Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 633 -
होम ब्लॉग पेज 633

सबगुरु राशिफल : 28 अगस्त रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, दोपहर 02.45 बजे बाद द्वितीया तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि : आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं।

वृषभ राशि : आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि : आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि : आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि : आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि : आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं।प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि : आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि : आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे।किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि : आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि : आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि : आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मीन राशि : आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

सिरोही: एबीवीपी ने मोर्चे जीते, एनएसयूआई ने किला ढहा दिया

सिरोही में निकाला गया NSUI का विजय जुलूस।
सिरोही में निकाला गया NSUI का विजय जुलूस।

सिरोही। जिले में छात्रसंघ  चुनावों में 4 मोर्चों पर एबीवीपी ने जीत हासिल की लेकिन, जिले के सबसे बड़े महाविद्यालय में उनका किला 12 साल बाद एनएसयूआई ने ढहा दिया। आबूरोड व रेवदर के राजकीय महाविद्यालयों तथा सिरोही के राजकीय महिला महाविद्यालय व लॉ कॉलेज में एबीवीपी के कब्जा रहा। वहीं शिवंगज और पिंडवाड़ा के राजकीय महाविद्यालय में एनएसयूआई के को जीत मिली।

नाहरपुरा गांव से निकली देवमाली पदयात्रा, मंदिर में चढाई ध्वजा

0

बाघसुरी। भगवान देवनारायण की देवमाली पदयात्रा शनिवार को समीपवर्ती नाहरपुरा गांव स्थित देवनारायण मंदिर से प्रारंभ हुई। पदयात्रा में महिलाओं, पुरुषों समेत 51 सदस्य शामिल हैं। समाजसेवी राजूलाल गुर्जर, भारूलाल गुर्जर, मांगीलाल गुर्जर ने पदयात्रा को रवानगी दी।

पूर्वाहन में देव नारायण के जयकारों की गूंज और डीजे पर बजते भजनों पर नाचते गाते पदयात्री रवाना हुए। करीब 30 किलोमीटर तक के लंबे मार्ग का सफर पूरा करने के बाद शाम को 8 बजे पदयात्री देवमाली पहुंचे। देवनारायण मंदिर में ध्वजा चढाई। सभी ने प्रसादी ग्रहण की।

पदयात्रा में गोरधन लाल गुर्जर, कैलाश गुर्जर, अर्जुन गुर्जर, जीवराज गुर्जर, बाबूलाल गुर्जर, सकराम भडाणा, प्रधान गुर्जर, गणेश गुर्जर समेत बडी संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद रहे।

JKCA scam : कोर्ट में पेश हुए फारूक अब्दुल्ला, भरा 50 हजार का जमानती बॉन्ड

श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला शनिवार को जम्मू-कश्मीर क्रिकेट संघ (जेकेसीए) घोटाला मामले यहां एक अदालत में उपस्थित हुए। फारूक ने कथित तौर पर हवाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर दायर मामले में 50 हजार रुपए का एक जमानती बांड जमा किया।

फारूक के वकील इश्तियाक अहमद खान ने बताया कि अब्दुल्ला को दो मामलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, श्रीनगर की अदालत में पेश होना था। इनमें से एक केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा दायर मामला है, जबकि दूसरा ईडी की ओर से दायर किया गया है, जो जेकेसीए में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ एक पूरक अभियोजन शिकायत है।

उन्होंने बताया कि अब्दुल्ला सीबीआई की अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि सीबीआई द्वारा फारूक साहब के खिलाफ प्राथमिकी को आरोपों और आरोप मुक्त करने के मुद्दे पर बहस के लिए सूचीबद्ध किया गया था, लेकिन चूंकि सीबीआई ने एक नए वकील को नियुक्त किया है, इसलिए तर्क समाप्त नहीं किया जा सका। इस मामले में उन्हें अदालत में पेश होना था, लेकिन हमने इसके लिए छूट हासिल कर ली थी।

उन्होंने बताया कि ईडी मामले में अब्दुल्ला व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश हुए। ईडी मामले में अब्दुल्ला और जेकेसीए के अन्य सदस्यों के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि फारूक साहब को आज व्यक्तिगत रूप से पेश होना था, क्योंकि वह माननीय अदालत से जमानत लेना चाहते थे। हमने उसे पहले हाफ (दिन के) में छूट दी, लेकिन दूसरे हाफ में वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश हुए और 50,000 रुपये का जमानत बांड जमा किया। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में 26 सितंबर को बहस होनी है।

उन्होंने बताया कि ईडी का मामला सीबीआई द्वारा दायर एक प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें अब्दुल्ला और जेकेसीए के पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ 2002 से 2012 तक जम्मू-कश्मीर क्रिकेट निकाय में 113 करोड़ रुपए से अधिक के धन के दुरुपयोग से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। यह कथित घोटाला 2012 में सामने आया था।

सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ के आदेश पर प्रदेश पुलिस से 2015 में यह मामला अपने हाथ में ले लिया था। उल्लेखनीय है कि ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री की करीब 12 करोड़ रुपए की व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियों को पहले ही कुर्क कर लिया है।

राजस्थान में शनिवार को कोरोना के 393 नए केस, एक मरीज की मौत

जयपुर। राजस्थान में शनिवार को कोरोना के 395 नये मामलों के साथ जयपुर में एक और मरीजों की मौत हो गई।

चिकित्सा विभाग के अनुसार हालांकि राज्य में पिछले चौबीस घंटों में नए मामलों में 102 की कमी आई लेकिन जयपुर एक मरीज की और मृत्यु हो जाने से प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9624 पहुंच गया।

नए मामलों में सर्वाधिक 104 जयपुर में सामने आए जबकि भरतपुर में 49, जोधपुर में 36, अलवर एवं राजसमंद में 27-27, अजमेर में 17, प्रतापगढ़ में 16, दौसा एवं भीलवाड़ा में 15-15, जैसलमेर में 13, कोटा में 11, सवाईमाधोपुर में आठ, बीकानेर एवं उदयपुर में सात-सात, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, सीकर एवं सिरोही में छह-छह, बूंदी में पांच, डूंगरपुर एवं झालावाड़ में तीन-तीन, टोंक एवं हनुमानगढ़ में दो-दो तथा बांसवाड़ा एवं पाली में एक-एक नया मामला सामने आया जबकि आठ जिलों में एक भी नया मामला सामने नहीं आया।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 13 लाख सात हजार 732 हो गई। प्रदेश में 705 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 94 हजार 762 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ पांच लाख 36 हजार 431 नमूने लिए गए हैं।

राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 3346 हैं। इनमें सर्वाधिक 1178 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि भरतपुर में 302, अलवर में 242, जोधपुर में 215, अजमेर में 133, उदयपुर में 105 तथा शेष जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं।

राजस्थान सरकार ने युवाओं के हित में लिए अनेक अहम फैसले

जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश के युवाओं के हित में आर्थिक रुप कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की आयु सीमा में छूट के प्रावधानों में चार सेवा नियमों को जोड़ने, पंचायती राज एलडीसी भर्ती-2013 के चार हजार पदों को भरने की कार्यवाही आगे बढ़ाने एवं शिथिलन देने, राजस्थान सोशल एंड परफार्मेंस ऑडिट अथॉरिटी के गठन, शहीद रक्षा कार्मिकों के आश्रितों के नवीन नियुक्ति नियम जारी करने, राजस्थान हस्तशिल्प नीति-2022 जारी करने, विभिन्न सेवा नियमों में संशोधन करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री निवास पर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसले लिए गए। मंत्रिमंडल ने राजस्थान सोशल एंड परफॉर्मेंस ऑडिट अथॉरिटी का गठन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस निर्णय से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में सार्वजनिक जवाबदेही के साथ ही पारदर्शिता, जनसहभागिता, जनसंतुष्टि एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकेगी। राजकीय विभागों तथा उपक्रमों एवं योजनाओं/कार्यक्रमों को लागू करने वाली अन्य एजेंसीज के कार्य निष्पादन का आंकलन भी हो सकेगा।

योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लाभार्थियों तक और अधिक सहजता, सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचेगा। अथॉरिटी में चिकित्सक, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, सांख्यिकीविद्, अर्थशास्त्री, प्रोफेसर, सूचना तकनीक विशेषज्ञ, कर विशेषज्ञ, पीएफएम विशेषज्ञ व अन्य विभिन्न डोमेन के विशेषज्ञों को आवश्यकतानुसार रखा जाएगा।

मंत्रिमंडल ने ‘‘राजस्थान हस्तशिल्प नीति-2022” का अनुमोदन कर दिया है। इससे हस्तशिल्पियों के उत्थान में कार्य किए जाएंगे। उन्हें सशक्त बनाते हुए राज्य के विकास में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। राज्य में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। विलुप्त होती हस्तकलाओं को पुनर्जीवित किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष दिसंबर में राष्ट्रीय स्तर के हस्तशिल्प सप्ताह का आयोजन होगा, जिसमें हस्तशिल्पियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

हस्तशिल्प की ब्रांड बिल्डिंग, ई-मार्केटिंग के लिए सहायता, सामाजिक सुरक्षा, ऋण की सुविधा, छात्रवृत्ति, मेलों में हिस्सा लेने पर सहायता, क्रॉफ्ट विलेज में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, हैंडीक्राफ्ट पार्क, म्यूजियम, डिजाईन सेंटर, विक्रय केंद्र के लिए सहायता, डिजाइन बैंक स्थापना जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य होंगे। इसके राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी के अध्यक्ष उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री, राजस्थान होंगे।

इसी तरह मंत्रिमंडल ने राजस्थान शहीद रक्षा कार्मिकों के आश्रितों की नियुक्ति नियमों में अहम संशोधन कर राहत प्रदान की है। राजस्थान शहीद रक्षा कार्मिकों के आश्रितों की नियुक्ति नियम, 2018 को निरस्त कर नए नियम ‘राजस्थान शहीद रक्षा कार्मिकों के आश्रितों की नियुक्ति नियम 2022‘ को स्वीकृति दी गई है।

अभी तक 15 अगस्त 1947 से 31 दिसंबर 1970 की अवधि के शहीदों के एक आश्रित को राजकीय सेवा में नियोजित करने का प्रावधान है। इसे अब बढ़ाकर 31 दिसंबर 1971 तक की अवधि कर दी गई है। इससे 1971 के युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिजनों को भी लाभ मिल सकेगा। वहीं, अब कुटुम्ब के सदस्य के रूप में शहीद की पत्नी, पुत्र/दत्तक पुत्र, पुत्री/दत्तक पुत्री, पौत्र/दत्तक पौत्र, पौत्री/दत्तक पौत्री के साथ-साथ नवासा/दत्तक नवासा, नवासी/दत्तक नवासी को और शहीद अविवाहित होने पर भाई या बहन, भाई का पुत्र/पुत्री, बहन का पुत्र/पुत्री को भी आश्रित श्रेणी में शामिल किया गया है।

साथ ही अब राजस्थान मृत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों के अनुकम्पा नियुक्ति नियम, 1966 के अनुरूप ही शहीद आश्रितों को भी उक्त नियमों में अधीनस्थ सेवाओं/मंत्रालयिक सेवाओं एवं चतुर्थ श्रेणी की सेवा के सीधी भर्ती के पे-लेवल एक से 10 तक के पदों पर नियुक्ति मिल सकेगी।

मंत्रिमंडल ने कनिष्ठ लिपिक भर्ती-2013 के क्रम में 4000 अभ्यर्थियों को नियमित नियुक्ति देने का बड़ा निर्णय लिया है। जिला परिषदों द्वारा राजस्थान पंचायती राज के प्रावधानों के अनुसार भर्ती आयोजित की गई थी। वर्ष 2017 में बंद भर्ती प्रक्रिया को अब फिर से शुरू किया जा रहा है। अब 2013 की वरीयता सूची के अनुसार प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी। पदों को भरने की कार्यवाही के लिए प्रक्रिया निर्धारित करने एवं वांछित शिथिलन के प्रस्ताव का अनुमोदन बैठक में किया गया है।

मंत्रिमंडल ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यार्थियों को राहत प्रदान की है। आवेदन की अधिकतम आयु सीमा छूट में शेष रहे चार सेवा नियमों को भी शामिल करने पर मोहर लगाई गई है। अब ‘राजस्थान पुस्तकालयाध्यक्ष और शारीरिक प्रशिक्षक अनुदेशक सेवा (महाविद्यालय शाखा) नियम, राजस्थान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (राज्य एवं अधीनस्थ) सेवा नियम, राजस्थान होमगार्ड अधीनस्थ सेवा नियम एवं राजस्थान विश्राम भवन (राज्य एवं अधीनस्थ) सेवा नियम में भी आयु सीमा में छूट मिलेगी। इससे निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थी को आयु सीमा में लाभ मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि 2021-22 के बजट में मुख्यमंत्री द्वारा ईडब्ल्यूएस को अन्य आरक्षित वर्गों के समान आयु सीमा में छूट दिए जाने की घोषणा की गई थी। इसमें ईडब्ल्यूएस के पुरूष अभ्यर्थियों को पांच वर्ष एवं महिला अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की छूट का प्रावधान किया गया है।

मंत्रिमंडल ने ‘राजस्थान आउट ऑफ टर्न अपॉइंटमेंट टू स्पोर्ट्स मेडल विनर्स रूल्स 2017‘ में संशोधन किया है। इससे राजस्थान राज्य के निवासी जो किसी अन्य राज्य अथवा केंद्र सरकार में अधिकारी/कर्मचारी है, उन्हें खेलों में पदक जीतने पर राज्य में पे-प्रोटेक्शन मिलेगा। मंत्रिमंडल ने राजस्थान विधानसभा सचिवालय के अन्वेषण एवं संदर्भ शाखा में प्रमुख अनुसंधा एवं संदर्भ अधिकारी (पे लेवल 18) के पद पर पदोन्नति संबंधित प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। इससे उक्त संवर्ग के अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा।

विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु राजस्थान विधानसभा सचिवालय (भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 1992 दिनांक 04.02.1992 से प्रभावी है। यहां शाखा के संवर्ग में मुख्य अन्वेषण एवं संदर्भ अधिकारी का उच्चतम पद निर्धारित किया हुआ है। इस पद से पदोन्नति के लिए प्राप्त प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया है। इसके लिए राजस्थान विधानसभा सचिवालय सेवा (भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 1992 की अनुसूची में संशोधन किए गए हैं।

मंत्रिमंडल ने राजस्थान विश्राम भवन (राज्य एवं अधीनस्थ) सेवा (संशोधन) नियम, 2022 के प्रारूप का अनुमोदन किया है। इस निर्णय से सर्किट हाउस प्रबंधक के 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती व 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जा सकेंगे। इससे सीधी भर्ती के पदों में वृद्धि होगी। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। वर्तमान में राजस्थान विश्राम भवन (राज्य एवं अधीनस्थ) सेवा नियम, 2019 में प्रबंधक पद 75 प्रतिशत पदोन्नति से और 25 प्रतिशत सीधी भर्ती से भरे जाते हैं।

बैठक में राजस्थान सिविल सेवा (पेंशन) नियम 1966 में संशोधन करते हुए सेवानिवृत्त कार्मिकों के हित में अहम फैसला किया गया है। अब सेवानिवृत्त कर्मचारी जिनकी पे-माइनस पेंशन के आधार पर पुनर्नियुक्ति की जाती है, उनको अब मकान किराया भत्ता (एचआरए) सेवानिवृत्ति की दिनांक को उनके द्वारा प्राप्त किए गए अंतिम मूल वेतन पर देय होगा। साथ ही उन्हें चिकित्सा सुविधा आरजीएचएस के तहत देय होगी।

बैठक में राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड लर्निंग को कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा आठ के तहत स्थापित करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। इस निर्णय से प्रदेश में उद्योग स्थापना की सम्भावनाओं में बढ़ोतरी होगी। राज्य में उन्नत तकनीक युक्त युवा शक्ति उपलब्ध होगी। इसी तरह बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय भरतपुर का नामकरण श्री जगन्नाथ पहाडिया चिकित्सा महाविद्यालय भरतपुर के नाम से करने का निर्णय लिया है।

इसके अलावा विदेशी पर्यटकों के बीच प्रसिद्ध पैलेस ऑॅन व्हील्स फिर से शुरू होगी। अब ट्रेन को वर्ष 2022-23 से भारतीय रेलवे की ‘भारत गौरव ट्रेन पॉलिसी‘ के अंतर्गत संचालन एवं रखरखाव मॉडल पर संचालित किया जाएगा। इससे राजस्थान पर्यटन विकास निगम को प्रतिवर्ष एक निश्चित राजस्व प्राप्त होगी। निजी सहभागिता से ट्रेन में पर्यटकों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। ट्रेन का संचालन आगामी अक्टूबर से प्रस्तावित है।

विधायक बीमा भारती के खिलाफ चेक बाउंस मामले में सम्मन

पटना। बिहार में पटना की एक अदालत ने आज चेक बाउंस के मामले में जनता दल यूनाइटेड विधायक बीमा भारती के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला सही पाते हुए सम्मन जारी करने का आदेश दिया।

प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी श्वेता चौधरी ने मामले में जांच के बाद विधायक बीमा भारती के खिलाफ एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत मामला सही पाते हुए सम्मन जारी करने का आदेश पारित किया है। अदालत ने विधायक की उपस्थिति के लिए मामले में 10 अक्टूबर 2022 की अगली तिथि निश्चित की है।

मामला एक शिकायती मुकदमे पर आधारित है। आरोप के अनुसार, नौकरी दिलाने के नाम पर एक अधिवक्ता लिपिक से विधायक बीमा भारती ने एक लाख रुपए लिए थे। नौकरी नहीं मिलने पर शिकायतकर्ता ने अपने रुपए वापस मांगे थे। रुपए वापस करने के लिए विधायक ने चेक दिया, जो बाउंस कर गया था।

तेजस्वी यादव ने न्यायालय में किया सरेंडर, जमानत पर छूटे

तेजस्वी यादव ने न्यायालय में किया सरेंडर, जमानत पर छूटे

पटना। कोरोना महामारी के दौरान सरकारी आदेश एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम के उल्लंघन के मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना की एक अदालत में आज आत्मसमर्पण किया, जहां उन्हें बाद में जमानत पर मुक्त कर दिया गया।

सांसदों एवं विधायकों के मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत में यादव की ओर से आत्मसमर्पण के बाद जमानत पर मुक्त किए जाने की प्रार्थना की गई थी। आवेदन पर सुनवाई के बाद अदालत ने यादव को जिला एवं सत्र न्यायालय से मिली अग्रिम जमानत सुविधा के आलोक में 10 हजार रुपये के निजी मुचलके के साथ उसी राशि के दो जमानतदारों का बंध-पत्र (बॉन्ड पेपर) दाखिल करने पर जमानत पर मुक्त किए जाने का आदेश दिया।

मामला 25 सितंबर 2020 का है। आरोप के अनुसार केंद्र सरकार के कृषि विधेयक के विरोध में यादव अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन करते हुए जुलूस की शक्ल में प्रतिबंधित क्षेत्र आयकर गोलंबर के नजदीक पहुंचे थे। भीड़ ने न तो मास्क लगा रखा था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया था।

कोतवाली थाने में भारतीय दंड विधान और आपदा प्रबंधन अधिनियम की अलग-अलग धाराओं में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है।

गांधी परिवार का कांग्रेस ही कर रही है विरोध : स्मृति ईरानी

अमेठी। केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस के भीतर ही गांधी परिवार का विरोध हो रहा है इससे अधिक और क्या होगा।

ईरानी ने गुलाम नबी आजाद के त्याग पत्र को लेकर कहा कि गुलाम नबी आजाद तो कांग्रेस से अब आजाद हुए है, अमेठी तो बहुत पहले ही कांग्रेस से आजाद हो चुकी थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तब और अब की सरकार में बहुत बड़ा अंतर है। तब के लोग सत्ता को अपनी जागीर मानते थे,अब के लोग सत्ता को सेवा मानते है।

ईरानी ने अमेठी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकार के साथ साथ आप लोग भी अति कुपोषित बच्चों के सहयोग के लिए एक कदम आगे बढ़ाएं। जिले में 1736 कुपोषित बच्चे है। वहां पर मौजूद लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि आप लोग कुपोषित बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

केंद्रीय मंत्री ने जिले के जामो विकास खण्ड के सूखी बाजगढ़ खेल मैदान से जनता को करोड़ों रुपयों की योजनाओं को सौंपा। उन्होंने मंच से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बन रही 116 किलों मीटर की 16 सड़कें, ग्रामीण पेयजल योजना के तहत 26 स्थानों पर बन रही पानी की टंकी व एक अमृतसर सरोवर का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके पूर्व कादूनाल स्थित वेटलैंड पार्क का उद्घाटन किया। स्मृति ने 174 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

सतीश पूनियां ने छात्रसंघ चुनाव नतीजों पर विजयी ABVP प्रत्याशियों को दी बधाई

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर डा पूनियां ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा आनन-फ़ानन में घोषित किए गए छात्रसंघ चुनावों में अधिकांश छात्र प्रवेश तत्पश्चात् मतदान से वंचित रहे, यही कारण था कि औसतन 50 प्रतिशत मतदान का संकेत यही है कि विद्यार्थियों की कोई रूचि नहीं थी, फिर भी पुलिस प्रशासन का दवाब और दमन चक्र चलाया और सरकारी मशीनरी के दवाब में चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एजेंडा था कि निकायों और पंचायतीराज चुनावों में परिसीमन और जोड़तोड़ के ज़रिए काबिज़ होकर यह अपने प्रभुत्व को दर्शाने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस और गहलोत के मंसूबे सफल नहीं हुए और पहली बार सत्तारूढ़ दल को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि आज घोषित परिणाम साबित कर रहे हैं कि राज्य में उच्च शिक्षा के बदतर हालात, शैक्षिक संस्थानों में अराजकता, प्राध्यापकों का अभाव, बुनियादी सुविधाओं की कमी, शैक्षणोत्तर गतिविधियों की कमी, शिक्षा के बाद कैरियर काउंसिलिंग की कमी और इन सबसे अधिक बेरोज़गारी प्रमुख समस्या बन गई और रीट जैसे पेपर लीक तथा लगातार नकल की घटनाओं से राजस्थान के बेरोजगार अवसाद में जाकर आत्महत्या तथा अपराध जैसे कदमों की ओर प्रवृत्त हुए हैं।

डा पूनियां ने कहा कि इन सब घटनाओं का मानसिक असर विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों पर पड़ा है और उन्होंने राज्य की कांग्रेस की गहलोत सरकार को सिरे से नकार दिया। इस सरकार का यह लिटमस टेस्ट जैसा है, मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र जोधपुर में भी कांग्रेस का छात्र संगठन खाता नहीं खोल पाया और पूरे प्रदेश में भी इनकी स्थिति शून्य रही और यह भविष्य का ही संकेत है कि अगले वर्ष प्रदेश का विद्यार्थी और नौजवान कांग्रेस के विरूद्ध मतदान करेगा।

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष