Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 646 -
होम ब्लॉग पेज 646

सीबीआई ने हिमाचल पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला अपने हाथ में लिया

शिमला। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल और ड्राइवर भर्ती पेपर लीक मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा कि जय राम ठाकुर सरकार की ओर से जांच अपने हाथ में लेने के अनुरोध को स्वीकार करते हुए 30 नवंबर को सीबीआई पुलिस थाने शिमला में दो प्राथमिकी दर्ज की गई। एक अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ 18 मई को हुआ था।

सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया। हिमाचल पुलिस ने कांगड़ा के गग्गल और शिमला के सीआईडी ​​थाने में गत पांच और सात मई को दो मामले दर्ज किए थे। केंद्र सरकार ने सीबीआई जांच के लिए सहमति दी थी।

एक हजार 334 पदों के लिए 27 मार्च को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 75 हजार उम्मीदवार शामिल हुए थे। इसी तरह चालकों के 94 पदों के लिए 11 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पुलिस ने उन उम्मीदवारों की जांच करने का फैसला किया जिन्होंने 70 में से 65 से अधिक अंक प्राप्त किए।

पुलिस जांच के दौरान यह सामने आया कि नूरपुर (कांगड़ा) के मनीष कुमार, फतेहपुर (कांगड़ा) के मनी चौधरी, कांगड़ा के गौरव और कई अन्य लोगों ने परीक्षा से एक या दो दिन पहले गग्गल, चंडीगढ़, पंचकुला और अन्य स्थानों से प्रश्नपत्र और उत्तर मिल गए थे। अब तक पुलिस ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और एजेंटों समेत 170 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अदालत में तीन आरोपपत्र भी दाखिल कर दिया है।

पुलिस ने खुलासा किया कि प्रश्नपत्र घोटाले में एक अंतरराज्यीय रैकेट शामिल था। आरोपियों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और राजस्थान के निवासी शामिल हैं।

आनंद शर्मा ने संचालन समिति के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हाल में गठित संचालन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।

शर्मा ने खुद ट्वीट कर यह जनकारी देते हुए कहा कि मैंने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष पद से भारी मन से इस्तीफा दे दिया है। यह दोहराते हुए कि मैं आजीवन कांग्रेसी हूं और अपने विश्वास पर कायम हूं। मेरी धमनियों में दौड़ने वाल रक्त कांग्रेस की विचारधारा के लिए है। इसमें कोई संदेह नहीं है लेकिन एक स्वाभिमानी व्यक्तित्व होने के कारण लगातार नज़रअंदाज़ किए जाने और अपमान होने के कारण मेरे पास इस्तीफा देने के सिवा कोई विकल्प ही नहीं बचा था।

कांग्रेस के लिए शर्मा के इस्तीफे को बड़ा झटका माना जा रहा है। बताया गया है कि उन्होंने ट्वीट करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा था जिसमें उन्होंने खुद को अपमानित किए जाने की बात कही है।

शर्मा कांग्रेस के असंतुष्ट समूह 23 के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। यह समूह लगातार कांग्रेस नेतृत्व में परिवर्तन की बात कर रहा है। उनके असंतुष्ट तेवर के कारण ही शायद कांग्रेस ने उन्हें तथा विपक्ष के नेता रहे गुलाम नबी आजाद सहित अन्य असंतुष्ट नेताओं को दोबारा राज्यसभा का टिकट नहीं दिया।

राजस्थान में रविवार को कोरोना के 402 नए केस, 4 मरीजों की मौत

जयपुर। राजस्थान में रविवार को कोरोना के 402 नये मामलों के साथ इसके चार मरीजों की मौत हो गई। चिकित्सा विभाग के अनुसार राज्य में पिछले चौबीस घंटों में नए मामलों में 159 की वृद्धि दर्ज की गई और जयपुर, भरतपुर, अजमेर एवं करौली मेें जिले में इसके एक-एक मरीज की और मृत्यु हो गई, इससे प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9610 पहुंच गया।

नए मामलों में सर्वाधिक 123 जयपुर में सामने आए जबकि भरतपुर में 66, जोधपुर में 36, अलवर में 34, दौसा में 33, चित्तौड़गढ़ में 23, उदयपुर एवं बांसवाड़ा में 14-14, पाली में 13, अजमेर एवं सीकर में 11-11, नागौर में सात, झालावाड़ एवं डूंगरपुर में चार-चार, कोटा में तीन, जैसलमेर, बारां, बाड़मेर, चूरू, हनुमानगढ़ एवं करौली में एक-एक नया मामला सामने आया जबकि 12 जिलों में एक भी नया मामला सामने नहीं आया।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 13 लाख पांच हजार 130 हो गई। प्रदेश में 467 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 91 हजार 276 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ तीन लाख 73 हजार 798 नमूने लिए गए हैं।

राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 4244 हैं। इनमें सर्वाधिक 1560 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि भरतपुर में 546, अलवर में 388, उदयपुर में 263, अजमेर में 194, चित्तौड़गढ में 171, जोधपुर में 144 एवं दौसा में 109 तथा अन्य कई जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं जबकि चूरू एवं करौली दो ही जिले ऐसे हैं जहां कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।

राजस्थान में कानून एवं व्यवस्था की धज्जियां उडाई जा रही है : राज्यवर्धन सिंह राठौड

अलवर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान के हालात बहुत गंभीर हैं। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

सिंह ने आज भाजपा के मोदी.20 सेमिनार में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजस्थान में पुलिस आमजन को सुरक्षा देने में नाकाम है। प्रदेश की पुलिस पॉलीटिकल इंटेलिजेंस का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने हमेशा आमजन के मुद्दे उठाए हैं।

सिंह ने कहा चाहे जालौर का मुद्दा हो चाहे उदयपुर का मुद्दा हो हर मुद्दे पर भाजपा गंभीरता से आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर जालौर वाले मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर लेती और राजस्थान के ही सरकारी अस्पताल में उसका इलाज हो जाता। 20 दिन तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

ईआरसीएपी को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार नहीं चाहती कि यह योजना बने। उन्होंने बताया कि विगत भारतीय जनता पार्टी के शासन में योजना को बनाया गया था। उसके बाद सत्ता परिवर्तन हो गया कांग्रेस की सरकार ने दो साल तक इस पर ध्यान नहीं दिया जब राजस्थान की जनता ने इस पर ध्यानाकर्षण किया तब कांग्रेस सरकार जागी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को यह पता है कि यह योजना को पूरे होने में चार से पांच वर्ष लग जाएंगे और उस वक्त वह सरकार में नहीं रहेंगे इसलिए वह इस योजना को राजनीतिक मुद्दा बनाकर निराकरण नहीं करना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने राजस्थान में पेयजल के लिए 26000 करोड रुपए स्वीकृत किए लेकिन राजस्थान सरकार ने मात्र चार हजार करोड रुपए ही खर्च किए।

राजस्थान में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा का संसदीय बोर्ड जो तय करेगा वह चेहरा होगा और वही निर्णय करती है। भाजपा के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान हो सकता है और उन्हें ऐसे बयान देने से बचना चाहिए।

राज्य सरकार पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर सहित विकास के लिए कटिबद्ध : शकुंतला रावत

अजमेर। राजस्थान की देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि सरकार ब्रह्मा मंदिर के विकास सहित पुष्कर के विकास के लिए भी कटिबद्ध है और जल्द ही विकास कार्यों को मूर्त रूप दिलाया जाएगा।

रावत ने आज पुष्कर दौरे पर रहते पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ब्रह्मा मंदिर का शीघ्र जीर्णाेद्धार होगा तथा ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करने के लिए बड़े बुजुर्गों के लिए ई रिक्शा की व्यवस्था की जाएगी ताकि उन्हें परेशानी न हो। पुष्कर सरोवर का भी विकास कार्य कराया जाएगा। साथ ही सरोवर में आए दिन होने डूबने की घटना पर भी उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

रावत ने ब्रह्मा मंदिर पर जतारुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वयं भी सामान्य व्यक्ति की तरह लाइन में लगकर दर्शन किए और सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए कि दर्शन करने आने वाले को किसी तरह की कोई तकलीफ न हो। उन्होंने रामदेव जतारुओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें पानी पिलाया।

उन्होंने ने सप्त ऋषि घाट पर पवित्र सरोवर की पूजा अर्चना की। रावत ने सरोवर में आज सुबह सीकर के एक युवक की डूबने से मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया और सरोवर के घाटों पर लाल झंडियां एवं जालियां लगाने के निर्देश दिए। रावत ने अजमेर में कलक्टर अंशदीप की मौजूदगी में विभागीय समीक्षा बैठक ली।

आचार्य पीठ लक्ष्मणकिला में अयोध्या की रामलीला का भूमिपूजन

अयोध्या। श्रीराम की नगरी अयोध्या में आचार्य पीठ लक्ष्मणकिला में आज अयोध्या की रामलीला का विधि-विधान पूर्वक भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन में लक्ष्मणकिला के महंत मैथिलीरमण शरण, कथा प्रवक्ता चंद्रांशु महाराज व अयोध्या विधानसभा के विधायक वेदप्रकाश गुप्ता मौजूद रहे। महंत मैथिलीरमण शरण महाराज ने कहा कि यह प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि है। अयोध्या की पहचान भगवान राम और रामलीला से है।

यह रामलीला रामभक्तों के आशीर्वाद से विश्व की सबसे बड़ी रामलीला है। रामभक्तों ने इसे विश्व की सबसे बड़ी रामलीला बनाया है। विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने कहा कि 2020 में 16 करोड़, और वर्ष 2021 में 22 करोड़ से ज्यादा लोगों ने रामलीला का लाइव टेलीकॉस्ट दूरदर्शन, सेटेलाइट चैनल और सोशल मीडिया पर देखा गया।

श्रीराम की भूमिका निभा रहे राहुल भूचर ने कहा कि अयोध्या की रामलीला भगवान राम के आशीर्वाद से होती है। इसको दुनिया के कोने कोने में रामभक्त देखते हैं। माता सीता की भूमिका निभा रही दीक्षा रैना ने कहा कि मैं अपने आपको बड़ा भाग्यशाली मानती हूं। रामलीला में माता सीता का किरदार मिला है।

रामलीला के महासचिव व क्रिएटिव डायरेक्टर शुभम मलिक ने कहा कि रामलीला में इस बार 1600 फुट का एलईडी सेट तैयार हो रहा हैं। फाउंडर अध्यक्ष सुभाष मालिक बॉबी ने बताया कि रामलीला का आयोजन 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अयोध्या में होगा। जो हर वर्ष की तरह लाइव भी दिखाया जाएगा। यह अयोध्या की रामलीला का तीसरा संस्करण है। जिसे शाम 7 से रात 10 बजे तक दूरदर्शन पर लाइव देख सकेंगे।

रामलीला में सांसद रवि किशन केवट, बिंदू दारा सिंह हनुमान, गजेंद्र चौहान राजा जनक, शाहबाज खान रावण, गुफी पेंटल नारद मुनि, गिरजाशंकर दशरथ, उपासना सिंह कैकेई, दीक्षा रैना सीता, राहुल बुचर राम, रजा मुराद महर्षि विश्वामित्र की भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर कमेटी के चेयरमैन राकेश बिंदल, वॉइस चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल, कैप्टन राज माथुर, अनुज अग्रवाल, सत्य प्रकाश राणा, पवन वत्स, दीपक भगचंदनी आदि मौजूद रहे।

रणवीर सिंह ने पुलिस के सामने पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा

मुबंई। फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह ने नग्न फोटोशूट मामले में उनकी संलिप्तता पर पुलिस के सामने पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि रणवीर को 22 अगस्त को तलब किया गया था। उसने दो सप्ताह का समय मांगा है इसलिए नई तारीख तय होने के बाद चैम्बूर पुलिस उसे नया समन जारी करेगी।

इससे पहले जारी एक बयान में मुंबई पुलिस ने कहा कि अभिनेता रणवीर सिंह ने पैसे कमाने के लिए अपनी नग्न फोटो को ऑनलाइन पोस्ट करने के साथ पत्रिकाओं में प्रकाशित कराई। प्राथमिकी में उसके खिलाफ दर्ज बयान के आधार पर उसने युवा पीढ़ी और समाज को खराब करने की कोशिश की और उसकी इस कार्रवाई से महिलाओं को शर्मिदा होना पड़ा।

अमेठी : रिकॉर्डिंग करने से गुस्साए दरोगा ने महिला को जड़ा थप्पड़

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के गोद लिए गांव सुजानपुर में विवाद सुलझाने पहुंचे डायल 112 पर तैनात दरोगा ने महिला द्वारा रिकॉर्डिंग करने पर अपना आपा खो दिया। रिकॉर्डिंग करने की बात से तिलमिलाए दरोगा ने मदद करने के बजाय महिला को थप्पड़ मार दिया।

दरोगा का खुलेआम महिला की पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला उजागर हुआ। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है, जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अलबत्ता पुलिस अधीक्षक इला मारन ने दरोगा द्वारा महिला को थप्पड़ मारने से इंकार करते हुए कहा कि महिला पुलिस और दरोगा ने बीज बचाव किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के सुजानपुर गांव का है। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक विवाद सुलझाने के लिए डायल 112 की टीम के साथ आये दरोगा के काम करने के तरीके को मोबाइल फोन में रिकॉर्डिंग करने पर वह गुस्सा गए। दरोगा ने भद्दी भद्दी गालियां देते हुए महिला की पिटाई कर दी। दारोगा ने महिला से वीडियो को डिलीट करने को भी कहा।

महिला ने जब वीडिओ को डिलीट नही किया तो वीडियो बना रही उसकी पुत्री को भी पीटा। महिला ने बताया कि उसने एसपी आवास पर इसकी शिकायत कर दी है। पूरे मामले में अमेठी की पुलिस अधीक्षक इला मारन ने बताया कि पीआरबी के दरोगा ने महिला को थप्पड़ नहीं मारा है। वायरल वीडीओ में दरोगा द्वारा थप्पड़ मारते दिखने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया की महिला पुलिस और दरोगा ने बीच बचाव किया है।

आगरा की बेटी दीप सुप्रियम ने जीता मिस एलीट वर्ल्ड का खिताब

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर की युवती ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां आईएसबीटी के सामने भाग्यनगर कालोनी की मूल निवासी दीप सुप्रियम ने 36 देशों की सुन्दरियों को पीछे छोड़ते हुए मिस एलीट वर्ल्ड का खिताब जीतने में सफलता पाई है।

मिस्र के पर्यटन मंत्रालय द्वारा शुरू की गई मिस एलीट सौंदर्य प्रतियोगिता विश्व की पांच सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक है। इसे मध्य-पूर्व के देशों और अफ्रीका की नम्बर वन सौंदर्य प्रतियोगिता का गौरव भी हासिल है।

मिस्र के सोमबे रेड सी शहर में पिछले जून माह में सम्पन्न हुई इस सौंदर्य प्रतियोगिता के दौरान गोल्फ, योगा, सैशे सेरेमनी, नेशनल कॉस्ट्यूम, स्विमवियर कॉस्ट्यूम व इवनिंग गाउन राउंड के बाद सामान्य ज्ञान के सवालों के भी दो राउंड हुए। पहले राउंड के बाद दस सुन्दरियों को फाइनल राउंड के लिए चुना गया। सवालों के दूसरे राउंड में केवल पांच सुंदरियां जगह बना पाईं। ज्यूरी ने भारत की दीप सुप्रियम को विनर घोषित किया। फर्स्ट रनरअप फिलीपींस की शेनॉन टेम्पोन और सेकेंड रनरअप ऑस्ट्रिया की वेलेरी सिजोवा रहीं।

प्रतियोगिता के ज्यूरी में कई अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फैशन डिजायनर, अभिनेता, अभिनेत्रियां व विशेषज्ञ शामिल रहे। मिस एलीट वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद विश्व के कई देशों में दीप सुप्रियम ने सुर्खियां बटोरीं। मिस्र के मीडिया चैनलों, समाचार पत्रों में कई दिन तक उनके साक्षात्कार प्रसारित किए गए। मुंबई पहुंचने पर भी उनका भव्य स्वागत किया गया। दीप सुप्रियम मुंबई की प्रमुख फैशन डिजायनरों के बीच अपना स्थान बना चुकी हैं। महानायक अमिताभ बच्चन समेत कई सुपर स्टारों के कॉस्ट्यूम डिजाइन करने का उन्हें अवसर मिल चुका है।

पिछले सप्ताह ही दीप सुप्रियम अपने गृह जिले आगरा में परिवार के पास आईं। पीछे-पीछे उनका क्राउन भी मिस्र से आ गया। दरअसल, कस्टम क्लीयरेंस में समय लगने के कारण उनका क्राउन साथ नहीं आ सका था।

दीप ने बताया कि आगरा में इंटरमीडिएट तक पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने चेन्नई में निफ्ट के कोर्स में दाखिला ले लिया और कोर्स पूरा करने के बाद मुंबई में फैशन डिजाइनिंग शुरू कर दी। पिछले करीब छह साल से वह मुंबई में फैशन डिजाइनिंग के विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहीं हैं। वह करीब 50 विज्ञापन फिल्मों पर भी काम कर चुकी हैं। उन्हें स्वयं भी कई एड फिल्मों में काम करने का मौका मिला।

इस दौरान अभिनेता सुनील ग्रोवर के साथ फ़िल्म कर चुकी अभिनेत्री दीपालिका शर्मा ने दीप सुप्रियम को सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। दीप ने बाकायदा ट्रेनिंग लेकर इन प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू कर दिया और कोरोनाकाल में दीप वर्चुअल तरीके से हुई मिस अर्थ-2020 में टॉप फाइव में पहुंचने में सफल रही। इससे उसके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई। सौंदर्य प्रतियोगिताओं के विशेषज्ञ लेबनान के स्टीफानो डाउही की प्रेरणा से दीप ने इस साल मिस एलीट वर्ल्ड-2022 में भाग लेकर पहला स्थान प्राप्त किया।

दीप सुप्रियम के पिता सुरेंद्र सिंह चौहान मूल रूप से आगरा की तहसील एत्मादपुर के निवासी हैं और कृषि विभाग में संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में भाग्यनगर में रह रहे हैं। दीप सुप्रियम की छोटी बहन सौम्या शिवांगी इंजीनियर होने के साथ ही योग प्रशिक्षक भी हैं। छोटा भाई दिव्यांशु चेतन भी इंजीनियरिंग कर रहा है।

दीप अपनी सफलता का श्रेय मां प्रतिभा शोभन व पिता सुरेंद्र को समान रूप से देती हैं। उनका कहना है कि मां ने जहां बचपन से उन्हें जुझारू व प्रतिभासंपन्न बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वहीं पिता ने उन्हें कदम-कदम पर करियर गाइडेंस दी।

रिश्वत मामले में सेना के दो अधिकारियों सहित चार अरेस्ट

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रविवार को कहा कि रिश्वतखोरी के कथित मामले में सेना के दो अधिकारियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई सूत्रों ने अपने एक बयान में कहा कि आरोपियों की पहचान एमईएस अंबाला केंट में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल राहुल पवार, वरिष्ठ बैरक स्टोर अधिकारी और सूबेदार मेजर प्रदीप कुमार तथा ठेकेदार दिनेश कुमार और प्रीतपाल के रूप में की गई है।

कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। रिश्वत का कथित भुगतान यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया था कि अंबाला कैंट की अधिकांश निविदाएं/ऑर्डर उक्त निजी ठेकेदारों को दी जाएगी। सीबीआई ने जाल बिछाकर 22.48 लाख रुपए की लेनदेन करते हुए दोनों अधिकारियों और निजी ठेकेदारों को पकड़ा।

उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल के परिसर से 32.50 लाख रुपए और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए और उक्त ठेकेदारों के पास से 16 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। सभी चारों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।