Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 639 -
होम ब्लॉग पेज 639

जासूसी पेगासस : सुप्रीम कोर्ट की जांच समिति को नहीं मिला कोई ठोस सबूत

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को कहा कि शीर्ष अदालत की ओर से गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उसके द्वारा जांचे गए 29 मोबाइल फोन में इजराइली स्पाइवेयर के इस्तेमाल का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

सेवानिवृत्त न्यायाधीश आरवी रवींद्रन की देखरेख में गठित इस जांच समिति ने यह भी पाया कि 29 में से पांच मोबाइल फोन संभवत: कुछ मैलवेयर से संक्रमित थे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि यह पेगासस था। शीर्ष अदालत ने समिति की रिपोर्ट के हवाले से यह भी कहा कि भारत सरकार ने जांच में उपयुक्त सहयोग नहीं किया।

मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने तीन सदस्यीय पीठ की ओर से सेवानिवृत्त न्यायाधीश आरवी रवींद्रन की अध्यक्षता वाली समिति की रिपोर्ट के कुछ हिस्सों को पढ़ा। रिपोर्ट तीन भागों में थे। पीठ ने कहा कि वह जल्द ही तय करेगी कि रिपोर्ट के किन हिस्सों को सार्वजनिक किया जा सकता है। हालांकि, पीठ ने कहा कि इस मुद्दे पर समिति द्वारा सरकार को की गई सिफारिशों को इसकी वेबसाइट पर डाला जाएगा।

न्यायमूर्ति रमना ने सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक बात कमेटी ने कही है कि भारत सरकार ने सहयोग नहीं किया है।

शीर्ष अदालत ने रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि कथित तौर पर उन लोगों के मोबाइल फोन को संक्रमित करने वाले स्पाइवेयर के ज्यादा सबूत नहीं मिले, जिन्होंने जांच के लिए मोबाइल फोन सेट जमा किए थे, लेकिन कहा कि कुछ मैलवेयर हैं, जिनका दुरुपयोग किया जा सकता है। यह सुरक्षा चिंता का कारण बन सकता है‌। इसके अलावा की गोपनीयता का उल्लंघन भी हो सकता है।

पीठ ने अपने 27 अक्टूबर 2021 के आदेश में कहा था कि अदालत राष्ट्रीय सुरक्षा का अतिक्रमण नहीं करेगी, लेकिन मूकदर्शक नहीं रहेगी। केंद्र सरकार पर गैर कानूनी रूप से पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अलावा एन राम, शशि कुमार, परंजॉय गुहा ठाकुरता और रूपेश कुमार सिंह जैसे पत्रकारों के अलावा राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास, सामाजिक कार्यकर्ता जगदीप छोकड़ जैसे राजनेता स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच कराने की गुहार लगाई थी।

गोविन्दगढ थानाधिकारी हरिनारायण शर्मा 6 लाख की रिश्वत के मामले में अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टचार निरोधक ब्यूरो ने जयपुर जिले में गोविन्दगढ थानाधिकारी हरिनारायण शर्मा को छह लाख लाख रुपए की रिश्वत के मामले में आज गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई को परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके विरुद्ध धोखाधड़ी के मुकदमे मे मदद करने की एवज मे थानाधिकारी द्वारा दलाल अधिवक्ता विश्वनाथ शर्मा के माध्यम से दस लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद शिकायत का सत्यापन कराकर ट्रेप कार्यवाही की गई जिसमें दलाल ने परिवादी से छह लाख की रिश्वत ले ली और एसीबी की भनक लगने पर वह मौके से फरार हो गया।

एसीबी टीम के पीछा करने पर वह रुपए फेंक कर फरार हो गया जो बरामद कर लिए गए। बाद में इस मामले मे थानाधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दलाल की तलाश जारी हैं।
उन्होंने बताया कि थानाधिकारी सत्यापन के दौरान ही परिवादी से चार लाख रुपए दलाल के माध्यम से ले चुका था।

टायर के गोदाम में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बहुमंजिला इमारत में स्थित टायर के गोदाम में गुरुवार को लगी भीषण आग की चपेट में 12 लोग आ गए, जिनमें से सात को बचा लिया गया, जबकि एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल मौके पर पहुंच गये हैं। दमकल वाहन आग बुझाने में लगे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

कुटियाल ने बताया कि मुरादाबाद के गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा मे लंगडे की पुलिया निवासी इरशाद के घर में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे मौके पर तमाम रिश्तेदार और परिवार के बच्चे, महिला पुरूष सभी शामिल थे। गुरुवार को रात में लगभग आठ बजे अचानक इमारत के पहली मंजिल पर टायर के गोदाम में आग लग गई।

आग की लपटें देख कर वहां भगदड़ मच गई। आग लगने की सूचना मिलने पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला। आग की लपटों से झुलसे लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने दो महिलाओं व तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

मरने वालों में इरशाद की पत्नी कमर आरा (65) बेटी नाफिया(7) इबाद(3) पुत्रवधू शमां (35) तथा धेवती उमेमा (12) शामिल हैं। जबकि सात लोगों को सकुशल बचा लिया गया है। जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे की चपेट में आए लोगों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।

औरैया : संदिग्ध परिस्थितियों में कारोबारी की पत्नी और बेटे सहित मौत

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया के बड़े व्यापारी व प्रकाश चन्द्र महाविद्यालय के प्रबंधक संदीप पोरवाल एवं उनकी पत्नी तथा बेटे का शव गुरुवार को सुबह कमरे में सन्दिग्ध हालत में मिला। कारोबारी परिवार के तीन सदस्यों की गोली लगने से मौत होने की खबर से पूरे शहर में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार पोरवाल का छोटा बेटा जब स्कूल जाने के लिए तैयार होने घर की तीसरी मंजिल पर गया, तब उसने अपने माता पिता और भाई का खून से लथपथ शव देखकर शोर मचाया। तीनों को गोली लगी थी। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

पुलिस ने प्रथम द्रष्टया इस मामले को आत्महत्या का परिणाम होने की आशंका जताई है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पर पहुंच गई और जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की है।

पुलिस के अनुसार औरैया शहर के गुरुहाई मोहल्ला निवासी व्यापारी सतीश पोरवाल अपने भाईयों प्रकाश, प्रदीप और संदीप के साथ बहुमंजिला मकान में रहते हैं। छोटे भाई संदीप पोरवाल (52 साल), प्रकाश चन्द्र महाविद्यालय में प्रबन्धक भी थे। उनका एलपीजी पंप और ईंट भट्टा सहित कई प्रतिष्ठानों के मालिक भी थे। वह ऊपर वाली मंजिल में अपनी पत्नी 48 वर्षीय मीरा व 25 वर्षीय बेटे शिवम के साथ सो रहे थे। छोटा बेटा ओम जी इंटर का छात्र है, वह पढ़ाई के कारण दूसरी मंजिल पर रहता था।

गुरुवार की सुबह करीब सात बजे वह स्कूल जाने के लिए ऊपर टिफिन लेने गया तो अंदर जाकर देखा कि संदीप, मीरा व शिवम के खून से लथपथ शव पड़े थे। इस पर उसने शोर मचाया तो बिल्डिंग में रहने वाले अन्य भाई व परिजन भी दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। तीनों को गोली लगी थी। पुलिस ने मौके से एक रिवाल्वर भी बरामद की। पुलिस ने परिजनों से बात की, लेकिन घटना को लेकर कोई कुछ बता नहीं पा रहा था। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया।

शहर के तमाम व्यापारी और नेता घटनास्थल पर पहुंच गए। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। वारदात से जुड़े सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। मृतक के कुछ करीबियों ने बताया कि संदीप ने कॉलेज एवं व्यापार के सिलसिले में रात में 11 बजे तक फोन पर सामान्य बातचीत की। पुलिस का अनुमान है कि उक्त घटना रात में 2 से 3 बजे के बीच हुई होगी। किसी को गोली चलने की आवाज तक नहीं सुनाई दी, पुलिस के लिए यह तथ्य वारदात की गुत्थी को उलझाने वाला साबित हो रहा है।

मृतक की अपने बड़े बेटे से अनबन रहने की आशंका पर परिवार के लोग कुछ भी नहीं बता रहे हैं। वहीं, मृतक के कुछ करीबी सहयोगियों का कहना है कि संदीप की बड़े बेटे से अनबन रहती थी। वह उससे परेशान भी थे। इस घटना के बाद तमाम चर्चाएं चल पड़ी हैं। परिवार के सूत्रों से पता चला है कि संदीप का बड़ा बेटा शिवम, एक दिन पहले ही बीएड के छात्रों को पढ़ाने गया था। शिवम एमएड डिग्री धारक था। उसे पिता संदीप ने कह सुनकर ही अपने महाविद्यालय में बीएड के छात्रों को पढ़ाने के लिए भेजा था। इसके बाद यह घटना हो गई।

भूपेंद्र सिंह चौधरी बने उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के सदस्य एवं पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने गुरुवार को यहां बताया कि भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जाट समुदाय से आने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक प्रमुख नेता भूपेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश और राजीव भट्टाचार्य को त्रिपुरा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह को हिमाचल प्रदेश में पार्टी का विधानसभा चुनाव प्रभारी तथा देवेन्द्र सिंह राणा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पश्चिम में भाजपा ने साधा जातीय समीकरण

भूपेन्द्र सिंह निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्थान लेंगे। उन्होंने विधान सभा चुनाव के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। चौधरी भूपेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं। वह 10 जून 2016 को उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य चुने गए थे। उन्हें 2022 में पुनः एमएलसी नामित किया गया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वरिष्ठ व जनप्रिय राजनेता भूपेंद्र सिंह चौधरी जी को उप्र भाजपा का अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निःसंदेह, आपके ऊर्जावान नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ भाव के साथ प्रदेश में सफलता के नए प्रतिमान स्थापित करेगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने भी सिंह की नियुक्ति पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को भाजपा, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई व उज्ज्वल कार्यकाल की हार्दिक शुभकामनाएं। पाठक ने अपने बधाई संदेश में कहा कि कर्मशील राजनेता, कुशल संगठनकर्ता भूपेन्द्र सिंह को उप्र भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मपाल को इसी सप्ताह पार्टी की प्रदेश इकाई का संगठन महामंत्री बनाने के बाद हरित प्रदेश से आने वाले किसी नेता के रूप में सिंह की यह दूसरी नियुक्ति की है। स्पष्ट है कि भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए जाट समुदाय के चौधरी भूपेन्द्र सिंह को पार्टी की प्रदेश इकाई की कमान सौंपी है।

पार्टी को भरोसा है कि धर्मपाल और भूपेन्द्र की नियुक्ति से पिछले साल किसान आंदोलन के कारण जाट गूजर बहुल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी को हुए सियासी नुकसान की भरपाई की जा सकेगी। गत मार्च में हुए विधान सभा चुनाव में भाजपा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2017 के चुनाव की तुलना में नुकसान उठाना पड़ा था। किसान आंदोलन का सीधा लाभ सपा रालोद गठबंधन को हुआ था।

गौरतलब है कि गत विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद गठित योगी सरकार में स्वतंत्र देव सिंह ने मंत्री बनाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पिछड़े वर्ग के किसी नेता को तैनात किया जा सकता है।

इस बीच पिछले दिनों भूपेन्द्र सिंह की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद ही प्रदेश भाजपा की कमान उन्हें सौंपे जाने की चर्चा तेज हो गई। वह योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं। पिछली सरकार में भी उन्हें इसी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय की मीडिया इकाई ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा सिंह को यह दायित्व सौंपे जाने की जानकारी दी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार नड्डा ने 54 वर्षीय भूपेन्द्र सिंह को पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

एक किसान परिवार में जन्मे सिंह मूल रूप से मुरादाबाद जिले के महेन्द्री सिकंदरपुर गांव के निवासी हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा गांव के ही प्राथमिक स्कूल में हुई। मुरादाबाद के आरएन इंटर कालेज से उन्होंने 1982 में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद 1989 में आप कृषक उपकार इंटर कॉलेज के प्रबंधक बने और फिर वह विश्व हिंदू परिषद से जुड़ने के बाद 1991 में भाजपा के सदस्य बनने के साथ ही उनका राजनीतिक सफर शुरु हुआ। उन्होंने 1999 में संभल से लोकसभा चुनाव लड़ा।

नारायण सेवा संस्थान का 38वां दिव्यांग निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह 28 एवं 29 को

उदयपुर। गरीब, दिव्यांग एवं वंचित वर्ग की शिक्षा, चिकित्सा एवं पुनर्वास मे समर्पित नारायण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 28 एवं 29 अगस्त को सेवा महातीर्थ, बड़ी में 38वां निःशुल्क दिव्यांग एवं निर्धन युवक-युवती सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।

संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया इस सामूहिक विवाह में 51 जोड़े वैदिक ऋचाओं के उच्चारण के बीच अग्नि के सात फेरे लेकर जनम-जनम के साथी बनेंगे। उन्होंने बताया कि संस्थान को अब तक 37 दिव्यांग सामूहिक विवाह में 2151 दिव्यांग एवं निर्धन युवक-युवतियों की सुखद गृहस्थी बसाने का सौभाग्य मिला है।

संस्थान निदेशक एवं ट्रस्टी देवेन्द्र चौबीसा ने बताया इस बार सामूहिक विवाह की थीम पर्यारवरण संरक्षण एवं स्वच्छता होगा। इसके लिए प्रत्येक वर-वधू जोड़ा विवाहोपरान्त संस्थान परिसर में एक-एक छायादार पौधा रोपेगा। उन्हें विदाई के दौरान भी शपथपूर्वक एक पौधा एवं स्वच्छता के लिए प्रतीक रूप डस्टबीन प्रदान किए जाएंगे।

संस्थान के जनसम्पर्क प्रभारी भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि इस विवाह समारोह में राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश, बिहार आदि राज्यों के जोड़े होंगे। जिनकी दिव्यांगता में सुधार के निःशुल्क ऑपरेशन भी संस्थान में हुए और यहीं उन्होंने विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षणों में भाग लेकर स्वावलम्बन के मार्ग पर कदम रखा। इनमें से अधिकतर जोड़ों का पारस्परिक परिचय भी यहीं हुआ और अब परिवारों की सहमति से ये एक-दूजे के हो जाएंगे।

भाजपा 20-20 करोड़ रुपए देकर हमारे 40 विधायक तोड़ना चाहती है : केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार गिराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 800 करोड़ रखे हैं और 20-20 करोड़ रुपए देकर हमारे 40 विधायक तोड़ना चाहते हैं।

केजरीवाल ने आज विधायक दल की बैठक के बाद अपने विधायकों के साथ राजघाट जाकर महात्मा गांधी जी समाधि में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार गिराने के लिए भाजपा ने 800 करोड़ रखे हैं और 20-20 करोड़ रुपए देकर हमारे 40 विधायक तोड़ना चाहते हैं। देश जानना चाहता है कि ये 800 करोड़ किसके हैं और कहां रखे हैं? हमारा कोई विधायक नहीं टूट रहा है और सरकार स्थिर है। दिल्ली में चल रहे सभी अच्छे काम जारी रहेंगे। दिल्ली की जनता ने एक कट्टर ईमानदार पार्टी को वोट दिया है। हम सभी कट जाएंगे, लेकिन देश और जनता के साथ दगा नहीं करेंगे।

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और गोवा की सरकार गिरा दी और अब दिल्ली सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं। इन्होंने मनीष सिसोदिया के खिलाफ बिल्कुल झूठी और फर्जी एफआईआर दर्ज की और 14 घंटे की छापेमारी के बाद भी इनको कुछ नहीं मिला। अब हमारे विधायकों को ऑफर दिया जा रहा है कि 20-20 करोड़ रुपए लेकर हमारे साथ आ जाओ और सरकार को तोड़ दो। इनके लोग अलग-अलग एक करोड़, 144 करोड़, 800 करोड़, 1100 करोड़ और 1.5 लाख करोड़ का घोटाला बता रहे हैं। घोटाला है भी कुछ। कोई घोटाला नहीं है। घोटाला तो ‘ऑपरेशन लोटस’ है।

उन्होंने कहा कि हम लोग राजघाट पर आए और महात्मा गांधी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। हम लोगों ने वहां बैठ कर थोड़ी देर तक ध्यान भी किया और हम लोगों ने देश के अंदर आज जो हालात हैं, वो ठीक हों, उनमें सुधार हो और देश की तरक्की एवं सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। अभी हमने देखा कि कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी के खिलाफ इन लोगों ने एक बिल्कुल झूठी और फर्जी एफआईआर दर्ज की। उसके आधार पर श्री सिसोदिया जी के घर पर छापा मारा। पूरा दिन छापा जारी रहा। इसके बावजूद अंत में उनको एक भी पैसे का अन-अकाउंटेड कुछ नहीं मिला।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब ये पिछले कुछ दिनों से हमारे विधायकों के पीछे पड़े हैं। मुझे बेहद खुशी है कि हमारा एक भी विधायक अभी तक नहीं टूटा है। मुझे पता चला है कि मैं, मेरे विधायक और मेरे मंत्री, हम कट जाएंगे, लेकिन देश और जनता के साथ दगा नहीं करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ये लोग 1.5 लाख करोड़ रुपए का घोटाला कह रहे थे, फिर आठ हजार करोड़ रुपए बोले। फिर मैंने देखा कि इनके दो नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उसमें बोले कि 1100 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है, लेकिन घोटाला क्या है, यह इनको पता ही नहीं है। फिर उपराज्यपाल साहब ने एक रिपोर्ट बनाई, जिसमें 144 करोड़ रुपए का घोटाला बताया गया, लेकिन अब जो सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है, उसमें कह रहे हैं कि एक करोड़ रुपए का घोटाला है। यह घोटाला एक करोड़ का है, 144 करोड़ का है, 1100 करोड़ का है, 800 करोड़ का है या 1.5 लाख करोड़ रुपए का है, घोटाला है भी कुछ। कोई घोटाला नहीं है, सब बकवास है। घोटाला तो ऑपरेशन लोटस है।

भूपेंद्र यादव ने की तिरुमाला में भगवान वेंकेटश्वर की पूजा अर्चना

तिरुमाला। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने परिवार के सदस्यों के साथ गुरुवार को आंध्रप्रदेश के तिरुमाला में भगवान वेंकेटश्वर के दर्शन किए और उनकी पूजा अर्चना की।

यादव के मंदिर में पहुंचने पर टीटीडी के अध्यक्ष वाईवी सुब्बा रेड्डी, कार्यकारी अधिकारी एवी धर्मा रेड्डी और मंदिर के पुजारियों उनका स्वागत किया और उन्हें मंदिर के गर्भगृह ले गए।

बाद में, केंद्रीय मंत्री को वैदिक पंडितों द्वारा ‘वेदासिर्वचनम’ प्रदान किया गया और उन्हें तीर्थ प्रसादम, श्रीवारु का एक चित्र और एक कॉफी टेबल बुक भेंट की गई।

हनुमानगढ़ : रोडवेज परिचालक 40 हजार रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

हनुमानगढ़। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने हनुमानगढ़ में राजस्थान परिवहन निगम के परिचालक विजय छाबड़ा को आज 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक सोनी ने बताया कि आरोपी विजय छाबड़ा ने परिवादी से उसके बकाया छह लाख रुपए के बिल पास करने और मार्ग से ड्यूटी हटवाने के लिए 50 हजार रुपए आगार प्रबंधक दीपक भोमिया के लिए लेना तय हुआ।

शिकायत के सत्यापन के बाद आज ब्यूरो टीम ने ट्रेप की कार्यवाही की। टीम ने आज आरोपी को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सोनी ने बताया कि आगार प्रबंधक की इसमें भूमिका की जांच की जा रही है।

भाजपा से निलंबित विधायक राजा सिंह हैदराबाद में अरेस्ट

हैदराबाद। तेलंगाना में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी से निलंबित विधायक टी राजा सिंह को गुरुवार को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। सिंह पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर टिप्पणी करने को लेकर गिरफ्तार हुए थे और उन्हें इस मामले में दो दिन बाद जमानत मिली थी।

पहले के दो मामलों में पुलिस की ओर से धारा 41 के तहत समन जारी किए जाने के बाद राजा को आज अपराह्न में गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद राजा को नामपल्ली अदालत में पेश किए जाने से पहले उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

तेलंगाना में पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर बुधवार को तीन आपराधिक मामले दर्ज किए थे। राजा के खिलाफ प्रदर्शन के बीच पुलिस ने नामपल्ली तथा मलकपेट थानों में नए मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस ने धार्मिक भावना को आहत करने वाली टिप्पणी को लेकर राजा को गुरुवार को गिरफ्तार किया और उन्हें अदालत में पेश किया। इस दौरान अदालत ने कहा कि राजा की गिरफ्तारी में उचित प्रक्रियाओं को पालन नहीं किया गया और उन्हें तत्काल रिहा करने का आदेश दे दिया।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने राजा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी को लेकर पार्टी की प्राथमिक सदस्या सो निलंबित कर दिया था। उनका एक वीडियो यूट्यूब में वायरल हुआ था, जिसको लेकर शहर में तनाव की स्थिति है।