Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 648 -
होम ब्लॉग पेज 648

सबगुरु राशिफल : 21 अगस्त रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास , कृष्ण पक्ष, दशमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन।

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज भी दिन में कई बार लाभ के अवसर मिलेंगे। परन्तु आलस्य प्रमाद के कारण कार्यो को गंभीरता से नहीं लेंगे फलस्वरूप उम्मीद से कम में ही संतोष करना पड़ेगा। गुप्त शत्रु पीठ पीछे हानि पंहुचाने का हर संभव प्रयास करेंगे। जान कर भी अनजान बनने के कारण आगे दुष्परिणाम हो सकते हैं, सतर्क रहें। मौज-शौक में अधिक व्यय करने के कारण आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है। सेहत की लापरवाही करना ठीक नहीं ख़राब पेट के कारण कई बीमारियां बन सकती है। घर में शांति रहेगी फिर भी ज्यादा बोलने से बचे लोग सही बात का भी गलत अर्थ निकाल झगड़ा करेंगे।

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आपका आज का दिन मिश्रित फलदायक रहेगा। कार्य क्षेत्र पर दोपहर तक ही स्थिति आपके पक्ष में रहेगी इसके बाद धीरे-धीरे व्यवधान आने से धन की भी आमद रुकेगी। निवेश से आज बचे अन्यथा फंस सकता है। आज विरोधी आपकी एक गलती के इन्तजार में बैठे है दिन भर संयम एवं विवेक का परिचय दें अन्यथा बिना बात मान हानि हो सकती है। प्रेम-प्रसंगों में अधिक निकटता रहने से थोड़ा मन शांत रहेगा। किसी पुराने विवाद के कारण गृहस्थ में तालमेल की कमी रहेगी। घरेलू कार्यो में सहयोग भी कम ही करेंगे लेकिन सार्वजनिक क्षेत्र पर बिना मांगे सलाह और सहायता देने के लिए तैयार रहेंगे। सेहत में थोड़ा बहुत उतार चढ़ाव लगा रहेगा।

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज ग्रह स्थिति में परिवर्तन होने से दिन दिन उठा पटक में बीतेगा। बनी बनाई योजनाओं में व्यवधान आएंगे। किसी परिजन की जिद के कारण नई परेशानी खड़ी होगी। महिलाओं की जुबान फिसलने के कारण बैठे बिठाए आफत मोल लेने वाली स्थिति बनेगी। मध्यान बाद सामाजिक कार्य- क्रम में उपस्थिति देने के कारण मन मार के पूर्व नियोजित कार्यक्रम रद्द करना पड़ेगा। कार्य व्यवसाय में थोड़े समय के लिए ही आकस्मिक लाभ बनेगा इसके बाद उदासीनता रहेगी। सेहत लगभग सामान्य रहेगी। घरेलु सुख-सुविधा में वृद्धि होगी। पति-पत्नी में थोड़ी बहुत नोक-झोंक लगी रहेगी। संध्या बाद सेहत का ध्यान रखे लापरवाही बाद में भारी पड़ सकती है।

कर्क (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका आज का दिन बीते कल से काफी बेहतर रहेगा। आज आप नीतिपूर्वक कार्य करना पसंद करेंगे जिससे धन मिले या न मिले सम्मान अवश्य बढेगा। सामाजिक कार्यो में अधिक समय देंगे। धार्मिक क्षेत्र पर दान-पुण्य के अवसर भी मिलेंगे। ज्योतिष अथवा तंत्र मंत्र आध्यात्म के गूढ़ रहस्यों को जानने की उत्सुकता रहेगी। संध्या के आस-पास आकस्मिक धन लाभ से उत्साह बढेगा। कार्य क्षेत्र पर सहकर्मी एवं नौकरों के मनमाने व्यवहार के कारण थोड़ी असुविधा हो सकती है। पति पत्नी के बीच थोड़े बहुत मतभेद को छोड़ घर में शांति रहेगी। उदर शूल एवं हड्डियों संबंधित समस्या हो सकती है।

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन भाग्योदय करने वाला रहेगा शरीर भी साथ देने से कार्यो को निष्ठा से करेंगे। किसी प्रतिष्ठित संस्था अथवा सरकारी क्षेत्र से लाभ के कार्यानुबंध मिल सकते हैं। विरोधी भी शांत रहने से सफलता सुनिश्चित रहेगी। परन्तु पारिवारिक वातावरण उथल पुथल वाला रहेगा। परिजन की सेहत पर खर्च करना पड़ेगा। अधिक भागदौड़ के कारण आयवश्यक कार्यो में विलम्ब होगा परन्तु हानि से बचे रहेंगे। आज किसी भी कार्य में आलस्य ना करें अन्यथा भविष्य में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। आज किये कार्यों की पुनरावृत्ति शीघ्र ही देखने को मिलेगी जिससे जैसा व्यवहार करेंगे वैसा ही आपके साथ घटित होगा इसलिए सभी से प्रेम व्यवहार रखें।

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कार्य क्षेत्र की कुछ परेशानियों को छोड़ अन्य सभी कार्यों के लिए आज दिन शुभ रहेगा। धार्मिक कार्यो में रुचि रहेगी लेकिन व्यस्तता के कारण ठीक से समय नहीं दे पाएंगे। व्यावसायिक स्थल पर अधिकारी वर्ग प्रसन्न रहेंगे परन्तु नौकरों अथवा सहकर्मियों का मनमाना व्यवहार रहने से परेशानी खड़ी हो सकती है। अन्य व्यक्तियों का कार्य भी आपके जिम्मे आने से असहजता रहेगी। धन लाभ के प्रयासों में दोपहर तक सफलता मिल जाएगी लेकिन रुक रुक कर ही होगा। व्यापारी वर्ग कार्य क्षेत्र पर विस्तार की योजना बनाएंगे परन्तु आज इसकी सफलता संदिग्ध रहेगी। संध्या बाद परिजनों के साथ शांति से समय कटेगा। सेहत को लेकर थोड़े आशंकित रहेंगे लेकिन छोटी मोटी व्याधि होकर स्वतः शांत हो जाएगी।

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आपका आज का दिन मिश्रित फलदायक रहेगा। किसी अन्य व्यक्ति के कारण सरकारी उलझनों में फंसने की संभावना है किसी की जमानत लेनी पड़ेगी सम्भव हो तो बचने का प्रयास करे। अनैतिक कार्य भी ध्यान आकर्षित करेंगे लेकिन इनसे दूरी बनाए रखें आज भी वाद-विवाद के साथ मान-हानि के प्रबल योग बन रहे है। नौकरी पेशा जातक अपने कार्य से असंतुष्ट रहेंगे लेकिन अधिकारी अथवा सहकर्मी फिर भी कुछ न कुछ नुक्स निकालेंगे जिससे क्रोध आएगा थोड़ी बहुत बहस भी होगी। अधिकारी वर्ग से की मामूली गलती बखेड़ा खड़ा कर सकती है। सावधान रहें। गृहस्थ में थोड़े उतारचढ़ाव के बाद स्थिति आज नियंत्रण में रहेगी।

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज दिन भर आपके लिए शुभ योग बने रहेंगे। आपके विचारों में आत्मविश्वास एवं दया रहेगी। परोपकार के कार्यो को बिना बोले करेंगे। छोटे-बड़ों सबका साथ मिलने से कठिन कार्य भी आसन बनेंगे। गलत माध्यम से धन कमाने की सोच भी रहेगी। इसमें पहले लाभ होगा बाद में हानि निश्चित रहेगी, सोच समझ कर ही निर्णय लें। धन लाभ दोपहर के समय होने की सम्भवना है लापरवाही में टल भी सकता है। नौकरी पेशा एवं थोक के व्यापारी आज खुल कर कार्य नहीं कर पाएंगे। कुछ सौदे हानि उठा कर भी करने पड़ेंगे इसके बाद भी लाभ के लिए इंतजार करना पड़ेगा। संतान के कारण चिंता रह सकती है। आरोग्य पेट अथवा सर्दी संबंधित कारणों से प्रतिकूल रहेगा।

धनु (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

कुछ परेशानियों के साथ आज के दिन की शुरुआत होगी। सेहत हल्की सी नरम रहेगी फिर भी कार्य व्यवसाय में जल्दी ही लग जाएंगे प्रातः काल ही छोटी यात्रा के योग भी बनेंगे इससे कुछ ना कुछ लाभ ही मिलेगा व्यवसाय में नए अनुबंध मिलने की संभावनाएं जगेगी परन्तु मध्यान के बाद ही मिलेंगी। गृहणियां मायके या अन्य रिश्तेदारी में जाने की योजना बनाएंगी खर्च पर नियंत्रण रखने में आज सफ़ल रहेंगी पर मितव्ययता आगे के खर्च को देखकर ही बरतेंगी। आर्थिक रूप से दिन मध्यम फिर भी संतोषजनक रहेगा दैनिक खर्च आसानी से निकल जाएंगे। अधिकारी वर्ग से मेलजोल होने से सरकारी कार्य आगे बढ़ेंगे। संध्या बाद का समय व्यर्थ की चिंताओं में खराब करेंगे

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज दिन के आरम्भ में आपके विचारे सभी कार्य ठीक से सिरे चढ़ेंगे। धन लाभ की भी सम्भावना जगेगी परन्तु अकस्मात किसी अतिआवश्यक कार्य के आने से पूर्व नियोजित कार्यो को बीच में छोड़ना पड़ेगा। मध्यान तक दिनचार्य अस्त व्यस्त होगी इसके बाद ही पुनः स्थिर हो सकेगी। आज धन लाभ तो अवश्य होगा परन्तु धन आने से पहले जाने का मार्ग बना लेगा। मित्रों के साथ दुर्व्यसनों पर भी खर्च करेंगे। किसी मित्र के साथ अप्रिय स्थल की यात्रा अथवा कार्य को करना पड़ेगा। संध्या के समय खर्च अधिक रहेंगे। घर के सदस्य आपसे डर के कारण मन के भेद बताने में संकोच करेंगे। परिजन की सेहत संध्या के आस पास अचानक खराब होने से भागदौड़ करनी पड़ेगी। आपकी सेहत आज ठीक ठाक ही रहेगी।

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज के दिन का पूर्वार्ध आपको बेचैन कर सकता है। कुटुंब में अहम् को लेकर टकराव होने से वातावरण कलुषित होगा। भाई बंधुओं में बचने पर भी किसी बात को टकराव होने की संभावना है ना चाहकर भी बीच बचाव में पड़ने से आपको भी पिसना पड़ेगा। आज जल्दबाजी में किसी की जिम्मेदारी ना लें अन्यथा परेशानी में पड़ सकते हैं। कार्य क्षेत्र पर भी जल्दबाजी के कारण गलत निर्णय नुकसान कराएगा। सरकारी कार्य आज ना करें धन और समय व्यर्थ होंगे। आवश्यकता के अनुसार खर्च करें। मानसिक अशांति का असर सेहत पर भी देखने को मिलेगा। थोड़े से परिश्रम में अधिक थकान हाथ पैर में शिथिलता आएगी। घर में किसी स्त्री के कारण कोई नई समस्या बनेगी। आज धैर्य धारण करें कल से स्थिति में सुधार आएगा।

मीन (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज दिन शुभ फलदायक रहने से मनचाहा कार्य कर सकेंगे। बड़े लोगों से भी आज आसानी से अपना स्वार्थ सिद्ध कर सकते हैं। दिन के प्रथम भाग में मानसिक रूप से चंचलता रहेगी बचकानी हरकतों से घर के लोगों को हंसने पर मजबूर करेंगे। कार्य क्षेत्र पर माथा पच्ची करनी पड़ेगी लेकिन सकारत्मक परिणाम भी मिलेंगे विदेशी वस्तुओ के व्यापार अथवा शेयर सम्बंधित कारोबार में निवेश का निकट भविष्य में लाभ मिलेगा। महिला के सहयोग से भाग्योन्नति के मार्ग खुलेंगे। लेन-देन में अधिक सावधानी बरतें। घर में पैतृक संपत्ति के बंटवारे अथवा अन्य समस्याओं को लेकर आपस में चर्चा हो सकती है। संतान से सुख मिलेगा। सेहत ठंड में लापरवाही के कारण नरम रहेगी।

बहराइच : 17 साल की लडकी से गैंगरेप, भाजपा नेता समेत दो अरेस्ट

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नाबालिक से दुष्कर्म के मामले में भाजपा के नगर उपाध्यक्ष समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि रिसिया थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 17 वर्षीया नाबालिग ने एक जून को भाजपा नगर उपाध्यक्ष समेत दो लोगों के विरुद्ध उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया था। लखनऊ के कृष्णा नगर थाने में दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद बहराइच पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई थी।

पुलिस ने आज दोपहर आरोपी पवन पाल को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की देर शाम को पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने भाजपा नेता हरी गुप्ता और पवन की गिरफ्तारी का बयान जारी किया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर, स्वाट और क्राइम ब्रांच की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उधर गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता हरी गुप्ता का कहना है कि उसे इस मामले में फर्जी तरीके से फंसाया गया है।

जालोर : सुराणा प्रकरण में दिग्विजय सिंह सहित 5 के विरुद्ध केस दर्ज

जालोर। राजस्थान में जालौर जिले के सुराणा गांव में शिक्षक की पिटाई के बाद दलित छात्र की मृत्यु के मामले में संबंधित विद्यालय को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संचालित विद्यालय बताने पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उदित राज, कांग्रेस नेता संदीप सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ जालौर पुलिस थाने में परिवाद दर्ज कराया गया है।

परिवाद में कहा गया कि संघ की छवि धूमिल करने, समाज में भ्रम फैलाने के लिए इन लोगों ने जानबूझकर ट्विटर सहित सोशल मीडिया अकाउंट पर विद्यालय को आरएसएस संचालित बताया जबकि यह एकदम झूठ है। आरएसएस किसी प्रकार का स्कूल संचालन नहीं करता हैं जहां कथित घटना हुई वह एक निजी विद्यालय है।

परिवाद वरिष्ठ अधिवक्ता मधुसूदन व्यास ने दर्ज कराया हैं। उन्होंने कहा कि जालोर जिले के सायला पुलिस थाने के सुराणा गांव में घटित घटना को लेकर दिग्विजय सिंह कांग्रेस सांसद, उदित राज, कांग्रेस नेता संदीप सिंह, दौसा जिले में सपोटरा निवासी हंसराज मीणा तथा अन्य गौतम कश्यप द्वारा गत 14 से 17 अगस्त तक अलग अलग प्रकार से लगभग एक जैसी शब्दावली में ट्वीट किए और इन सब में सुराणा की घटना के लिए राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास किया।

सिद्दारमैया पर अंडे फेंकने वाले संपत ने कांग्रेस कार्यकर्ता होने का किया दावा

मदिकेरी। कर्नाटक के कोडागु जिले में बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण करने के दौरान विपक्ष के नेता सिद्दारमैया पर अंडे फेंकने वाले संपत ने दावा किया है कि वह कांग्रेस का कार्यकर्ता है।

एक वीडियो में संपत कहते हुए दिखाई दे रहा है कि उसने हिंदू विरोधी बयानों को लेकर सिद्दारमैया की कार पर अंडे फेंके। उसने कहा कि मैं कोडागु के सोमवरपेट शहर का मूल निवासी हूं। मुझे उस जगह पर कुछ काम था, जहां से सिद्धारमैया का काफिला गुजरना था। मैं अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ खड़ा था। मैं पहले एक हिंदू हूं और फिर एक पार्टी का आदमी हूं। मैं सिद्दारमैया के की टिप्पणियों से नाखुश था। उन्होंने कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

उसने कहा कि उन्होंने (सिद्दारमैया) कहा कि कोडागु के लोग गोमांस खाते हैं, और अब उनका टीपू सुल्तान टिप्पणी करता है। आप जानते हैं कि टीपू ने कोडगु लोगों के साथ क्या किया। मैं इन टिप्पणियों से नाखुश था। इसलिए, मैंने सिद्दारमैया की कार पर अंडे फेंके।

भारतीय जनता पार्टी के नेता अपाचू रंजन के साथ उनकी तस्वीर वायरल होने के बारे में पूछे जाने पर संपत ने कहा कि यह जिले में आयोजित एक हिंदू कार्यक्रम के दौरान किया गया था। उसने कहा कि देखो, मैं पहले एक हिंदू हूं इसलिए मैंने हिंदू कार्यक्रम में भाग लिया। वह तस्वीर तब ली गई थी।

उल्लखेनीय है कि रंजन ने शुक्रवार को दावा किया था कि संपत कांग्रेस का कार्यकर्ता है। संपत और अन्य 15 लोगों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। उधर, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केजी बोपैया ने कहा कि वह संपत से परिचित नहीं हैं, लेकिन उनके पिता सुंदर मूर्ति को जानते हैं, जो भाजपा के सदस्य हैं।

अजमेर : क्रिश्चयनगंज थाने का सिपाही 20000 रुपए घूस लेते अरेस्ट

अजमेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने क्रिश्चयनगंज थाने के कॉन्स्टेबल को 20000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। कॉन्स्टेबल ने गिरफ्तारी नहीं करने की एवज में घूस ली थी। पूर्व में भी आरोपी 15 रुपए ले चुका है। एसीबी आरोपी के ठिकानों की तलाशी ले रही है।

एसीबी के डीजी भगवान लाल सोनी के अनुसार एसीबी की अजमेर इकाई को परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी माताजी के विरूद्ध जारी 138 एनआई एक्ट के वारंट में गिरफ्तार नहीं करने की एवज में पुलिस थाना क्रिश्चियन गंज का कॉन्स्टेबल सुशील कुमार 20000 रुपए रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है।

इस पर एसीबी अजमेर के उप महानिरीक्षक समीर कुमार सिंह के सुपरवीजन में उप अधीक्षक पुलिस राकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया तथा जाल बिछाकर क्रिश्चियन गंज थाने के सिपाही सुशील कुमार पुत्र मोहनराम जाट को परिवादी से 20000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा गया।

गौरतलब है कि आरोपी पहले भी परिवादी की मां से 15 हजार रुपए रिश्वत के रूप में वसूल कर चुका था। आरोपी सिपाही से पूछताछ जारी है। उसके आवास व अन्य ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

एक श्रद्धालु के बेहोश होकर गिरने से मची थी बांके बिहारी मंदिर में भगदड़

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा स्थित वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में शुक्रवार को जन्माष्टमी की रात में मंगला आरती के समय भारी भीड़ जुटने के कारण दम घुटने से दो श्रद्धालुओं की दर्दनाक माैत होने के दौरान मंदिर में भगदड़ भी मची थी जिसकी वजह से कुछ श्रद्धालु घायल हुए।

शनिवार को तड़के लगभग दो बजे हुए इस हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने इस घटना के दो प्रमुख कारण बताए हैं। इनमें पहला कारण, मंदिर प्रांगण में अचानक श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ का जुटना रहा। इस वजह से लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई। दूसरा कारण, निकास द्वार पर एक श्रद्धालु का बेहोश होकर गिर जाना भी है, जिस कारण भगदड़ मच गई।

बांके बिहारी मन्दिर के प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया कि यह दर्दनाक घटना दम घुटने और भगदड़ मचने से हुई है। उन्होंने बताया कि मंदिर के निकास द्वार पर एक व्यक्ति किसी कारण से बेहोश होकर गिर गया था। भीड़ का दबाव अधिक था, इसलिए उसके पीछे कई लोग गिरते चले गए तथा निकास द्वार पूरी तरह से बाधित हो गया।

शर्मा ने बताया कि इसी समय पुलिस वहां पहुंची और उसने घेरा बनाया तथा सभी गेट कुछ क्षण के लिए बन्द कर दिए गए। इससे लोगों का दम घुटने लगा। साथ ही उसी समय मची भगदड़ में कुछ लोग दब जाने से घायल होे गए। घायलों को बाद में स्थानीय रामकृष्ण मिशन अस्पताल और सौ शइया अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। इस दौरान इलाज मिलने से पहले ही दो श्रद्धालुओं ने दम तोड़ दिया।

आगरा मण्डल के आयुक्त अमित गुप्ता और एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण ने घटना के बाद न केवल मंदिर का दौरा किया, बल्कि सभी घायलों से मिलकर उनका हाल चाल लेने के बाद चिकित्सकों को उन्हें बेहतर इलाज देने का निर्देश दिया। मथुरा के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि सात घायलों में से पांच ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, दो अन्य का इलाज अभी भी चल रहा है।

जिलाधिकारी चहल ने बताया कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ मिलकर रात एक बजे भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था को सुनिश्चित किया था, किंतु अचानक जबर्दस्त भीड़ बढ़ने और निकास द्वार गेट नम्बर एक पर एक व्यक्ति के गिरने के बाद उसे उठाने के दौरान निकास कुछ समय के लिए बाधित हो गया था, जिससे कुछ लोग गिर गए थे।

उधर, नाम उजागर न करने की शर्त पर कुछ गोस्वामियों एवं पुलिसकर्मियों ने बताया कि मन्दिर के सभी दरवाजों से एक साथ श्रद्धालुओं को प्रवेश देने के कारण यह घटना घटी है। मन्दिर के राजभेाग सेवायत आचार्य ज्ञानेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि घटना के समय मन्दिर में मौजूद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के आदेश के बाद जिस प्रकार पुलिसकर्मियों एवं मन्दिर के गोस्वामियों ने इस घटना पर काबू पाया, उसके कारण ही बड़ा हादसा होने से बच गया।

मंदिर के सेवायत एडवोकेट गौरव गोस्वामी का कहना था कि मंगला आरती के समय तीर्थयात्रियों का अचानक भारी संख्या में आने के कारण यह घटना हुई। इस दौरान जो जहां था, वह वहीं रूक गया, इस वजह से बहुत अधिक भगदड़ नहीं मच पाई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

भरतपुर : महिला ने शराबी पति के सिर में डंडा मारकर की हत्या

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र के खेड़िया बिल्लौच गांव में एक महिला ने अपने शराबी पति के सिर में डंडा मारकर उसकी हत्या कर देने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब एक बजे 30 वर्षीय सतवीर और उसकी 29 वर्षीया पत्नी शारदा के बीच शराब पीने को लेकर हुए झगड़े के दौरान पत्नी ने शराब के नशे में धुत पति के सिर में डंडा मार दिया जिसमें सतवीर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सतवीर की मौत के बाद पत्नी शारदा ने रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है और शारदा को हिरासत में ले लिया।

मृतक की पत्नी शारदा धौलपुर के बसइया गांव की रहने वाली है। सतवीर और शारदा की शादी साल 2005 में हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। सतवीर मजदूरी करता है। शादी के बाद से सतवीर रोजाना घर पर शराब पीकर आता था। शराब की आदत की वजह से दोनों में झगड़ा होता रहता था। सतवीर की इस आदत के कारण शारदा करीब डेढ़ साल अपने पीहर भी रह कर आई थी।

पार्टी दरी बिछाने का काम सौंपेगी तो वह भी करूंगा : शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड में अपना नाम नहीं शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी ही अपने हर कार्यकर्ता की भूमिका तय करती है और पार्टी अगर उन्हें दरी बिछाने का काम भी सौंपेगी, ताे वे उस कार्य को भी पूरा करेंगे।

एक निजी चैनल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चौहान ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र पुनर्निर्माण के लक्ष्य को लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पार्टी के लिए काम करना शुरू किया था, तो पता नहीं था कि विधायक भी बन सकेंगे। कभी नहीं सोचा था कि इतने पदों पर काम करेंगे।

उन्हाेंने कहा कि अगर आप पार्टी के कार्यकर्ता हैं तो पार्टी ही तय करती है कि कोई क्या काम करेगा। अगर कोई समर्पित कार्यकर्ता हैं तो उसके बारे में तय करने का अधिकार एक पूरी टीम को ही है। भाजपा जाे भूमिका तय कर दे उसे पूरी मेहनत के साथ निभाना कार्यकर्ता का मिशन है। अगर किसी ने ये सोचा कि मैं कहां हूं तो ये स्वार्थी प्रवृत्ति है। आप सिर्फ देश के बारे में सोचें, आपके बारे में पार्टी सोचेगी।

इसी क्रम में उन्होंने कहा कि संगठन में प्रवाह है, कुछ रहते हैं और कुछ बाहर निकलते हैं। उन्होंने कहा कि वे नए संसदीय बोर्ड की टीम के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को बधाई देते हैं, क्योंकि इसमें पूरा देश शामिल है। चौहान ने कहा कि पार्टी ने उन्हें इतने काम दिए, इसके लिए वे पार्टी के आभारी हैं। पार्टी से अगर दरी बिछाने का भी काम मिलेगा तो वे उस काम को भी करेंगे।

महाराष्ट्र : नागपुर में प्रेमी ने प्रेमिका की गला रेतकर की हत्या

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला रेत कर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मृतका की पहचान काजल कुकडे (20) के रूप में की गई है। वह सीताबुलडी के एक अस्पताल में कार्यरत थी और उसका अंकित रणदीव (25) के साथ अफेयर चल रहा था। काजल और अंकित दोनों चिचोली, खापरखेड़ा, नागपुर के रहने वाले थे।

दोनों शुक्रवार को सुरदेवी के एक सुनसान इलाके में मिले, जहां काजल ने अपने प्रेमी से रिश्ते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया। इसी दौरान नाराज प्रेमी ने उस पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने काजल का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। काजल का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी को खापरखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया है।

जम्मू कश्मीर में 25 लाख अतिरिक्त मतदाता पहली बार वोट करेंगे

श्रीनगर। नए मतदाताओं को शामिल करने पर हुए हंगामे के बीच जम्मू कश्मीर सरकार ने शनिवार को स्पष्ट किया है कि केन्द्र शासित प्रदेश की मतदाता सूची में संशोधन कर अनुमानित 25 लाख नए मतदाताओं को जोड़ने में वे लोग शामिल है जिनकी उम्र एक अक्टूबर 2022 को 18 साल पूरी होगी।

मुख्य चुनाव अधिकारी हृदेश कुमार ने बुधवार को कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक जो जम्मू कश्मीर में रह रहा है धारा 370 के हटने के बाद आगामी विधानसभा चुनावों में मतदान करेगा। इसके बाद जम्मू कश्मीर में भारी राजनीतिक विवाद पैदा हो गया।

कश्मीर के मुख्यधारा के दलों ने आरोप लगाया कि इन नए गैर स्थानीय मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाने का लक्ष्य है। नेशनल कांफ्रेस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला ने सोमवार को इस मुद्दे पर आगामी रणनीति पर चर्चा करने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

जम्मू कश्मीर के सूचना एवं जनसम्पर्क निदेशालय (डीआईपीआर) ने शनिवार को कहा कि इन मतदाता की गलत व्याखा की गई है और इसे स्वार्थी लोगों द्वारा फैलाया जा रहा है। डीआईपीआर ने कहा कि मतदाता सूची में कश्मीरी प्रवासियों के उनके विशेष प्रावधानों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें जम्मू , उधमपुर और दिल्ली आदि स्थानों पर विशेष रुप से स्थापित मतदान केन्द्रों के माध्यम से मतदान का विकल्प दिया जाता रहेगा।