Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 634 -
होम ब्लॉग पेज 634

7500 बहनों-बेटियों ने एक साथ चरखे पर सूत कातकर रचा नया इतिहास : मोदी

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 7,500 बहनों-बेटियों ने एक साथ चरखे पर सूत कातकर नया इतिहास रच दिया है।

मोदी ने आज शाम अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर गुजरात राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के नये कार्यालय भवन और एक फुटओवर ब्रिज अटल ब्रिज का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर खादी उत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साबरमती का ये किनारा आज धन्य हो गया है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर 7,500 बहनों-बेटियों ने एक साथ चरखे पर सूत कातकर एक नया इतिहास रच दिया है।

उन्होंने कहा कि अटल ब्रिज, साबरमती नदी को, दो किनारों को ही आपस में नहीं जोड़ रहा बल्कि ये डिजाइन और नवोन्मेष में भी अभूतपूर्व है। इसकी डिजाइन में गुजरात के मशहूर पतंग महोत्सव का भी ध्यान रखा गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास साक्षी है कि खादी का एक धागा, आजादी के आंदोलन की ताकत बन गया, उसने गुलामी की जंजीरों को तोड़ दिया। खादी का वही धागा, विकसित भारत के प्रण को पूरा करने का, आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने का प्रेरणा-स्रोत बन सकता है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को लाल किले से मैंने पंच-प्रणों की बात कही थी। साबरमती के तट पर, इस पुण्य जगह पर मैं पंच-प्रणों को फिर दोहराना चाहता हूं। पहला- देश के सामने विराट लक्ष्य, विकसित भारत बनाने का लक्ष्य, दूसरा- गुलामी की मानसिकता का पूरी तरह त्याग, तीसरा- अपनी विरासत पर गर्व, चौथा- राष्ट्र की एकता बढ़ाने का पुरजोर प्रयास और पांचवा- नागरिक कर्तव्य।

मोदी ने कहा कि आजादी के आंदोलन के समय जिस खादी को गांधी जी ने देश का स्वाभिमान बनाया, उसी खादी को आजादी के बाद हीन भावना से भर दिया गया। इस वजह से खादी और खादी से जुड़ा ग्रामोद्योग पूरी तरह तबाह हो गया। खादी की ये स्थिति विशेष रूप से गुजरात के लिए बहुत ही पीड़ादायक थी।

उन्होंने कहा कि हमने खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन में खादी फॉर ट्रांसफॉर्मेशन का संकल्प जोड़ा। हमने गुजरात की सफलता के अनुभवों का देशभर में विस्तार करना शुरु किया। देशभर में खादी से जुड़ी जो समस्याएं थीं उनको दूर किया। हमने देशवासियों को खादी के प्रोडक्ट खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया।

देवबंद : धार्मिक स्थलों पर अंडे फेंकने के आरोप में चार युवक अरेस्ट

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनुपर जिले के देवबंद में धार्मिक स्थलों पर अंडा फेंक कर सौहार्द्र का माहौल बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सहारनपुर देहात क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि देवबंद में धार्मिक स्थलों पर अंडे फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश को नाकाम कर पुलिस ने चार युवकों को पकड़ लिया। राय ने बताया कि देवबंद में 21 अगस्त की रात जन्माष्टमी के जुलूस पर भी इन युवकों ने फ्लाई ओवर से अंडे फेंककर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवकों में देवबंद नगर के मोहल्ला सराय कहरान का निवासी अहमद पुत्र असजद, खानकाह निवासी शहबान पुत्र सूफीयान, सरसावा निवासी सादिक पुत्र साजिद एवं मुस्तफाबाद गोकुलपुरी दिल्ली निवासी अफजल पुत्र दिलशाद शामिल हैं।

चारों युवकों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वे लोग गुलेल से लोगों के घरों और धार्मिक स्थलों पर अंडे फेंकते थे। जिससे लोग भड़क जाएं और आपस में लड़ें। एसपी देहात ने बड़ी घटना होने से पूर्व इन चारों शरारती युवकों की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया।

पूर्व MLC हाजी इकबाल, उसके बेटों साहित 5 के खिलाफ गेंगरेप का केस दर्ज

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के कुख्यात खनन माफिया और बसपा के पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला, उसके तीन बेटों, भाई और वकील के विरुद्ध पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर वकील को गिरफ्तार भी कर लिया।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि हाजी इकबाल अभी फरार ही चल रहा है, लेकिन उसके भाई पूर्व बसपा एमएलसी महमूद अली और तीनों बेटे जावेद, अलीशान और अफजाल पहले से ही जेल में बंद हैं। इन लोगों के खिलाफ पहले भी एक महिला ने गैंगरेप की रिपोर्ट महिला थाना सहारनपुर में दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार हाजी परिवार के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का ताजा आरोप हरियाणा की एक ग्रामीण महिला ने लगाया है। उसका आरोप है कि वह इस परिवार के उत्पीड़न के कारण 2018 में मिर्जापुर थाना क्षेत्र से पलायन कर हरियाणा चली गई थी।

सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. विपिन टाडा ने शनिवार को बताया कि महिला ने 2011 में मिर्जापुर थाना क्षेत्र में जमीन खरीदी थी। इस पर 2012 में इकबाल, उसके भाई और बेटों ने कब्जा कर उसे चुप नहीं रहने पर जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने पीड़िता की तहरीर के आधार पर बताया कि नवंबर 2018 में गांव पाड़ली ग्रांट निवासी वकील जीशान अहमद ने महिला को बुलाया। जहां उसके साथ पांचों आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। डा टाडा ने बताया कि दो दिन पूर्व महिला ने पांचों के खिलाफ रेप की तहरीर दी। इस पर प्रारंभिक जांच के बाद थाना मिर्जापुर में 25 अगस्त को सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया गया है।

पुलिस ने वकील जीशान अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वकील जीशान अहमद के खिलाफ गागलहेड़ी थाने में भी धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोपों में मुकदमा दर्ज है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के इस नए मुकदमे के चार में से दो आरोपी महमूद अली, अफजाल पहले से ही जेल में हैं। वकील जीशान अहमद को भी जेल भेजा जा चुका है। हाजी इकबाल अभी भी फरार है।

इकबाल ने पुलिस के शिकंजे से बचने के लिए विभिन्न अदालतों से राहत नहीं मिल सकी है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें इकबाल की गिरफ्तारी में लगाई गई है। इधर, वकील जीशान अहमद की गिरफ्तारी पर बेहट तहसील के वकीलों ने बैठक कर कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस पर रेप के संगीन लेकिन झूठे मामले में गिरफ्तारी किए जाने का आरोप लगाया। वकीलों ने बेमियादी हड़ताल करने की धमकी भी दी है।

फेसबुक पर शादी के सपने दिखाए, फिर प्रेमी ने गला रेत कर कर दी हत्या

नैनीताल। उत्तराखंड में नैनीताल पुलिस ने लालकुआं अंजलि आर्य के लापता होने की गुत्थी को सुलझा लिया है। अजंलि के प्रेमी यामीन ने ही गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने प्रेमी व उसका साथी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। सड़ा गला शव भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह ने हल्द्वानी में शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लालकुआं के मोटाहल्दू निवासी अंजलि आर्य विगत तीन अगस्त से लापता थी। वह घर कालेज जाने के लिए निकली थी लेकिन जब शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की और अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने गुमशुदा की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया। उसकी मोबाइल की लोकेशन व सीडीआर जांच की तो पता चला कि अंजलि ने अंतिम बार उधमसिंह नगर के पुलभट्टा बरा निवासी यामीन से बात की थी। इसके बाद पुलिस ने पुलभट्टा पहुंचकर यामीन को हिरासत में ले लिया।

पुलिस की सख्ती के आगे यामीन ने सब राज उगल दिए। आरोपी ने बताया कि अजंलि से उसकी दोस्ती फेसबुक पर हुई। वह काफी अच्छे दोस्त बन गए। वह अकसर मिलते रहते थे। इा बीव जब दोस्ती गहरी हो गई तो अजंलि उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी लेकिन यामीन इसके लिए राजी नहीं था।

उसने योजना के मुताबिक अजंलि को सामान के साथ किच्छा बुला लिया। साथ ही यामीन ने अपने बहेड़ी उप्र निवासी अपने दोस्त सचिन सक्सेना को भी किच्छा बुला लिया। यहां से दोनों अजंलि को शक्तिफार्म के जंगल में ले गए और यामीन ने गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया साथ ही उनकी निशानदेही पर अजंलि का सड़ा गला शव भी घने जंगल से बरामद कर लिया।

सोनाली फोगाट की मौत के मामले में होटल मालिक समेत दो और अरेस्ट

पणजी। गोवा पुलिस ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट की मौत के मामले में कर्लीज रेस्तरां के मालिक एडविन नून्स और एक मादक पदार्थ तस्कर दत्ता प्रसाद गांवकर को हिरासत में लिया।

पुलिस इस मामले में फोगाट के निजी सचिव सुधीर सांगवान और वासी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों 22 अगस्त को भाजपा नेता (42) को लेकर गोवा पहुंचे थे। उन पर अभिनेत्री को पेय पदार्थ में सिंथेटिक ड्रग मिलाकर देने का आरोप है। पुलिस ने उत्तरी गोवा के अंजुना में रेस्तरां की पहली मंजिल को भी सील कर दिया।

हरियाणा के हिसार की रहने वाली फोगाट के शव को अंजुना के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। पहले सूचना मिली थी कि भाजपा नेता की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है लेकिन पोस्टमॉर्टम में शरीर पर चोट के निशान पाए गए। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने का आश्वसान दिया है।

न्यायमूर्ति यूयू ललित बने भारत के 49वें मुख्य न्यायाधीश

नई दिल्ली। न्यायमूर्ति न्यायाधीश उदय उमेश ललित ने शनिवार को 49वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वरिष्ठतम न्यायाधीश को राष्ट्रपति भवन में शपथ दिलाई।

वकालत करते हुए सीधे उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश बने मुख्य न्यायाधीश ललित का कार्यकाल 73 दिनों का होगा। वह 8 नवंबर 2022 तक भारत के मुख्य न्यायाधीश पद पर रहेंगे।

न्यायमूर्ति ललित शीर्ष अदालत के दूसरे मुख्य न्यायाधीश है, जिन्हें इस पद पर पहुंचने का गौरव प्राप्त हुआ। इससे पहले न्यायमूर्ति एसएम सीकरी को 1964 में 13वां मुख्य न्यायाधीश बनने का सौभाग्य मिला था।

न्यायमूर्ति ललित का जन्म नौ नवंबर 1957 को हुआ था। जून 1983 में एक वकील के रूप में पंजीकरण हुआ और दिसंबर 1985 तक बॉम्बे उच्च न्यायालय में वकालत की। जनवरी 1986 में दिल्ली आकर वकालत जारी रखा। अप्रैल 2004 में उन्हें सर्वोच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया।

कई मामलों में एमिकस क्यूरी के रूप में भूमिका निभाई। उन्हें उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत सभी 2जी मामलों में सुनवाई करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के लिए विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया था।

दो कार्यकालों के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय कानूनी सेवा समिति के सदस्य रहे और 13 अगस्त 2014 को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त हुए। न्यायमूर्ति ललित 73 दिनों तक मुख्य न्यायाधीश रहेंगे ओर 8 नवंबर 2022 को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

भारत के 48वें मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति एन वी रमना करीब 16 महीनों तक मुख्य न्यायाधीश के पद पर रहने के बाद 26 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए। न्यायमूर्ति ललित के बाद न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ के अगला मुख्य न्यायाधीश बनने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो वे करीब दो साल तक भारत के मुख्य न्यायाधीश रह सकते हैं।

छात्र संघ चुनाव : भीलवाड़ा के तीन महाविद्यालयों में ABVP की जीत

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में छात्र संघ चुनाव में चार महाविद्यालयों में तीन पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने परचम लहराया है जबकि कृषि महाविद्यालय में एनएसयूआई विजयी रही है।

भीलवाड़ा शहर में छात्रसंघ चुनाव के घोषित परिणामों में जिले के सबसे बड़े महाविद्यालय माणिक्य लाल वर्मा महाविद्यालय में एबीवीपी ने कब्जा करते हुए अध्यक्ष पद पर धवल कुमार शर्मा विजयी रहे है। घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर धवल कुमार शर्मा 1440 मत प्राप्त हुए। शर्मा ने एनएसयूआई की प्रियंका व्यास को 989 मतों से पराजित किया।

उपाध्यक्ष पद पर गौरव शाह ने 1036 मतों से बड़ी जीत हांसिल करते हुए मयंक वैष्णव को पराजित किया है। वैष्णव को 448 मत मिले। महासचिव पद पर एबीवीपी के सूर्यदेव सिंह शक्तावत ने एनएसयूआई के शुभम मल्हौत्रा को 159 मतों से जबकि संयुक्त सचिव पद पर हरीश बलाई ने 1375 मत हासिल कर मुकुल धाकड़ को 708 मतों से पराजित किया है। धाकड़ को 667 मत प्राप्त हुए है।

सेठ मुरलीधर मानसिंहका कन्या महावद्यालय के छात्रासंघ चुनाव के परिणाम में चारों पदों पर एबीवीपी ने जीत हासिल की हैं और सुमित्रा पुर्बिया अध्यक्ष चुनी गई। विधि कॉलेज में एबीवीपी का पैनल बना है। अध्यक्ष पद पर 161 वोटों के अंतर से सिद्धार्थ पाराशर चुने गए।

इसी तरह कृषि महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई ने बाजी मारी है। उसके तीनों उम्मीदवार विजयी रहे हैं। अध्यक्ष पद पर रियांशी माहेश्वरी ने कड़ी टक्कर में 91 मत हासिल कर एबीवीपी के कुलदीप व्यास को 17 मतों से पराजित किया।

इसी तरह महासचिव एनएसयूआई के अमन नागर ने वीरेन्द्र को तथा संयुक्त सचिव पद पर सचिन सिंह गुर्जर ने एनएसयूआई के चन्द्रभान सिंह को पराजित किया है। सचिन को 88 मत मिले जबकि अमन को 94 मत हांसिल हुए।

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष

फ्लोरिडा में लड़की को ‘खरीदने’ की कोशिश करने वाला शख्स अरेस्ट

न्यूयॉर्क। अमरीका में फ्लोरिडा के एक यौन अपराधी को एक किराने की दुकान से आठ वर्षीय एक बच्ची को एक लाख डॉलर में कथित तौर पर ‘खरीदने’ की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

वाशिंगटन पोस्ट ने पुलिस के हवाले से शनिवार को यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार 85 वर्षीय हेलमुथ कोल्ब ने गुरुवार को पोर्ट ऑरेंज के विन्न डिक्सी में बच्चे की मां से संपर्क किया और अश्लील प्रस्ताव रखा।

वेश टीवी के मुताबिक वर्ष 2018 में वॉलमार्ट में एक अलग बच्चा खरीदने की कोशिश करने के बाद कोल्ब परिवीक्षा पर था और उस पर बच्चों के साथ संपर्क करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि लॉरेन बेनिंग ने स्टेशन को बताया कि उसे लगा कि कोल्ब सिर्फ एक अकेला बूढ़ा आदमी है, जब वह उससे और उसकी बेटी से संपर्क किया। बेनिंग ने कथित तौर पर कहा कि वह अभी आया और उसने टिप्पणी करना शुरू कर दिया कि वह कितनी सुंदर है और उसका नृत्य कितना अच्छा था और कैसे उसके कभी बच्चे नहीं हो सकते और वह बच्चे चाहता था।

बेनिंग ने कहा कि पार्किंग में मुझसे संपर्क किया। असल में पार्किंग में मेरा पीछा किया और कहा, अरे, मैं तुम्हारे साथ सौदा करना चाहता हूं। मैं 100,000 डॉलर में खरीदना चाहता हूं। मैं पूरी तरह सदमे में थी। रिपोर्ट में मां के हवाले से कहा गया कि उसे बंद कर दिया जाना चाहिए और हमारे बच्चों के आसपास नहीं रहने दिया जाना चाहिए।

निर्दलीय निर्मल चौधरी बने राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष

जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी निर्मल चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। विश्वविद्यालय में पांचवी बार निर्दलीय प्रत्याशी अध्यक्ष बना हैं। निर्मल चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी एवं निर्दलीय प्रत्याशी निहारिका जोरवाल को करीब 1500 मतों से हराया।

निर्मल को 4043 मत मिले जबकि निहारिका ने 2578 मत हासिल किए जबकि एनएसयूआई की प्रत्याशी रितु बराला तीसरे स्थान पर रही और उन्हें 2010 मत मिले। इस चुनाव में एबीवीपी उम्मीदवार नरेन्द्र यादव चौथे स्थान पर रहे और उन्होंने 988 मत प्राप्त किए।

इस चुनाव में विश्वविद्यालय में निर्दलीय प्रत्याशी अमीषा मीणा उपाध्यक्ष तथा महासचिव पद पर एबीवीपी के उम्मीदवार अरविंद जाजड़ा निर्वाचित हुए हैं जबकि संयुक्त सचिव पद पर एनएसयूआई की धरा कुमावत ने चुनाव जीता हैं। इसी तरह महाराजा कालेज में संदीप गुर्जर और कॉमर्स कॉलेज में आदित्य शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की हैं।

राजस्थान कॉलेज से लक्ष्यराज चुण्डावत अध्यक्ष चुने गए हैं जबकि उपाध्यक्ष पद पर राहुल चौधरी, महासचिव के लिए राहुल कुमार मीणा, संयुक्त सचिव पर रोहित चौधरी ने जीत दर्ज की है।

उधर, महारानी कॉलेज में मानसी वर्मा ने अध्यक्ष का चुनाव जीता हैं जबकि उपाध्यक्ष पद पर कपिसा, महासचिव पद पर ज्योति राठौड़ और संयुक्त सचिव पद पर शहनाज बानो विजेता घोषित की गई हैं। हरिदेव जोशी पत्रकारिता यूनिवर्सिटी में अध्यक्ष पद पर सोमू आनंद, उपाध्यक्ष पद पर सारा इस्माईल, महासचिव पद पर प्रीती बारहट एवं संयुक्त सचिव पद पर नेहा शर्मा विजयी घोषित की गई है।

कुलदीप सुविवि छात्रसंघ अध्यक्ष निवार्चित

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय के केन्द्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के के कुलदीपसिंह सुवावत निवार्चित हुए है। कुलदीप सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयुआई के देव सोनी को 1158 मतों से हराया। कुलदीप को 3988 मत मिले जबकि देव सोनी को 2830 वोट मिले थे। महासचिव के लिए एबीवीपी के कपिश जैन ने जीत हालिस की है।

धौलपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से तीन श्रद्धालुओं की मौत

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर जिले के सदर बाडी थाना क्षेत्र में बाबू महाराज के लक्खी मेले में जा रहे एक ट्रेक्टर ट्रॉली के पलट जाने से आज तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि निजामपुर गांव के कुछ श्रद्धालू ट्रेक्टर ट्रॉली में बैठकर बाबू महाराज के दर्शन को जा रहे थे। बीहड़ इलाके में ट्रेक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। सूत्रों के अनुसार ट्रेक्टर ट्रॉली में दो दर्जन से अधिक लोग बैठे हुए थे। जिसमें कई के घायल होने की सूचना है।

पुलिस ने मौके पर जाकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि बाबू महाराज का मेला जिले के लक्खी मेलों में से है जिसमें राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली तक के लोग आते हैं।