिस ने मामले की ज्यादा जानकारी न देते हुए कहा कि माइल्स सैंडरसन की बुधवार को गिरफ्तारी के बाद चिकित्सा जटिलताओं के कारण उसकी मृत्यु हो गई। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी से पहले मृतक संदिग्ध के घायल होने के संकेत मिले
थे।

बुधवार (कनाडा समय) को जब उन्हें वाकॉ के पास देखा गया, प्रारंभिक स्थानीय रिपोर्टों में ऐसा संकेत मिला था कि उसे चोट लगी हो सकती है। स्थानीय मीडिया के अनुसार रविवार को हुए हमलों के बाद वेल्डन में एक वाहन को तोड़ दिया गया था और ऐसा प्रतीत होता है कि उसने प्राथमिक चिकित्सा किट चुरा ली होगी।

पुलिस ने मामले के घटनाक्रम के तुरंत बाद एक प्रेस वार्ता की लेकिन इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि हत्याओं में मदद करने के आरोपी के भाई डेमियन की इस सप्ताह की शुरुआत में कैसे मृत्यु हो गई। उसका शव सोमवार को मिला था और पुलिस का कहना है कि उन्हें संदेह है कि उसके भाई ने उसे मार डाला होगा।

पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और इसमे आगे और खुलासा किया जाएगा, साथ ही जनता से मामले से संबंधित जानकारी साझा करना करने का भी आग्रह किया गया।