Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 617 -
होम ब्लॉग पेज 617

मुशफिकुर रहीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लिया

0

ढाका। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज़ मुशफिकुर रहीम ने रविवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा की। मुश्फिकुर ने कहा कि वह टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। साथ ही वह फ्रेंचाइज़ी टी20 क्रिकेट के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।

मुशफिकुर ने सोशल मीडिया पर सन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि आज मैं टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं। मैं टेस्ट और एकदिवसीय प्रारूप में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करना जारी रखूंगा। मुझे उम्मीद है कि मैं इन दो प्रारूपों में अपने देश के लिए सफलता ला सकता हूं। मैं बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) और अन्य फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में भाग लेना जारी रखूंगा।

उल्लेखनीय है कि मुश्फिकुर ने यह फैसला एशिया कप 2022 से बांग्लादेश के बाहर होने के बाद लिया है। उनकी टीम ग्रुप स्टेज में अफगानिस्तान और श्रीलंका से दोनों मुकाबले हार गई थी, और मुश्फिकुर इन मैचों में क्रमशः चार रन और एक रन का योगदान ही दे सके थे।

खराब फॉर्म से गुजर रहे मुशफिकुर ने नवंबर 2019 के बाद से टी20 अंतरराष्ट्रीय में केवल दो अर्धशतक बनाये हैं। उन्होंने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुए टी20 विश्व कप में 113.38 की स्ट्राइक रेट से आठ पारियों में केवल 144 रन बनाये थे। इस टूर्नामेंट के बाद टीम प्रबंधन ने मुशफिकुर को पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गयी टी20 शृंखला से बाहर रखा था।

ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 2006 में अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले मुशफिकुर ने अपने देश के लिये 102 मैच खेलकर 19.23 की औसत और 119.94 के स्ट्राइक रेट से 1500 रन बनाये। उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में पांच अर्द्धशतक जड़े, और विकेट के पीछे 42 कैच भी पकड़े।

महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली में 17 वक्ता मोदी सरकार पर बरसे

नई दिल्ली। कांग्रेस की भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ ‘हल्ला बोल रैली’ में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित 17 नेताओं ने सभा को संबोधित किया और सभी ने गांधी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए मोदी सरकार पर तीखे प्रहार किए।

कांग्रेस की रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित ‘हल्ला बोल रैली’ में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी साहित 17 वक्ताओं ने संबोधित किया। रैली स्थल पर लोग दस बजे से पहले पहुंच गए थे जबकि गांधी एक बजे के करीब रैली स्थल पर पहुंचे।

रैली को सबसे पहले असम से युवा सांसद गौरव गोगोई ने संबोधित किया और कहा कि सिर्फ एक नेता यानी राहुल गांधी ही देश के लिए लड़ रहा है। रैली में आए लोगों की भीड़ साबित करती है कि सरकार के खिलाफ कांग्रेस का यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है।

कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि मोदी सरकार समाज को बांटने का काम कर रही है और इस रैली के माध्यम से सरकार को कड़ा संदेश जाएगा। अशोक चह्वाण ने कहा कि सरकार गरीबों को महंगाई से मार रही है और देश के गरीब की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए यह रैली आयोजित की गई है।

राजस्थान से कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट ने कहा कि इस सरकार ने महंगाई जबरदस्त बढाकर जनता पर जो प्रहार किया है उसको लेकर सरकार को अब जगा कर ही रहेंगे। मुकुल वासनिक ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की जनता के साथ जो खिलवाड किया है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस रैली के माध्यम से सरकार के खिलाफ जंग की शुरुआत हो गई है।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद का नाम लिए बिना पार्टी से उनके इस्तीफे पर कहा कि कांग्रेस एक दरिया है और इसमें लोग आते जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जनता से जुडे हैँ और यही वजह है कि गांधी ने देश की जनता से जुड़ने और भारत को जोड़ने के लिए भारत जोड़ो रैली का आयोजन किया है।

कांग्रेस रैली को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि बेरोजगारी देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस रैली के माध्यम से किसान, गरीब और आम आदमी की आवाज सरकार तक पहुंचा रहे हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिहं हुड्डा ने कहा कि रैली में शामिल विशाल जन समुदाय बताता है कि देश में गांधी के नेतृत्व में बदलाव की बयान आने वाली है।

जम्मू कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष गुलाम रसूल ने कहा कि इस सरकार में गरीब बदहाल है और जो गरीब है वह और गरीब होता जा रहा है। छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि मोदी सरकार उद्योगपतियों का दस लाख करोड रुपए का कर्ज माफ कर सकती है लेकिन महंगाई रोकने के लिए उसके पास कोई उपाय नहीं हैं।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार महंगाई पर बहुत डरी हुई है। संसद में इस बारे में बोलने को तैयार नहीं है। संसद सत्र के दौरान उसे चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया लेकिन टालती रही लेकिन अंत में उसे इजाजत देनी पड़ी। उनका कहना था कि यह गूंगी बहरी सरकार है जो विपक्ष की बात और जनता की आवाज नहीं सुनती है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मोदी सरकार महंगाई कम मरने में असमर्थ साबित हो रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि वह लागातार महंगाई को लेकर हल्ला कर रहे हैं लेकिन यह गूंगी बहरी सरकार सुनने को तैयार नहीं है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नेता प्रतिभा सिंह ने कहा कि राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में महंगाई और बेरोजगारी स्वाभाविकरूप से प्रमुखता से छाये रहेंगे। उनका कहना था कि लोग महंगाई से बहुत त्रस्त हैं लेकिन सरकार कुछ भी कदम उठाने को तैयार नहीं है।

नफरत और डर पैदा कर रही है मोदी सरकार : राहुल गांधी

नफरत और डर पैदा कर रही है मोदी सरकार : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर कड़ा हमला करते हुए कहा है कि पिछले आठ साल में बेरोजगारी तथा महंगाई चरम पर पहुंची है और सरकार ने इसे रोकने के प्रयास करने की बजाए जन विरोधी कदम उठाकर भय और नफरत फैलाने का काम किया है।

गांधी ने रविवार को रामलीला मैदान में सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी की महंगाई पर हल्ल बोल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश के हालात आज बहुत खराब हो गए हैं। जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, तब से देश में नफरत और क्रोध बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आने बाद नफरत लगातार फैल रही है लेकिन सरकार उसे रोक नहीं रही है। इसी तरह से देश में डर का माहौल है और यह लागातार बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के आने क बाद से एक नहीं कई डर पैदा हुए हैं। सरकार की गलत नीतियों के कारण लोगों में अपने भविष्य का डर है, महंगाई का डर है और बेरोजगारी का डर है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुश्किल यह है कि यह डर कम नहीं हो रहा है, ये डर बढ़ता जा रहा है, इसके कारण हिंदुस्तान में नफरत बढ़ती जा रही है। नफरत से लोग बंटते हैं, देश बंटता है, देश कमजोर होता है।

उन्होंने कहा किे आज महंगाई और बेरोजगारी ने देश में सबसे ज्यादा मुश्किल पैदा कर दी है। देश जिन मुश्किलों से गुजर रहा है इसका पूरा श्रेय भाजपा की गैर-जिम्मेदार सरकार को जाता है। आज देश अगर चाहे भी तो अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएगा। आपको आज जो बेरोजगारी दिख रही है, वो आने वाले समय में और बढ़ेगी।

गांधी ने कहा कि मोदी सरकार गरीब और आम लोगों को हर तरह से दर्द देने का काम कर रही है। युवाओं को बेरोजगारी का दर्द, गरीबों को महंगाई का दर्द और अन्य लोगों में नफरत का दर्द बांटा जा रहा है। नफरत से समाज टूटता है और बेरोजगारी से युवा तथा महंगाई से घर परिवार का बजट तबाह हो रहा है।

उन्होंने कहा कि लोगों को एक तरफ बेरोजगारी की चोट लग रही है तो दूसरी तरफ महंगाई की मार पड़ रही है। साल 2014 में रसोई गैस का सिलेंडर 410 रुपए का था जो आज 1050 रुपए का हो चुका है। इसी तरह से तब पेट्रोल 70 प्रति लीटर था जो आज 100 प्रति लीटर पर है, डीज़ल तब 55 प्रति लीटर था और आज 90 रुपए प्रति लीटर पर है। सरसों का तेल 90 प्रति लीटर से बढकर आज 200 प्रति लीटर पर है।

सरकार पर तीखे स्वर में हमला करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी, ये लीजिए महंगाई का पूरा ब्यौरा, आटे से लेकर, तेल, सिलेंडर, दूध, पेट्रोल, के दामों में आपने आग लगा दी है। लीटर छोड़िए, जनता की फ़िक्र कीजिए। हिंदुस्तान के आम नागरिक बहुत मुश्किल में हैं, बहुत दर्द सह रहे हैं। विपक्ष इन बातों को संसद में उठाना चाहता है तो तब मोदी सरकार विपक्ष को संसद में बोलने नहीं देती है।

नोटबंदी को लेकर भी उन्होंने सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए सवाल किया कि नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की, क्या नोटबंदी से गरीबों का फायदा हुआ। गरीबों की जेब से पैसा निकाला, गरीबों से कहा गया कि ये काले धन के खिलाफ लड़ाई है। फिर सरकार ने देश के बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया।

उन्होंने कहा कि यह सरकार उद्योगपतियों को फायदा दे सकती है लेकिन किसानों और गरीबों के लिए उसके पास कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों का कर्ज माफ करते हैं लेकिन ये किसान का कर्ज माफ नहीं करेंगे, किसानों के खिलाफ तीन काले कानून लाएंगे। ये तीन काले कानून किसानों के लिए नहीं थे, ये काले कानून उन्हीं दो उद्योगपतियों के लिए थे। ये बात किसान समझ चुके थे, इसलिए हिंदुस्तान के किसान सड़कों पर आ गए और नरेंद्र मोदी को किसानों की शक्ति दिखा दी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार को समझ लेना चाहिए कि उसने जिन दो उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया देश को रोजगार ये दो उद्योगपति नहीं देते हैं, देश को रोजगार लघु, मध्यम उद्योग देते हैं, किसान देते हैं लेकिन मोदी सरकार ने इन्हीं लोगों की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है।

गांधी ने कहा कि वह लोगों की समस्याओं को समझते हैं और उनके निवारण का प्रयास अपनी जिम्मेदारी मानते हैं इसलिए वह जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे, आम जनता का साथ निभाएंगे और उनकी आवाज बुलंद करेंगे। पिछले आठ साल में हिंदुस्तान के गरीब, किसान, मजदूर और छोटे दुकानदार को सरकार ने क्या फायदा दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार में पूरा फायदा हिंदुस्तान के सिर्फ दो उद्योगपति उठा रहे हैं। आप बाकी उद्योगपतियों से भी पूछ लीजिए वह भी आपको बताएंगे कि पिछले आठ साल में हमारा कोई फायदा नहीं हुआ, सिर्फ दो व्यक्तियों का फायदा हुआ है। मीडिया देशवासियों को डराती है, इससे नफरत पैदा होती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा-संघ के नेता देश को बांटते हैं, जानबूझकर देश में भय पैदा करते हैं, नफरत पैदा करते हैं। फिर बीजेपी पूरा का पूरा फायदा इन्हीं दो लोगों को दे रही है। नफरत डर का रूप है, जिसको डर होता है, सिर्फ उसके दिल में नफरत पैदा होती है। जो डरता नहीं है, उसके दिल में नफरत पैदा नहीं होती है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी देश को जोड़ती है। कांग्रेस के कार्यकर्ता ही देश को बचा सकते हैं। कांग्रेस की विचारधारा ही देश को प्रगति के पथ पर ला सकती है। हम सीधा जनता के बीच जा कर उनको सच्चाई बताएंगे, जो भी उनके दिल में है, वो समझेंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सारे काम दो लोगों के लिए किए है। उन्होंने कहा कि टीवी दो उद्योगपतियों का है, अखबार दो उद्योगपतियों के हैं। ये दो उद्योगपति नरेंद्र मोदी के लिए 24 घंटे काम करते हैं और नरेंद्र मोदी जी इन उद्योगपतियों के लिए 24 घंटे काम करते हैं। यहां हमारे मीडिया के मित्र हैं, इनका काम जनता के मुद्दों को उठाने का होता है, मगर ये भी अपना काम नहीं करते हैं। ये अपना काम कैसे करेंगे, क्योंकि ये मीडिया भी उन्हीं दो उद्योगपतियों की मीडिया है।

कांग्रेस की सात सितम्बर से शुरु भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए धी ने कहा कि हमारे लिए सब रास्ते बंद हैं, हमारे लिए सिर्फ एक ही रास्ता बचा है, वो रास्ता है- जनता के बीच जाकर जनता को देश की सच्चाई बताना और जनता की बात को सुनना व समझना। हम सीधा जनता के बीच जा कर उनको सच्चाई बताएंगे जो भी उनके दिल में है, वो समझेंगे। इसलिए कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश को जोड़ती है। कांग्रेस के कार्यकर्ता ही देश को बचा सकते हैं। कांग्रेस की विचारधारा ही देश को प्रगति के पथ पर ला सकती है। उन्होंने कहा कि रैली में आए लोगों के चेहरों पर फैले उत्साह, उम्मीद उसी विश्वास की ही देन है जो उसे कांग्रेस ने दिया है। यह विश्वास, यह उम्मीद ही हमारी ताकत है। इसके बूते हम अन्यायी तानाशाहों का घमंड तोड़, एक नए और बेहतर कल की शुरुआत करेंगे।

गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है और पार्टी इसी विचारधारा की लड़ाई लड़ती है। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं। आप हमारी विचारधारा के लिए लड़ते हो, आप हिंदुस्तान के लिए लड़ते हो, आप संविधान के लिए लड़ते हो। कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता ही देश को बचा सकता है।

कांग्रेस को देश को जोड़ने वाली पार्टी बताते हए उन्होंने कहा कि नफरत मिटाते हैं और जब नफरत मिटती है, डर कम होता है, तब देश आगे बढ़ता है। पिछले 40 साल में सबसे अधिक बेरोजगारी मोदी सरकार की ही देन है। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या बेरोजगारी, महंगाई, नफरत से देश मजबूत होता है।

बाड़मेर में पटवारी रेखा वैष्णव 8000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

बाड़मेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बाड़मेर जिले की सिवाणा तहसील के मोकलसर पटवार मंडल की पटवारी रेखा वैष्णव को आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी ने एसीबी की जैसलमेर इकाई को शिकायत दर्ज कराई कि उसके द्वारा क्रय की गई भूमि का नामांतरण खोलने की एवज में पटवारी रेखा वैष्णव एवं उसका पति सुभाष वैष्णव 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।

सोनी ने बताया कि शिकायत का सत्यापन के बाद जैसलमेर इकाई के उपाधीक्षक अन्नराज राजपुरोहित के नेतृत्व में ब्यूरो टीम ने बाड़मेर में ट्रेप कार्यवाही करते हुए पटवारी को परिवादी से आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि पटवारी का पति एवं दलाल सुभाष वैष्णव एसीबी की भनक लगने पर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पटवारी एवं उसके पति ने इससे पहले ही परिवादी से 15 हजार रुपए रिश्वत के रुप में ले चुके थे। आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

उमरिया : बाघ के मुंह से मां अपने 15 माह के बेटे को बचा लायी

उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बफर जोन के रोहनिया ज्वालामुखी में आज एक बाघ के हमले में अपने 15 माह के बच्चे को एक मां ने स्वयं घायल होने के बाद सकुशल बचा लाई।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सूत्रों ने बताया कि मानपुर तहसील से लगे बांधवगढ़ के बफर जोन के रोहनिया ज्वालामुखी में शौच कराने बाड़ी में मां अपने 15 माह के बेटे को ले गई थी। इस दौरान बाड़ी में छिपे बाघ ने 15 माह के लड़के पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मां ने बाघ से बचाव कर बच्चे को बचा लिया। हमले में घायल मां और बेटे का इलाज मानपुर के स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा है।

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि बाघ हमले में 15 माह के राजबीर चौधरी के सिर और कमर में चोट आई है। वहीं, उसकी 27 वर्षीय मां अर्चना चौधरी के कन्धे, सीने, पीठ और जांघ पर चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। दोनों ही खतरे से बाहर हैं।

मां के इस साहसिक कदम की जिले में आज चर्चा हो रही है। उधर, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा हाथी के सहयोग से बाघ को सर्च किया जाकर जंगल की ओर हांक दिया गया है, जिससे वह पुनः किसी मानव पर हमला नहीं करे और ग्रामवासी दहशत मुक्त रह सकें।

टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत

मुंबई। टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को महाराष्ट्र के पालघर जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मिस्त्री (54) मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हुआ।

पालघर के पुलिस अधीक्षक बाला साहेब पाटिल ने इस बात की पुष्टि की और बताया कि हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे हुआ जब मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ। मिस्त्री के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

रायबरेली : भाजपा के पूर्व विधायक रामनरेश रावत का निधन

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के बछरांवा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक रामनरेश रावत का बीमारी के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया।

मूल रूप से बाराबंकी जिले के दौलतपुर निवासी 60 वर्षीय भाजपा नेता ने 2017 में 17वीं विधान सभा का चुनाव बछरावां से भाजपा के टिकट पर लड़ा था जिसमे जीत दर्ज करते हुए वह विधायक बने थे। साल 2022 विधानसभा चुनाव के समय से वह बीमार चल रहे थे।

इस वर्ष हुये विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) गठबंधन के कारण बछरांवा सुरक्षित सीट से भाजपा के राम नरेश रावत की जगह अपना दल के लक्ष्मीकांत को टिकट मिल गया था। बावजूद इसके बछरांवा सुरक्षित सीट से समाजवादी पार्टी ने बाजी मार ली और वहां से श्याम सुंदर भारती ने अपना दल उम्मीदवार को लगभग ढाई हजार से अधिक वोट मार्जिन से हराया था।

दिवंगत राम नरेश रावत के दो पुत्री और एक पुत्र अरुण रावत है। इनके पुत्र राजनीति में सक्रिय है और जिला बाराबंकी से भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री है। उन्होंने बताया कि उनके पिता लिवर की बीमारी से ग्रस्त थे जिनका निधन दिल्ली के एक अस्पताल में शनिवार और रविवार की रात दो बजे हो गया। भाजपा पूर्व विधायक एक मृदुभाषी और जनता के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से आसपास शोक की लहर है।

नासा ने दूसरी बार टाली मून मिशन ‘आर्टेमिस-1’ की लॉन्चिंग

लॉस एंजिल्स। अमरीका की स्पेस एजेंसी नासा ने अपने मून मिशन ‘आर्टेमिस-1’ की लॉन्चिंग फिर टाल दी। आर्टेमिस I नासा के गहरे अंतरिक्ष अन्वेषण प्रणालियों का पहला एकीकृत परीक्षण है, जिसमें फ्लोरिडा में एजेंसी के कैनेडी स्पेस सेंटर में ओरियन अंतरिक्ष यान, एक स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट और ग्राउंड सिस्टम शामिल हैं।

रॉकेट को 3 सितंबर को रात 11 बजकर 47 मिनट पर उड़ान भरनी थी। इससे पहले 29 अगस्त को रॉकेट के 4 में से तीसरे इंजन में आई तकनीकी गड़बड़ी और खराब मौसम की वजह से इसकी लॉन्चिंग टाल दी गयी थी।

नासा ने ट्वीट कर कहा कि शनिवार की सुबह आर्टेमिस I मिशन की टैंकिंग के दौरान रॉकेट में ईंधन स्थानांतरित करने का प्रयास करते समय 8-इंच (20.3 सेमी) त्वरित डिस्कनेक्ट के आपूर्ति की ओर एक रिसाव विकसित हुआ। नासा ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि टीमों ने रॉकेट में ईंधन स्थानांतरित करने वाले हार्डवेयर में रिसाव से संबंधित एक समस्या को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।

गुरु ज्ञान का भंडार, गुरु ही होता है शिष्य का सबसे बड़ा शुभचिंतक

0

अजमेर। भारत विकास परिषद अजयमेरु शाखा की ओर से शनिवार को प्रगति नगर कोटडा स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कि अध्यक्षता जिला समन्वयक दिलीप पारीक ने की।

प्रक्लप प्रभारी अनुपम गोयल ने भारत विकास परिषद ने बारे में बताते हुए परिषद के पांच सिद्धांतों सम्पर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार एंव समर्पण की जानकारी देते हुए कहा कि आज संस्कार प्रक्लप के तहत स्कूल में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हौसलों की उड़ान अभी बाकी है परिंदों के लिए आसमान बाकी है मन लगाकर आत्मविश्वास के साथ पढ़ें और अपने विद्यालय और गुरु का नाम सदैव रोशन करें।

मुख्य वक्ता जिला समन्वयक दिलीप पारीक ने कहा कि आधुनिक युग में भी गुरु का महत्व कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि गूगल सूचनाओं का भंडार है जबकि गुरु ज्ञान का भंडार है। रोचक प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि ज्ञान को कब और कैसे प्रयोग में लाया जाना चाहिए यह गुरु से बेहतर कोई नहीं बता सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से कर्मयोगी बनने की अपील की।

शाखा सचिव अशोक टांक ने विद्यार्थियों से कहा कि गुरु एक कुम्हार की तरह है जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी के बर्तन का आकार देने के लिए कई प्रकार से उपयोग करता है तब जाकर एक मिट्टी का बर्तन तैयार होता है इसलिए यदि गुरु किसी बात पर आपको टोके तो विश्वास रखें कि गुरु सदैव शिष्य का भला ही चाहते हैं।

प्रधानाचार्या संगीता आचार्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी भारत विकास परिषद अजयमेरु शाखा सदस्यों का और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शाला के सभी शिक्षक व शिक्षिकाओं और 14 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

महिला प्रमुख डाक्टर नेहा भाटी ने विद्यार्थियों को अपने माता पिता व गुरु जन का सम्मान व जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने की शपथ ग्रहण करवाई। शाखा कोषाध्यक्ष नरेश भाटिया ने सभी का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में रमेश सैन, ब्रिजेश माथुर, अनुज माथुर, कमलेश जैन, राकेश गोयल, रचना गोयल, रीना माथुर, नीतू भाटिया आदि सदस्य भी उपस्थित रहे।

अजमेर : बड़े विवाद का कारण बन सकती है धानमंडी दिल्ली गेट पर ट्रैफिक समस्या?

0

अजमेर। विश्व विख्यात ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह जाने वाले दिल्ली गेट धानमंडी, पीर मिठा गली में ट्रैफिक समस्या सबसे विकराल बन चुकी है। हैरानी की बात तो यह है कि ट्रैफिक समस्या का हल करने के केवल दावे होते हैं और सच्चाई यह है कि समस्या की तरफ किसी का ध्यान ही नहीं जाता।

धानमंडी देहली गेट व्यापार संघ के अध्यक्ष तुलसी लालवानी ने बताया कि हालात यह बने हुए हैं कि गंज से लेकर धानमंडी तक बिना जाम में फंसे आप गुजर ही नहीं सकते। ऐसा ही आलम पीर मिठा गली का है जिसकी चौड़ाई लगभग 10 से 12 फिट है। प्रशासन के आदेशानुसार इस गली को वनवे यानी एकतरफा यातायात बना दिया गया है।

आदेश के उलट इस गली में आमतौर पर दिन में कई बार दोनों तरफ से वाहन बाजार में दाखिल होते हुए देखने के लिए मिलेंगे। इन वाहन चालकों से न कोई पूछने वाला है, न कोई समस्या का हल करने वाला। ट्रैफिक पुलिस व प्रशासन के अधिकारी ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के दावे करते नहीं थकते। मगर, सभी दावों के उलट में दिन प्रतिदिन ट्रैफिक व्यवस्था चरमराती जा रही है या यूं कहें कि ट्रैफिक व्यवस्था रामभरोसे है।

धानमंडी देहली गेट पर ट्रैफिक समस्या

महासचिव भगवान झमनानी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस से बेखौफ सवारी वाहन यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाते देखे जा सकते हैं। क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने व तेज गति से वाहन दौड़ाने वाले इन चालकों को न तो हादसों का अंदेशा है और न ही यातायात नियमों का डर। नियमों को ताक पर रखकर यह वाहन चालक अपने वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बिठाते हैं तथा वाहनों को सरपट दौड़ाते हैं जिससे हर समय दुर्घटनाएं होने का डर बना रहता है।

इतना ही नहीं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में तेज गति से वाहनों को दौड़ाने से हादसों को निमंत्रण देते हैं। वाहन चालक सरेआम बीच सड़क पर सवारियां भरते हैं, लेकिन ट्रेफिक पुलिस इन पर नकेल नहीं लगा पा रही है।

मीडिया प्रभारी हरीश राजानी बताया कि वाहन चालक अधिक सवारियां बिठाने के चक्कर में अपने वाहनों को उनकी दुकानों के आगे खड़ा कर देते हैं तथा वाहनों को हटाने के लिए कहा जाता है तो वह लड़ाई-झगड़े को तैयार हो जाते हैं। छोटे-मोटे लड़ाई झगड़े किसी दिन बड़े विवाद का कारण बन सकते हैं।