Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 632 -
होम ब्लॉग पेज 632

ओडिशा में सड़क हादसा, नाबालिग समेत पांच लोगों की मौत

भुवनेश्वर। ओडिशा में ढेंकनाल जिले के कामाख्यानगर थाना क्षेत्र में पाथरखंबा चौक के समीप रविवार तड़के ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी जिसमें एक नाबालिग समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बंगुरा गांव के कुछ लोग पास के मुक्तापासी गांव जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोयले से लदे ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। मृतकों में ऑटो रिक्शा चालक भी शामिल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

हादसे के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।

डिजिटल इंडिया ने देश को नई शक्ति दी : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि इंटरनेट कनेक्टिविटी से जो सुविधाएं कभी सिर्फ बड़े शहरों में होती थी डिजिटल इंडिया ने वह गाँव–गाँव में पहुंचा दी हैं और इससे देश में नए डिजिटल उद्यम पैदा हो रहे हैं।

मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में आज कहा कि अभी कुछ दिन पहले, मैंने, अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में जोरसिंग गाँव की एक खबर देखी। ये खबर एक ऐसे बदलाव के बारे में थी, जिसका इंतजार, इस गांव के लोगों को, कई वर्षों से था। दरअसल, जोरसिंग गांव में इसी महीने, स्वतन्त्रता दिवस के दिन से 4जी इंटरनेट की सेवाएं शुरू हो गई हैं। जैसे, पहले कभी गाँव में बिजली पहुंचने पर लोग खुश होते थे, अब, नए भारत में वैसी ही खुशी, 4जी पहुंचने पर होती है।

अरुणाचल और नार्थ ईस्ट के दूर-सुदूर इलाकों में 4जी के तौर पर एक नया सूर्योदय हुआ है। इंटरनेट कनेक्टिविटी एक नया सवेरा लेकर आई है। जो सुविधाएं कभी सिर्फ बड़े शहरों में होती थी, वो डिजिटल इंडिया ने गांव–गांव में पहुंचा दी हैं। इस वजह से देश में नए डिजिटल उद्यम पैदा हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के अजमेर जिले के सेठा सिंह रावत जी ‘दर्जी ऑनलाइन’ ‘ई स्टोर’ चलाते हैं। दरअसल, सेठा सिंह रावत कोविड के पहले टेलर का काम करते थे। कोविड आया, तो रावत जी ने इस चुनौती को मुश्किल नहीं, बल्कि अवसर के रूप में लिया। उन्होंने ऑनलाइन कामकाज शुरू किया। उन्होंने देखा कि ग्राहक, बड़ी संख्या में, मास्क का ऑर्डर दे रहे हैं।

उन्होंने कुछ महिलाओं को काम पर रखा और मास्क बनवाने लगे। इसके बाद उन्होंने ‘दर्जी ऑनलाइन’ नाम से अपना ऑनलाइन स्टोर शुरू कर दिया जिसमें और भी कई तरह से कपड़े वो बनाकर बेचने लगे। आज डिजिटल इंडिया की ताकत से सेठा सिंह जी का काम इतना बढ़ चुका है, कि अब उन्हें पूरे देश से ऑर्डर मिलते हैं। सैकड़ों महिलाओं को उन्होंने अपने यहाँ रोजगार दे रखा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया ने उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रहने वाले ओम प्रकाश सिंह को भी डिजिटल उद्यमी बना दिया है। उन्होंने अपने गांव में एक हजार से ज्यादा ब्रॉडबैंड स्थापित किए हैं जिससे, जरूरतमंद लोगों की बहुत मदद हो रही है। ओम प्रकाश जी का काम अब इतना बढ़ गया है कि उन्होंने 20 से ज्यादा लोगों को नौकरी पर रख लिया है। ये लोग, गांवो के स्कूल, अस्पताल, तहसील ऑफिस और आंगनवाडी केंद्रों तक ब्रॉडबैंड कनेक्शन पहुंचा रहे हैं और इससे रोजगार भी प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे गांवों से ऐसे कितने ही सन्देश मिलते हैं, जो इंटरनेट की वजह से आए बदलावों को मुझसे साझा करते हैं। इंटरनेट ने हमारे युवा साथियों की पढ़ाई और सीखने के तरीकों को ही बदल दिया है। जैसे कि यूपी की गुड़िया सिंह जब उन्नाव के अमोइया गांव में अपनी ससुराल आई, तो उन्हें अपनी पढाई की चिंता हुई। लेकिन, भारतनेट ने उनकी इस चिंता का समाधान कर दिया। गुड़िया ने इंटरनेट के जरिए अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाया।

मोटे अनाज पर भारत की पहल का दुनिया ने किया समर्थन : मोदी

मोटे अनाज पर भारत की पहल का दुनिया ने किया समर्थन : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारतीय खानपान की शैली में मोटे अनाज का बहुत महत्व है और उन्हें लगता है कि देश में आने वाले विदेशी मेहमान को मोटे अनाज से बना भोजन कराकर भारतीय संस्कृति का एहसास कराना चाहिए।

मोदी ने आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 92वीं कड़ी में आज कहा कि उन्हें चेन्नई से श्रीदेवी वर्दराजन जी ने लिखा ‘नए साल के आने में अब पांच महीने से भी कम समय बचा है और हम सब जानते हैं कि आने वाला नया साल इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलट के तौर पर मनाया जाएगा। उन्होंने मोदी देश को एक मिलट मैप भी भेजा है। साथ ही पूछा है कि क्या आप ‘मन की बात’ में, आने वाले एपिसोड में इस पर चर्चा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे, अपने देशवासियों में इस तरह के जज्बे को देखकर बहुत ही आनन्द की अनुभूति होती है। आपको याद होगा कि संयुक्त राष्ट्र ने एक प्रस्ताव पारित करके वर्ष 2023 को ‘इंटरनेशनल ईयर आफ मिलट’ घोषित किया है। आपको ये जानकर भी बहुत ख़ुशी होगी कि भारत के इस प्रस्ताव को 70 से ज्यादा देशों का समर्थन मिला था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की इस पहल के कारण आज, दुनिया भर में, इसी मोटे अनाज का क्रेज़ बढ़ता जा रहा है। मोदी ने मोटे अनाज को भारतीय खानपान का अहम हिस्सा बताया और कहा कि वह चाहते हैं कि दुनिया का कोई भी नेता उनसे मिलने आए तो भारतीय खानपान मैं अनिवार्य रूप से सम्मिलित मोटे अनाज के बारे में उन्हें जानकारी दें और उन्हें भी भारतीय जनमानस के इस भोजन के स्वाद से अवगत कराएं।

उनका कहना था कि मोटा अनाज प्राचीन काल से भारतीय जनमानस का प्रिय आहार रहा है और इससे जो पौष्टिक तत्व उसे मिले हैं वह असाधारण है और अन्यत्र इस तरह की पौष्टिकता जनमानस की आहार शैली में नहीं है।

उन्होंने मोटे अनाज को लेकर अपने एक प्रयास का जिक्र करते हुए कहाकि पिछले कुछ समय से भारत में कोई भी जब विदेशी मेहमान आते हैं, राष्ट्राध्यक्ष भारत आते हैं तो मेरी कोशिश रहती है कि भोजन में भारत के मिलेट यानी हमारे मोटे अनाज से बनी हुई डिशेस बनवाऊं और अनुभव यह रहा है कि इन महानुभावों को, यह डिशेस, बहुत पसंद आती है, और हमारे मोटे अनाज के संबंध में काफ़ी कुछ जानकारियां एकत्र करने का वो प्रयास भी करते हैं।

मोटे अनाज प्राचीन काल से ही हमारी कृषि संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा रहे हैं। हमारे वेदों मोटे अनाज का का उल्लेख मिलता है। देश के किसी भी हिस्से में जाएं, आपको, वहां लोगों के खान-पान में अलग-अलग तरह के मिलेट जरुर देखने को मिलेंगे। हमारी संस्कृति की ही तरह ही हमारे मोटे अनाज में भी, बहुत विविधताएं हैं। ज्वार, बाजरा, रागी, सावां, कंगनी, चीना, कोदो, कुटकी, कुट्टू, ये सब मिलेट ही तो हैं।

भारत, विश्व में मोटे अनाज का सबसे बड़ा उत्पादक देश है, इसलिए इस पहल को सफ़ल बनाने की बड़ी ज़िम्मेदारी भी हम भारत-वासियों के कंधे पर ही है। हम सबको मिलकर इसे जन आंदोलन बनाना है और देश में मिलेट्स के प्रति जागरूकता भी बढ़ानी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोटा अनाज किसानों के लिए भी फायदेमंद हैं और वह भी खास करके छोटे किसानों को। यह फसल बहुत ही कम समय में तैयार हो जाती है और इसमें ज्यादा पानी की आवश्यकता भी नहीं होती है। छोटे किसानों के लिए तो यह फसल विशेष रूप से लाभकारी है। इसके भूसे को बेहतरीन चारा भी माना जाता है।

आज की युवा-पीढ़ी स्वस्थ जीवन और स्वस्थ भोजन को लेकर बहुत संवेदनशील है। इस हिसाब से भी देखें तो मिलेट्स में भरपूर प्रोटीन, फाइबर मौजूद होते हैं। कई लोग तो इसे सुपर फ़ूड भी बोलते हैं। इसके एक नहीं अनेक लाभ हैं। ओबेसिटी को कम करने के साथ ही डियाबिटिज हैपरटेंशन और हृदय से जुड़ी बीमारियों के खतरे को भी कम करते हैं पेट और लीवर की बीमारियों से बचाव में भी मददगार हैं। कुपोषण से लड़ने में भी काफी लाभदायक हैं। देश में आज मोठे अनाज को बढ़ावा देने के लिए काफी कुछ किया जा रहा है। इससे जुडे शोध और नवोचार पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि उत्पादन बढ़ाया जा सके।

प्रधानमंत्री ने मोटे अनाज की विशेषताओं को देखते हुए किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि मेरा, अपने किसान भाई-बहनों से, यही आग्रह है कि मोटे अनाज को अधिक-से-अधिक अपनाएं और इसका फायदा उठाएं। मुझे ये देखकर काफी अच्छा लगता है कि आज कई ऐसे स्टार्टअप उभर रहे हैं, जो मिलेट्स पर काम कर रहे हैं। इनमें से कुछ मिलेट्स कुकीज़ बना रहे हैं, तो कुछ मिलेट पैन केक और डोसा भी बना रहे हैं।

वहीं कुछ ऐसे हैं जो मिलेट एनर्जी बार और मिलेट ब्रेकफ़ास्ट तैयार कर रहे हैं। मैं इस क्षेत्र में काम करने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ। त्योहारों के इस मौसम में हम लोग अधिकतर पकवानों में भी इसका उपयोग करते हैं। आप अपने घरों में बने ऐसे पकवानों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जरुर शेयर करें, ताकि लोगों के बीच मिलेट्स को लेकर जागरूकता बढ़ाने में मदद मिले।

खरगोन में 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी के साथ गैंगरेप, तीन अरेस्ट

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर कथित तौर पर एक आदिवासी नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

निमाड़ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक तिलक सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात हुई एक शिकायत के मामले में अजाक पुलिस ने तीन आरोपियों को अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो तथा अनुसूचित जनजाति उत्पीड़न की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

उन्होंने बताया कि कक्षा 8 में अध्ययनरत 15 वर्षीय किशोरी ने शिकायत की थी उसे 25 अगस्त को एक नाबालिग परिचित ले गया था और बाद में वहां एक दवा विक्रेता समेत एक अन्य आरोपी वहां आ पहुंचे। उन्होंने बताया कि 3 में से 2 आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे घर के पास छोड़ गए। पीड़िता द्वारा परिजनों को घटनाक्रम बताया जाने के उपरांत प्रकरण दर्ज किया गया।

शिवराज सिंह चौहान ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर सभी की सुख समृद्धि की कामना की।

चौहान ने ट्वीट कर कहा कि तीनों लोकों से न्यारी काशी के विश्वनाथ मंदिर में देवाधिदेव महादेव के पूजन एवं दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। प्रभु से यही प्रार्थना कि हर घर-आंगन में सुख, समृद्धि एवं आनंद हो, सबका मंगल एवं कल्याण हो।

मुख्यमंत्री ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि काशी के विश्वनाथ कॉरिडोर में स्थापित शिव भक्त, लोकमाता श्रद्धेय अहिल्याबाई होल्कर जी के चरणों में प्रणाम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

लोकमाता का संपूर्ण जीवन जनसेवा, देशभर में मंदिरों, धर्मशालाओं और धार्मिक स्थलों के निर्माण में व्यतीत हुआ। माता का काशी से बहुत पुराना नाता है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी को मुगल शासक औरंगजेब द्वारा मंदिर विध्वंस के पश्चात काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि लगभग 250 वर्षों पश्चात बाबा भोलेनाथ की कृपा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस अद्वितीय सुख की प्राप्ति हुई। शिव भक्त, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी का आशीर्वाद सर्वदा हम सब पर बना रहे। लोकमाता की दिखाए सेवा पथ पर चलते हुए वे जनसेवा और जगत के कल्याण के पवित्र ध्येय को पूर्ण कर सके, यही कामना करते हैं।

पाकिस्तान में बाढ़ का तांडव, मरने वालों की संख्या 1000 से पार

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ का तांडव जारी है और इस आपदा में मरने वालों की संख्या 1000 से अधिक हो गई है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से अब तक 1000 से अधिक लोगों की जानें जा चुकी है तथा 1527 लोग घायल हुए हैं। वहीं 719,558 पशुओं की भी मौत हो चुकी है।

पिछले 24 घंटों में ही 119 लोगों की मौत हुई है जबकि 71 लोग घायल हुए हैं। सिंध प्रांत में 76 खैबर-पख्तूनख्वा में 31, गिनगिट-बाल्टिस्तान में छह, बलूचिस्तान में चार तथा पीओके में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

एनडीएमए के मुताबिक पूरे पाकिस्तान में 3,451.5 किमी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और 149 पुल ढह गए हैं जबकि 170 दुकानें नष्ट हो गई है। वहीं करीब 10 लाख से अधिक घर पूर्ण अथवा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पाकिस्तान के कम से कम 110 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें से 72 जिलों को आपदा प्रभावित घोषित किया गया है। बचावदलों ने बाढ़ में फंसे 51,275 लोगों को बचाया है और 4,98,442 लोग राहत शिविरों में ठहराए गए हैं।

आजमगढ़ में कार डिवाइडर से टकराई, 5 लोगों की मौत

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें एक मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि बीती रात आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में मोहल्ला रामपुर निवासी शिव प्रकाश यादव अपने परिवार के साथ कार से मां विंध्यवासिनी धाम दर्शन करने गए थे। वहां से वापस आते समय यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार में बैठे यात्रियों को बाहर निकाला। इसमें से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि दो अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर चौकी इंचार्ज भगत सिंह, बरदह थानाध्यक्ष संजय घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी भी पहुंच गए थे।

पुलिस के अनुसार आजमगढ़ जौनपुर राजमार्ग पर बरदह थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में स्थित पुलिया के समीप एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार को टक्कर मारती हुई डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में कार में सवार 22 वर्षीय पिंटू यादव, 03 साल की बच्ची अनोखी और 30 वर्षीय शिवप्रकाश की मौके पर मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल हुईयी दो महिलाओं को सदर अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी मृतक सिधारी थाना क्षेत्र के एकरामपुर के निवासी थे। कार चालक नखड़ू निवासी एकरामपुर गंभीर रूप से जख्मी है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

इस हादसे में बाइक सवार, बरदह थाना के मिर्जा जगदीशपुर निवासी सुशील सरोज (32 साल) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पीएचसी ठेकमा पहुंचाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

छात्रसंघ चुनाव : मतगणना के दौरान GCA चौराहे पर चले ईंट-पत्थर, लाठी चार्ज

अजमेर। छात्रसंघ चुनाव मतगणना के दौरान शनिवार को एसपीसी-जीसीए चौराहे पर दो छात्रगुट आमने-सामने हो गए। हंगामे के दौरान ईंट-पत्थर चलने से एक छात्र चोटिल हो गया। माहौल बिगड़ता देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेडा।

सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के बाहर पुलिस ने बेरीकेडिंग लगाई थी। बाहर जमा समथकों की नारेबाजी से वहां हुड़दंग जैसे हालात बन गए थे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेंद्र और राजपाल के समर्थक सेंट एन्सलम्स स्कूल बाहर भिड़ गए। कुछ छात्रों ने वहां पड़ी ईंट-पत्थर फेंक दिए। हालात को संभालने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजते हुए छात्रों को खदेड़ा। अचानक हुए लाठीचार्ज से कई छात्र नीचे गिर पड़े। एक छात्र चोटिल हो गया उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

इसी तरह परिणाम घोषित होने के बाद महर्षि दयानंद सरस्वती नमस्ते विश्वविद्यालय-कायड़ चौराहे पर छात्र गुटों में तनातनी हो गई। अध्यक्ष महिपाल के समर्थक जीप में नारे लगाते गुजरे। जलपानगृह के पास एनएसयूआई प्रत्याशी बस्तीराम समर्थकों कर साथ खड़ा। नारे लगाने के दौरान मारपीट हो गई। इसमें युवक लोकेंद्र चोटिल हो गया। उसे जेएलएन अस्पताल भेजा गया। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने लाठियां फटकार छात्रों को खदेड़ा।

हजारीबाग से एसपीसी-जीसीए चौराहा तथा मदनगोपाल मार्ग पर बल्लियां लगाई गईं। इससे ब्यावर रोड दस घंटे बंद रहा। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, शवयात्रा ले जाने वालों को खासी परेशानियां हुई।

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष

बस्ती : दो समुदायों के युवक-युवती का शव बरामद, ऑनर किलिंग की आशंका

बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रूधौली थाना क्षेत्र के पड़रिया जीत सिंह गांव में दो समुदायों के युवक और युवती के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने ऑनर किलिंग की आशंका से इंकार नहीं किया है। बताया जा रहा है कि दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद परिजनों ने घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने रविवार काे बताया कि कल देर शाम को रूधौली थाना क्षेत्र के पड़रिया जीत सिंह गांव में गन्ने के खेत से अंकित नामक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक के परिजनों से पूछताछ में पता चला कि इरशाद और इरफान नाम के दो युवक अंकित को अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने जब इरशाद और इरफान से पूछताछ की तो पता चला कि उनके भी घर में एक युवती की मौत हो गई है, जिसे दिन में ही दफन कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक अंकित के परिजनों ने इरशाद और इरफान पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भानपुर के उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में देर रात कब्र से युवती का भी शव निकलवाया गया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कही है।

पुलिस ने अलग-अलग समुदाय के युवक और युवती की मौत के इस मामले में ऑनर किलिंग की आशंका से इंकार नहीं किया है। पुलिस वारदात के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल पर पुलिस उपमहानिरीक्षक आरके भारद्वाज, अपर पुलिस अधीक्षक, दो पुलिस क्षेत्राधिकारी और आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गयी थी। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए गांव मे पुलिस बल तैनात है।

सैंट्रल एकेडमी स्कूल व सावन स्कूल में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम

0

अजमेर। भारत विकास परिषद अजयमेरु शाखा द्वारा गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन सैंट्रल एकेडमी स्कूल व सावन स्कूल अजमेर में किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद के जिलाध्यक्ष दिलीप पारीक ने गुरु वंदन छात्र अभिनंदन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों से कहा कि गुरु एक कुम्हार की तरह है। जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी के बर्तन का आकार देने के लिए कई प्रकार से उपयोग करता है तब जाकर एक मिट्टी का बर्तन तैयार होता है ठीक उसी तरह एक शिक्षक के प्रयास से श्रेष्ठ विद्यार्थी तैयार होते हैं। इसलिए यदि गुरु किसी बात पर आपको टोके तो विश्वास रखें कि गुरु सदैव शिष्य का भला ही चाहते हैं।

प्रकल्प प्रभारी अनुपम गोयल ने भारत विकास परिषद ने बारे में बताते हुए कहा कि परिषद पांच सिद्धातों पर कार्य करती है। सम्पर्क, सहयोग, सेवा, सस्ंकार एंव समर्पण। संस्कार प्रकल्प के तहत स्कूलों में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

शाखा सचिव अशोक टांक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा की हौसलों की उड़ान अभी बाकी है परिंदों के लिए आसमान बाकी है, मन लगाकर आत्मविश्वास के साथ पढ़े और अपने विद्यालय और गुरु का नाम सदैव रोशन करें।

कार्यक्रम में सैंट्रल एकेडमी स्कूल के प्रिंसिपल अजय सिंह राजपूत सहित 6 शिक्षक और 7 विद्यार्थियों तथा सावन स्कूल अजमेर के निदेशक हरीश शर्मा सहित 6 शिक्षक व 5 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

शाखा महिला प्रमुख डाक्टर नेहा भाटी ने विद्यार्थियों के अपने माता पिता व गुरु जन का सम्मान व जीवन में कभी किसी भी प्रकार का नशा न करने की शपथ ग्रहण करवाई। कार्यक्रम में वित्त सचिव नरेश भाटिया, अनुपम गोयल, रमेश सैन, कमलेश जैन, महेश यादव आदि उपस्थित रहे।