Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 623 -
होम ब्लॉग पेज 623

गुलाम नबी आजाद 2019 के बाद से ही बना चुके थे कांग्रेस छोड़ने का मन

नई दिल्ली। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी के असंतुष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस को मिली करार हार के बाद से ही पार्टी से बाहर होने का मन बना लिया था और वह पार्टी के लिए कोई संघर्ष करने को तैयार नहीं थे।

कांग्रेस नेताओं अपना नाम नहीं बताने की शर्त पर बुधवार को कहा कि आजाद ने पार्टी के लिए काम करना पहले ही छोड़ दिया था। आजाद के कुछ खास समर्थकों को भी पता था कि वह कांग्रेस को अलविदा कहने वाले हैं इसलिए वे भी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होते थे और ना ही अपना सहयोग दे रहे थे।

यह पूछने पर कि क्या आजाद के कारण कांग्रेस को जम्मू कश्मीर में नुकसान होगा, एक नेता ने कहा कि वह बड़े नेता जरूर थे लेकिन उनकी जनता में पकड़ नहीं थी इसलिए उनके जाने से जमीनी स्तर पर कांग्रेस को कुछ फर्क नहीं पड़ेगा। इस नेता ने कहा कि जम्मू कश्मीर की चेनाव घाटी में उनका कुछ प्रभाव जरूर है, यही कारण है कि वहां से जीते कांग्रेस के नौ में से चार ‘पूर्व विधायक’ उनके साथ चले गए हैं। इस क्षेत्र में उनके जाने का पार्टी की संभावनाओं पर थोड़ा बहुत असर पड़ सकता है।

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि आजाद का कभी जनाधार नहीं रहा है और वह कांग्रेस नेतृत्व द्वारा बार बार राज्यसभा में भेजे जाने के कारण प्रमुख नेता बने हैं। आजाद ने सिर्फ एक बार विधानसभा का चुनाव तब जीता जब उन्हें जम्मू कश्मीर का मुख्यमंत्री बनाया जाना था। यह चुनाव भी उन्होंने तब जीता जब उनके भाई ने अपनी सीट से उन्हें चुनाव लड़वाया। वह पांच बार राज्यसभा के सदस्य रहें। जिस नेता का जनाधार नहीं होता है उसके जाने से कांग्रेस जैसे दलों को कुछ फर्क नहीं पड़ता है।

आजाद के 2019 के बाद से पार्टी छोड़ने के आभास को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में सूत्रों ने कहा कि उनके काम करने का स्टाइल बदल गया था और वह पार्टी की किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं हो रहे थे। पहले की तरह पार्टी की रैलियों और अन्य गतिविधियों में उनके समर्थक भी रुचि नहीं लेते थे इससे साफ है कि वह आम चुनाव के बाद से ही कांग्रेस छोड़ने का मन बना चुके थे।

सूत्रों ने हैरानी जताई कि आजाद को पार्टी ने सबकुछ दिया उसके बावजूद वह पार्टी को भला बुरा कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजाद को कांग्रेस में संजय गांधी लाए थे और उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा राजीव गांधी ने उनको आगे बढाया।

सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस की जो भी बैठक होती, किसी से कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को मिलना होता था तो सबसे आगे आजाद ही रहते थे। ऐसी स्थिति को क्या अनादर कहते हैं। दूसरी बात वह जिन राहुल गांधी को कोस रहे हैं उन्हें समझना चाहिए कि जब वह राजनीति में आए थे तो गांधी उस समय तीन साल के थे।

गौरतलब है कि आजाद पांच दशक तक कांग्रेस में रहने के बाद पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं और उनके अलग पार्टी बनाने की अटकलें लगाई जा रही है। उनके साथ ही जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के 64 बड़े नेता भी पार्टी छोड़ च़ुके हैं।

केन्द्र सरकार ने देश में महंगाई पर नियंत्रण पाने का नहीं किया कोई प्रयास : सचिन पायलट

जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार पर देश में बढ़ रही महंगाई पर नियंत्रण पाने का कोई प्रयास नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने आज तक महंगाई कम करने का जनता को कोई आश्वासन भी नहीं दिया।

पायलट ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस चार सितंबर को दिल्ली में महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली का आयोजन कर रही है यहां भी हमने ब्लॉक लेवल से लेकर प्रदेश लेवल तक कार्यक्रम किए हैं। आज देश के अंदर महंगाईं इतनी बढ़ गई है जिसकी कोई सीमा नही है और केंद्र सरकार ने आज तक कोई झूठा आश्वासन देना भी जरूरी नहीं समझा कि हम महंगाई पर नियंत्रण करेंगे। लोकसभा का सत्र चल रहा था उसमें भी सरकार ने कोई आश्वासन जनता को नहीं दिया कि हम महंगाई कम करेंगे।

उन्होंने कहा कि महंगाई में खाद्य सामग्री, पेट्रोल, डीजल या गैस सिलेंडर हो सारी चीजों की कीमतें आसमान छू रही है। इस कमर तोड़ महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने एक हल्ला बोल नारा दिया है और चार तारीख को दिल्ली के राम लीला मैदान में बहुत बड़ा आयोजन होने वाला है। पूरे देश भर से बहुत अधिक संख्या में आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ता आएंगे और केंद्र सरकार की नींद खोलने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान से हजारों की संख्या में लोग इस रैली में भाग लेंगे और एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। और केंद्र की गूंगी बहरी सरकार को जगाने काम करेंगे और केंद्र सरकार को महंगाई कम करनी होगी।

पायलट ने कहा कि जो मध्यम वर्ग एवं गरीब तबका है वो महंगाई से पीस रहा है। कृषि पर आज गहरा संकट है, महंगाई के मुद्दे इसलिए नहीं बन पाते हैं कि केंद्र सरकार बड़ी चालाकी से इन मुद्दों से जनता का ध्यान भटका देती हैं लेकिन देश के लोग समझ गए हैं जब भाजपा विपक्ष में थी, महंगाई के खिलाफ क्या क्या नारे देती थी, जब कांग्रेस पार्टी के नेताओ ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया तो कांग्रेस पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस पार्टी के नेताओं को कांग्रेस के मुख्यालय जाने से रोका गया। ऐसी अलोकतांत्रिक सरकार पहले कभी नहीं देखी है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आठ साल पहले झूठे वादे करके भाजपा की सरकार बनी थी लेकिन अब इसकी पोल खुल चुकी हैं। पायलट ने कहा कि सात सितम्बर को कन्याकुमारी से कश्मीर तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा का भी पार्टी आयोजन कर रही हैं। इस यात्रा का आयोजन देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को समाप्त करने का जो काम हो रहा है, मंहगाई एवं भष्टाचार के खिलाफ एवं संविधान की जो मूलभूत भावनाएं है उनको बचाने के लिए किया जा रहा है और इसी कारण भाजपा भोखलाई हुई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा तमाम मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रखी है। इसलिए कांग्रेस अपनी पदयात्रा कन्या कुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकालेगी।

इटावा : फेसबुक पर अश्लील फोटो वायरल करने से आहत किशोरी ने फांसी लगाई

इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भर्थना इलाके में फेसबुक पर अश्लील फोटो वायरल होने से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने बुधवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि किशोरी ने अपनी अश्लील फोटो वायरल होने से दुखी होकर आत्महत्या कर ली है। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक भर्थना विजय सिंह को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया है। दोनों टीमों को वास्तविकता पता करके कार्यवाही करने के निदेश दिए गए हैं।

किशोरी के परिजनों ने पहले ही अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में शिकायत की थी। तहरीर देकर बताया था कि उसके पास एक एंड्रायड फोन है, जिस पर वह अपनी फेसबुक आईडी चलाता है। उसके ही गांव का युवक फर्जी आईडी बनाकर उसकी बहन की अश्लील फोटो उसकी फेसबुक पर भेजकर परेशान कर रहा है।

युवक की इस हरकत से बहन सहित अन्य स्वजन को मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है। इस शिकायत के बाद पुलिस जांच कर आरोपित पर कार्रवाई करती, उससे पहले ही किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। खुदकुशी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है।

अशोक गहलोत ने जोधपुर में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनी

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज यहां जोधपुर सर्किट हाउस में जनसुनवाई की और आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हुए त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जोधपुर शहर, ग्रामीण क्षेत्रों तथा आस-पास के क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई में दिव्यांगों के पास जाकर बातचीत की। उन्होंने समस्याओं के बारे में पूछा और अधिकारियों से भी जानकारी ली। गहलोत ने दिव्यांगजनों से संबंधित सभी प्रकार के लम्बित प्रकरणों को त्वरित निस्तारित करने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए।

जनसुनवाई में आयुर्वेद चिकित्सा के प्रशिक्षणार्थियों ने अपना स्टाइपेंड उदयपुर के आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रावधानों के अनुसार किए जाने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद विभाग के मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

गहलोत ने विभिन्न संगठनों, संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर जिले में सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की। उन्होंने जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता से भी जानकारी ली। जनसुनवाई में जिला प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग सहित कई जनप्रतिनिधि और उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा रामद्वारा की ओर से गीता प्रेस गोरखपुर की पुस्तकों एवं ग्रंथों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए संचालित वाहन का शुभारंभ भी किया। मौके पर बड़ा रामद्वारा के पीठाधीश्वर रामप्रसाद महाराज एवं अन्य संत उपस्थित थे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जब जोधपुर के रातानाड़ा स्थित श्री गणेश मंदिर में दर्शन कर वापस लौटने लगे, तभी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ ले चुकी 75 वर्षीय चन्द्रकला टाक भीड़ से निकल कर आगे आई और उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत ही ज्वाइंट्स का सफल ऑपरेशन हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से रेप, अब गर्भवती

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में खेत पर नहाते समय एक युवती का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि एक 19 वर्षीय पीडिता ने आरोपी जहांगीर मोहम्मद के खिलाफ रिपोर्ट दी। पुलिस ने बताया कि युवती तीन-चार माह पहले खेत पर बने बाथरुमनुमा स्थान पर नहा रही थी। इस दौरान आरोपित ने चुपके से उसके अश्लील फोटो- वीडियो बना लिए और वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि पीड़िता जब शौच के लिए गई तो आरोपित ने उसे फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी ओर उसके साथ रेप किया।

बाद में आरोपित के इस कृत्य से पीड़िता गर्भवती हो गई। इसे लेकर जहांगीर ने उस पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

महिला ने बनास नदी में छलांग लगाकर की खुदकुशी

भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक महिला ने बनास नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस एवं गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश शुरु की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से निकाला जा सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय भिजवा दिया।

थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान, बोरडिय़ा निवासी लक्ष्मी सुथार 35 के रुप में कर ली गई। थाना प्रभारी का कहना है कि मृतका दो बेटियों की मां थी और ससुराल के घर से निकल कर ही वह नदी तक पहुंची थी।

इस दौरान उसका पति मोतीलाल बड़लियास की ओर गया हुआ था। लोगों ने उसे फोन से इसकी सूचना दी। इस पर वह भी मौके पर पहुंच गया। अभी यह पता नहीं चल पाया कि महिला ने किन कारणों के चलते यह कदम उठाया है।

महिला को डायन बताकर उससे मारपीट करने का आरोप

भीलवाड़ा जिले के रायपुर थानान्तर्गत खेडिय़ा (झड़ोल) में एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक को बुधवार को दी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि गांव के नरसिंह दास, वेणीदास, मीरा, शारदा,राधा, सुगना, प्रहलाददास ने 22 अगस्त को उसके घर पर आकर मारपीट की और डायन होने का आरोप लगाते हुए प्रताड़ित किया। यही नहीं मेरे कपड़े भी खींचे। पीडिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेगी।

कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

0

क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनज़ेडसी) ने बताया कि 36 वर्षीय डी ग्रैंडहोम ने इस सप्ताह बोर्ड के साथ चर्चा के बाद एक प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय करियर को समाप्त करने का फैसला किया।

जिम्बाब्वे मूल के कीवी खिलाड़ी ने कहा कि उन्होंने कई कारणों से यह निर्णय लिया, लेकिन उनकी चोट और तीनों प्रारूपों में स्थानों के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा उनमें से एक नहीं थे।

उन्होंने कहा कि मैं स्वीकार करता हूं की मेरी उम्र कम नहीं हो रही, और प्रशिक्षण भी मुश्किल होता जा रहा है, खासकर चोटों के कारण। मेरा एक बढ़ता हुआ परिवार भी है और मैं यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि मेरा भविष्य क्रिकेट के बाद कैसा दिखता है। यह सब पिछले कुछ हफ्तों से मेरे दिम़ाग में है।

डी ग्रैंडहोम ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे 2012 में पदार्पण करने के बाद से ब्लैककैप्स के लिए खेलने का अवसर मिला। मुझे अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर गर्व है, लेकिन मुझे लगता है की इसे समाप्त करने का सही समय आ गया है। मैंने पिछले एक दशक में इस टीम का हिस्सा बने रहने का आनंद लिया, और साथ बनाई यादों के लिए मैं टीम का शुक्रगुज़ार हूंं।

ग्रैंडहोम टेस्ट क्रिकेट में एक प्रभावशाली रिकॉर्ड के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच को अलविदा कह रहे हैं। उन्होंने 29 मैचों में 38.40 की औसत से 1432 रन बनाए, और वेस्टइंडीज एवं दक्षिण अफ्रीका जैसी दिग्गज टीमों के खिलाफ शतक जड़े। इसके अलावा उन्होंने 32.95 की औसत से 49 विकेट झटके, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू पर लिए गए छह विकेट शामिल हैं।

वह एकदिवसीय प्रारूप में भी कीवी टीम के लिए मूल्यवान साबित हुए। उन्होंने 45 मैचों में 106.15 की स्ट्राइक-रेट से 742 रन बनाए और गेंद के साथ 41.00 की औसत के साथ 30 विकेट लिए। डी ग्रैंडहोम ने अपने करियर के सबसे बेहतरीन समय में न्यूज़ीलैंड को नंबर एक वनडे टीम बनते हुए और विश्व कप 2019 के फाइनल में पहुंचते हुए देखा।

शक्तिशाली ऑलराउंडर ने 41 टी20 मैच खेलते हुए 138.35 के स्ट्राइक-रेट से 505 रन बनाए और 38.41 की औसत (8.61 की इकोनॉमी दर) पर 12 विकेट लिए।

पाली में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 985 कार्टून बरामद, एक अरेस्ट

पाली। राजस्थान में पाली जिले की ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से हरियाणा निर्मित अवैध शराब के 985 कार्टून बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

जिला पुलिस अधीक्षक डा गगनदीप सिंगला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कंटेनर चालक की पहचान जम्मू में थाना आरएसपुरा (नया शहर) निवासी तस्कर गुरुचरण सिंह जट सिख (60) के रूप में हुई है। बरामद की गई शराब की बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि तस्कर ड्राइवर गुरु चरण सिंह हरियाणा से महंगी शराब अपने कंटेनर में लोड कर गुजरात ले जा रहा था। जिसके बारे में मुखबिर से सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुग लाल मीणा एवं सीओ शहर अनिल सारण के सुपरविजन में थानाधिकारी ट्रांसपोर्ट नगर विक्रम सान्दू मय टीम द्वारा बुधवार को नेशनल हाईवे 162 पर नाकाबंदी की गई।

एमजी ने पेश की ‘एडवांस ग्लॉस्टर’, कीमत 31.99 लाख

नई दिल्ली। यात्री वाहन बनाने वाली कंपनी एमजी मोटर इंडिया ने आज भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम एसयूवी एडवांस्ड ग्लॉस्टर पेश करने की घोषणा की जिसकी एक्स शोरूम कीमत 31.99 लाख रुपए है।

कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि ऑटोनोमस (लेवल 1) प्रीमियम एसयूवी अब नए और एडवांस सेफ्टी, स्टाइल और टेक्नोलॉजी एनहांसमेंट्स के साथ आई है। मौजूदा ग्लॉस्टर के एडवांस्ड ड्राइवर असिस्ट सिस्टम में अतिरिक्त फर्स्ट-इन-सेगमेंट फीचर दिए गए हैं, जैसे कि डोर ओपन वार्निंग, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट और लेन चेंज असिस्ट आदि। 30 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचरों के अतिरिक्त यह फीचर एडवांस ग्लॉस्टर को सुरक्षित और आसान ड्राइव बनाते हैं।

एडवांस ग्लॉस्टर की सड़क पर मौजूदगी को 4डब्ल्यूडी संस्करण में पूरी तरह से नए ब्रिटिश विंडमिल टर्बाइन-थीम वाले अलॉय मेटल व्हील्स ने और मजबूत बना दिया है। इसे अब नए ‘डीप गोल्डन’ कलर ऑप्शन में पेश किया जा रहा है जो एसयूवी की अपील को और शानदार बनाता है। मेटल ब्लैक, मेटल ऐश और वार्म व्हाइट के पहले से मौजूद रंगों के अलावा नया रंग जोड़ा गया है।

कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक राजीव चाबा ने कहा कि टेक्नोलॉजी में हो रहे बदलाव, निरंतर विकास और बेस्ट-इन-क्लास कस्टमर एक्सपीरियंस एमजी में हमारी प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। ग्लॉस्टर की पहचान बोल्ड, मजबूत, वर्सेटाइल और शानदार होने की है, और हम फीडबैक के लिए अपने कस्टमर के आभारी हैं।

अपने 2व्हीलड्राइव और 4व्हीलड्राइव ट्रिम्स, पावरफुल इंजन ऑप्शन, अगली पीढ़ी की तकनीक, ऑटोनॉमस लेवल 1 और माय एमजी शील्ड पैकेज के साथ, ‘एडवांस्ड ग्लॉस्टर’ को हमारे नए जमाने के कस्टमर्स को खुश और उत्साहित करने के लिए डिजाइन किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीयकरण को बढ़ाने के साथ ही सप्लाई चेन से जुड़ी समस्याओं को दूर कर रहे हैं। हम इस लॉन्च के साथ ग्लॉस्टर की बिक्री को दोगुना करने की उम्मीद कर रहे हैं। ‘एडवांस्ड ग्लॉस्टर’ राइड के दौरान भी मनोरंजन प्रदान करता है।

अपने सेग्मेंट में बेस्ट 31.2 सेमी टचस्क्रीन और 12 स्पीकरों के हाई-क्वालिटी ऑडियो सिस्टम के साथ आती है। इसमें एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कार प्ले के साथ-साथ फर्स्ट-इन-सेग्मेंट शॉर्टपीडिया न्यूज ऐप और गाना भी शामिल है।

त्रिपुरा में 2 साल की बच्ची से रेप के दोषी को आजीवन कारावास

अगरतला। दक्षिण त्रिपुरा की विशेष अदालत ने दुष्कर्म के आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और दस हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।

विशेष अदालत ने फरवरी 2020 में दक्षिण त्रिपुरा के बैखोरा थाना क्षेत्र के पश्चिम मुहुरीपुर गांव में दो साल की अबोध बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को आज दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है।

इस मामले की जांच अधिकारी बैखोरा थाने की रूमा नूटिया ने बताया कि त्रिपुरा के बैखोरा थाना क्षेत्र के पश्चिम मुहुरीपुर गांव में सात फरवरी 2020 की रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी जोयदेब मंडल (27) अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरने गया था। जहां उसने रिश्तेदार की दो साल की अबोध बालिका के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया।

बालिका की मां के शिकायत के आधार पर जांच शुरु की, जिसके तहत आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पुलिस और अदालत के सामने अपना अपराध स्वीकार किया। अदालत ने संतिरबाजार के आर के गंज गांव के आरोपी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (2) (आई) और पोक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत दोषी पाया और आरोपी को दस हजार रुपये के जुर्माने के साथ आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

तरनतारन के चर्च में ईसा, मरियम की मूर्तियां तोड़ीं, पादरी की कार जलाई

तरनतारन। पंजाब के तरनतारन जिले में कुछ लोगों के एक समूह ने मंगलवार की रात पट्टी के गांव ठकरपुर के एक चर्च में कथित तौर पर जबरदस्ती घुसकर ईसा और मरियम की मूर्ति तोड़ दिया और पादरी की कार में आग लगा दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरएस ढिल्लों ने बुधवार को कहा कि उनके पास महत्वपूर्ण सुराग हैं और इस घटना में चार लोग शामिल थे, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ कुख्यात तत्वों ने यीशु की मूर्ति को तोड़ने की कोशिश की और पट्टी के गांव ठकरपुर में चर्च में एक कार को आग लगा दी। वह मामले की जांच कर रहे हैं और महत्वपूर्ण सुराग हैं। हम अपराधियों के पीछे हैं। हम जल्द ही इसे हल करने की उम्मीद करते हैं प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

ढिल्लों ने कहा कि चार नकाबपोश युवकों ने चर्च में प्रवेश किया, चौकीदार के सिर पर पिस्तौल तान दी और चर्च में तोड़फोड़ करने के बाद वाहन में आग लगाने से पहले उसके हाथ बांध दिए। चर्च के सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को बार-बार मूर्ति को कुल्हाड़ी से मारते हुए, उसका सिर काटकर और सिर को जमीन पर रखते हुए दिखाया गया है।

वे एक बिंदु पर मूर्ति के पीछे छिपते भी दिखाई देते हैं, संभवतः पहचाने जाने से बचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विशालजीत सिंह, उपाधीक्षक सतनाम सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घटना से ईसाई समुदाय के लोगों में गुस्सा पाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और आश्वासन दिया है कि किसी को भी राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब का भाईचारा किसी को भी बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। तरनतारन की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम इसकी जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ईसाइयों के एक समूह ने बुधवार को इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और खेमकरण, भीखीविंड, पट्टी, हरीके और फिरोजपुर की ओर जाने वाले सभी मार्गों को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पेस्टर सोखा मसीह ने कहा कि ईसाई धर्म इस घटना की निंदा करता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक भाईचारे की भावनाओं को आहत करने वालों के खिलाफ करवाई की जाए।

यह घटना ऐसे दिन हुई है, जब सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने ईसाई मिशनरियों द्वारा जबरन धर्मांतरण के खिलाफ एक बयान जारी किया था। तथाकथित ईसाई मिशनरी कपटपूर्ण प्रथाओं के माध्यम से सिखों का जबरन धर्मांतरण कर रहे हैं। पंजाब के सिखों और हिंदुओं को गुमराह किया जा रहा है और उनका धर्मांतरण किया जा रहा है। यह ठीक सरकार की नाक के नीचे हो रहा है। कानून में हालांकि अंधविश्वासी प्रथाओं के लिए मामला दर्ज करने का प्रावधान है। धर्म की, कोई भी सरकार वोट बैंक की राजनीति के कारण उनके (मिशनरियों) के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है।

सिख नेता राज्य में ईसाई मिशनरियों द्वारा कथित धर्म परिवर्तन के प्रयासों के खिलाफ मुखर रहे हैं। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने केंद्र से इसे तुरंत नियंत्रित करने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, और उन्हें पता चला है कि इन धार्मिक अभियानों को चलाने के लिए विदेशों से धन आ रहा है। घटना तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के ठाकरपुर गांव की है। निहंग सिखों ने भी हाल ही में इस मुद्दे का विरोध किया है।

उल्लेखनीय है कि श्री अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह द्वारा निहंग नेता बाबा मेजर सिंह और उनके लगभग 150 समर्थकों को समर्थन देने की घोषणा के बाद यह घटना हुई है। इससे पहले जंडियाला थाने में एक ईसाई नेता की शिकायत पर निहंग नेता बाबा मेजर सिंह और उनके करीब 150 समर्थकों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने यह एफआईआर आईपीसी की धारा 295, 296, 427, 148 और 149 के तहत दर्ज की थी।

इस मामले में अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने मांग की है कि बाबा मेजर सिंह औऱ उनके समर्थकों के खिलाफ जो केस दर्ज किया गया है उसे रद्द किया जाना चाहिए, क्योंकि वे केवल जबरन धर्म परिवर्तन का विरोध कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कानून जबरन धर्म परिवर्तन की इजाजत नहीं देता है, लेकिन यह आश्चर्य की बात है कि पंजाब के सीमावर्ती इलाके में बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को निहंगों के खिलाफ मामला तुरंत रद्द करना चाहिए क्योंकि सिख समुदाय उनके साथ खड़ा है। हमने 5 सितंबर को श्री आनंदपुर साहिब में एक बैठक बुलाई है और इस मुद्दे पर चर्चा के बाद एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। सीमावर्ती इलाकों में अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के सिखों और हिंदुओं के परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने उस चर्च के गार्ड से भी बातचीत की। घटना से ईसाई समुदाय के लोगों में काफी गुस्सा है। ईसाई समुदाय के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ढिल्लों ने बताया कि चर्च में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए आरोपियों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त करवाई करने के आदेश दिए गए हैं।