Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 621 -
होम ब्लॉग पेज 621

मध्यप्रदेश : दहशत का पर्याय बना सीरियल किलर भोपाल से अरेस्ट

सागर/भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर और भोपाल में कम से कम पांच लोगों की हत्या के सिरफिरे आरोपी ‘सीरियल किलर’ को आज भाेपाल से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार उन्नीस वर्षीय सिरफिरा आरोपी सीरियल किलर ने एक फिल्म से प्रेरित होकर सागर जिले के अलग अलग स्थानों पर पिछले कुछ दिनों में चार लोगों की हत्या कर दी थी। आरोपी ने सिलसिलेवार तरीके से सागर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में दो लोगों, मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की और मकरोनिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की है। इसके बाद वह भोपाल पहुंचा, जहां कल रात्रि उसने मार्बल दुकान में काम करने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी।

भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में आरोपी ने एक मार्बल दुकान के चौकीदार को टारगेट बनाया। वह यहां पहुंचा, तभी दुकान पर ड्युटी पर तैनात चौकीदार सोनू वर्मा (23) दो कुर्सियां लगाकर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उसके सिर पर मार्बल की सिल्ली से प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक अंजान व्यक्ति दिख रहा था। उधर सागर पुलिस भी आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी।

इसी दौरान आज सुबह आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी गार्ड की नौकरी करने वालों को टारगेट करता था। सागर पुलिस आरोपी से और पूछताछ के लिए सागर ले गई है।

आठवीं तक शिक्षा, किलर को थी ख्याति पाने की इच्छा

मध्यप्रदेश के सागर जिले से लेकर भोपाल तक में पिछले पांच दिन में कम से कम चार हत्याएं करने वाला सीरियल किलर पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद भी एक पहेली बना हुआ है। हालांकि शुरुआती जानकारी में पुलिस का दावा है कि उसने ये सभी हत्याएं नकारात्मक ख्याति और धन पाने के लिए की हैं, लेकिन इसके लिए उसने चौकीदारों को ही क्यों निशाना बनाया, इसका जवाब अब तक नहीं मिल सका है।

सागर पुलिस ने आज इस सीरियल किलर को राजधानी भोपाल से अपनी गिरफ्त में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने सागर में तीन और भोपाल में एक हत्या करना स्वीकार किया है।

सागर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अब तक की पूछताछ में केसली निवासी आरोपी शिवप्रसाद धुर्वे (18 साल आठ महीने) द्वारा हत्या करने का उद्देश्य नकारात्मक ख्याति प्राप्त करना, पैसा लूटना और अकेले आदमी को आसानी से निशाना बनाया जाकर उससे मोबाइल और रुपये ऐंठने के लिये मारपीट व हत्या करना पाया गया है। आरोपी पूर्व में भी महाराष्ट्र में इसी प्रकार के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर है। आरोपी के अन्य आपराधिक रिकार्ड के संबंध में जानकारी एकत्रित की जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने आरोपी के संबंध में बताया कि आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। अंग्रेजी के कुछ शब्द बोलता है। वह इसके पहले केरल और चेन्नई में भी रह चुका है।
श्री अनुराग ने आरोपी के मानसिक विक्षिप्त होने से भी इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे रिमांड पर लेकर उससे घटनाओं के संबंध में पूरी पूछताछ की जाएगी। शुरुआती पूछताछ के मुताबिक उसने सभी वारदात धन के लिए की हैं।

संदेही आरोपी से पूछताछ करने पर उसने सागर के थाना सिविल लाईन, थाना केन्ट, थाना मोतीनगर क्षेत्र में तीन अलग-अलग वारदातें और भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र में एक हत्या की घटना स्वीकार की है। वह रात के समय सोते हुए अकेले व्यक्ति को निशाना बनाकर उसकी हत्या करता और मोबाइल और पैसे लूट लेता था। आरोपी के पास से दो मोबाइल और एक साइकिल बरामद हुई है।

दमोह : बीमारी के चलते एक वृद्ध ने कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काटा

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में एक वृद्ध द्वारा पथरी की बीमारी के चलते परेशान होकर कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काट दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के मगरोन थाना अंतर्गत ग्राम डुगरुपुरा में भगवान दास (75) को तीन दिन से पेशाब करने में काफी परेशानी हो रही थी तथा रक्त स्राव हो रहा था। इस कारण से वह काफी परेशान था। इसी परेशानी के चलते उसके द्वारा कल रात्रि कुल्हाड़ी से अपना स्वयं का गुप्तांग काट लिया गया है।

उसे तत्काल ही गंभीर हालत में हटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे देर रात्रि दमोह के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस संबंध में जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉ मुकेश साहनी ने बताया कि अभी वृद्ध की हालत ठीक है सर्जन द्वारा उसका इलाज किया जाएगा, इसके उपरांत ही बताया जा सकता है कि उसका ऑपरेशन संभव है या नहीं।

वहीं पुलिस द्वारा भी इस मामले की जांच की जा रही है। घायल वृद्ध के पुत्र महेंद्र सिंह ने बताया कि उसके पिता को पेशाब करने में परेशानी हो रही थी, जिसके कारण उनके द्वारा यह कदम उठाया गया।

नाबालिग से रेप मामला : सीने में दर्द की शिकायत के बाद मुरुघा शरणारू अस्पताल में भर्ती

चित्रदुर्ग। नाबालिग किशोरियों का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार मुरुघ मठ के पुजारी शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू को शुक्रवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शरणारू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और वह गुरुवार से चित्रदुर्ग जिला जेल में हैं।

रात करीब 10 बजे पुलिस की एक टीम ने कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें हिरासत में लिया और जांच अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में पूछताछ के लिए एक अज्ञात स्थान पर ले गए।

पुलिस ने इस मामले में हॉस्टल वार्डन और दूसरे आरोपी रश्मि को भी हिरासत में लिया है। चित्रदुर्ग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के परशुराम ने कहा कि हमने मुरुघा शरणारू को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसे मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल के नए भवन में ले जाया जाएगा।

शरणारू के वकील उमेश ने कहा कि शुक्रवार को अदालत में एक याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने कुछ दिनों में जमानत मिलने का भरोसा जताया है। उधर, इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ते हुए राज्य के राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।

पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए भी तलाश शुरू कर दी है। ये लोग अदालत द्वारा जमानत याचिका ठुकराए जाने के बाद फरार हो गए हैं। इस मामले के अन्य आरोपी जूनियर पोंटिफ बसवदित्य, परमशिवैया (मठ सचिव) और गंगाधरैया हैं। शरणारू की गिरफ्तारी के बाद मठ की बागडोर हेब्बाला मठ से महंत रुद्र स्वामीजी को दे दी गई है।

मोदी ने विमानवाहक पोत ‘विक्रांत’ देश को समर्पित किया

कोच्चि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां पहला स्वदेशी विमान वाहक पोत आईएनएस ‘विक्रांत’देश को समर्पित किया जिसके साथ ही यह विधिवत रूप से नौसेना के बेड़े में शामिल हो गया। नौसेना के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि 25 वर्ष के बाद विक्रांत एक बार फिर नए रूप में तथा नई ताकत के साथ नौसेना की शान बन गया है। विक्रांत का अर्थ है विजयी और वीर तथा प्रतिष्ठित।

विक्रांत भारत में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा युद्धपोत है और इस के निर्माण पर 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत आई है। यह भारतीय नौसेना के लिए देश में डिजाइन और निर्मित पहला विमानवाहक पोत भी है। इससे नौसेना के पास दो विमानवाहक पोत हो गए हैं और उसकी मारक क्षमता कई गुना बढ गई है।

इस विमानवाहक पोत के निर्माण के साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जो विमानवाहक पोत बनाने में सक्षम हैं। इस पोत में इस्तेमाल 76 प्रतिशत साजो सामान घरेलू कम्पनियों द्वारा बनाया गया है। हिंद महासागर में भारत और अधिक मजबूती के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।

इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पी विजयन, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी और अनेक गणमान्य अतिथि भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर नए नौसेना के नए ध्वज (निशान) का अनावरण भी किया, जो नौसेना को औपनिवेशिक अतीत से अलग करके समृद्ध भारतीय सामुद्रिक विरासत का प्रतीक है। इस निशान की अवधारण छत्रपति शिवाजी महाराज की नौसेना से ली गई है। कमोडोर विद्याधर हरके को विमानवाहक पोत विक्रांत का कमान अधिकारी बनाया गया है।

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कोमोडोर हरके को विमानवाहक पोत के संचालन के लिए कमीशन वारंट सौंपा। विक्रान्त का ध्येय वाक्य है कि मेरे से लड़ने वालों को मैं परास्त कर देता हूं। इससे पहले कोचीन शिपयार्ड पहुंचने पर मोदी ने सलामी गारद का निरीक्षण किया।

भारतीय नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) द्वारा डिजाइन किया गया और पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के शिपयार्ड मैसर्स कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) द्वारा निर्मित, स्वदेशी विमान वाहक का नाम उसके शानदार पूर्ववर्ती- भारत के पहले विमान वाहक युद्धपोत के नाम पर रखा गया है- जिसने 1971 के युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

आईएसी की नींव अप्रैल 2005 में पारम्परिक स्टील कटिंग द्वारा मजबूती से रखी गई थी । विक्रांत के सभी चरण के परीक्षण गत अगस्त में पूरे हो गए थे जिसके बाद उसे शिपयार्ड ने नौसेना को औपचारिक रूप से सौंपा था। दो सौ 62 मीटर लंबा और 62 मीटर चौड़ा विक्रांत लगभग 43000 टन की भारवाहक क्षमता वाला है, जो एक बार 7500 समुद्री मील की दूरी तय करने में सक्षम है जो कोच्चि से ब्राजील की दूरी के बराबर है।

इसकी अधिकतम गति 28 समुद्री मील प्रति घंटा है। जहाज में लगभग 2200 कंपार्टमेंट हैं और इसमें 1600 नौसैनिकों को तैनात किया जा सकता है, जिसमें महिला अधिकारियों और नाविकों के लिए विशेष केबिन शामिल हैं। पोत के गलियारों और लॉबी की लंबाई 12 किलोमीटर की सैर के बराबर है। पोत पर करीब 700 सीढियां लगी हैं।

यह पोत पांच स्विमिंग पूल की लंबाई से बड़ा है। विक्रांत में 2500 किलोमीटर लंबी केवल बिछी है जो दिल्ली से कोच्चि की हवाई दूरी से अधिक है। इसके किचन में हर रोज 16000 से अधिक चपाती तथा 6000 इडली बनाई जा सकती है।

विमानवाहक पोत में नवीनतम चिकित्सा उपकरण सुविधाओं के साथ अत्याधुनिक मेडिकल परिसर है जिसमें मॉड्यूलर ऑपेरशन थिएटर, आपातकालीन मॉड्यूलर ऑपेरशन थिएटर, फिजियोथेरेपी क्लिनिक, आईसीयू, प्रयोगशालाएं, सीटी स्कैनर, एक्स-रे मशीन, डेंटल कॉम्प्लेक्स, आइसोलेशन वार्ड और टेलीमेडिसिन सुविधाएं आदि शामिल हैं।

इस विमानवाहक पोत से स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) और हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) (नौसेना) के अलावा मिग-29 के लड़ाकू विमान, कामोव-31, एमएच-60आर बहुउद्देशीय हेलीकॉप्टरों सहित 30 से अधिक विमानों का संचालन किया जा सकता है। मोदी ने विमानवाहक पोत पर जाकर उसकी विभिन्न प्राणलियों की जानकारी ली और नौसैनिक तथा शिपयार्ड के अधिकारियों के साथ बातचीत की।

सबगुरु राशिफल : 2 सितम्बर शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, शुक्ल पक्ष, षष्ठी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, दोपहर 01.51 बजे बाद सप्तमी तिथि प्रारम्भ

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलाएगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फँसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएँ बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

गहलोत के आश्वासन पर सामूहिक अवकाश से लौटे पशु चिकित्सा कर्मचारी

0

जयपुर। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आश्वासन के बाद पशु चिकित्सा कर्मचारी सामूहिक अवकाश से लौटने का निर्णय लिया है।

गहलोत ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। गहलोत के संघ की मांगों पर दिए आश्वासन पर संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त कर अविलम्ब सामूहिक अवकाश से लौटने का निर्णय लिया।

इससे पशुओं में फैल रही लंपी स्किन डिजीज के रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। इस अवसर पर गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ पशुओं में फैल रहे लम्पी स्किन डिजीज पर नियंत्रण पाने के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों की लगातार मेहनत से सुधार आया है और रिकवरी रेट बढ़ी है। उन्होंने पशु चिकित्सकों और पशुधन सहायकों से गौवंश की रक्षा के लिए तत्परता से रोग नियंत्रण कार्य में जुटने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य कर्मचारी हित में सरकार ने पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इस अवसर पर पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया, शासन सचिव पशुपालन पीसी किशन, अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष आयदान सिंह कविया, राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी, संरक्षक के.के गुप्ता, महामंत्री अर्जुन शर्मा सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

इससे पहले मुख्य सचिव उषा शर्मा की अध्यक्षता में कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई और प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से वार्ता की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 सितंबर को दो दिवसीय राजस्थान यात्रा पर आएंगी

जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ग्यारह सितंबर से दो दिवसीय राजस्थान यात्रा पर आएंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मु पहली बार राजस्थान आ रही हैं और उनकी 11 एवं 12 सितम्बर को राज्य के उदयपुर एवं सिरोही जिले के माउंटआबू की यात्रा प्रस्तावित हैं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अभय कुमार ने यात्रा की तैयारियों की गुरुवार को समीक्षा की और उन्होंने संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को राष्ट्रपति की यात्रा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुमार ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगरीय विकास विभाग सहित अन्य विभाग यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें।

पुलिस एवं जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करें। उन्होंने राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल, प्रवास, यात्रा रूट सहित विषयों पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस महानिदेशक एम एल लाठर, पर्यटन विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड, सामान्य प्रशासन विभाग के शासन सचिव जितेन्द्र कुमार उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी एवं उदयपुर, जोधपुर जिले के उच्च प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

माउंटआबू से प्राप्त समाचार के अनुसार राष्ट्रपति के माउंटआबू प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर उपखंड अधिकारी कनिष्क कटारिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुर्मु के दौरे के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए कटारिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ब्रह्माकुमारी संगठन के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय पांडव भवन एवं ज्ञान सरोवर अकादमी परिसर का अवलोकन किया।

अजमेर में मिलीं खरगोन में लापता हुई बच्चियां परिजनों के सुपुर्द

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के करही थाना क्षेत्र के कतर गांव से लापता हुई तीन नाबालिग बहने कैरियर संबंधी महत्वाकांक्षा के चलते घर से चले गई थी।

पुलिस अधीक्षक धर्म वीर सिंह यादव ने बताया कि 13 और 15 वर्ष की दो सगी बहनें तथा 15 वर्ष की चचेरी बहन को अजमेर जिले के श्रीनगर से सुरक्षित ढूंढ कर गुरुवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां उनके कथन के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को स्कूल जाने के नाम पर निकली तीनों बहने बड़वाह स्थित बस स्टैंड पहुंची और वहां से बस से इंदौर जाने के बाद अजमेर जाने की बस में बैठ गई। घर नहीं लौटने पर परिजनों की सूचना पर अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश आरंभ की गई थी और सोशल मीडिया पर तत्काल फोटो सहित सूचनाएं प्रसारित की गईं। उन्हें ढूंढे जाने पर 10,000 रुपए का इनाम भी उद्घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि बड़वाह स्थित एक बस कंडक्टर और मोबाइल रिचार्ज करने वाले व्यक्ति ने उनके बारे में बताया। इंदौर पहुंचाने वाली बस के कंडक्टर ने पुलिस को बताया कि तीनों बहने दिल्ली जाने वाली बस के बारे में पूछ रही थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित बस के कंडक्टर और राजस्थान पुलिस को सूचित कर तीनों बहनों को श्रीनगर थाना क्षेत्र में सुरक्षित पहुंचा दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दरअसल तीनों अपने घर में होने वाले विवाद से परेशान थीं और अपरिपक्व मानसिकता के चलते मॉडलिंग की चकाचौंध भरी दुनिया में अपना कैरियर बनाना चाहती थीं। वे अपनी सहेलियों से भी अकसर कहती थी कि 5 साल बाद वह अलग ही नजर आएंगी। उन्होंने घर में सभी सदस्यों को संबोधित एक पत्र भी लिखा था जिसमें विभिन्न कारणों का उल्लेख किया गया था। उन्होंने बताया कि बालिकाओं को यह भी नहीं मालूम था कि उन्हें जाना कहां है।

करही के थाना प्रभारी परमानन्द गोयल ने बताया कि तीनों को आज न्यायालय के समक्ष पेश कर धारा 164 के अंतर्गत कथन कराए गए और आज शाम को ही परिजनों को सौंप दिया गया।

काशीपुर में सिरफिरे आशिक ने की प्रेमिका, उसकी माँ की गला रेतकर हत्या

नैनीताल। उत्तराखंड के काशीपुर में एक सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका और उसकी मां की गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने पुलिस थाना में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ननिया पत्नी रईस अपनी पुत्री शिबा (22) के साथ काशीपुर के अलीखां मोहल्ले में रहती थी। गुरुवार को लगभग 11 बजे उनके पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद सलमान धारदार हथियार लेकर ननिया के घर पहुंचा और उसने पहले बाजार जा रही शिबा की गला रेतकर हत्या कर दी।

उसके बाद वह हथियार लेकर शिबा के घर जा पहुंचा और उसकी मां की भी गला रेत कर हत्या कर दी। इससे शहर में हड़कंप मच गया। खून से लथपथ सलमान हथियार लेकर बांसफोड़ान चौकी पहुंच गया, जहां उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने मां और पुत्री की गला रेतकर हत्या कर दी है। इससे पुलिस कर्मी सकते में आ गया।

पुलिस ने आनन-फानन में उसे हिरासत में लिया। उसके बाद अधिकारी पूरे दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि सलमान और शिबा का प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन की बात सामने आई और कुछ दिन से शिबा उससे बात नहीं कर रही थी। सलमान को अहसास हुआ कि वह उसे धोखा दे रही है। रात को भी सलमान ने शिबा से संपर्क साधा लेकिन शिबा ने कोई जवाब नहीं दिया। गुरुवार सुबह उसने शिबा को रास्ते में रोक लिया और चाकू से उसका गला रेत दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उत्तर प्रदेश में 16 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।

आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरूवार को बताया कि बुधवार देर रात किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रतीक्षारत आईएएस पार्थ सारथी सेन शर्मा को प्रमुख सचिव, चिकित्सा,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है वहीं अपर मुख्य सचिव, खादी एवं ग्रामोद्योग, सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन, सूचना एवं जनसंपर्क, रेशम तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग में अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल का ट्रांसफर अपर मुख्य सचिव खेलकूद विभाग में कर दिया गया है।

अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल महेश कुमार गुप्ता को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत विभाग में अपर मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा गया है वहीं खेलकूद एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में प्रमुख सचिव कल्पना अवस्थी का तबादला प्रमुख सचिव राज्यपाल के पद पर किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा पर्यटन महानिदेशक मुकेश कुमार मेश्राम को मौजूदा पद के साथ प्रमुख सचिव, धर्मार्थ कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

उन्होंने बताया कि समाज कल्याण तथा अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग में प्रमुख सचिव और जनजाति विकास विभाग के निदेशक हिमांशु कुमार का तबादला प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग में प्रमुख सचिव के ही पद पर किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रमुख सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग डा हरि ओम अब प्रमुख सचिव, समाज कल्याण विभाग और जनजाति विकास विभाग के निदेशक की जिम्मेदारी संभालेंगे जबकि उच्च शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव मोनिका एस गर्ग को अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग में अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।

अब तक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर मुख्य सचिव का दायित्व संभाल रहे अमित मोहन प्रसाद का तबादला सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री, प्रोटोकाल,सूचना एवं जनसंपर्क,गृह,गोपन,बीजा पासपोर्ट, कारागार, सतर्कता, धर्मार्थ कार्य, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत विभाग तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा एवं उपशा तथा महानिदेशक कारागार संजय प्रसाद अब प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, प्रोटोकाल, सूचना एवं जनसंपर्क, गृह, गोपन,बीजा पासपोर्ट तथा सतर्कता होंगे।

अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स तथा एनआरआई विभाग,अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त अरविंद कुमार को मौजूदा पद के साथ यूपीडा एवं उपशा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह प्रथम को प्रमुख सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं तथा कारागार महानिदेशक पद पर ट्रांसफर किया गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त तथा अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग मनोज कुमार सिंह को ग्राम्य विकास विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है जबकि उन्हे मौजूदा दायित्व के साथ उद्यान एवं प्रसंस्करण विभाग की जिम्मदारी दी गयी है। राजस्व परिषद मुख्यालय के सदस्य (न्यायिक) सुधीर महादेव बोबडे को उच्च शिक्षा विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में प्रमुख सचिव दीपक कुमार को मौजूदा पद के साथ प्रमुख सचिव, माध्यमिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है जबकि अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा विभाग आराधना शुक्ला को अपर मुख्य सचिव आयुष विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।