Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 609 -
होम ब्लॉग पेज 609

चंपावत में आईटीबीपी जवानों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 12 घायल

नैनीताल। उत्तराखंड के चंपावत में गुरुवार एक सड़क हादसे में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 12 जवान घायल हो गए। जवानों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि आईटीबीपी की बस दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 12 जवान घायल हो गए और सभी खतरे से बाहर हैं।

चंपावत आपदा प्रबंधन केन्द्र से मिली जानकारी में बताया गया कि दुर्घटना आज सुबह साढ़े छह बजे हुई है। आईटीबीपी की बस संख्या सीएच 01 जी 12640 जवानों को लेकर टनकपुर से चंपावत की ओर जा रही थी। इसी दौरान टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिन्याड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में 12 जवान सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन सचेत हो गया। मौके पर पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम के अलावा आसपास के ग्रामीण जुट गए और घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। मौके पर चिकित्सकों की एक टीम को भी रवाना कर दिया गया।

सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चल्थी ले जाया गया। घायल जवानों में रामअवतार, ओम प्रकाश, संदीप, रवि कुमार, अनिल, पाटिल, विजय कुमार, महेश सिंह, विजन, कंमाडर महेन्द्र कुमार, अशोक व सरबजीत सिंह (वाहन चालक) शामिल हैं।

धौलपुर में ट्रक से कुचलकर बाइक सवार तीन छात्रों की मौत, एक घायल

0

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर शहर सदर थाना क्षेत्र में आज बीएड का पेपर देने जा रहे बाइक पर सवार चार युवकों को तेज रफ्तार ट्रक द्वारा कुचल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में भरतपुर के रहने वाले दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे युवक ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया जिसकी अभी पहचान नहीं हुई है। मृतक युवकों की पहचान पवन कुमार एवं संदीप सिंह निवासी दाहिना गांव तथा घायल की पहचान सचिन (25) निवासी लखेपुरा के रूप में हुई है।

मृतकों की उम्र 25 से 30 साल बताई जा रही है। घायल और मृतकों के परिजनों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया है। सदर थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि चारों युवक शहर के निजी कॉलेज में बीएड के छात्र थे। इनका राजकीय कन्या महाविद्यालय में बीएड का पेपर था जिसके लिए सभी गुरुवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर मनियां से धौलपुर आ रहे थे।

उन्होंने बताया कि मृतकों के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा किया है। बाइक को टक्कर मारकर भागे ट्रक की तलाश के लिए नाकाबंदी करवाई गई है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सालासर बालाजी मंदिर में किए दर्शन

चूरू। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने चूरू जिले में सिद्धपीठ सालासर बालाजी धाम मंदिर में आज दर्शन किए। धनखड़ ने बालाजी के दरबार में पूजा अर्चना कर धौक लगाई और मन्नत का नारियल बांधा। इस अवसर पर उन्होंने देश एवं प्रदेश में खुशहाली की कामना की।

हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष एवं पुजारी यशोदानंदन एवं पुजारी परिवार के सदस्यों ने बालाजी की प्रतिमा भेंट एवं शाल ओढ़ाकर उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। इससे पहले हैलीपेड पर सांसद रहाुल कस्वा एवं नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, विधायक अभिनेष महर्षि एवं अन्य भाजपा नेताओं ने उपराष्ट्रपति का माला पहनाकर स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सालासर में पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रही और सुरक्षा की दृष्टि से सालासर के बाजार बंद रहे। उपराष्ट्रपति सालासर मंदिर में दर्शन के बाद सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर के लिए रवाना हुए।

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अजमेर दरगाह में की जियारत

0

अजमेर। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आज राजस्थान के अजमेर में स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह की जियारत की तथा आस्ताने शरीफ पर मखमली चादर एवं अकीदत के फूल पेश किए।

हसीना कड़ी सुरक्षा के बीच अजमेर सर्किट हाउस से दरगाह शरीफ पहुंची जहां मुख्य निजामगेट पर उनका परंपरागत तरीके से जोरदार स्वागत एवं अगवानी की गई। नक्कारखाने में शादियाने बजाए गए। उनके साथ बांग्लादेश के शिष्टमंडल के सदस्य भी रहे।

हसीना ने गरीब नवाज की बारगाह आस्ताना शरीफ मे दोनों मुल्कों में बेहतर संबंधों, अमन चैन, खुशहाली, सदभावना एवं भाईचारे की दुआ की। उनके दुआगो खादिम सैय्यद कलीमुद्दीन एवं सैयद नजीमुद्दीन ने उन्हें जियारत कराई। जियारत के बाद उन्होंने अपनी ओर से प्रधानमंत्री हसीना को शॉल ओढ़ाया।

आस्ताने से निकलकर उन्होंने खादिमों की संस्था अंजुमन सैयद जादगान की आगंतुक पुस्तिका में अपने उद्गार लिखे। अंजुमन की ओर से सदर गुलाम किबरिया, सैय्यद सरवर चिश्ती ने उन्हें दरगाह का प्रतीक चिह्न भेंट किया। जियारत के बाद लौटते समय बुलंद दरवाजे पर दरगाह कमेटी के सदर शाहिद हुसैन रिजवी एवं नायब सदर मुन्नवर खान की ओर से राजस्थानी चुनरी ओढ़ाकर इस्तकबाल किया गया।

दरगाह दीवान जैनुअल आबेदीन एवं उनके पुत्र नसीरुद्दीन ने भी शेख हसीना को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर अंजुमन शेख जादगान के सदर सुभान चिश्ती, सचिव जाहिद उल हक चिश्ती भी मौजूद रहे जिन्होंने भी शेख हसीना का स्वागत किया।

हसीना दरगाह शरीफ मे करीब पचास मिनट रही जिनमें से करीब 18 मिनट उन्होंने आस्ताना शरीफ मे दुआ मे व्यतीत किए। गरीब नवाज के प्रति उनकी आस्था देखते ही बन रही थी। इससे पहले भी वह कई बार अजमेर शरीफ आ चुकी हैं।

इससे पहले जयपुर से सड़क मार्ग द्वारा अजमेर सर्किट हाउस पहुंचने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों तथा उनके खादिम सैयद कलीमुद्दीन ने उनकी अगवानी की।

हसीना के अजमेर दौरे के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए और जगह जगह पुलिस तैनात की गई और दरगाह को सुबह आठ बजे से खाली करा लिया गया जिससे दूरदराज से आए जायरीन इस दौरान हाजिरी नहीं लगा पाए। उनकी यात्रा के समय दरगाह में आना जाना बंद कर दिया गया और केवल पासधारी व्यक्ति को ही प्रवेश दिया गया। इस दौरान सड़क से निकलने वाली गलियों को भी बंद कर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया।

ये रहे डेलीगेशन में

प्रधानमंत्री हसीना के साथ 60 व्यक्तियों का डेलीगेशन आया। इसमें उच्चायुक्त, मंत्रीगण, उद्योग, व्यवसाय तथा प्रेस से जुड़े व्यक्ति शामिल थे। लिबरेशन एण्ड वार मामलात मंत्री एकेएम मुजमिल हक, रेलवे मंत्री मोहम्मद नरूल इस्लाम सुजान, जल संसाधन मंत्री जहीद फारूखी, आर्थिक एवं वित्त सलाहकार डॉ. मशीउर्र रहमान, विदेश मामलात राज्य मंत्री मोहम्मद सहरयार आलम, वाणिज्य मंत्री टीपू मुंशी, वित्त मामलात सलाहकार सलमान फजलुर रहमान, आईसीटी राज्य मंत्री जूनायद अहमद पलक तथा एफबीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद जसीम उद्दीन, बंगाल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के निदेशक जेस्मीन अख्तर, बांग्लादेश गारमेण्ट मन्यूफेक्चर्स एण्ड एक्सपोर्टस एसोसिएसन के अध्यक्ष फारूख हसन, मेट्रोपोलीटिशीयन चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष सैफुल इस्लाम तथा उच्चायुक्त मोहम्मद इमरान एवं विक्रम के दुरईस्वामी शामिल रहे।

नेपाल क्रिकेट टीम के कप्तान संदीप लामिछाने पर रेप का आरोप

नई दिल्ली। नेपाल क्रिकेट टीम के कप्तान संदीप लामिछाने पर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने बलात्कार का आरोप लगाया है। नेपाल पुलिस ने बुधवार को बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लामिछाने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से हिस्सा ले चुके हैं। नेपाल क्रिकेट टीम के कप्तान लामिछाने वर्तमान में वेस्टइंडीज में कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) खेल रहे हैं। अभी तक उनकी तरफ से मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।

लामिछाने ने अब तक नेपाल के लिए 30 वनडे और 44 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 30 वनडे में 69 विकेट और 44 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 85 विकेट लिए। संदीप ने दुनिया भर की विभिन्न फ्रेंचाइजी लीगों में कुल 136 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 193 विकेट लिए हैं। उनके नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तीन और लिस्ट-ए में 115 विकेट हैं।

करीबी मैच में अफगानिस्तान की हार के साथ भारत एशिया कप से बाहर

0

शारजाह। पाकिस्तान ने नसीम शाह (14 नादाब) के आखिरी दो गेंदों पर दो छक्कों की बदौलत अफगानिस्तान को एशिया कप के करीबी मैच में बुधवार को एक विकेट से हराया। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 20 ओवर में 130 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे उन्होंने नौ विकेट गंवाकर 19.2 ओवर में हासिल कर लिया

पाकिस्तान को आखिरी तीन ओवर में 25 रन चाहिए थे, लेकिन 18वें ओवर में मोहम्मद नवाज़ और खुशदिल शाह का विकेट गिरने के बाद मैच अफगानिस्तान की झोली में आ गया। 19वें ओवर में हारिस रउफ और आसिफ अली के आउट होने पर पाकिस्तान नौ विकेट गंवा चुका था, जबकि उसे छह गेंदों में 11 रनों की दरकार थी। 10वें नंबर के बल्लेबाज नसीम शाह ने यहां 20वें ओवर की पहली दो गेंदों पर दो छक्के लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई।

एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के लिये भारत की उम्मीदें अफगानिस्तान पर निर्भर थीं, और उसकी हार के साथ भारत का एशिया कप अभियान भी समाप्त हो गया। अफगानिस्तान ने दूसरी पारी के पहले ओवर में ही कप्तान बाबर आजम का विकेट लेने के साथ पाकिस्तान पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

बाबर एशिया कप में पहली गेंद पर आउट होने वाले पहले पाकिस्तानी कप्तान बने। फखर जमान (05) नजीबुल्लाह जादरान के शानदार थ्रो की बदौलत रन आउट हो गए। मोहम्मद रिजवान (20) का विकेट गिरने के बाद इफ्तिखार अहमद और शादाब खान ने पाकिस्तान की पारी को पटरी पर लाते हुए चौथे विकेट के लिये 42 रन की साझेदारी की। इफ्तिखार ने 33 गेंदों पर 30 रन बनाये और पारी की रफ्तार बढ़ाने के प्रयास में कैच आउट हो गये।

अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी ने 17वां ओवर राशिद खान को सौंपा जिन्होंने 26 गेंदों पर 36 रन बनाने वाले शादाब का बहुमूल्य विकेट निकाला। इसके बाद पाकिस्तान ने त्विरत अंतराल पर विकेट गंवाये। 18वें ओवर में फारूकी ने मोहम्मद नवाज (04) और खुशदिल शाह (एक) को आउट किया जबकि 19वें ओवर में फरीद अहमद ने हारिस रउफ और आसिफ अली (16) को पवेलियन लौटाया। अफगानिस्तान जीत की कगार पर खड़ा था लेकिन नसीम शाह ने 20वें ओवर की पहली दो गेंदों पर दो छक्के जड़कर उनके हाथ से जीत छीन ली।

इससे पहले, अफगानिस्तान ने इब्राहिम ज़ादरान (35) की पारी की बदौलत पाकिस्तान को 129 रन का लक्ष्य दिया था। इब्राहिम ने 37 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर 35 रन बनाये, हालांकि इनके अलावा कोई भी अफगान बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े को नहीं छू सका।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया और सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने हजरतुल्लाह जजई के साथ पहले विकेट के लिये 36 रन की साझेदारी की। गुरबाज ने आउट होने से पहले 11 गेंदों पर दो छक्के लगाकर 17 रन बनाए जबकि जजई ने 17 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। इन दोनों के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के विकेटों की झड़ी लग गयी। इब्राहिम एक छोर पर खड़े रहे जबकि करीम जन्नत (15), नजीबुल्लाह जादरान (10) और मोहम्मद नबी (शून्य) उनका साथ देने में असफल रहे।

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए राशिद खान (18 नाबाद) ने दौ चौके और एक छक्का लगाकर टीम को 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 129 रन के स्कोर तक पहुंचाया।पाकिस्तान की ओर से हारिस रऊफ ने दो विकेट लिये जबकि मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह, मोहम्मद नवाज़ और शादाब खान को एक-एक विकेट हासिल हुआ।

सबगुरु राशिफल : 8 सितम्बर गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, शुक्ल पक्ष, त्रयोदशी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 09.03 बजे बाद चतुर्दशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

वृष राशि :-आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

कर्क राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च का योग है।

सिंह राशि :-मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :-आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :-आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :-अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :-वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :-आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :-आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

मीन राशि :-आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

अखाड़े से जागी आस्था, तय कर लिया 50 साल का रास्ता

0
सिरोही के रामझरोखा मैदान में जगदम्बा नवयुवक मंडल के 50 वे गरबा महोत्सव की तैयारियां।
सिरोही के रामझरोखा मैदान में जगदम्बा नवयुवक मंडल के 50 वे गरबा महोत्सव की तैयारियां।

सिरोही। आमतौर पर अखाड़ा दंगल और व्यायाम के लिए काम आता है। लेकिन, सिरोही के एक अखाड़े से गरबा मंडल के माध्यम से आस्था का जो सफर शुरू हुआ वो इस नवरात्रि को 50 साल पूरे कर लेगा।

इन 50 सालों में कई पड़ाव आए, परिवर्तन हुए, वक्त के साथ कदमताल करते हुए रामझरोखा में होने वाला गरबा आज के रूप में पहुंचा है। इस साल जगदम्बा नवयुवक मंडल अपना 50वां गरबा 50 साल के इसी सफर के नाम करेगा।

शुरुआत में ऐसा नहीं था स्वरूप

1972 में जब आशापुरा टेकरी स्थित अखाड़े के करीब एक दर्जन युवाओं ने जगदम्बा नवयुवक मंडल का गठन कर गरबे की शुरुआत की थी तब उसका स्वरूप वैसा नहीं था जैसा आज रामझरोखा में दिखता है। आशापुरी टेकरी पर ही रहने वाले शंकरपुरी महाराज की प्रेरणा से जब शुरू में गरबे हुए तो उस गरबे का स्वरूप वैसा ही था जैसे आज सिरोही के भाटकड़ा में कालका मंदिर और जावाल, गोयली आदि में होता है।

देवी देवताओं के स्वांग में गरबे के शुरुआत हुई। वाद्य और गीत भी पारंपरिक थे। जो अब समय की मांग के अनुसार ऑर्केस्ट्रा और रंग बिरंगी रौशनी से सजा नजर आता है।

50वें साल में ये होगा

मण्डल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी ने यहां पत्रकार वार्ता में बताया कि धर्मप्राण लोगों के सहयोग से इस बार विद्वान आचार्य व पंडितों के सान्निध्य में नवकुंडी शतचंडी महायज्ञ कराया जाएगा। इसको लेकर यज्ञशाला का निर्माण शुरू हो चुका है। इसी प्रकार आयोजन स्थल रामझरोखा पर करीब 40 फीट ऊंचा पावागढ़ पर्वत का निर्माण करके उस पर माता का दरबार सजेगा।

सगरवंशी ने बताया कि बंगाल के मूर्तिकार प्रतिमाए बना रहे हैं। मां जगदम्बा दरबार व महाकाली झांकी प्रदर्शित होगी। आयोजन के दौरान होमाष्टमी, महाआरती, कन्या पूजन, शस्त्र पूजन, विजयादशमी, गरबा रास सहित प्रतिमा विसर्जन के विविध कार्यक्रम होंगे।

गरबा को लेकर विशेष तैयारी की गई है। इस बार गुजरात के मशहूर कलाकारों के द्वारा गुजरात का संगीत गरबा पांडाल में गूंजेगा। आयोजन की तैयारी से पूर्व नगर के गणमान्य नागरिकों के हाथों से योजना पत्रक का विमोचन किया गया। उसके बाद मंडल के पदाधिकारियों ने मुंबई जाकर प्रवासी बंधुओं को भी आयोजन में आमंत्रित किया है।

वर्ष 2000 के आसपास नई टीम ने मण्डल का कार्य अपने हाथों में लिया और इसे ऊंचाइयां प्रदान की। इसमें सुधार प्रक्रिया में नीति नियम बनाए और अनुशासन को सर्वोपरि बनाया। आयोजन को भव्य बनाने में समय-समय पर मिले सहयोग के लिए सभी दानदाताओं, भामाशाह का आभार जताया। मण्डल के कई सेवा प्रकल्प भी चलते हैं जिसमें बेटी बचाओ, गोसेवा, संस्कृति संवर्धन, असहाय सेवा, आपदा सेवा, वृक्षारोपण आदि के कार्य भी किए जाते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान मंडल के अध्यक्ष विजय पटेल आयोजन संयोजक गिरीश सगरवंशी, सहसंयोजक लोकेश खंडेलवाल, संरक्षक गांधीभाई पटेल, रणछोड़ पुरोहित, राजेश गुलाबवानी, अतुल रावल सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

अमित शाह 10 सितंबर को जोधपुर में बूथ सम्मेलन को करेंगे संबोधित

0

जयपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दस सितंबर को जोधपुर में जोधपुर संभाग के बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने आज बताया कि शाह दस सितंबर को अपराह्न दो बजे जोधपुर के दशहरा मैदान में जोधपुर संभाग के ऐतिहासिक बूथ सम्मेलन में अपना संबोधन देंगे। इससे पहले वह दोपहर बारह बजे ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय बैठक के समापन सत्र में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वह उनके साथ सम्मेलन एवं सत्र में शामिल होंगे

उन्होंने बताया कि शाह के दस सितंबर को पूर्वाह्न करीब ग्यारह जोधपुर हवाई पर पहुंचने पर वह उनका स्वागत करेंगे। डा पूनियां शाह के जोधपुर संभाग के बूथ सम्मेलन को को लेकर आठ से दस सितंबर तक जोधपुर प्रवास पर रहेंगे और पदाधिकारी, सांसद, विधायक एवं अन्य सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।

डा पूनियां नौ सितंबर को ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की ओबीसी वर्ग के लिए प्रतिबद्धता; सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ विषय पर संबोधित करेंगे। डॉ. पूनियां गुरुवार सुबह पौने छह बजे जयपुर से ट्रेन द्वारा जोधपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और पूर्वाह्न ग्यारह बजे जोधपुर पहुंचेंगे।

शाह नौ एवं दस सितंबर को आएंगे जैसलमेर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नौ एवं दस सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान के जैसलमेर आएंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शाह अपने दो दिवसीय इस दौरे के दौरान तनोट से लगती भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट तनोट परिसर में बहुप्रतीक्षित बोर्डर टूरिज्म प्रोजेक्ट के भूमि पूजन में हिस्सा लेंगे और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानो की हौसला हफजाई करेंगे।

शाह नौ सितम्बर को नई दिल्ली से रवाना होकर शाम को जैसलमेर पहुचेंगे। रात्रि विश्राम जैसलमेर में करने के बाद अगले दिन दस सितम्बर को तनोट जाएंगे और कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे।

ललितपुर : गाय से कुकर्म का मुकदमा दर्ज, अभियुक्त की तलाश

ललितपुर। उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले में पुलिस ने गाय के साथ कुकर्म करते एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बुधवार को मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरु कर दी है।

पुलिस के अनुसार थाना जाखलौन क्षेत्र में गाय के कुकर्म करने का वीडियो वायरल होने पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को थाना जाखलौन में आईपीसी और पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि पुलिस वीडियो के आधार पर अभियुक्त की पहचान कर ली गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लग गई है। इसके लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।