Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 630 -
होम ब्लॉग पेज 630

दो दिवसीय 38वां दिव्यांग एवं निर्धन सामूहिक विवााह समारोह शुरू

उदयपुर। पिछले 22 वर्षो से 2151 दिव्यांग एवं निर्धन जोड़ों की गृहस्थी बसाने वाला नारायण सेवा संस्थान का दो दिवसीय 38वां निःशुल्क दिव्यांग एवं निर्धन सामूहिक विवाह रविवार को विभिन्न वैवाहिक रस्मों के साथ शुरू हुआ।

संस्थान अध्यक्ष प्रशान्त अग्रवाल ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आये हुए 1200 से अधिक अतिथियों की उपस्थिति में हल्दी की रस्म हुई। विवाह सूत्र में बंधने वाले युवक-युवतियां पीले परिधानों में सजे-धजे थे वहीं विवाह गीतों की धुनों के बीच परिजनों एवं कन्यादानियों ने दुल्हा-दुल्हनों को हल्दी का उबटन लगाकर हल्दी रस्म निभाई।

इसके बाद मेहंदी रस्म अदायगी में अतिथियों ने नृत्य डांस किया तथा संस्थान सहसंस्थापिका कमला देवी अग्रवाल एवं निदेशक वंदना अग्रवाल ने जोड़ों को पंक्तिबद्ध बैठाकर हाथों और पांवों में मेहंदी लगाई।

संस्थापक चौयरमेन पद्मश्री कैलाश मानव के सानिध्य में अतिथि सत्कार समारोह हुआ जिसमें अतिथियों का मेवाड़ी परम्परा से अभिनन्दन किया गया। शहर के प्रमुख समाज सेवी हरिश राजानी, कमल पाहुजा एवं श्रद्धा गट्टानी ने परिणय सूत्र में बांधने वाले जोड़ों को अग्रीम आशीष दिया।

छत्तीसगढ़ : कोरिया जल प्रपात में 7 लोग डूबे, एक की मौत 5 लापता

कोरिया/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में स्थित रमदहा जल प्रपात में आज मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के एक ही परिवार के सात लोग डूब गए,जिसमें दो लोगों को निकाल लिया,जबकि पांच लोग लापता हैं। निकाले गए एक व्यक्ति की मौत हो गई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिंगरौली जिले से एक ही परिवार के सात लोग पिकनिक मनाने कोरिया जिला मुख्यालय से लगभग 100 किमी दूर रमदहा जल प्रपात आज आए थे।यह सभी जल प्रपात के गहरे पानी में उतर गए और डूबने लगे।

आसपास मौजूद ग्रामाणों ने डूब रहे लोगों को बचाने का प्रयास किया और दो लोगों को निकाल भी लिया लेकिन पांच लोगों का पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर पहुंचे और लापता पांच लोगों की तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चला हैं।

निकाले गए दो लोगो को तुरंत अस्पताल भेजा गया जहां एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत स्थिर बताई गई हैँ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रमदहा जलप्रपात में हुए हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है साथ ही मुख्यमंत्री ने कोरिया कलेक्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

झारखंड में बढ़ी है जिहादी गतिविधियां, लव जिहाद की शिकार हुई अंकिता :रघुवर दास

रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज झारखंड शर्मसार है, दुखी है क्योंकि दुमका की हमारी बेटी अंकिता को एक वहशी शाहरूख ने अपने सनकीपन के कारण जिंदा जला दिया और आज उस बेटी ने अपने प्राण त्याग दिये।

दास ने कहा कि वोट बैंक और तुष्टीकरण का नतीजा है झारखंड की बेटी अंकिता की नृशंस हत्या। शाहरुख नाम के अपराधी ने अंकिता पर पेट्रोल डाल कर जला डाला, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मुंह आज तक एक आह तक नहीं निकली। इसे तुष्टीकरण नहीं कहें, तो क्या कहें।

एक और हेमंत सरकार उपद्रवी नदीम को एयर एंबुलेंस से भेजकर सरकारी खर्च पर इलाज करवा रही है। दूसरी ओर झारखंड की बेटी अंकिता को उसी के हाल पर छोड़ दिया। मैं अंकिता के हत्यारे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चला कर जल्द से जल्द फांसी दिलाने की मांग करता हूं।

दास ने कहा कि यह सामान्य मामला नहीं है। हेमंत सरकार के सत्ता में आने के बाद से जिहादी ताकतें राज्य में सक्रिय हो गयी हैं। लव जिहाद के मामले भी बढ़ गये हैं। सोची-समझी रणनीति के तहत हमारी बच्चियों को टारगेट किया जा रहा है।

खुफिया विभाग की रिपोर्ट में भी यह बात सामने आयी है कि पीएफआइ, जिस संगठन को हमारी सरकार ने 2018 में प्रतिबंधित कर दिया था, फिर से सक्रिय है। संथाल की डेमोग्राफी में व्यापक बदलाव किया जा रहा है। कई क्षेत्रों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गये हैं। धर्मांतरण, गौतस्करी जैसे मामले वहां आम हो गये हैं। लेकिन हमारे राज्य के मुखिया को यह दिखाई नहीं देगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त है और हेमंत सरकार पिकनिक मानने में मस्त है। शायद ही ऐसा कोई राज्य होगा, जहां ऐसा राजा होगा जिसे अपनी जनता की नहीं केवल अपने सरकार बचाने की चिंता है। बहुत पहले एक कहावत सुनी थी जब रोम जल रहा था, नीरो बंसी बजा रहा था। आज वह चरितार्थ हो रही है।

अपने कारनामों के कारण झारखंड को राजनीतिक अस्थिरता में झोंकने वाले हेमंत सोरेन आज सीटी बजा रहे हैं। राज्य में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। आज अंकिता की हत्या केवल एक बानगी है। हेमंत सोरेन के राज में झारखंड में ऐसी हजारों अंकिता है जो बहशी-दरिंदो का शिकार बन रही हैं।

धारा 370 हटाने के लिए गुलाम नबी आजाद जिम्मेदार : अल्ताफ बुखारी

श्रीनगर। अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद पर हमला करते हुए उन्हें जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाने के लिए जिम्मेदार ठहराया।

बुखारी ने दक्षिण कश्मीर के बिजबिहारा कस्बे में जनसभा को संबोधित करते हुए आजाद संसद में विपक्ष के नेता के तौर पर धारा 370 को हटने से रोक सकते थे लेकिन उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया और उनसे हाथ मिला लिया।

उन्होंने कहा कि अगर आजाद ने संसद में मोदी सरकार का समर्थन नहीं किया होता तो इसे पारित नहीं किया जा सकता था। उन्होंने कहा धारा 370 को हटाने से रोका जा सकता था यदि इस मुद्दे पर मतदान कराया जाता। लेकिन कांग्रेस का वोट भाजपा को चला गया।

उन्होंने कहा कि आजाद अब कश्मीर के लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया और कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग मूर्ख नहीं हैं और वे जानते हैं कि आपने किसके साथ हाथ मिलाया हैं।

सवाई माधोपुर में रिश्वत लेने के आरोप में हैड कांस्टेबल अरेस्ट

सवाई माधोपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज सवाई माधोपुर में एक पुलिस कांस्टेबल और उसके दलाल को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक बीएल सोनी ने बताया कि ब्यूरो की सवाई माधोपुर शाखा में परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके विरुद्ध दर्ज मामले में जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल जगदीश सिंह दलाल राजू लाल शर्मा के जरिए बीस हजार रुपए की मांग कर रहा है।

सत्यापन के दौरान 5000 रुपए परिवादी की ओर से आरोपियों को प्रदान कर दिए गए थे। इसके बाद आज 10000 रुपए गंगापुर सिटी बायपास स्थित रिद्धि-सिद्धि हॉस्पिटल के पास दलाल को दिए गए। दलाल ने रिश्वत की राशि हेड कांस्टेबल के लिए बताई, जिस पर हेड कांस्टेबल को भी एसीबी करौली की टीम पकड़कर पीलोदा थाने ले आई। जहां एसीबी की ओर से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

सवाई माधोपुर एसीबी ने कार्रवाई करते हुए पीलोदा थाना के कांस्टेबल जगदीश और दलाल राजू लाल शर्मा को 10000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथो ट्रैप किया है। एसीबी के डीएसपी अमर सिंह ने पूरी ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया है। मिली जानकारी अनुसार परिवादी मोहन लाल के परिजनों के खिलाफ पिलोदा थाने में एक मामला दर्ज था।

आरोपी जगदीश कांस्टेबल ने मोहनलाल के पिताजी को मदद करने की बात कही बदले में 20000 रुपए रिश्वत की मांग रखी। मामला 18000 रुपए में तय हुआ जिसमें जगदीश को 2000 रुपए एक दिन पहले दे दिए गए थे, जबकि सत्यापन के दौरान आरोपी कांस्टेबल ने 5000 रुपए रिश्वत के रूप में प्राप्त किए।

आज आरोपी कांस्टेबल और दलाल राजू लाल शर्मा परिवादी को लगातार भटकाती रहे और थाने से तकरीबन 20 किलोमीटर दूर गंगापुर सिटी रिद्धि-सिद्धि हॉस्पिटल के पास बाईपास पर बुलाया। जहां बाइक सवार जगदीश और दलाल राजू लाल शर्मा को 10000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी है।

करौली : बदमाशों ने युवक की पीट-पीटकर की हत्या

0

करौली। राजस्थान में करौली जिले के खुबपुरा गांव में बदमाशों द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर कर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है।

थानाधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि शनिवार देर शाम खूबपुरा गांव के जंगल में कुछ बदमाशों ने मोनू उर्फ हरिनारायण 27 निवासी लेदिया से मारपीट कर अधमरी हालत में छोड़ गए थे। परिजनों ने घायल मोनू को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। ,

परिजनों का आरोप है कि मृतक दो पहले अपनी बहन के पास सनेट गांव गया था। शनिवार शाम को वहां से लौटते समय हिस्ट्रीशीटर पीएल भड़क्या और उसके साथियों ने मोनू के साथ मारपीट की और जंगल में छोड़ गए।

उन्होंने बताया कि युवक की मौत की सूचना के बाद रविवार सुबह से बड़ी संख्या में ग्रामीण हॉस्पिटल के बाहर जुटे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना पर डीएसपी मनराज मीणा सहित पुलिस जाब्ता हॉस्पिटल पहुंचा और ग्रामीणों से बात की।

परिजनों ने हिस्ट्रीशीटर पीएल भड़क्या और लाल कोड़िया एवं उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दी है और लाठी-डंडों, सरियों से मारपीट करने, गाड़ी से कुचलने और पैरों में गोली मारने का आरोप लगाया है। युवक के पोस्टमार्टम पर सहमति बन गई है लेकिन परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस को एक और झटका, ताज मोहिउद्दीन का भी इस्तीफा

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस को एक और झटका लगा जब पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताज मोहिउद्दीन ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर गुलाम नबी आजाद के साथ जाने की घोषणा कर दी।

मोहिउद्दीन ने श्रीनगर में रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस छोड़ने और आजाद के साथ जाने घोषणा की। उन्होंने मीडियाकर्मियों को कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी के सभी पदों और सदस्यता से इस्तीफा देने के बारे में बता दिया है।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) में अब कुछ नहीं बचा है और आज मैं इसकी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हुं। मोहिउद्दीन जम्मू-कश्मीर के छठे नेता हैं जिन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है और श्री आजाद के साथ गए हैं।

इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर बहुत जल्द अपनी पार्टी बनाने की घोषणा की थी। मोहिउद्दीन ने आजाद को भाजपा की ‘ए-टीम’ कहने पर अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारा पहला मुख्य एजेंडा जम्मू-कश्मीर में पांच अगस्त 2019 से पहले की स्थिति बहाल करना होगा।

रामदेवरा मेले में अन्य राज्यों से आने वाले यात्री वाहनों को टैक्स में छूट

जयपुर। राजस्थान सरकार ने जैसलमेर जिले के रामदेवरा तीर्थ के वार्षिक मेले में अन्य राज्यों से आने वाले यात्री वाहनों को टैक्स में छूट देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में वित्त विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। राज्य सरकार के निर्णय अनुसार मोटर वाहन कर एवं विशेष पथ कर में यह छूट मेला अवधि 29 अगस्त से 10 सितंबर तक तेरह दिन तक रहेगी।

मेले में आने वाले यात्री वाहनों से 10 दिवस की अवधि के लिए देय कर लगभग 17 हजार रूपए प्रति वाहन होता है। अब श्री गहलोत की स्वीकृति के बाद यात्री वाहन संचालकों से मात्र छह हजार 500 रूपए ही लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि रामदेवरा वार्षिक मेले में अन्य राज्यों से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इन्हें राहत देने के लिए वाहन एवं पथ करों में छूट के निर्णय से राज्य सरकार लगभग 1.67 करोड़ रूपए का वित्तीय भार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2018 और 2019 में भी राजस्थान मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 88 (8) के तहत जारी परमिट पर आने वाले वाहनों पर देय कर का परिहार किया गया था। वर्ष 2020 और वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के कारण यह छूट नहीं दी गई थी।

नीदरलैंड में ट्रक से कुचलने से छह की मौत, सात घायल

एम्सटर्डम। दक्षिणी नीदरलैंड में एक ट्रक के बार्बेक्यू खाने वाले लोगों के एक समूह को कुचल दिया, जिसके कारण छह लोगों की मौत हो गई है।

द डच ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन (एनओएस) ने रविवार को पुलिस के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार की रात स्पेनिश परिवहन कंपनी का एक ट्रक सड़क से उतर गया और निउव-बेयरलैंड गांव में एक आउटडोर बारबेक्यू की मेजबानी कर रहे लोगों के एक समूह में जा घुसा। मीडिया ने पहले बताया था कि दुर्घटना तीन लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस के मुताबिक इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई है तथा सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। ट्रक का चालक 46 वर्षीय स्पेन का निवासी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया के मुताबिक चालक दुर्घटना के समय नशे की हालत में नहीं था।

नोएडा में भ्रष्टाचार की इमारत जमींदोज : एसीएस अवस्थी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नोएडा में सुपरटेक के ट्विन टावर्स के निर्माण में भ्रष्टाचार साबित होने के बाद सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर रविवार को दोनों इमारतों काे जमींदोज कर दिया गया। राज्य के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई चलती रहेगी।

ट्विन टावर्स को ढहाए जाने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे अवस्थी ने इस पूरी कवायद पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ध्वस्त की गयी इमारतों को भ्रष्टाचार का प्रतीक करार दिया। उन्होंने कहा कि नोएडा में भ्रष्टाचार की इमारत जमींदोज हुई है। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन जारी रहेगा।

गौरतलब है कि सुप्रीमकोर्ट ने अग्रणी भवन निर्माण कंपनी सुपरटेक द्वारा नोएडा विकास प्राधिकरण के आला अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रखकर ट्विन टावर्स के निर्माण को अवैध करार देते हुए पिछले साल 31 अगस्त को धराशायी करने का आदेश दिया था।

अवस्थी ने कहा कि पहली बार इतने बड़े निर्माण कार्य को भ्रष्टाचार की शिकायतों के कारण गिराया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने शीर्ष अदालत के आदेश का पालन किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी पाए गए अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इस मामले की अदालती के आदेश पर हुई उच्च स्तरीय जांच में नोएडा विकास प्राधिकरण के 26 अधिकारियों को ट्विन टावर्स के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार में शामिल होने का दोषी पाया गया। इस मामले में 26 अधिकारियों के अलावा सुपरटेक कंपनी के चार निदेशक और दो आर्किटेक्ट को भी भ्रष्टाचार में शामिल पाया गया। सरकार का कहना है कि इस मामले में भ्रष्टाचार के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ट्विन टावर्स के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को समाजवादी पार्टी सरकार कार्यकाल के दौर की अराजकता का प्रमाण बताया। उन्होंने ट्विन टावर्स को ध्वस्त किये जानेे से पहले ट्वीट कर कहा कि नोएडा का सुपरटेक ट्विन टॉवर अखिलेश यादव और सपा के शासनकाल के भ्रष्टाचार और अराजकता की नीति का जीवंत प्रमाण है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार में सपा के भ्रष्टाचार की इमारत ढहेगी। यह है न्याय, यही सुशासन।

नोएडा : ठीक 2:30 बजे धूल के गुबार में तब्दील हुए सुरपटेक के ‘ट्विन टावर्स’