Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 610 -
होम ब्लॉग पेज 610

पाक में छिपा भारतीय विमान अपहर्ता, फेसबुक पर लोकेशन का खुलासा

नई दिल्ली। वर्ष 1981 के इंडियन एयरलाइंस के विमान के अपहरण में शामिल खालिस्तानी आतंकवादी गजिंदर सिंह ने अब अपने नवीनतम स्थान का खुलासा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में किया है।

यह रहस्योद्घाटन तब किया गया, जब उन्होंने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हसन अब्दाल स्थित गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब के सामने खुद की एक तस्वीर प्रकाशित की। यह आतंकवादी 1981 में इंडियन एयरलाइंस के बोइंग-737 घरेलू यात्री विमान के अपहरण में शामिल था, जो दिल्ली से अमृतसर जा रहा था। गजिंदर सिंह ने हाल ही में पाकिस्तान में उस गुरुद्वारे के सामने क्रमश: एक और पांच सितंबर को अपनी दो तस्वीरें पोस्ट की हैं।

गौरतलब है कि सितंबर 1981 में आतंकवादियों ने पंजाब के अमृतसर जाने वाले इंडियन एयरलाइंस के विमान का अपहरण कर लिया और उसे जबरन लाहौर की ओर मोड़ दिया। अमृतसर जाने वाला विमान दिल्ली से रवाना हुआ था। दल खालसा के पांच आतंकियों ने विमान को हाईजैक कर डायवर्ट किया।

आतंकवादी हथगोले और खंजर से लैस थे। विमान में 111 यात्री सवार थे। अपहरणकर्ताओं का सरगना गजिंदर सिंह था। पाकिस्तान ने इस मामले में मुकदमा चलाया और अपहर्ताओं को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अक्टूबर 1994 में हालांकि उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।

गजिंदर सिंह 2002 से भारत की सबसे वांछित सूची में है। सरकार ने बार-बार पाकिस्तान से सिंह को निर्वासित करने का अनुरोध किया है, लेकिन पड़ोसी देश इस बात से इनकार करता रहा कि वह पाकिस्तान में रहता है।

सिंह को मौजूदा एशिया कप में भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के बाद क्रिकेटर अर्शदीप सिंह के खिलाफ हाल ही में खालिस्तानी कहानी को हवा देने के प्रयासों में भी शामिल पाया गया है।

आतंकवादी ने पंजाबी में लिखा कि भारतीय क्रिकेट टीम के सिख खिलाड़ी अर्शदीप सिंह दो दिनों से काफी चर्चाओं में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भारत के मैच के दौरान अर्शदीप का चूका कैच, जिसमें भारत हार गया, उसके खिलाफ अभियान की शुरुआत हुई।

भारतीय राष्ट्रवादियों द्वारा उन्हें खालिस्तानी कहकर। इस भारतीय अभियान का सबसे अच्छा जवाब यह है कि हम सभी खुले तौर पर कहते हैं ‘मैं भी खालिस्तानी हूं’ या ‘मुझे खालिस्तानी होने पर गर्व है।’ कितना अच्छा होगा अगर अर्शदीप सिंह और अन्य सिख खिलाड़ी खुले तौर पर कहेंगे कि उन्हें खालिस्तानी होने पर गर्व है।

अर्शदीप विवाद को पाकिस्तान द्वारा भारत में सांप्रदायिक अशांति पैदा करने के उद्देश्य से एक सावधानीपूर्वक नियोजित सूचना युद्ध अभियान के रूप में पाया गया है।

आबूरोड में कार और टैंकर के बीच भीषण टक्कर, 6 लोगों की मौत

सिरोही। राजस्थान में सिरोही जिले के आबूरोड रीको थाना क्षेत्र में आज शाम कार और टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में दो महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला व एक बालिका भी शामिल है।

सिरोही पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार गुजरात के ये लोग सिरोही में सारणेश्वर मेले में दर्शन के बाद वापस गुजरात के बड़ौदा जा रहे थे कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पिण्डवाडा से आबूरोड के बीच मावल कट पर उनकी स्विप्ट कार शाम सवा पांच बजे सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार मच गई।

हादसा इतना भीषण था कि कार में सभी लोग बुरी तरफ फंस गए। पांच घायलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने कबाड़ हो चुकी कार में फंंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर रीको पुलिस मौके पर पहुंची। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रेफर किया गया लेकिन रास्ते में उसका भी दम टूट गया। हादसे की गंभीरता के चलते जिला कलक्टर डॉ. भंवरलाल व एसपी ममता गुप्ता ने मौका निरीक्षण किया।

दुर्घटना में पाली जिले के बाली तहसील के पादरों की फली के गुड़ा गुमान सिंह रायको की ढाणी निवासी सवाराम (22) पुत्र चेनाराम देवासी, सवाराम (23) पुत्र जोराराम, भूराराम (32) पुत्र जगाराम देवासी व अंबाराम (25) पुत्र जेता देवासी, पाली कोटबालियान निवासी निरमा (23) पत्नी ललित कुमार मेघवाल, चेसली बाली निवासी हेमा (15) पुत्री कन्हैयालाल की मौत हो गई।

मंजिल पर पहुंचने की रही अधूरी चाह

कार सवार मृतक गांव से रवाना होकर सिरोही पहुंचे। जहां उन्होंने सारणेश्वर महादेव में दर्शन किए। इसके बाद गुजरात के कलोल के लिए रवाना हुए। जहां उनका व्यवसाय है। कार में हंसी-मजाक व खुशनुमा माहौल मावल कट पर आकर चीख-पुकार में तब्दील हो गया। मंजिल तक पहुंचने से पहले ही काल के क्रूर पंजा ने उन्हें दबोच लिया। मंजिल पर पहुंचने की चाह अधूरी रह गई।

अदालत ने नवाब मलिक को मेडिकल जांच कराने की दी अनुमति

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) मामलों की एक विशेष अदालत ने कथित धनशोधन मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को गुर्दे का मेडिकल परीक्षण कराने की अनुमति दे दी है।

अदालत ने पिछले महीने राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी नेता मलिक को इस तरह की जांच (गुर्दा स्कैन) कराने की अनुमति दी थी, लेकिन तब यह नहीं किया जा सका क्योंकि उस समय वह बुखार और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे।

विशेष अदालत के न्यायाधीश आरएन रोकाडे ने मंगलवार को मलिक के उस आवेदन को स्वीकार कर लिया जिसमें स्कैन कराने की अनुमति मांगी गई थी। बुधवार को आदेश की प्रति उपलब्ध कराई गई।

मलिक को ईडी ने 23 फरवरी को गिरफ्तार किया था उन्हें पहले इस बीमारी के लिए सरकार द्वारा संचालित जे जे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, बाद में उन्हें कुर्ला के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

सहारनपुर में पति ने की पत्नी से अवैध संबंध रखने वाले प्रेमी की हत्या

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के थाना कोतवाली देहात के अंतर्गत गांव पिंजोरा निवासी युवक मोबीन ने अपनी पत्नी अफसाना से अवैध संबंधों को लेकर उसके प्रेमी 30 वर्षीय अब्दुल कय्यूम की रात्रि करीब 12 बजे चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

कोतवाली प्रभारी मनोज चहल ने बताया कि हत्यारोपी युवक घटना के बाद थाना कुतुबशेर पहुंच गया जहां उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। थाना कुतुबशेर के एसएचओ सूबे सिंह का कहना है कि यह घटना थाना कोतवाली देहात के अंतर्गत आती है। कुतुबशेर पुलिस ने मोबीन को देहात कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। देहात कोतवाली पुलिस ने उसे आज जेल भेज दिया।

पुलिस निरीक्षक ने बताया कि हत्या के इस मामले में आत्मसमर्पण करने वाले युवक की पत्नी अफसाना हत्याकांड मामले में शामिल नहीं है। हत्या को अकेले मोबीन ने अंजाम दिया। मोबीन ने थाने जाकर पुलिस को बताया कि वह लकड़ी कारोबारी अब्दुल कय्यूम के मकान में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहता है।

घर की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण अफसाना कय्यूम से आर्थिक मदद लेती रही है। जिसके चलते दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। मोबीन ने कय्यूम को कई बार समझाया भी लेकिन समझाने का उस पर कोई असर नहीं पड़ा।

रात्रि करीब 12 बजे कय्यूम जब चिलकाना रोड़ स्थित अपने लकड़ी के कारखाने में जा रहा था तो मोबीन ने उसे गांव हलालपुर के पास रोक लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। उसने चाकू से पहले उसका गला रेता और फिर सीने पर कई वार किए।

पुलिस ने हत्यारोपी मोबीन के पास से चाकू, मोबाइल फोन और मोटर साइकिल बरामद की हैं। इस मामले में मृतक के बेटे दानीश ने मोबीन के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।

रेलवे की नई भूमि नीति पर लगी मुहर, पट्टा शुल्क हुआ एक चौथाई

नई दिल्ली। सरकार ने पीएम गति शक्ति अवसंरचना के निर्माण को सुलभ करने के लिए रेलवे की खाली भूमि के उपयोग को लेकर पुरानी नीति को आज बदल दिया जिसके तहत आवंटी को अब भूमि के बाज़ार मूल्य के छह प्रतिशत सालाना की बजाय एक चौथाई यानी डेढ़ प्रतिशत वार्षिक शुल्क देना होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आज हुई बैठक में कार्गो संबंधी गतिविधियों, जन उपयोगिताओं और रेलवे के विशेष इस्तेमाल हेतु रेलवे की भूमि नीति को संशोधित करने के रेल मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। रेलवे के पास करीब 0.62 लाख हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है जिसमें कंटेनर निगम लिमिटेड के पास 26 शहरों में 250 हेक्टेयर भूमि शामिल है।

सरकार का मानना है कि इससे रेलवे को और ज्यादा कार्गो आकर्षित करने में मदद मिलेगी, माल ढुलाई में रेलवे की हिस्सेदारी एवं राजस्व में वृद्धि होगी और इससे इस उद्योग की लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी।

रेलवे की भूमि नीति में बदलाव से सभी पक्षकारों के लिए ज्यादा कार्गो संबंधी सुविधाएं स्थापित करने के रास्ते खुलेंगे और रेलवे के लिए अतिरिक्त कार्गो यातायात एवं माल ढुलाई राजस्व पैदा करने में उनकी भागीदारी की राह भी बनेगी।

पीएम गति शक्ति कार्यक्रम में बिजली, गैस, पानी की आपूर्ति, दूरसंचार केबल, सीवेज निपटान, नालियां, ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी), पाइपलाइन, सड़क, फ्लाईओवर, बस टर्मिनल, क्षेत्रीय रेल परिवहन, शहरी परिवहन जैसी जन उपयोगिताओं के सरल एवं एकीकृत तरीके से विकास में मदद मिलेगी। इस नीतिगत संशोधन से रोजगार के लगभग 1.2 लाख अवसर पैदा होंगे। इसका कोई अतिरिक्त खर्च नहीं होगा।

रेलवे की इस संशोधित भूमि नीति के अंतर्गत प्रति वर्ष बाजार मूल्य के 1.5 प्रतिशत की दर से 35 वर्ष तक की अवधि के लिए कार्गो से संबंधित गतिविधियों के लिए रेलवे की भूमि लंबी अवधि के पट्टे पर प्रदान की जाएगी।

इतना ही नहीं, कार्गो टर्मिनलों के लिए रेलवे भूमि का वर्तमान में उपयोग कर रही संस्थाओं के पास भी पुन: पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया से नई नीति व्यवस्था अपनाने का विकल्प मिलेगा। इससे उन पर वित्तीय भार कम हो सकेगा।

नई नीति में प्रत्येक वर्ष डेढ़ प्रतिशत राशि में छह प्रतिशत वार्षिक की उत्तरोत्तर वृद्धि होगी। पुरानी नीति में आवंटी से भूमि के बाज़ार मूल्य का छह प्रतिशत शुल्क लिया जाता था। लेकिन वह नीति अधिक लागत के कारण कामयाब नहीं हुई।

नयी नीति में ऑप्टिकल फाइबर केबल्स (ओएफसी) और अन्य छोटे व्यास वाली भूमिगत उपयोगिताओं के लिए, रेलवे ट्रैक पार करने के लिए 1000 रुपए का एकमुश्त शुल्क लिया जाएगा। इस नीति में रेलवे की जमीन पर सौर अथवा पवन ऊर्जा संयंत्र लगाने, अस्पताल बनाने, जलशाेधन संयंत्र लगाने, केन्द्रीय विद्यालय स्थापित करने जैसे जन कल्याण कारी कार्यों के लिए प्रति वर्ष 1 रुपया प्रति वर्गमीटर के मामूली शुल्क पर रेलवे की जमीन के इस्तेमाल का प्रावधान है।

सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में 300 पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल विकसित किए जाएंगे। मंत्रिमंडल की मंजूरी के 90 दिनों के भीतर व्यापक नीतिगत दस्तावेज तैयार करके लागू किया जाएगा जिसमें उक्त जन उपयोगिताओं की स्थापना के लिए मंजूरियों को सरल किया जाएगा।

रेल परिवहन का एक कुशल साधन है इसलिए रेल द्वारा ज्यादा माल ढुलाई करना आवश्यक है ताकि उद्योग की लॉजिस्टिक्स लागत को कम किया जा सके। माल ढुलाई में रेल के सामान्य हिस्से को बढ़ाने के लिए और ज्यादा कार्गो टर्मिनलों के विकास को प्रोत्साहित करने के लिए भूमि नीति को संशोधित करने की आवश्यकता महसूस की गई है।

होंडा कार्स इंडिया ने 5 लाख अमेज बेचने की उपलब्धि की हासिल

नई दिल्ली। प्रीमियम कार बनाने वाली कंपनी होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) ने लॉन्च से लेकर अब तक पांच लाख होंडा अमेज बेचने की उपलब्धि हासिल की है।

कंपनी ने आज जारी बयान में कहा कि उसकी लोकप्रिय फैमिली सेडान होंडा अमेज़ की 2013 में पेशकश के बाद से अब तक 5 लाख बिक्री हो चुकी है। यह कार अभी अपनी दूसरी पीढ़ी में है और इसने भारत के एंट्री सेडान सेगमेंट में मजबूत स्थिति बनाई है। निजी खरीदारों के बीच इसका ब्राण्‍ड स्‍टेटस पसंदीदा है। अमेज़ अभी एचसीआईएल का सबसे ज्‍यादा बिकने वाला मॉडल है, जिसकी कंपनी की बिक्री में 40 प्रतिशत से ज्‍यादा हिस्‍सेदारी है।

भारत केंद्रित कार होने के नाते, मेड इन इंडिया अमेज़ राजस्‍थान स्थित होंडा के तापुकारा प्‍लांट में बनती है और घरेलू और विभिन्‍न देशों के निर्यात बाजारों में भी इसकी बिक्री की जाती है।

कंपनी के अध्यक्ष एवं सीईओ ताकुया सुमुरा ने कहा कि होंडा अमेज़ की 5 लाख कारें बेचने की उपलब्धि हासिल करना हमारे लिए गर्व का क्षण है। इस ब्राण्‍ड के लिए हमारे ग्राहकों ने जो प्‍यार और अपनापन दिखाया है, उसके लिए हम उनका धन्‍यवाद करते हैं और लगातार सहयोग के लिये अपने पार्टनर्स को भी धन्‍यवाद देते हैं।

होंडा अमेज़ भारत में हमारा रणनीतिक एंट्री मॉडल और हमारे व्‍यवसाय का मुख्‍य स्‍तंभ है। बड़े और छोटे, दोनों शहरों में इसकी लोकप्रियता और स्‍वीकार्यता साबित करती है कि यह प्रीमियम सेडान न केवल ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक है, बल्कि उनकी अपेक्षाओं से बढ़कर है।

मेडिकल कॉलेज कॉलेज छात्र का वीडियो बनाकर ब्लेकमैल करने वाले अरेस्ट

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा मेडिकल कॉलेज छात्र का वीडियो बनाने एवं डिलीट करने के नाम पर रुपयों की मांग करने की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छापरी निवासी सांवरलाल जाट 25 एवं नंदलाल तेरी के रूप 27 में हुई है। पुलिस ने आरोपित से एक पिस्टल एवं चार कारतूस बरामद किए हैं। इनके खिलाफ आर्मस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

वियतनाम के बार में भीषण आग लगने से 32 लोगों की मौत

हनोई। वियतनाम के दक्षिणी प्रांत बिन्ह डुओंग में आग लगने से 32 लोगों की मौत हो गई है। वियतनाम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार आग मंगलवार रात एक स्थानीय तीन मंजिला कराओके बार की दूसरी और तीसरी मंजिल में लगी तथा तेजी से फैल गई, जिससे कर्मचारी एवं ग्राहक अंदर फंस गए।

समाचार एजेंसी ने प्रांतीय पीपुल्स कमेटी ऑफ बिन्ह डुओंग का हवाले से कहा कि स्थानीय समयानुसार बुधवार रात 8:00 बजे तक 16 पुरुषों और 16 महिलाओं की मौत के साथ दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई थी। आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी और ध्वनिरोधी फोम के गद्दे तथा लकड़ी के इंटीरियर को पकड़ते ही तेजी से फैल गई।

मौके पर दमकल की 13 गाड़ियां और 66 दमकलकर्मी तैनात किए गए थे और एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। समाचार एजेंसी ने कहा कि अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं।

समाचार एजेंसी के अनुसार वियतनामी राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक ने बुधवार को आग के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और राज्य एवं स्थानीय दोनों स्तरों के अधिकारियों से परिवारों का समर्थन करने के लिए कहा।

देश के सामान्य सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार इस साल जनवरी से अगस्त तक वियतनाम में कुल आग और विस्फोट की 1,147 की घटनायें घटित हुई हैं, जिसमें 65 लोग मारे गए और 65 लोग जख्मी हुए हैं।

ईवी इंडिया एक्सपो : शेमा ईलेक्ट्रिक ने प्रदर्शित किए तीन नए ई दोपहिया वाहन

0

ग्रेटर नोएडा। मेक इन इंडिया ईवी निर्माता शेमा ईलेक्ट्रिक ने ईवी इंडिया एक्सपो में आज तीन नए हाई स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटरों की रेंज प्रदर्शित की।

शेमा इलेक्ट्रिक के संस्थापक और सीओओ योगेश कुमार लाठ ने कहा कि इस तीन दिवसीय ईवी एक्सपो में ब्रांड की नई पेशकशों में ईगल प्लस, ग्रिफॉन और टफ प्लस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरा ऑटोमोबाइल उद्योग चल रहे ई- मोबिलिटी मिशन में योगदान देने के लिए अथक प्रयास कर रहा है, तो इस क्रांति ने भारतीय कंपनियों को नवाचार के अपने कार्य को आगे बढ़ाने के लिए अवसर भी प्रदान किया है।

शेमा ऐसे उत्पाद प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं जो गुणवत्ता और प्रदर्शन के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करते हैं। हम समझते हैं कि ग्राहक अनुभव न केवल हमारे लिए बल्कि देश के लिए भी सबसे महत्वपूर्ण चीज है इसलिए हम सभी साथ मिलकर आईसीई से ईवी में प्रवेश को पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं।

यहां ईवी एक्सपो इंडिया में, हमें मांग को समझने और अपने प्रयासों को प्रदर्शित करने के लिए बिल्कुल सही मंच मिला है। हमें अपनी उत्पाद श्रृंखला के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, और हमें यकीन है कि नए उत्पादों को लॉन्च करने के बाद इस शानदार प्रतिसाद का लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में ब्रांड के कम रफ्तार वाले 5 उत्पाद पहले से ही सड़क पर उतर चुके हैं। प्रदर्शित नए ई-स्कूटरों को अक्टूबर के मध्य तक आधिकारिक तौर पर लॉन्च होने की उम्मीद है। शेमा पहले से ही पूरे भारत में 40 डीलरों का मजबूत नेटवर्क बना चुका है। कंपनी अभी 4 राज्यों में उपस्थित है। इसका उद्देश्य चालू वित्त वर्ष के अंत तक 3 उत्पादों को लॉन्च करना और कम से कम 10000 ग्राहकों तक पहुंचना है।

उन्होंने कहा कि ईगल प्लस ई-स्कूटर आसानी से 50 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड पकड़ सकता है। इस प्रकार, यह स्थानीय आवागमन के लिए सुविधाजनक है। यह एक बार फुल चार्ज होने पर 120 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। इस ई-स्कूटर में 1200 वॉट का बीएलडीसी मोटर और 3.2 किलोवॉट की लिथियम-आयन बैटरी लगी है, जिसे 3.5 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है।

ग्रिफॉन एक अन्य स्कूटर है। इसकी अधिकतम रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा है। यह एक बार के फुल चार्ज में 130 किमी की दूरी तय कर सकता है। इसमें 1500 वाट का बीएलडीसी मोटर लगा है और इसकी 4.1 किलोवाट लिथियम-आयन बैटरी को 3.5 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है।

टफ प्लस एक्सपो में प्रदर्शित तीसरा ई-स्कूटर है। यह खास तौर पर लास्ट माइल डिलिवरी के लिए है। इस ई-स्कूटर की अधिकतम रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा है। यह एक बार फुल चार्ज हो जाने पर 130 किमी की दूरी तय कर सकता है। इसमें 1500 वाट का बीएलडीसी मोटर लगा है। इसकी 4 किलोवाट एलएफपी बैटरी को 3.5 से 4 घंटे में फुल चार्ज किया जा सकता है।

सांप्रदायिक ध्रुवीकरण देश को ‘गृहयुद्ध’ की ओर धकेल सकता है : अशोक गहलोत

कन्याकुमारी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि देश में ऐसी स्थिति है जो इसे ‘गृहयुद्ध’ की ओर धकेल सकती है और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस स्थिति को सामान्य करने की दिशा में एक प्रयास है।

गहलोत ने (इनका नाम पार्टी अध्यक्ष पद के लिए संभावित रूप से चर्चा में रहा है) यात्रा के शुभारंभ से पहले यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी का नेतृत्व करें।

राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रहे 71 वर्षीय नेता ने 3500 किलोमीटर की यात्रा की जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का मुकाबला करना है, साथ ही साथ आर्थिक स्थिति पर संदेश को जनता तक ले जाना है।

अशोक गहलोत ने कहा कि देश में इतना ध्रुवीकरण और नफरत है, अगर यह जारी रहा तो गृहयुद्ध होगा। उन क्षेत्रों में जहां कोई भी समुदाय अल्पसंख्यक है, उन्हें डर लगता है। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक ताना-बाना भी खासा कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार को स्थिति और यात्रा के संदेश को समझना चाहिए।

यह पूछे जाने पर कि क्या यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी को आगामी संगठनात्मक चुनावों में पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुना जाएगा, उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि वह नेतृत्व करें क्योंकि गांधी परिवार की विश्वसनीयता सबसे अधिक है।

गहलोत ने कहा कि (कांग्रेस अध्यक्ष) सोनिया गांधी को पार्टी में शामिल होने में कोई दिलचस्पी नहीं थी। हमने उनसे बार-बार अनुरोध किया। हमने उनसे कहा कि अगर कांग्रेस बिखर जाती हैं तो आने वाली पीढ़िया माफ नहीं करेंगी। उन्हें याद दिलाया कि गांधी परिवार के किसी भी सदस्य ने पिछले 30 वर्षों में सरकार में कोई पद नहीं संभाला है।

गहलोत ने कहा कि चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो भी कहेगी वह करेंगे। सभी पार्टी कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में सभी चुनौतियों का सामना करेंगे।

गांधी के नेतृत्व में शुरू होने वाली यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा प्रमुख शहरों कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव जमोद, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट, जम्मू और श्रीनगर से होकर गुजरेगी।