Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 612 -
होम ब्लॉग पेज 612

सबगुरु राशिफल : 7 सितम्बर बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, शुक्ल पक्ष, द्वादशी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन। आज आपका दिन कैसा रहेगा जानने के लिए पढें राशिफल।

मेष :- आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज व्यापार आदि संबंधित कार्यों के लिए भी लाभदायक दिन सिद्ध होगा। घर में कोई शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। निवेश से आर्थिक लाभ होने की पूरी संभावना है। दोपहर बाद स्वास्थ्य केे प्रति सजग रहें।

वृषभ :- आज का दिन मिला-जुला असर वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आज आप किसी नई कार्य-योजना पर काम कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। व्यापारियों को फिलहाल यात्रा करने का लाभ नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति हो सकती है।

मिथुन :- आज नकारात्मक विचारों को मन से दूर रखना हितकर रहेगा। खान-पान का ध्यान रखिएगा। इसके अलावा कोई अकारण का खर्च भी आज करना पड़ सकता है। किसी जरूरी काम से बाहर भी जाना पड़ सकता है। फिलहाल आपका धन का खर्च अधिक न हो, इसका ध्यान रखने की खास जरूरत है।

कर्क :- आज आपको अपने मन के सारे काम करने के पूरे अवसर प्राप्त होंगे। वहीं आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आज अचानक धन खर्च करना पड़ सकता है। नौकरी- व्यवसाय में परिस्थिति अनुकूल बनी रहेगी। अपने गुस्से को काबू में रखने का लाभ मिलेगा। फिलहाल किसी नए काम की शुरुआत मत करिए।

सिंह :- आज व्यापार विस्तार के लिए नई योजनाओं को अमल में ला सकते हैं। आज किसी अच्छे काम के लिए धन खर्च होगा। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। फिलहाल प्रबल लाभ के योग बन रहे हैं। आकस्मिक धन खर्च होगा। भागीदारों के साथ आंतरिक मतभेद हो सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत आज करने से बचें।

कन्या :- आज का दिन सुख व शांतिपूर्वक बीतेगा। श्रम के साथ-साथ कला के प्रति भी अभिरुचि बनी रहेगी। व्यापार के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। व्यवसाय व कार्यक्षेत्र में स्थिति आपके अनुकूल बनेगी और साथी कर्मचारियों का सहयोग भी प्राप्त होगा।

तुला :- आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। आपका स्वास्थ्य कुछ नरम बना रहेगा। परिवार या कार्यक्षेत्र में किसी से बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। परंतु दोपहर बाद से आपकी स्थिति में सुधार आता जाएगा। वहीं आज आप किसी कलात्मक विधा के प्रति आर्कषित हो सकते हैं।

वृश्चिक :- आज संपत्ति संबंधित कार्यों में पूर्णतः सफलता प्राप्त होगी। भाई-बंधुओं का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं सभी प्रतिस्पर्धी परास्त होंगे। परंतु दोपहर बाद से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यावहारिक जीवन में अपयश मिलने की संभावना भी बनी हुई है। आज दिन खत्म होने तक कोई भारी धन हानि का भी योग बन रहा है।

धनु :- आज किसी करीबी की बात से मन दुख सकता है। वहीं स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। आज का दिन आध्यात्मिक प्रवृत्तियों के लिए बहुत अच्छा है। व्यवसाय में आर्थिक लाभ भी होगा। दोपहर बाद से सभी अधूरे काम पूरे होते नजर आएंगे। आज आपके शत्रु कमजोर रहेंगे। ईश्वर का ध्यान करें।

मकर :- आज धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में आज वृद्धि होगी। व्यापार में भी वातावरण अनुकूल बना रहेगा। आज आपके हर कार्य सरलता से पूर्ण होंगे। फिर भी दोपहर बाद से आपके विचारों में नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं। इससे हताशा बढ़ेगी। शेयर में निवेश का अच्छा लाभ मिलेगा।

कुंभ :- आज मिला-जुला दिन है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के पीछे अधिक धन खर्च होगा। करीबी लोगों के साथ वाद-विवाद से मन अशांत रहेगा। दोपहर बाद आज सभी कार्य सरलतापूर्वक पूरे होते नजर आएंगे। वहीं दफ्तर में आपके प्रभाव क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। उच्च अधिकारियों की कृपादृष्टि आप पर बनी रहेगी।

मीन :- व्यावसायिक तथा अन्य क्षेत्रों में आज का दिन आप के लिए लाभप्रद रहेगा। किसी शुभ कार्य के आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। आस-पास के क्षेत्रों की यात्रा तथा मित्रों से उपहार आदि मिल सकते हैं। दोपहर बाद हर कार्य में कुछ सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यावसायिक कार्यों में सरकारी प्रभाव से काम बनते नजर आएंगे।

आर्य समाज का शादी प्रमाण पत्र विवाह की वैधता का आधार नहीं : इलाहाबाद हाईकोर्ट

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि सामाजिक संस्था आर्य समाज द्वारा जारी किए जाने वाले शादी के प्रमाण पत्र को विवाह की कानूनी वैधता का पुख्ता आधार नहीं माना जा सकता है।

उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने एक याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा कि आर्य समाज की ओर से जारी किए जाने वाले शादी के प्रमाण पत्र के आधार पर किसी शादी को कानून की नजर में वैध नहीं ठहराया जा सकता है। अदालत ने भोला सिंह एवं अन्य द्वारा पेश बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई के दौरान पेश किए गए आर्य समाज के दस्तावेजों को पुख्ता सबूत मानने से इंकार करते हुए याचिका खारिज कर दी।

न्यायमूर्ति शमशेरी ने कहा कि आर्य समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा जारी किए गए शादी के अनगिनत प्रमाण पत्र अदालत में पेश किए जाते हैं, लेकिन इन प्रमाण पत्रों को इस अदालत में और अन्य उच्च न्यायालयों में सुनवाई के दौरान समय समय पर सवालों के घेरे में खड़ा किया जाता रहा है।

अदालत ने कहा कि इस तरह की संस्थाओं ने इन दस्तावेजाें की विश्वसनीयता का ध्यान रखे बिना, शादियां करवाने में विवाह की संस्था के प्रति लोगों की आस्था का दुरुपयोग किया है। ऐसे में, जबकि शादी का पंजीकरण नहीं हुआ है, महज आर्य समाज के प्रमाण पत्र के आधार पर किसी युगल को विवाहित नहीं माना जा सकता है।

इस मामले में याचिकाकर्ता भोला सिंह ने अपने वकील धर्मवीर सिंह के माध्यम से अदालत के समक्ष अपनी शादी को वैध साबित करने के लिए गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर द्वारा जारी शादी का प्रमाण पत्र, विवाह के पंजीकरण का प्रमाण पत्र और कुछ तस्वीरें सबूत के ताैर पर पेश कीं।

याचिकाकर्ता ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर अदालत से उसकी पत्नी को पेश करने का पुलिस को निर्देश देने की मांग की थी, जिसे पत्नी के पिता ने पुलिस में उसके विरुद्ध मामला दर्ज करा कर मामले की जांच के नाम पर उसकी अभिरक्षा से दूर कर दिया।

अदालत ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका को असामान्य परिस्थितियों में किसी बंधक को राहत देने वाली याचिका बताते हुए कहा कि यह याचिका अदालत को विशेषाधिकार प्रदान करती है। इसे बतौर, विधिक अधिकार जारी करने के बजाय तार्किक आधारों पर ही जारी किया जा सकता है।

अदालत ने कहा कि पत्नी को उसके पिता की अभिरक्षा से निकाल कर अपने पास लाने के लिए याचिकाकर्ता के पास अन्य कानूनी उपचार उपलब्ध हैं। ऐसे में इस मामले में यह याचिका स्वीकार किए जाने योग्य नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने आशीष मिश्रा की जमानत याचिका पर यूपी सरकार को भेजा नोटिस

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के आरोपी आशीष मिश्रा की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी की अध्यक्षता वाली युगल पीठ ने इस मामले में 26 सितंबर तक राज्य सरकार से जवाब मांगा।

आरोपी मिश्रा की ओर से पेश हुए पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने शीर्ष अदालत को अवगत कराया कि किसानों की मौत के कारण हुई हिंसा की घटना पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने पूरी तरह से सुनवाई नहीं की। रोहतगी ने दलील दी कि मैं आपसे इस मामले को सुनने का अनुरोध करना चाहता हूं, जिस पर शीर्ष अदालत नोटिस जारी करने के लिए सहमत हो गया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के पुत्र आशीष मिश्रा को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 26 जुलाई को जमानत मंजूर करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्हें राहत और जमानत के लिए अगस्त के अंतिम सप्ताह में शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा था।

मिश्रा ने कहा कि अभियोजन पक्ष के गवाहों के साथ छेड़खानी और किसी तरह की बाधा पहुंचाने की कोई आशंका नहीं है और 98 गवाहों और उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षा प्रदान की गई है। मिश्रा को पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया और आरोपपत्र में दावा किया गया कि हत्याएं पूर्व नियोजित ढंग से की गई थीं।

अभियोजन पक्ष ने कहा कि मिश्रा पिछले साल तीन अक्टूबर को तीन या चार कारों के काफिले के साथ एक एसयूवी में आए और कथित तौर पर कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को कुचल दिया था।

कोटा में बुजुर्ग दंपती को लूटने के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का आरोपी अरेस्ट

कोटा। राजस्थान में कोटा पॉश इलाके तलवंडी में एक बुजुर्ग दंपत्ति को पिस्तौल दिखाकर दिनदहाड़े लूटने की कोशिश करने की सनसनीखेज वारदात के सिलसिले में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली।

पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा ने आज पत्रकारों को बताया कि कोटा की पॉश कॉलोनी तलवंडी में रहने वाले एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी महेश शर्मा (63) ने गत एक सितम्बर को जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि इसी दिन दोपहर करीब 11.45 बजे एक बैग और हाथ में रजिस्टर लिए एक युवक उनके आवास पर पहुंचा और घंटी बजाकर दरवाजा खुलने के बाद उनकी पत्नी से कोरोना वायरस से बचाव के लिए तीसरा टीका लगाने के बारे में पूछने लगा।

खमेसरा ने बताया कि जब महेश शर्मा की पत्नी घर के अंदर आई तो वह युवक भी पीछे-पीछे भीतर घुस आया और अचानक पिस्तौल निकालकर इस दंपति को धमकाया कि उसके चार-पांच साथियों ने मकान को घेर रखा है।

उन्होंने अचानक ही उस युवक का पिस्तौल वाला हाथ पकड़ कर मरोड़ दिया तो वह युवक घबरा गया और हाथ छुड़ा कर घर के बाहर भागने लगा। इस पर बुजुर्ग दंपती ने भी शोर मचाते हुए उसका पीछा किया लेकिन वह बाहर निकल कर गलियों में होकर गायब हो गया।

खमेसरा ने घटना को काफी गंभीरता से लिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रवीण कुमार जैन के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच शुरू की। लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाश ने जिसे पिस्तौल बताकर इस दंपती को धमकाया था, वह असल में एयरगन थी। पुलिस की जांच में इस बदमाश के वारदात से पहले आसपास के इलाके की रेकी करने की बात सामने आई।

उन्होंने बताया कि आरोपी गजेंद्र सिंह किराड के पास काम धंधा नहीं था इसलिए उसने रुपए कमाने के लिए घरों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को धमका कर लूटने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने एयरगन खरीदी। उसने वारदात को अंजाम देने से पहले कोरोना वायरस के टीकाकरण के लिए सर्वे का बहाना किया ताकि किसी को उस पर शक नहीं हो। इस घटना के बाद तलवंडी इलाके में सनसनी फैल गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से आरोपी धरा गया।

महारानी से मुलाकात के बाद लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री

लंदन। ब्रिटेन के बालमोरल में महारानी से मुलाकात के बाद अब लिज़ ट्रस देश की नई प्रधानमंत्री बन गई है। बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद वहां उन्हें सरकार बनाने के लिए कहा गया है।

लिज ट्रस (47)ब्रिटेन की 56वीं और तीसरी महिला प्रधानमंत्री होगी। उनकी टीम ने उनकी नई भूमिका को चिह्नित करने के लिए उनके ट्विटर प्रोफाइल को तेजी से अद्यतन किया है। उनके प्रोफाइल विवरण में यूनाइटेड किंगडम ऑफ ग्रेट ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड की प्रधान मंत्री, कंजरवेटिव पार्टी की नेता, दक्षिण पश्चिम नॉरफ़ॉक के लिए सांसद कहा गया है।

गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार उनके तुरंत डाउनिंग स्ट्रीट लौटने की उम्मीद है और लंदन समयानुसार शाम करीब 4 बजे वह राष्ट्र को संबोधित करेंगी। प्रधान मंत्री के रूप में उनके सबसे पहली प्राथमिकताओं में से एक बिजली के बढ़ते बिलों से निपटने योजना की घोषण करना होगा। समझा जाता है कि ऊर्जा के बिलों पर लगाम लगाने के लिए सहयोगियों के साथ 100 बिलियन पाउंड के पैकेज पर चर्चा की जा रही है।

गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक यह पैकेज गुरुवार तक आ सकता है, जैसा कि लेबर पार्टी ने प्रस्तावित किया है कि इसका भुगतान आपूर्तिकर्ताओें पर सरचार्ज(विंडफाल टैक्स) लगाने के बजाय अतिरिक्त ऋण लेकर किया जाएगा। उनके मंत्रिमंडल के मुख्य सहयोगियों की नियुक्ति भी गुरुवार तक कर दी जाएगी इसके बाद आने वाले दिनों में जूनियर लोगों के काम का बंटवारा होगा।

ऐसी उम्मीद की जाती है कि लिज ट्रस अपने वफादार साथियों को मंत्रिमंडल में जगह देगी। जिनमे क्वासी क्वार्टेंग को चांसलर, जेम्स क्लीवरली को विदेश सचिव और सुएला ब्रेवरमैन को गृह सचिव के रूप में नियुक्त किया जा सकता है।

गार्जियन ने बताया कि अन्य प्रमुख नियुक्तियों में थेरेस कॉफ़ी को स्वास्थ्य सचिव के रूप में शामिल करने की उम्मीद है, लेकिन उनके पराजित नेतृत्व प्रतिद्वंद्वी, ऋषि सनक के लिए कोई भूमिका नहीं होगी। इससे पहले जॉनसन और उनकी पत्नी कैरी ने महारानी के साथ लगभग 40 मिनट बिताए। वे दोपहर से कुछ मिनट पहले बालमोरल से निकले।

निवर्तमान प्रधान मंत्री ने डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर टिप्पणी में कहा कि वह ट्रस के प्रति वफादार और सहायक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं कहना चाहता हूं कि मैं अब उन बूस्टर रॉकेटों में से एक की तरह हूं जिन्होंने अपना कार्य पूरा कर लिया है और अब मैं धीरे-धीरे वायुमंडल में फिर से प्रवेश कर रहा हूं और प्रशांत के किसी दूरस्थ और अस्पष्ट कोने में अदृश्य रूप से छिड़काव कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि वह नई सरकार को सबसे उत्साही समर्थन के अलावा और कुछ नहीं देंगे।

महारानी एलिजाबेथ से लिज ट्रस ने बालमोरल में की मुलाकात

कंजरवेटिव पार्टी की नेता लिज़ ट्रस मंगलवार को महारानी से मिलने और आधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री बनने के लिए बालमोरल पहुंची। इतिहास में यह पहला मौका है जब महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने बकिंघम पैलेस के बजाय बालमोरल में नए प्रधानमंत्री से मुलाकात की। ट्रस यहां आयोजित ‘किसिंग ऑफ हैंड्स’ कार्यक्रम में शामिल हुई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अपनी स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बावजूद महारानी अपने सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक कर्तव्यों में से एक को निभाने के लिए दृढ़ हैं। महारानी एलिजाबेथ के समक्ष आधिकारिक रूप से 15 प्रधानमंत्री बने हैं जिनमें 12 पुरुष रहे। मार्गरेट थैचर और थेरेसा मे के बाद ट्रस तीसरी महिला प्रधानमंत्री हैं।

पत्नी की नृशंस हत्या कर पति ने शव जमीन में दफन कर दिया

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के थाना चिकसाना अंतर्गत गांव विरावई में अपनी पत्नी की नृशंस हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद आज मौके पर पहुंची पुलिस ने 24 वर्षीया कृष्णा के शव को जमीन से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भरतपुर के आरवीएम अस्तपाल भेजा।

बताया गया कि इस मामले में आरोपी 26 वर्षिय पति पिंटू ने अपनी पत्नी के किसी के साथ भाग जाने की झूठी कहानी भी गांव में फैला दी लेकिन कृष्णा के गायब हो जाने की सूचना पर जब पिंटू का बड़ा भाई हिम्मत और भाभी नीरू (मृतका की सगी बहन) गांव पहुंचे तो भाभी ने शक के आधार पर लोगों के साथ आस-पास के इलाके में कृष्णा की तलाश शुरू की।

इस दौरान खेत में गए तो वहां गड्‌ढा खोदने के निशान नजर आए। पुलिस के पहुंचने पर वहां से मिट्‌टी हटाई तो कृष्णा का शव निकला। कृष्णा शव जब निकाला तो उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गले में रस्सी कसी हुई थी और मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिंटू का किसी से अफेयर चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी इसका पूरा खुलासा नहीं किया है।

सचिन पायलट के जन्म दिन के अवसर पर उमड़ा जनसैलाब

जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट के जन्म दिन के एक दिन पहले इस अवसर पर आयोजित समारोह में आज जनसैलाब उमड़ पड़ा।

समारोह में पायलट को मंत्री, विधायकों एवं पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और इस दौरान उनके यहां सिविल लाइंस निवास पर उनके हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही पायलट को जन्म दिन की बधाई देने वाले लोगों का तांता लग गया और इतनी भीड़ जमा हो गई कि सिविल लाइंस में मेले जैसा माहौल बन गया।

वन मंत्री हेमाराम चौधरी, परिवहन मंत्री बृजेंद्र ओला एवं पर्यटन राज्यमंत्री मुरारीलाल मीणा ने पायलट से मिलकर उन्हें जन्म दिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इसी तरह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत, विधायक पीआर मीणा, रामनिवास गावड़िया, जी आर खटाना, मुकेश भाकर, वेद प्रताप सोलंकी, इंद्राज गुर्जर आदि ने भी पायलट से मिलकर उन्हें बधाई दी। पायलट को जन्म दिन की बधाई देने के लिए प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों से उनके समर्थक सुबह से ही जयपुर पहुंचना शुरू हो गए हैं और सिविल लाइंस में इनका मेला लग गया।

इस अवसर पर जयपुर के विभिन्न स्थानों पर पायलट के जन्म दिन के पोस्टर लगे हुए हैं और उनके समर्थक भी उनका पोस्टर लेकर उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थकों ने पायलट जिंदाबाद के नारे भी लगाए। पायलट का जन्म दिन सात सितंबर को है लेकिन बुधवार को शुरु हो रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में उनके शामिल होने के लिए जाने के कारण जन्म दिन आज मनाया गया।

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पायलट के जन्मदिन पर उनके समर्थकों की भीड़ के जमा होने को इसे उनका जयपुर में जन्म दिन के बहाने शक्ति प्रदर्शन के रुप में भी देखा जा रहा है।

प्रयागराज : मकान का छज्जा गिरने से चार लोगों की मौत, 10 घायल

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मुट्ठीगंज क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर एक मकान का जर्जर हालत में अगला हिस्सा (छज्जा) गिरने से उसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए दिवंगत लोगों की आत्मशांति की कामना कर शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

प्रयागराज के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हटिया पुलिस चौकी के पास स्थित मकान का छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गिया। इसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के दाैरान मलबे से दो शवों को पहले ही निकाल लिया था।

उन्होंने बताया कि 10 घायलों को स्थानीय स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका कहना है कि बारिश से बचने के लिए कुछ लोग मकान के छज्जे के नीचे खड़े थे। मकान काफी पुराना था। उसी समय छज्जा गिर गया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान सुशील कुमार गुप्ता (40) राजेन्द्र पटेल (51) और नीरज (32) के रूप में की है। अभी चौथे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

नागपुर में RSS मुख्यालय की सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले

नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरआरएस) के मुख्यालय की सुरक्षा का जिम्मा एक सितम्बर से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने संभाल लिया है। आरएसएस कार्यालय के सूत्रों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।

सूत्रों ने बताया कि सीआईएसएफ के अधिकारियों सहित लगभग 150 सुरक्षा कर्मियों ने राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) और नागपुर पुलिस की जगह ली है जो गत 15 साल से संघ मुख्यालय को सुरक्षा प्रदान कर रहे थे। सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों द्वारा साझा की सूचनाओं के आधार पर इस सुरक्षा को को मंजूरी दी है।

सरकार ने भारतीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा बंदोबश्त में आमूलचूल परिवर्तन करते हुए यहां लगे तीन हजार से अधिक सीआईएसएफ पदों को समाप्त कर दिया था। इसके बाद यहां सुरक्षाकर्मी लगाने के संबंध में कार्रवाई की गई।

बताया गया है कि हवाई अड्डों पर गैर-संवेदनशील मामलों से जुड़ी ड्यूटी निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा निगरानी और सुरक्षा के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी से युक्त उपकरणों की सहायता से की जाएगी।

ह्यूंडई की वैन्यू एन लाइन लॉन्च, शुरूआती कीमत 12.16 लाख

नई दिल्ली। यात्री वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी ह्युंडई मोटर इंडिया ने आज भारतीय बाजार में वैन्यू एन लाइन लॉन्च करने की घोषणा की जिसकी अखिल भारतीय स्तर पर शुरूआती एक्स शोरूम कीमत 12.16 लाख रुपएहै। कंपनी ने इसके दो मॉडल उतारे हैं जिसमें एक मॉडल की कीमत 13.15 लाख रुपए है।

कंपनी ने आज यहां बताया कि 1.0 लीटर टुब्रो जीडीआई पेट्रोल इंजन के साथ यह दोनों मॉडल उतारे गए हैं। इसमें एन 6 डीसीटी की कीमत 12.16 लाख रुपए और एन8 डीसीटी की कीमत 13.15 लाख रुपए है।

उसने कहा कि उपभोक्ताओं को एक बेहतरीन स्पोर्टी एवं फन ड्राइविंग एक्सपीरियंस देते हुए ह्यूंडई वैन्यू एन लाइन को भारतीय बाजार में सेगमेंट क्रिएटर के रूप में लॉन्च किया गया है। बेहतर परफॉर्मेंस, स्पोर्टी स्टीयरिंग एवं सस्पेंशन ट्यूनिंग, एक्जास्ट साउंड ट्यूनिंग तथा 4 डिस्क ब्रेक इस स्पोर्टी कॉम्पैक्ट एसयूवी को और भी खास बना देते हैं।

उसने कहा कि इस वैन्यू एन लाइन में 30 अनूठे और एक्सक्लूसिव फीचर हैं, जो शानदार मोबिलिटी एक्सपीरियंस देते हैं। 3 साल फ्री रोड-साइड असिस्टेंस, 3 साल ब्लू लिंक सब्सक्रिप्शन और 5 साल के ह्यूंडई शील्ड ऑफ ट्रस्ट, केयर एवं मैंटेनेंस पैकेज के साथ 7 साल तक की एक्सटेंडेड वारंटी के विकल्प के साथ पेश की गई है। यह एसयूवी कंपनी के सभी सिग्नेचर आउटलेट पर उपलब्ध होगी।

इस मौके पर कंपनी के एमडी एवं सीईओ उनसू किम ने कहा कि मोबिलिटी से इतर भी ग्राहकों के अनुभवों को और बेहतर करने के हमारे प्रयास और भारत में मोबिलिटी के क्षेत्र में बदलाव के प्रति हमारी प्रतिबद्धता दृढ़ रही है। ह्यूंडई वैन्यू एन लाइन को भारत में ग्राहकों के लिए मोबिलिटी एक्सपीरियंस को फिर से परिभाषित करने के हमारे विजन के रूप में पेश किया गया है और इस नई लॉन्चिंग के साथ हम 2 साल में 2 एन लाइन मॉडल पेश करेंगे।