Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 618 -
होम ब्लॉग पेज 618

सबगुरु राशिफल : 4 सितम्बर रविवार को आपके भाग्य में यह होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास , शुक्ल पक्ष, अष्टमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.40 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रिअल-एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नये अवसर आयेंगे जिन्हे नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आयेगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पायेगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी। महिलायें सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाये रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जायेगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जायेगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नये कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नए काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिये भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पायेगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नए मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊंची बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

नितिन गडकरी ने देश की पहली ‘प्रोटोटाइप’ ड्रोन तकनीकी का किया अनावरण

चेन्नई। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को मानव अंग प्रत्यारोपण के परिवहन को लेकर बहुउद्देशीय अस्पताल एमजीएम हेल्थकेयर चेन्नई में देश की पहली ‘प्रोटोटाइप’ ड्रोन तकनीक का अनावरण किया।

इस पर अवसर पर अस्पताल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में डॉ के आर बालकृष्णन को कार्डियक साइंसेज के अध्यक्ष, निदेशक, इंस्टीट्यूट ऑफ हार्ट एंड लंग ट्रांसप्लांट एंड मैकेनिकल और उनकी टीम को 500 से अधिक फेफड़ों का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण करने पर सम्मानित किया। श्री गड़करी ने दिल्ली से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने संबोधन में कहा कि एमजीएम हेल्थकेयर ने प्रत्यारोपण के लिए अंगों को ले जाने के लिए ड्रोन का उपयोग करने के नये दृष्टिकोण की खोज है।

उन्होंने कहा कि राजमार्गों के निर्माण ने चेन्नई-बेंगलूरु जैसे विभिन्न शहरों के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर दिया है जिससे प्रत्यारोपण सर्जरी के लिए मानव अंगों के त्वरित और तेज परिवहन में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि ड्रोन के उपयोग से हवाई अड्डे से अंगों को ले जाने के कम समय लगेगा और काफी मददगार साबित होगी।

इस अवसर पर तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम ने प्रोटोटाइप की सराहना करते हुए कहा इससे अधिक लोगों की जान बचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा और वह इसे बनाने और जल्द शुरु करने लिए सभी तरह का समर्थन देंगे।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल के निदेशक प्रशांत राजगोपालन ने कहा कि चेन्नई हवाई अड्डे से अंगों को लाने के लिए ड्रोन के उपयोग की संभावना तलाशा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में अंगों को हवाई अड्डे से सड़क मार्ग द्वारा ले जाया जाता है और पुलिस विभाग के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर बनाने में जनता को कुछ असुविधा होती है। ड्रोन के जरिए अंगों को ले जाने में समय कम लगेगा और समय पर अंग प्रत्यारोपण हो पायेगा।

भीलवाड़ा : सिर कलम करने की धमकी देने के मामले में एक युवक अरेस्ट

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में पूणे के एक बैंक में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर विजय अग्रवाल को सर कलम करने की धमकी देने के मामले में पुलिस उत्तर प्रदेश के मऊ से एक युवक को गिरफ्तार किया है।

सुभाषनगर थाना प्रभारी नंदलाल रिणवा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मऊ से पीयूष नामक एक सब्जी विक्रेता को डिटेन किया है, जिसे यहां लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस युवक के नंबर से ही पीयूष को कॉल आया था और इस कॉल का जिक्र सॉफ्टवेयर इंजीनियर के घर के पोर्च में मिले सिर कलम करने की धमकी भरे पत्र में भी था। पीयूष से पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

उन्होंने बताया कि विद्युत नगर कॉलोनी निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर विजय अग्रवाल पुणे में रहकर बैंक में जॉब करते हैं। अग्रवाल कुछ दिन पहले ही भीलवाड़ा आए थे। गत गुरुवार दोपहर करीब सवा बारह बजे अग्रवाल को अपने इस मकान के पोर्च में एक पत्र मिला था।

थाना प्रभारी के मुताबिक पत्र में लिखा था कि तुम्हारी सारी जानकारी हमारे पास है। तुम मुस्लिम धर्म अपना लो इसके बदले तुम्हें पांच लाख रूपए दिए जाएंगे। तुम्हारे बच्चे को एक लाख रूपए दिए जाएंगे और हमारे लिए काम करो। अगर तुम इस्लाम धर्म नहीं अपनाते हो तो तुम्हारा सर कलम कर दिया जाएगा।

इस लेटर में यह भी लिखा था कि तेरे पास एक कॉल आया होगा अभी यूपी से। उसने तेरे से पूछा होगा कि मुन्ना है क्या? विजय ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी। विजय की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया।

थाना प्रभारी रिणवा ने बताया कि इस पत्र के मिलने के बाद विजय के पास यूपी से एक कॉल आई थी। कॉलकर्ता ने विजय से पूछा कि मुन्ना है क्या। इस पर विजय ने मना कर दिया कि यहां कोई मुन्ना नहीं है। रौंग नंबर कहकर उसने फोन काट दिया था। दोनों के बीच 26 सैकंड की वार्ता हुई थी।

पुलिस ने मामले की जांच को गति देते हुए जिस नंबर से विजय को कॉल आई, उस नंबर की डिटेल खंगाली तो यह नंबर उत्तरप्रदेश के मऊ जिले के पीयूष गुप्ता का निकला। इसके बाद एक टीम मऊ भेजी गई, जो पीयूष को डिटेन कर भीलवाड़ा के लिए रवाना हो गई।

कर्नाटक के भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली ने महिला को धमकाया

बेंगलूरु। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के विधायक अरविंद लिंबावली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें वह कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता को जेल में डालने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहे है।

वीडियो में लिंबावली को कांग्रेस कार्यकर्ता रूथ सागर मैरी द्वारा रखे गए प्रार्थना पत्र को कथित तौर पर छीनते और कांग्रेस कार्यकर्ता पर चिल्लाते हुए देखा गया है। जिसमें उन्होंने कथित तौर पर उस जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा जहां उन्होंने 1971 में अपनी संपत्ति बनाई थी। बृहत बेंगलूरु महानगर पालिक की अपनी संपत्ति को ध्वस्त करने की योजना के मद्देनजर मैरी ने लिंबावली से संपर्क किया था।

मैरी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जो भी समस्या हो, विधायक सार्वजनिक स्थान पर एक महिला के साथ ठीक से व्यवहार कर सकते थे। अपने बचाव में लिंबावली ने कहा कि उसने केवल महिला को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। इस बीच राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने मैरी के खिलाफ व्हाइटफील्ड में पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि वह कथित तौर पर उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोक रही हैं।

इस घटना को कांग्रेस नेताओं ने उठाया है, जिन्होंने लिंबावली के खराब आचरण की निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से एक महिला के प्रति सम्मान नहीं दिखाया। घटना का संज्ञान लेने के लिए राज्य महिला आयोग से अपील करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेश गुंडू राव ने कहा कि लिंबावली को किसी महिला से असभ्य तरीके से बात नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि विधायक ने उन्हें अपशब्द कहे हैं और उन्हें जेल भेजने की धमकी दी है। वह इस तरह की बात करने वाले कौन हैं? ये भाजपा नेता अपना अहंकारी व्यवहार दिखा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर ‘महाराज की आंधी’, पीछे छूटे राहुल गांधी

गोरखपुर। बुलडोजर बाबा, योगी जी महाराज जैसे नामों से लोकप्रिय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोकप्रियता के मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से आगे निकल गए हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर पर याेगी आदित्यनाथ के फालोअर्स की संख्या कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी से अधिक हो चुकी है। इस वक्त ट्विटर पर राहुल गांधी के 21.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जबकि योगी आदित्यनाथ के 21.5 मिलियन फॉलोअर्स हो चुके हैं।

अधिकृत सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी की सक्रियता और तत्कालीन मुद्दों पर प्रतिक्रिया को आम जनता द्वारा काफी पसंद किया जाता है। सोशल मीडिया के जरिए सीएम योगी की आम जनता तक पहुंच किसी अन्य नेता के मुकाबले काफी तेजी से बढ़ी है। युवा बड़ी संख्या में उनके साथ जुड़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान योगी ने चुनावी रैली के साथ-साथ सोशल मीडिया के जरिए चुनावी कैंपेन को बखूबी अंजाम दिया था।

उन्होंने बताया कि योगी के किसी भी ट्वीट पर लाइक, रिट्ववीट और कमेंट्स देखकर एक बात साफ है कि लोग उनकी बात से ज्यादा से ज्यादा जुड़ना चाहते हैं।

गूगल ट्रेंड्स के आंकड़े बताते हैं कि दिसंबर 2021 से अप्रैल 2022 तक ‘वेब सर्च’ में योगी आदित्यनाथ लगातार राहुल गांधी पर भारी पड़े हैं। विधान सभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ की खबरें सबसे ज्यादा सर्च की गई हैं।

मोदी देश के विकास के लिए कर रहे हैं अथक परिश्रम : प्रकाश जावड़ेकर

जयपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के विकास एवं आत्मनिर्भर बनाने के अथक परिश्रम कर रहे हैं और इसी कारण जनता उन्हें चाहती हैं।

जावड़ेकर आज आमेर में मोदी/20 पुस्तक पर व्याख्यान दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी ने बीस साल में एक भी छुट्टी नहीं ली, ना कभी अस्वस्थ हुए। वह देश के विकास के लिए और आत्मनिर्भर बनाने के अथक परिश्रम करते हैं, विजनरी लीडर हैं, गांव से आते हैं, गरीब घर में पैदा हुए, विकास के एजेंडे पर काम करते हैं, इसलिए उन्हें जनता प्यार करती है, विकास के लिये ही जनता उन्हें निरन्तर सत्ता सौंप रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र से पूरा पैसा लाभार्थियों के खातों में जाता है, कांग्रेस शासन में एक रुपए भेजते थे तो 20 पैसा ही पहुंचता था, अब मोदी शासन में पूरा पैसा जाता है। उन्होंने कहा कि विमान पायलट को सुरक्षित पाकिस्तान से लाया गया, घर में घुसकर आतंकवादियों के कैम्प को तबाह किया, अब भारत की तरफ किसी की आंख उठाने की हिम्मत नहीं है, क्योंकि प्रधानमंत्री का कुशल एवं मजबूत नेतृत्व हमारे पास है।

जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा की राजस्थान में सरकार बनने तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने साफा नहीं पहनने का संकल्प लिया है, लेकिन 14 महीने बाद राजस्थान में भाजपा की प्रचण्ड बहुमत की सरकार बनेगी और परिश्रमी डॉ.पूनियां को मैं स्वयं साफा पहनाऊंगा।

हैदराबाद में पूर्व तहसीलदार सुजाता अपने आवास में मृत मिलीं

हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद शहर में शनिवार को पूर्व तहसीलदार सुजाता अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। उन्हें भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 2020 में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया था। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया गया कि सुजाता को उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पाया गया। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया इससे पहले जब उनकी गिरफ्तारी हुई उसके बाद उनके पति अजय कुमार ने 2020 में आत्महत्या कर ली थी। सुजाता के जीवन में अचानक घटित घटनाक्रम के बाद वह कथित तौर पर अवसाद में चली गई थी। अब उनके परिवार में उनका पुत्र रह गया है।

उन्होंने बताया कि जून 2020 में सुजाता यहां के शैकपेट मंडल में तहसीलदार थीं। इसी दौरान उन्हें एसीबी द्वारा एक भूमि घोटाले में गिरफ्तार किया गया था और गांधी नगर में स्थित उनके घर से अवैध रूप से 24 लाख रुपए की नकदी जब्त की थी। गिरफ्तारी के बाद सुजाता को चंचलगुडा में महिलाओं की विशेष जेल में बंद कर दिया गया था। बाद में उन्हें अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

तृणमूल कांग्रेस नेता राजू सहानी चिटफंड धोखाधड़ी में अरेस्ट

कोलकाता। केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने तृणमूल कांग्रेस नेता एवं हलीशहर नगर पालिका के अध्यक्ष राजू सहानी को कथित चिटफंड धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि साहनी को आज आसनसोल की सीबीआई अदालत में पेश किया गया। सीबीआई की एक टीम ने साहनी को उत्तर 24 परगना में उनके हलीशहर स्थित घर से गिरफ्तार किया। उनके घर से 80 लाख रुपए नकद, पांच कारतूस के साथ एक बन्दूक और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए।

सीबीआई ने साहनी को शुक्रवार रात अक्टूबर 2018 में चिटफंड धोखाधड़ी को लेकर दर्ज मामले की जांच के संबंध में गिरफ्तार किया था। उन पर सनमर्ग वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन नामक कंपनी के फंड की हेराफेरी करने का भी आरोप लगाया गया है। मई 2014 में उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई को पश्चिम बंगाल और ओडिशा में सभी पोंजी घोटालों की जांच करने का निर्देश दिया, जिसमें लाखों निवेशकों को धोखा दिया गया था।

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बोले, देश में सबसे बड़े ‘पप्पू’ अमित शाह

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बोले, देश में सबसे बड़े ‘पप्पू’ अमित शाह

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के भतीजे एवं पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कोयला घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पूछताछ के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा है। इस पर भारतीय जनता पार्टी ने खासी नाराजगी जताई है।

तृणमूल कांग्रेस के एक बयान में सांसद बनर्जी के हवाले से कहा गया कि यह कोयला या मवेशी घोटाला नहीं है बल्कि यह गृह मंत्री का घोटाला है। देश में सबसे बड़े ‘पप्पू’ अमित शाह हैं। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है वहां उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी को खुला छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि मामला वर्ष 2020 में दर्ज किया गया था और उन्हें और उनकी पत्नी रुजीरा बनर्जी को कई बार तलब किया गया लेकिन परिणाम शून्य थे। उन्होंने कहा कि मैंने आज (शुक्रवार) एक लिखित बयान दिया है और पिछले दो वर्षों में भी ऐसा ही किया है। लोगों ने देखा है कि जब भी मुझे बुलाया गया है, मैने हमेशा जांच में सहयोग किया है। मेरी पत्नी को दो बार सीबीआई और एक बार ईडी ने बुलाया है।

बनर्जी ने कहा कि साथ में, हम छह बार एजेंसियों के सामने पेश हुए हैं और लगभग 60 घंटे तक पूछताछ की गई है। लेकिन परिणाम शून्य रहा है। इसके जवाब में, भाजपा के पश्चिम बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने कहा कि किसी को ममता बनर्जी के भतीजे को यह बताने की जरूरत है कि भ्रष्टाचार के लिए एजेंसियों की ओर से उनकी (बनर्जी की) जांच की जा रही है, सत्याग्रह के लिए नहीं।

मुरुघ मठ के मुख्य पुजारी शिवमूर्ति शरणारू की मेडिकल जांच मामले में पुलिस को फटकार

चित्रदुर्ग। कर्नाटक में एक जिला सत्र न्यायालय ने मुरुघ मठ के मुख्य पुजारी शिवमूर्ति शरणारू को 5 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने से पहले शुक्रवार की शाम यह नहीं बताने के लिए पुलिस को फटकार लगाई कि पुलिस को जेल से अस्पताल में क्यों स्थानांतरित कर दिया गया।

अदालत ने जेल अधिकारियों को मेडिकल समीक्षा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि पुलिस को हिरासत में लिए गए आरोपी को चिकित्सा देखभाल की गारंटी देनी चाहिए और उन्हें अस्पताल ले जाना चाहिए बशर्ते कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति खराब हो। इस बीच इस मामले में एक अन्य आरोपी रश्मि को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन अन्य फरार हैं।

शरणारू को शुक्रवार को जब जेल में रखा जा रहा था, तब सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। उनको गुरुवार देर रात पुलिस ने हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए उन्हें एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। पूछताछ के बाद शरणारू को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

बाद में शरणारू को जिला सत्र न्यायालय के न्यायाधीश बी के कोमल के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। शुक्रवार को हालांकि, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शरणारू की पुलिस हिरासत की मांग करते हुए अदालत के समक्ष एक आवेदन पेश किया जिसे न्यायाधीश कोमल ने स्वीकार कर लिया।

शरणारू को जिला अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने और उसे बेंगलुरु के जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवस्कुलर साइंसेज एंड रिसर्च में स्थानांतरित करने की योजना को गंभीरता से लेते हुए न्यायाधीश कोमल ने शरणारू को किसी भी अस्पताल के बजाय पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया।

मुरुघ मठ के पुजारी को बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों को अपने कमरे में बुलाता था और उनके परिवारों की मदद करने की आड़ में उनका यौन शोषण करता था।