Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 628 -
होम ब्लॉग पेज 628

राहुल गांधी को दीक्षा देने वाले लिंगायत पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप

चित्रदुर्ग। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले स्थित एक प्रमुख मठ के मुख्य पुजारी ने सोमवार को जिले की एक अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की। इस मामले की सुनवाई एक सितंबर को होगी।

मुख्य पुजारी डॉ शिवमूर्ति मुरुघ शरणारू समेत पांच लोगों पर उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं का कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने को लेकर बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। दो बच्चियों की ओर से पुलिस शिकायत दर्ज की गई जिसके आधार पर जगद्गुरु मुरुगराजेंद्र विद्यापीठ मठ के मुख्य पुजारी डॉ शरणारू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

संभावना है कि मुख्य पुजारी को किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है। इसलिए उनके वकील ने चित्रदुर्ग के द्वितीय सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दायर किया और अदालत ने आवेदन स्वीकार कर लिया और एक सितंबर को सुनवाई तय की।

मठ द्वारा संचालित स्कूल में पढ़ने वाली दो लड़कियों ने मैसूर में एक गैर सरकारी संगठन ‘ओडानाडी सेवा संस्थान’ से संपर्क किया, जो तस्करी और यौन शोषण वाली महिलाओं और बच्चों के बचाव पुनर्वास पुन: एकीकरण तथा सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। अपनी आपबीती सुनाने के बाद जिला बाल कल्याण समिति के संज्ञान में लाया गया।

इस मामले में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि मठ के मुख्य पुजारी से जुड़े इस मामले में जांच जारी है। जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने पुजारी पर लगे आरोपों के बारे में कोई अन्य टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस को जांच के लिए पूरी आजादी है, वह जांच करेगी और सच्चाई को सामने लाएगी। पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और चित्रदुर्ग में अपहरण का भी मामला है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। ऐसी स्थिति में, टिप्पणी करना या मामले की व्याख्या करना जांच के लिए अच्छा नहीं है।

मुरुगा मठ सलाहकार समिति के सदस्य एन बी विश्वनाथ ने कहा है कि पुजारी के खिलाफ आरोपों में सच्चाई नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इस आरोप के पीछे मठ के प्रशासनिक अधिकारी एस के बसवराजन का हाथ है, जो कि पूर्व विधायक हैं।

गौरतलब है कि कर्नाटक में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है। इसी को लेकर सभी राजनीतिक दल लिंगायत समाज को लुभाने में लगे हैं। ऐसी कड़ी में कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी भी हाल में ही मुरुगा मठ पहुंचे थे और मठ के मुख्य पुजारी से ‘दीक्षा’ भी प्राप्त की थी।

जियो की 5 जी सेवा दिवाली तक, दो लाख करोड़ का होगा निवेश : मुकेश अंबानी

मुंबई। देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने इस वर्ष दिवाली तक देश के प्रमुख शहरों में 5 जी सेवा शुरू करने की सोमवार को घोषणा करते हुये कहा कि उनके समूह की दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो 5जी नेटवर्क के विकास पर दो लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी।

अंबानी ने आरआईएल की 45वीं वार्षिक आमसभा में यह घोषणा करते हुए कहा कि कहा कि जियो अगले साल के अंत तक पूरे देश में 5जी सेवाएं देगी। उन्होंने कहा कि समूचे देश में 5जी नेटवर्क बनाने के लिए उनकी कंपनी कुल दो लाख करोड़ रुपये का निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में डिजिटल कनेक्टिविटी बन रहा है। उनकी कंपनी 10 करोड़ घरों को अद्वितीय डिजिटल अनुभवों और स्मार्ट होम सॉल्युशन्स से जोड़ेगी।

आकाश-ईशा-अनंत अंबानी के नेतृत्व में जियो के भारत जैसे बड़े देश के लिए 5जी सेवा शुरू करने के वास्ते सबसे तेज और सबसे महत्वाकांक्षी योजना बनाने की जानकारी देते हुये उन्होंने कहा कि दो महीनों के भीतर दिवाली तक दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में जियो 5जी की शुरुआत की जायेगी। भारत में 5जी सेवाएं महानगरों में शुरू होने के बाद जियो हर महीने अपनी मौजूदगी बढ़ाती जाएगी।

उन्होंने कहा कि अब से 18 महीने के भीतर वर्ष 2023 के अंत तक देश के हर कस्बे एवं तहसील तक जियो की 5जी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। रिलायंस ने हाल में संपन्न नीलामी में 88,078 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम खरीदा है और उसी समय कंपनी ने कहा था कि वह देश में उन्नत 5जी नेटवर्क खड़ा करेगी।

श्री अंबानी ने कहा कि जियो ने देशभर में फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क खड़ा कर लिया है और आज फाइबर-टु-द-होम (एफटीटीएच) का हर तीन में से दो नया उपभोक्ता जियो को ही चुन रहा है। जियो ने अपनी फिक्स्ड लाइन ब्रॉडबैंड सेवाएं शुरू करने के दो साल के भीतर ही भारत संचार निगम लिमिटेड को इस सेवा में अव्वल से हटा दिया था। भारत फिक्स्ड ब्रॉडबैंड अपनाने के मामले में दुनिया में अभी 138वें स्थान पर है। जियो भारत को इस श्रेणी में शीर्ष 10 देशों तक ले जाएगी।

उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में जियो ने भारत के नंबर 1 डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। आज हमारे 4जी नेटवर्क पर 42 करोड़ 10 लाख मोबाइल ब्रॉडबैंड ग्राहक हैं और वे हर महीने औसतन 20 जीबी डेटा का इस्तेमाल करते हैं। जियो का उच्च-गुणवत्ता, मजबूत और हमेशा उपलब्ध रहने वाला फाइबर-ऑप्टिक नेटवर्क, भारत के डेटा ट्रैफ़िक की रीढ़ है।

जियो का अखिल भारतीय फाइबर-ऑप्टिक नेटवर्क 11 लाख किलोमीटर से भी अधिक लंबा है। इससे पृथ्वी के 27 बार चक्कर लगाए जा सकते हैं। जियाेफाइबर अब भारत में नंबर 1 एफटीटीएक्स सेवा प्रदाता है, जिसमें 70 लाख से अधिक परिसर जुड़े हुए हैं। यह उपलब्धि कोविड 19 लॉकडाउन के बावजूद दो साल से भी कम समय में हासिल हुई है।

राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का बाघसुरी स्कूल में आगाज

बाघसुरी/नसीराबाद। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर प्रदेश भर में खेल दिवस के अवसर पर राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का जिले की हर ग्राम पंचायत में उत्साह के साथ आगाज हुआ। इसी क्रम में बाघसुरी गांव में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्लाक श्रीनगर के प्रांगण में समारोहपूर्वक खेलों की शुरुआत हुई।

मुख्य अतिथि गुमान मन पोखरना, गोवर्धन गुर्जर, मोहनलाल राजोरा, देवेंद्र सिंह गुर्जर, रमेश गोयल की मौजूदगी में ध्वजारोहण के बाद खिलाडियों ने मार्च पास्ट कर ध्वज को सलामी दी। शांति के प्रतीक कबूतरों के जोड़े को उड़ाकर पहला मैच शूटिंग बाल वॉलीबाल मैच करवाया गया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि पोखरना ने खिलाडियों का उत्साह वर्घन करते हुए कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर आयुवर्ग के व्यक्तियों की सहभागिता से खेलों का एक वातावरण बनेगा।

उन्होंने कहा कि इन खेलों के आयोजन के पीछे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का यह संदेश है कि ग्रामीण क्षेत्रों प्रतिभाओं को प्लेटफार्म उपलब्ध कराकर उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।

देवेन्द्र गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आज भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी है लेकिन उनको सही मंच नहीं मिलने के कारण अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए इन खेलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

मोहनलाल राजोरा ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल से स्थानीय बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर सरकार द्वारा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस तरह के आयोजन से लाखों बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे बढे़ंगे। समारोह में सूरजमल चौधरी, कल्याणमल पांडर, पृथ्वीराज चीता, बाबू खान समेत अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

अजमेर में महेंद्रजीत मालवीय ने किया राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का शुभारंभ

न्यूड फोटोशूट मामले में अभिनेता रणवीर सिंह का बयान दर्ज

मुंबई। न्यूड फोटोशूट मामले में पुलिस ने सोमवार को बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का बयान दर्ज किया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक रणवीर आज सुबह 7:30 बजे चेंबूर पुलिस थाने में पेश हुए जहां पुलिस अधिकारियों ने 9:30 बजे तक उनसे संबंधित मामले में पूछताछ की जिसके बाद उनका बयान दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद उन्हें जाने की अनुमति मिली। अधिकारियों ने उन्हें जरुरत पड़ने पर फिर से थाने में पेश होने के निर्देश दिए।

रणवीर को इससे पहले 22 अगस्त को बुलाया गया था लेकिन उन्होंने खुद को पेश करने के लिए समय मांगा था और आज अपने वकील के साथ पेश हुए।

इससे पहले मुंबई पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि रणवीर ने अपनी नग्न तस्वीरों को ऑनलाइन पोस्ट किया और साथ ही उन्हें एक पत्रिका में प्रकाशित करके पैसा कमाया।

उन्होंने ऐसा करके युवा पीढ़ी को भ्रष्ट करने और समाज को खराब करने की कोशिश की। इसके अलावा, उनके इस कृत्य से महिलाओं के मन में शर्म की भावना पैदा हुई। इसलिए शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

रणवीर ने साल 2010 में बैंड, बाजा, बारात फिल्म के साथ बॉलीवुड में एंट्री ली थी और बाद में बाजीराव मस्तानी, पद्मावत, गुंडे, गली बॉय, सिम्बा, गोलियों की रास लीला-रामलीला जैसी फिल्मों से प्रसिद्धि हासिल की।

‘कोविड-19’ सॉफ्टवेयर से होता था अवैध रेल टिकट बुकिंग का धंधा

नई दिल्ली। रेल सुरक्षा बल ने रेलवे आरक्षण प्रणाली में अवैध साॅफ्टेवयरों के माध्यम से बुकिंग करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करके छह लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके तार गुजरात, मुंबई से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैले हैं।

आरपीएफ के आधिकारिक सूत्रों ने इस बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा कि कोविड-19, कोविड एक्स, ब्लैक टाइगर, एएनएमएसबैक, इन चार अवैध सॉफ्टेवयरों को पकड़ा है और 43 लाख 42 हजार 750 रुपए की लागत वाले 1688 टिकटों काे जब्त किया है। यह भी पता चला है कि इन लोगों ने इससे पहले करीब 28 करोड़ 14 लाख रुपए के टिकट बेचे हैं।

आरपीएफ के अनुसार खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरपीएफ ने आठ मई को राजकोट में मन्नान वाघेला को अवैध साॅफ्टेवयर कोविड-19 का संचालन करता था। उससे प्राप्त सूचना के आधार पर मुंबई में 17 जुलाई को कन्हैया गिरि को गिरफ्तार किया गया।

गिरि से पूछताछ में वापी में अभिषेक शर्मा और फिर अमन कुमार शर्मा, वीरेन्द्र गुप्ता और अभिषेक तिवारी को सुल्तानपुर से गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ और भी आरोपियों की तलाश में है। सूत्रों ने कहा कि ये सॉफ्टवेयर तत्काल टिकटों की बुकिंग के समय रूसी ओसीआर सॉफ्टेवयर से कैप्चा पढ़ने के बाद शीघ्रता से बुकिंग करते हैं और सामान्य यात्री के हितों को नुकसान होता है।

मुझे पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया : गुलाम नबी आजाद

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए बाध्य किया गया।

आजाद ने राज्यसभा में उनका कार्यकाल समाप्त होने के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए विदाई संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सोचा था कि प्रधानमंत्री किसी की ‘परवाह’ नहीं करते लेकिन उन्होंने फिर भी ‘इंसानियत’ दिखाई।

यहां मीडिया से बात करते हुए आजाद ने आरोप लगाया कि जी 23 समूह द्वारा पत्र लिखे जाने के बाद उन्हें पार्टी में अलग थलग किया गया और दशकों तथा पार्टी के स्टार चुनाव प्रचारक रहने के बावजूद उन्हें प्रचार समिति से बाहर रखा गया। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों ने उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर किया। जब लोगों को लगे कि आपको वहां नहीं रहना चाहिए तो बुद्धिमान व्यक्ति उस जगह को छोड़ देता है।

मोदी के विदाई भाषण के दौरान आंखें नम होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि उनके जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री रहते हुए और मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कश्मीर में गुजरात की पर्यटक बस पर हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि जब मोदी का फोन आया तो मैं रो रहा था इसलिए मैं उनसे बात नहीं कर सका।

मोदी को राज्यसभा में वह वाक्या याद आया था और उनकी आंखें नम हो गई थी। मोदी मेरे लिए नहीं रोये और मैं उनके लिए नहीं रोया। हम ने उस घटना को दोबारा याद किया था और इसलिए आंखें नम हो गई थी। क्योंकि वह मंजर बेहद भयानक था।

करीब पांच दशक तक पार्टी में रहे आजाद ने आरोप लगाया कि मोदी तो बहाना है, जब से जी 23 का पत्र लिखा गया वे हमें पसंद नहीं करते। वे सोचते हैं वे पार्टी से उपर हैं। वे किसी सुझाव को भी नहीं सुनते।

उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी का सम्मान करते हैं चूंकि वे इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें मौजूदा नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर समस्या है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से कोई चुनाव पार्टी में नहीं हुआ है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश द्वारा उनके डीएनए पर सवाल उठाए जाने पर आजाद ने कहा कि जो व्यक्ति मेरे डीएनए की बात कर रहा है उसका डीएनए क्या है। क्या वह केवल मेरे खिलाफ स्टोरी प्लांट करने के लिए है। वह राज्यसभा में बैठकर भाजपा सदस्यों को पर्ची भेजते हैं और वह मेरे डीएनए की बात कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आजाद ने गत शुक्रवार को पार्टी के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।

अजमेर में महेंद्रजीत मालवीय ने किया राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का शुभारंभ

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने आज शुभारंभ किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर राज्यभर में पहली बार आयोजित हो रहे राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का अजमेर में जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय माकड़वाली रोड स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय पर आयोजित हुआ जिसका शुभारंभ मालवीय ने झंडारोहण के साथ किया।

इस मौके पर राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ तथा जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा भी मौजूद रही। इस मौके पर मालवीय ने बताया कि मुख्यमंत्री गहलोत की मंशा है कि ग्रामीण युवाओं को खेलों में आगे लाने के लिए हर वर्ष इस तरह के आयोजन किए जाएं ताकि ग्रामीण क्षेत्र से खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आए।

कार्यक्रम में खेल के प्रतीक चिन्ह शुभंकर आकर्षण का केंद्र रहा। इससे पहले प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, जिला कलेक्टर अंशदीप, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के अलावा जिला व ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

अजमेर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमंत स्वरूप माथुर के अनुसार जिले की समस्त 325 ग्राम पंचायतों में प्रतियोगिताओं का आयोजन आज से शुरू हो गया जहां खेल मैदान पर सरकारी स्तर पर खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि जिले के 71753 पंजीयन में से 50 हजार 498 पुरुष तथा 21 हजार 158 महिला वर्ग से पंजीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा छह खेलों कबड्डी, शूटिंग, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट, खोखो एवं हॉकी को शामिल किया गया है।

कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर कुल्हाड़ी से हाथ-पैर काटे

कोटा। राजस्थान में कोटा ग्रामीण के बूढादीत इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर हाथ-पैर काट दिए। खून से लथपथ गंभीर घायल राधेश्याम मीणा को कोटा लाकर एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया है जहां उनका इमरजेंसी वार्ड में इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के ही घनश्याम, बनवारी सहित अन्य बदमाशों ने एक राय होकर खेत पर काम करने गए राधेश्याम मीणा के हाथ-पैरों पर कुल्हाड़ी से वार कर बदमाशों ने पैर अलग कर दिया जबकि हाथ पर भी गंभीर चोट है।

बताया जा रहा है कि हमलावरों के परिवार की एक लड़की के घायल युवक से अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज करने के बाद लड़की के रिश्तेदार हमलावरों ने रंजिश पाल रखी थी। इसी रंजिश के चलते बदमाशों ने कुल्हाड़ी से वार कर राधेश्याम को गंभीर घायल कर दिया। बूढादीत थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दो पक्षों के बीच संघर्ष में एक युवक की मौत, एक घायल

कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठियां और सरियों से हमला कर दिया जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि हमलावर पक्ष का भी एक युवक गंभीर घायल हो गया।

पुलिस उप अधीक्षक अमर सिंह राठौड़ ने आज बताया कि कुन्हाड़ी इलाके में कल देर रात दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया जिस पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ऊपर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया।

जिसमें कुन्हाड़ी निवासी धनराज केवट की मौत हो गई, वहीं हमलावर पक्ष का भी एक युवक गंभीर घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राठौड़ ने बताया कि मृतक धनराज के परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

अजमेर : किशनगढ़ में दोहरी हत्या के आरोपी 24 घंटे में अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के किशनगढ़ की मदनगंज थाना पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर के आरोपियों को चौबीस घंटे में गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है।

मदनगंज थाना अधिकारी नेमीचंद चौधरी ने बताया कि बीते कल रेलवे पटरियों के पास एक श्रमिक ओपना मरांडी का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता बरतते हुए मृतक की पहचान फैक्ट्रियों मे लाए गए मजदूरों के जरिए की।

उन्होंने बताया कि मजदूरों में से ही एक दो मजदूरों द्वारा सिर पर पत्थरों की मार मारकर हत्या के संबंध में जब सख्ती से पूछताछ की तो मृतक ओपना मरांडी (30) के विषय में पता चला कि आरोपी मार्बल एरिया में थर्ड फेस रोड पर बंद फैक्ट्री में छुपे हुए हैं और किशनगढ़ छोड़कर भागने की फिराक में है।

पुलिस ने बंद फेक्ट्री पर दबिश देकर हत्या के दो आरोपियों राम हेम्बेरोम (35) निवासी रहीका टोली थाना अमोर जिला पूर्णिया बिहार तथा पासो मुर्मुर निवासी बेहूती थाना दलखोला जिला उत्तर दिनाजपुर पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या के संबंध में आरोपियों से पूछताछ व अनुसंधान में जुटी है।

किशनगढ़ में दो घटनाओं में दो लोगों की मौत

किशनगढ के अलग अलग स्थानों पर दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनगढ थाना क्षेत्र के सरवाडी गेट नायकों का मौहल्ला के एक व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मदनगंज थाना क्षेत्र की आर के कालोनी निवासी सोनू शर्मा (26) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस संबंध में मदनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

देहरादून में परिवार के पांच सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या

देहरादून। उत्तराखण्ड के देहरादून जिले के रानी पोखरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने परिवार के पांच सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस का दी। पुलिस ने हत्यारे को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दलीप कुंवर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली की आज सुबह थाना रानीपोखरी के नागाघेर में एक व्यक्ति महेश कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी इलाहाबाद रोड थाना अतहरा, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) ने अपनी माता, पत्नी तथा तीन पुत्रियों की गला रेत कर हत्या की कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से घटना को अंजाम देने वाले हथियार को बरामद कर लिया है।

कुंवर ने बताया कि आरोपी महेश कुमार ने चाकुओं से अपनी मां बीतन देवी (75), पत्नी नीतू देवी (36), पुत्री अपर्णा (13), अन्नपूर्णा (9) वर्ष और एक अन्य पुत्री स्वर्णा उर्फ गुल्लों (11) को मौत के घाट उतारा है। आरोपी मूलतः उत्तर प्रदेश का है, जो लंबे समय से यहां रहता है। वह पेशे से पूजा पाठ का काम करता है।

एसएसपी ने घटना स्थल को निरीक्षण किया। पुलिस ने अभी आरोपी ने किस वजह से इस वारदात को अंजाम दिया इसके बारे में कुछ नहीं बताया है।